All posts by tiwarishivpratap

कोर्ट में नहीं पेश हुए मुख्तार, लेकिन बृजेश सिंह हुए हाजिर

गाजीपुर। उसरी कांड में कोर्ट में पेश नहीं हुए मुख्तार लेकिन बृजेश सिंह पहुंच गए। कुछ दिन पूर्व इस मामले में गवाह तौकीर अहमद के बयान पर जिरह हुई थी। तौकीर पहले दिए गए अपने बयान में बृजेश को पहचानने से इन्कार किया था जिस पर आज इस लिए कोर्ट में मुख्तार की गवाही अहम मानी जा रही थी। बता दें कि वर्ष 2001 में उसरी चट्टी पर हुए अपने ऊपर हमले में बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की एमपी-एमएलए कोर्ट में मंगलवार को गवाही होनी थी लेकिन नहीं हुई। हालांकि मुकदमे के आरोपित बृजेश सिंह वकील के माध्यम से कोर्ट में पेश हुए। अब मुख्तार अंसारी के पेश न होने से कोर्ट क्या आदेश देता है वह तो कुछ देर में मालूम हो ही जाएगा। मालूम हो कि 2001 में मुख्तार के पैतृक घर युसूफपुर फाटक से मऊ विधानसभा क्षेत्र में जाने के दौरान मुहम्मदाबाद क्षेत्र के ऊसरी चटट्ी पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने स्वचलित हथियारों से मुख्तार अंसारी की गाड़ी को छलनी कर दी थी। इस हमले में मुख्तार अंसारी के सरकारी अंगरक्षक सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। एक हमलावर भी मारा गया था। इस मामले में मुख्तार अंसारी ने बृजेश सिंह, त्रिभुवन सिंह को नामजद किया था। बृजेश सिंह जेल से जमानत पर बाहर हैं, जबकि त्रिभुवन सिंह जेल में बंद है। स्थानीय एमपी-एमएलए कोर्ट में यह मुकदमा विचाराधीन है।मंगलवार को मुख्तार के बयान न होने के कारण कोर्ट अगली तारीख क्या निर्धारित करती है यह कोर्ट पर निर्भर है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के माफिया और बाहुबली के रूप में अपनी छवि बना चुके दो हस्तियों की आज यानी मंगलवार को गाजीपुर कोर्ट में पेशी होनी थी। यह दोनों हस्ती पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और माफिया बृजेश सिंह हैं, जिनका 21 साल बाद कोर्ट में आमना-सामना होगा। पेशी के दौरान माफिया बृजेश सिंह आरोपी बनकर कटघरे में खड़ा होगा, वहीं मुख्तार अंसारी गवाह बनकर बृजेश सिंह को पहचानता। यह पेशी गाजीपुर की स्पेशल एमपी एमएलए कोर्ट में होनी थी लेकिन अब मुख्तार अंसारी का कोर्ट में ना आना चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, 21 साल पुराने उसरी चट्टी कांड में दोनों माफियाओं की अदालत में पेशी होनी थी लेकिन, मुख्तार अंसारी का बांदा जेल से न आना कोहरे का कारण बताया जा रहा है। बृजेश सिंह के पेशी के दौरान कोर्ट परिसर के आस पास भारी संख्या में पुलीस फोर्स मौजूद रही।

