All posts by tiwarishivpratap

मतदाता पंजीकरण केंद्र का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, दिया निर्देश

गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 एवं अर्हता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024 के अंतर्गत सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता के अंतर्गत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अहर्ता तिथि 1 जनवरी 2024 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचन नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2024, कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2023 से 9 दिसंबर 2023 तक जनपद में चलाया जा रहा।

इसी क्रम में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा सामान्य निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का विधानसभा क्षेत्र सैदपुर अंतर्गत  तहसील सैदपुर में बनाये गये मतदाता पंजीकरण केन्द्र सैदपुर का शनिवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान उन्होने कहा कि आयोग के निर्देशानुसर दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 27 अक्टूबर से 9 दिसंबर 2023 तक है । जिसमे विशेष अभियान 4 नवंबर 5 नवंबर, 25 नवंबर, 26 नवंबर, 2 दिसंबर, 3 दिसंबर को चलाया जाएगा।  जिसमें फार्म 6 में नाम जोड़े जाएंगे ,फार्म 7 में आपत्तियां (नाम काटे जाएंगे) प्रारूप 8 में नाम संशोधन किया जाएगा और निर्वाचन नामावली का अंतिम प्रकाशन 5 जनवरी 2024 को किया जायेगा । जिन छात्र-छात्राएं या अन्य की उम्र 1 जनवरी 2024 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो वे भी वोटर लिस्ट में अपना नाम सम्मिलित अवश्य करा सकते है।

उन्होंने कहा इस कार्य मे निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन अवश्य किया जाये इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा किसी भी मतदेय स्थल पर फार्म 6, 7, 8 और 8 ए की कमी नहीं होनी चाहिए। सुपरवाइजर मतदेय स्थलों का निरंतर स्थलीय निरीक्षण करे, यदि कहीं भी  बूथ पर फार्म की कमी हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/उप जिलाधिकारी एवं जिला कार्यालय से समन्वय कर पूरा कराएं। सुपरवाइजर पहली बार निर्वाचक नामावली का कार्य करने वाले बीएलओ के कार्यों पर विशेष ध्यान रखे। इस दौरान उन्होंने बूथ लेबल ऑफिसर के कार्यप्रणाली को भी देखा  तथा पुनरीक्षण अभियान के तहत नए मतदाताओं को शत प्रतिशत वोटर लिस्ट में जोड़ने, साथ ही जो मतदाता स्थान परिवर्तित करके नए स्थानों से जुड़े हैं उनके नाम को भी जोड़ा अथवा हटाया जाए। उन्होंने पुनरीक्षण अभियान में संलग्न कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिन प्रतिदिन की रिपोर्ट अपने संबंधित अधिकारी को प्रेषित करें, बूथ पर आने वाले मतदाताओं का संबंधित फार्म अवश्य भराये तथा लोगों को इस अभियान के संबंध में जागरूक भी करें, जिससे ज्यादा से ज्यादा मतदाता  वोटर लिस्ट में शामिल हो सकें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जेल में बंद कैदी की मौत को लेकर छात्र नेताओं ने की मांग, सौंपा पत्रक

गाजीपुर। शनिवार को सरजू पाण्डेय पार्क में जिला जेल में बंद कैदी स्व0 अमन कुमार द्वारा जेल प्रशासन से प्रताड़ित होकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने पर उसके न्याय व मजिस्ट्रेटी जांच की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने पांच घंटे का सामूहिक उपवास रखा उसके बाद मुख्यमंत्री के नाम से संबोधित पत्रक जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में नायब तहसीलदार राजीव कुमार सिंह को सौंपा। इस दौरान अधिवक्ता डॉ शम्मी सिंह ने कहा कि स्व अमन कुमार के पिता खुरचन राम ने जेल प्रशासन पर यह आरोप लगाया है कि आये दिन मेरे बेटे से धन की मांग की जा रही थी जिसको नही देने पर उसको शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जिससे आजिज आकर उसने आत्महत्या कर ली। दिन में कोई बन्दी सरेआम आत्महत्या कर लिया और उसको बचाने के लिए कोई नही आया, यह दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्र नेता शशांक उपाध्याय ने कहा कि हम सभी कि मुख्यमंत्री से यही मांग है कि इस प्रकरण कि न्यायिक जांच हो और दोषियों पर दंडात्मक कार्यवाही हो। छात्र नेता अभिषेक राय ने कहा कि जल्द से जल्द दोषियों पर दण्डनात्मक कारवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन करने को हम सभी बाध्य होंगे।

