गाजीपुर। ऑनलाइन ट्रेंडिंग के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला पदाधिकारियों ने मंगलवार को सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा से मुलाकात कर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें ऑनलाइन ट्रेंडिंग का विरोध किया। कहां कि ऑनलाइन ट्रेंडिंग के वजह से 7 करोड़ व्यापारियों का और उनके कर्मचारियों का जीवन रसातल में जा रहा है। अगर ऑनलाइन ट्रेंडिंग बंद नहीं किया गया तो भारत के अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ेगा। पत्रक देने के दौरान सभी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एक सुर में कहा ऑनलाइन ट्रेडिंग हटाइए 7 करोड़ व्यापारियों का जीवन बताइए, सौ पचास कारपोरेट घराने जब घर-घर बेचेंगे माल तब खुदरा व्यापारी का जीवन होगा बदहाल। पत्रक देने वालों में मुख्य रूप से व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अबू फखर खा, जिला महामंत्री श्री प्रकाश केसरी उर्फ गुड्डू, जिला युवा अध्यक्ष सुधीर केसरी, जिला युवा महामंत्री पप्पू गाजी, संतोष कुमार वर्मा, संजीत कुमार जायसवाल, आशीष कुमार वर्मा, आकाशदीप, चंद्रमोहन केसरी, फैजान और मनीष गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गाजीपुर। सोमवार को कैंप कार्यालय पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में जनपद में कुल चयनित 100 परिषदीय विद्यालयों को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने हेतु जिन्हे जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा गोद लिया गया है उनके सम्बन्ध में समीक्षा बैठक ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से ली। आदर्श विद्यालय के कुल 25 पैरामीटर्स निर्धारित किये गए है जिनको आगामी 2 माह के अंदर निर्धारित पैरामीटर्स पर संतृप्त करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा उक्त बैठक में दिया गया। पूर्व से निर्धारित 19 पैरामीटर्स के इतर एजुकेशनल वाल पेंटिंग, स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशाला, खेल कूद सामग्री की उपलब्धता, खेल का मैदान के साथ-साथ पुस्तकालय की स्थापना पर विशेष ध्यान देने के निर्देश एवं उक्त कार्य को जन सहयोग से किये जाने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया।
कुल चयनित 100 विद्यालयों को आवंटित जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित प्रारूप पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में दिए गए थे जिसकी समीक्षा ऑनलाइन गूगल मीट के माध्यम से जिलाधिकारी द्वारा की गयी जिसमे अधतन 4 अधिकारियों द्वारा आवंटित विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण नहीं किया गया। जिसपर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए सम्बंधित अधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपने गोद लिए विद्यालयों को निर्धारित 25 पैरामीटर्स पर कार्य तय समय सीमा के अन्दर पूर्ण कर लिया जाए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव, जिला विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने भी ऑनलाइन गूगल मीट में प्रतिभाग किया।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर एवं सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने समस्त पटलो, फाईलो का रख-रखाव, साफ-सफाई, प्रेरणा कैटींन, लाईट की व्यवस्था, इनवर्टर एवं जनरेटर की व्यवस्था के साथ उपस्थिति रजिस्टर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय की व्यवस्था को देखा। उन्होने सचिवालय का उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया तथा रखे फाईलो को साफ सफाई से रखने का निर्देश दिया। उन्होने निर्देशित किया कि कोई भी पटल पर पत्रो का समयावधि में निस्तारण करा दिया जाय जिससे कोई भी व्यक्ति परेशान न हो सके। उसके उपरान्त कलेक्टेªट परिषद में बनाये गये प्रेरणा कैटींन की जानकारी लेते हुए कहा कि प्रेरणा कैटींन में बनाये जा रहे वस्तुओ को ढ़क कर रखे एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान दे।
