All posts by tiwarishivpratap

सचिव ने जेल में बंद बंदियों से की बात, दिया निर्देश

गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को जिला कारागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर की पूर्णकालिक सचिव कामायनी दूबे द्वारा शिविर का आयोजन एवं जेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों से निःशुल्क अधिवक्ता, जेल लोक अदालत तथा उनकी जेल अपील से संबंधित अन्य समस्याएं पूछी गयी एवं उनके यथोचित अधिकार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। बंदियों को उनके संवैधानिक अधिकारों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गयी। जेल अधीक्षक द्वारा बताया गया कि वर्तमान में कुल 1043 बंदी निरूद्ध है। जिसमें 933 पुरूष, 41 महिला, महिला बंदियों के साथ कुल 2 बच्चे निरूद्ध है व 69 अल्पवयस्क है। सुबह का नाश्ता-दलिया, चाय दोपहर का भोजन-रोटी, चावल, अरहर की दाल, सब्जी (आलू, पालक) शाम का भोजन-रोटी, चावल, चना उर्द की दाल, सब्जी (आलू, फुल गोभी) तथा सायं चाय, बिस्कुट दिया जाता है। सचिव द्वारा पुरूष एवं महिला बैरक का भी निरीक्षण किया गया तथा जेल के कई बंदियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने के साथ ही उनके निस्तारण का निर्देश दिया। सचिव ने कारापाल को जिला कारागार में स्थित जेल लीगल क्लीनिक पर विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए ताकि जेल में निरूद्ध बंदियों को समय से व समुचित विधिक सहायता प्राप्त हो सके। ठण्ड से बचाव के लिए बैरक में उचित कम्बल एवं कारागार परिसर में साफ-सफाई, मच्छरो के बचाव के लिए छिड़काव के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर कारापाल रविन्द्र सिंह यादव उपस्थित रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री को सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि

श्रद्धांजलि देते सपा नेता

गाजीपुर। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर जननायक एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई। गोष्टी आरंभ होने के पूर्व पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई को और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस गोष्ठी में जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि कर्पूरी जी का जीवन हम सबके अनुकरणीय है ,उनका संघर्ष,उनकी सरलता, सादगी और ईमानदारी हमें इस बात का संदेश देती है कि यदि आदमी के अन्दर मजबूत इच्छाशक्ति हो तो कोई भी मुकाम हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में हैं, लोकतंत्र को बचाना जरूरी है क्योंकि लोकतंत्र जिन्दा रहेगा तो गरीब जिन्दा रहेगा। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को एक राजनीतिक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बताते हुए सामाजिक न्याय की लड़ाई का महान योद्धा बताया। कहा कि वह सरलता और सादगी के पर्याय थे। उनका नाम उन समाजवादी नेताओं की कतार में आता है जिन्होंने निजी और सार्वजनिक जीवन में आचरण के ऊंचे मानदंड स्थापित किए। उन्होंने आजीवन समाज में व्याप्त आर्थिक एवं सामाजिक विसंगतियों के खिलाफ संघर्ष करते रहे। कर्पूरी ठाकुर का जीवन ताउम्र संघ‌र्षो से भरा पड़ा था। वह लालू जी के राजनीतिक गुरु थे और लोक राज की स्थापना के हिमायती थे। वह बिहार में सामाजिक आंदोलन के प्रतीक थे। वह बिहार की राजनीति में गरीब गुरबों की सबसे प्रबल आवाज थे। इस गोष्ठी में मुख्य रूप से चौथी यादव,निजामुद्दीन खां, सिकंदर कन्नौजिया, सदानंद यादव,देवनाथ कुशवाहा, राकेश यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार यादव, खुर्रम अली,राम अवतार विश्वकर्मा, संदीप यादव,रामनगीना यादव, संतोष यादव, छन्नू यादव, विभा पाल विजय शंकर यादव राममूरत सिंह यादव,आदि उपस्थित थे। गोष्ठी का संचालन लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर ने किया।

