8 साल तक बीमा के लिए भटकती रही मृतक की पत्नी, कोर्ट के हस्तक्षेप से मिला 5.10 लाख रुपये का चेक

8 साल तक बीमा के लिए भटकती रही मृतक की पत्नी, कोर्ट के हस्तक्षेप से मिला 5.10 लाख रुपये का चेक

गाजीपुर। सड़क दुर्घटना में पति की मौत के बाद सरकारी कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ पाने के लिए एक महिला को आठ साल तक इंतजार करना पड़ा। बीमा कंपनी द्वारा दावा खारिज किए जाने के बाद पीड़ित पत्नी ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। आखिरकार स्थाई लोक अदालत के हस्तक्षेप से उसे मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता राशि के साथ 10 हजार रुपये वाद खर्च दिलाया गया। सोमवार को अदालत परिसर में मृतक की पत्नी निर्मला देवी को कुल 5 लाख 10 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। मामला गाजीपुर जनपद के जंगीपुर क्षेत्र के अरसदपुर गांव निवासी राजू गुप्ता से जुड़ा है। 21 जून 2018 को सड़क दुर्घटना में राजू गुप्ता की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद परिवार की ओर से शासन की मुख्यमंत्री किसान एवं सर्वहित कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता राशि के लिए दावा प्रस्तुत किया गया। हालांकि, बीमा कंपनी ने दावे को खारिज कर दिया। इसके बाद मृतक की पत्नी निर्मला देवी को अपने हक की राशि पाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी। नवंबर 2023 में निर्मला देवी ने इस मामले को लेकर स्थाई लोक अदालत में अपना दावा पेश किया। मामले की लगातार सुनवाई के बाद स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष सूबेदार सिंह यादव ने बीमा कंपनी को पांच लाख रुपये कृषक दुर्घटना बीमा की धनराशि और 10 हजार रुपये वाद खर्च के रूप में भुगतान करने का निर्देश दिया। इसी क्रम में सोमवार को अस्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष सूबेदार सिंह यादव, अधिवक्ता नरेंद्र मिश्रा तथा शासकीय अधिवक्ता अनुज राय की मौजूदगी में मृतक की पत्नी निर्मला देवी को 5 लाख 10 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। इस अवसर पर अस्थाई लोक अदालत की सदस्य परमशिला देवी, सरिता यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.