All posts by tiwarishivpratap

नगर की समस्याओं को लेकर डीएम से मिला सपा का प्रतिनिधिमंडल

गाजीपुर। सदर विधानसभा के विधायक जैकिशन साहू के नेतृत्‍व में सोमवार को सपा का प्रतिनिधिमंडल नगर की सफाई, जल-जमाव की समस्‍याओं और राजकीय सिटी इंटर कालेज के मैदान के बदहाली को लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी से मिला। विधायक जैकिशन साहू ने जिलाधिकारी से बताया कि नालों की सफाई न होने के कारण जल भराव से नगर की प्रमुख सड़के मिश्रबाजार, कोतवाली होते हुए गोइजीतर, प्रकाश टाकीज चौराहे से एमएएच इंटर कालेज तक की सड़के एकदम जर्जर हो गयी हैं। जिससे आयेदिन दुर्घटनाएं हो रही है। नगर में सीवर लाईन का कार्य हो जाने के बाद अधिकांश जगहों पर नगरपालिका की वाटर पाईप में सीवर पाइपलाइन कार्य के कारण मिश्रा बाजार सहित अन्य जगहों पर लीकेज होने के कारण पानी का बहाव होता है और जिससे सड़के खराब हो गयी हैं। मुख्‍य सड़कों के अलावा सभी वार्डो की सड़के जर्जर, नाली जाम, और सफाई की व्‍यवस्‍था एकदम दम तोड़ दी है।

सपा के राष्‍ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने राजकीय होमियोपैथिक कालेज, नई सब्‍जी मंडी रौजा आदि क्षेत्रों के जलजमाल के बारे में डीएम को अवगत कराया। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्‍यक्ष आमीर अली ने बताया कि करीब लगभग सौ साल पहले राजकीय सिटी इंटर कालेज की स्‍थापना हुई थी और राजकीय सिटी इंटर कालेज का मैदान ही गाजीपुर शहर का मुख्‍य मैदान हैं जिसमे छात्रों के अलावा बच्‍चे खेला-कूदा करते थे। लेकिन बाउंड्री से सटे हुए 12 फीट का नाला है जिसमे चंद्रशेखर नगर, चंदन नगर का पानी आता है और कपूरपुर मुहल्‍ले में नाला जाम होने के चलते पोखरे का पूरा पानी मैदान में भर गया है जिससे पूरा मैदान जलमग्‍न हो गया है। स्कूल के ईमारतों को भी प्रभावित कर रहा है। उन्‍होने जिला प्रशासन से समस्‍या का समाधान कराने की मांग की है। इस मौके पर सपा के राष्‍ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, डा. समीर सिंह, विधानसभा अध्‍यक्ष तहसीन अहमद, पूर्व प्रत्‍याशी नगरपालिका दिनेश यादव, सभासद कपूरपुर शहबान अहमद, मो. इलियास, जिला सचिव शहनवाज खान आदि लोग मौजूद थे।

राधा कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

गाज़ीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में रामदूत इंटरनेशनल स्कूल के सौजन्य से “कजरी महोत्सव “ अंतर्गत राधा कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन लहुरी काशी पैलेस रौजा के सभागार में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद भर के विभिन्न विद्यालयों से आये हुये 276 जोड़े के रुप में 552 प्रतियोगियों ने प्रतिभाग किया I प्रतियोगिता में कक्षा एल केजी से कक्षा 4 तक के नन्हे मुन्हे छात्र छात्राओं ने राधा कृष्ण की मनोहारी झांकी प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। राधा कृष्ण का वेश धारण कर प्रतियोगियों ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जन को आश्चर्यचकित कर दिया। डा. पूजा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संचालित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माता कवलपति मैटरनिटी एण्ड रिसर्च सेन्टर से डा. बीती सिंह, विशिष्ट अतिथि रामदूत इंटरनेशन स्कूल की अनीता यादव एवं निर्णायक मंडल सदस्य के रूप में श्रीमती सरोज यादव,  प्रीती आनन्द एवं स्नेहा मौर्या उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि ने राधा कृष्ण के रूप मे उपस्थित प्रतियोगियों की आरती उतार कर सभी प्रतियोगियों को पदक तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वेलफेयर क्लब जिले की एकमात्र ऐसी संस्था है जो नौनिहालों से लेकर हर उम्र के छात्र छात्राओं के बहुमुखी विकास के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है। राधा कृष्ण प्रतियोगिता में जनपद भर के दूर क्षेत्रों आए हुए प्रतियोगी बच्चो ने यह साबित कर दिया की क्लब का प्रयास पूरी तरह से सफल है। उन्होंने क्लब के कार्यकर्ताओं को साधुवाद देते हुए वेलफेयर क्लब के उज्जवल भविष्य की कामना किया।