डीएम-एसपी ने तीन परीक्षा केंद्र से पकड़े 6 मुन्ना भाई


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केन्द्रो का निरीक्षण किया। दोनों ने नव युवक स्वामी विवेकानन्द इण्टर कालेज मैनपुर, रामदास बालिका इण्टर कालेज मेदनीपुर करण्डा, शान्ति निकेतन इण्टर कालेज जेवर, मॉ तू कालिका इण्टर कालेज जखनियॉ सहित कई परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर डबल लॉक में रखे प्रश्नपत्रों के पैकेटों की टेम्परिंग का भी परीक्षण किया। जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों में जाकर निरीक्षण किया तथा नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में सेक्टर मजिस्ट्रेटो को भी परीक्षा के दौरान निरन्तर भ्रमणशील रहकर शान्ति पूर्ण ढंग से परीक्षा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान शान्ति निकेतन इण्टर कालेज जेवर में एक छात्र एवं मॉ तू कालिका इण्टर कालेज जखनियॉ में परीक्षा के दौरान तीन छात्रो द्वारा दूसरे विद्यार्थी का पेपर देते हुए पकडे जाने पर घोर नाराजगी व्यक्त करते हुए छात्रो के उपर एफ आई आर दर्ज कराने का निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षक को दिया। इसके अतिरिक्त हिन्दू इण्टर कालेज जमानियॉ में केन्द्र व्यवस्थापक द्वारा परीक्षा में 2 छात्रो द्वारा दूसरे की परीक्षा देते हुए पकड़े जाने पर सुशंगत धाराओ में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा गया। जनपद में 253 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्र पर सुपर विजन के लिए 253 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 35 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 11 जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।

प्रथम पाली हाईस्कूल की परीक्षा में छात्र/छात्राओ की टोटल संख्या-85383 थी जिसमें संस्थागत 13126 एवं व्यक्तिगत 35 छात्र/छात्राए परीक्षा में अनुपस्थित पाये गये। जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेने के दौरान कहा कि जिले में प्रत्येक दशा में नकल विहीन परीक्षा करायी जायेगी, यदि इसमें किसी भी व्यक्ति द्वारा अवरोध उत्पन्न करने की कोशिश करते पाया गया तो उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जायेगी। कहा कि जिन परीक्षा केन्द्रों पर नकल कराते पाया गया तो सम्बन्धित परीक्षा केन्द्रों को ब्लैक लिस्टेट किया जायेगा। उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट/केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया है कि परीक्षा केन्द्रों के अन्दर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है, इसका पूर्णतः ध्यान रखा जाए। उन्होने कहा कि परीक्षा केन्द्रो के आस पास स्थित कम्प्यूटर, फोटो कापी की दुकानें भी बन्द रखी जाएं, इसका पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने उक्त विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा कक्ष तथा प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिकाओं के डबल लॉक को देखा। उन्होंने संबंधित प्रधानाचार्याे को निर्देश दिया कि परीक्षा को सुचितापूर्ण संपन्न कराना है। इसको देखते हुए सीसीटीवी कैमरे पूर्णतया संचालित रहें इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक विद्यालय में स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से भी परीक्षा पर पूरी नजर रहेगी सभी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षा संपन्न करायी जाए।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने किया शपथ ग्रहण

गाजीपुर। सेन्ट्रल बार एसोसिएशन का शपथग्रहण समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को आयोजित किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील लाल श्रीवास्तव ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने अधिवक्ता समाज की भूरि भूरि प्रसंशा करते हुए कहा कि बार और बेंच सबको मिलकर वादकारियों के हित में ईमानदारी और पूरी लगन से काम करने की जरूरत है।।विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी वित्त अरुण कुमार सिंह ने भी सभी अधिवक्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह ने समारोह में आये सभी अतिथियों और अधिवक्ताओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बार और बेंच के बीच समन्वय बनाने का पूरा प्रयास करूंगा और अधिवक्ताओं के हक में जैसी भी जरूरत पड़ेगी संघर्ष करने का काम करूंगा। अधिवक्ताओं के मान सम्मान की रक्षा हर कीमत पर करूंगा।
आर्डर कमेटी के चेयरमैन बालेश्वर सिंह ने भी सेन्ट्रल बार एसोसिएशन के सम्बन्ध में विस्तृत रूप से चर्चा किया।
शपथग्रहण समारोह में मुख्य रूप से धन्नजय सिंह, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, अनिल सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव, बृजेश सिंह, राकेश श्रीवास्तव, अनिल सिंह बागी, सत्येन्द्र सिंह, चन्द्रप्रकाश सिंह, यशवंत सिंह , रमेश राय आदि उपस्थित थे।
नवनिर्वाचित महामंत्री राजेश कुमार श्रीवास्तव ने भी समारोह में आये सभी अतिथियों और अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

जिला अस्पताल में पीड़ित बच्चो का किया गया नि:शुल्क इलाज

जिला अस्पताल ग़ाज़ीपुर में क्लब्फूट (टेढ़े- मेढ़े पंजे) पीड़ित बच्चो का किया गया नि:शुल्क इलाज ।

