All posts by tiwarishivpratap

एसपी ने सुनी जन समस्याएं, दिए अफसरों को निर्देश

एसपी ने सुनी जन समस्याएं, दिए अफसरों को निर्देश

गाजीपुर। जनपद में पुलिस अधीक्षक डॉ इरज राजा द्वारा प्रतिदिन की भांति सोमवार को भी पुलिस कार्यालय में जनतादर्शन में जनसुनवाई कर जनसामान्य की समस्याओं को सुना गया तथा सम्बन्धित को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की गई।

इस दौरान पुलिस कार्यालय में आने वाले फरियादियों जनसामान्य की समस्याओं को गम्भीरता पूर्वक सुना गया तथा उनकी समस्याओं के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए सम्बन्धित अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, जिसमें पुलिस अधीक्षक द्वारा प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में मौके पर जाकर शिकायतों की तत्काल, निष्पक्ष जांच कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया तथा शिकायतकर्ता से समय-समय पर जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में फीडबैक लिये जाने से सम्बन्धी आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थानों को सचेत किया गया कि जनसुनवाई महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली बनाये ताकि पीड़ित, शिकायतकर्ता को अनावश्यक रुप से अपने थाने से इतनी दूर पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं हो, साथ ही सभी प्रभारी निरीक्षक थानाध्यक्ष को यह भी निर्देश दिये गये कि जिस समस्या का समाधान थाना स्तर से हो सकता है उनका समाधान थाना स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराना सुनिश्चित करें ।

अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए जिले के सभी सचिव

सचिव गये अनिश्चितकालीन हड़ताल पर

गाजीपुर। विकास खंड सैदपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी धर्मेंद्र कुमार के अकारण निलंबन के प्रकरण में सोमवार को विकास खंड सदर के समस्त सचिव सहित ज़िले के सभी सचिव अनिश्चित क़ालीन हड़ताल पर चले गये। बताते चलें कि विकास खंड सैदपुर के सोनियापार गाँव में वर्ष 2016-17 में बने प्रधानमंत्री आवास में विगत कुछ वर्षो से सरकारी शराब का ठेका चल रहा था, परन्तु उसकी सूचना सचिव द्वारा न दिए जाने के कारण एक सप्ताह पूर्व सचिव को निलंबित कर दिया गया है। सचिवों की ये मांग है की शराब के ठेके लिए आबकारी विभाग दोषी है लेकिन फिर भी सचिव को निलंबित कर दिया गया है। सचिवों की मांग है की धर्मेंद्र कुमार का निलंबन वापस होने तक जिले के समस्त सचिव धरने पर रहेंगे। अनिश्चितकालीन धरने में बैजनाथ तिवारी, वीरेंद्र प्रताप, संजय राय, संजय सिंह संजय यादव, रमेशचंद्र, मंजेश यादव, शिवप्रकाश त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।

थाना प्रभारियों ने सुनी गई जन समस्याएं, किया निस्तारण

थानों पर सुनी गई जन समस्याएं, किया गया निस्तारण

गाजीपुर। जिले के समस्त थानों/चौकियों में पुलिस अधीक्षक ईरज राजा के निर्देशन में सोमवार को जन-सुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई कार्यक्रम में लोग अपनी समस्याओं का लिखित आवेदन पत्र लेकर थानों/चौकियों पर उपस्थित हुए।

जहां पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुलिस हस्तक्षेप योग्य समस्याओं का निराकरण मौके पर किया गया और जो समस्याएं पुलिस हस्तक्षेप योग्य नहीं थी उनके बारे में जानकारी देकर संबंधित विभाग में संपर्क करने हेतु बताया गया। जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को समस्त थाना प्रभारियों द्वारा सुना गया व उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई।

कोई कार्य न करें जिससे शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो:डीएम

गाजीपुर।  जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सोमवार को जिला पंचायत सभागार मे लेखपाल प्रशिक्षण कार्यक्रम 2024-25  नवनियुक्त लेखपालों के प्रशिक्षण सत्र का मॉ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन व माल्यापर्ण कर शुभारम्भ किया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण सत्र में लेखपालों को संबोधित करते हुए कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग व प्रशासन की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा में लेखपालों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी  लेखपालों से अपने सकारात्मक कार्यों से आमजनमानस को सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की। कहा कि शासन-प्रशासन और समाज के हित में कार्य करने के साथ ही ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो। जिलाधिकारी ने कहा कि यह बहुत सौभाग्य की बात है कि आप सभी को जनता के बीच रहकर उनकी सेवा का अवसर प्राप्त हुआ है। बिना किसी शर्त के  सम्मानपूर्वक अपनी सेवाएं दें।