सामूहिक उपवास में बैठे डां शम्मी सिंह, मनीष चौधरी, शिवम उपाध्याय, अभिषेक द्विवेदी, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, अनुज कुमार भारती, आकाश चौधरी, निलेश बिन्द, नितेश सिंह, निखिल राज भारती, विवेक भारती, विनोद कुशवाहा, सर्वजीत मौर्य इत्यादि मौजूद थे।

पूर्व मंत्री विजय मिश्र और दीपक वर्मा को कोर्ट ने किया दोषमुक्त

गाजीपुर। अपर सत्र न्यायाधीश / MPMLA अरविंद मिश्र की अदालत ने शुक्रवार को जान से मारने की धमकी के मामले में पूर्व मंत्री विजय मिश्र व दीपक वर्मा को दोषमुक्त कर दिया। अभियोजन के अनुसार ग़ाज़ीपुर लाइव न्यूज के संपादक सुनील कुमार सिंह द्वारा 12 मार्च 2017 की घटना के बाबद तहरीर दिया कि पूर्व मंत्री विजय मिश्र पोल खोल रही खबरों से घबड़ाकर तथा अपने हार के बौख लाहट के कारण फोन से धमकी दिया उसके वावजूद वादी ने उसे नजरअंदाज कर दिया। फिर भी लगातार धमकी मिलती रही। होली के दिन विजय मिश्र के सहयोगी दीपक वर्मा ने उसी नंबर से फोन कर उसकी पिस्टल को छीन कर जान से मारने की धमकी दिया। वादी की सूचना पर मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने विवेचना उपरांत आरोप पत्र पेश किया। दौरान विचारण के उपरांत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों आरोपियों को 28 जुलाई 2023 को 1 साल की साधारण कारावास व 500 -500 रुपये के अर्थदंड से दण्डित करने का आदेश दिया था। उक्त आदेश की विरुद्ध आरोपियों ने 14 अगस्त 2023 को जनपद न्यायाधीश के न्यायालय में अपील दाखिल किया। जिसकी सुनावई हेतु पत्रवाली को MPMLA कोर्ट अरविंद मिश्र की अदालत में भेजा गया। वहाँ सुनवाई के बाद शुक्रवार को दोनो आरोपियों की अपील को स्वीकार करते हुए दोषमुक्त कर दिया।

एकमुश्त समाधान योजना: पहले आए पहले पाए

एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं की लगी भीड़।


गाजीपुर। जिले के विद्युत वितरण मंडल के अधीन चारो खंडो सहित समस्त उपखंड कार्यालयो पर उपभोक्ताओं की काफी भीड़ देखने को मिल रही है। वही विद्युत वितरण खण्ड द्युतीय आमघाट के अधिशाषी अभियंता सुजीत सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ओटीएस के तहत एकमुश्त समाधान योजना पिछले 8 नवंबर से लाया गया था। जिसमे घरेलू एवम पैंपिंग सेट के बकाया बिल पर 100% ब्याज माफ है। वही कमर्शियल पर 3 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को 80% एवं 3 किलोवाट से उपर के उपभोक्ताओं को 60% ब्याज पर लाभ मिलेगा। वही निजी संस्थान के ब्याज पर 50% की छूट है तथा लघु एवं मध्यम उद्योग के ब्याज पर 50% की छूट है। वही विद्युत चोरी में दर्ज मुकदमों में लगे राजस्व निर्धारण पर 65% की छूट है मगर साथ ही साथ जो राजस्व निर्धारण के साथ शमन शुल्क लगा है उसको भी साथ जमा करना होगा एवं जिस भी उपभोक्ताओं की आरसी भेजी गई है उनके लिए भी सुनहरा मौका है, अपने बकाया बिल पर लगे ब्याज में भारी भरकम छूट का लाभ लेकर अपना बकाया बिल का भुगतान करे और आरसी वापस कराए। वही न्यायालय में लंबित मुकदमों में भी छूट दी गई है अगर जिन उपभोक्ताओं का बकाया बिल, बिजली चोरी में मुकदमा दर्ज हो और प्रकरण न्यायालय में लंबित हो तो वैसे लोग अपने नजदीकी विद्युत ऑफिस में जाकर ओटीएस का पूरा लाभ लेकर अपना बकाया और राजस्व निर्धारण जमा कर सकते है।

