All posts by tiwarishivpratap

सपा ने दिनेश पर लगाई मुहर

गाजीपुर। काफी गहमा गहमी के बाद सपा ने शनिवार को नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए दिनेश यादव को प्रत्याशी घोषित किया। काफी दिनों से राजनीतिक गलियारों में टिकट को लेकर कई दावेदारों ने अपनी दमदार दावेदारी पेश किया। लेकिन दिनेश यादव को टिकट मिलते ही एक बार फिर से राजनीतिक गलियारों में चर्चा शूरू हो गई है। टिकट की घोषणा होते ही पार्टी कार्यालय समता भवन पर कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, दिनेश यादव, गोपाल यादव, द्वारिका यादव, अशोक कुमार बिंद, बाबी चौधरी, निजामुद्दीन खां, कंचन रावत, राकेश यादव, रमेश यादव, रीना यादव, रामाशीष आदि उपस्थित थे।

डीएम ने ईद पर्व पर दिया साप्ताहिक बंदी में छूट

गाजीपुर। श्रम प्रवर्तन अधिकारी पूर्ति यादव ने बताया है कि व्यापार मण्डल की माँग पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी द्वारा ईद पर्व के दृश्टिगत जनपद के नगर पालिका परिसद/टाउन एरिया, नोटिफाइड क्षेत्रों के समस्त दुकानों व वाणिज्य अधिश्ठानों को साप्ताहिक बंदी से छूट प्रदान किया गया है।

सपाइयों ने मनाई बाबा साहब की जयंती

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में पार्टी कार्यालय लोहिया भवन पर भारतीय संविधान के शिल्पी डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर जिला उपाध्यक्ष निजामुद्दीन खां की अध्यक्षता में माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी शुक्रवार को आयोजित हुई। गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भारतीय संविधान की रक्षा करने का संकल्प लिया। गोष्ठी में पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव और पुर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से विधान परिषद के प्रत्याशी रहे मदन यादव, सदानंद यादव, अशोक कुमार बिंद,अरुण कुमार श्रीवास्तव,दिनेश यादव , आमिर अली, रामवचन यादव, डॉ समीर अली, सिंकदर कन्नौजिया,अतीक अहमद,असलम खां, अशोक अग्रहरि, छन्नू यादव, गोपाल यादव,अमित ठाकुर, पंकज यादव,रविन्द्र प्रताप यादव, हरवंश यादव,नफीसा बेगम, पूजा गौतम, दीपक उपाध्याय,धर्मेन्द्र यादव,महेंद्र बिंद,सूर्यभान यादव ,पवन यादव ,लड्डन खां आदि उपस्थित थे। इस गोष्ठी का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

बाबा साहब ने समाज को एक समान जोड़ने का कार्य किया:डीएम


डॉ0 भीमराव आंबेडकर की धूमधाम एवं हर्षाेल्लास से मनाई गई 132वीं जयंती


गाजीपुर। जनपद में भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती शुक्रवार को धूमधाम एवं हर्षाेल्लास से मनाई गई। डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव महू में हुआ था। उनके पिता का नाम रामजी मालोजी सकपाल और माता भीमाबाई थीं। बाबा साहब के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर लोगों को चलना चाहिए। उनके विचारों पर चलने से देश आगे बढ़ेगा। उनका विचार था कि सभी को समान अधिकार मिले और सभी लोग शिक्षित बने। रायफल क्लब सभागार में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बाबा साहब के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा साहब की सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, उनके बताए गए विचारों पर चलें। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने समाज को एक समान जोड़ने का कार्य किया है। भारतीय संविधान बनाने में बाबा साहब का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि उनका विचार था कि समाज में समता होनी चाहिए। सभी को बराबर का समान, अधिकार एवं न्याय मिलना चाहिए। डॉ. आंबेडकर का पूरा जीवन संघर्ष, सत्यनिष्ठा, लगन व वंचित वर्ग के प्रति करुणा का प्रतीक है। उन्होंने व्यक्तिगत जीवन मे अनेक बाधाओं व कष्टों को सहा किंतु कभी भी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। सार्वजनिक जीवन मे उन्होंने अश्पृश्यता व भेदभाव का कड़ा विरोध किया। उन्होने कहा कि महापुरूषों के जीवन का अनुसरण करते हुए व्यक्ति को उनके द्वारा बताए गए रास्तों पर चलकर देश, प्रदेश की तरक्की, खुशहाली के लिए अपना जीवन व्यतीत करना चाहिए। जिलाधिकारी  ने बाबा साहब के जन्म दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि बाबा साहब के बताए गए रास्तों पर चल कर देश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि जो अपने सुखसाधनों को छोड़कर देश का हित करें, ऐसे महान व्यक्तियों को नमन करते हैं। देश बदलना है तो शिक्षित होना बहुत ज़रूरी है। बाबा साहब ने समाज में परिवर्तन लाने के लिए अनोखा कार्य किया है। समाज के सभी वर्ग एक ही पंक्ति में खड़े हो सकें, ऐसे उनके विचार थे। संविधान निर्माण में उन्होंने सभी धर्म, वर्ग, जाति को एक समान करने का विशेष ध्यान रखा। नैतिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है कि सभी कार्यों का समय से निर्वाहन करें।

अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बाबा साहब के जन्म दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि संविधान में समाज के हर वर्ग, जाति को बराबर का दर्जा दिया गया है। जिस व्यक्ति को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे समय से निभाए। बाबा साहब चाहते थे कि गरीब व्यक्तियों को किसी प्रकार की समस्या न होने पाए। डॉ0 भीमराव अंबेडकर साहब की इच्छा थी कि संविधान को मजबूत बनाना हैं। प्रत्येक वर्ग को एकजुट होकर समाज के लिए योगदान करते रहें। उन्होंने कभी अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया। आज हम एक सफल लोकतंत्र के रूप में दुनिया भर में सम्मान की दृष्टि से देखे जाते हैं तो इसके पीछे उस संविधान की सबसे बड़ी भूमिका है, जिसके शिल्पकार डॉ. अम्बेडकर हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक अच्छा लोकसेवक और एक अच्छा नागरिक बनने के लिए हमे डॉ भीमराव आंबेडकर की जीवनी व उनकी लिखी किताबों को पढ़ना चाहिये। अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व ने कहा कि देश में उनका बहुत बडा योगदान है। उन्होने कहा कि नारी शक्ति, शिक्षा, मताधिकार सहित आदि अधिकार दिलाने में उनका योगदान हैं। भारत एक विविधता भरा देश है और तत्कालीन समय मे यह अनेक विषमताओं से जूझ रहा था। ऐसी परिस्थिति में इन विविधताओं को स्वीकारते हुए अखंड राष्ट्र का निर्माण बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन डॉ. आंबेडकर के नेतृत्व में प्रारूप समिति ने न सिर्फ इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया बल्कि एक ऐसे संविधान का निर्माण किया जो “विविधता में एकता“ जैसे भारतीय मूल्य का साकार रूप था। भारत को एक राष्ट्र के रूप में खड़ा करने में संविधान की अतुलनीय भूमिका है। इस अवसर पर कलेक्टेªट के अधिकारी, एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

सत्यदेव डिग्री कॉलेज में मनाई गई डा.अंबेडकर जयंती

गाजीपुर। सत्यदेव डिग्री कॉलेज परिसर में शुक्रवार को डॉ भीमराव अंबेडकर की 132 वी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर सत्यदेव ग्रुप आप कॉलेजेज के सीएमडी प्रो. आनंद सिंह और एमडी प्रो. सानंद सिंह ने डा. अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण किये। प्रो.आनंद सिंह ने कहा कि डॉ अंबेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। इसलिए अंबेडकर हम लोगों के बीच ना रहते हुए भी वैचारिक रूप से जिंदा है। भारत के प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए उनके नेतृत्व में संविधान का निर्माण हुआ। जिसके सहारे आज भी भारत की प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से चल रही है। बच्चों को उनके जीवन उनके विचार का वृहद अध्ययन कर उनसे कुछ सीखने की महती आवश्यकता है।प्रो. सानंद सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माण के प्रमुख स्तम्भ,वंचित समाज के मूकनायक,स्वतन्त्रता आन्दोलन के दौरान विपरीत परिस्थितियों में समाज का असहयोग तथा तिरस्कार झेलते हुए तात्कालीन भारत के सबसे अधिक शैक्षणिक योग्यता (अर्थशास्त्र के दो विषयों से पीएचडी) धारित करने वाले दलितों के मसीहा,भारत रत्न,डॉ.भीमराव अम्बेड़कर”बाबा साहेब” जिनका जन्म 14 अप्रैल 1891ई० को मध्य प्रदेश के इन्दौर के महू छावनी में हुआ था।अंबेडकर हम लोगों के बीच ना रहते हुए भी वैचारिक रुप से जिंदा दै। इस अवसर पर सत्यदेव डिग्री कालेज के निदेशक,अमित सिंह रघुवंशी ,प्राचार्य डा. राम चन्द्र दूबे प्राध्यापक गण और कर्मचारी उपस्थित रहे।