किसी के दबाव में आकर या प्रलोभन में पड़़कर कभी कोई गलत कार्य न करें और अपनी रिपोर्ट ससमय व सही लगायें, जिससे कि आगे की कार्यवाही तेजी से हो सके और आमजनमानस को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जो सिखाया जाए उसे पूरी मेहनत और लगन से सीखने का प्रयास करें, अच्छा प्रदर्शन करें, जो भी कार्य आपको दिए जाएं उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निवर्हन करें। अंश निर्धारण, जमीन की पैमाइश, खसरा-खतौनी, पट्टे का सत्यापन इत्यादि को गहनता से सीखें, जिससे फील्ड में काम पूरी निष्पक्षता व मजबूती से कर सकेंगे। इस दौरान कुल 173 लेखपालों को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण एक वर्षीय है जिसमें 06 माह प्रशिक्षण तथा 06 माह फिल्ड वर्क का प्रशिक्षण दिया जायेगा। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी भू0/रा0, उपजिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम,  डिप्टी कलेक्टर सालिक राम, अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जनपद स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

गाजीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में 28 वीं जनपद स्तरीय मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन रविवार को एक स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से स्नातकोत्तर तक के छात्र छात्राओ ने बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। क्लब महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सुषमा यादव ने बताया कि प्रतियोगिता में 15 स्कूलों से 165 बच्चों ने दो वर्गों में क्रमशः कनिष्ठ तथा वरिष्ठ वर्ग में हिस्सा लिया।
मूल्यांकन के लिये तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया था जिसमें नूर आफसा परवीन, रिचा गुप्ता तथा शिवांगिनी कश्यप रही जिन्हे क्लब के संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी तथा खेल प्रभारी विनोद मिश्रा ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अनुसार कनिष्ठ वर्ग में अकांक्षा यादव सन्त कबीर पब्लिक स्कूल से प्रथम स्थान पर रही , जबकि शिवांगी कुमारी, पायल पांडेय स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज तथा तनिष्का रामदूत इंटरनैशनल स्कूल संयुक्त रुप से द्वितीय, मौसम आदर्श शंकर इण्टर कालेज तृतीय स्थान पर रही। सान्त्वना पुरस्कार के लिये काजल कुमारी स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज, अनन्या कुमारी तथा तन्वी शर्मा गौरी शंकर पब्लिक स्कूल पर रही।

इसी प्रकार वरिष्ठ वर्ग में आरती आदर्श शंकर इण्टर कालेज तथा काजल चौहान रेनबो स्कूल नंदगंज संयुक्त रूप से प्रथम, साक्षी कुशवाहा रामदूत इंटरनेशनल स्कूल अनुष्का भारती एवरग्रीन पब्लिक स्कूल संयुक्त रूप से द्वितीय, दीपशिखा गौरी शंकर पब्लिक स्कूल तृतीय, शाहिस्ता नौशाद एस एम नेशनल कालेज, लकी आदर्श शंकर इण्टर कालेज, रानी कुमारी रेनबो स्कूल नंदगंज को सांत्वना पुरस्कार के लिये चुना गया। क्लब महिला प्रकोष्ठ सचिव आस्था वर्मा ने बताया कि प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान पाने वाले प्रतियोगियों को क्लब के वार्षिक समारोह 28वें वेलफेयर उत्सव में सम्मानित किया जाएगा जबकि सांत्वना पुरस्कारों का वितरण विद्यालयों के माध्यम से किया जायेगा। क्लब के जनपद गवर्नर पवन पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अजय यादव, धर्मेंद्र कुमार, राम कुमार विश्वकर्मा, वर्षा रानी, आनंदी विश्वकर्मा, रचना,अभिषेक प्रजापति, रामनाथ कुशवाहा, आराधना सिंह आदि उपस्थित रहे।