अभी तक एकमुश्त समाधान योजना के तहत कुल 1801 लोगो का पंजीकरण कर लिया गया है और इस ओटीएस योजना का लाभ उपभोक्ता बढ़ चढ़कर ले रहे है। आगे उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया की इस ओटीएस योजना में जल्द से जल्द आप लोग पंजीयन तत्काल करा ले क्योंकि इस ओटीएस योजना का पूरा लाभ लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2023 है। उसके बाद 1 दिसंबर 2023 से 15 दिसंबर 2023 तक छूट में 10% की कटौती की जाएगी एवं 16 दिसंबर 2023 से 31 दिसंबर 2023 तक छूट का लाभ लेने पर कुल 20% छूट में कटौती की जाएगी। अतः सभी उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है कि जल्द से जल्द इस ओटीएस योजना का लाभ अपने निजी विद्युत खंड, उपखंड कार्यालय तथा उपकेंद्रों,सहज सन सेवा केंद्र,मीटर रीडर,विद्युत सखी के पास जाकर सरकार द्वारा दी गई ओटीएस योजना का पूरा लाभ प्रथम चरण 8,11,2023 से 30,11,2023 तक अपना पंजीयन करा ले एवं पहले आए पहले पाए का लाभ लेते हुवे पंजीयन अवश्य कराए।

किसानों ने सीडीओ को समस्याओं से कराया रूबरू

गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में किसान दिवस की बैठक शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में आयोजित हुआ। जिसमें विभिन्न किसानों द्वारा कृषि संबंधित जैसे सिंचाई, बिजली, पशुपालन, बीज व्यवस्था, उर्वरक व्यवस्था, उद्यान व मत्स्य से संबंधित अपनी शिकायतों से अवगत कराया गया तथा मुख्य विकास अधिकारी द्वारा शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, सिंचाई अधिशासी अभियंता नलकूप आदि लोगों उपस्थित रहे। गोष्टी में उन्होने बारी-बारी से पिछली बैठक के दौरान प्राप्त शिकायतो के निस्तारण के सम्बन्ध मे शिकायतकर्ता से जानकारी ली। विद्युत बिल से सम्बन्धित शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी तथा सिचाई विभाग/विद्युत विभाग के अभियन्ता,नहर एवं अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सहित सम्मानित किसान बन्धु उपस्थित रहे।

एसपी ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ

गाजीपुर। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे यातायात माह के तहत एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी ओमवीर सिंह ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। सुरक्षित यातायात के लिए उन्हें भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया। कार्यक्रम में एसपी सिटी यातायात ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद एवं सीओ सिटी गौरव कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने में स्कूली बच्चों की भूमिका अहम है। उन्होंने बच्चों से जिम्मेदार बनने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने का भी आह्वान किया। यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि सभी को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग होना चाहिए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक होने का मतलब है कि आप अपनी जीवन की सुरक्षा के प्रति सजग है।

यातायात प्रभारी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, ट्रिपल राइडिग न करने, निर्धारित गति में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि बिना लाइसेंस के गाड़ी न चलाए और न ही चलाने दें। बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट व कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। नशे में किसी को वाहन न चलाने दें। क्योंकि यातायात नियमों का पालन कर खुद सुरक्षित रहने के साथ ही दूसरों को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। इस मौके पर एसपी ओमवीर सिंह, एसपी सिटी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद एवं सीओ सिटी गौरव कुमार को अंगवस्त्रम भेंट किया गया।