  निर्णायक मंडल के अनुसार प्रथम स्थान पर सेंट मेरिज कान्वेंट स्कूल से दिव्यांस दत्ता ज्योत्सना झा, एवरग्रीन पब्लिक स्कूल से शानवी प्रजापति आरव, सूरज इंटरनेशनल स्कूल कासिमाबाद से वर्णिका यादव शिवम यादव, सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल से सौम्या कुशवाहा विराट कुशवाहा, अवध इंटरनेशनल स्कुल फिरोजपुर से कृतिका यादव पियूष प्रजापति, डिवाइन हर्ट पब्लिक स्कूल अगस्ता से आराध्या दूबे विवान जायसवाल, रामदूत इंटरनैशनल स्कूल से शानवी सिंह साहित्या, चंदिनी पब्लिक स्कूल से मेहनूर नाज देव जीत सरकार, आरजेपी स्कूल सैदपुर से हरी प्रिया शौर्य विश्वकर्मा रहे जबकि द्वितीय स्थान पर सन्त कबीर पब्लिक स्कूल तुलसीपुर से आस्था अभिनंदन, एसएन इंटरनेशनल स्कूल महाराजगंज से कृतिका मिष्टी, स्वामी विवेकानन्द स्कूल बंधवा से जिंशा बानो प्रांजल यादव, सनराइज पब्लिक स्कूल जंगीपुर से प्रीती अर्पित, दी प्रेसिडीयम इंटरनेशनल स्कूल से वैष्णवी राजवीर, केजीएन पब्लिक स्कूल तुलसीसागर से युवराज शिरीष, शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल से पीहू मिश्रा शौर्य सिंह, गौरी शंकर पब्लिक स्कूल से अनामिका ओम, चंद्रावली शिक्षा निकेतन से श्रीजा वेदिका, श्री राम पब्लिक स्कूल सिकंदरपुर से शोफिया अभिनंदन, बैजनाथ शिशु बिहार से कृतिका अविरल श्रीवास्तव रहे इसी प्रकार तीसरे स्थान पर सनराइज स्कूल पखनपुरा से मायरा राज़ शर्मा, किट्स जी स्कूल से फरीहा कर्तव्या रहे। इस अवसर पर आदित्य कुशवाहा, सत्यदेव दूबे, अंकित सिंह, राम कुमार विश्वकर्मा , संजय वर्मा,अजय यादव आदि उपस्थित रहे I आभार ज्ञापन क्लब आडिटर डा.जितेन्द्र कुमार ने किया।

पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान केंद्रों पर  भ्रमण करते रहे डीएम-एसपी

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा को सकुशल, नकलविहीन, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डा0 ईरज राजा ने शनिवार को सुभाष इण्टर कालेज फतेउल्लाहपुर, श्री शिवकुमार शास्त्री इण्टर कालेज जंगीपुर, राजकीय पालिटेक्निक कालेज गाजीपुर, इण्टर कालेज खालिसपुर गाजीपुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, स्ट्रांग रूम, चेकिंग, फेस्टिंग, बायोमेट्रिक व्यवस्था को देखा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उत्तर प्रदेश पुलिस परीक्षा को संपन्न कराने के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिसमे परीक्षा दो पालियों में सकुशल एवं शान्तिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गयी। परीक्षा को संपन्न कराने के लिए जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया।

