All posts by tiwarishivpratap

देश के साथ गाजीपुर भी बदल रहा है: मनोज सिन्हा

गाजीपुर। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा शनिवार को अपने दो द्विवसीय दौरे के दौरान दूसरे दिन नगर स्थित महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के लेक्चरर हाल में छात्र छात्राओं को सम्बोधित किया। कहा कि मेरा मानना है कि शिक्षण और चिकित्सीय कार्य में लगे लोगों को सामान्य लोग भगवान की तरह मानते हैं। वह मानवीय संवेदना वाला भाव बराबर बना रहे और अगर यह काम हम कर पाए तो यह देश और समाज की सबसे बड़ी सेवा होगी। गाजीपुर स्वाभाविक रूप से सुविधाओं से अभावग्रस्त रहा है, लेकिन अब बहुत सी व्यवस्थाएं बदली है, देश भी बदल रहा है, देश के हिसाब से गाजीपुर भी बदला है, भारतीय होने का गौरव हम सब महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुर्व काल मे नालंदा तक्षशिला जैसे शिक्षण संस्थान देश में मौजूद थे। हमारे यहां के बने सामान पूरे विश्व में सराहनीय थे लेकिन गुलामी के लंबे कालखंड के कारण हमारे शिक्षण संस्थानों को षड्यंत्र के तहत नष्ट किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति भारत को खोया हुआ गौरव वापस दिलाएगा। मैं समझता हूं गाजीपुर में बहुत महान लोग रहे हैं। किन्ही कारणों से हम पीछे रह गए। कभी यहां तीन तीन हवाई पट्टियां थी। देश की सबसे पुरानी अफिम फैक्ट्री गाजीपुर मे है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल साहब, सभी फैकल्टी सदस्यों, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को मैं बधाई देना चाहता हूं कि विगत 3 वर्षों में आपने जैसा यह मेडिकल कॉलेज बनाया है, इस आधार पर मुझे यह भरोसा है कि आने वाले दिनों में यह कालेज पूर्वांचल का सबसे बेहतरीन मेडिकल कॉलेज होगा। जैसी नींव हम डालेंगे वैसे ही इमारत तैयार होगी, उन्होंने अनुरोध किया कि कृपया करके राजनीति का अड्डा ना बनाइएगा और भरोसा दिलाते हुए कहा कि जो इंस्ट्रूमेंट या सामग्री आपको मिलने में कठिनाई होगी आप हमें बताइएगा उसे एक माह में हम पूरा करेंगे। प्रधानाचार्य डा आनन्द मिश्रा ने कालेज के विशेषताओं तथा उपलब्धियों का वर्णन करते हुए अहर्निश सेवा भाव एवं संचालित सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। आभार धन्यवाद डा नीरज पांडेय ने व्यक्त किया। मनोज सिन्हा को स्मृति चिन्ह, पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री विजय मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सुनील सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा राजेश सिंह, प्रो शोभनाथ यादव, डा एके पांडेय, डा मृत्युंजय, प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश राय, शशिकान्त शर्मा, कार्तिक गुप्ता, विवेकानंद पांडेय, अजीत सिंह, निमेष पांडेय सहित कालेज के छात्र छात्राएं उपस्थित रही।

शाह फैज स्कूल में शिक्षकों के लिए ट्रेनिंग सेशन का हुआ आयोजन

गाजीपुर। शाह फ़ैज़ विद्यालय के प्रांगण में शनिवार को अध्यापक अध्यापिकाओं के लिए एक ट्रेनिंग सेशन का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूल क्वॉलिटी असेसमेंट एश्योरेंस पर विभिन्न तरह के सूत्र दिए गए। यह ट्रेनिंग सत्र सी.बी.एस.सी की पूर्व ज्वाइंट डायरेक्टर मोनिका कपूर के द्वारा किया गया। सबसे पहले विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने मोनिका कपूर को बुके देकर उनका स्वागत किया। उसके पश्चात विद्यालय के कक्षा 11 के छात्र पुष्कर उपाध्याय व कक्षा 12 के छात्र आरव और शुभ्रा ने प्रार्थना गाया व कक्षा 7 के छात्र चित्रार्थ चेतन ने केसियो पर संगीत दिया। ट्रेनिंग सत्र में छात्र छात्राओं के विकास के लिए अध्यापकों को कई सारे सूत्र दिए गए। मोनिका कपूर ने नई शिक्षा नीति और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूप रेखा पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने रुचि बनाए रखने के लिए शिक्षकों को ब्रेन स्टार्मिंग अभ्यास भी करवाया गया।