पत्रकारो ने दी श्रंद्धाजंलि


गाजीपुर। गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार पाण्डेय की दादी प्यारी देवी 120 वर्ष व पत्रकार राममनोज त्रिपाठी के चाचा 50 वर्ष के निधन पर एसोसिएशन के सदस्यो व पदाधिकारियो ने 15 नवम्बर दिन बुधवार को पत्रकार भवन पर शोक सभा किया। जिसमें दिवंगत आत्मा को शान्ति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से कामना की गयी।अध्यक्ष के दादी स्व0 प्यारी देवी का ब्रम्हभोज 18 नवम्बर को उनके पैतृक आवास ग्राम पाण्डेयपुर बिठौरा, बिरनो गाजीपुर व पत्रकार राममनोज त्रिपाठी के चाचा सुनील तिवारी का ब्रम्हभोज 21 नवम्बर को उनके पैतृक आवास ग्राम सोनहरिया, जमानियां, गाजीपुर से कार्यक्रम सम्पन्न होंगा। शोकसभा में विनोद कुमार पाण्डेय, आशुतोष त्रिपाठी, रविकान्त पाण्डेय, विनोद गुप्ता, मोहन तिवारी, अंजनी तिवारी, अरूण तिवारी, राजेश सिंह आदि उपस्थित रहें।

डीएम-एसपी ने सुनी फरियाद, रोका लेखपाल का वेतन

गाजीपुर। शासन के निर्देश पर द्वितीय, शनिवार को थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की अध्यक्षता में थाना सुहवल में उपस्थित फरियादियों की फरियाद सुनी साथ ही शिकायतो को जल्द से जल्द निस्तारण के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया। थाना दिवस पर थाना सुहवल 3 फरियादियों ने अपनी-अपनी शिकायतो को लिखित रूप में दिया जिसमें तीनों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना दिवस पर समीक्षा के दौरान शिकायतो के निस्तारण के दौरान लेखपालों की अनुपस्थित पाई। जिसपर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित पाने वाले लेखपालो का तत्काल वेतन रोकने का आदेश दिया तथा लेखपालों को निर्देश दिया कि वह भूमि विवाद रजिस्टर बना ले, जिन लेखपाल के पास भूमि विवाद रजिस्टर नहीं पाया जाएगा उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिस गांव की शिकायत आती है वो मौके पर  गांव के संबंधित लेखपाल एवं पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर निस्तारण करेंगे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सुहवल, अन्य अधिकारी एवं पुलिस विभाग से सम्बन्धित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

सीएम ने महामंडलेश्वर भवानीनन्दन को भेजा दीपावली का शुभकामना संदेश, सिद्धपीठ ने जताया आभार

मुख्यमंत्री ने महामंडलेश्वर भवानीनन्दन को भेजा दीपावली का शुभकामना संदेश, सिद्धपीठ ने जताया आभार


गाजीपुर। उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के गाजीपुर जनपद स्थित अति प्राचीन सिद्धपीठ हथियाराम मठ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनन्दन जी महाराज को दीपावली का शुभकामना संदेश भेजा गया। मुख्यमंत्री द्वारा सिद्धपीठ पीठाधीश्वर को दिए गए बधाई संदेश के बाबत महामंडलेश्वर जी द्वारा मुख्यमंत्री का आभार ज्ञापित किया गया। पंच दीपोत्सव पर्व दीपावली के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनपद के सिद्धपीठ हथियाराम मठ पीठाधीश्वर व जूना अखाड़े के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति जी महाराज को शुभकामना संदेश के साथ ही दीपावली का उपहार भी भेजा गया। जिसमें मिट्टी के दीपक, रोली चंदन इत्यादि के साथ ही अन्य सामग्रियां भी रही। महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनन्दन यति जी महाराज ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापन करते हुए दीपावली का शुभकामना दिया। महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनन्दन यति जी महाराज को यह शुभकामना संदेश पत्र व उपहार भेट जनपद के जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने सिद्धपीठ पहुंचकर दिया।