जूनियर बालको की एथलेटिक्स प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

गाजीपुर। 26 से 31 अगस्त 2024 तक वृहद खेल एवं फिटनेस क्रियाकलापों के लिए 29 अगस्त 2024 स्व0 (दादा) मेजर ध्यानचन्द के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस 2024 के शुभ अवसर पर शनिवार को जूनियर बालको की एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन नेहरु स्टेडियम गोराबाजार के प्रांगण में किया गया। इस प्रतियोगिता में पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि  अमरजीत सिंह अध्यक्ष जिला एथलेटिक्त संघ ने विजेता/उपविजेता खिलाड़ियो को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया । इस प्रतियोगिता में कुल 65 खिलाड़ियो ने प्रतिभांग किया । जिसमे 100 मी0 मे अंगद कुमार भारती प्रथम, अजीत राजभर द्वितीय, सुमित यादव तृतीय, 200 मी0 मे सत्यानन्द कुमार प्रथम, निखिल शर्मा द्वितीय, भोला यादव तृतीय, 400 मी0 अखिलेश यादव प्रथम, लव उपाध्याय द्वितीय, अंकित कुशवाहा तृतीय, 800 मी0 मे अनिल बिन्द प्रथम, बादल गुप्ता द्वितीय, अनूप यादव तृतीय एवं 1500 मी0 मे भोला यादव प्रथम, प्रकाश प्रजापति द्वितीय, विशाल प्रजापति तृतीय रहें।  प्रतियोगिता निर्णायक के रुप में विनोद कुमार जायसवाल एथलेटिक्स प्रशिक्षक, विजय (खेलो इण्डियॉ एथलेटिक्स प्रशिक्षक), प्रेमचन्द यादव रहें । इस अवसर पर, ग्यासुदीन अहमद, राजन प्रजापति, बृजेश कुमार, प्रदीप राय, योगेन्द्र सिंह, मु0 मोईन, एवं समस्त स्टाप उपस्थित रहें।

आईटीआई कॉलेज में टैबलेट पाकर खिल उठे प्रशिक्षुओं के चेहरे

आईटीआई कॉलेज में टैबलेट पाकर खिल उठे चेहरे

गाजीपुर। स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत शुक्रवार को जखनियां क्षेत्र के साबिर एस अली नेशनल प्राइवेट आईटीआई कॉलेज में राजस्व निरीक्षक बृजेश यादव के द्वारा प्रशिक्षुओं में निः शुल्क टैबलेट वितरण किया गया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में देवनारायण सिंह और विद्यालय के प्रबंधक आमिर अली के द्वारा भी 94 प्रशिक्षुओं में टैबलेट वितरित किया। इस अवसर पर विद्यालय के कर्मचारी अमरनाथ यादव, संदीप कुमार, धर्मवीर भारद्वाज, अजय कुमार, राधेश्याम यादव, शेर बहादुर भारती, गोविंद पटेल, अशोक भारद्वाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

