यूनियन बैंक का 108वां स्थापना दिवस संपन्न, डीएम अनुपम शुक्ला रहे मुख्य अतिथि

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला रहे मुख्य अतिथि

गाजीपुर। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का 108वां स्थापना दिवस समारोह गाजीपुर में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर, क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन तथा अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राजदेव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, उद्यमी एवं बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्राहकों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि जिले के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाने में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने बैंक की जनहितकारी सेवाओं और आर्थिक विकास में योगदान की प्रशंसा की। कार्यक्रम में क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पूर्व) मुकेश रमन ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए बैंक की 108 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा, डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं तथा ग्राहक-केंद्रित सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1919 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा उद्घाटित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया आज आधुनिक तकनीक और बेहतर ग्राहक सेवाओं के माध्यम से देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वहीं, क्षेत्र प्रमुख गाजीपुर (पश्चिम) विनय शंकर ने अपने संबोधन में कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ तेजी से विकसित हो रहे बैंकिंग क्षेत्र में यूनियन बैंक आज युवा पीढ़ी के पसंदीदा बैंकों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने सितंबर तिमाही के शानदार वित्तीय परिणामों की जानकारी साझा करते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में बैंक के कर्मचारियों और ग्राहकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष पांडेय का शुभकामना संदेश भी पढ़कर सुनाया गया।कार्यक्रम के अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राजदेव कुमार ने जिलाधिकारी, आमंत्रित अतिथियों, बैंक ग्राहकों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.