All posts by tiwarishivpratap

मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन की फीस 400, डॉक्टर ने मांगा डेढ़ लाख

मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन की फीस 400, डॉक्टर ने मांगा ऑपरेशन के डेढ़ लाख

गाजीपुर। डॉक्टर जिन्हें धरती का भगवान कहा जाता है और इस भगवान को अपनी चिकित्सा सुविधा देने की एवज में शासन की तरफ से लाखों रुपए महीने का वेतन दिया जाता है। ताकि उनके रहन-सहन और ऐसो आराम में कोई कमी ना आए। बावजूद इसके डॉक्टर आज भी मरीज से वसूली करने में पीछे नहीं रह रहे हैं। ऐसा ही मामला गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज का आया है। जहां पर एक वृद्ध महिला की सर्जरी के लिए डेढ़ लाख रुपए की मांग की गई। इतना ही नहीं उस महिला को दो दिनों तक मेडिकल कॉलेज में भी एडमिट किया गया । वहीं अब महिला के परिजन इस मामले को लेकर कॉलेज के प्रिंसिपल से शिकायत किये है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल में मरिज मंगलावती जायसवाल पत्नी शशि भूषण जायसवाल जिनकी उम्र करीब 85 वर्ष है। वह काशीराम आवासीय कॉलोनी बड़ी बाग गाजीपुर में रहती हैं और उनके दाहिने कूल्हे में कुछ दिक्कत आ गई थी। जिसके लिए उन्हें जिला अस्पताल में एडमिट कराया गया था। जहां पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ वैभव सिंह के द्वारा उन्हें देखा गया और कूल्हे के इलाज के लिए ऑपरेशन की बात कही गई। मरीज इसके लिए दो दिन तक मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल में भर्ती भी किया गया। इस दौरान डॉ वैभव सिंह के द्वारा डेढ़ लाख रुपए आपरेशन हेतु डिमांड की गई। जब मरीज के परिजनों के द्वारा इतनी भारी भरकम रकम देने में असमर्थता जाहिर की गई। तब उसे घटाकर 85000 पर ऑपरेशन करने को राजी हुए। इन्ही सब बातों की शिकायत मरीज के परिजन और कुछ समाजसेवी संगठनों के लोगों के द्वारा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ आनंद मिश्रा से बीते गुरुवार को लिखित रूप से शिकायत किया गया।

समाजसेवी संगठन के अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला बेहद ही गरीब परिवार से है और जब इसकी जानकारी उनके लोगों को हुई तो इस संबंध में उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से लिखित रूप में शिकायत किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ऑपरेशन में जिस प्लेट की जरूरत होती है वह प्लेट 10 से 20 हजार में बाजार में मिलती है। लेकिन इसके लिए मेडिकल कॉलेज के ऑर्थो स्पेशलिस्ट डॉ वैभव सिंह के द्वारा डेढ़ लाख रुपए की डिमांड की गई है।

बताते चले की 11 महीना पहले भी जिला अस्पताल में ही एक और मामला आया था जब एक मरीज ऑर्थो सर्जन डॉ रजत सिंह से ऑपरेशन कराना चाह रहा था लेकिन डॉ वैभव उस मरीज का खुद ऑपरेशन करना चाह रहे थे। मरीज और उनके परिजन के द्वारा नहीं कराने पर मरीज को काफी उल्टा सीधा बोला गया था जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुआ था। तब मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने उक्त मामले में कार्रवाई करते हुए डॉ रजत सिंह से ओपीडी का काम लेना बंद कर दिए थे। जबकि शासनादेश के अनुसार सभी डॉक्टरों से ओपीडी करा कर मरीजों को राहत पहुंचाना होता है।

इस मामले में डॉ रजत सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनसे पिछले 11 महीने से ओपीडी या सर्जरी का काम नहीं लिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो महीने से प्रत्येक बुधवार को छोटे बच्चों के टेढ़े पंजे को सीधा कर ऑपरेशन करने का जो कैंप लगता है सिर्फ उसमें काम लिया जा रहा है।

वही इस पूरे मामले पर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ आनंद मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस तरह की शिकायत उन्हें गुरुवार को मिला है। जिसके लिए उन्होंने एक जांच कमेटी बैठा दिया है और उस कमेटी के द्वारा इस मामले में जो भी रिपोर्ट दिया जाएगा उस रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में जो भी इलाज है वह निशुल्क है। हालांकि ऑपरेशन के लिए ₹400 शासन के द्वारा फीस निर्धारित की गई है जो मरीज के परिजनों के द्वारा देय होता है। उन्होंने बताया कि कूल्हे के ऑपरेशन के लिए जो भी सर्जिकल सामान लगता है वह मरीज के परिजनों के द्वारा खरीदारी कर उपलब्ध कराना होता है। उसके बाद ही डॉक्टर के द्वारा उनका ऑपरेशन किया जाता है। ऐसे में उन सर्जरी सामानों की कीमत कितना भी हो सकता है।

