All posts by tiwarishivpratap

2 अक्टूबर को लेकर डीएम ने दिया अधिकारियों को निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने समस्त जनपद स्तरीय अधिकरियो को पत्र प्रेषित कर निर्देश दिया है कि 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर गत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी गांधी जयन्ती समारोह व सम्मानपूर्वक आयोजित किये जायेंगे। उक्त अवसर पर सभी राजकीय भवनो पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाये एवं सभी कार्यालयों, विद्यालयों और दूसरी संस्थाओं के किसी बड़े कक्ष या हाल में कार्यालयाध्यक्ष/वरिष्ठ अधिकारी/संस्थान के प्रधानाचार्य या अध्यक्ष द्वारा प्रातः 9 बजे महात्मा गांधी के एक बड़े चित्र का अनावरण व माल्यार्पण किया जाये। उसके बाद गांधी जी के जीवन-संघर्ष, उनकी देश-सेवा, उनके जीवन-मूल्यों पर प्रकाश डाला जाये। विशेष रूप से निर्बलों के कल्याण सम्बन्धी अन्त्योदय की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता के सम्बन्ध में उनके विचारों का संक्षेप में परिचय दिया जाये। सादा जीवन उच्च विचार मितव्ययिता, नैतिकता, भाईचारा तथा सर्वधर्म समभाव जैसे आदर्श जीवन मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी जाये। उन्हें यह भी समझाया जाये कि देश को कमजोर करने वाली शक्तियों से सावधान रहते हुए राष्ट्रीय अस्मिता की रक्षा करना उनका पुनीत कर्तव्य है, जिसका संकल्प आज के दिन दोहराया जाना चाहिए।

कार्ययोजना के तहत डीएम ने दिया कार्यवाही का निर्देश, कहा……

गाजीपुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान, संचारी रोगों, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं कार्यवाही हेतु गुरूवार की शाम जिलाधिकारी आर्याका अखौरी की अध्यक्षता में तृतीय चरण का द्वितीय जनपद स्तरीय अंन्तर्विभागीय समन्वय बैठक जिला पंचायत सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक मे जिलाधिकारी ने प्राप्त विभागीय कार्ययोजनाओ की समीक्षा करते हुए समस्त विभागो को कार्ययोजना के तहत ही कार्यवाही का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि संचारी रोग, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं इसके त्वरित एवं सही उपचार सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तृतीय चरण जो 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान 7 से 21 अक्टूबर के मध्य प्रस्तावित है। उन्होने कहा कि जनपद में तहसील, ब्लॉक, ग्राम स्तर पर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाते हुए आमजन को मच्छर जनित एवं संचारी रोगों से बचने के लिए क्या करें और क्या न करें के बारे जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होने निर्देश दिया कि बच्चों को स्कूलों में लार्वा पनपने के स्रोतों की न केवल जानकारी दी जाए बल्कि उनके मध्य प्रतियोगिता भी कराई जाए। सभी मलेरिया निरीक्षकों को फील्ड में एक्टिवेट किया जाए तथा हाई रिस्क गांव में युद्ध स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाय। उन्होने निर्देश दिया कि अभियान में आशा-आंगनबाड़ी साथ मे अनिवार्य रूप से भ्रमण करे। शहरी- ग्रामीण क्षेत्र में फागिग व एंटीलार्वा एक्टिविटी बढाया जायें। हैंडपंप एंव अन्य जल जमाव वाले स्थलो को चिन्हित करते हुए यह सुनिश्तिच करे कि कही भी आसपास जलजमाव ना हो, वही हैंडपंप से डेढ़ मीटर दूरी तक नाली बनवाए। सुपरक्लोरिनेशन के साथ पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित करें।  आशा-एएनएम फील्ड में सक्रियता से काम करें। जिलाधिकारी  ने विभागीय अधिकारियों से जनसंपर्क एवं जन जागरण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, वेक्टर कंट्रोल, वातावरणीय स्वच्छता सहित विभिन्न बिंदुओं पर बिंदुवार समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अभियान की मानिटरिंग की बारीकियों को भी बताया। उन्होने निर्देश दिया कि दस्तक अभियान में आशा-आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रत्येक मकान पर क्षय रोग के संभावित रोगियों के विषय में जानकारी प्राप्त करेंगी, लक्षणों वाले व्यक्ति की सूचना प्राप्त होने पर उस व्यक्ति का संपूर्ण विवरण एक लाइन लिस्टिंग फॉर्मेट में अंकित कर क्षेत्रीय एएनएम के जरिए ब्लॉक मुख्यालय को उपलब्ध कराएगी। मलेरिया विभाग के कार्यकर्ता क्षेत्रवार योजना बनाते हुए गत वर्ष में मच्छर जनित रोगों के आंकड़ों के आधार पर चयनित हाई रिस्क क्षेत्रों में वेक्टर घनत्व का आकलन भी करेंगे। उन्होने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण अभियान के तृतीय  चरण पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाने के लिए इस विषय पर एक संपूर्ण सोच के साथ संबंधित विभागों के मध्य उचित समन्वय होना आवश्यक है। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कृषि एवं सिंचाई, सूचना, उद्यान विभाग के निर्धारित उत्तरदायित्व बताया तथा अपेक्षित सहयोग किए जाने की अपेक्षा की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 हरगोविन्द,  मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0राजेश कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 उमेश कुमार, मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एम ओ वाई सी उपस्थित थे।