इन रोगों को जड़ से खत्म करने के लिए शुरू हुआ विशेष टीकाकरण अभियान

11 तरह के रोगों से बचाने के लिए शुरू हुआ विशेष नियमित टीकाकरण अभियान

ग़ाज़ीपुर। नियमित टीकाकरण जो बच्चों और गर्भवती के साथ ही धात्री महिलाओं को कई तरह के रोगों से बचाता है। ऐसे ही लोगों के लिए विशेष टीकाकरण पखवाड़ा जो 9 जनवरी से शुरू होकर 24 मार्च तक कुल 3 पार्ट में चलना है ।इसी को लेकर सोमवार को विशेष टीकाकरण पखवाड़े का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह के द्वारा अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीखाना पर छोटे बच्चों का टीकाकरण कर किया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ उमेश कुमार ने बताया कि मीजल्स-रूबेला को इस साल के आखिर तक जड़ से खत्म करने के लिए सोमवार से विशेष टीकाकरण पखवाड़ा शुरू हो रहा है। जिले में जन्म से पांच साल तक के जिन बच्चों को वैक्सीन नहीं लगी है या किसी कारणवश छूटे हैं सभी बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 9-20 जनवरी तक पहला विशेष पखवाड़ा, 13 से 24 फरवरी तक दूसरा और 13 से 24 मार्च तक तीसरा विशेष पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस पखवाड़े के दौरान नियमित सत्र को प्रभावित नहीं किया जाएगा। विशेष टीकाकरण का काम नियमित टीकाकरण से अलग दिवसों में किया जाएगा। नियमित टीकाकरण में छूटे हुए बच्चों को चिन्हित करने का काम दिसंबर में ही किया जा चुका है। इस काम के लिए आशा, आंगनबाड़ी, शहरी सुपरवाइजर, लिंक सर्वर आदि की मदद ली गई थी।

उन्होंने बताया कि एक साल तक के बच्चों को एम आर- 1 और पेंटा की वैक्सीन लगेगी। एक साल से पांच साल तक के बच्चों को एम आर – 2 और डीपीटी बूस्टर- 2 की वैक्सीन लगेगी। छूटे हुए बच्चों की रिपोर्ट एएनएम के माध्यम से नोडल अधिकारी को दी गई थी। शहर में दूर-दराज के जो भी ऐसे क्षेत्र हैं, जहां लोग नियमित टीकाकरण कराने के लिए नहीं जाते। उनके लिए विभाग ने विशेष माइक्रोप्लान तैयार किया है। जिससे कोई भी बच्चा किसी भी टीके से वंचित न हो। पांच साल तक के बच्चों को 11 जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। इस टीके से टीबी, पोलियो, गलघोंटू, काली खांसी, टेटनेस, निमोनिया, हीमोफिल्स, इन्फ्लूएंजा, खसरा, रूबेला, रोटा वायरस, डायरिया व हेपाटाइटिस बी से बचाव होता है। इस पखवाड़ा में गर्भवतियों को भी टीका लगेगा। इस कार्यक्रम में डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ विनय शंकर, डीपीएम प्रभुनाथ ,चाई के मणिशंकर, यूएनडीपी के प्रवीण उपाध्याय के साथ ही कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।

गाजीपुर और जौनपुर लोकसभा मे भाजपा का लहराएगा विजय का पताका

राष्ट्र सम्मान और जन जन के समृद्धि के प्रति समर्पित होकर कार्य करती रही है भाजपा महेश चन्द्र श्रीवास्तव