गाजीपुर। हिन्दुओं का पवित्र त्यौहार श्रावण मास प्रारम्भ हो रहा है। श्रावण मास मे काफी संख्या मे श्रद्धालु/कावड़ यात्रियों की भीड़-भाड़ मुख्य मंदिरो पर जलाभिषेक के लिए आवागमन होता है। जिसको लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोमवार को जनपद गाजीपुर के विभिन्न घाटो जिसमें स्टीमर घाट, ददरी घाट, चीतनाथ घाट, एवं महाहर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। ददरी घाट का निरीक्षण के दौरान उन्होने कावरियों को पानी भरने हेतु नाला पर अस्थायी पुल बनाने हेतु ई0ओ0 नगर पालिको को निर्देश दिया साथ ही बैरिंकेटिग, चेन्जिग रूम, शौचालय तथा लाईट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण क्षेत्रो में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बैरिकेटिंग, चेन्जिग रूम, लाईट की व्यवस्था के साथ सड़कों को गढ़ढा मुक्त करने का निर्देश दिया। कावर यात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारण यंत्रो का तय समय सीमा के अन्तर्गत प्रयोग करने, शहर में भारी गाड़ियों का रूट डायवर्जन करने के सम्बन्ध पुलिस अधीक्षक ने अपने मातहतो के साथ चर्चा की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, उपजिलाधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी कासिमाबाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं कासिमाबाद, अधि0अधि0 नगर पालिका/नगर पंचायत, खण्ड विकास अधिकारी मरदह तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारियो के साथ पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।
गाजीपुर। आगामी बकरीद, श्रावण मास एवं मुहर्रम के त्यौहार को शांतिपूर्ण मनाये जाने को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अधिकारियो और भारी पुलिस बल के साथ जंगीपुर क्षेत्र के विभिन्न मार्गाे पर रूट मार्च कर त्यौहार को शान्तिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारीयों ने जंगीपुर यादव मोड़ से जंगीपुर बाजार होते हुए जंगीपुर मण्डी तक रूट मार्च कर लोगो से आपसी सौहार्द के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। उन्होने कहा कि श्रवाण मास में काफी संख्या में श्रद्धालु/कावड़ यात्रियों की भीड़-भाड़ एवं मुख्य मंदिरो पर जलाभिषेक हेतु आवागमन होता है। वकरीद पर सार्वजनिक नमाज एवं मोहर्रम में जुलूस एवं ताजिये निकलते है जो अपने पूर्व की भॉति ही सम्पन्न होगा। कोई भी नये कार्य नही किये जायेगे। उपद्रवियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होने जनमानस से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न देते हुए आपसी भाई चारे के साथ त्यौहार को मनाये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा, एस पी सिटी, क्षेत्राधिकारी सदर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। रविवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का जन्मदिन छात्र नेता विवेकानन्द पाण्डेय ने लंगडपुर स्थित वृद्धा आश्रम में केक काटकर मनाया। इस दौरान छात्र नेता ने सर्व प्रथम वृद्धजनों का मुंह मीठा कराया। जिसके बाद वृद्धजनों ने बृजेश पाठक को दीर्घायु होने का आशीर्वाद दिया। बृजेश पाठक का जन्मदिन प्रदेश के विभिन्न जनपदों में समर्थकों द्वारा कई कार्यक्रम आयोजित कर मनाया गया। कुछ इसी तरह जिले में छात्र नेता विवेकानन्द पाण्डेय ने कुछ अलग तरीके से उनका जन्मदिन मना कर उनके दीर्घायु होने की कामना किया। गाजीपुर के छावनी लाइन स्थित वृद्ध आश्रम में ऐसे उपेक्षित माताओं और पिता तुल्य लोगों के बीच पाण्डेय गए और उन्हीं लोगों से बृजेश पाठक के जन्मदिन का केक कटवाया और अपने हाथो से भोजन कराया। उनमें से कुछ लोग उपमुख्यमंत्री के बारे में पढ़े थे और कुछ जानते भी थे। उन सभी लोगों ने बृजेश पाठक द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान की चर्चा भी किए।