एसडीएम ने किया अवैध हॉस्पिटल को सील


गाजीपुर। शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश पर ब्लाक बाराचवर के लठ्ठूडीह गाँव में अवैध रूप से संचालित शिवन क्लीनिक पर उपजिलाधिकारी डा. हर्षिता तिवारी ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० उमेश कुमार, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बाराचवर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार एवं थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर के औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान क्लीनिक की संचालक निशा गुप्ता द्वारा किसी भी प्रकार का अभिलेख व पंजीयन प्रमाण-पत्र टीम के समक्ष प्रस्तुत नही किया गया। उक्त के क्रम मे तत्काल कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से संचालित शिवम क्लीनिक के संचालक निशा गुप्ता पर सुसंगत धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराते हुए चिकित्सालय को सील कर दिया गया।

जयंत नेत्र भंग लीला का किया गया मंचन

29 सितम्बर को जयंत नेत्र भंग, अनुसुईया सम्बाद अत्रिमिलन, राक्षस बध


गाजीपुर। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से लीला के दशवे दिन 29 सितम्बर दिन गुरूवार को वेदपुरवॉ मोहल्ले के अन्तर्गत अर्बन बैंक के निकट राजा शम्भूनाथ के बाग में बन्दे वाणी विनायको आदर्श रामलीला मण्डल के द्वारा जयंत नेत्र भंग, माता अनुसुईया सम्बाद, अत्रिमिलन, राक्षस बध, नामक लीला का मंचन किया गया।

लीला के दौरान दर्शया गया कि जिस समय से भरत जी के अयोध्या आने के बाद जहॉ श्री राम प्रभु अपनी भार्या सीता का फुलो से श्रृगांर कर रहे थे तो वही पर इन्द्र का पुत्र जयंत कौवे का रूप बनाकरके देखा श्री राम सीता का श्रृगांर कर रहे है तो उसने सोचा की अगर श्रीराम भगवान है तो इनके बल को अजमाने की कोशिश किया व सीता जी के चरणों में अपने चोच से उनके पैर पर प्रहार करके भागा। जिससे सीता जी के चरणों से खुन बहने लगा। सीता जी के चरणो में खून बहता देखकर श्री राम घबरा गये एक तृण का अनुसंधान करके जयंत के पीछे छोड़ देते है। जब जयंत (कौवा) ने देखा कि श्रीराम द्वारा छोड़ा तृण मेरा पीछा कर रहा तो वह घबरा कर अपने पिता ब्रह्मा तथा शंकर जी के पास अपने सहायता के लिये गुहार लगाता है। ये दोनो देवताओं ने जंयत के सारे बातों को सुना तो किसी ने उसके मदद करने की साहस नही की और उसे बैठने तक नही कहॉ गया। अतं वह निराश होकर वापस लौटता है तो रास्ते में भगवत भजन करते हुए देवर्षि नारद से भेट हो गई। जयंत ने श्रीराम से बैर के सम्बन्ध में सारी बाते बताया तो नारद जी ने कहा हे जयंत तुम श्रीरघुनाथ जी के शरण में जाओं वही तुम्हरा रक्षा कर सकते है। अतः आप उनके शरण में जाओं इतना सुनते ही जयंत वापस रघुनाथ जी के शरण में जाता है उसके अवगुणों को ध्यान देते हुए श्रीराम ने उसके ऊपर दया करके एक ऑख फोड़ करके छोड़ दिया।