“श्रीअन्न” की प्रदर्शनी लगाकर छात्राओं ने किया जागरूक

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को गृह विज्ञान की बीए, बीएससी तृतीय वर्ष की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंर्तगत “श्रीअन्न ” की प्रदर्शनी लगाईं गई। इसके अंतर्गत महाविद्यालय की छात्राओं को जागरूक किया गया जिससे कि वे स्वयं और अपने समुदाय के लोगो को मोटे अनाजों के फायदों के विषय में बता सकें ताकि वे दैनिक आहार में शामिल करके रोगों से मुक्त स्वस्थ जीवन जी सके। समकालीन मुद्दे पर आधारित यह जागरूकता कार्यक्रम राष्टीय पोषण सप्ताह के थीम “न्यूट्रिशियस डाइट फॉर एवरीवन/ सबके लिए पौष्टिक आहार” पर आधारित था क्योंकि प्राचीन काल से मोटे अनाज जनमानस का भोजन रहा हैं। जोकि पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। उनमें प्रचुर मात्रा में फाइबर , प्रोटीन , मिनरल्स होते हैं परंतु किवदंतियों के अनुसार वर्तमान में मोटे अनाज गरीबों का भोजन तथा पशुओं का चारा बन चुके हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2023 को अंतराष्ट्रीय मिलेट्स ईयर घोषित किया गया हैं क्योंकि यह मोटे अनाज जिनमे प्रमुख रूप से -बाजरा -Pearl millet,ज्वार- Sorghum millet, रागी- Finger millet,कोदो -Kodo millet, कंगनी-Foxtail millet , सावा -Barnyard millet , कुटकी -Little Millet, चेना- Proso millet हैं। ये सभी मोटे अनाजों का उत्पादन बहुत ही कम पानी व समय में बिना रासायनिक कीटनाशकों व खाद के प्रयोग के होता हैं। इनके उपयोग से किसान भाइयों की आर्थिक स्थिती में सुधार होगा तथा देश की जनता द्वारा इसे अपने दैनिक भोजन में शामिल करने से अनेक रोगों से बचे रहेंगे। गृहविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ नेहा कुमारी ने कहा कि ‘इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के माध्यम से उनके समुदाय को मोटे अनाजों के पोषक मूल्य की जानकारी देना एवं दैनिक भोजन में श्रीअन्न को पुनः शामिल करने हेतु प्रोत्साहित करना हैं’।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो( डॉ) अनिता कुमारी ने छात्राओं के इस प्रसार कार्यक्रम की अत्यंत प्रशंसा करते हुए अपने प्रसार कार्य में मोटे अनाजों की रेसिपी बनाने की सलाह दी तथा महाविद्यालय के प्राध्यापक प्रो उमा शंकर प्रसाद , डॉ शिव कुमार, डॉ निरंजन कुमार यादव , डॉ सारिका सिंह, डॉ संगीता मौर्य , डॉ शिखा सिंह डॉ शंभू शरण प्रसाद, डॉ मनीष सोनकर , डॉ राजेश यादव , डॉ एखलाक खान ,डॉ पीयूष सिंह, डॉ ओम शिवानी ने जनरूकता कार्यक्रम करने हेतु छात्राओं का उत्साह वर्धन किया ।

काली पट्टी बांधकर किया प्रदर्शन

नई शिक्षा नीति-2020, नई पेंशन के विरोध में तथा पुरानी पेंशन की माँग हेतु पी.जी. कॉलेज शिक्षक संघ ने काली पट्टी बाँधकर कार्य और प्रदर्शन किया।

गाजीपुर। बृहस्पतिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के आह्वान और निर्देशानुसार पी. जी. कॉलेज शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन बहाल करने, नई पेंशन (यूपीएस और एनपीएस) वापस करने तथा नई शिक्षा नीति-2020 के विरोध में काली पट्टी बाँधकर कार्य किया। शिक्षकों ने मुख्य द्वार और प्रशासनिक भवन पर प्रतिरोध दर्ज कराने हेतु प्रदर्शन करते हुए सरकार द्वारा इन माँगों को अविलंब पूर्ण किए जाने की माँग किया।

इस मौके पर महाविद्यालय शिक्षक संघ महामंत्री डॉ. मनोज कुमार सिंह ने जानकारी दिया कि विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के संयुक्त मंत्री (वरिष्ठ) डॉ. जे.के. राव, महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. राम दुलारे, डॉ. राकेश वर्मा, संयुक्त मंत्री डॉ. धर्मेंद्र, डॉ. प्रदीप रंजन, प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. अनुज कुमार मिश्र, डॉ. रवि शंकर वर्मा, डॉ. यशवन्त मौर्य, प्रो. रवि शंकर सिंह, डॉ. संजय सुमन, डॉ. अंजनी गौतम, डॉ. समरेंद्र नारायण, डॉ. स्मृति,पूर्व महामंत्री प्रो. जी सिंह और प्रो. अरुण यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक इस प्रदर्शन और प्रतिरोध में उपस्थित रहे। महामंत्री ने सूचना दिया कि माँगें पूर्ण होने तक विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक महासंघ के निर्देश के अनुसार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम चलते रहेंगे।

आर्यन मिश्रा को दी श्रद्धांजलि, कहा…..

