All posts by tiwarishivpratap

सब डिविजन कार्यालय का हुआ उद्धघाटन

सब डिविजन काशिमाबाद कार्यालय का हुवा उद्घाटन।


कासीमाबाद। विद्युत वितरण खंड प्रथम के अंतर्गत विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय कासीमाबाद जो पहले किराए के भवन शहर छेत्र के मिश्राबाजार में था। अब कस्बा कासीमाबाद में नए भवन का उद्घाटन अधिशाषी अभियंता प्रथम मनीष कुमार के द्वारा मंगलवार को किया गया। उन्होंने बताया कि कासीमाबाद उपखंड के अंतर्गत पांच उपकेंद्र कासीमाबाद, मायापुर, नया बहादुरगंज,पुराना बहादुरगंज, मडहौर, झोटरी को जोड़ा गया है, जिसमे लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं को सहूलियत मिलेगी। जिसमे सभी उपभोक्ता समय से अपने बिल का भुगतान, बिल रिवीजन, न्यू कनेक्शन एवम अन्य संबंधित समस्याओं का निस्तारण उपखंड अधिकारी द्वारा आसानी से करा सकेंगे। उद्घाटन में मुख्य रूप से सहायक अभियंता कासीमाबाद संजीव भास्कर, अवर अभियंता राजनारायण सिंह, रोहित कुमार एवम समस्त उपखंड के विद्युत कर्मचारी सहित संविदा कर्मी और मीटर रीडर मौजूद रहे।

किशोरियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 61 किशोरियों का किया गया स्वास्थ्य परीक्षण

गाजीपुर। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम जिसके अंतर्गत किशोर और किशोरियों को उनके शरीर में होने वाले परिवर्तन के साथ ही साथ मानसिक एवं व्यवहारिक रूप से परिपक्व कराने को लेकर भारत सरकार के द्वारा चलाई जाने वाली योजना है । जिसके तहत मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर के अंतर्गत आने वाले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही साथ उनको डीटी का इंजेक्शन से प्रतिरक्षीत किया गया।

बीपीएम बबीता सिंह ने बताया कि रेवतीपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय मे पढ़ने वाली छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मंगलवार को कैंप लगाया गया। जिसमें कुल 61 बच्चियों का स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही साथ हिमोग्लोबिन एवं वजन और एनीमिया की जांच की गई। उन्हें जागरूक करने का भी कार्य किया गया । इस दौरान 61 किशोरियों को डीटी का इंजेक्शन से भी प्रतिरक्षित किया गया। सेनेटरी नैपकिन का वितरण कर इससे होने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कई तरह के पोषक तत्वों, विटामिन्स और मिनरल्स की जरूरत होती है. इन चीजों की कमी से शरीर को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है. ऐसे में कई बार लोग शरीर में विटामिन्स की कमी को पूरा करने के लिए सप्लिमेंट्स का सहारा लेते हैं. जिसमें से आयरन भी एक है. आयरन की कमी से शरीर में खून कम बनता है. जिस कारण आयरन की गोलियां लेने के बारे में बताया गया।

उन्होंने बताया कि किशोरावस्था (10-19 वर्ष) वृद्धि तथा विकास की एक महत्वपूर्ण अवस्था होती है। यह बाल्यावस्था से किशोरावस्था में परिवर्तन का समय होता है तथा इस अवस्था में शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन बहुत तीव्रता से होते हैं। इस अवस्था में किशोर-किशोरी यौन, मानसिक तथा व्यवहारिक रुप से परिपक्व होने लगते हैं। किशोर-किशारियों की समस्यायें विभिन्न प्रकार की होती हैं तथा उनके लिए जोखिमभरी परिस्थितियां भी अलग-अलग होती हैं। उदाहरण के लिए वे विवाहित एवं अविवाहित, स्कूल जाने वाले तथा न जाने वाले, गांव तथा शहरी क्षेत्रों में रहने वाले हो सकते हैं तथा यौन विषय पर उनकी जानकारी में भी अलग-अलग हो सकती है। प्रत्येक समूह की समस्यायें एक दूसरे से अलग हो सकती हैं तथा उनको समाज का ही एक विशेष अंग मानते हुए महत्व देना चाहिए। किशोरावस्था के दौरान हार्मोन परिवर्तन के कारण यौवनकाल की शुरुआत होती है, शारीरिक वृद्धि तेजी से होती है तथा दित्तीयक यौन लक्षण प्रकट होता है। इसके साथ ही मानसिक एवं भावनात्मक परिवर्तन जैसे कि स्वयं की पहचान बनाना, किसी प्रकार की रोक-टोक पसंद न करना, यौन इच्छा तथा विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण की भावना उत्पन्न होती हैं। इस अवस्था में वे परिवार के अतिरिक्त बाहरी लोगों के सम्पर्क में भी आने लगते हैं।