फाइलेरिया से बचना है तो दवा का सेवन जरूर करें

ग्राम प्रधान और कोटेदार भी फाइलेरिया रोधी दवा सेवन के लिए कर रहे प्रेरित

दवा खाने से इन्कार करने वाले लोगों को जागरूक कर अभियान में कर रहे सहयोग

हाथीपांव से ग्रसित पीएसजी नेटवर्क के सदस्य बता रहे फाइलेरिया बीमारी की गंभीरता

दो सितंबर तक चलेगा एमडीए अभियान, फाइलेरिया से बचना है तो दवा का सेवन जरूर करें

गाजीपुर। सामुदायिक स्तर पर लोगों फाइलेरिया (हाथीपांव और हाइड्रोसिल) की गंभीरता के बारे में जागरूक करते हुए ग्राम प्रधान और कोटेदार जनपद में संचालित सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में सहयोग कर रहे हैं। अभियान के दौरान वह लोगों को फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा सेवन से इन्कार करने वाले लोगों को जागरूक कर उन्हें दवा का सेवन करा रहे हैं। इस कार्य में फाइलेरिया (हाथीपांव) से ग्रसित पेशेंट सपोर्ट ग्रुप नेटवर्क के सदस्य भी सहयोग कर रहे हैं। हाथीपांव से पीड़ित सदस्य लोगों को अपने सूजे हुए पैर की गंभीरता के बारे में बता रहे हैं, जिससे प्रभावित होकर लोग दवा का सेवन कर रहे हैं। अब तक 24 लाख 64 हजार से अधिक लोग दवा का सेवन कर चुके हैं।


कासिमाबाद ब्लॉक के सीधौत गाँव की प्रधान कृष्णावती ने बताया कि उन्होंने स्वयं और पूरे परिवार को फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया है। जब उन्हें पता चला कि फाइलेरिया, लाइलाज बीमारी है। एक बार इसके लक्षण (हाथ-पैरों में सूजन) आ जाएं तो यह ज़िंदगी भर साथ रहता है। इसको कोई उपचार भी नहीं है। इसको सिर्फ एमडीए की दवा के सेवन से बचाया जा सकता है। इसलिए ग्रामीणों को दवा सेवन के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। क्यामपुर गाँव के प्रधान दरसू राम ने बताया कि अभियान शुरू होते ही स्वास्थ्यकर्मी के सामने दवा का सेवन किया है। साथ ही परिवार सहित अन्य आसपास के घरों को भी दवा का सेवन स्वास्थ्यकर्मियों के सामने कराया है। गाँव के ऐसे लोग जो दवा खाने से डर रहे हैं या किसी सामान्य सर्दी खांसी या बुखार से ग्रसित होने पर दवा नहीं खा रहे हैं। उनको बताया जा रहा है कि इस दवा के सेवन से फाइलेरिया (हाथीपांव) जैसी गंभीर बीमारी से बचे रहेंगे। सामान्य सर्दी, खांसी या बुखार में भी इस दवा का सेवन किया जा सकता है। सिर्फ एक साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रूप से बीमार मरीज को दवा का सेवन नहीं करना है।


इसी तरह सीधौत के कोटेदार गणेश चौहान और क्यामपुर के कोटेदार सुदामा यादव अपने लाभार्थियों को फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में फाइलेरिया मुक्त जनपद बनाने के लिए हम विभाग का पूरा सहयोग कर रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि फाइलेरिया की गंभीरता को देखते हुए एमडीए अभियान में ग्राम प्रधान, कोटेदार, हाथीपांव से ग्रसित मरीज समेत अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों से सहयोग लिया जा रहा है। यह अभियान दो सितंबर तक चलेगा, जिसमें एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और अति गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को छोड़कर सभी को डीईसी और एल्बेण्डाज़ोल की दवा का सेवन किया जा रहा है। फाइलेरिया का वाहक मच्छर क्यूलेक्स, जिंदगी भर के लिए दिव्यांग बना सकता है। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया (हाथीपांव) से बचाव के लिए दवा का सेवन जरूर करें।

