All posts by tiwarishivpratap

समस्याओं का किया निस्तारण

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सैदपुर में प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में तहसील सभागार मे सम्पन्न हुआ। जिसमे 139 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर 06 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातांे तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 613 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 55 शिकायत/प्रार्थना पत्रो  का निस्तारण किया गया।


मुख्य विकास अधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया तथा शेष शिकायतों को सम्बंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीनी विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से सम्बन्धित होते है इसलिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शहर, उपजिलाधिकारी सैदपुर, जिला विकास अधिकारी, तहसीलदार सैदपुर, एवं समस्त जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद ने रोटरी और इनरव्हील क्लब के नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

रोटरी क्लब गाजीपुर का 72वां और इनरव्हील क्लब का 35वां संयुक्त पदग्रहण सम्पन्न, पहली बार महिला अध्यक्ष बनीं रोटेरियन विनीता सिंह और सचिव सुमन सर्राफ।

राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने नवपदाधिकारियों को शपथ दिलाई, रोटरी पिन पहनकर मानद सदस्य बनीं और महिला नेतृत्व की सराहना की।

रोटरी क्लब के 72 वर्ष के इतिहास में पहली बार महिला अध्यक्ष के रूप में विनीता सिंह ने कार्यभार संभाला, जबकि इनरव्हील क्लब की नई अध्यक्ष डॉ. नामिषा जायसवाल बनीं।

निवर्तमान पदाधिकारियों ने वर्षभर के सामाजिक कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया तथा उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों और सहयोगियों को सम्मानित किया।

गाजीपुर। नगर स्थित एक होटल में रोटरी क्लब गाजीपुर का 72वां तथा इनरव्हील क्लब गाजीपुर का 35वां संयुक्त पदग्रहण समारोह वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने रोटरी क्लब की नई अध्यक्ष रो. विनीता सिंह एवं सचिव रो. सुमन सर्राफ तथा इनरव्हील क्लब की नई अध्यक्ष डॉ. नामिषा जायसवाल को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
समारोह में रोटरी क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष रो. बरुन कुमार अग्रवाल और सचिव रो. अरबिंद कुमार शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट सहयोग देने वाले क्लब सदस्यों, चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं सहयोगी संस्थाओं को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।


नव निर्वाचित अध्यक्ष रो. विनीता सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब गाजीपुर के 72 वर्ष के इतिहास में पहली महिला अध्यक्ष चुना जाना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के हित में नए सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्य अतिथि डॉ. संगीता बलवंत एवं उनके पति डॉ. अवधेश कुमार सहित कई लोगों को रोटरी पिन पहनाकर क्लब की सदस्यता भी प्रदान की।


इनरव्हील क्लब की निवर्तमान अध्यक्ष राजश्री सिंह ने वर्षभर की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए क्लब की सक्रिय सदस्य को सम्मानित किया। वहीं नव निर्वाचित अध्यक्षा डॉ. नामिषा जायसवाल ने सेवा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ क्लब की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि “रोटरी क्लब और इनरव्हील क्लब वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं। रोटरी क्लब गाजीपुर के 72 वर्षों के इतिहास में महिला नेतृत्व का चयन नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और रोटरी परिवार ने उन्हें नेतृत्व देकर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। समाजहित के इन कार्यों में मेरा सहयोग सदैव मिलता रहेगा।”


इस अवसर पर रोटरी क्लब गाजीपुर और इनरव्हील क्लब गाजीपुर में नए सदस्यों ने भी रोटरी पिन पहन कर सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर रो. संजीव सिंह, रो. असित सेठ, रो. विनय, डॉ अवधेश बिंद, रो. अजय सर्राफ, रो. रवि केडिया, रो. जिशान, रो.संजुम नसीर, रो. मंजू सेठ, रो. श्रवण सिंह, रो. संतोष वर्मा, रो. ओमनारायण सैनी, डॉ. जेएस राय, डॉ. संजय राय, डॉ. शिवम राय, रवि केडिया इत्यादि रोटरी सदस्यों के बड़ी संख्या में इनरव्हील क्लब की सदस्याएं, सामाज के विभिन्न वर्गों के लोग और नगरवासी उपस्थित रहे, मंच संचालन डॉ यूसी राय ने किया।

सपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर पीडीए पंचायत का आयोजन, कइयों ने ली सदस्यता

गाजीपुर समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के तरफ से
अखिलेश यादव जी के जन्मदिन पर पौधरोपण व पीडीए पंचायत का आयोजन, और सपा की सदस्यता भी दिलाई गई।

गाजीपुर। विधानसभा जमानिया क्षेत्र के देवईथा गांव स्थित अंबेडकर पार्क में बुधवार को समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के तत्वावधान में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53 वें जन्मदिन के अवसर पर पौधरोपण एवं पीडीए पंचायत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय PDA के लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह द्वारा अंबेडकर पार्क में पौधरोपण कर किया गया। इसके उपरांत उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, गौतम बुद्ध एवं संत रविदास की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सामाजिक न्याय, पर्यावरण संरक्षण तथा पीडीए की अवधारणा को सशक्त बनाने पर बल दिया। इसके बाद विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन मनाया। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी का सदस्यता अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम का संचालन सपा अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष तौकीर खान ने किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की नीतियां समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने वाली हैं तथा पीडीए की सोच सामाजिक समरसता एवं समान भागीदारी को मजबूती प्रदान करती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवल किशोर राम ने की। इस अवसर पर सपा विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, प्रतिनिधि मन्नू सिंह, अल्पसंख्यक सभा के जिलासचिव अकबर उर्फ कल्लू टेंट, कलीम खान, ग्राम प्रधान हाजी गयासुद्दीन खान ,असलम खान पूर्व (प्रधान), कन्हैया राम, ईश्वर दयाल राम, बबलू राम, सपा जिलाउपाध्यक्ष आमिर अली, डॉ समीर सिंह ,पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पलटू राम, प्रवीण यादव, ग्राम प्रधान गयासुद्दीन, रंगनाथ कुशवाहा, मिर्चा प्रधान भोलू खान, प्रदुम्न शाह, सूरज रावत, गुड्डू बीडीसी, शाहनवाज खान,प्रमोद यादव,काशी यादव ,अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे।

बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़, हुआ गिरफ्तार

गाजीपुर। गहमर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे एक शातिर अंतरराज्यीय असलहा तस्कर व लुटेरे को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी और उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी अपनी टीम के साथ भटपुरवा मारूफ की बाग-बारा रेवतीपुर मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। बाइक फिसलकर गिरने के बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ सिंह (20) वर्ष निवासी गहमर पट्टी खेलूराय के बाएं पैर में गोली लग गई। उसके साथी मुकेश कुशवाहा (22) निवासी गहमर पट्टी सम्भल राय को भी कुछ दूरी पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस .315 बोर, बिना नंबर की काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल, 700 रुपये नकद, एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ।

कर्मचारी नेता ने सेवा निर्वित्त होने पर किया सम्मानित

गाजीपुर। बुधवार को संचालन प्रभारी रोडवेज कर्मचारी सं0परिषद व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के सेवा निर्वित्त उपरांत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान समारोह में उपस्थित राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज चार साथियों के साथ एक संगठन के सेनापति सेवानिवृत्त हो रहे, जिसकी कमी दिखाई देगी और उसे पूरा नही किया जा सकता।

अरविंद सिंह संगठन के एक ईमानदार सिपाही हैं और जो भी सरकारी सेवा में आता है उसे एक दिन सेवा निवृत्त होना होता है। सही मायने सम्मान वही है,जो सभी सेवा निवृत्त हुए कर्मियों देयकों का भुगतान संयान्तर्गत कर दिया जाय। वर्तमान परिवेश में अगर कोई शकुशल सेवानिवृत्त हो जाय वो बधाई के पात्र हैं। उनके द्वारा कर्मचारियों से अपील किया की अपने सम्मान के लड़ाई के लिए संगठन को मजबूती प्रदान करें,सेवानिवृत्त होने पर अरविंद कुमार सिंह, राजेंद्र यादव, अरविन्द तिवारी, रामाधार राम को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।


