कूड़े के ढेर से बने सुंदर पार्क की बदली तस्वीर, स्वच्छता बनाए रखने का लिया संकल्प

उपेक्षित स्थान को पार्क में बदलना सराहनीय, स्वच्छता बनाए रखना भी जरूरी : डॉ. स्वतंत्र सिंह

गाजीपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को शास्त्री नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री सेवा समिति एवं नगरपालिका परिषद गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्मार्ट मोहल्ला शास्त्री नगर में एक वर्ष पूर्व शुरू किए गए स्वच्छता अभियान की सफलता के उपलक्ष्य में किया गया। सुबह 8:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद गाजीपुर के पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल एवं पूर्व सभासद अजय कुशवाहा नगरपालिका कर्मियों के साथ पहुंचे। इस दौरान उपेक्षित एवं कूड़े के ढेर वाले स्थान को जनभागीदारी से स्वच्छ और सुंदर पार्क के रूप में विकसित किए जाने की उपलब्धि को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद समिति के वरिष्ठ सदस्यों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। वक्ताओं ने एक वर्ष पूर्व शुरू हुए स्वच्छता अभियान की यात्रा को याद करते हुए नगरपालिका, समिति एवं मोहल्लेवासियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।

समिति की महिला अध्यक्ष सविता सिंह ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन या किसी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जा सकता। जिस स्थान पर कभी गंदगी और उपेक्षा थी, वहां आज बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध है। यह बदलाव नगरपालिका, समिति और मोहल्लेवासियों की निरंतर सहभागिता का परिणाम है। उन्होंने सभी परिवारों से मोहल्ले को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। समिति के सचिव चंद्र मोहन सिंह ने कहा कि एक वर्ष पूर्व जिस स्थान को अनुपयोगी समझा जाता था, वहां आज पार्क का सुंदर स्वरूप दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि नगरपालिका कर्मियों, समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और मोहल्लेवासियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि मोहल्लेवासी इसी प्रकार समस्याओं को लेकर एकजुट रहें और उनके समाधान में स्वयं भी भागीदारी करें तो शास्त्री नगर को आदर्श स्मार्ट मोहल्ले के रूप में विकसित किया जा सकता है। समिति के संरक्षक डॉ. डी.पी. सिंह ने कहा कि स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध स्वस्थ जीवन से है। पार्क का विकास केवल सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक वातावरण के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्वच्छता एवं पार्क के रखरखाव को निरंतर प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

डॉ. स्वतंत्र सिंह ने कहा कि किसी उपेक्षित स्थान को स्वच्छ और उपयोगी बनाना सराहनीय कार्य है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण उसकी स्वच्छता और व्यवस्था को लगातार बनाए रखना है। उन्होंने बच्चों एवं युवाओं को भी पार्क की स्वच्छता और संरक्षण से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। नगरपालिका परिषद गाजीपुर के पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि शास्त्री नगर सहित नगर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मोहल्लेवासियों की सक्रिय भागीदारी विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाती है। शास्त्री नगर को बेहतर स्मार्ट मोहल्ला बनाने की दिशा में नगरपालिका स्तर से सहयोग का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मोहल्लेवासियों के सहयोग से ही नगरपालिका के स्वच्छता उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है। पूर्व सभासद अजय कुशवाहा ने भी स्वच्छता अभियान में नगरपालिका कर्मियों एवं मोहल्लेवासियों की सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता रवींद्र नाथ सिंह ने की तथा संचालन संजय पाण्डेय एवं चंद्र मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के उपरांत समिति की ओर से मिष्ठान वितरण किया गया। इस दौरान सफाई अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर संरक्षक डॉ. डी.पी. सिंह, महिला अध्यक्ष सविता सिंह, डॉ. स्वतंत्र सिंह, पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल, पूर्व सभासद अजय कुशवाहा, अंबिका पाण्डेय, दिनेश कुमार सिंह, बृजेश सिंह, अनिल श्रीवास्तव, कुंज बिहारी चौरसिया, लाल बहादुर राय, नीरज कुमार मानू, महेश सिंह, मिथिलेश सिंह, गर्वजीत सिंह, अमृत चौरसिया सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए निरंतर जनभागीदारी, जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.