महर्षि विश्वामित्र स्वशासी मेडिकल कालेज से संबंध होने से जिला अस्पताल मे मिलने सुविधाएं बढ़ रही है

  • जिला अस्पताल में 8 क्लब्फुट के बच्चों का निःशुल्क इलाज पोनेसेटी मेथड से प्लास्टर लगाया गया ।

ग़ाज़ीपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एवं अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से जिला अस्पताल गाजीपुर में अब तक 75 बच्चो का नि:शुल्क इलाज किया जा चुका है।.जो की क्लबफुट (टेढ़े पंजे) से पीड़ित थे । जिला अस्पताल के हड्डी विभाग मे कार्यरत डॉ० सतीश सिंह तथा डॉ० के के यादव द्वारा 8 बच्चो का बुधवार को पोनसेटी मेथड से प्लास्टर लगाया गया। डॉ० सतीश सिंह ने बताया कि इन बच्चो के पैर सीधे हो जाने पर जल्द बच्चो का टेनोटॉमी(छोटा आपरेशन) किया जाएगा और फिर ये बच्चे ब्रेस (विशेष प्रकार के जूते ) पहन पाएंगे। डॉ० के के यादव ने बताया कि क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है जन्म के समय से ही बच्चो के पैर का पंजा मुड़ा हुआ होता है। उन बच्चों के पैरों के उपचार के लिये पोंसेटी तकनीकी के सहयोग से क्लब फुट का उपचार संभव है। अनुष्का फाउंडेशन के ब्रांच मैनेजर ने बताया की बच्चे के पैर को धीरे-धीरे बेहतर स्थिति में लाना है और फिर इस पर एक प्लास्टर चढ़ा दिया जाता है, जिसे कास्ट कहा जाता है। यह हर सप्ताह 5 से 8 सप्ताह तक के लिए दोहराया जाता है। आखिरी कास्ट पूरा होने के बाद, अधिकांश बच्चों के टेंडन को ढीला करने के लिए एक मामूली ऑपरेशन (टेनोटॉमी) की आवश्यकता होती है। यह बच्चे के पैर को और अधिक प्राकृतिक स्थिति में लाने में मदद करता है। जिससे पैर अपनी मूल स्थिति पर वापस न आ जाए। फिर बच्चा 4 सालो तक ब्रेस या विशेष प्रकार के जूते पहनता है जो की अनुष्का फाउंडेशन द्वारा नि:शुल्क दिया जाता है। अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम एक्जिक्यूट आनंद कुमार ने बताया कि 0 – 2 साल तक के बच्चे इस नि:शुल्क इलाज का लाभ ले सकते है हमारे संस्था के द्वारा बच्चो के प्लास्टर में लगने वाला जिप्सोना तथा और ब्रेस ( विशेष प्रकार का जूता ) नि: शुल्क प्रदान किया जाता है।कभी-कभी इस प्रक्रिया के काम नहीं करने का मुख्य कारण यह होता है कि ब्रेसिज़ (विशेष प्रकार के जूते) लगातार उपयोग नहीं किये जाते हैं। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि आपका बच्चा लंबे समय तक विशेष जूते और ब्रेसिज़ आमतौर पर तीन महीने के लिए पूरे समय और फिर रात में पहनाने होते है।

