गाजीपुर। उत्तर प्रदेश में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बात जिले कि करें तो पिछले 24 घंटों में 7 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। ये मामले शहर के कई हिस्सों से जिला अस्पताल में दर्ज किए गए। जिले में अबतक कुल 276 मामले डेंगू के जिला अस्पताल में आए हैं। जिसमें से 238 मरीज आज मंगलवार तक स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। शेष मरीजों का अभी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बता दें कि डेंगू मरीजों के ज्यादा मामले नगर पालिका परिषद गाजीपुर क्षेत्र के सकलेनाबाद, तुलसीसागर, तिलकनगर कालोनी, कलेक्टर घाट, पुलिस लाइन और आमघाट से आए हैं। इसीलिए इन सब इलाकों को हॉटस्पॉट एरिया घोषित कर दिया गया है।
गाजीपुर। जिला रोजगार सहायता अधिकारी ने बताया है कि मंगलवार को जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में राजकीय आई0टी0आई के परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनी रोहित हाईब्रीड सीड्स गाजीपुर एवं टीम लीज सर्विसेज गाजीपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सर्विस बॉय, सेल्स मैनेजर, फील्ड आफीसर, टेक्नीशियन, हेल्पर आदि पदों पर चयन किया गया। मेले में लगभग 269 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 103 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया।
गाजीपुर। योजनाओं की संतृप्तीकरण के लिए आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के प्रभारी समन्वय एवं कार्यावन्यन के लिए भारत सरकार द्वारा जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी आलोक प्रेम नागर संयुक्त सचिव पंचायती राज मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की उपस्थिति में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बंध में बैठक कर अधिकारियों का आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि जनपद स्तर पर विभिन्न विभागो द्वारा किये जा रहे कार्यक्रमों के समन्वय के लिए एक कन्ट्रोल रुम स्थापित किया जाये। ग्रामीण संवाद यात्रा निकाली जाये। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्रों के लिए जिलाधिकारी के पर्यवेक्षण में जिला स्तरीय व ग्रामीण स्तरीय कमेटी गठित कर विस्तृत रूट चार्ट बनाए जाने के निर्देश दिये। उन्होंने शासनादेश का अनुपालन करते हुए पॉच प्रकार के स्टॉल-पेंशन योजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि स्टॉल, स्वयं सहायता समूह स्टॉल, बैकिंग क्षेत्र के स्टॉल को सम्बन्धित जिलास्तरीय अधिकारियों को सुनिश्चित किये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी बुनियादी सुविधायें प्रदान करने के लिए इस विकसित भारत संकल्प यात्रा के द्वारा जनपदवासियों को संतृप्त करते हुए आवश्यक सेवाओं को सुलभ बनाना है। समाज के अन्तिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुॅचाने तथा पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का संतृप्तिकरण इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। उन्होने बताया कि इस अभियान के अन्तर्गत प्रमुख योजनाओं का लाभ, लक्षित लाभार्थियों, खास तौर से वंचित व असंतृप्त लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे तथा जनसामान्य को जागरूक करते हुए वंचितों तक योजनाओं का लाभ पहुॅचाना, नागरिकों से सीखना-लाभार्थियों के व्यक्तिगत कहानियों, अनुभव साझा करने के माध्यम से सरकारी योजनाओं के माध्यम से जानकारी एकत्रित करना। स्वच्छता सुविधाएं, आवश्यक वित्त पोषण सुविधाएं, एलपीजी कनेक्शन, गरीबों के लिए आवास, खाद्य सुरक्षा, उचित पोषण, विश्वसनीय स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आदि बुनियादी सुविधाएं जैसे प्रमुख योजनाओं का संतृप्तिकरण किया जाना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल आयोजन हेतु विभिन्न कार्याे/गतिविधियों के लिए जिला स्तर/ग्रामीण स्तर समिति का गठन कर अधिकारियेां को निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में विकास खण्डों में समस्त कार्यक्रमों के आयोजन हेतु प्रभारी समस्त सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी एवं