किशोर-किशोरी प्रायः अपनी बातों, समस्याओं तथा आवश्यकताओं के सम्बन्ध में अपने से अधिक उम्र के निकटतम लोगों जैसे माता-पिता, अध्यापक तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ता से चर्चा करने में संकोच महसूस करते हैं। इसमें उनके सम्बन्ध, उम्र, लिंग तथा सामाजिक व सांस्कृतिक परिस्थितियों बाधा बनती हैं। अपने जीवन के इस नाजुक मोड़ पर उनके पथ भ्रष्ट होने की संभावना अधिक होती है तथा जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है और उनको कुपोषण, मादक पदार्थों का सेवन, कम उम्र में गर्भधारण, यौन शोषण, प्रजनन एवं यौन अगों में संक्रमण तथा एच0आई0वी0 जैसे समस्याओं व रोगों का सामना करना पड़ता है।

कार्यक्रम में मुक्तेश्वर राय एचएस, संतोष कुमार ,प्रिया राय सीएचओ, नीलम देवी एएनएम, मंजू चौहान, प्रिंसिपल प्रियंका सिंह एवं समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।

अधिकारियों संग बैठक कर डीएम ने दिया निर्देश, कहा……

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अघ्यक्षता में जनपद में नमामि गंगे परियोजना अन्तर्गत जैविक खेती योजना/ यू0पी डास्प अन्तर्गत शासी समिति  की बैठक कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में मंगलवार को हुआ। बैठक में बताया गया कि यू0पी0डास्प गाजीपुर मे संचालित नमामि गंगे योजनान्तर्गत चयनित 5 विकास खण्डो में 102 कलस्टर का गठन कर 3638 कृषको का चयन कर 2040 हेक्टेयर क्षेत्रफल में जैविक खेती की जा रही हैं। योजना के प्रथम वर्ष में कृषकों को जैविक खेती हेतु प्रमाणीकरण संस्था द्वारा 3638 कृषकों को पी०जी०एस० ग्रीन प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है, साथ ही जैविक खेती में किये गये कार्यों व निवेश का प्रोत्साहन धनराशि भुगतान कर दिया गया हैं। द्वितीय वर्ष एवं तृतीय वर्ष के खरीफ के कार्यों एवं निवेश का प्रोत्साहन धनराशि मुख्यालय से बजट प्राप्त नही होने के कारण अवशेष है। तृतीय वर्ष में खरीफ फसलो की जैविक खेती के मापदण्डो को अपनाते हुए सम्पन्न कर लिया गया तथा वर्तमान में रवी फसलो की बुवाई लगभग 90 प्रतिशत तक पूर्ण कर लिया गया है। जैविक उत्पादो में  कृषको द्वारा उत्पादित सरप्लस उत्पाद के विपणन हेतु स्थान/बाजार उपलब्ध न होने के कारण समान्य रासायनिक उत्पाद से अधिक मूल्य नही मिल पा रहा हैं जिससे कृषको मे अपेक्षित आय में वृद्धि नहीं हो पा रही हैं । बताया गया कि जनपद में 4 एफ०पी०ओ० का गठन कर चरणबद्ध कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में चयनितकृकृषकों से वार्ता करने पर उनके द्वारा बताया गया कि जैविक निवेश की प्रोत्साहन धनराशि भुगतान नही होने के कारण किसान हतोस्ताहित हैं। बैठक में  जिलाधिकारी ने गठित एफ पी ओ को विभिन्न पोर्टल पर अपने व्यवसायिक कार्ययोजना को प्रचारित-प्रसारित करने के निर्देश दिये। उन्होने जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि अपनी टीम के साथ मण्डी सचिव, जिला उद्यान अधिकारी, वन विभाग, कृषि विभाग से समन्वय स्थापित कर कुछ पारम्परिक उत्पादो (महुआ, रागी, बाजरा को अपने कार्यक्रम मे सम्मिलित करें। सभी एफ पी ओ अपने नाम से अपने उत्पाद को विक्रय करें, परन्तु  जिले का एक ब्रांड नेम होना चाहिये। जिस पर जिलाधिकारी ने ब्रान्ड नेम जम्दग्नि जैविक उत्पाद, गाजीपुर के नाम सहमति व्यक्त किया। जिस यूपीडास्प जैविक प्रमाणीकरण का लोगो होना आवश्यक है।
उन्होने जैविक उत्पादों के विक्रय/प्रचार प्रसार हेतु वन विभाग से सम्पर्क कर प्रचार प्रसार केन्द्र जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने शहर की मण्डी में जैविक उत्पादों के बिक्री हेतु एक स्थान सुरक्षित करने हेतु मण्डी सचिव को निर्देशित किया। जैविक खेती से जुड़े कृषको के भुगतान हेतु उनके भू-भाग एवं निवेश से सम्बन्धित प्रोत्साहन राशि के भुगतान हेतु राजस्व विभाग एवं विकासखण्ड अधिकारियों के माध्यम से कराने हेतु जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता , उप निदेशक कृषि , जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र आंॅकुसपुर के वैज्ञानिक, मण्डी सचिव, सपोर्ट एजेंसी के परियोजना प्रभारी, प्रमाणीकरण संस्था के प्रभारी रामनन्द यादव उपस्थित थे।