गोसंरक्षण में लापरवाही पर डीएम ने मांगा अधिकारियों से स्पष्टीकरण

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में बुधवार की शाम को गोआश्रय स्थलों के समबन्ध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विशेष गोसंरक्षण अभियान की गहन समीक्षा की गयी जिसमें 10 से कम गोसंरक्षण वाले विकास खण्ड के खण्ड विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी कासिमाबाद, सादात, भदौरा, करण्डा, बाराचवर, भावरकोल, जमानियां तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका गाजीपुर, नगर पालिका मुहम्मदाबाद, नगर पंचायत बहादुरगंज, नगर पं0 दिलदारनगर, नगर पं0 जंगीपुर, नगर पंचायत सादात को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा विशेष अभियान चलाकर खेतो एवं सड़को पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को 31 सितम्बर 2024 तक शत प्रतिशत संरक्षित करने के निर्देश दिये गये। वाराणसी गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घूम रहे निराश्रित गोवंशो को 01 सप्ताह में संरक्षित करने के निर्देश दिये गये। विशेष अभियान के अनुश्रवण के लिए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को कन्ट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन प्रगति लेने के निर्देश दिये गये है। सभी खण्ड विकास अधिकारियों एवं पशु चिकित्साधिकारियों को गोआश्रय स्थलो का नियमित भ्रमण कर वहां पायी गयी कमियों का निराकरण कराने के निर्देश दिये गये तथा गोआश्रय पर ग्राम सचिव की प्रतिदिन उपस्थिति के निर्देश दिये गये।

गोआश्रय स्थलों पर गोबर के निस्तारण हेतु वर्मी कम्पोस्ट पिट बनाने के निर्देश दिये गये। निर्माणाधीन अस्थायी गोआश्रय स्थलों को तत्काल पूर्ण कराकर क्रियाशील करने के निर्देश दिये गये। गोआश्रय स्थलों से सम्बद्ध चारागाह की भूमि पर हरा चारा की बुवाई की प्रगति अत्यन्त कम होने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी चारागाह की भूमि पर हरा चारा की बुवाई के निर्देश दिये गये जिसका प्रतिदिन अनुश्रवण जिला विकास अधिकारी द्वारा किया जायेगा। जिला पंचायत राज अधिकारी को गोआश्रय स्थलों में विद्यमान गैप प्रतिपूर्ति (एस0एफ0सी0 पूलिंग) की प्रगति कम होने पर जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल पूलिंग कराने के निर्देश दिये गये। बैठक में उपस्थित गोआश्रय स्थलों के नोडल अधिकारियों को अपने भ्रमण में गोआश्रय स्थलों पर साफ-सफाई, चारा, साफ पीने का पानी, पर्याप्त शेड एवं रात्रि मे केयर – टेकर की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द सरोज, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 अरविन्द कुमार शाही, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्या, जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद/नगर पंचायत, पशु चिकित्साधिकारी एवं समस्त नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

महिला पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस एवं नवागंतुक सम्मान समारोह उमंग का आयोजन गुरुवार को किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ अनीता कुमारी द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इससे पहले प्राचार्य का स्वागत शारीरिक शिक्षा के विभागाध्यक्ष डॉ शंभू शरण प्रसाद ने पुष्प गुच्छ देकर किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्राचीन इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विकास सिंह ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए कहा की हाँकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद हाँकी के खेल में पूरी दुनिया में ठीक वैसे ही प्रतिष्ठा रखते है जैसे क्रिकेट में डॉन ब्रेड मैन फुटबॉल में पेले और लॉन टेनिस में ब्योंन बोर्ग का नाम आता है। आपने 1928 से 1936 के बीच में हुए लगातार तीन ओलिम्पिक खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाई।

इसके उपरांत मुख्य अतिथि ने नवागंतुक छात्राओं को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया, तत्पश्चात अपने उद्बोधन में उन्होंने छात्राओं को खेल दिवस की प्रासंगिकता के बारे में बताते हुए कहा की आज के दिन हम उत्कृष्ट खिलाड़ियों को याद कर उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते है। वही जीवन में उनके द्वारा प्रदर्शित कौशल, साहस, संयम, टीम भावना एवं खेल भावना से प्रेरणा ग्रहण करते है तथा शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम् की उक्ति के माध्यम से उन्होंने छात्राओं को बताया की स्वास्थ शरीर से ही सारे कार्य संभव है। अतः जीवन में स्वस्थ शरीर के लिए खेल में प्रतिभाग करना आवशयक है । शारीरिक शिक्षा के विभागाध्यक्ष डॉ शंभू शरण प्रसाद ने मेजर ध्यानचंद के सहज स्वभाव से अवगत कराया तथा उनके घर के पीछे सिपरी बाजार में रेलवे लाइन पर रात में चाँद की रौशनी में आभ्यास करने के कारण उनका नाम ध्यानचंद पड़ा। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ संगीता, डॉ नेहा आदि प्राध्यापक गण एवं शारीरिक शिक्षा एवं खेलकूद से जुड़ी छात्राये उपस्थित रही ।