अतीक अहमद के बेटे और शूटर को यूपी एसटीएफ ने किया ढेर

उत्तर प्रदेश। अधिवक्ता उमेश पाल हत्याकांड के नामजद अभियुक्तों अतीक अहमद और अशरफ को प्रयागराज की नैनी जेल से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में गुरूवार को पेश किया गया। उमेश पाल हत्याकांड में कोर्ट ने अतीक की 7 दिन की रिमांड मंजूर कर दी है। इसी दौरान उमेश पाल हत्याकांड में डेढ़ महीने से फरार चल रहा माफिया अतीक अहमद का बेटा असद को 13 अप्रैल गुरुवार को झांसी में यूपी एसटीएफ द्वारा मुठभेड़ में मारा गया है। उसके साथ ही शूटर गुलाम भी मारा गया है। अतीक अहमद का बेटा असद और मकसूदन का बेटा गुलाम झांसी में डीएसपी नवेंदु और डीएसपी विमल के नेतृत्व में यूपीएसटीएफ की टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था। उमेश पाल की हत्या के बाद से पांचों शूटर फरार थे। इनमें से असद और गुलाम को आज गुरूवार को एसटीएफ ने मार गिराया। जबकि पुलिस ने घटना के चार दिन बाद एनकाउंटर में अरबाज को मार गिराया। छह मार्च को उस्मान उर्फ विजय को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। अतीक अहमद का बेटा असद और मकसूदन का बेटा गुलाम झांसी में डीएसपी नवेंदु और डीएसपी विमल के नेतृत्व में यूपीएसटीएफ की टीम के साथ मुठभेड़ में मारा गया। दोनों पर पांच-पांच लाख रुपए का इनाम था। उमेश पाल को 24 फरवरी 2023 को उनके घर में घुसकर गोलियों से भून दिया गया था। अतीक अहमद का बेटा असद समेत छह शूटर गोली और बम मारते हुए सीसीटीवी में दिखे थे। अगले दिन उमेश की पत्नी ने अतीक, अशरफ, शाइस्ता, अतीक के बेटे, गुड्डू मुस्लिम, उस्मान समेत अतीक के कई अज्ञात गुर्गों और सहयोगियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उस्मान उर्फ विजय चौधरी को पहले ही एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। असद, गुलाम, गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान पर पांच-पांच लाख का इनाम घोषित किया गया था। एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर झांसी में असद और गुलाम के होने की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। दोनों ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में दोनों ढेर हो गए। उनके पास से विदेशी पिस्टल मिली है। असद अहमद पर एक मुकदम था और पांच लाख का इनाम था। गुलाम पर छह मुकदमे थे और पांच लाख का इनाम था। झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया असद अहमद अतीक अहमद का तीसरे नंबर का बेटा था। बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में बंद है। दूसरे नंबर का अली नैनी जेल में है। चौथे और पांचवे नंबर के नाबालिग बेटे बाल सुधार गृह राजरूपपुर में हैं। कोर्ट में बेटे असद के एनकाउंटर की खबर सुनकर माफिया अतीक अहमद बेहोश हो गया।

पंजाब नेशनल बैंक का मना 129वा स्थापना दिवस

गाजीपुर। बुधवार को टाउन हाल स्थित पंजाब नैशनल बैंक के शाखा परिसर में पंजाब नैशनल बैंक का 129वाँ स्थापना दिवस मनाया गया। आज बैंक से जुड़े हर शख़्स के लिए गौरव का अनुभव करने के क्षण हैं। आज हम सब अपनी प्यारी न्यारी बैंक का 129वाँ स्थापना दिवस मना रहे हैं। आज ही के दिन 1895 में पंजाब नैशनल बैंक ने लाहौर (पाकिस्तान) में स्थित अनारकली बाजार से अपनी प्रथम शाखा से अपना व्यवसाय शुरू किया था। पंजाब नैशनल बैंक में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंजाब केसरी, लाला लाजपत राय के सपनों का बैंक है। जिसे हर प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और क्रांतिकारी ने अपनी बैंक मानते हुए इसमें खाता खुलवा कर अपना रिश्ता इस भारतीय स्वदेशी बैंक से जोड़ा। जिसमे प्रमुख रूप से महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और जलियांवाला बाग कमेटी मुख्य रूप से थे। स्थापना दिवस मनाने में प्रमुख रुप से सत्येन्द्र गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, शैलेन्द्र, पप्प, रामअवध व अन्य साथी उपस्थित थे।

स्कूली बच्चों की परेशानी को लेकर बीएसए से मिले शिक्षक, कहा….