मानसिक रोगियों का हुआ ईलाज

गाजीपुर। शासन के मंशा के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य देख-रेख अधिनियम के अनुपालन एवं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अन्तर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद पर वृहद मानसिक स्वास्थ्य ओपीडी डा0 नवीन कुमार सिंह साईक्राईटी एवं उनकी टिम के द्वारा क्षेत्र से आए 43 मरीजों का उपचार किया गया। जिसमे परामर्श एवं अन्य आवश्यक सलाह भी दिया गया। इस ओपीडी सेवा में मानसिक रोग से ग्रसित व्यक्तियों एवं मंद बुद्धि बालको को अधिक से अधिक मानसिक सेवाओं का लाभ दिया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के ओपीडी के लिए क्षेत्र में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया गया था। जिसके तहत उक्त दिवस पर कुल 43 मरीज पहुंचे जिनका डॉ नवीन सिंह एवं उनकी टीम के द्वारा इलाज एवं परामर्श दिया गया। उन्होंने बताया की उक्त दिवस पर हर तरह के टेंशन, सर दर्द, माइग्रेन (अधकपारी), काम में मन न लगना मन उदास, अकेलापन आत्म हत्या का विचार आना, अकेले बुदबुदाना, वेवजह बात करना, नींद का न आना या बार बार नींद खुल जाना, बुढ़ापे में याददाश्त की कमी, मन्दबुद्धि बच्चों में चिड़चिड़ापन , पढ़ाई में मन न लगना, बार बार हाथ पैर धोना ज्यादा सफाई,एक ही विचार बार बार आना, हिस्टीरिया, शराब, गांजा, तम्बाकू, भाग, चरस , स्मैक आदि, सेक्स में रूचि न होना , शीघ्र पतन, दांत की समस्या, हबराहट , बेचैनी, चिन्ता, आवश्यक डर लगना, बार बार बेहोशी, तथा बच्चों एवं बुजुर्ग की व्यवहारिक समस्या इत्यादि से ग्रसित का उपचार, परामर्श इत्यादि किया गया। इस तरह के लक्षण हो तो उपचार कराएं। गांव में झाड़-फूंक, ओझा के चक्कर में न पड़ें। इसके लिए जिला मानसिक स्वास्थ्य की टीम जिला अस्पताल में उपचार के लिए मुस्तैद रहती है। यहां मानसिक रोगियों के लिए काउंसिलिग की भी सुविधा है। जिसमे ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार, फार्मासिस्ट इमरान, बीसीपीएम मनीष कुमार, डा0 पी पी सिंह , बब्लू यादव, आशुतोष पाण्डेय, इत्यादि एवं सतीश कुमार नर्स सहयोग में रहे।

सीडीओ को सौंपा पत्र, की मांग

गाजीपुर। गुरुवार को उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ गाजीपुर का प्रतिनिधिमंडल राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता से मिला। इस दौरान सफाई कर्मचारियों के अतिशीघ्र वेतन भुगतान, महिलाओं, दिव्यांगो, पति पत्नी व गंभीर रूप से बीमार सफाई कर्मचारी साथियों के दूरस्थ स्थानांतरण सहित आदि समस्यायों के निराकरण के संबंध में मांग पत्र सौंपा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा प्रतिनिधिमंडल को आस्वस्थ कराया गया कि संघ के पत्र में उल्लेखित मांग विन्दुओ व समस्याओं का निराकरण अतिशीघ्र किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष रोशन लाल, जिला कोषाध्यक्ष विनोद चौधरी व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव सहित अन्य साथी उपास्थित रहे।

मंत्री के पत्र को लेकर सदस्यों ने की कार्यवाही की मांग

गाजीपुर।जिला पंचायत परिषद के विकास कार्यो,योजनाओं, ठेको और टेंडर प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों पर कई जिला पंचायत सदस्य भी मुखर हैं।जिला पंचायत परिषद की टेंडर प्रक्रिया पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के कथित पत्र के वायरल होने का मामला अब नया मोड़ ले रहा है।जिला पंचायत परिषद के कई सदस्यों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए आवाज बुलंद की है।इस मामले में कई जिला पंचायत सदस्यों की मांग है कि यदि पत्र सही है,तो उस पर कार्यवाही होनी चाहिए।इन जिला पंचायत सदस्यों का कहना है कि यदि पत्र फर्जी है तो फर्जी पत्र से सम्बंधित लोगों पर एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।जिला पंचायत सदस्य अभय सिंह,शैलेन्द्र सिंह और भोला सिंह ने कहाकि जिला पंचायत के कार्यो और टेंडर प्रक्रिया को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने जो पत्र पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है,यदि वो सही है तो लिखे गए पत्र पर शासन को कार्यवाही करनी चाहिए।इन सदस्यों ने कहाकि मंत्री ने इस पत्र को लिखने से इनकार किया है तो इस मामले की गम्भीरता से जांच होनी चाहिए।सदस्यों की मांग है कि पत्र फर्जी पाए जाने पर सम्बंधित लोगों पर कड़ी कार्यवाही हो।सदस्यों का कहना है कि अभी तक इस मामले में महज बयानबाजी की जा रही है,जिससे जिला पंचायत परिषद के सभी सदस्यों की गरिमा को ठेस पहुंच रही है।इन सदस्यों ने कहाकि पूर्व में भी बलिया सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के लिखे एक पत्र को लेकर भी तरह तरह की चर्चा व्याप्त थी।इन सदस्यों की मांग है कि एक जांच समिति बनाकर पूरे प्रकरण की गम्भीरता से जांच हो।जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