शाह फैज स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

गाजीपुर। गुरुवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में शिक्षक दिवस बड़ी धूम धाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुयी। उसके पश्चात विद्यालय की मैनेजर अतिया अधमी व निदेशक डॉ नदीम अधमी ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनायें दीं। आज मैनेजमेंट की तरफ से विद्यालय प्रशासन को एक मीटिंग हॉल भी सौंपा गया जिसका नाम मरियम हॉल है और इसका उद्घाटन विद्यालय की मैनेजर अतिया अधमी ने किया।  शिक्षक शिक्षिकाओं के मनोरंजन के लिए बहुत सारे खेलों को भी रखा गया था।

इसके अतिरिक्त छात्र छात्राओं ने भी शिक्षक दिवस पर बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और अपना सम्मान प्रदर्शित करने के लिए कार्ड्स बनाये व अपने शिक्षकों को दिया। मैनेजमेंट की तरफ से सभी विद्यालय परिवार के लिए दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की गयी थी व उन्हें उपहार भी दिया गया। 

मुख्य अध्यापिका चंदना श्रीवास्तव ने सभी विद्यालय परिवार की तरफ से मैनेजमेंट का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (प्रशासन) डॉ प्रीती उपाध्याय और उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी ने किया।  अंकिता व सिमरन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी अहम् भूमिका निभायी। कार्यक्रम की साज सज्जा आमना ओबैद व उमेश ने की।

इस कार्यक्रम में मैनेजमेंट के प्रेसिडेंट मज़हर हुसैन , मैनेजर अतिया अधमी , प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य(प्रशासन) डॉ प्रीति उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, सहायक प्रधानाचार्य राजेश सिंह, मुख्य अध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, इन चार्ज प्री प्राइमरी प्रियंका सिंह तथा अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।  

 

स्वंयसेवी छात्राओं ने यातायात के प्रति लोगों को किया जागरूक

गाजीपुर। यातायात सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की स्वंयसेवी छात्राओं ने जागरूकता रैली का आयोजन गुरूवार को किया। रैली को प्राचार्य प्रो अनिता कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान छात्राएं ‘सड़क सुरक्षा की यही पुकार बिना हेलमेट के सब बेकार, चलायें आप कोई भी वाहन यातायात नियमो का सदैव करें पालन, सीट बेल्ट जरूर लगायें दुर्घटना को दूर भगायें, शराब पीकर गाड़ी न चलाए ट्रैफिक नियमों को अपनायें नारा लगाती रही। महुआ बाग चौराहे पर छात्राओं ने बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को रोककर उन्हें समझाया कि बिना हेलमेट के वाहन न चलाएं।

इसके साथ ही कार चालकों को बताया कि सीट बेल्ट लगाकर ही कार आदि वाहनों का संचालन करें। डॉ गजनफर सईद, डा रामनाथ केसरवानी, डा ओम शिवानी के नेतृत्व में यातायात जागरूकता रैली महुआ बाग मिश्र बाजार होते हुए महाविद्यालय पहुंची। अपराह्न 2 बजे यातायात जागरूकता के संदर्भ में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें जनपद नोडल अधिकारी डा अमित यादव ने सुरक्षित यातायात के विविध पहलुओं और यातायात प्रतीक चिह्न से सभी शिक्षक को परीचित कराया। प्राचार्य प्रो अनिता कुमारी ने समस्त शिक्षकों को सुरक्षित यातायात हेतु शपथ दिलाई। इस अवसर पर समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ट्रैक्टर ट्रॉली का ब्रेक फेल, चालक की सूझबूझ से टला हादसा

ट्रैक्टर चालक की सूझबूझ से बची लोगों की जान, ब्रेक फेल होने के बाद टकराया ट्रैक्टर

गाजीपुर। नगर के विशेश्वरगंज इलाके में गुरुवार की सुबह के समय हादसा होते-होते टल गया। इस क्षेत्र में चलते समय एक ईंट लदे  ट्रैक्टर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। जिससे ट्रेक्टर का अगला हिस्सा पूरी तरह से विशेश्वरगंज क्षेत्र में स्थित एक गोलंबर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक की सूझबूझ से लोगों की जान बच गई। रौजा ओवरब्रिज से आते समय अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली का ब्रेक फेल हो गया जिसकी भनक तक चालक को नही लगी। जब चालक ने ओवरब्रिज से उतरते समय ब्रेक मारा तो ब्रेक फेल होने की जानकारी होते ही चालक घबरा गया।