गाजीपुर। बुधवार को जनपद के विशिष्ट बी0टी0सी0 शिक्षक एसोसिएशन उ0प्र0 के शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव से मिला। इस दौरान शिक्षकों ने हेमन्त राव को अवगत कराया कि भीषण गर्मी व लू के वजह से छोटे बच्चों को 2 बजे तक विद्यालय में अध्ययन के पश्चात घर जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की सम्भावना बनी रहती है। अतः भीषण गर्मी व लू को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से विद्यालय समय मे परिवर्तन करने का आग्रह किया। जिस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस सम्बन्ध में शिक्षक संघ की मांगों से जिलाधिकारी को अवगत कराया जाएगा। उनकी अनुमति मिलने के पश्चात विद्यालय समय मे परिवर्तन का निर्णय लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में डॉ0 दुर्गेश प्रताप सिंह, प्रमोद उपाध्याय, आनंद सिंह, अनिल कुमार, सुधाकर सिंह सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे।

डीएम ने की राजनैतिक पार्टियों के साथ बैठक, दी जानकारी

गाजीपुर। नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 को निष्पक्ष, पारदर्शी व शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में बुधवार को रायफल क्लब सभागार में समस्त राजैनतिक पार्टियो के पदाधिकारियों के साथ बैठक आहूत कर निर्वाचन प्रक्रिया, आर्दश आचार संहिता आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शान्तिपूर्ण निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराये जाने में सभी राजनैतिक दलो के पदाधिकारियेां सदस्यो का विश्वास व सहयोग हमारे लिये अमूल्य है। उन्होने कहा कि सभी के सहयोग से निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशो का पालन कराते हुये जनपद में शान्तिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराया जायेगा। इस दौरान उपस्थित राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों केा जानकारी देते हुये नाम निर्देशन के बारे में बताया गया कि 11 अप्रैल 2023 से 17 अप्रैल 2023 तक पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्रो का क्रय व जमा करने का अन्तिम तिथि निर्धारित है। इसी प्रकार नामांकन पत्रो की संवीक्षा 18 अप्रैल 2023 तक, नाम वापसी 20 अप्रैल 2023, चुवाव चिन्ह आवंटन 21 अप्रैल 2023, मतदान 4 मई 2023 को पूर्वान्ह 7 बजे से अपरान्ह 6 बजे तक, मतगणना दिनांक 13 मई 2023 को पूर्वान्ह 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक। आर्दश आचार संहिता के सम्बन्ध में जानकारी देते हुये बताया गया कि स्वंतत्र एवं निष्पक्ष रूप से चुनाव सम्पन्न कराने के लिये आर्दश आचार संहिता प्रभावी रूप से लागू कर दी गयी है।

उन्होने कहा कि आर्दश आचार संहित का उल्लघन करने वालो पर सुसंगत अधिनियों में तहत दण्डनीय अपराध मानते हुये कड़ी कार्यवाही की जायेगी। आर्दश आचार संहिता के बारे में जानकारी देते हुये उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी राजनैतिक दल/उम्मीदवार/उनके प्रतिनिधि निर्वाचन के दौरान ऐसा कोई कार्य लिखकर बोलकर अथवा किसी प्रतीक के माध्यम से नही करेगे जिससे किसी धर्म, सम्प्रदाय जाति या सामाजिक वर्ग एवं राजनीतिक दल/उम्मीदवार/राजनीतिक कार्यकर्ता की भावना आहत हो या उससे विभिन्न वर्गाे, दलो/व्यक्तियो के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो। मत प्राप्त करने के लिये किसी जातीय, सम्प्रदायिक और धार्मिक भावना का परोक्ष, अपरोक्ष रूप से सहारा नही लिया जायेगा। पूजा स्थलोे यथा मन्दिर, मस्जिद, गिरजाघर व गुरूद्वारा आदि का उपयोग निर्वाचन में प्रचार हेतु तथा निर्वाचन सम्बन्धी अन्य कार्याे हेतु नही किया जायेगा। सभी राजनैतिक दल/उम्मीदवार किसी चुनावी सभा में गड़बड़ी करना या करवाना मतदाताओं को रिश्वत देना, डरा धमकाकर, आतंकित करके अपने पक्ष में मतदान के लिये प्रभावित करना, चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार का मादक द्रव्य बाटना आदि कार्य नही किया जायेगा। कही पर ऐसा पाये जाने पर आचार संहिता उल्लघन मानते हुये कड़ी कार्यवाही की जायेगी। चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी अन्य राजनैतिक दल/उम्मीदवार या उसके समर्थक का पुतला लेकर चलने, सार्वजनिक स्थानों पर जलाने अथवा इस प्रकार अन्य कृत्य व प्रदर्शन/समर्थन किसी के द्वारा नही किया जायेगा।