सात दिन के अंदर शस्त्र जमा नहीं किया तो होगी कार्यवाही

गाजीपुर। जिला मजिस्ट्रेट ने सूचित किया है कि नगर निकाय समान्य निर्वाचन- 2022 की अधिसूचना जारी होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जायेगी तथा जनपद में धारा-144 सी0आर0पी0सी0 के अन्तर्गत निषेधाज्ञा प्रभावी हो जायेगी। शस्त्र धारक से यह अपेक्षा की जाती है कि शान्ति भंग की सम्भावना को देखते हुए 7 दिवस के अन्दर अपने शस्त्र को निकटवर्ती शस्त्र की दुकान में जमा कर जमा की रसीद दें अथवा थाने में शस्त्र जमा करा कर तथा शस्त्र जमा की रसीद प्राप्त करें। उन्होने बताया है कि यदि किन्ही कारणों से आपको शस्त्र जमा करने में समस्या है, तो नोटिस प्राप्त करने के 2 दिवस के अन्दर जिला मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष कारण सहित अपना आवेदन प्रस्तुत करें, जिस पर विचारण किया जायेगा। यदि निर्धारित अवधि 7 दिवस में अपना शस्त्र नहीं जमा कराया तो आपके विरूद्ध धारा 188 आई0पी0सी0 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जायेगी।

निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक निलंबित, कई का रुका वेतन


गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव ने सूचित किया है कि 12 दिसंबर को निपुण असेसमेन्ट टेस्ट सरल ऐप्प जनपद में संचालित है, जिसमें 30 सितम्बर 2022 के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में 214036 एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 78327 छात्र पंजीकृत हैं। जिसके सापेक्ष 271326 (92.8 प्रतिशत) छात्र टेस्ट में प्रतिभाग किये। उक्त टेस्ट के सफल संचालन हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमन्त राव द्वारा प्राथमिक विद्यालय टाडा, क्षेत्र सादात, प्राथमिक विद्यालय सराय सदकर, शिक्षा मनिहारी, प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर, सादात, कम्पोजिट विद्यालय मुबारकपुर हरथरा, सादात, प्राथमिक विद्यालय डोरिया, सादात, उच्च प्राथमिक विद्यालय डढ़वल, सादात, प्राथमिक विद्यालय डढ़वल, सादात का निरीक्षण किया गया तथा जनपद मुख्यालय एवं सभी ब्लॉक संसाधन केन्द्रों पर किसी भी आकस्मिकता से निपटने के लिए कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है।