चेयरपर्सन और डीएम ने लाभार्थियों को दिया चेक और एलपीजी सिलेंडर

गाजीपुर। प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रथम चरण माह नवम्बर, दिसम्बर 2023 तथा द्वितीय चरण में जनवरी 2024 से मार्च, 2024 तक 2 निःशुल्क एलपीजी सिलेण्डर रिफिल दिये जाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा लोक भवन सभागार, लखनऊ में निःशुल्क सिलेण्डर से सम्बन्धित कार्यक्रम का उद्बोधन प्रदेश के सभी जनपदों के लिए किया गया। जनपद-गाजीपुर में शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेण्डर रिफिल दिये जाने के कार्यक्रम का उद्बोधन मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जिला पंचायत मीटिंग हाल में कराया गया। उक्त अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी द्वारा की गयी। उक्त अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा), ऑयल कम्पनियों के जिला समन्वयक, अरूण कुमार व आई0ओ0सी0 के सेल्स आफिसर, जिला उज्ज्वला कमेटी के नामित सदस्य ओमप्रकाश राय, अवधेश राजभर एवं जिला पूर्ति कार्यालय, गाजीपुर के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अधोहस्ताक्षरी द्वारा किया गया। सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष को बुके देकर उनका स्वागत किया गया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री के उद्बोधन कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया। मुख्यमंत्री के उद्बोधन समाप्ति के पश्चात् मुख्य अतिथि द्वारा 10 लाभार्थियों को डमी चेक का वितरण किया गया। चेक वितरण के पश्चात् मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी द्वारा सम्बोधित किया गया और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के सम्बन्ध में विस्तृत प्रकाश डाला गया। जनपद में कुल 66 घरेलू गैस एजेंसियॉ कार्यरत हैं। इन एजेंसियों के उज्ज्वला योजना के कुल 2,92,247 लाभार्थी हैं, जिसमें से ए0सी0टी0सी0 (आधार आधारित नकद अंतरण) के कुल 2,77,974 लाभार्थी हैं।

1 अगस्त, 2023 को बी0सी0टी0सी0 के कुल 36,285 लाभार्थी थे, जिसमें से 22,012 लाभार्थियों का अभियान चलाकर आधार सत्यापन कराकर उनके बैंक खाते को आधार से लिंक करा दिया गया है और ये लाभार्थी ए0सी0टी0सी0 की श्रेणी में आ गये हैं। इस प्रकार अब वर्तमान में बी0सी0टी0सी (बैंक कैश ट्रांसफर कम्प्लाइंट) के कुल 14,273 लाभार्थी अवषेश हैं, जिनको बैंकों में आधार सत्यापन कराकर एन0पी0सी0आई0 मैप कराना है। इस योजना के अन्तर्गत ऐसे ए0सी0टी0सी0 लाभार्थी, जिनके बैक खाते आधार लिंक होंगे तथा जिनके आधार प्रमाणित होंगे एवं जिनके द्वारा सम्बन्धित गैस एजेंसी पर जाकर अपना ई-केवाईसी पूर्ण करा लिया होगा, वही इस योजना हेतु सर्वप्रथम पात्र होंगे। जनपद में ऐसे लाभार्थियों की संख्या कुल 95,731 है, जिनको प्रथम चरण में निःशुल्क रिफिल वितरण का लाभ मिलेगा। इस योजना के अन्तर्गत निर्गत होने वाले डी0बी0सी0 (लाभार्थी को दिये गये दूसरे सिलेण्डर कनेक्षन) पर निःषुल्क सिलेण्डर रिफिल लागू नहीं होगी। ऑयल कम्पनियों द्वारा जनपद में 1555 उज्ज्वला योजना के कनेक्शन धारियों को वर्तमान में 05 किग्रा का सिलेण्डर निर्गत किया गया है, उनको उनकी मॉग पर 14.2 किग्रा के सिलेण्डरों में परिवर्तित किये जाने का विकल्प ऑयल कम्पनी के स्तर से दिया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत मात्र 14.2 किग्रा0 के उज्ज्वला लाभार्थियों को निःषुल्क सिलेण्डरों की सुविधा अनुमन्य होगी। इस योजना के अन्तर्गत सर्वप्रथम उपभोक्ता अपने स्तर से उपभोक्ता दर के अनुसार भुगतान कर रिफिल प्राप्त करेगा, जिसके उपरान्त सब्सिडी की धनराषि उसके आधार प्रमाणित खाते में तेल वितरण कम्पनी द्वारा अंतरित की जायेगी। जनपद में प्रति भरे सिलेण्डर का मूल्य लगभग 975/-रूपया है, जिसमें भारत सरकार द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी 363.33 रू0 है एवं राज्य की सब्सिडी 611.67 रू0 है।

