All posts by tiwarishivpratap

स्ट्रीट लाइट घोटाले में अपर मुख्य अधिकारी पर गिरी शासन की गाज

गाजीपुर। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का तबादला उत्तर प्रदेश शासन ने जिला पंचायत अनुश्रवण प्रकोष्ठ लखनऊ से संबद्ध कर दिया है। उत्तर प्रदेश शासन के पंचायती राज अनुभाग 2 के पत्रांक संख्या 2056 (1) 33-2-2023 के तहत अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुजीत कुमार मिश्रा के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। आदेश के तहत सुजीत कुमार मिश्रा का जिला पंचायत अनुश्रवण कोष्ठक उत्तर प्रदेश लखनऊ से संबद्ध किया गया है। बता दें कि अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सुजीत कुमार मिश्रा का कार्यकाल काफी विवादास्पद रहा। उनके कार्यकाल में जिला पंचायत परिषद की ओर से जिले भर में करोड़ों की लागत से लगाई गई स्ट्रीट एलईडी लाइटों में बड़े घोटाले का मामला सामने आया था। जिसको लेकर जिले के तमाम ग्राम प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और जिला पंचायत सदस्यों ने शिकायत किया था। जिसके बाद विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने जिला प्रशासन और शासन को मामले की जांच के लिए पत्र लिखा था। जिस पर जिला प्रशासन की ओर से एक कमेटी गठित कर मामले की भौतिक जांच भी कराई गई थी। जिला प्रशासन की जांच कमेटी में भी जिला पंचायत की ओर से लगाई गई एलईडी लाइटों में भारी घोटाला पाया था। जिसके बाद जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट शासन को प्रेषित की थी। जिस पर शासन की ओर से भी जांच अभी भी जारी है। इस मामले को लेकर बताया जा रहा है कि शासन जिला पंचायत की ओर से कराए गए तमाम कार्यों को लेकर गंभीर है और इन कार्यों से जुड़ी शिकायतों की जांच कर रही है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी के कार्यकाल में हुए कार्यों की जांच पड़ताल शासन स्तर से की जा रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश शासन ने अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत गाजीपुर पर दंडात्मक कार्यवाही करते हुए उनका तबादला कर शासन से संबद्ध कर दिया है। इस कार्यवाही के बाद से ही जिला पंचायत विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मालूम हो कि गाजीपुर जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ 20 से अधिक जिला पंचायत सदस्य लामबंद हुए थे। मामला था लाइट घोटाले का। जिसकी चर्चाएं आम जनमानस मे भी बहुत तेजी से होने लगी थी। जनता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भारतीय जनता पार्टी की सरकार में भ्रष्टाचार और जीरो टॉलरेंस की नीति को मानते हुए अपना अमूल्य जन समर्थन देकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। लेकिन गाजीपुर में जिला पंचायत विभाग के प्रथम टेंडर में ही घोटाले की बात जनता के सामने आ गई। जहाँ एकतरफ भ्रष्टाचारियों को सरकार जेल भेजने मे लगी है, वही गाजीपुर जिला पंचायत विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है। इस मामले की जानकारी एमएलसी विशाल सिंह चंचल को हुई। उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच हेतु शासन को पत्र लिखा। पत्र को शासन ने संज्ञान में लेते हुए जांच का आदेश दिया था, जिसमें गाजीपुर एडीएम अरुण कुमार ने स्पष्ट रिपोर्ट लगाई थी कि लाइट घोटाले का मामला बिल्कुल सही है। जांच की प्रारंभिक गांज अपर मुख्य अधिकारी पर गिर चुकी है। भ्रष्टाचारी अधिकारी को तत्काल प्रभाव से गाजीपुर से स्थानांतरित करते हुए लखनऊ से संबद्ध किया गया है। बता दें कि जैसे-जैसे जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी वैसे वैसे और भी लोगों पर गाज गिरना तय है।