इसके बाद प्रभु श्रीराम जंगलो, पहाड़ों को पार करते हुए ऋषि अत्रि मुनि के आश्रम पे पहुचते है अत्रिमुनि श्रीराम के आने की सुचना पाते ही ऋषि अत्रि अपने आशन से उठ करके आते है तथा श्रीराम, लक्ष्मण, सीता को आसन देकर उनका स्तुति करते है नमामि भक्तवत्सलम् कृपालु शील कोमलम् भजामि तेयपदांम्भुजम् अका मिनां स्वधामिदं से स्तुति करते है। तथा उन्हे कन्द मूल देकर फल समर्पित करते है। उधर ऋषि पत्नी अनुसुईया सीता जी को अपने आश्रम के अन्दर ले गयी तथा वह आशन देकर सीता जी को बैठाया और नारी धर्म के बारे में सीता जी को समझया कि हे सीते नारी वह है जिसका धर्म कर्म पति के चरणों में समर्पित हो शस्त्रों कहा है कि एकै धर्म एक व्रत नेमा काय वचन मन पति पद प्रेमा और बतायी कि जो नारी पति को अपमानित करती है वह नरकागामी होती है। कहा गया कि ऐसे पति कर किये अपमाना नारी पायी यमकुर दुख नाना। हे सीते इसके अलावा भी नारी धर्म का जो स्त्री पालन करती है वह परम् सौभाग्यवान होती है और जब अपने शरीर को छोड़ती है तो उसके सम्मान देवतागण करते हुए सीधे वैकुण्ठ को ले जाते है इस प्रकार माता अनुसूईया ने सीता जी को नारी धर्म के बारे में बताकर सीता जी को ससम्मान विदा करती है।

श्रीराम ऋषि अत्रि मुनि से आज्ञा लेकर घने जंगलों में जाते है तो बीच में कबन्ध नामक राक्षस अपने लम्बे हाथ को बढाते हुए सीता जी पर प्रहार करता है उसी समय लक्ष्मण अपने तीखे तलवार से उसके हाथ को कई खण्डों में काट डाला तथा श्रीराम ने अपने बाणों से उसका बध कर डाला।

इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी (बच्चा) उपमंत्री पं0 लवकुमार त्रिवेदी (बड़े महराज), कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल, प्रबंधक बीरेश राम वर्मा, उपप्रबंधक मयंक तिवारी, अजय पाठक (एडवोकेट), पं0 कृष्ण बिहारी त्रिवेदी (पत्रकार), राम सिंह यादव, राजकुमार शर्मा उपस्थित रहे।

9 लोगों पर हुआ एफआईआर

बिजली विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान, 9 लोगो पर एफआईआर

गाजीपुर। अधिक्षण अभियंता मोहन राकेश के निर्देशन पर शहर क्षेत्र के मिश्राबाजर में गुरुवार को सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चार लोगो को अवैध तरीके से विद्युत उपभोग करने पर और पांच लोगो पर मीटर बाईपास करके व विद्युत उपभोग करने पर बिजीलेंस थाने रौजा पर एफआईआर दर्ज कराया गया। वही एक लाख से ऊपर दस बड़े बकायेदारों की मौके पर लाइट खोलते हुवे सख्त चेतावनी देते हुवे अधिशाषी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि बिना पैसा जमा किए बगैर अगर लाइट जोड़ी गई तो सीधे 138 बी में एफआईआर दर्ज करवाई जायेगी। आगे उन्होंने यह भी बताया कि चेकिंग के दौरान पांच उपभोक्ताओं का लोड बढ़ाया गया और सात लोगो का विधा परिवर्तन किया गया। कहा कि यह चेकिंग अभियान लगातार चलता रहेगा, जितने भी दस हजार से ऊपर के बकायेदार उपभोक्ता है वे लोग जल्द से जल्द अपना बकाया बिल का भुगतान नजदीकी कैश काउंटर पर जाकर कर दे। चेकिंग टीम में मुख्य रूप से एसडीओ सत्यम त्रिपाठी एवं जेई अविनाश सिंह सहित विद्युत विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से न रहे वंचित:डीएम


गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के अध्यक्षता में जिला गुरूवार को स्वास्थ्य समिति की बैठक जिला पंचायत सभागार में हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना, जे0एस0वाई के भुगतान, मातृत्व मृत्यु दर की समीक्षा, परिवार कल्याण कार्यक्रम, टीकाकरण, 108/102 एम्बुलेंस की उपलब्धता, आशा कार्यक्रम/जे एस वाई भुगतान, क्षय रोग नियंत्रण, कुष्ठ उन्मूलन, प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, आयुष्मान कार्ड, जन्म-मृत्यु पंजीयन एवं कोविड-19 टीकारण सहित अन्य बिन्दुओ पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होने जननी सुरक्षा योजनार्न्तगत गर्भवती महिलाओं के प्रसव के सम्बन्ध जानकारी लेते हुए, गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण के समय ही बैंक विवरण प्राप्त करने तथा लम्बित भुगतानों का निर्देश दिया। एम0ओ0वाई0सी0 सुभाखरपुर के संतोषजनक कार्य न करने पर आग्रीम आदेश तक वेतन रोकने एवं रेवतीपुर एम0ओ0वाई0सी को स्पष्टिकरण देने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान मुख्य चित्सिाधिकारी ने बताया कि परिवार कल्याण कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में महिला नसबन्दी शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय एवं सी0एच0सी0/पी0एच0सी0 से कैम्प कैलेन्डर बनाकर किया जा हरा है। आधुनिक अस्थायी विधियॉ अन्तरा कापर-टी की सेवायें जिला महिला चिकित्सालय एवं समस्त ब्लाक स्तरीय स्वास्थ्य इकाईयो पर दी जा रही है। जनपद में अगस्त, 2022 तक महिला नसबन्दी 930 एवं पुरूष नसबन्दी 7 की गयी। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रसव हेतु आयी कुल 5134 महिलाओ को 48 घण्टे रोककर उन्हे निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया गया तथा 4746 महिलाओं को निःशुल्क ड्रापबैक की सुविधा प्रदान की गयी। वी एच एन डी सत्रों पर एम0सी0पी0 कार्ड एवं आवश्यक वैक्सीन ड्यू लिस्ट सहित उपलब्ध करायी जा रही है। माह अगस्त, 2022 तक वार्षिक लक्ष्य 96700 के सापेक्ष बीसीजी 39713 एवं 40850 बच्चो को मीजिल्स की प्रथम डोज लगायी गयी। एम0आर0 प्रथम डोज मरदह में 35.08 प्रतिशत, जखनियॉ में 47.37 प्रतिशत, बाराचवर में 37.83 प्रतिशत एवं रेवतीपुर में 36.53 प्रतिशत बच्चो का लक्ष्य के सापेक्ष टीका लगाया गया। उन्होने बताया गया कि अल्ट्रासाउण्ड सेन्टरों की जॉच नोडल अधिकारी एवं नामित उपजिलाधिकारी के माध्यम से माह-अगस्त, 2022 तक 49 निरीक्षण किये गये है। जे0एस0वाई0 लाभार्थियों का भुगतान, आशाओ का इन्सेन्टिव तथा संविदा कार्मिकों का मानदेय आदि का भुगतान वित्तीय नियमो का पालन करते हुए कराया जा रहा है। माह-अगस्त, 2022 तक 1397 मोतियाबिन्द का ऑपरेशन किया गया है तथा प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना में अबतक कुल 98315 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। उन्होने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में लक्षित व्यक्ति 747572 के सापेक्ष 359621 व्यक्तियों के गोल्डेन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक पात्र लाभार्थी परिवार का शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड जारी करने का निर्देश दिया। उन्होनेे कहा कि कोई भी पात्र परिवार आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। कोविड-19 टीकाकरण में जिलाधिकारी समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिया कि जितने भी टीकाकरण होते है उसकी प्रतिदिन पोर्टल पर ऑन फीडिंग अवश्य करायी जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, मुख्यचिकित्साधिकारी डा0 हरगोविन्द, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 उमेश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 राजेश सिंह, समस्त एम ओ वाई सी एंव अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