ऑयल कम्पनियों द्वारा केन्द्रीय सब्सिडी तथा राज्य द्वारा प्रदान की जाने वाली सब्सिडी का अन्तरण लाभार्थियों के खाते में पृथक-पृथक किया जायेगा। उज्ज्वला योजनान्तर्गत आच्छादित अवषेष लाभार्थियों के जैसे-जैसे आधार प्रमाणित होते जायेंगे एवं उनका विवरण गैस एजेंसी पर ई-केवाईसी के माध्यम से पूर्ण होता जायेगा, उसी क्रम में उन्हें इस योजनान्तर्गत आच्छादित किया जायेगा। इस हेतु जिन ए0सी0टी0सी0/ बी0सी0टी0सी लाभार्थियों का अभी तक आधार प्रमाणीकरण सत्यापन नहीं हो पाया है एवं ई-केवाईसी नहीं करायी गयी है। ऐसे लाभार्थियों को ऑयल कम्पनियों द्वारा उनके मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से सूचना प्रसारित की जा रही है। गैस एजेंसियों द्वारा भी दूरभाष से उन्हें सूचित करते हुए ई-केवाईसी कराने हेतु बुलाया जा रहा है। इस प्रकार अभियान चलाकर आधार प्रमाणन एवं ई-केवाईसी कराया जा रहा है, जिसमें प्रषासन द्वारा सहयोग किया जा रहा है। सभी एजेन्सी संचालकों के पास पर्याप्त संख्या में डिवाईसे (मशीने) उपलब्ध है और लाभार्थियों की सुविधा को देखते हुए सप्ताह में सातों दिन एजेन्सी पर वर्किग-डे कर दिया गया है, जिससे जैसे ही उज्ज्वला योजना का लाभार्थी एजेन्सी कार्यालय पर आये उसका उज्ज्वला योजना का कनेक्शन का के0वाई0सी0 अपडेट करा दिया जाय और उसका आधार सत्यापित कराकर उसके बैक खाते से जुड़वा दिया जाये। ऑयल कम्पनियों द्वारा आधार प्रमाणन हेतु एप्प विकसित किये जाने की कार्यवाही 02 दिन के अन्दर पूर्ण की जाय। एप्प विकसित होने पर उपभोक्ताओं के मोबाईल नम्बर पर भी एप्प डाउनलोड कराते हुए आधार प्रमाणन का कार्य शीघ्र सुनिश्चित किया जाय।एतद्द्वारा द्वारा जनपद के उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को जनहित में सूचित किया जाता है कि जिनका आधार कार्ड उनके बैक खाते से सत्यापित हो और लिंक हो ऐसे लाभार्थी प्रथम चरण में माह नवम्बर, 2023 से दिसम्बर, 2023 तक उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत घरेलू गैस की बुकिंग कराते हुए नगद धनराशि देकर गैस सिलेण्डर प्राप्त करें, जिन उज्ज्वला गैस कनेक्शन धारकों के अभी तक आधार प्रमाणित न हो वे तत्काल एजेन्सी से सम्पर्क कर अपने आधार प्रमाणित (ई-केवाईसी) करा लें और जिन लाभार्थियों से बैक खाते आधार से लिंक नहीं है, वे अपने सम्बन्धित बैक से सम्पर्क कर अपने बैक खाते को आधार से लिंक करा ले।

लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा होने पर आई0ओ0सी0 के लाभार्थी मो0नं0 7985623451 एवं बी0पी0सी0 के लाभार्थी मो0नं0 9756200246 तथा एच0पी0सी के लाभार्थी मो0नं0 8882376414 पर सम्पर्क कर अपनी समस्या का समाधार करायें।