इस ट्रेनिंग सत्र में कुल 64 अध्यापक अध्यापिकाओं ने भाग लिया। जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य डॉ प्रीति उपाध्याय, को-ऑर्डिनेटर नेहा कुरेशी, प्राइमरी इंचार्ज चंदना श्रीवास्तव, प्री प्राइमरी इंचार्ज सुनंदा, वरिष्ठ अध्यापक राजेश, रत्नेश शुक्ला, महबूब आलम, देवेंद्र प्रजापति, संतोष तिवारी आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने धन्यवाद ज्ञापन से किया।

सपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जीत का जश्न

गाजीपुर। शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय समता भवन पर घोसी उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी सुधाकर सिंह के जित पर जश्न मनाते हुए हर्ष व्यक्त किया और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दिया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने हर्ष व्यक्त करते हुए इस जीत को लोकतंत्र की जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में घोसी की जनता ने भाजपा के घमंड को तोड़ने का काम किया है। इस चुनाव में जिस तरह से भाजपा के नेता और उनके सहयोगी नेता ओमप्रकाश राजभर ने दंभपूर्ण व्यक्तव्य दिया और बदजुबानी की उसे घोसी की जनता ने नापसंद करते हुए इस चुनाव में करारा‌ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि घोसी की जनता ने भाजपा की साम्प्रदायिक और नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है। भाजपा की तोड़फोड़,समाज में घृणा और नफ़रत तथा बांटने वाली राजनीति को घोसी की जनता ने मुंहतोड़ जवाब दिया है।


पुर्व सांसद जगदीश कुशवाहा ने कहा कि इस चुनाव में भाजपा ने सरकारी मशीनरी का खुलकर दुरूपयोग किया और कार्यकर्ताओं को नाहक परेशान और उनका उत्पीड़न किया लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता डरे नहीं बल्कि डटकर उनके जुल्म का सामना किया जिसके कारण उन्हें मुंह की खानी पड़ी है।
समाजवादी पार्टी के राज्य कार्यकारिणी के विशेष आमंत्रित सदस्य रामधारी यादव ने कहा कि घोसी उपचुनाव परिणाम 2024लोकसभा के चुनाव परिणाम का संकेत है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता भाजपा के झूठ,फरेब,और जुमलों से ऊब चुकी है। आगामी लोकसभा के चुनाव में भाजपा की बिदाई तय है। इस अवसर पर मुख्य रूप से राजेश कुमार यादव, डॉ समीर सिंह, रामाशीष यादव, पप्पू यादव, नन्दलाल यादव, राधेश्याम यादव, धर्मेंद्र सिंह यादव सहित आदि दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। इस कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव एवं मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव ने किया।

डीएम ने छात्र छात्राओं को दिया प्रतिभा सम्मान पत्र

गाजीपुर। उ0 प्र0 भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के हितार्थ संचालित उ0प्र0 शासन की महत्वाकांक्षी योजना अटल आवासीय विद्यालय, करसड़ा, राजातालाब, वाराणसी में शैक्षणिक सत्र 2023-24 हेतु कक्षा-6 में प्रवेश हेतु निर्धारित 80 सीटों में से गाजीपुर के कुल 41 बच्चों का चयन हुआ है। जिस पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने शुक्रवार को सभी नवप्रवेशित छात्र/छात्राओं को राइफल क्लब में प्रतिभा सम्मान पत्र वितरण एवं माल्यार्पण कर उनको सम्मानित किया। जिले के श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पंचेश्वरी द्वारा जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं परियोजना निदेशक, डी०आर०डी०ए०. गाजीपुर राजेश यादव को बुके देकर स्वागत किया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा बताया गया कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों व कोविड-19, महामारी के दौरान अनाथ हो चुके बच्चों के भविष्य को संवराने के लिए मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ‘‘अटल आवासीय विद्यालय‘‘ है। अटल आवासीय विद्यालय में इन बच्चों को मुख्यधारा में सम्मिलित करने के लिए सुविधाएं प्रदान की जायेंगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा सभी अभिभावकों को अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुऐ करसड़ा, राजातालाब, वाराणसी में स्थित “अटल आवासीय विद्यालय के संबंध में जानकारी दी गयी तथा बताया गया कि विद्यालय में प्रवेशित सभी छात्र/छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जायेंगी।