सम्मान समारोह में विवेकानंद सिंहा, अभय सिंह, बृजेश राय, मनोज मिश्रा, जय प्रकाश सिंह,प्रदीप सिंह,राजीव राय, सुरजीत सिंह बंशी यादव, सत्य प्रकाश राय, शैलेन्द्र सिंह,आदि लोग मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता दुर्गेश श्रीवास्तव व संचालन विवेकानंद सिन्हा ने किया,

समाजवादियों ने मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन

गाजीपुर। बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यालय समत भवन पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्म दिन केक काटकर मनाया गया गया। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई दी और उनके दीर्घायु होंने की कामना किया। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने समाजवादी आंदोलन को और आगे बढ़ाने, संगठन को मजबूत करने,हर समाज एवं वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ने के साथ साथ देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप, साम्प्रदायिक सद्भाव एवं सौहार्द, सामाजिक न्याय की रक्षा करने एवं साम्प्रदायिक एवं फासिस्टवादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष करने के साथ साथ डा.लोहिया एवं नेता जी के सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ विरेन्द्र यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश को अखिलेश जी जैसे नेता की जरूरत है जो अपनी विकासवादी नीतियों से देश को विकास के रास्ते पर ले जा सके । उन्होंने कहा कि अखिलेश जी जैसे चट्टानी इरादें और दृढ़ संकल्प का धनी देश में कोई नेता नहीं है। विधायक जै किशन साहू ने अखिलेश जी को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि विकास के दृष्टिकोण से अखिलेश जी का मुख्यमंत्रित्व काल स्वर्णिम युग था । अखिलेश जी ने अपने कार्यकाल में आगरा -लखनऊ एक्सप्रेस वे ,यूपी 100पुलिस सेवा और 108 समाजवादी एम्बुलेंस सेवा फ्री शुरू की । उनके कार्यकाल में लखनऊ मेट्रो रेल, लखनऊ इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ, एशिया का सबसे बड़ा पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क , जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर लखनऊ, यमुना एक्सप्रेस वे बनाने का काम किया । इन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं को बड़ी मात्रा में लैपटॉप वितरण किया।


जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने बधाई देते हुए कहा कि जिस तरह से भाजपा सरकार के संरक्षण में किसानों और नौजवानों को लगातार कमजोर करने की साज़िश की जा रही है हमें उससे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी आंदोलन को खत्म कर पूंजीवादी व्यवस्था लाना चाहती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से हुई हार से सबक लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, डॉ नन्हकू यादव, सुशील जायसवाल,अरुण कुमार श्रीवास्तव, रामवचन यादव, राजकुमार पांडेय,शिवशंकर यादव,रविन्द्र प्रताप यादव,अमित ठाकुर,अशोक कुमार बिंद, तहसीन अहमद,दिनेश यादव,सूरज राम बागी,डॉ समीर सिंह, डॉ समीर सिंह,विभा पाल,भरत यादव ,कंचन रावत, आत्मा,पूजा गौतम,रामाशीष यादव,हरवंश यादव , रामप्रकाश यादव, सुनील यादव,द्वारिका यादव ,दारा यादव,असलम खां,कमला यादव, रजनीकांत ‌ यादव आदि उपस्थित थे।इस कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।

31 जुलाई  तक चलेगा अभियान, टीमें घर-घर जाकर करेंगी जागरूक

31 जुलाई  तक चलेगा अभियान, टीमें घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम के लिए करेंगी जागरूक

स्वास्थ्य, नगर निगम, पंचायती राज विभाग समेत 11 विभागों के आपसी समन्वय से सफल होगा अभियान