राजनैतिक दल/उम्मीदवार के द्वारा राज्य निर्वाचन आयेाग के द्वारा निर्धारित व्यय सीमा से अधिक व्यय नही किया जायेगा। चुनाव प्रचार हेतु किसी व्यक्ति की भूमि/भवन/अहाते/दीवार का उपयोग, झण्डा लगाने/झण्डिया टांगने/बैनर लगाने जैसे कार्य उस व्यक्ति की अनुमति के बिना नही किया जायेगा और नही अपने चुनाव कार्यकर्ताओं/एजेंट को ऐसा करने देंगे। किसी भी शासकीय सार्वजनिक सम्पत्ति, स्थल, भवन, परिसर में विज्ञापन, वाल राइटिंग, किसी राजनैतिक दल/उम्मीदवार के द्वारा नही किया जायेगा। कट आउट/होर्डिग बैनर आदि भी सरकार भवनों/सम्पत्तियों पर नही लगाया जायेगा और न किसी प्रकार से गंदा करेंगे। चुनाव प्रचार हेतु वाहनो के प्रयोग के लिये तथा वाहन पर झण्डा लगाने के लिये जिला प्रशासन/सम्बन्धित रिटर्निंग आफिसर से अनुमति प्राप्त करनी होगी, चुनाव प्रचार हेतु लाउडस्पीकर, सांउड का प्रयोग पूर्वानुमति लेकर ही करेगे और इनका प्रयोग रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक प्रतिबन्धित रहेगा। यह भी बताया गया कि टी0वी0 चौनल/केबिल नेटवर्क/वीडियो वाहन अथवा रेडियो से किसी भी प्रकार का विज्ञापन/प्रचार जिला प्रशासन की अनुमति के पश्चात ही कर सकेंगे। किसी व्यक्ति द्वारा राजनैतिक दलो, प्रत्याशियों के अनुमति के बिना उसके पक्ष में निर्वाचन विज्ञापन का प्रसार सामाग्री प्रकाशित नही करायी जायेगी। यदि कोई व्यक्ति इसका उल्लंघन करते हुये पाया जाता है तो दण्डनीय अपराध मानते हुये कार्यवाही की जायेगी। जन सभा, रैली, जुलूस का आयोजन जिला प्रशासन की अनुमति लेकर ही करेंगे। किसी अन्य राजनैतिक दल के उम्मीदवार के समर्थन मे आयोजित सभाओं व जुलूसो आदि में किसी भी प्रकार से बाधा या विघ्न उत्पन्न नही करेंगे। मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक लाने/वापस ले जाने के लिये किसी भी राजनैतिक दल/उम्मीदवार/एजेंट के द्वारा उपलब्ध नही कराया जायेगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, के अलावा सभी राजनैतिक दलो के पदाधिकारी अमेरिका सिंह यादव राज्य कार्यकारणी सदस्य भा.क.पा, निजामुद्दीन खॉ उपाध्यक्ष सपा, रविकान्त काग्रेस, राजन प्रजापति जिला कार्यालय मंत्री भाजपा, सुभास उर्फ सिपाही बहुजन समाज पार्टी, दयाशंकर पाण्डेय भाजपा, सुरेश बिन्द भाजपा एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहें।

लाल जी गुप्ता ने थामा भाजपा का दामन

लाल जी गुप्ता और उनके पत्नी विजयलक्ष्मी का भाजपाइयों ने किया पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत।


गाजीपुर। नगर निकाय चुनाव से पूर्व नगर पंचायत जंगीपुर के निवर्तमान अध्यक्ष लाल जी गुप्ता तथा उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी भाजपा में शामिल हुई। बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, पुर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा और लोकसभा प्रभारी सुशील उपाध्याय कि उपस्थिति मे पार्टी का पट्टा पहनाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि लाल जी गुप्ता के भाजपा मे पुनर्वापसी से जंगीपुर विधानसभा मे पार्टी की क्षमता मे अतुलनीय वृद्धि हुई है। कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव मे भाजपा जिले कि सभी नगरपालिका तथा नगर पंचायतों पर परचम लहराएगी। लाल जी गुप्ता 1993 मे विद्यार्थी परिषद से जुड़कर भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा मे मंडल अध्यक्ष तक रह चुके है। 2017 के नगर पंचायत चुनाव मे स्वतंत्र प्रत्याशी के रुप मे जंगीपुर नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर विजयी रहे है। इस अवसर पर रामनरेश कुशवाहा, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, शीला सोनकर आदि उपस्थित रही।