नगरीय क्षेत्रों में सम्बन्धित क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी नामित किये गये है। अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त सचिव को अवगत कराया कि पूरे जनपद में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान आईसीसी वैन द्वारा होने वाले विभिन्न कार्यक्रम मे पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में शान्तिपूर्ण व नियंत्रित ढ़ंग से सम्पन्न कराया जायेगा। साथ ही पुलिस स्कार्ट व मोबाइल पुलिस द्वारा वैन व आयोजन स्थल को कवर किया जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य ने पी पी टी के माध्यम से जनपद में विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम जनपद में 25 नवम्बर से समस्त 16 विकास खण्ड के अन्तर्गत कुल 1238 ग्राम पंचायतों व आठ नगरीय निकायों में सूचना, शिक्षा और संचार विषयक विशेष वैन द्वारा केन्द्र व राज्य सरकार की ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आयोजित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर व्यापक प्रचार-प्रसार ऑडियो, विजुअल एड, ब्रोशर, पैम्फलेट, बुकलेट आदि के माध्यम से किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 25 नवम्बर से आगामी 26 जनवरी 2024 तक केन्द्र सरकार से प्राप्त 10 विशेष वैन के माध्यम से प्रत्येक विकास खण्ड में एक दिन में 02 ग्राम पंचायतों में दो शिफ्टों में प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12ः30 बजे तक, दोपहर 2 बजे से 4.30 बजे तक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। पूर्व निर्धारित तिथि व समय जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधान, सचिव, ग्रामीण समिति के सदस्यों, ग्रामवासियों की उपस्थिति में विशेष एलईडी वैन द्वारा प्रधानमंत्री का रिकार्ड किया गया संदेश विकसित भारत के लिए संकल्प वीडियो, प्रांरभिक फिल्म प्रसारण, मेरी कहानी मेरी जुबानी, योजनाओं के सफल लाभार्थी अपने अनुभव साझा करेंगे। सतत् कृषि गतिविधियों पर सत्र-ड्रोन प्रदर्शन, प्राकृतिक खेती और मृदा स्वास्थ्य कार्ड पर प्रगतिशील किसानों/विषय विशेषज्ञों की वार्ता एवं चर्चा, महिला स्वयं सहायता समूह, स्कूली छात्रो द्वारा धरती कहे पुकार के, स्वच्छता गीत आदि का आयोजन, बेसिक, माध्यमिक छात्रों के लिए ऑन-स्पॉर्ट क्वीज का आयोजन विशेष उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं, स्थानीय खिलाडियों का अभिनन्दन व पुरस्कार, सहित विभिन्न ऑन-स्पॉट सेवाओं से वंचितों को संतृप्त किया जायेगा। उन्होने बताया कि जनपद के सभी आठो नगरीय निकायों में वैन संचालन के लिए निर्धारित तिथि व समय पर रूट की कार्ययोजना बना ली गयी है। शासनादेश के अनुपालन में शहरी क्षेत्रों में आयोजित अभियान में सम्मलित लगभग 17 योजनाओं जैसे-पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा, पीएम उज्ज्वला, पीएम मुद्रा लोन, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन अभियान आदि से अवशेष व्यक्तियों को संतृप्त किया जायेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में लाभार्थियों को घरौनी का वितरण, किया जायेगा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. देश दीपक पाल,, पी0डी0 राजेश यादव, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उप कृषि निदेशक, उपायुक्त मनरेगा, जिला सूचना अधिकारी , जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अखिलेश जायसवाल, समस्त सम्बन्धित विभागों के अधिशासी अभियंता सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
गाजीपुर। राजू वाल्मीकि सदस्य ‘‘दिशा‘‘ राज्यस्तरीय समिति उ0प्र0 ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने सोमवार को जनपद के लोक निर्माण विभाग के सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान उन्होने विभागीय अधिकारियों से जनपद के समस्त 1238 ग्रामों में जन-जागरूकता फैलाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास परक योजनाओं से संतृप्त कराने का निर्देश दिया। उन्होने इसकी शुरूआत सैदपुर तहसील अन्तर्गत बहेरी ग्राम सभा से करने को कहा। उन्होने कहां अभी तक यह ग्राम सभा बहुत सी लाभ परक योजनाओं पर वंचित है। उन्होने बहेरी ग्राम सभा के एक प्राथमिक उपचार केंद्र की स्थापना, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर नल योजना का लाभ एवं पानी टंकी की उपलब्धता प्रत्येक पात्रों को राशन कार्ड, अन्त्योदय योजना में पात्रों को आयुष्मान कार्ड, अमृत सरोवर एवं अन्य लाभ परक योजनाओं से संतृप्त कराने का निर्देश दिया।
