मीना दिवस पर बालिकाओं के सशक्तीकरण का संकल्प, विद्यालयों में हुए विविध आयोजन

मीना दिवस पर बालिकाओं के सशक्तीकरण का संकल्प, विद्यालयों में हुए विविध आयोजन

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार गुरुवार को जनपद के सभी विकासखंडों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में ‘मीना दिवस’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विभिन्न शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

विद्यालयों में मीना मंच के माध्यम से बालिकाओं को प्रेरक कहानियां सुनाई गईं। बाल विवाह की रोकथाम, नियमित विद्यालय उपस्थिति, स्वच्छता एवं बालिका शिक्षा जैसे विषयों पर नाटक और रोल-प्ले प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध लेखन, वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया।शिक्षिकाओं एवं सुगमकर्ताओं ने बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, पोषण, आत्मरक्षा तथा गुड टच-बैड टच के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, बाल विवाह और विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति पर चर्चा करते हुए मीना मंच की नोडल शिक्षिकाओं ने अभिभावकों एवं समुदाय को बेटियों की शिक्षा जारी रखने तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि मीना केवल एक काल्पनिक चरित्र नहीं, बल्कि बेटियों के अधिकारों, सकारात्मक बदलाव और आत्मविश्वास का प्रतीक है। विद्यालयों में मीना मंच के नियमित आयोजन से बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित होती है और वे अपनी बात खुलकर रखने के लिए सक्षम बनती हैं। कार्यक्रम में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा, संकुल शिक्षक, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.