गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया गणतन्त्र दिवस
गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन ने आज 77 वां गणतन्त्र दिवस धूमधाम से मनाया। एसोसिएशन कार्यालय पर सुबह ठीक 9 बजे संगठन के अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह ने झंडारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद सदस्यों ने राष्ट्रगान किया और भारत माता जिन्दाबाद के नारे लगाये। इस अवसर पर संगठन के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव, महासचिव आशुतोष त्रिपाठी,रविकान्त पाण्डेय, अनिल उपाध्याय,आलोक त्रिपाठी, विनोद पाण्डेय देवब्रत विश्वकर्मा,प्रमोद कुमार सिन्हा, विनोद गुप्ता, दुर्गविजय सिंह आदि उपस्थित रहे।
माउंट लिटरा ज़ी स्कूल, गाज़ीपुर में विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
गाजीपुर। माउंट लिटरा ज़ी स्कूल बंधवा पिरनगर में सोमवार को विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन विद्यालय के माननीय निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कारकुन द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
प्रदर्शनी को दो प्रमुख भागों—कला दीर्घा एवं विज्ञान दीर्घा—में विभाजित किया गया था। कला दीर्घा में भारत के 1940 के दशक से लेकर वर्तमान समय तक के विकास एवं प्रगति को सुंदर एवं रचनात्मक ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों, चार्ट्स और मॉडल्स के माध्यम से ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तनों को प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया।
विज्ञान दीर्घा प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित मॉडल्स, तथा विभिन्न कार्यशील एवं स्थिर मॉडल्स प्रदर्शित किए गए। विशेष आकर्षण रोबोटिक्स के साथ-साथ एआर (AR) और वीआर (VR) तकनीक रही, जिसने विद्यार्थियों को विज्ञान की अवधारणाओं का वास्तविक और रोचक अनुभव प्रदान किया। इन तकनीकों के माध्यम से छात्रों ने जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और प्रभावी तरीके से समझा।
इस प्रदर्शनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक विद्यालय पहुंचे। सभी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की भूरी-भूरी प्रशंसा की। यह प्रदर्शनी न केवल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन का माध्यम बनी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और प्रस्तुति कौशल को भी सशक्त करने में सहायक सिद्ध हुई।
गाजीपुर। शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल सुभाष नगर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम विद्यालय की मैनेजर मैडम आतिया अदहमी,निदेशक डॉ नदीम अदहमी एवं प्रधानाचार्य इकरामुल हक द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वज फहराने के बाद राष्ट्रगान , झंडा गान एवं राष्ट्र गीत की प्रस्तुति की गई।तत्पश्चात स्काउट-गाइड के छात्रों द्वारा परेड किया गया और झंडे को सलामी दी गई। देश भक्ति के उत्साह पूर्ण नारों से वातावरण गूंज उठा। अंत में लड्डू लेकर छात्र-छात्राएं प्रसन्नता पूर्वक घर को प्रस्थान किए।
इसके बाद विद्यालय के कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें 12वीं के छात्र – छात्राएं हर्षोल्लास के साथ सम्मिलित हुए एवं विद्यालय के अपने अनुभवों को साझा किया। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी ने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि देश एवं समाज कल्याण हेतु प्रयत्नशील रहना चाहिए। कक्षा के सर्वश्रेष्ठ छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। प्राथमिक कक्षा से इसी विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र छात्र-छात्राओं को वैच लगाकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की अध्यापिका पुष्पा राय ने छात्र-छात्राओं को एकाग्रचित होकर परीक्षा की तैयारी करने के लिए कहा तथा मर्यादा में रहकर अपने माता-पिता के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए जीवन में आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।
सभा का समापन विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक ने किया। उक्त अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अदहमी ,प्रधानाचार्य इकरामुल हक, उपप्रधानाचार्य हनीफ अहमद, शिक्षक शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। छात्र – छात्राओं को आशीर्वाद के रूप में उपहार देकर एवं अल्पाहार देकर विदा किया गया।
प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया 77वां गणतंत्र दिवस
गाजीपुर। प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा मिश्रबाजार स्थित कार्यालय परिसर में रविवार को 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित पत्रकारों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारतीय संविधान में निहित मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व—का स्मरण कराता है और इन्हें जीवन में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर वक्ताओं ने प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकारिता की भूमिका पर विशेष प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों की समस्याओं, जनहित से जुड़े मुद्दों एवं सच्चाई को समाज के सामने लाना पत्रकारों का अहम दायित्व है।