उन्होने बहेरी ग्राम सभा एक आर्दश ग्राम सभा के रूप में चुन कर कार्य कराने को कहा। उन्होने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में जनपद के प्रत्येक रेहड़ी, ठेला खुम्चा वालों को चयनित कर इसका लाभ देने का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि ग्रामों में लगाये गये सफाई कर्मचारी प्रतिदिन ग्रामो में उपस्थित होकर साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। इसके लिए अधिकारी इसकी प्रत्येक दिन निगरानी करे। ग्रामो मे साफ-सफाई मे किसी प्रकार की लापरवाही न हो। बैठक में परियोजना निदेशक राजेश यादव, डिप्टी कलेक्टर/पीओ डूडा चन्द्रशेखर यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 देश दीपक पाल, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। डिटॉल बनेगा स्वस्थ इंडिया के बैनर तले चल रहे कार्यक्रम डिटॉल डायरिया नेट जीरो के साथ विश्व शौचालय दिवस का आयोजन सैदपुर ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्र की महिला लीड गुलाबी दीदी के द्वारा सोमवार को विश्व शौचालय दिवस को उत्सव के रूप में मनाया गया। पूजा प्रिया पांडेय ने बताया कि विश्व शौचालय दिवस’ मनाने का उद्देश्य लोगों को विश्व स्तर पर स्वच्छता के संकट से निपटने के लिए प्रेरित करता है। खुले में शौच करना मतलब बीमारियों को न्योता देना है। खुले में शौच करने का सबसे अधिक दुष्प्रभाव महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। ऐसे में इन सारी चीजों का बेहद खास ध्यान देना चाहिए। खुले में शौच करने से बीमारी होने की सम्भावना बढ़ जाती है।
गुलाबी दीदी ने प्रभात भेरी निकाला और जनसभा का आयोजन करते हुए लोगों को संदेश दिया कि खुले में शौच करने से पर्यावरण प्रदूषित होता है और साफ-सफाई में भी बड़ा रोड़ा आता है। इसलिए भारत सरकार और राज्य की सरकारे विभिन्न कार्यक्रमों के द्वारा उन लोगो को मदद करती है। जिन के घर मे शौचालय नही है। विश्व शौचालय दिवस 2022 का अभियान, “अदृश्य को दृश्य बनाना ‘ कहा जाता है। इस अभियान में महिलाओं ने रंगोली का आयोजन स्वच्छता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, प्राथमिक विद्यालय, ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर, अंजली कुमारी, लक्षमीना देवी, गीता गौतम आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर। छठ पूजा के चौथे दिन सोमवार की सुबह उगते सूर्य को व्रती महिलाओं ने अर्घ्य दिया। अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं के 36 घंटे की कठिन साधना का समापन हुआ। गंगा घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लग गया। व्रती महिलाएं व उनके परिजन पहुंच गए। जैसे ही भगवान भास्कर ने अपनी लालिमा बिखेरी, वैसे ही दूध से अर्घ्य देकर अचल सुहाग, अखंड सौभाग्य व लोकमंगल की कामना की। इस दौरान घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट रहा। पुलिस, जल पुलिस के साथ ही एनडीआरएफ की टीम तैनात रही। रविवार की शाम अस्त होते सूर्य को व्रती महिलाओं द्वारा अर्घ्य दिया गया था। इसके बाद व्रती महिलाएं व उनके परिजन घर चले गए। भोर में तीन बजे से ही श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। महिलाएं भोर में ही हाथ में फल व प्रसाद से भरा सूप लेकर गंगा जल में खड़ी हो गईं।
भगवान भास्कर के नेत्र खोलने का इंतजार होता रहा। जैसे ही सूर्य ने अपनी किरणें बिखेरी, वैसे ही अर्घ्य देने का क्रम शुरू हो गया। सोमवार को व्रती महिलाओं के 36 घंटे के कठिन व्रत का पारण हुआ। व्रती महिलाओं ने कहा कि व्रत का बहुत महात्म्य है। इससे संतान प्राप्ति का योग बनता है। वहीं अचल सुहाग का आशीर्वाद मिलता है। घर-परिवार की सुख-समृद्धि व लोक मंगल की कामना से यह व्रत किया जाता है। इस दौरान गंगा में नाव पर सवार होकर अफसरो संग डीएम और एसपी घाटों का जायजा लेते रहे। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और प्रतिनिधि विनोद अग्रवाल भी सभासदों संग नाव पर घूमते रहे। इधर प्रति महिलाओं को गंगा घाट पर जाने में कोई समस्या ना हो इसके लिए यातायात प्रभारी मनीष कुमार त्रिपाठी अपने यातायात पुलिस कर्मियों संग यातायात व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने में लग रहे।