  1. प्राथमिक विद्यालय टाडा, शिक्षा क्षेत्र सादात –
    निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। विद्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेख सन्तोषजनक पाया गया। शिक्षा संदर्शिका का प्रयोग किया जा रहा था। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार किया जा रहा है।
  2. प्राथमिक विद्यालय सराय सदकर, शिक्षा क्षेत्र मनिहारी –
    निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। विद्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेख सन्तोषजनक पाया गया। शिक्षा संदर्शिका का प्रयोग किया जा रहा था। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार किया जा रहा है। परन्तु एम0डी0एम0 की धनराशि विद्यालय को अद्यतन अप्राप्त है।
  3. प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर, सादात –
    निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। विद्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेख सन्तोषजनक पाया गया। शिक्षा संदर्शिका का प्रयोग किया जा रहा था। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार किया जा रहा है।
  4. कम्पोजिट विद्यालय मुबारकपुर हरथरा, सादात –
    निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। विद्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेख सन्तोषजनक पाया गया। शिक्षा संदर्शिका का प्रयोग नहीं किया जा रहा था। जिसके सम्बन्ध में प्रधानाध्यापक को संदर्शिका के विषय में जानकारी ही नहीं है। पाठ्य-पुस्तकों का वितरण ही नहीं हुआ है। संगीता चौहान शिक्षामित्र निरीक्षण के समय अनुपस्थित पायी गयी। उक्त कर्मियों के निराकरण होने तक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुहम्मद असफाक का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित किया जाता है तथा खण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया जाता है कि शिक्षामित्र से अनुपस्थिति के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण प्राप्त कर अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार किया जा रहा है।
  5. प्राथमिक विद्यालय डोरिया, सादात –
    निरीक्षण के दौराना 40 पंजीकृत छात्रों के सापेक्ष 19 छात्र उपस्थित पाये गये। जो 50 प्रतिशत से भी कम रही। विद्यालय के कम्पोजिट ग्राण्ट अप्राप्त की सूचना प्रधानाध्यापक द्वारा बतायी गयी। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत फल और दूध का वितरण नहीं किया जा रहा है। मीड-डे-मील पंजिका नहीं बनायी गयी है। मात्र सादे कागज पर मीड-डे-मील से सम्बन्धित सूचना का अंकन किया जा रहा है। हमारा विद्यालय हमारे शिक्षक से सम्बन्धित सूचना नहीं थी। संदर्शिका के सम्बन्ध में प्रधानाध्यापक को कोई भी जानकारी नहीं थी। विभाग के महत्वपूर्ण योजनाओं के सम्बन्ध में भी प्रधानाध्यापक को कोई जानकारी नहीं थी, जिसके कारण उक्त अनियमितताओं के निराकरण होने तक विद्यालय के प्रधानाध्यापक शिवप्रसाद यादव को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया है एवं रविकान्त यादव सहायक अध्यापक का वेतन कर्मियों के पूर्ण होने तक बाधित किया जाता है।
  6. उच्च प्राथमिक विद्यालय डढ़वल, सादात –
    निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। विद्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेख सन्तोषजनक पाया गया। शिक्षा संदर्शिका का प्रयोग किया जा रहा था। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार किया जा रहा है।
  7. प्राथमिक विद्यालय डढ़वल, सादात –
    निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। विद्यालय की साफ-सफाई एवं अभिलेख सन्तोषजनक पाया गया। शिक्षा संदर्शिका का प्रयोग किया जा रहा था। मीड-डे-मील योजना के अन्तर्गत मध्यान्ह भोजन का वितरण मीनू के अनुसार किया जा रहा है। निरीक्षण के समय नीतू सिंह, शिक्षामित्र 1 सितंबर 2022 से अनुपस्थित पायी गयी। इस सम्बन्ध में खण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया जाता है कि शिक्षामित्र से अनुपस्थिति के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण प्राप्त कर अधोहस्ताक्षरी को उपलब्ध करायें कि क्यों न इनकी सेवाएँ समाप्त कर दी जायें तथा नीतू सिंह शिक्षामित्र का मानदेय अग्रिम आदेशों तक बाधित किया जाता है।  