छात्र नेता विवेकानन्द पाण्डेय ने बताया कि बृजेश पाठक ना केवल उपमुख्यमंत्री हैं बल्कि सच्चे अर्थों में वह हृदय से एक बड़े समाजसेवी हैं। उनके दिल में समाज में दबे कुचले और पीड़ित लोगों के प्रति बड़ा आदर भाव है। इस अवसर पर लोगों से छात्र नेता विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि वृद्धाश्रम की संचालिका और यहां के कर्मचारी बड़े ही मनोयोग से वृद्धजन की सेवा सुरक्षा करते हैं ताकि वृद्धजनों को अपने घर का अभाव ना खटके। इस परिपेक्ष में छात्रनेता विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि उपमुख्यमंत्री से बात करके यहां के वृद्ध आश्रम के बारे में बताएंगे और प्रयास करेंगे कि उनका दौरा इस वृद्ध आश्रम में जरूर हो एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनका समय-समय पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर उपलब्ध कराई जाए। इस अवसर पर छात्र नेता विवेकानन्द पाण्डेय, जेपी पाण्डेय, किशन गुप्ता, राहुल गुप्ता (सभासद), अभिषेक द्विवेदी, शिवम उपाध्याय, विनोद दुबे, गोविंद यादव, पंकज शर्मा, अनुपम पाण्डेय आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने रविवार को अपने कार्यालय पर जनसंवाद कर क्षेत्र की समस्याओं का हाल जाना। इस दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रो के आए लोगों ने अपनी समस्याओं से एमएलसी को अवगत कराया। लोगों ने जमीन सम्बन्धी विवाद, सिंचाई और बिजली आपूर्ति सम्बंधित समस्याएं, मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता कोष जैसी समस्याओं के बाबत एमएलसी को अवगत कराया। इस दौरान दिलदारनगर के सभासदों का एक प्रतिनिधि मंडल और घनश्याम सोनी के नेतृत्व में सादात के सभासदों का प्रतिनिधि मंडल नगरपंचायत की समस्याओं से एमएलसी को अवगत कराया।
सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए एमएलसी ने संबंधित नगरपंचायत के EO से वार्ता कर समस्याओं को दूर करने के लिए निर्देशित किया। इस दौरान राजदेव कुशवाहा, विनोद, दलसिंगार, शशिपाल यादव, लाल जी, पिंटू, राकेश सिंह और भक्ति कुशवाहा के समस्याओं का निस्तारण करते हुए एमएलसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर प्रमुख विरनो, प्रमुख सैदपुर, प्रमुख बाराचवर, प्रमुख देवकली, प्रमुख मरदह, पूर्व प्रमुख सदर घूरा सिंह, पूर्व प्रमुख मरदह विजय यादव सहित जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, सभासद, मण्डल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
गाजीपुर। बकरीद व श्रावण माह में कावड़ यात्रा को शान्तिपूर्वक, सकुशल सम्पन्न कराने के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा पुलिस लाईन सभागार में शुक्रवार को किया गया। इस दौरान सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए जनपद वासियों से अपील किया कि बकरीद, श्रावण यात्रा के साथ अन्य सभी पर्व व त्यौहार को उत्साह, एकता, आपसी भाईचारे एवं जनपद की गंगा जमुनी तहजीब व शान्ति के साथ मनायें। बकरीद व श्रावण माह में कावड़ यात्रा के समुचित तैयारियों के क्रम में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों एवं अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि कावड़ यात्रा से सम्बन्धित सड़कों पर नियमानुसार आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे कावड़ यात्रा के दौरान किसी भी कावरियें के चोटिल होने, घायल होने या तबीयत बिगड़ने के दृष्टिगत कावड़ मार्गाे पर निश्चित स्थानों पर एम्बुलेंस की उपलब्धता हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्राईवेट अस्पतालों द्वारा भी चिकित्सा कैम्प लगाये जाएगें। जहॉ पर कावरियों के दवा के साथ-साथ रिफ्रेसमेंट होने का समुचित प्रबन्ध रहेगा। पानी, सरबत, भण्डारा इत्यादि अल्पाहार की व्यवस्था भी ग्राम प्रधानों, नगर पंचायत/पालिकाओं, स्वयं सेवी संगठनों, व्यापार मण्डल इत्यादि द्वारा किये जाएगें। जिला अभिहित अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कावड़ मार्गाे पर स्थित सभी ढ़ाबों, रेस्टोरेंट, होटलों पर रेट सूची के साथ ताजे, शुद्ध व सही भोज्य पदार्थ व अन्य खाद्य सामग्रियो का बिक्रय सुनिश्चित हो। खाद्य दुकानों पर साफ-सफाई व डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखा हो। जिलाधिकारी ने बताया कि श्रावण मास में कावरियों के सुविधा के लिए सिविल डिफेंस के वॉलेटियर्स, एनसीसी, एनएसएस, प्रादेशिक रक्षा दल, युवा मंगल दल के वॉलेटियर्स लगाये जाएगे। उन्होंने जनपद के सभी शिवालयों में साफ-सफाई, जल इत्यादि की व्यवस्था के क्रम में सम्बन्धित ग्राम प्रधानों व अधिशासी अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया।