गाजीपुर। डाला छठ त्यौहार को शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु रविवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपद के विभिन्न घाटों का नाव द्वारा निरीक्षण किया। उन्होने घाटो पर साफ-सफाई, बैरिकेटिग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, घाटो पर नावो तथा उस पर तैनात गोताखोरो की व्यवस्था, सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस फोर्स के साथ महिला आरक्षियों की स्थिति का जयजा लिया। उन्होने आये हुए श्रद्धालुओं से अपील किया कि ज्यादा पानी के अन्दर न जाये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, ई0ओ0 नगर पालिका गाजीपुर, सी0ओ0सिटी गौरव कुमार, तहसीलदार सदर, प्रतिनिधि नगर पालिका अध्यक्ष गाजीपुर विनोद अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
गाजीपुर। डाला छठ त्यौहार को देखते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शनिवार को तहसील सैदपुर अन्तर्गत बूढेनाथ महादेवा घाट एवं रंगमहल घाट सैदपुर का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओ का जायजा लिया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को घाटो पर साफ-सफाई, बैरिकेटिग व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, घाटो पर नावो तथा उस पर तैनात गोताखोरो की व्यवस्था, सुरक्षा के दृष्टिगत भारी पुलिस फोर्स के साथ महिला आरक्षियों की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया साथ ही घाटो पर लगाये गये नाविको एवं गोताखोरो का पहचान पत्र जारी करने का निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिया। उन्होने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को सभी घाटो पर अस्थायी कपड़ा चेन्जिग रूम तथा घाटो पर जाने वाली सड़को को गढ्ढा मुक्त करने तथा सभी घाटो पर साफ-सफाई का निर्देश दिया। उन्होने निर्देश दिया कि घाटो पर किसी प्रकार की दुकाने न लगाई जाये जिनसे भीड़-भाड़ होने की सम्भावना हो। उन्होने कहा कि ऐसे घाट जहां भीड-भाड़ अधिक होती है ऐसे प्रत्येक प्रमुख घाटो पर कन्ट्रोल रूम/खोया/पाया केन्द्र बनाते हुए कर्मचारी तैनात करने का भी निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने जनपदवासियो से अपील की है कि त्यौहार को शान्तिपूर्ण ढ़ग से मनायी जाय।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उसके उपरान्त जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नाव द्वारा शहर के पवहारी बाबा आश्रम घाट, पत्थर घाट, छोटा महादेवा, बड़ा महादेव घाट, सिकन्दपुर घाटर, साईबाबा मन्दिर घाट, कलेक्ट्रर घाट, ददरी घाट एवं चीतनाथ घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने गाजीपुर के जनपदवासियों से अपील किया है कि जिस स्थान पर पत्थर घाट, छोटा महादेवा, बड़ा महादेव घाट प्रतिबन्धित किया गया है उस स्थान पर कदापि अपने डाला को न ले जाय, गहरे पानी में न जाय, गंगा के किनारे के घाटो पर अपना-अपना छठ पूजा अर्चन धूम-धाम से मनायी जाय। भीड़ भाड़ की संख्या कम से कम हो जिससे आप व आपका परिवार सुरक्षित रहें। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर, ई0ओ0 नगर पालिका गाजीपुर, सी0ओ0सिटी, तहसीलदार सदर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।