सेमी फाइनल में पहुंची सहजानंद की टीम

सेमी फाइनल में पहुंची सहजानंद की टीम

  • बालिकाओं के प्रदर्शन का दूरगामी अर्थ है : प्रो. राघवेंद्र पांडेय
  • क्रिकेट सभ्यजनों का खेल : प्रो. वीके राय

  • गाजीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय की अन्तर-महाविद्यालयीय क्रिकेट (महिला) प्रतियोगिता-2022 में स्वामी सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ग्राउंड पर सोमवार को उद्घाटन मैच सूर्यबली डिग्री कॉलेज जौनपुर और नूरुदीन डिग्री कॉलेज जौनपुर के मध्य खेला गया। सूर्यबली कालेज की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। जहां 12 ओवर में 3 विकेट पर 123 रन बना सकी। इसके जवाब में नूरुद्दीन कालेज की टीम ने निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर महज 57 रन ही बना सकी। इस प्रकार सूर्यबली कालेज की टीम ने मैच को जीत लिया। प्रतियोगिता का दूसरा मैच स्वामी सहजानंद पीजी कालेज तथा पीजी कालेज गाजीपुर के बीच खेला गया। इसमें सहजानंद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 5 विकेट पर 93 रन बना सकी। पीजी कालेज गाजीपुर की टीम जवाब में 9 विकेट पर 31 रन ही बना सकी। इस प्रकार सहजानंद की टीम विजेता रही। सम्पन्न दोनों मैचों में सूर्यबली और सहजानंद की टीमें विजयी रहीं। सहजानंद की टीम आज अपने ग्रुप मच जीत कर फाइनल में पहुच गयी। कल सूर्यबली और मु. हसन कालेज के बीच जो मैच जीतेगी, उस टीम का मुकाबला फाइनल में सहजानंद से होगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, पीजी कालेज, गाजीपुर ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय के ग्राउंड पर बालिकाओं के उम्दा प्रदर्शन का दूरगामी अर्थ है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ खेल के प्रति भी सक्रियता से जुड़ने का आवाहन किया। इसके पूर्व स्वामी सहजानंद पीजी कालेज के प्राचार्य प्रो. वीके राय ने मुख्य अतिथि डॉ. राघवेंद्र कुमार पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि उ.प्र. दिव्यांग-जन क्रिकेट टीम के पूर्व अध्यक्ष अजय यादव तथा गाजीपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव सिंह बंटी की प्रतीक चिन्ह तथा अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। प्रो. राय ने अपने संबोधन में कहा कि क्रिकेट को सभ्यजनों का खेल कहा जाता है। महाविद्यालय के मैदान पर बालिकाओं को क्रिकेट खेलते देखना एक सुखद अनुभव है। इसे बालिका सशक्तिकरण के एक दृष्टांत के रूप में भी देखा जा सकता है। प्राचार्य प्रो. राय ने बालिकाओं को क्रिकेट की बारीकियों से रूबरू कराने के लिए खेल प्रशिक्षक संजय राय के प्रति आभार व्यक्त किया।