सभी छात्र/छात्राओं को विद्यालय परिसर में ही आवास, भोजन, स्टेशनरी इत्यादि दैनिक आवश्यकता की वस्तुएं निःशुल्क उपलब्ध करायी जायेंगी। अटल आवासीय विद्यालय में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाती है। प्रवेश परीक्षा में उत्तीणं बच्चों का प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाता है। इस योजना हेतु बोर्ड में पंजीकृत ऐसे निर्माण श्रमिक, जो न्यूनतम 3 वर्ष सदस्यता अवधि पूर्ण कर चुके हों, पात्र हैं। योजनांतर्गत पंजीकृत ऐसे श्रमिक के अधिकतम 2 बच्चे विद्यालय में अध्ययन करने हेतु पात्र होंगे।

मिशन इंद्रधनुष के तहत होगा टीकाकरण

जनपद में सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 का दूसरा चरण सोमवार से

सीडीओ की अध्यक्षता में हुई जिला टास्क फोर्स की बैठक, दिए जरूरी निर्देश

जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के छूटे हुए बच्चों व गर्भवती का होगा टीकाकरण



गाज़ीपुर। जनपद में सोमवार (11 सितंबर) से सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 का दूसरा चरण शुरू होगा। इस संबंध में शुक्रवार को विकास भवन कार्यालय में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। तीन चरणों में संचालित होने वाले इस टीकाकरण अभियान में शून्य से पांच वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को नियमित टीके और गर्भवती को टीडी के टीके लगाए जा रहे हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने दूसरे चरण की सभी तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने नियमित टीकाकरण से छूटे हुए जन्म से लेकर पाँच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती को टीकाकरण से आच्छादित करने पर विशेष जोर दिया और कहा अभियान में उच्च जोखिम, शहरी मलिन बस्तियों, दूर-दराज के क्षेत्रों पर विशेष जोर दें। साथ ही टीकाकरण के प्रति उदासीन परिवारों को जागरूक कर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराएं। टीकाकरण सत्रों के स्थान को लेकर अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे परिजन अपने बच्चों व गर्भवतियों का आसानी से टीकाकरण करा सकें। आशा कार्यकर्ता के माध्यम से घर-घर जाकर किए गए सर्वेक्षण (हेड काउंट सर्वे) के अनुसार माइक्रोप्लान तैयार कराया जाए। अभियान के तहत टीकाकृत किए गए बच्चों और गर्भवती के कवरेज की एंट्री ई-कवच पोर्टल पर अनिवार्य रूप से की जाएगी। टीकाकरण सत्र हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, वीएचएसएनडी सत्र, निजी चिकित्सालयों में भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान में प्रमुख रूप से मीजल्स रूबेला (एमआर) टीकाकरण के साथ ही “पाँच साल, सात बार छूटे न टीका एक भी बार” पर जोर दिया जाए। अभियान में आईएमए, निजी चिकित्सकों, एनएसएस, स्थानीय स्वयं सेवी सहायता समूह व विकासशील संस्थाओं डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, यूएनडीपी आदि सहयोग करें। सीडीओ ने अपील की है कि सभी परिजन जन्म से लेकर पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों और गर्भवती का टीकाकरण समय से कराएं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देश दीपक पाल ने कहा कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दूसरे चरण में छूटे हुये पाँच वर्ष तक के कुल 12029 बच्चों व 3399 गर्भवती को टीकाकरण के लिए लक्षित किया गया है। इसके साथ ही मीजल्स रूबेला (एमआर) प्रथम के टीके के लिए 2514 व एमआर द्वितीय के लिए 2682 बच्चों का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में लक्ष्य के सापेक्ष 97 प्रतिशत बच्चों और 99 प्रतिशत गर्भवती का टीकाकरण किया गया। इसी के अंतर्गत नौ से 12 माह तक के 4696 (110 प्रतिशत) बच्चों को मीजल्स रूबेला की पहली डोज तथा 16 से 24 माह के 4443 (107 प्रतिशत) बच्चों को मीजल्स रूबेला की दूसरी डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एसके मिश्रा ने बताया कि दूसरे चरण के लिए जनपद के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के लिए कुल 2160 टीकाकरण सत्र तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण सत्र चलाया जा रहा है। इसके बावजूद किन्हीं कारणों से कई बच्चे व गर्भवती टीकाकरण से छूट जाती हैं। इसी को लेकर सघन मिशन इंद्रधनुष 5.0 अभियान संचालित किया जा रहा है। टीकाकरण बच्चों व गर्भवती को गंभीर बीमारियों के साथ ही टीके से रोकी जा सकने वाली जन्मजात बीमारियों की जटिलताओं से बचाता है। इससे बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है। बैठक में समस्त डिप्टी सीएमओ, एसीएमओ, अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डब्ल्यूएचओ एसएमओ डॉ विनय शंकर, यूनिसेफ से डीएमसी बलवंत सिंह, यूएनडीपी से वीसीसीएम प्रवीण उपाध्याय, चाई से मणि शंकर, एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने ग्राम चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं, किया समाधान

गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम मे जनपद के समस्त तहसीलो के चिन्हित ग्रामो मे ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। समस्त उपजिलाधिकारी ने अपने अपने तहसील क्षेत्रो के ग्रामो मे चौपाल के माध्यम से ग्रामीणो के राजस्व एवं अन्य विभागीय समस्याओ को सुनकर उसका समाधान किया। चौपाल मे खतौनी एवं रियल टाइम खतौनी को पढ़ कर सुनाया गया। इसके अतिरिक्त जिनका भी नाम खतौनी मे छूटा हुआ है उसे संबंधित अधिकारी को सही कराने हेतु निर्देश दिए गए। चौपाल में व्यक्तिगत शौचालय ,आवास, हैंड पम्प के संचालन, वृद्धापेंशन, दिव्यांगजन पेंशन, विधवा पेंशन, राशन वितरण, के सम्बंध में जानकारी ली एवम प्रत्येक पात्रों को योजना का लाभ दिये जाने का निर्देश दिया। विद्यालय संतृप्तिकरण में हुए कार्याे को पूछा। उन्होने बच्चों के टिकाकारण, एवम ई कवच पोर्टल पर फीडिंग एवम दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली तथा पेंशन के छुटे हुए लाभार्थी को तत्काल लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया। उन्होने गॉव के कोटेदार को फ़ूड सेफ्टी से सम्बंधित सारी नियमो का पालन करने तथा साथ साफ सफाई का निर्देश दिया। बी सी सखी से गॉव में किये गए कार्याे की जानकारी ली तथा गांव के ऐसे बूढ़े बुजुर्ग जो बैंक तक नही जा सकते, उनकी बैंकिंग सेवा में सहयोग करने तथा गॉव में समूहों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया।

ग्राम चौपाल में सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचने का सत्यापन किया गया। ग्रामवासियों को खुली बैठक में सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक योजनाओं की भी जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए पेंशन योजना का लाभ दिलाये जाने के संबंध में निर्देशित किया गया । कहा कि निराश्रित, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन के पात्र लाभार्थियों का चयन करते हुए पेंशन का लाभ दिलाया जायें। प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को अध्यापकों द्वारा दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता/स्तर के संबंध में भी खुली बैठक के दौरान ग्राम वासियों से सत्यापन किया गया। बैठक में हैंडपंप रिबोर, छात्रवृत्ति, मनरेगा आदि कार्याे के बारे में भी सत्यापन किया गया। बाल विकास की समीक्षा मे दौरान गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण तथा पुष्टाहार वितरण की जानकारी ली तथा कोटेदार द्वारा समय से राशन बाटने एवं विजली की उपलव्धता की जानकारी ली गयी।