गाजीपुर। जनसहभागिता और सार्वजनिक भागीदारी के साथ भारतीय जनता पार्टी लगातार राष्ट्र सम्मान और जन जन के समृद्धि के प्रति समर्पित होकर कार्य करती रही है और आज यह देश की कुल आबादी 130 करोड़ के विकास लक्ष्य को लेकर नये भारत के निर्माण की ओर अग्रसर है। यह बात सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय छावनी लाइन पर भाजपा पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कही। उन्होंने कहा कि काशी क्षेत्र के दो लोकसभा क्षेत्रों को विगत चुनाव मे हम जितने से वंचित रह गए थे। लेकिन 2024 के चुनाव मे हमारा लक्ष्य है कि अब तक के भारी अंतर से हम गाजीपुर और जौनपुर लोकसभा मे भाजपा का विजय पताका लहराएंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने स्पष्ट रूप से कहा कि उत्तर प्रदेश मे महिलाएं तथा व्यापारियों के साथ आम जन जीवन आज भयमुक्त जीवन जी रहा है। आज सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से किसान जहाँ उन्नति कृषि और उचित फसल मूल्यों के साथ समृद्धि की ओर अग्रसर है वही समाज के गरीब और कमजोर लोगों के बुनियादी जरूरतों के लिए भी सरकार कार्य कर रही, सफाई और स्वच्छता के साथ स्वास्थ के प्रति भी लगातार कार्य कर छोटे से छोटे क्षेत्रों मे आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि इसी महीने मे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी गाजीपुर मे एक विशाल जनसभा सम्बोधित करने कि संम्भावना बन रही है जिसके तिथि, समय और स्थान की घोषणा शीघ्र होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुखातिब होकर कहा की महिलाओं को संगठित कर उनके लिए सरकार से मिल रहे लाभ की जानकारी तथा उन्हें सहयोग कर लाभान्वित कराना हमारा उद्देश्य है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा छात्रों से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का जिले के विभिन्न विद्यालयों मे एलईडी टिवी के माध्यम से दिखाया जाएगा। बैठक मे भारतीय जनता पार्टी के पुर्व प्रदेश अध्यक्ष, तीन बार उ प्र विधानसभा अध्यक्ष के अलावा पं बंगाल के पुर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके आत्मा को शान्ति के लिए प्रार्थना कि गयी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महेश चंद्र श्रीवास्तव सहित सभी लोगों को पुष्प गुच्छ, स्मृति तथा शाल देकर सम्मानित किया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया। बैठक मे विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिला प्रभारी अशोक मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, सरोज कुशवाहा, पुर्व मंत्री डा संगीता बलवंत, सुनीता सिंह, कालीचरण राजभर, प्रभुनाथ चौहान, लोकसभा प्रभारी सुशील उपाध्याय, पुर्व जिलाध्यक्ष विजय शंकर राय, रामतेज पांडेय, वृजेन्द्र राय, प्रोफेसर शोभनाथ यादव, नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, लोकसभा विस्तारक रविप्रकाश पांडेय, ब्लाक प्रमुख मनोज गुप्ता, अवधेश राय, राजन सिंह, सीता सिंह, आनन्द राय, सुनील सिंह, ओमप्रकाश राय, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, विनोद अग्रवाल, रामनरेश कुशवाहा, संकठा मिश्रा, राजेश राजभर, अखिलेश सिंह, श्यामराज तिवारी, ओमप्रकाश राम, सरोज मिश्रा, अच्छे लाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, योगेश सिंह, दीपक सिंह, मनोज बिंद, शैलेश राम, सुरेश बिंद सहित मंडल अध्यक्ष प्रभारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डीएम के निर्देश पर 1 से 12 तक के सभी विद्यालय बंद

गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर 8 जनवरी 2023 से अत्यधिक शीतलहर को दृष्टिगत रखते हुए छात्रहित में जनपद के समस्त बोर्डो से संचालित कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में 14 जनवरी 2023 तक अवकाश घोषित किया गया है। कक्षा 9 से 12 में आनलाइन कक्षायें तथा सी0बी0एस0ई0 एवं आई0सी0एस0ई0 बोर्ड की परीक्षाए यथावत संचालित होती रहेंगी। उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन किया जाय। यह जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक ने दी है।