त्यौहारों पर जनपद में शान्ति बनाये रखने हेतु अपने गांव तथा मोहल्लों में आने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति के बारे में जानकारी रखें और संदिग्ध व्यक्ति मालूम होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी त्यौहारों पर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा शान्ति व्यवस्था पर पूरी नजर रहेगी और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी तरह की अफवाह फैलाने एवं शान्ति भंग करने का प्रयास करने वाले लोगों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर व्यापक सफाई व्यवस्था रहेगी और पेयजल एवं विद्युत सप्लाई नियमित कराई जायेगी। उन्होने कहा कि कावड़ यात्रा परम्परागत मार्गाे से निकाली जायेगीं तथा कोई नयी परम्परा नही की जायेगी साथ ही डीजे पर निर्धारित आवाज में केवल भक्ति गीत ही बजाये जायेगें। जिलाधिकारी ने कहा कि बकरीद पर्व पर सफाई, पेयजल एवं विद्युत सप्लाई की समस्या होने पर संबंधित अधि0अभियन्ता के टोल फ्री नम्बर पर सम्पर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते है। विद्युत विभाग के अभियन्ताओ को निर्देश दिया कि त्यौहारो के दौरान निर्वाध गति से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाय।
उन्होने कहा कि कावड़ यात्रा के मार्गाे का निरीक्षण कराया जा रहा है और खराब सड़कों को ठीक कराया जायेगा एवं कावड़ यात्रा मार्गाे पर कांवड़ यात्रियों को ठहरने हेतु शिविर लगाने के साथ पेयजल आदि की व्यवस्था भी करायी जायेगीं। बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि जनपद में पर्व एवं त्यौहारों के साथ कावड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि शहर के मोहल्लों एवं गांव के मजरों में बीट सिपाहियों की गस्त बढ़ायें और लोगों से समन्वय बनाकर क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी भी रखें। साथ ही उन्होने बकरीद पर प्रतिबन्धित जानवरो की कुर्बानी न करने की अपील की तथा सुअर बाड़ा मालिको से पर्व के अवसर पर अपने जानवरो को घरो मे ही रखने का निर्देश दिया। खुले में कुर्बानी नही करने, तथा कुर्बानी के अपशिष्ट को खुले में न फेका जाय बल्कि नगर पालिका एवं नगर पंचायत द्वारा चिन्हित स्थानो पर ही फेका जाय। कोई नयी पराम्परा की शुरूआत न करे। सोशल मीडिया पर किसी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक एवं निराधार खबरे न पोस्ट करे अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि कांवर यात्रा से गुजरने वाले मार्गाे पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जायेगा ताकि कावड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कांवर यात्रा सुरक्षित निकल जाये। उन्होंने सम्बन्धित थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि कावड़ मार्ग पर पड़ने वाले अण्डे, मीट, मछली, मांस की दुकानों को अन्दर कही शिफ्ट करवाना सुनिश्चित करें, साथ ही आसामाजिक तत्वों से सावधान रहे और किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा, अपर पुलिस अधीक्षक सहित सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त इ0ओ0 नगर पालिका/नगर पंचायत, समस्त थानाध्यक्ष, विभिन्न धर्मो के धर्मगुरू, स्वयं सेवी संगठनों के पदाधिकारी एवं जनपद के संभ्रान्त नागरित सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।
लोकसभा गाजीपुर कि चुनावी जनसभा को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने किया सम्बोधित
गाजीपुर। (जखनियां) उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के नौ वर्ष के उपलब्धियों को लेकर अलीपुर मंदरा ग्राम के हडौरा डिह बाबा स्थान पर पानी टंकी के पास बगीचे में गुरूवार को एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नौ वर्षों में गरीब कल्याण के लिए सैकड़ों योजनाएं लाकर हर गरीब का सपना पूरा किया है। दुनिया मे भारत एक ताकतवर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, हर गरीब के पक्के मकान का सपना मोदी जी ने पूरा किया। वहीं उन्होंने कहा कि जब हमारी माताएं बहने शाम को शौच के लिए जातीं थीं विषम परिस्थितियों का सामना करतीं थीं। आज मोदी जी ने उन्हें शौचालय देकर उनका सम्मान किया है। कोई गंभीर बीमारी होने पर गरीब माताओं, बहनों के गहने तथा खेत या तो बिक जाते थे या तो गिरवी रख दिया जाता था। आज आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 5 लाख तक के चिकित्सा का लाभ उनको मिल रहा। उन्होंने कहा कि काया कल्प योजना के माध्यम से देश के सभी स्कूलों में सुधार हुआ है। आज हमारे पास 1 करोड़ 92 लाख प्राथमिक विद्यालय है और उन सभी विद्यालयों को प्राइवेट स्कूलों से बेहतर बनाया जा रहा है। बिजली पर उन्होने कहा कि पहले बिजली सिर्फ सैफई और इटावा को मिलती थी, आज प्रदेश के 75 के 75 जिलों को बिजली बराबर मिल रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में गुंडे बदमाश लुच्चे लफंगे सत्ता के गलियारों में चौड़े से घूमते थे।