गाजीपुर। कचहरी स्थित सरजू पांडे पार्क में बिगत दिनों हरियाणा में फर्जी गौ रक्षकों द्वारा बीटेक के छात्र आर्यन मिश्रा को गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसको लेकर यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर दिवांशू पाण्डेय अंशु ने कहा कि देश में जब से बीजेपी सरकार आई है इस तरह की घटनाएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसी मौके पर शशांक उपाध्याय ने कहा कि अखलाक और पहलू कहां-कहां को भी इन तथाकथित गौ रक्षों द्वारा हत्या कर दिया गया था। इस मौके पर आशुतोष गुप्ता, ओजस्व साहू, संजय गुप्ता, सूर्या भाई, रईस अहमद, अभय कुमार, शिवम उपाध्याय, ताम्रध्वज कुमार, अभिषेक कुमार आदि लोग मौजूद रहे।

शिक्षक राष्ट्र का निर्माता एवं समाज का मार्गदर्शक होता है: प्रो (डॉ०) राघवेन्द्र

शिक्षक राष्ट्र का निर्माता एवं समाज का मार्गदर्शक होता है: प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय

गाजीपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर पी० जी० कॉलेज में एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति भूगोल विभाग के प्राध्यापक डॉ. सुनील कुमार शाही, शारीरिक शिक्षा विभाग के रमेश प्रसाद सिंह एवं उत्तर प्रदेश उच्च शिक्षा परिषद से प्रोजेक्ट प्राप्त करने वाले गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० हरेन्द्र सिंह का अभिनंदन कर स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। अभिनंदन समारोह में मुख्य वक्ता के तौर पर कुलानुशासक डॉ० एस० डी० सिंह परिहार, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ० बद्रीनाथ सिंह रहे। इसके अलावा डॉक्टर समरेंद्र नारायण मिश्रा, डॉक्टर जी सिंह, डॉक्टर हरेंद्र सिंह ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आज के दिन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। गणित विभाग के डॉक्टर प्रतिमा सिंह ने महिला शिक्षकों की ओर से इस दिवस के महत्व को रेखांकित किया।


अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि वह पी० जी० कॉलेज में ही पहले शिक्षक थे। बाद में वह इसी कॉलेज में प्राचार्य बने। जब 2003 में वह शिक्षक के तौर पर इस कॉलेज में आए थे। तब से उनकी मनसा थी कि शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाए। जब वह इस महाविद्यालय के प्राचार्य हुए हैं, तब से नियमित रूप से महाविद्यालय में शिक्षक दिवस को मनाया जा रहा है। प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि किसी भी समाज में शिक्षक की भूमिका को नजरअंदाज कर एक शिष्ट समाज की परिकल्पना नहीं की जा सकती। शिक्षक राष्ट्र का निर्माता व समाज का मार्गदर्शक होता है। शिक्षण का कार्य एक पुनित कार्य है, जिसके माध्यम से देश के कर्णधार छात्र – छात्राओं के माध्यम से देश को एक दिशा प्रदान करता है।

देश को विकास एवं तकनीकी के क्षेत्र में समृद्धि प्रदान करने में शिक्षक की ही महत्वपूर्ण भूमिका होती है। देश के महान शिक्षकों में से एक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर 5 सितंबर को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस मनाया जाता है। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस ममाने की शुरुआत 5 सितंबर 1962 से की गई थी। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन भारत के पहले उप-राष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग के अध्यक्ष, प्रोफेसर विनय कुमार दुबे एवं आभार डॉ० संजय चतुर्वेदी ने व्यक्त किया।

महिला पीजी कॉलेज में बेसिक ब्यूटीशियन कोर्स का हुआ उद्घाटन

गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह एवं स्नातक तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के लिए अनिवार्य व्यवसायिक कोर्स के तहत बेसिक ब्यूटीशियन कोर्स का उद्घाटन किया गया। प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी द्वारा अतिथि के रूप में उपस्थित केनरा बैंक के प्रबंधक व सभी आचार्य का स्वागत किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अनिता कुमारी द्वारा सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए भेंट स्वरूप डायरी व पेन प्रदान किया। इस अवसर पर हिंदी विभाग की छात्राओं संध्या, पूनम एवं वंशिका ने शिक्षक दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षक को ईश्वर से भी ऊपर बताया। कार्यक्रम के अगले चरण में महाविद्यालय में क्वींस अकादमी के सौजन्य से संचालित होने वाले अनिवार्य वोकेशनल कोर्स के रूप में बेसिक ब्यूटीशियन कोर्स का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ शिखा सिंह ने छात्राओं को कोर्स के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि तीन क्रेडिट का यह कोर्स पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। क्वींस अकादमी की डायरेक्टर आयुषी सिंह ने छात्राओं को स्किल डेवलपमेंट के लाभ और इस कोर्स के रोजगार के अवसर में बताया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अनीता कुमारी ने छात्राओं के लिए बहुउपयोगी वोकेशनल कोर्स की प्रारंभ करने की अपनी पहल को रेखांकित किया। इस अवसर पर ब्यूटीशियन कोर्स के लिए नवनिर्मित कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया गया । कार्यक्रम का संयोजन कोर्स कोआर्डिनेटर डॉ शिखा सिंह एवं संचालन डा शशिकला जायसवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं तृतीय सेमेस्टर की छात्राएं उपस्थित रहीं।