योगी सरकार है मां बेटी की मौत के जिम्मेदार: शिवपाल

गाजीपुर। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव एस पी पांडे की बेटी और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष यादव की बहन की शादी में शामिल होने बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव जनपद में आए। इस दौरान भुतहियां टांड़ स्थित एक होटल और लंका मैदान में वर वधू को आशीर्वाद दिया। उसके बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने देश और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। भाजपा राज में अन्याय और अत्याचार चरम सीमा पर है। उन्होंने कानपुर देहात की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह से बेरहम और अमानवीय हो गयी है। उत्पीड़न की घटनाओं की बाढ़ सी आ गयी है। योगी सरकार सत्ता के नशे में मदान्ध हो गयी है। कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र खत्म हो गया है, प्रदेश में बुलडोजर तंत्र चल रहा है। ग्राम समाज की जमीन से कब्जा हटाने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की आंख के सामने मां बेटी जलकर खाक हो गई। इसके लिए पूरी तरह से योगी सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने में योगी सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। प्रदेश का विकास पूरी तरह से ठप है। भाजपा सरकार केवल झूठी आंकड़े बाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का बुलडोजर केवल विपक्ष के लोगों पर चल रहा है। वह विपक्षियों के खिलाफ बदले की भावना से कार्य कर रही है। उन्होंने अब्बास अंसारी की पत्नी निकहत की गिरफ्तारी के सवाल पर कहा कि जेल के अंदर परिवार के लोगों को मिलने नहीं दिया जा रही है। यह सरकार पूरी तरह से तानाशाही के रास्ते पर उतर आयी है। उन्होंने कहा कि आगामी 2024 के चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी अधिक से अधिक सीटें जीतेगी और केन्द्र की सत्ता में परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि जनता मंहगाई से पूरी तरह से त्रस्त है ऐसे में वह परिवर्तन करने के मूड में आ चुकी है। वापस जाते समय वह समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र चौहान के मरदह स्थित आवास पर भी गये और उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया। पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, विधायक ओमप्रकाश सिंह, डॉ वीरेंद्र यादव, जै किशन साहू, मन्नू अंसारी, काशीनाथ यादव, विजय यादव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजेश कुशवाहा, गोपाल यादव, जै हिंद यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, आत्मा यादव, रामवचन यादव, गोपाल यादव, दिनेश यादव, राजेंद्र यादव, सुदर्शन यादव, डॉ नन्हकू यादव, बच्चा यादव, अशोक कुमार बिंद, सिंकदर कन्नौजिया, रविन्द्र प्रताप यादव, असलम हुसैन, अवधेश यादव, सदानंद यादव, हीरा यादव प्रमुख, आशा यादव, विभा पाल, विजाधर यादव, आमिर अली, सुरेन्द्र यादव, नितेश सिंह भोलू ,नरसिंह यादव, विवेक सिंह शम्मी, अभिनव सिंह, अमित ठाकुर, मन्नू सिंह, दीपक सिंह, जावेद खां, देवेन्द्र यादव, रमेश यादव, राकेश यादव, पवन यादव आदि उपस्थित थे।

वित्तीय साक्षरता शिविर का हुआ आयोजन

गाजीपुर। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) 2016 से हर वर्ष वित्तीय साक्षरता सप्ताह (एफएलडब्ल्यू) आयोजित कर रहा है। इसी क्रम में 13 से 17 फरवरी 2023 के दौरान मनाए जाने वाले इस वर्ष के वित्तीय साक्षरता सप्ताह का विषय “बचत, योजना और बजट” और “डिजिटल वित्तीय सेवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग” पर जोर देने के साथ “अच्छा वित्तीय व्यवहार, आपका उद्धारकर्ता” है। इस अवसर पर आरोह फ़ाउंडेशन के सौजन्य से बिरनो के कहोतरी गांव में सामुदायिक केंद्र पर वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन हुआ। अग्रणी ज़िला प्रबंधक शिवशंकर ने वित्तीय साक्षरता सप्ताह का उद्घाटन किया। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए शिवशंकर ने वित्तीय जागरूकता के संदेशों को फैलाकर लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए सभी हितधारकों का आह्वान किया। उन्होंने बचत खाता खोलना क्यो जरूरी, सुकन्या समृद्धि, जन धन खाता, PMJJBY, PMSBY, अटल पेंशन योजना, KCC, Online व मोबाइल बैंकिंग, फ्राड, शिकायत कैसे व कहा करें आदि के संबंध में लोगों को बताते हुए इसका लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।