सैकड़ों दिव्यांगजनो को सीडीओ ने दिया कंबल


गाजीपुर। स्व. राजेश्वरी देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर दिव्यांगजनो को कम्बल वितरण कार्यक्रम का आयोजन समर्पण संस्था शास्त्री नगर द्वारा संचालित राजेश्वरी विकलांग विद्यालय एंव व्यवसायिक प्रशिक्षण केन्द्र फतेउल्लाहपुर (रजादी) मे सोमवार को किया गया। इस कार्यक्रम मे 500 कम्बल का वितरण किया गया। कार्यक्रम का शुभारभ  मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता एंव अन्य अतिथियों द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम मे मुख्य विकास अधिकारी ने अपने सम्बोधन मे कहा कि इस भीषण ठण्ड एवं शीतलहर को देखते हुए आज इस संस्था द्वारा गरीब, साधनहीन एवं असहायो के प्रति लगाव रख कर उन्हे संस्था के माध्यम से सहायता प्रदान कर एक महान कार्य किया है, जिसके लिए उन्होने हृदय की गहराईयो से धन्यवाद ज्ञापित करता हूं। उन्होने कहा कि दिव्यांगजनो के लिए शासन द्वारा जो भी योजनाए संचालित की गयी है वे तभी सार्थक हो पायेगी जब आप लोग उसका पूरा लाभ उठायेगे। उन्होने कहा कि दिव्यांगजन हेतु मोटराईज्ड साईकिल प्राप्त करने हेतु किये गये अनुरोध पर कुछ दिव्यांगजनो द्वारा आवेदन पत्र प्रस्तुत किये गये है जिसमे पात्र दिव्यांगजनो को चयनित किया गया है। शीघ्र ही उन्हे इसका लाभ दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त ऐसे दिव्यांगजनो को जिनके पास आवास की सुविधा नही है जिसे संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हे निःशुल्क आवास सुविधा प्रदान की स्वीकृति प्रदान की है। उन्होने उपस्थित दिव्यांगजनो से अनुरोध किया है कि यदि आप के संज्ञान में पास -पडोस के ऐसे दिव्यांगजन है जो शासन की योजनाओ से वंचित है उनका नाम उपलब्ध कराये ताकि उन्हे भी योजनाओ का लाभ दिया जा सके। उन्होने समर्पण सेवा संस्था की प्रसंशा करते हुए कहा कि यह संस्था दिव्यांगजनो के सहयोग के लिए समर्पित है इसके साथ ही  जिला प्रशासन भी दिव्यांगजनो के सहयोग हेतु कौन-कौन सी सुविधाओ की आवश्कता है उन्हे उपलब्ध कराये जाने हेतु प्रयत्नशील है। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी नरेन्द्र विश्वकर्मा ने कहा कि दिव्यांग कल्याण विभाग दिव्यांगजनो की सेवा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होने शासन द्वारा दिव्यांगजनो के जीवन को सुगम बनाने के लिए चलायी जा रही विभिन्न योजनाओ की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जनरल मैनेजर सुखबीर एग्रो ने कहा कि दिव्यांगजनो के कल्याण हेतु सुखबीर एग्रो हमेशा तत्पर है आगे भी इसी तरह से दिव्यांगजन हितार्थ सहयोग प्रदान किया जायेगा। कार्यक्रम के अन्त में दिव्यांगजनो को कम्बल का वितरण के पश्चात मुख्य अतिथि एंव अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं अंगवत्रम देकर सम्मानित किया गयां। इस अवसर पर संस्था प्रमुख सविता सिंह, समाजसेवी मीरा राय, डी जी एम सोलवेन्ट मनीश ढिंग्रा, प्रधानाचार्य समर्पण संस्था अमर नाथ गुप्ता, अन्य समाजसेवी एंव नागरिक उपस्थित थे।

नगर पालिका ने दी ट्यूबवेल की सौगात, किया लोकार्पण

नगर पालिका ने पानी की बेहतर आपूर्ति हेतु 25 एच0पी0 के ट्यूबवेल का किया लोकार्पण


गाजीपुर। नगर पालिका द्वारा लगातार लोकार्पण का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को लंका मैदान में 25 एच0पी0 के ट्यूबवेल का लोकार्पण मुख्य अतिथि कृष्ण बिहारी राय एवं नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा सम्पन्न हुआ। इस दौरान कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि नगर पालिका परिषद ने सारे विकास का कीर्तिमान तोड़ दिया है, यह कैसे तोड़ा है यह तो सरिता अग्रवाल, विनोद अग्रवाल एवं सभी सभासद ही जानते हैं। मैं अचरज में पड़ता हूँ कि विभिन्न राजनैतिक दलों के सभासद भी नगर पालिका अध्यक्ष को सहयोग एवं समर्थन इसलिये करते हैं कि गाजीपुर नगर का सामूहिक विकास हो सके। भाजपा गाजीपुर लोकसभा के विस्तारक रवि प्रकाश ने नगर पालिका के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि न0पा0 शहर में काफी विकास का काम की है और कर रही है। सरिता अग्रवाल ने कहा कि हम नगर के विकास के लिए कृत संकल्पित है और नगर का विकास लगातार हो रहा है। पानी, सफाई, स्ट्रीट लाइट आदि पर विशेष ध्यान दिया गया है।