बिजली चेकिंग में हुई कई लोगों पर कार्यवाही

गाजीपुर। दुल्लहपुर क्षेत्र के जलालाबाद चौराहे पर गुरुवार की दोपहर बिजली विभाग और विजिलेंस की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। जांच टीम में शामिल एसडीओ मिठाई लाल ने बताया कि क्षेत्र में बिजली लाइन लास कम करने तथा राजस्व की वसूली बढ़ाने के लिए विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया है जो  जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से कहा कि जिनके पास कनेक्शन नहीं है वह अतिशीघ्र कनेक्शन करा लें। जिसका  बिल बकाया है वह अति शीघ्र अपना बिल जमा करें। टीम ने बिजली चोरी कर रहे 4 लोगों को पकड़ा जिन के ऊपर एफ आई आर दर्ज कराया गया। अभियान में 25 कनेक्शनों की जांच की गई। बकाया के चलते 5 लोगों की बिजली काटी गई। एसडीओ मिठाई लाल नें जानकारी देते हुए बताया कि दुल्लहपुर पॉवर हाऊस पर छमता से अधिक भार है, जिसकी वजह से आये दिन क्षेत्र में फाल्ट होता हैं। जबकि कनेक्शन की बात की जाय तो बहुत कम कनेक्शन हैं, जिसमें विजलेंस विभाग की संयुक्त चेकिंग में ज्यादातर मामले यही निकल कर सामने आ रहा हैं कि कनेक्शन 1 केवी का है और 5 केवी तक का लोड है। अधिकतर लोगों का सबमर्सिबल 5 से लेकर 7 केवी तक का स्टेबलाइजर, फ्रिज व कहीं कहीं एसी भी चल रहा है। जबकि चट्टी- चौराहा और दुकानदारों की बात की जाए तो घरेलू कनेक्शन लेने के बाद कमर्शियल उपकरण उपयोग कर दुकान चला रहे हैं। कुछ तो बिना मीटर बिजली चोरी  तो कुछ बगैर कनेक्शन का ही बिजली उपयोग कर रहे हैं। जिन पर इस संयुक्त टीम द्वारा चल रहे चेकिंग अभियान में  बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए। जांच टीम में एसडीओ मिठाई लाल, जेइ विजलेंस पंकज चौहान, शहदेव सिंह, विनोद, नीरज, समीम खान, लाइनमैन नान्हू, राजकुमार व हरेन्द्र आदि शामिल रहे।

भाषण प्रतियोगिता में तीन छात्रों ने मारी बाजी

गाजीपुर। नेहरु युवा केन्द्र युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा हिन्दी पखवाड़ा का समापन किया गया। हिन्दी पखवाड़ा 14 से 29 सितम्बर के अंतर्गत वाद विवाद, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन विभिन्न विकास खण्डों में आयोजित किया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आंचल वर्मा, द्वितीय स्थान प्रगति प्रधान एवं तृतीय स्थान स्नेहलता को प्राप्त हुआ। जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हम सभी को हिन्दी भाषा का प्रयोग करने में गर्व महसूस करना चाहिए। हम सभी को अपनी भावनाओं एवं विचारो को जितना हिन्दी भाषा में अभिव्यक्त करने में सहजता होती हैं और किसी अन्य भाषा में नही होती हैं। सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सुभाष चन्द्र प्रसाद, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक खुश्बू वर्मा, राजीव गुप्ता, सुरेन्द्र राम एम टी एस, रामाधर यादव आदि लोग उपस्थित थे।

कालेज के प्रिंसिपल और शिक्षकों ने लिया टीबी मरीजो को गोद

राजकीय महिला कालेज के प्रिंसिपल और शिक्षकों ने लिया टीबी मरीजो को गोद

गाजीपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान जो 2025 तक पूरा कर लेने का अभियान इन दिनों पूरे देश में चलाया जा रहा है। इसी को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के द्वारा 9 सितंबर 2022 को शुरू किए गए प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को राजकीय महिला महाविद्यालय, गाजीपुर के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ सबिता भरद्वाज के द्वारा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 5 टीबी मरीजों को गोद लिया। साथ ही अपने महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों को भी टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए प्रेरित किया।

राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सविता भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान में महाविद्यालय पूर्ण रूप से समर्पित है और कहा टीबी हारेगा गाजीपुर जीतेगा।

जिला कार्यक्रम समन्वयक मिथिलेश सिंह ने बताया कि राजकीय महिला महाविद्यालय के सभी शिक्षक ने एक एक टीबी मरीजों को गोद ले कर मानवता का मिसाल कायम किया है। राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य को 51 टीबी मरीजों कि सूची क्षयरोग विभाग गाज़ीपुर द्वारा उपलब्ध कराया गया।