फिर चलते ट्रैक्टर से ही उसने आसपास के चलते राहगीरों से ब्रेक फेल होने की आवाज लगानी शुरू कर दी। इसके बाद चालक ने अपने सूझबूझ से ट्रैक्टर ट्रॉली को गोलंबर में टक्कर मार दी। लेकिन इस दौरान आसपास चलने वाले लोगों को कोई नुकसान नहीं हुआ। मगर चौराहे पर बना गोलंबर टक्कर के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने टैक्टर पर बैठे एक लोग की जान बचाने में तो कामयाब हो गया, लेकिन टैक्टर ट्रॉली को नहीं बचा सका। ट्रैक्टर का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें ट्रैक्टर और इंजन को नुकसान हुआ है। ट्रैक्टर की टक्कर होने के बाद इस मंजर को देखने के लिए लोगों का भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। इसके बाद यातायात पुलिस ने भीड़ को खाली कराया और इस दौरान भीड़ की वजह से लगे जाम को जाम से मुक्त कराया।

शिक्षक दिवस पर माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में शिक्षकों को किया गया सम्मानित

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में धूम-धाम से मनाया गया ’’शिक्षक दिवस’’

गाजीपुर। गुरु और शिष्य के बीच स्नेह और अटूट रिश्ते की परंपरा को बनाए रखने के लिए पूरे भारत वर्ष में भारतीय संस्कृति के संवाहक प्रख्यात शिक्षाविद, उत्कृष्ठ वक्ता महान दार्शनिक द्वितीय किन्तु अद्वितीय राष्ट्रपति और आस्थावान हिन्दु विचारक डा0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के रुप में मनाया जाता है। गुरु और शिष्य के इसी रिश्ते को और गहरा करने के लिए अपनी उत्कृष्ठ शिक्षा पद्धति के साथ लगातार छात्रों के चहुमुँखी विकास के लिए तत्पर शहर में स्थित माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल में भी शिक्षक दिवस बड़ी धूम-धाम से गुरुवार को मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य डा0 राजेश कारकून ने संयुक्त रुप से राधाकृष्ण के प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित करके और दीप प्रज्ज्वलित करके किया। तत्पश्चात् विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के सम्मान के लिए अनेक रंगा-रंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा भी छात्रों के प्रोत्साहन के लिए अनेक मनोरंजक खेल खेला गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की तरफ से विद्यालय के निदेशक मोहित श्रीवास्तव ने भी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को प्रशस्ति चिह्न व उपहार देकर सम्मानित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पूरे कार्यक्रम के लिए सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं तथा बच्चों को सधन्यवाद व उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना किया। इस पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की कक्षा 12वीं की छात्रा कौशिकी श्रीवास्तव व श्रेया राय के द्वारा किया गया।

हर बूथ पर कम से कम 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य:राकेश त्रिवेदी

गाजीपुर। 2024 भारतीय जनता पार्टी का संगठन वर्ष है। जिसके सफलता एवं लक्ष्य पूर्ति के लिए व्यापक आन लाइन सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑनलाइन सदस्यता अभियान में 8800 002024 पर मिस्ड कॉल करके लोग भाजपा में अपनी आस्था, विश्वास व्यक्त करते हुए लगातार सदस्य बन रहे हैं। यह बात बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी डा राकेश त्रिवेदी ने कही। उन्होंने कहा कि 2 सितम्बर की सायंकाल से प्रारम्भ सदस्यता अभियान मे कल 3 सितंबर सायं काल तक जिले में लगभग 10000 से ज्यादा महिला,पुरुष आन लाइन सदस्य बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस सदस्यता महा अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सदस्य बना कर किया था तथा 3 सितंबर की शाम तक उत्तर प्रदेश में लगभग 10 लाख से ज्यादा लोग अब तक पार्टी सदस्य बन चुके हैं। सदस्यता अभियान के लिए पार्टी ने बुथ स्तर पर अपनी मजबूत और व्यापक तैयारी करते हुए प्रत्येक स्तर पर संगठन कार्यकर्ताओं को लक्ष्य निर्धारित किया है।उन्होंने कहा की यह सदस्यता तीन चरणों में पूरी होगी जिसमें पहले चरण की सदस्यता 2 सितंबर से 25 सितंबर तक और दूसरे चरण की सदस्यता 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलाई जाएगी ।जबकि तीसरे चरण में सक्रिय सदस्यता का अभियान 16 अक्टूबर से प्रारंभ होकर 31 अक्टूबर तक चलेगी। डॉ राकेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर न्यूनतम 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य संगठन ने निर्धारित किया है। और एक मोबाइल नंबर से मात्र एक ही सदस्य बना जा सकता है। जबकि अपरिहार्य परिस्थितियों में जिन लोगों के पास मोबाइल नहीं है उनके लिए ऑफलाइन फॉर्म भरकर भी सदस्य बनाने की व्यवस्था बनाई गई है। डॉक्टर त्रिवेदी ने बताया कि 11 सितंबर से 17 सितंबर तक घर-घर संपर्क अभियान तथा 12 सितंबर से प्रदेश पदाधिकारी पार्टी के मोर्चा कार्यकर्ता विशेष संपर्क करेंगे। भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक रविवार को अटल सदस्यता पर्व मनाते हुए सदस्यता अभियान को तेज गति प्रदान करेगा उन्होंने कहा कि 1 से 15 अक्टूबर के बीच समाज के विभिन्न वर्ग जातिय समूहों के बीच विशिष्ट संपर्क किया जाएगा। सदस्यता अभियान से जुड़े किसी भी प्रश्न या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 8860147147 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह,भानुप्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, अवधेश राजभर, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह आदि उपस्थित थे।