विनोद अग्रवाल ने कहा कि लंका मैदान में 25 एच0पी0 के ट्यूबवेल का लोकार्पण करते हुए खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि 1800 एल0पी0एम0 क्षमता का यह ट्यूबवेल नगर के मुगलानीचक, भुताहिया ताड़, नवकापुरा, आनन्द बिहार कालोनी, लंका स्टेशन आदि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति होगी जिससे क्षेत्र में पानी की समस्या का निराकरण होगा। उन्होंने नगर के विकास की विस्तृत चर्चा की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह, जिला मंत्री सुरेश बिन्द, रासबिहारी राय, संतोष जायसवाल, विश्वप्रकाश अकेला, ओमप्रकाश तिवारी (बच्चा तिवारी) एवं निर्गुण दास केशरी ने भी अपना विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरिता अग्रवाल एवं संचालन अशोक मौर्या ने किया। इस अवसर पर जे0ई0 जल पूजा सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, सभासद/प्रतिनिधि अजय राय दारा, अमरनाथ दुबे, सोमेश मोहन राय, कमलेश बिन्द, हरिलाल गुप्ता, शहबान अली, कमलेश श्रीवास्तव, दिग्विजय पासवान, अनिल वर्मा, सुशील वर्मा, रूपक तिवारी, नफीस भाई, नेहाल अहमद, विनोद कुशवाहा, जयप्रकाश गुप्ता के अलावा अभिनव सिंह, नीरज कुमार मानू, अजय कुशवाहा, हेमन्त त्रिपाठी, निखिल राय, रेनु गुप्ता, लाले यादव, बबलू जायसवाल, ए0के0 राय, अजीत सिंह, अंगद, रूपेश सिंह, गौरव श्रीवास्तव, योगेश शुक्ला, फिरोज भाई, कतवारू कश्यप, संजय चौरसिया, अजय गुप्ता, भानु केशरी, प्रमोद गुप्ता आदि उपस्थित थे।

अपनी मांग को लेकर राहुल गांधी से मिले जिले के छात्र नेता

राहुल गांधी से गाजीपुर में विश्वविद्यालय की मांग को लेकर मिले छात्र


गाजीपुर। एन एस यू आइ के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के नेतृत्व में जिले के छात्र नेता उत्तर प्रदेश के शामली जिले मे भारत जोड़ों यात्रा के दौरान राहुल गांधी से मिला। इस दौरान छात्र नेताओं ने छात्रों को होने वाली असुविधाओं को लेकर, गाजीपुर में विश्वविद्यालय की आवश्यकता को लेकर और उत्तर प्रदेश में पिछले 4 वर्षों से प्राथमिक शिक्षक भर्ती न होने को लेकर बात किया। वही एन एस यू आई के प्रदेश महासचिव रोहित खरवार ने नई शिक्षा नीति पर बढ़ी हुई फीस और छात्रों की बेरोजगारी पर भी राहुल गांधी से बात की। एन एस यू आइ के जिला अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि राहुल गांधी ने हम सभी छात्रों की समस्या को सुना और कहा कि ये नई शिक्षा नीति छात्रों के हित मे नही है। छात्रों के समस्याओं को सुनकर राहुल गांधी ने छात्रों के समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया और विश्वविद्यालय के मुद्दे पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर एन एस यू आई उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव, पंकज उपाध्याय पूर्व छात्रनेता पी०जी० कॉलेज, दिवांशु पांडेय, रोहित खरवार सुधांशु तिवारी, वलयदत्त वाजपेयी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