आज गुंडे, बदमाश, माफिया जेल में है और कुछ तो जो बाहर है गुंडई और अराजकता नहीं करेंगे की पट्टी लगाकर घूम रहे है। आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन गया है। कहा कि भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ जबकि सपा सरकार में रोज दंगे होते थे। आज कावरिया निकलते हैं तो उनपर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा होती है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अयोध्या में हजारों कारसेवकों को भून दिया गया था,आज भाजपा सरकार मे राम मंदिर बन रहा है। उन्होंने लोगों से कहा कि सपा के लोगों से राम मंदिर का दर्शन करने के लिए चलिए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगो कि टोपी का लाल रंग कारसेवकों के खुन से सना है ।ये वही समाजवादी है जो वोटों की खातिर अयोध्या की धरती को लाल कर दिए, इनके टोपी का लाल रंग कारसेवकों के खून से रंगा हुआ है। लोग कहते थे कश्मीर से 370 धारा हटी तो खुन की धारा बहेगी एक मच्छर के बराबर भी खून नही गिरा और कश्मीर में धारा 370 हट गया। 2014 से पहले पाकिस्तान आतंकवादी भेजता था पर पाकिस्तान के घर मे घुसकर मारते हैं। हमारे 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री ने अभिनंदन को सकुशल वापस भारत लाया गया, भारत बदल चुका है। आज अमेरिका में जिस तरह से मोदी जी का सम्मान हुआ है वह 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। गाजीपुर के विषय में उन्होंने कहा कि 2019 में थोड़ी सी गलती हुई पर 2024 में प्रचंड कमल खिलाना है।
इस दौरान उन्होंने कहा मैं बृजेश पाठक गाजीपुर के एक-एक लोगो की आजीवन सेवा करूंगा। सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कि गाजीपुर वीरों, कलाकारों, साहित्यकारों की यह शहीदी धरती है। 2014 में जब मनोज सिन्हा जी चुनाव जीते थे तो विकास कि यहां लहर तेज गति से चल रही थी ।अब गाजीपुर की जनता एक बार फिर से कमल खिलाने को तैयार हैं। उन्होंने आजमगढ़ में भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों का वर्णन करते हुए कहा कि जहां-जहां कमल खिलता है वहां वहां लक्ष्मी मां की साक्षात कृपा हो जाती है। जनसभा को विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, सपना सिंह, प्रो शोभनाथ यादव, डॉ संगीता बलवंत, रामराज बनवासी ने भी संबोधित किया। उद्बोधन के माध्यम से भाजपा जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह तथा जिला प्रभारी अशोक मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत अभिनंदन किया। आभार धन्यवाद लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में आजमगढ़ सांसद दिनेश लाल निरहुआ, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगरपालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल और अभिनव सिन्हा ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक का स्वागत अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ भेंट कर किया। जनसभा की अध्यक्षता भानु प्रताप सिंह तथा संचालन महामंत्री ओमप्रकाश राय ने किया।
इस अवसर पर कार्यक्रम व मंच पर उपस्थित लोगों में ,राम तेज पांडेय, विजय शंकर राय, बृजेंद्र राय,मुराहू राजभर, रामनरेश कुशवाहा, कालीचरन राजभर, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, राजेश राजभर, शशिकांत शर्मा, रघुवंश सिंह पप्पू,सरोज मिश्रा, ओमप्रकाश राम, सुशीला सोनकर, जयप्रकाश गुप्ता, ओमकार मिश्र, पंकज सिंह चंचल, सरिता अग्रवाल, अवधेश राजभर, अच्छेलाल गुप्ता, सुनील सिंह, संकठा प्रसाद मिश्र,अटल सिंह,झुन्ना सिंह, प्रमोद वर्मा, विस्तारक रविप्रकाश जी, शैलेश कुमार राम, मनोज बिंद, सुरेश बिंद, विवेकानंद पांडेय सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।