लम्बित ई चालानों और वादों का राष्ट्रीय लोक अदालत में कराएं निस्तारण

गाजीपुर। सचिव पूर्ण कालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजीपुर ने बताया कि 9 सितम्बर, 2023 को प्रातः 10ः30 बजे जनपद न्यायालय में दसकक्षीय सभागार में न्यायाधीश की अध्यक्षता में दीप प्रज्जवलित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ किया जायेगा। यातायात प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने कहा कि इस लोक अदालत में लंबित इस चलन और लंबित वादों का निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय में आयोजित इस लोक अदालत में पहुंदे और अपने लम्बित ई-चालान और वादों का निस्तारण कराएं। जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने समस्त प्रिन्ट मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से अनुरोध किया है कि न्यायालय के दसकक्षीय सभागार में प्रातः 10ः15 बजे पहुचने का कष्ट करें।

समय से कार्यों को पूरा कराएं अधिकारी:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में उ0प्र0 शासन द्वारा निर्धारित शासन के महत्वपूर्ण (37 बिन्दु), मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को रायफल क्लब सभागार मे सम्पन्न हुई। बैठक सीएम डैशबोर्ड से ली गयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिस-जिस विभागो की विभागीय योजनाए, आख्या, उपलब्धी सीएम डैश बोर्ड पोर्टल पर फीड नही है उसे तत्काल फीड कराने का निर्देश दिया। जिससे जनपद की रैकिग खराब न हो। बैठक में उन्होने समस्त संबंधित विभागों से जुड़ी योजनाओं की माह प्रगति के बारे में समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने संबंधित अधिकारी को निर्धारित समय सीमा में विभागीय विकास परक योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश दिये है।

उन्होंने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू कर पात्र आम जन मानस को त्वरित गति से लाभ पहुचाया जाये। किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाये। कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं से वंचित न रहने पाए। उन्होने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओ का टीकाकरण, पशुओ में होने वाले लम्पी रोग के रोकथाम हेतु कार्यवाही एंव सहभागिता योजना में पात्र लोगो को जागरूक करने का निर्देश दिया। आई0जी0आर0एस0 प्रकरण मे उन्होने शिकायत पत्रो का समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी दशा में कोई शिकायत डिफाल्टर न होने पाये। इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के सम्बन्ध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, समेत समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

तीन गिरफ्तार, एक की तलाश

गाजीपुर। क्राइम ब्रांच व जंगीपुर थाना पुलिस टीम ने रंगदारी मांगने वाले दो अभियुक्त को एक तमंचा व कारतूस के साथ और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने दिया। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत जंगीपुर के पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि लालजी गुप्ता को 20 लाख रूपये की मोबाइल व्हाट्सप के माध्यम से रंगदारी मांगी गई थी। जिसमें दो शातिर अपराधी तथा एक बाल अपचारी को क्राइम ब्रांच टीम एवं थाना जांगीपुर की पुलिस टीम ने अभियुक्त गोलू यादव के मकान से शुक्रवार को गिरफ्तार किया। इस दौरान घटना मे प्रयुक्त मोबाइल एवं अभियुक्त सुनील उर्फ सोनू यादव के पास से 1 देशी तमन्चा 315 बोर व एक जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। रंगदारी माँगने वाले अभियुक्तों में सुनील उर्फ सोनू यादव पुत्र राजेश यादव निवासी ग्राम जमसडा थाना दुल्लहपुर, गोलू यादव पुत्र दीना यादव निवासी कृष्णा नगर वार्ड नं. 8 अहिरपुरवा थाना जंगीपुर एवं काल्पनिक नाम सोनू (बाल अपचारी शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के विवेचना / पूछताछ एक व्यक्ति जिसका नाम विवेक सिंह उर्फ करिया सिंह पुत्र अनिल सिंह उर्फ मुन्ना बजरंगी निवासी ग्राम सोनहरा, दुल्लहपुर का नाम प्रकाश में आया है। गिरफ्तार अभियुक्तों पर जिले के कई थानों पर कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में अपने टीम के साथ जंगीपुर थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय, क्राइम ब्रांच प्रभारी रामाश्रय राय एवं सर्विलांस प्रभारी सुनिल तिवारी अपने टीम के साथ शामिल रहे।