जिपं अध्यक्ष और नपा अध्यक्ष ने दिया नियुक्ति पत्र

गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मिशन रोजगार के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा नव चयनित 1334 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। जनपद गाजीपुर के 43 युवाओं को भी नियुक्ति पत्र प्राप्त करने का अवसर प्राप्त हुआ। सभी ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत चयन पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों आदि ने देखा। सभी ने नव चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। चयनित अभ्यर्थियों में 43 जनपद के भी हैं। जिसमे प्रदेश मुख्यालय पर 27 व जनपद मुख्यालय पर 16 युवाओ को नियुक्ति पत्र दिया गया। मुख्यमंत्री ने नव चयनित युवाओं से कहा कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने नव चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा यह नियुक्तियां की गई है। कहा कि वर्तमान सरकार धर्म, जाति व क्षेत्रवाद के आधार पर भेदभाव नहीं करती है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सभी वर्ग, जाति व धर्म के साढ़े 6 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत रोजगार मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रगति पथ पर अग्रसर है तथा उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बना है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था है तथा जल्द ही देश की प्रथम अर्थव्यवस्था उत्तर प्रदेश बनेगा। सरकार हर चेहरे पर खुशी रहने का कार्य कर रही है, अगर कोई भी युवाओं की योग्यता व क्षमता के सामने अवरोध (बैरियर) बनेगा तो उसको बैरियर को हटाया व तोड़ा जाएगा तथा भ्रष्टाचार फैलाने वालों की संपत्ति जब्त की जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को 40 लाख निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार धनराशि का उपयोग जनता के साथ लोक कल्याणकारी कार्यों पर करती है। प्रदेश में चार अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट है तथा देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जेवर गौतम बुद्ध नगर में बन रहा है। वर्ष 2047 तक भारत विकसित भारत बनेगा और प्रधानमंत्री जी की परिकल्पना साकार होगी। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी  ने बताया कि बुधवार को प्रदेश में 1334 अभ्यर्थियों को 12 से अधिक विभागों में अवर अभियंता व अन्य पदों पर नियुक्ति उपरान्त नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए है। इन चयनित अभ्यर्थियों में 43 अभ्यर्थी जनपद के भी हैं। जिनमें से 04 को सिचाई एवं जल संशाधन विभाग, 04 आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, 13 ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग, 13 नगर विकास विभाग, 09 लोक निर्माण विभाग मे  नौकरी करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि जनपद के चयनित 27 अभ्यर्थियों को लखनऊ के कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नव चयनित अभ्यर्थियो को शुभकामना देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अपने कार्य को पूरी निष्पक्षता व ईमानदारी के साथ कार्य करने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने सभी आगन्तुको का अभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग, एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध बनाने वाला गिरफ्तार

गाजीपुर। कोतवाली पुलिस ने बीएनएस व पाक्सो एक्ट से सम्बन्धित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। बुधवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीन दयाल पाण्डेय ने अपने पुलिस टीम के साथ पीडिता को शादी का झांसा देकर शारीरिक सम्बन्ध बनाने वाले वांछित अभियुक्त संजय बिन्द पुत्र ओमप्रकाश बिन्द निवासी ग्राम तङवाँ थाना मोहम्मदाबाद उम्र करीब 24 वर्ष को मुखबिर के सूचना पर लंका बस स्टैण्ड से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीन दयाल पाण्डेय के साथ हेड कांस्टेबल राजेश दुबे, कांस्टेबल अनिशील कुमार और का. कुलदीप कुमार शामिल रहे।

राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज द्वारा संचालित विभिन्न डिग्री, डिप्लोमा एवं प्रमाण पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज के प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर जय प्रकाश यादव द्वारा बताया गया है कि प्राचार्य एवं शिक्षार्थियों की विशेष मांग पर यह तिथि कुलपति प्रोफेसर सत्य काम जी द्वारा बढ़ाई गई है और यह शैक्षिक सत्र जुलाई 2024- 25 में प्रवेश का यह अंतिम अवसर हैं। मुक्त विश्वविद्यालय द्वारा संचालित 17 से अधिक विषयों में एम ए , राजनीति विज्ञान, शिक्षाशास्त्र, समाज कार्य,उर्दू विषयों तथा एकल विषय संस्कृत, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र भूगोल, संस्कृत, उर्दू, अंग्रेजी आदि सामाजिक विज्ञान तथा विभिन्न प्रकार के रोजगार परक डिप्लोमा-प्रमाण पत्र पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश जारी है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार छात्र नियमित पाठ्यक्रमों में अध्ययन करते हुए मुक्त विश्वविद्यालय से डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम एक साथ कर सकते हैं। अर्थात भी किसी नियमित कोर्स को पढ़ते हुए मुक्त विश्वविद्यालय से कोई दूसरा डिग्री या डिप्लोमा कोर्स एक साथ कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विभिन्न पाठ्यक्रम कामकाजी, सरकारी सेवारत एवं शिक्षा से वंचित लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। इच्छुक शिक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना ऑनलाइन प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय अध्ययन केंद्र (088) राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के कार्यालय में अपराहन 1 से 4 बजे के मध्य जमा कर सकते हैं। किसी भी जानकारी के लिए शिक्षार्थी अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ शिव कुमार के इस नंबर पर 9415645213 संपर्क कर सकते हैं।

नहीं लौटे काम पर तो सीएमओ का चलेगा चाबुक

आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर (सीएचओ) नहीं लौटे काम पर तो सीएमओ का चलेगा चाबुक

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधा को संवारने के लिए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण करा कर उसके संचालन के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर की नियुक्ति कराई। गाजीपुर मैं भी इस योजना के तहत 278 आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निर्माण कराया गया जिसमें सभी केंद्रों पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर(सीएचओ) की तैनाती भी की गई। लेकिन सभी कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पिछले 21 अगस्त से अपने विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे हैं। जिसके चलते सभी आरोग्य मंदिर की व्यवस्था चरमरा गई है जिसको लेकर मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश ने सख्त लहजे में पत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजा है इसके बाद से ही विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने बताया कि जनपद में संचालित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर संविदा सेवा शर्तों के आधार पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की नियुक्ति की गई। जिससे ग्रामीण इलाकों में मरीज को बहुत सारी जांच और इलाज की सुविधा उनके गांव के पास मिल जाए। लेकिन पिछले 21 अगस्त से जनपद के 278 आयुष्मान आरोग्य मंदिर के कम्युनिटी हेल्थ ऑफीसर ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध में हड़ताल पर चल रहे हैं। ऐसे सभी लोगों को तत्काल से हड़ताल खत्म कर वापस कार्य पर आने की बात कही है । नहीं आने की दशा में भुगतानअवरुद्ध करने के साथ ही संविदा सेवा शर्तों के अनुरूप कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के द्वारा पत्र भेजा गया है जिसमें उन्होंने बताया है कि कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के संगठन से सभी तरह की वार्ता हो चुकी है। इसके बाद संगठन ने कम पर लौटने की भी सहमति जाता दिया था। लेकिन जनपद में अभी भी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर तैनात को की वापसी नहीं हुई है। जिसको लेकर अब विभाग ऐसे लोगों के खिलाफ जो अपनी सेवा शर्तों के आधार पर वापस अपनी ड्यूटी पर नहीं आते हैं तो उनके खिलाफ अब अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जनपद के सभी अधीक्षक एवं प्रभारी अधिकारी को पत्र लिखकर इस संबंध में अवगत करा दिया गया है। संविदा सेवा शर्तों के अनुरूप यह लोग वापस अपने काम पर नहीं आते हैं तो यह सभी लोग प्रतिकूल प्रविष्ठि हेतु स्वयं जिम्मेदार होंगे। जिसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य में नहीं होगी।