मनरेगा कार्यों के सत्यापन के बाद ही होगा भुगतान:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में मंगलवार को रायफल क्लब सभागार में मनरेगा की समीक्षा बैठक आहुत की गयी, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त (श्रम-रोजगार), जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी(मनरेगा), अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी(मनरेगा), लेखाकार/प्रथम हस्ताक्षरी, लेखा सहायक(मनरेगा) द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिलाधिकारी ने मनरेगा के समस्त बिन्दुओं पर समीक्षा की, जिसमें उन्होने जल संरक्षण एवं अमृत सरोवर के चयन के प्रगति में नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्त कार्यक्रम अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर तहसील से प्राप्त तालाबों की सूची का सत्यापन कराते हुए कार्य प्रारम्भ कराने के निर्देश दिये। बैठक के दौरान विकास खण्ड मरदह, बाराचवर, रेवतीपुर और देवकली के खण्ड विकास अधिकारियों ने अपने-अपने कार्याे का स्क्रीन के माध्यम से प्रस्तुत कर जानकारी दीं। जिलाधिकारी ने समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी कार्य मनरेगा के अन्तर्गत कराये गये है उसका सत्यापन के पश्चात ही भुगतान की कार्यवाही की जाये।

न्यायालय ने सुनाई चार साल की सजा

गाजीपुर। एक अभियुक्त को न्यायालय द्वारा दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई। मंगलवार को मॉनिटरिंग सेल व अभियोजन द्वारा लगातार किये गये प्रभावी पैरवी के पर थाना भाँवरकोल पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 108/2018 धारा 354(ख), 504, 506 भारतीय दण्ड विधान व 7/8 पाक्सो एक्ट व 3(2) (va) sc/st Act से सम्बन्धित प्रकरण में एक अभियुक्त भोरिक यादव पुत्र देव नारायण यादव ग्राम मसोन थाना भाँवरकोल को न्यायालय द्वारा धारा 354(ख) भादवि में 4 वर्ष की कारावास और दस हजार रुपए के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया। अर्थदण्ड अदा न करने की दशा में 3 माह का अतिरिक्त कारावास से दण्डित किया गया।

सभी पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ एडीएम ने किया बैठक

गाजीपुर। आगामी लोक सभा निर्वाचन-2024 के दृष्टिगत 75-गाजीपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन हेतु माह मई 2023 मे करायी यगी ई वी एम एवं वी वी पैट मशीनो का आगामी लोक सभा हेतु पुनः न कराये जाने के सम्बन्ध मे राजनैतिक दलो के सहमति प्राप्त करने के सम्बन्ध मे अपर जिलाधिकारी वि0रा0/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को बैठक रायफल क्लब सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक में कार्यवाही प्रारम्भ करते हुए अपर जिलाधिकारी वि0रा0 ने अवगत कराया कि जनपद गाजीपुर में अवस्थित 75-गाजीपुर लोक सभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन हेतु 16 मई 2023 से 25 मई 2023 तक 3036-बी0यू0, 3036-सी0यू0, एवं 3036-वी0वी0पैट का एफ एल सी कराया गया। जिसमें 2950-बी0यू0, 2966-सी0यू0, तथां 2934-वी0वी0पैट मशीने सही तथा 86-बी0यू0, 70-सी0यू0, एवं 102-वी0वी0पैट खराब पायी गयी।

अपर जिलाधिकारी वि0रा0 ने 2966-बी0यू0, 2966-सी0यू0, तथां 2934-वी0वी0पैट मशीनो को आगामी लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2024 के उपयोग हेतु पुनः एफ एल सी न कराये जाने के सम्बन्ध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों से सहमति ली गयी। जिसपर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के प्रतिनिधियों को उप जिला निर्वाचन हेतु माह मई 2023 में एफ एल सी हो चुकी ई वी एम /वी वी पैट मशीनो का पुनः एफ एल सी न कराये जाने के सम्बन्ध में कोई आपत्ति न करते हुए सभी राजनैतिक दलो द्वारा अपनी सहमति प्रदान की गयी। अपर जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण-2024 के कार्यक्रम से अवगत कराया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने की अपील की। बैठक में रविकान्त राय कांग्रेस, निजामुद्दीन खॉ सपा, राजन प्रजापति भाजपा, मु0 जावेद अहमद आम आदमी पार्टी, नागेन्द्र शर्मा आम आदमी पार्टी, सुभाष राम सिपाही बसपा उपस्थित थें।