शेष बचे पौधों का 10 सितंबर तक करा लें रोपण:डीएम

गाजीपुर। वृक्षारोपण अभियान 2024 के अंतर्गत जनपद में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई) वाराणसी द्वारा एन.एच -31 के मीडियन पर किमी 32-84 पर कराए जा रहे वृक्षारोपण के प्रगति की स्थलीय निरीक्षण जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एन.एच.ए.आई वाराणसी योगराज सिंह, एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वनप्रभाग के साथ गुरुवार को किया। डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर एनएचएआई ने बताया कि जनपद में सड़क के मीडियन पर कुल 10,552 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित है जिसके सापेक्ष अभी तक 4378 पौधों का रोपण कर लिया गया है शेष 6174 पौधों का रोपण 10 सितंबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी द्वारा राजमार्ग पर सुरक्षा कारणों के मद्देनजर एनएचएआई के अधिकारियों को अग्रिम एक सप्ताह में शेष पौधों को हर हाल में रोपित करने तथा मीडियन पर अनावश्यक रूप से उगी हुई खर पतवार को हटाने के कड़े निर्देश दिए गए।

अपने पूर्वजों द्वारा स्थापित ठाकुर बाड़ी मंदिर में मनोज सिन्हा ने किया पूजन अर्चन

 श्री कृष्ण जन्माष्टमी के तीसरे दिन मनाए गए छठियार कार्यक्रम में राज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया भाग

कीर्तन मंडली के साथ देर तक बजाते रहे झाल 

अपने पूर्वजों द्वारा स्थापित ठाकुर बाड़ी मंदिर में किया पूजन अर्चन

गाजीपुर। (मुहम्मदाबाद) जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार को अपने पैतृक गांव मोहनपुरा पहुंचे जहां उन्होंने अपने पूर्वजों द्वारा स्थापित ठाकुर बाड़ी मंदिर मे विधि, विधान से पूरी आस्था के साथ पूजा, अराधना किया। तथा जन्माष्टमी के तीसरे दिन मनाए जा रहे छठियार कार्यक्रम में भाग लिया। मनोज सिन्हा के पुत्र अभिनव सिन्हा ने बताया  की 379 वर्षों से लगातार ऐतिहासिक जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाता है तथा जन्माष्टमी के तीसरे दिन छठियार का कार्यक्रम होता है। मनोज सिन्हा लगभग अपराह्न 2-15 बजे , बाबतपुर एयरपोर्ट से काफिले के साथ गाजीपुर के रास्ते सीधे अपने पैतृक गांव मोहनपुरा पहुंचे जहां उन्होंने पूर्व परिचित अंदाज मे लोगों से भावपूर्ण व्यवहार के साथ लोगों का सत्कार करते हुए ठाकुर जी के मंदिर में चल रहे भजन कीर्तन में बैठकर कीर्तन मंडली के साथ देर तक झाल भी बजाते रहे। इस अवसर पर सांसद डा संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, पारसनाथ राय,प्रो शोभनाथ यादव ओमप्रकाश राय,प्रवीण सिंह , संकठा प्रसाद मिश्र, रमेश सिंह पप्पू, अच्छेलाल गुप्ता,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, अखिलेश राय,गोपाल राय, मन्नू राजभर, शैलेश राम, अखिलेश सिंह, अखिलेश राय, अवधेश राय आदि लोग उपस्थित थे।