दर्जनों लोगों के साथ सपा की सदस्यता लेने पहुंचे छात्र नेता

गाजीपुर। सोमवार को पीजी कालेज छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने सैकड़ों लोगों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया। समाजवादी पार्टी की सदस्यता जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने पार्टी कार्यालय समता भवन पर उन्हें ग्रहण करायी। पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर छात्रनेता दीपक उपाध्याय ने कहा देश की तानाशाह भाजपा सरकार से समाजवादी पार्टी ही लड़ने में सक्षम है। समाजवादी पार्टी में ही सभी जाति और धर्म के लोगों का सम्मान है। कहा भाजपा राज में लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को छात्र और‌ नौजवान विरोधी बताते हुए कहा कि बेतहाशा बढ़ती हुई बेरोजगारी के आलम में देश का नौजवान कुंठित है। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने कहा कि दीपक उपाध्याय के पार्टी में शामिल होने से संगठन मजबूत होगा।
उनके साथ सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से मीरा उपाध्याय, देवमुनि देवी, शिवकुमारी देवी, निर्मला देवी, अश्वनी राय, सुभम् कुमार बिंद, दिलीप कुमार, प्रवीण पाण्डेय, विशाल विश्वकर्मा, अनीता विश्वकर्मा, बृजेश यादव, गरिमा पांडे, अर्चना देवी, ओमसंत यादव, गोपाल यादव, राजू, विकास खरवार, निखिल सिंह, प्रीत राय, शारदा यादव, सविता यादव, महावीरा बानो और शिवकुमारी आदि थी। इस अवसर पर पुर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, पुर्व जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, निजामुद्दीन खां, गोपाल यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, दिनेश यादव, डॉ समीर सिंह आदि उपस्थित थे।

पीएम और सीएम के संकल्प को नगर पालिका ने किया साकार: अनिल राजभर

नगर पालिका के ऐतिहासिक विकास कार्यों को लेकर सिर उठाकर जनता के बीच जाए-अनिल राजभर


गाजीपुर। नगर के आमघाट स्थित गांधी पार्क में नगर पालिका परिषद द्वारा 13.04 करोड़ की 95 परियोजनाओं का शिलान्यास और करीब तीन करोड़ की लागत से बने 26 परियोजनाओं का लोकापर्ण श्रम व सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, एमएलसी विशाल सिंह ‘चंचल’, गाजीपुर लोकसभा के संयोजक कृष्ण बिहारी राय, काशीक्षेत्र की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा एवं न0पा0प0 की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल द्वारा रविवार को किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को न.पा. अध्यक्ष व उनकी बोर्ड साकार कर रही हैं। आज सैकड़ों परियोजानओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण से नगर का विकास देखा जा रहा है। भाजपा का नेतृत्व काफी संवेदनशील है इसलिये तो सबसे अधिक नगरों का विकास इसी कार्यकाल में हुआ है। 2014 और 2017 से पहले और अब के कस्बों, नगरों और महानगरों की सूरत में क्या फर्क है वह देखा जा सकता है। इसी का परिणाम है कि आज लोगों के जीवन का स्तर काफी उठा है जो प्रदेश कभी बीमार राज्य की श्रेणी में था आज स्वच्छता की गणना में आगे है। मंत्री ने कहा कि नगर के विकास में जितनी तन्मयता, जिस लगन और शिद्दत के साथ नगर पालिका की अध्यक्ष ने विकास कार्य को नया आयाम दिया है मुझसे बेहतर गाजीपुर नगर का बच्चा-बच्चा, हर एक व्यापारी एवं हर जाति धर्म के सम्प्रदाय के लोग जानते होंगे कि नगर का विकास हुआ है। मैं इसके लिए उनका स्वागत करता हूँ। मंत्री ने कहा कि कैबिनेट के सामने प्रस्ताव आया कि करीब एक दशक से नगरों और महानगरों का विस्तार नहीं हुआ था। योगी सरकार ने कई नगर निकायों व नगर निगमों का विस्तार किया है। नपा के विस्तार व नवगठित क्षेत्र के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है। सरकार की मंशा साफ है कि लोगों का जीवन स्तर उठाया जाए। इस काम को करने में सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। सरकार का उद्देश्य है कि जिलों का बेहतर तरीके से विकास करना है ताकि नागरिकों को सुविधायें मिल सके।