10 अक्टूबर से प्रारंभ होगी ऐतिहासिक एवं प्राचीन रामलीला

अति प्राचीन रामलीला कमेटी “हरिशंकरी” द्वारा एकादशी के दिन 10 अक्टूबर 2023 से प्रारंभ होगी ऐतिहासिक एवं प्राचीन रामलीला…

गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी, हरिशंकरी पिछले सैकड़ों वर्षो से श्रीरामचरित मानस ग्रंथ के आधार पर रामलीला का मंचन करती चली आ रही है। इसकी जानकारी मंगलवार को लंका मैदान स्थित मैरिज हॉल में प्रेस वार्ता कर अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री ओम प्रकाश तिवारी उर्फ बच्चा ने दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की रामलीला का मंचन वन्दे वाणी विनायकों मंडल द्वारा प्रस्तुत किया जायेगा। इस वर्ष 2023 की रामलीला 19 दिनों की होनी है। रामलीला का मंचन 10 अक्टूबर 2023 को धनुष-मुकुट पूजन से प्रारंभ होकर तय कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न स्थलों पर मंचित होते हुए 24 अक्टूबर 2023 को रामलीला मैदान (लंका) पर विजयादशमी पर्व व 28 अक्टूबर 2023 दिन शनिवार को श्रीराम राज्याभिषेक, हरिशंकरी स्थित श्रीराम चबूतरे पर संपन्न होगा। श्रीराम राज्याभिषेक के आयोजन के साथ ही वर्ष 2023 की रामलीला का समापन हो जाएगा। विजयादशमी का पर्व 24 अक्टूबर 2023 को रामलीला मैदान लंका में सायं 7:30 बजे से श्री राम-रावण युद्ध का मंचन व रात्रि 8 बजे रावण दहन का कार्यक्रम होना तय है।

रावण के पुतले का दहन मुख्य अतिथि द्वारा बटन दबाकर किया जायेगा। रामलीला की तैयारी अभी से जोरो-शोरों से प्रारंभ कर दी गयी है जिसमे रावण बनाने का कार्य और विभिन्न स्थलों की साफ-सफाई का कार्य प्रगति पर है। सैकड़ों वर्षो के परंपराओं के अनुसार इस वर्ष भी करीब 60 फीट ऊचाँ रावण का पुतला बनाया जाना है। इस वर्ष की रामलीला के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण आप यू-ट्यूब पर लिंक के माध्यम से देख सकते हैं। विजयादशमी के दिन मैदान में व मैदान के बाहर एल0ई0डी0 स्क्रीन की भी व्यवस्था कमेटी के द्वारा की गयी है ताकि मैदान में भीड़ होने के कारण आम जन, माताओं व बहनों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस बार 28 अक्टूबर 2023 को श्री राम राज्याभिषेक के अवसर पर लाईट एवं साउंड के माध्यम से आकर्षक झाकियों का प्रदर्शन वाराणसी के कलाकारों द्वारा किया जाना है जिसका मुख्य आकर्षण समुद्र मंथन का सजीव चित्रण एवं काशी की उत्पत्ति की गाथा का चित्रण है। वार्ता में कमेटी के विनय कुमार सिंह, गोपाल जी पाण्डेय, ओम प्रकाश तिवारी, लक्ष्मी नरायण, लव कुमार त्रिवेदी, विरेश राम वर्मा, मयंक तिवारी, रोहित अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अशोक कुमार अग्रवाल, राजेश प्रसाद, अजय पाठक, अजय अग्रवाल, राजेन्द्र विक्रम सिंह, सुधीर अग्रवाल, विशंभर गुप्ता इत्यादि लोग उपस्थित रहें।

टीकाकरण अभियान में सीएमओ और डॉ एसके मिश्रा ने बच्चों को पिलाई खुराक

सीएमओ ने किया सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 के दूसरे चरण का शुभारंभ