संगठन के अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन सदैव निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी इसी मार्ग पर कार्य करता रहेगा। वरिष्ठ पत्रकारों ने युवाओं से संविधान की मर्यादा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विनोद पांडे, जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, सुनील गुप्ता, सह सचिव प्रदीप शर्मा मोनू,प्रभाकर सिंह, सुनील सिंह, मोहन तिवारी, विनीत कुमार दुबे, मनोज सिंह, रतन कुमार, विक्की, अरुण तिवारी, शिव तिवारी (भोलू), डॉ. शरद वर्मा, प्रमोद सिन्हा, सुमित श्रीवास्तव, आसिफ अंसारी, रिजवान अंसारी सहित अनेक पत्रकार व सदस्य उपस्थित रहे।
गाजीपुर प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस
गाजीपुर। गाजीपुर प्रेस क्लब द्वारा 77वां गणतंत्र दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। यह कार्यक्रम प्रेस क्लब के कार्यालय टैगोर मार्केट, कचहरी में आयोजित किया गया, जहाँ तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति निष्ठा और संविधान के मूल्यों को नमन किया गया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के संरक्षक आशीष कुमार सिंह एवं मनीष मिश्रा,अध्यक्ष शिवकुमार कुशवाहा, उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, महासचिव कृपा कृष्ण के.के., सचिव विनीत दुबे,कोषाध्यक्ष संजय सिंह कुशवाहा,के के राय, शिव प्रताप तिवारी, विक्की कुमार , अरुण, रजत, सोनू, अंजनी तिवारी, आशिफ अंसारी सहित क्लब के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान की महत्ता, लोकतंत्र की मजबूती में पत्रकारों की भूमिका तथा स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के दायित्व पर प्रकाश डाला। सभी सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें देशभक्ति की भावना साफ झलकती रही।
डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस
गाजीपुर। डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में 76वाँ गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी निजामुद्दीन सिद्दीकी रहे। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया, जिसके बाद राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर आमिर अली ने मुख्य अतिथि को मोमेंटो एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डायरेक्टर आमिर अली ने मुख्य अतिथि, आए हुए सम्मानित अतिथियों एवं अभिभावकों का हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। मुख्य अतिथि निजामुद्दीन सिद्दीकी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशप्रेम और संस्कारों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित के संकल्प के साथ किया गया।
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग व क्वींस अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में चल रहे 15 दिवसीय ब्यूटी एंड वैलनेस कार्यशाला में आज छात्राओं को केमिकल पील के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यशाला की ट्रेनर आयुश्री सिंह ने बताया केमिकल पील एक उच्च शक्ति वाला स्किन एक्स्फोलिएट है, जो बाहर की क्षतिग्रस्त परतों को हटाकर स्वस्थ के विकास में मदद करती है। यह ट्रीटमेंट बेहतर रंगत, कील मुंहासों, महीन रेखाओं आदि में कमी लाने में मदद करता है। साथ ही प्रतिभागियों को घरेलू उत्पादों का प्रयोग करके कब और कैसे केमिकल पील किया जाए इस पर भी चर्चा की गई। कार्यशाला की कॉर्डिनेटर डॉ शिखा सिंह ने कहा कि आज के इस आधुनिक युग में, जहां महिलाएं भी कार्यरत हैं उन्हें भी सामाजिक रूप से हमेशा प्रेजेंटेबल दिखना है क्योंकि इस तरह की कार्यशालाएं बेहद ही आवश्यक हैं।
महिला कॉलेज परिसर में चलाया गया सड़क सुरक्षा अभियान
गाजीपुर। शनिवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग के परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य, प्रोफेसर अनिता कुमारी के निर्देशन में परिसर में आने वाले दुपहिया वाहन चालकों को रोक कर छात्राओं द्वारा हेलमेट के प्रयोग, ड्राइविंग लाइसेंस एवं सड़क सुरक्षा के नियमों के पालन संबंधी अनुरोध किए गए। भारत में सड़क दुर्घटनाओं में हर साल लाखों लोग अपनी जान गंवाते हैं। थोड़ी-सी सावधानी ज़िंदगी बचा सकती। इस अवसर पर छात्राओं ने “सड़क सुरक्षा अपनाओ — अपनों को बचाओ ” आदि नारों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का आयोजन रोड सेफ्टी क्लब गाजीपुर के नोडल अधिकारी डॉ मनीष कुमार सोनकर के नेतृत्व में किया गया। इस कार्यक्रम में डॉ रामनाथ केसरवानी, डॉ ओम शिवानी एवं छात्राएं शालिनी पांडे , शिवांगी, अनामिका कश्यप ,नेहा कनौजिया एवं अंतरा पांडे का विशेष योगदान रहा।