यातायात पुलिस कर्मियों के आंखों का हुआ जांच

गाजीपुर। रविवार को सड़क सुरक्षा माह के तहत विशेश्वरगंज पुलिस चौकी के प्रांगण में रविवार को नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में वरिष्ठ चिकित्सकों के द्वारा दर्जनों यातायात पुलिस कर्मियों के आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया।


यातायात प्रभारी सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि विशेश्वरगंज पुलिस चौकी परिसर में नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में चिकित्सकों की टीम ने यातायात कर्मियों की आंखों की जांच करते हुए उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। बता दें कि इस शिविर में दर्जनों पुलिस कर्मियों के आंखों की जांच की गई।

फाइनेंशियल सॉल्यूशंस एंड टैक्सेशन प्लान पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के डॉ पीयूष सिंह, अंग्रेजी विभाग के डॉ अभिषेक कुमार एवं डॉ रामनाथ केसरवानी के संयुक्त तत्वाधान मेंं फाइनेंशियल सॉल्यूशंस एंड टैक्सेशन प्लान पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में भारती अक्सा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के लक्सा वाराणसी शाखा के उप प्रबंधक विनोद मिश्रा द्वारा टैक्स सेविंग प्लांस, रिटायरमेंंट प्लांस और एजुकेशन प्लांस पर एक विस्तृत जानकारी को साझा किया गया। कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉक्टर सविता भारद्वाज के द्वारा किया गया। इसमें सभी विभागों के प्राध्यापक जिसमें डॉक्टर हरेंद्र यादव, डॉक्टर विकास सिंह, डॉक्टर एकलाख खां, डॉ सुमन एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। वित्तीय साक्षरता वर्तमान समय की मांग है। महाविद्यालय में समय-समय पर इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन वित्तीय साक्षरता के उद्देश्य से किया जाता है। इस कार्यशाला के माध्यम से विभिन्न वित्तीय उत्पादों पर भी चर्चा की गई। वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्‍य दो अत्‍यावश्‍यक अवयवों, साक्षरता एवं सुलभ उपलब्धता के माध्‍यम से वित्तीय समावेशन को सुविधाजनक बनाना है। इस कार्यक्रम का प्रयोजन प्राध्यापकों तथा अन्य कर्मचारियों को वित्तीय जानकारी प्रदान करना है जिससे वे वित्तीय आयोजन करने, बचत की आदत डालने तथा वित्तीय सेवाओं का कारगर ढंग से उपयोग कर सके। वित्तीय साक्षरता उन्‍हें अपने जीवन चक्र की जरुरतों के लिए समय से पहले नियोजन करने में और ऋण का सहारा लिए बिना ही अनपेक्षित आकस्मिकताओं से निपटने में अपने धन का बेहतर प्रबंधन करने में सहायता प्रदान करती है।

शिकायतों का निस्तारण कर डीएम ने जरूरतमंदों को बांटा कंबल


गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील मुहम्मदाबाद में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह की उपस्थिति में शनिवार को सम्पन्न हुआ। जिसमे 139 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए लेकिन मौके पर सिर्फ 9 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 499 शिकायत और प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर सिर्फ 42 पत्रो  का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत और प्रार्थना पत्रो को लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए पत्रों का निस्तारण करायी जाय। उन्होने सार्वजनिक भूमि, तालाब, सरकारी भूमि और ग्राम समाज के भूमि पर अवैध अतिक्रमण को एक अभियान चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को आगामी तीन दिवस में शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से होती है। इसमे लापरवाही पर सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस दौरान जिलाधिकारी ठण्ड के भीषण प्रकोप को देखते हुए तहसील परिसर में गरीब, असहाय, व्यक्यिों मे कम्बल का वितरण भी किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद, तहसीलदार मुहम्मदाबाद एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।