पशुओं को हो रही लम्पी स्किन डिजीज की बीमारी, डीएम ने दिया निर्देश


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में लम्पी स्किन डिजीज (एल एस डी) के नियन्त्रण एवं निगरानी हेतु शुक्रवार को वर्चुवल बैठक ली गयी। बैठक के दौरान लम्पी स्किन डिजीज की रोकथाम हेतु दिशा निर्देश देते हुए बताया कि यह एक वायरल बीमारी है जो कैप्रीपाक्स नाम वायरस से होती है। इस बीमारी से मुख्यतः गोवंशीय पशु प्रभावित होते है। इस बिमारी के रोक थाम हेतु विशेष सर्तकता बरतते हुए टीकाकरण का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने वर्चुवल बैठक के दौरान पशुओ में होने वाले लम्पी स्कीन डिजीज के लक्षण, रोग का प्रसार, उपचार एवं निवारण, रोग के प्रकोप के समय क्या करे क्या न करे की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस बिमारी से पशुओ को तेज बुखार, ऑख व नाक से पानी गिरना, पैरों में सूजन, पूरे शरीर में कठोर एवं चपटी गॉठ उभर आना, गाभिन पशुओ का गर्भपात, दुधारू पशुओ आदि प्रकार के लक्षण पाये जाते है। कभी-कभी सम्पूर्ण शरीर की चमड़ी विशेष रूप से सिर, गर्दन, थूथन, थनों गुदा व अंडकोष या योनिमुख के बीच के भाग पर गॉठो के उभार बन जाते है तथा पूरा शरीर गॉठो से ढक जाता है। रोग का प्रसार रोग का विषाणु, बीमार पशु के लार, नासिक स्राव, दूध एवं वीर्य में पाये जाते है। बीमार पशु के सीधे सम्पर्क में आने से या रोगग्रस्त पशु के स्राव से प्रदूषित चारा, पानी खाने से स्वस्थ पशु बीमार हो सकता है। मुख्यतः मच्छरों, मक्खियों, किलनी आदि जैसे खून चूसने वाले कीड़ो के काटने से यह रोग बहुत तेजी से फैलता है। टीकाकरण एवं इन्जेक्शन के दौरान दूषित सुईयों के प्रयोग से यह रोग अन्य पशुओं में फैल सकता है। लक्षण दिखायी देने पर तत्काल निकट के पशु चिकित्साधिकारी को सूचित करें।

बुखार की स्थिति में पशु चिकित्सक की सलाह से ज्वर नाशक यथा पैरासीटामॉल एवं एन्टीबायोटिक आदि औषधियों का प्रयोग करें। रोग प्रकोप के समय सर्वप्रथम निकटतम पशु चिकित्साधिकारी को सूचित करें। प्रभावित पशु को स्वस्थ पशु से अलग करें। पशुओं को सदैव साफ पानी पिलायें। पशुओं को मच्छरों, मक्खियों, किलनी, आदि से बचाने हेतु पशुओं के शरीर पर कीटनाशक दवाओं का प्रयोग करें। बीमार पशुओं की देखभाल करने वाले व्यक्ति को भी स्वस्थ पशुओं के बाड़े से दूर रहना चाहिये। रोग प्रकोप के समय बीमार एवं स्वस्थ पशुओं को एक साथ चारा-पानी न कराये। प्रभावित क्षेत्रों से पशु खरीद कर न लायें। यदि किसी पशु की मृत्यु होती है, तो शव को खुले में न फेंके एवं वैज्ञानिक विधि से दफनायें। रोगी पशु के दूध को बछड़े को न पिलायें। जनपद स्तर पर इस बीमारी के निगरानी हेतु कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके प्रभारी डा0 जमालुद्दीन अंन्सारी पशु चिकित्साधिकारी गौरी, गाजीपुर बनाये गये है, जिनके मोबाइल नम्बर 9839430932 है। इसके अतिरिक्त जनपद में विकास खण्ड स्तरीय 16 निगरानी टीमो का गठन किया गया है जिसके प्रभारी सम्बन्धित विकास खण्ड स्तरीय पशु चिकित्साधिकारी बनाये गये है। निगरानी टीमो द्वारा प्रतिदिन ग्रामो का भ्रमण कर सूचना कन्ट्रोल रूम को उपलब्ध करायी जा रही है। लम्पी स्किन डिजीज से प्रभावित पशुओ का सेग्रीगेशन कर नियमित चिकित्सा उपलब्ध करायी जा रही है। वर्चुवल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, पी डी, समस्त पशु चिकित्साधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त ई0ओ0 नगर पालिका/पंचायत, एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।