27 जनवरी 2026 की देशव्यापी बैंक हड़ताल को सफल बनाने हेतु UFBU ग़ाज़ीपुर की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
गाजीपुर। 27 जनवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल को पूर्ण रूप से सफल बनाने के उद्देश्य से यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को लंका स्थित एक होटल में आयोजित की गई। बैठक में हड़ताल की तैयारियों, बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आंदोलन को प्रभावी एवं ऐतिहासिक बनाने की रणनीति पर गंभीर एवं विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। UFBU की सभी घटक यूनियनों ने एकजुटता, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ 27 जनवरी की हड़ताल को सफल बनाने का सर्वसम्मत निर्णय लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जितेन्द्र शर्मा, जिला मंत्री, बैंक एम्प्लॉइज़ फ़ेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने कहा कि यह हड़ताल बैंक कर्मियों के सम्मान, अधिकार एवं न्याय से जुड़ा हुआ संघर्ष है, जिसमें देशभर के बैंक कर्मचारी पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ भाग लेंगे। अध्यक्षीय संबोधन में राकेश यादव ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की जायज़ मांगों की लगातार अनदेखी अब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी बैंक कर्मियों एवं अधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक एकजुटता का परिचय देते हुए 27 जनवरी 2026 की देशव्यापी हड़ताल को पूर्ण रूप से सफल बनाएं। अपने संबोधन में सत्येन्द्र गुप्ता ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों, विशेष रूप से पाँच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को अब तक लागू न किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सभी बैंक कर्मियों से एकजुट होकर संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। कमलेश सिंह, जिला मंत्री, पीएनबी स्टाफ एसोसिएशन ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक के समस्त कर्मचारी UFBU के आह्वान के अनुरूप हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और आंदोलन को मजबूती प्रदान करेंगे। रामजी, जिला मंत्री, बैंक ऑफ इंडिया, ग़ाज़ीपुर ने कहा कि जनपद की सभी बैंक यूनियनें आपसी एकता के साथ आंदोलन को सफल बनाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। बैठक के अंत में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि 27 जनवरी 2026 की प्रस्तावित बैंक हड़ताल को पूर्ण एकजुटता, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प के साथ ऐतिहासिक सफलता दिलाई जाएगी। 27 जनवरी 2026 को पीएनबी विशेश्वरगंज, ग़ाज़ीपुर परिसर में प्रातः 9:30 बजे से प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। बैठक में विभिन्न बैंकों एवं यूनियनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से शुभम सिंह (बैंक ऑफ इंडिया), सुनील यादव (केनरा बैंक), गायत्री सिंह (सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया), सन्नी सिंह (बैंक ऑफ महाराष्ट्र), आलोक प्रकाश (पंजाब नेशनल बैंक), राकेश यादव (PNB ऑफिसर्स यूनियन), राकेश राय (इंडियन बैंक), जितेन्द्र कुमार (यूनियन बैंक ऑफ इंडिया), उमाशंकर यादव (पंजाब एंड सिंध बैंक), राहुल सिंह (इंडियन ओवरसीज बैंक), पंजाब नेशनल बैंक से आलोक कुमार, शुभम सिंह, के.डी. सिंह, एच.एस. राय, अरुण, शशि शेखर एवं आज़म प्रमुख रूप से शामिल रहे। बैठक की अध्यक्षता राकेश यादव, अध्यक्ष, ऑल इंडिया पीएनबी ऑफिसर्स यूनियन ने की। बैठक का संचालन सत्येन्द्र गुप्ता, जिला संयोजक, UFBU एवं जिला मंत्री, उत्तर प्रदेश बैंक इम्प्लाइज यूनियन (UPBEU), ग़ाज़ीपुर इकाई द्वारा किया गया।
गाजीपुर। जीआरपी थाना गाजीपुर सिटी द्वारा लावारिस ट्राली बैग से 48 पाउच अवैध अंग्रेजी शराब आफिसर च्वाईस बरामद किया गया। मालूम हो कि पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देश मे रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया, ट्रेनो मे अपराध नियंत्रण एवं अपराधियो की गिरफ्तारी व अवैध शराब की तस्करी के रोकथाम व बरामदगी के दृष्टिगत चलाये जा रहे अभियान के दौरान जीआरपी थानाध्यक्ष सिटी के नेतृत्व मे शुक्रवार को रेलवे स्टेशन गाजीपुर सिटी से छपरा तक 11061 पवन एक्सप्रेस मे संयुक्त टीम द्वारा चेकिंग के दौरान जब ट्रेन रेलवे स्टेशन करीमुद्दीनपुर से आगे बढी तो कोच संख्या B-2 के शौचालय मे एक भूरे रंग का ट्राली बैग लावारिस स्थिति में मिला। बैग के सम्बन्ध में जानकारी करने का प्रयास किया गया परन्तु कोई जानकारी नहीं मिली। तत्पश्चात बैग को खोलकर देखा गया तो बैग में 48 अदद अंग्रेजी शराब आफिसर च्वाईस प्रत्येक पाउच में 180 मिली कुल मात्रा 8 लीटर 640 मिली जिसकी कुल कीमत 5760 रुपये बरामद हुयी । आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव, कांस्टेबल सफीक अहमद, का. शैलेन्द्र कुमार यादव, का. अल्लाउद्दीन मंसूरी, जीआरपी चौकी औड़िहार थाना जीआरपी मऊ प्रभात चन्द्र पाठक, हे0का0 संजय कुमार, का0 संजय कुमार शामिल रहे।