पाँच वर्ष तक के 12029 बच्चों व 3399 गर्भवती के टीकाकरण का लक्ष्य

गाज़ीपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. देश दीपक ने विशेष टीकाकरण अभियान सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 के दूसरे चरण का शुभारंभ सोमवार को किया। सीएमओ ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। यह चरण 16 सितंबर तक चलाया जाएगा। तीसरा चरण नौ से 14 अक्टूबर तक चलेगा। यह अभियान जिले के समस्त ब्लॉक में चलाया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि जनपद में शून्य से पांच वर्ष तक के नियमित टीकाकरण छूटे हुये बच्चों एवं गर्भवती को शत- प्रतिशत प्रतिरक्षित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। नवजात शिशुओं और बच्चों में होने वाली जानलेवा बीमारियों जैसे- पोलियो, खसरा-रूबेला, डायरिया, डिप्थीरिया, टिटनेस, काली खांसी आदि से बचाने के लिए संपूर्ण टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार नवजात शिशुओं और बच्चों को इन बीमारियों से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि इंद्रधनुष के सात रंगों को प्रदर्शित करने वाले इस मिशन का उद्देश्य है कि सभी बच्चों एवं गर्भवती का टीकाकरण सुनिश्चित हो। यह अभियान तीन चरणों में चलाया जा रहा है। पहला चरण सात से 12 अगस्त तक चला। इसमें लक्ष्य के सापेक्ष शून्य से पाँच साल तक के 97 प्रतिशत बच्चों एवं 99 प्रतिशत गर्भवती को प्रतिरक्षित किया गया।
सीएमओ ने जनमानस से अपील की है कि गर्भवती एवं नवजात से लेकर पांच वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। इस अभियान के तहत निकटतम स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर टीका लगवा कर जानलेवा बीमारियों से बचाव करें। यदि बच्चों का टीकाकरण समय से कराते हैं तो बच्चे जीवन भर स्वस्थ और खुशहाल रहेंगे। अभियान में ईट-भट्ठों, घुमंतू और निर्माण साइट पर रहने वाले परिवारों के बच्चों के टीकाकरण पर जोर दिया जाएगा, क्योंकि इन स्थानों पर रहने वाले परिवार एक से दूसरे जगह स्थानांतरित होते रहते हैं। इसलिए सामान्य अभियान के दौरान इनके छूट जाने की आशंका बनी रहती है। टीकाकरण न होने वाले या फिर आंशिक टीकाकरण वाले बच्चों को अभियान के तहत 11 तरह की बीमारियों से बचाने वाले टीके लगाए जा रहे हैं।


जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एसके मिश्रा ने बताया कि शून्य से पांच साल का कोई बच्चा बीसीजी, हेपेटाइटिस-बी, पेंटा, मीजल्स- रूबेला, पीसीवी, रोटा वायरस, पोलियो आदि टीको से वंचित न रहे। यह टीके बच्चे के जन्म के समय, डेढ़ माह, ढाई माह, साढ़े तीन माह, नौ माह, 16 माह व पांच साल पर लगाए जाते हैं। टीकों से जो बच्चे किसी कारणवश वंचित रह गए हैं उनका टीकाकरण करने के लिए सघन मिशन इन्द्रधनुष 5.0 का आयोजन किया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत प्रतिरक्षित किए गए बच्चों और गर्भवती के कवरेज की एंट्री ई-कवच पोर्टल पर की जा रही है। दूसरे चरण में शून्य से पाँच साल तक के 12029 बच्चों तथा 3399 गर्भवती को टीकाकरण के लिए लक्षित किया गया है। इसके लिए जिले में 2160 सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इस मौके पर एसीएमओ डॉ जेएन सिंह, यूनिसेफ के डीएमसी बलवंत सिंह, नगरीय समन्वयक अशोक कुमार, एएनएम माया, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। गोरा बाजार निवासी मीरा ने कहा कि सोमवार को अपने तीन माह के बच्चे अंश को पेंटा प्रथम टीके से प्रतिरक्षित कराया। सभी लोगों को अपने बच्चों को प्रतिरक्षित जरूर करा लेना चाहिए। सभी टीके सुरक्षित हैं एवं गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक हैं। एक अन्य लाभार्थी बंदना ने कहा कि सोमवार को केंद्र पर अपनी तीन माह की बच्ची नैना को पेंटा प्रथम का टीका लगवाया। सभी टीके पूरी तरह से सुरक्षित है। हम अपने बच्चे का संपूर्ण टीकाकरण कराएंगे जिससे वह 11 जानलेवा गंभीर बीमारियों से ग्रसित न हो।