गाजीपुर। संचारी व मच्छर जनित रोगों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डा० मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत शपथ  दिलाकर किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि संचारी व मच्छर जनित रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इन्हीं बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान 31  जुलाई तक चलेगा। इसी बीच 11से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग, नगर निमग, पंचायती राज विभाग समेत 11 विभागों की टीम तैनात की गईं हैं जो घर-घर जाकर बीमारियों की रोकथाम और समुदाय को जागरूक करेंगी। ऐसे में जन समुदाय का भी दायित्व है कि अभियान में सहयोग करे, सतर्क और जागरूक रहें। मुख्य चिकित्साधिकारी ने अपील की कि डेंगू का मच्छर दिन में ही काटता है तथा इससे बचाव के लिए पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें। मच्छर रोधी क्रीम का इस्तेमाल करें। सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें।


प्रशासन व विभिन्न विभागों के साथ ही जन प्रतिनिधि भी इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करेंगे। इन बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा छिड़काव, फोगिंग, स्वच्छता, साफ-सफाई आदि का कार्य किया जाएगा। जांच व उपचार के साथ आवश्यक दवा भी प्रदान की जाएगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नोडल विभाग रहेगा। नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन कल्याण विभाग, कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित 11 विभाग आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाएंगे।
सीएमओ  ने कहा कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण व दस्तक अभियान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का बेहद महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार आदि रोगों को विशेष अभियान चलाकर काबू कर लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के आपसी समन्वय से नगर पालिका व नगर पंचायत की टीमें शहरी क्षेत्र तथा पंचायती राज विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण कार्य के साथ ही समुदाय को जागरूक करेंगी। सीएमओ ने कहा कि अभियान में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसमें जन प्रतिनिधियों, प्रभावशाली व्यक्तियों, विभिन्न संस्थाओं के साथ ही जनमानस का भी सहयोग लिया जाएगा।

गौशाला के निरीक्षण के दौरान डीएम को मिली कमी, दिए निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा बुधवार को जनपद में संचालित गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण, देखभाल एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अस्थाई गौशाला नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद एवं स्थाई गौशाला कठऊत का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशालाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थाई गौशाला कठऊत के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए भूसा, पानी, हरे चारे की उपलब्धता, पशुओं की देखभाल एवं साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने पशुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। निरीक्षण में हरे चारे की व्यवस्था पशुओं की आवश्यकता के सापेक्ष अत्यंत कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने गौशाला में पशुओं की मृत्यु होने की स्थिति में उनके निस्तारण एवं दफनाने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि जिस स्थान पर मृत पशुओं को दफनाया जाता है, उस स्थान को ब्रैकेटिंग कर सुरक्षित रखा जाए, जिससे व्यवस्था व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनी रहे।


निरीक्षण के दौरान गौशाला में प्रकाश व्यवस्था की कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गौशाला परिसर में सोलर पैनल लगाने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। जिलाधिकारी ने गौशाला संचालन में लापरवाही पाए जाने पर प्रशासक पद पर तैनात प्रधान को पद से पदच्युत करने की कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौशालाओं में शासन की मंशा के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।

यूपी टेट परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

गाजीपुर। जनपद में 02, 03 एवं 04 जुलाई, 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता यू0पी0टेट-2026 की लिखित परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्ण, निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा द्वारा संयुक्त रूप से अष्ट शहीद इंटर कॉलेज तथा डॉ0 एम0 ए0 अंसारी इंटर कॉलेज यूसुफपुर मोहम्मदाबाद परीक्षा केंद्रों का बुधवार को निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मूलभूत सुविधाओं, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को निर्देश दिए की कॉलेज में पानी की व्यवस्था, साफ सफाई, के साथ शौचालय की व्यवस्था सुचारूप से रखी जाय। मेडिकल टीम की व्यवस्था तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम की पूर्ण रूप से संचालित रखा जाय। उपस्थित कक्ष निरीक्षको के बैठको के उपरान्त उनके ट्रेनिंग के बारे जानकारी लेते हुए उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए सकुशल, शान्तिपूर्ण ढ़ग से परीक्षा को पूर्ण कराने का निर्देश दिया।


जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों पर शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर तैनात कक्ष निरीक्षकों एवं सेक्टर मजिस्टे के साथ बैठक कर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा संचालन संबंधी गाइडलाइन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होने सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करें। परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परीक्षा से जुड़े सभी कार्मिकों को समय से केंद्रों पर उपस्थित रहने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।


पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह, अव्यवस्था या अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा समन्वय करते हुए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया, निगरानी व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में जितने भी सेन्टर बनाये गये है उस स्थानो पर परीक्षार्थियों की इन्ट्री गेट पर पूरी गहन्ता से जॉच की जाय कोई भी परीक्षार्थी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अंदर न जाए इस पर विशेष ध्यान रखी जाय।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मु0बाद, संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा यू0पी0टेट-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

शीर्ष दीप, डॉ. उरूज व शिवम राय को किया गया सम्मानित

लखनऊ में सम्मानित हुये शीर्ष दीप, डॉ. उरूज व शिवम राय

गाजीपुर। रक्तदान को जनआंदोलन बना चुकी सामाजिक संस्था निफा ने प्रदेश भर में संवेदना-2 अभियान के अंतर्गत रक्तदान शिविर आयोजित करने वाली संस्थाओ के लिए 28 जून का दिन ऐतिहासिक बना दिया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में निफा उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित संवेदना -2 सम्मान समारोह में देश व प्रदेश से जुटे रक्तदाताओं के साथ जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर के संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा, सचिव डॉ. उरूज फात्मा व सदस्य शिवम राय को मानवता की सेवा और रक्तदान जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट्स (NIFAA) की ओर से एक ही दिन दो प्रतिष्ठित सम्मानों नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड और इंग्लैंड की संस्था द्वारा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. बबिता सिंह चौहान अध्यक्ष राज्य महिला आयोग (उ0प्र0) वैश्य नटवर गोयल राज्य मंत्री लघु उद्योग निगम एवं विशिष्ट अतिथि प्रो. राजकुमार मित्तल वाइस चांसलर (बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी लखनऊ), मि. संजय पांजवानी वाइस चेयरमैन वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड, डॉ. अश्विनी शेट्टी नेशनल प्रेसिडेंट निफा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने यह सम्मान प्रदान करते हुए सभी रक्तवीरों के कार्यों की उन्मुक्त कंठ से सराहना की। अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशेष रूप से रक्तदान एवं अंगदान को और बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया।
ज्ञातव्य है कि गाजीपुर में जीवन रक्षक फाउंडेशन का रक्तदान के क्षेत्र में सराहनीय योगदान रहा है। संस्था ने 5 वर्षों में 2500 से अधिक जरूरतमंदों को रक्त मुहैया कराया है। साथ ही वृक्षारोपण व पशु-पक्षियों की भी सेवा करती है।
उल्लेखनीय है कि नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड भारत एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस इंग्लैंड अवॉर्ड इंग्लैंड का एक प्रतिष्ठित सम्मान है जो सामाजिक कल्याण, सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी), शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतरीन और सकारात्मक बदलाव लाने वाले समाजसेवियों को दिया जाता है।
इस आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे, माधव श्याम त्रिपाठी, डॉ. अंजू सिंह,परमजीत सिंह जग्गी एवं इंजी. राजीव गोयल ,सचिन श्रीवास्तव, अमित गुप्ता सहित निफा परिवार के समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए निफा परिवार से जुड़े हर एक रक्तवीर सहित देश कई राज्यों से पधारे राज्य अध्यक्षों श्रवण शर्मा हरियाणा, सच प्रीत सिंह पंजाब, कुंदन तिवारी झारखंड,दीपक वालिया पठानकोट सभी रक्तवीरों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और अंत में संवेदना अभियान के स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर ई० राजीव गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा की।