एमएलसी विशाल सिंह ‘चंचल’ ने कहा कि सरिता अग्रवाल के कार्यकाल में शहर का काफी विकास हुआ है। भले ही कुछ लोगों की बात उन्हें नहीं सुनी होगी, लेकिन उनके कामों के चलते पार्टी को कहीं भी शर्मिंदगी नहीं उठानी पड़ी है। पिछले चुनाव में नपा अध्यक्ष के लिए वोट मांगा था। इसलिये इस बार भी जनता समझदारी दिखाएगी और ऐसे अध्यक्ष का चुनाव करें जो जिले का और अधिक विकास कर सकें। गाजीपुर लोकसभा के संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने सम्बोधित करते हुए कहा कि वास्तव में नगर पालिका द्वारा नगरीय क्षेत्र में जितना विकास कार्य हुआ है उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए कम होगी। भाजपा काशीक्षेत्र की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष की कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि नगर की जनता ने पूरे विश्वास के साथ सरिता अग्रवाल को समर्थन दिया उस विश्वास पर सरिता अग्रवाल खरा उतरी है इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करती हूँ। न0पा0 की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि सभी के आशीर्वाद से हमने प्रत्येक क्षेत्र में विकास का काम किया है। संगठित पार्टी और निकाय ही विकास की धारा को अविरल बनाए रखेगी। आगे भी मौका मिला तो नगर का और अधिक विकास एवं सेवा करती रहूँगी। पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि गाजीपुर के विकास का जो क्रम लगातार जारी है उस क्रम में नया अध्याय जोड़ते हुए लगभग 13.04 करोड़ की लागत से 95 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। साथ ही 26 कार्यों का लोकार्पण भी किया गया है जिसमें प्रमुख रूप से चीतनाथ से नखास की सड़क जो काफी दिनों से जजर्र अवस्था में थी। सी0सी0 सड़क एवं ढक्कनयुक्त नाली का उसका भी गुणवत्तायुक्त कार्य करा दिया गया है। उन्होंने महुआबाग में ओपियम फैक्ट्री के 30 वर्षों से बंद पड़े रास्ते को खुलवाने पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि ओपियम फैक्ट्री गेट से ददरीघाट को जोड़ने वाली ढक्कनयुक्त नाली व सड़क का टेण्डर किया गया है जो बहुत जल्द तैयार होकर जनता के आवागमन हेतु खोल दी जाएगी। कार्यक्रम को पूर्व जिलाध्यक्ष विजयशंकर राय, पूर्व प्रवक्ता डा0 व्यासमुनि राय, रासबिहारी राय, गुलाम कादिर राईनी, निर्गुणदास केशरी, अमरनाथ दुबे अन्य सभासदों ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर पालिका के विधिक सलाहकार जयसूर्य भट्ट ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सदर एस०डी०एम० प्रतिभा मिश्रा, एस०पी० सिटी, अधिशासी अधिकारी लालचन्द्र सरोज, जेई विवेक बिन्द के अलावा सभासद/प्रतिनिधि सर्वश्री समरेन्द्र सिंह, अर्जुन सेठ, सोमेश मोहन राय, दिग्विजय पासवान, अशोक मौर्या, अजय राय दारा, कमलेश बिन्द, कुंवर बहादुर सिंह, शेषनाथ यादव, रूपक तिवारी, कमलेश श्रीवास्तव, शहबान अली, नेहाल अहमद, नफीस भाई, नन्हें भाई, संजय कटियार, अनिल वर्मा, सुशील वर्मा, हरिलाल गुप्ता, विनोद कुशवाहा, जयप्रकाश गुप्ता, संजय राम, परवेज अहमद, भाजपा के नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष साधना राय, किरन सिंह, संतोष जायसवाल, अशोक अग्रवाल, शशिकान्त राय, सरदार दर्शन सिंह, गुड्डू केशरी, विशाल चौरसिया, संतोष केशरी, संतोष वर्मा, विजय सर्राफ, सुशील अग्रवाल, आनन्द अग्रवाल, गिरधर गोपाल केशरी, आसित सेठ, राधेश्याम धानुका, प्रदीप सिंह, सतुन सिंह, विजयशंकर चतुर्वेदी, आनन्द तिवारी, फुलचन्द राय, अमरनाथ तिवारी, महामंत्री अजय कुशवाहा, हेमन्त त्रिपाठी, अभिनव सिंह, अविनाश सिंह सोनू, नीरज कुमार मानू, बबलू जायसवाल और गिरधारी जायसवाल के अतिरिक्त लोग उपस्थित थे।

