

गाजीपुर। आलू की खेती में लागत तक नहीं निकलने और बारिश से धान की फसल को हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान (रोसा) ने शुक्रवार को जिला प्रशासन को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने फसलों के नुकसान की जांच के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित करने और किसानों को भामाशाह योजना के तहत क्षतिपूर्ति देने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि 15 दिन में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन किया जाएगा। डॉ. शम्मी कुमार सिंह (विधानसभा प्रभारी, जंगीपुर-रोसा) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के नाम मांगपत्र सौंपा। जिलाधिकारी की ओर से उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला ने ज्ञापन लेकर मांगों पर बातचीत की। इसके बाद डीएम के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी के साथ भी प्रतिनिधिमंडल की बैठक हुई।
डॉ. शम्मी कुमार सिंह ने बताया कि आलू की खेती में प्रति बीघा करीब 20 हजार रुपये लागत आई है। इसके अलावा 15 से 20 हजार रुपये जमीन का किराया और छह महीने कोल्ड स्टोरेज में रखने पर 400 रुपये प्रति क्विंटल खर्च हुआ है। इसके बावजूद बाजार में आलू 250 से 300 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। ऐसे में किसानों को कोल्ड स्टोरेज का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, बारिश से धान की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रतिनिधिमंडल ने आलू और धान की फसल के नुकसान का आकलन करने के लिए अलग-अलग कमेटियां गठित करने, उनकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने और शासन को भेजने की मांग की। इसके अलावा आलू किसानों को भामाशाह योजना के तहत क्षतिपूर्ति, बारिश से खराब धान की फसल का सरकारी मुआवजा और फसल बीमा कराने वाले किसानों को बीमा कंपनियों से भुगतान दिलाने की मांग रखी।
छात्र संघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। सीडीओ के साथ बैठक में सभी बिंदुओं पर चर्चा हुई, जिस पर उन्होंने मांगों को पूरा कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान शशांक उपाध्याय, आकाश चौधरी, विशाल कुमार, रजनीश राय, अभिषेक राय, सत्येंद्र मौर्य, राकेश मौर्य, नितेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।