गाज़ीपुर। पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्र नेताओ द्वारा दिये गए पत्रक का संज्ञान लेते हुए पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा परीक्षा फार्म भरने कि तिथि 20 नवम्बर तक बढ़ा दी गई है साथ ही निर्धारित 21 नवम्बर से शुरू हो रही परीक्षा तिथि को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। बताते चलें कि परीक्षा फार्म भरने कि तिथि व निर्धारित परीक्षा तिथि को आगे बढ़ाये जाने से सम्बंधित अपनी मांग के दौरान छात्रनेताओं कि तरफ से यह चेतावनी भी दी गई थी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो संघर्षरत छात्र नेताओं को छात्र समुदाय के साथ 21 नवम्बर से शुरू हो रही परीक्षा के दौरान महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी के लिए विवश होना पड़ेगा जिससे परीक्षा छुटने पर विश्वविद्यालय प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा। छात्र नेताओं के मांग व चेतावनी पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा फार्म भरने कि तिथि बढ़ाने के साथ ही पूर्व निर्धारित परीक्षा तिथि को स्थगित करने का निर्णय लेने सम्बन्ध में नोटिस जारी किया है। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रहित में उठाये गये मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए पूर्ण करने पर छात्रों में खुशी कि लहर दौड़ पड़ी हैं और अब परीक्षा फार्म भरने से वंचित छात्रों को एक और मौका मिल गया है जिससे वे परीक्षा फार्म भरकर परीक्षा में बैठ सकते हैं। इसको लेकर छात्रों कि तरफ से श्री उपाध्याय ने विश्वविद्यालय प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आभार प्रकट किया। साथ ही छात्र-छात्रों से अपिल किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा फार्म भरने कि तिथि 20 नवम्बर तक बढाई गई है और निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी छात्र -छात्रायें परीक्षा फार्म भरकर महाविद्यालय में जमा कर ले अन्यथा परीक्षा फार्म भरने से छुटने पर परीक्षा से वंचित होगे जिसके सम्पूर्ण जिम्मेदार खुद छात्र-छात्रायें होंगे।
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 एवं अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के अंतर्गत सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024, कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2023 से 9 दिसंबर 2023 तक जनपद में चलाया जा रहा।
इसी क्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का विधानसभा क्षेत्र सैदपुर अंतर्गत तहसील सैदपुर में बनाये गये मतदाता पंजीकरण केन्द्र सैदपुर का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उन्होने कहा कि आयोग के निर्देशानुसर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक है । जिसमे विशेष अभियान 4 नवंबर 5 नवंबर, 25 नवंबर, 26 नवंबर, 2 दिसंबर, 3 दिसंबर को चलाया जाएगा। जिसमें फार्म 6 में नाम जोड़े जाएंगे ,फार्म 7 में आपत्तियां (नाम काटे जाएंगे) प्रारूप 8 में नाम संशोधन किया जाएगा और निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा । जिन छात्र-छात्राएं या अन्य की उम्र 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम सम्मिलित अवश्य करा सकते है।
उन्होंने कहा इस कार्य मे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अवश्य किया जाये इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा किसी भी मतदेय स्थल पर फार्म 6, 7, 8 और 8 ए की कमी नहीं होनी चाहिए। सुपरवाइजर मतदेय स्थलों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करे, यदि कहीं भी बूथ पर फार्म की कमी हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी एवं जिला कार्यालय से समन्वय कर पूरा कराएं। सुपरवाइजर पहली बार निर्वाचक नामावली का कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों पर विशेष ध्यान रखे। इस दौरान उन्होंने बूथ लेबल ऑफिसर के कार्यप्रणाली को भी देखा तथा पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं को शत प्रतिशत वोटर लिस्ट में जोड़ने, साथ ही जो मतदाता स्थान परिवर्तित करके नए स्थानों से जुड़े हैं उनके नाम को भी जोड़ा अथवा हटाया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण अभियान में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन की रिपोर्ट अपने संबंधित अधिकारी को प्रेषित करें, बूथ पर आने वाले मतदाताओं का संबंधित फार्म अवश्य भराये तथा लोगों को इस अभियान के संबंध में जागरूक भी करें, जिससे ज्यादा से ज्यादा मतदाता वोटर लिस्ट में शामिल हो सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।