गोवंश के साथ गौ तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर। दिलदारनगर थाना पुलिस द्वारा एक तमन्चा व 2 कारतूस के साथ 1 अभियुक्त को किया गया। उससे पास से 11 गोवंश व एक पिकअप बरामद किया गया। सोमवार को थाना दिलदारनगर पुलिस टीम द्वारा मुखबीर की सूचना पर ताजपुरकुरी मोड वहद ग्राम निरहु का पुरा के पास से अभियुक्त सोनू यादव पुत्र रामअवध यादव नि0 पचरासी धाना नन्दगंज जनपद को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक तमन्चा 315 बोर, दो कारतूस 315 बोर व कुल 11 गोवंश व एक अदद पिकअप बरामद किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उप निरीक्षक सचिन सिंह थाना दिलदारनगर, कांस्टेबल रत्नेश कुमार सिंह, का० दीपक कसौधन और का0 मनीष कुमार थाना दिलदारनगर शामिल रहे।

एमएलसी चंचल का पीड़ित परिवारों ने किया धन्यवाद

ग़ाज़ीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल एक बार फिर जरूरतमंदों के लिए आगे आए। सीएम योगी के चहेते एमएलसी चंचल ने ग़ाज़ीपुर के 17 पीड़ित परिवारों को इलाज के लिए 27 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से दिलाई। जिले के सातों विधानसभाओं से आये इन सभी पीड़ित परिवारो ने मुख्यमंत्री और एमएलसी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। आरी पहाड़पुर सितापट्टी के रामेश्वर सिंह को इलाज के लिए 1 लाख 90 हजार मिला। रामेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री और एमएलसी का आभार प्रकट किया। रामेश्वर सिंह ने बताया कि उनके इलाज कराने में उन्होंने बहुत से खेत, घर गाड़ी बेच दिए। पेशे से वकील रहे रामेश्वर सिंह का एक पुत्र और एक पुत्री है। इसी प्रकार पीथापुर की सरिता देवी को 1 लाख की, परमेश्वरपुर की बसंती देवी को 1 लाख 90 हजार की, बेवन्दा की रीना देवी को 1 लाख 50 हजार की, जसदेवपुर के अमित श्रीवास्तव को 1 लाख 20 हजार 750 रुपए की, सदर क्षेत्र के रजदेपुर के श्याम सुंदर गुप्ता को 50 हजार की, मनिहारी के पवन कुमार सिंह को 2 लाख 50 हजार की, इशोपुर की माया देवी को 1 लाख 50 हजार की, बीकापुर के नरसिंह को 1 लाख 90 हजार की, सदर क्षेत्र के उर्दू बाजार के सुरेंद्र कुमार गुप्ता को 1 लाख 37 हजार 500 सौ की, पटकनिया की पुष्पा देवी को 1 लाख 50 हजार की, शिशुआपार सादात के रमेश कुमार प्रजापति को 2 लाख 50 हजार की, कुर्था की ज्ञानति देवी को 2 लाख 50 हजार की, रायपुर के सुमित कुमार सिंह को 1 लाख 20 हजार की, पुरैना के प्रदुम्न को 1 लाख 80 हजार की, छोटे बच्चे आदित्य पाल को 70 हजार की और गुरैनी के हर्ष सिंह को 1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई हैं। एमएलसी विशाल सिंह चंचल के इस कार्य की जिलेभर में चर्चा हो रही है।