सूची प्राप्त कराने में डीपीपीएमसी अनुराग कुमार पाण्डेय,एस टी एस सुनिल कुमार वर्मा,एस टी एल एस वैंकटेश प्रसाद शर्मा ,संजय सिंह यादव उपस्थित थे। तथा महाविद्यालय के प्राचार्य महोदया के साथ टीबी मरीजों को गोद लेने के महाविद्यालय के शिक्षक डा उमाशंकर प्रसाद, एसो.प्रो डॉ विकास सिंह, एसो. प्रो डॉ संगीता, एसो प्रो, डॉ सारिका सिंह ,एसो प्रो डॉ गजनफर, एसो प्रो, डॉ नेहा कुशवाहा ,एसो प्रो डॉ शिखा सिंह ,एसो प्रो डॉ मनीष कुमार सोनकर उपस्थित थे।

लम्बित प्रकरण को तत्काल निस्तारित कराए:डीएम

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु/व्यापार बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार मे जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुयी। बैठक में जिलाधिकारी ने  मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किये जाने तथा उसी स्थान पर पशु आश्रय स्थल बनाये जाने हेतु  चकबन्दी अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क, नाली, बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार यांेजना, एक जनपद एक उत्पाद, पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,  पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की। जिला उद्योग व्यापार मण्डल द्वारा विद्युत बिल भुगतान पूर्ण कर दिया गया है तथा बताया गया कि 15 दिन के बाद बिल जमा न करने पर विद्युत कनेक्शन काट दिया जायेगा, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड प्रथम को निर्देश दिया कि इस सम्बन्ध में समस्त विवरण लिखकर विद्युत उपभोक्ताओं को समाचार पत्रों एवं अन्य श्रोत्रों के माध्यम से जानकारी प्रदान करने को कहा। औद्योगिक आस्थान नन्दगंज की समस्याओं को समयानुसार पूर्ण कर लिया गया है। बताया गया कि कुछ हिस्सा अधूरा  है जिसपर जिलाधिकरी ने अधिशासी अभियन्ता, पी0डब्लू0डी0 सी0डी0-1 को निर्देश दिया कि बाउंड्री समयाअवधि में ही पूर्ण किया जाय बजट कम है तो शासन को पत्र प्रेषित कर तत्काल बजट की मॉग की जाय। निवेश मित्र के अन्तर्गत अनुमातियॉ, अनापत्तियॉ, पंजीयन, लाइसेन्स आदि के सम्बन्ध में माह सितम्बर, 2022 में निवेश मित्र वेबसाइट पर समय-सीमा के अन्तर्गत श्रम विभाग -2, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि  प्रशासन-15, प्रदूषण नियत्रंण बोर्ड में-27, अग्निशमन विभाग में 06, कृषि विभाग में-05 उ0प्र0 पावर कार्पोरेशन मे-03, इन्फार्मेशन टेक्नोलाजी में-05 तथा समय -सीमा पश्चात् ग्राउण्ड बोर्ड आफ रेवन्यू में 01, प्रकरण पोर्टल पर लम्बित पाये जाने पर जिलाधिकरी आर्यका अखौरी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय-सीमा के अन्तर्गत लम्बित प्रकरण को तत्काल निस्तारित कराए। उन्होने बताया कि उद्योग बन्धु के अन्तर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन में 96 लक्ष्य के सापेक्ष 79 स्वीकृत एवं 28 वितरित, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 99 लक्ष्य के सापेक्ष 37 स्वीकृत एवं 26 वितरित एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण सहायता योजना में 10 लक्ष्य के सापेक्ष 07 स्वीकृत 02 वितरित किया गया। इसी क्रम में खादी और ग्रामोद्योग आयोग के अन्तर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन में 40 लक्ष्य के सापेक्ष 27 स्वीकृत एवं 11 वितरित किया गया। जिला खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अन्तर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन में 70 लक्ष्य के सापेक्ष 68 स्वीकृत एवं 45 वितरित, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अन्तर्गत 11 लक्ष्य के सापेक्ष 11 स्वीकृत एवं 10 वितरित किया गया। जिला नगरीय विकास अभिकरण के अन्तर्गत  डे-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन में 45 लक्ष्य के सापेक्ष 21 वितरित, पी0एम0 स्वानिधि योजना (प्रथम ऋण रू0-10000.00) 4375 लक्ष्य के सापेक्ष 5039 स्वीकृत एवं 4669 वितरित एवं पी0एम0 स्वनिधि योजना (द्वितीय ऋण रू0- 20000.00) 1583 लक्ष्य के सापेक्ष 562 स्वीकृत एवं 510 वितरित किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डी0सी0मनरेगा, जिला सूचना अधिकारी एवं, उद्योग बन्धु/व्यापार बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु के उद्यमी उपस्थित रहे।