गाजीपुर। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) कार्यक्रम 10 अगस्त से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए शासन एवं स्वास्थ्य विभाग काफी सक्रिय है और तैयारियों में जुटे हैं। इसी क्रम में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय बैठक राइफल क्लब के सभागार कक्ष में आयोजित हुई। सीडीओ ने कहा कि राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत जनपद के समस्त ब्लॉकों में फाइलेरिया उन्मूलन के लिए सर्वजन दवा वितरण (एमडीए) कार्यक्रम 10 अगस्त से संचालित किया जाएगा। इसमें आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अपने समक्ष कराएंगी। उन्होंने अपील की है कि फाइलेरिया से बचने के लिए हर साल चलने वाले एमडीए राउंड के दौरान दवा का सेवन अवश्य करें। इस दवा का सेवन दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और अति गंभीर बीमार को छोड़कर सभी को करना है। सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रयास करें। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस एमडीए राउंड में जनपद की करीब 85 प्रतिशत लक्षित आबादी को फाइलेरिया बीमारी से बचाव के लिए उम्र के अनुसार एमडीए दवा का सेवन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के समक्ष कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दवा का सेवन दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और अति गंभीर बीमार को छोड़कर सभी को करना है। लगातार पांच वर्षों तक साल में एक बार दवा खाने से इस बीमारी के होने से रोकने या नियंत्रित करने में मदद मिलती है। एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह ने बताया कि अभियान शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षक, ग्राम प्रधान, नगर पालिका व नगर पंचायत कर्मियों को शुक्रवार से प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एमडीए की दवा फाइलेरिया के परजीवियों को नष्ट करने के साथ पेट के अन्य कीड़ों व समस्याओं को दूर करने में भी मदद करती हैं। इसलिए सभी लोग इस दवा का सेवन करें जिससे वह इस बीमारी से बच सकें। दो साल से कम आयु के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्तियों को इन दवाओं का सेवन नहीं करना है। दवा को चबाकर खाना है। खाली पेट दवा का सेवन नहीं करना है। जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) मनोज कुमार ने बताया कि एमडीए दवा का सेवन कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित आईसीडीएस, पंचायती राज व ग्राम विकास, जिला विधालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, आपूर्ति, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, आजीविका, आईएमए, सूचना अधिकारी आदि का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ, पाथ, पीसीआई, सीफार, चाई व अन्य स्थानीय संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। डीएमओ ने बताया कि फाइलेरिया बीमारी मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होती है। यह बीमारी मुख्यतः व्यक्ति के शरीर के चार अंगों जैसे पैर, हाथ, अंडकोष और महिलाओं का स्तन को प्रभावित करती है। शुरुआत में इस बीमारी के कोई लक्षण नहीं देते हैं। इसके लक्षण दिखने में 10 से 15 साल लगते हैं। इसलिए सभी को फाइलेरिया की दवा खाना बेहद जरूरी है। जिससे उचित समय पर ही इसकी रोकथाम की जा सके। सहायक मलेरिया अधिकारी राम सिंह ने बताया कि फाइलेरिया की जाँच रात के समय होती है। जांच के लिए रक्त की स्लाइड रात में बनायी जाती है, क्योंकि इसके परजीवी दिन के समय रक्त में सुप्तावस्था में होते हैं और रात के समय सक्रिय हो जाते हैं। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (पुरुष व महिला), समस्त एसीएमओ, अंधता निवारण, क्षय रोग, कुष्ठ रोग, मलेरिया व सर्विलान्स अधिकारी, जिला आपूर्ति, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक, सूचना, बेसिक शिक्षा व अन्य विभागों के अधिकारी, आईएमए अध्यक्ष, डीपीएम, सहायक मलेरिया अधिकारी सहित यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ, पाथ, पीसीआई, सीफार, चाई संस्था के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।