शाहफैज स्कूल में खेल कूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ

गाजीपुर। शाह फैज़ पब्लिक स्कूल में खेल कूद सप्ताह का उद्घाघाटन सोमवार को किया गया। उक्त अवसर पर सीओ शेखर सेंगर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। विद्यालय के निदेशक डॉ. नदीम अदहमी ने मुख्य द्वार पर बुके दे कर तथा बच्चों ने ताली बजाकर व परेड कर के मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर रंगा रंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें नन्हे –मुन्ने बच्चों ने बहुत ही मनोरम नृत्य प्रदर्शित किया। जब मुख्य अतिथि क्रीड़ा स्थल पर पहुंचे तो विद्यालय के विद्यार्थी पुष्कर उपाध्याय व आरव गुप्ता ने स्वागत गीत व खेल गीत गाया। जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा ने दिया। विद्यालय के निदेशक ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने गुब्बारे छोड़कर इस खेल कूद प्रतियोगिता का शुभ आरम्भ किया। तत पश्चात् विद्यालय की कप्तान वर्तिका यादव ने मुख्य अतिथि से खेल सप्ताह प्रारंभ करने की औपचारिक रूप से आज्ञा ली। मुख्य अतिथि का विद्यालय के निदेशक ने आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की को – आर्डिनेटर नेहा कुरैशी ने किया।

बस स्टेशन का नामकरण करने के लिए ब्राह्मण जनसेवा मंच ने सौंपा एमएलसी को ज्ञापन

गाजीपुर। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत रोडवेज बस स्टेशन का नाम महावीर चक्र विजेता शहीद रामउग्रह पांडेय के नाम से नामकरण किए जाने के संबंध में ब्राह्मण जनसेवा मंच ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल को ज्ञापन सौंपा। बता दें कि जिले के ब्राह्मण समाज का कुशल नेतृत्व कर रही ब्राह्मण जनसेवा मंच की ओर से जनपद के जखनियां तहसील अंतर्गत ऐमाबंसी गांव निवासी शहीद राम उग्रह पांडेय 1971 भारत पाक युद्ध के दौरान पूर्वी पाकिस्तान मोर्चे पर 22/23 नवंबर की 1971 की मध्य रात्रि अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए वीरगति को प्राप्त हुए। इस युद्ध में उन्होंने अकेले दुश्मन के चार बंकर तबाह करते हुए पांचवें में अपने को घिरा देख दुश्मन समेत लांचर से बंकर को उड़ा दिए। जिन्हें मरणोपरांत सेना के दूसरे सर्वोच्च सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। जिन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति वीवी गिरी द्वारा 26 जनवरी 1972 को दिल्ली में उनकी धर्मपत्नी श्यामा देवी को महावीर चक्र सौंपा गया। जनपद मुख्यालय स्थित रोडवेज स्टेशन का नाम सेना के दूसरे सर्वोच्च सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित शहीद रामउग्रह पांडेय के नाम से किया जाए। इस संबंध में ब्राह्मण जनसेवा मंच के नेतृत्व मे एक प्रतिनिधि मंडल एमएलसी विशाल सिंह चंचल से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विशाल सिंह ‘चंचल’ ने ज्ञापन का तुरंत संज्ञान लेते हुए ब्राह्मण जनसेवा मंच को आश्वस्त किया की बहुत जल्दी इस मांग को पुरा किया जाएगा।

इस प्रतिनिधिमंडल में अनिल पाण्डेय पूर्व जिला पंचायत सदस्य, विनोद मिश्रा, रजनी कांत तिवारी, विशाल पाण्डेय , गणेश पीटर, अतुल पाण्डेय, सिद्धार्थ शंकर पांडेय, आलोक तिवारी, पंकज, ब्राह्मण जनसेवा मंच के संयोजक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी सहित अन्य मौजूद रहे।