यूथ जोड़ो-बूथ जोड़ो अभियान में कई लोगों ने ली कांग्रेस पार्टी की सदस्यता

गाजीपुर। रविवार को उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कनिष्क पांडे के निर्देश पर यूथ जोड़ो बूथ जोड़ो अभियान के तहत युवा कांग्रेस के जमानियां विधान सभा अध्यक्ष कुंदन खरवार के नेतृत्व में और युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुधांशु तिवारी की अध्यक्षता में जमानिया विधानसभा के उमरगंज में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारीओ की बैठक जनता के बीच संपन्न हुई। जिसमें संगठन को मजबूत करने पर बल दिया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी नीतिओ को कोसते हुए कहा कि भाजपा सदैव गरीबो को अपमानित करने का काम करती हैं। बैठक में विजय कुशवाहा, जब्बार शाह, साबिर खान, नसरुद्दीन शाह, कमलेश मौर्य, नईम शाह, श्यामलाल विन्द, विष्णु खरवार, अशरफ खान, मुमताज, रानी, सरताज, ओमकार, अरबाज शेख, दीपक सिंह सहित अन्य ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव डॉक्टर जनक कुशवाहा ने कहा कि जमानिया विधानसभा सदैव राज नेताओं के उपेक्षा का शिकार रहा है। राजनेता केवल अपना विकास करके जनता को धोखा देने का काम किया है। केन्द्र एवं राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जन विरोधी नीति को संचालित करने का काम करते हुए लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास कर रही है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि युवाओं का तेजी के साथ कांग्रेस की तरफ आकर्षण बढ़ रहा है और युवाओं को कांग्रेस पार्टी में नेतृत्व मिलने की गारंटी है। कांग्रेस में नेतृत्व करते हुए युवा अपने भविष्य के साथ-साथ शुद्ध एवं स्पष्ट राजनीति का संदेश देने का काम करेगे। इस दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिवांशु पाण्डेय अंशु, शशिकांत श्रीवास्तव, शशि भूषण राय, करुणा निधि राय, विनोद सिंह, श्याम नारायण कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, देवेंद्र सिंह, इकराम खान, रईस खान, बाबू, जफर अहमद, रजनीकांत शर्मा, संगीता राजभर, गायत्री गुप्ता, प्रमोद कुशवाहा, सदर विधान सभा अध्यक्ष अंकित यादव, विधान सभा उपाध्यक्ष सोनू सिंह यादव, मोनू, मुमताज, सरताज, नाजिर हुसैन, प्रदीप सहित अन्य यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वीर अब्दुल हमीद का मनाया गया शहादत दिवस, दी गई श्रद्धांजलि

वीर अब्दुल हमीद का 58 वां शहादत दिवस पैतृक गांव धामपुर के शहीद पार्क में मनाया गया

गाजीपुर। जखनिया (दुल्लहपुर) वर्ष 1965 के भारत और पाकिस्तान के बीच हुए भीषण युद्ध में पाकिस्तान को अमेरिका से मिले सात पैटर्न को नष्‍ट करने वाले दुल्‍लहपुर क्षेत्र धामुपुर निवासी वीर अब्दुल हमीद का 58 वां शहादत दिवस 10 सितंबर को उनके पैतृक गांव धामपुर में उनके नाम से बने शहीद पार्क में मनाया गया। परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि देने मुख्य अतिथि मोसीम रजा, ज़िला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, उपजिलाधिकारी कमलेश सिंह, त्रिवेणी राम, जखनिया विधायक वेदी राम ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजक वीर अब्दुल हमीद के पुत्र जैनुल हसन और उनके पोते परवेज आलम के द्वारा किया गया।

39 जीआरसी की तरफ से ब्रिगेडियर राजीव नारायण विशिष्ट सेवा मेडल एवं कर्नल कुमार मनोज सिंह सहित अन्य सेना के अधिकारी मौके पर उपस्थित थे। उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर सलामी देते हुए माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया। हर साल आर्मी की तरफ से यहां पर बैंड की धुन और सलामी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उपस्थित ग्रामीणों ने जखनिया विधायक वेदी राम ने कहा कि शहीद के सम्मान में गांव में वीर अब्दुल हमीद के नाम से प्रवेश द्वार एवं शहीद के पार्क को पर्यटक स्थल की मांग शासन से कर रहा हूं। इसकी आवाज मैं विधान सभा में उठा चुका हूं ,जल्द ही शासन से अनुमति मिल जाएगी।