All posts by tiwarishivpratap

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष का पूर्व मंत्री ने किया स्वागत

गाजीपुर। भाजपा कार्यालय पर आगामी 06 से 14 अप्रैल के मध्य आयोजित होने वाले सांगठनिक कार्यक्रमों के निमित्त आयोजित बैठक में गुरुवार को नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय का स्वागत पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार विजय कुमार मिश्र ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर किया। उन्होंने श्री राय को बधाई देते कहा कि ओमप्रकाश राय का बूथ अध्यक्ष से शुरू हुआ सफर आज जिलाध्यक्ष तक आ पहुंचा है। एक कार्यकर्ता के अध्यक्ष बनने से गाजीपुर में भारतीय जनता पार्टी एक नया आयाम स्थापित करेगी। ऐसा विश्वास है।

विजय मिश्रा ने “वंशावली ग्रंथ” पुस्तक का किया विमोचन

गाजीपुर। माँ कामाख्या की स्थापना करने वाले बाबा गंगेश्वर की स्मृति में गुरुवार को बाबा गंगेश्वर जन कल्याण समिति के तत्वाधान में सिद्ध मां कामाख्या धाम मंदिर गहमर के प्रांगण में आयोजित समारोह के अवसर पर बाबा गंगेश्वर के जीवन पर आधारित पुस्तक “वंशावली ग्रंथ” का विमोचन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री विजय मिश्रा ने किया। पुस्तक विमोचन उपरांत आगे श्री मिश्र ने कहा कि बाबा गंगेश्वर मां भगवती के अनन्य साधक होने के साथ ही साथ एक संकल्प वान एवं साहसी व्यक्ति थे।

आतताइयों के अत्याचार से मुक्त होकर अपनी वंशावली के साथ आज से 500 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में आकर सनातन धर्म की रक्षा के उद्देश्य से जिस प्रकार बाबा गंगेश्वर ने यहां सिद्ध धाम मां कामाख्या मंदिर की स्थापना की एवं धर्म रक्षा के लिए एशिया के सबसे बड़े क्षेत्र गहमर के 84 गांवो में अपने वंशावली का विस्तार कर संपूर्ण क्षेत्र वासियों को सदैव धर्म मार्ग पर चलते रहने की गौरवशाली परंपरा का सूत्रपात किया उसे कदापि भुलाया नहीं जा सकता। वे एक साधारण मानव न होकर एक युग पुरूष थे।

मां कामाख्या के दर्शन-पूजन आरती के उपरांत आरंभ हुई वंशावली ग्रंथ विमोचन समारोह के अवसर पर बोलते हुए अंत में विजय मिश्रा ने कहा इस पवित्र नवरात्र में हम सबके जीवन में सुख समृद्धि विद्या ज्ञान एवं आरोग्य की कामना करते हैं।

इस अवसर पर हीरा उपाध्याय, रामाधार उपाध्याय, कर्नल रंजीत उपाध्याय, श्रीनिवास उपाध्याय, बलिराम उपाध्याय, महंत आकाश राज तिवारी, विद्या शंकर उपाध्याय, विद्याधर उपाध्याय, सच्चिदानंद उपाध्याय, दीपचंद उपाध्याय, संत उपाध्याय, अखिलेश उपाध्याय एवं वंश नारायण उपाध्याय पूर्व प्रधानाचार्य सहित आदि लोग उपस्थित रहे कार्यक्रम की अध्यक्षता लक्ष्मीकांत उपाध्याय ने किया एवं समारोह का संचालन मिथिलेश सिंह गहमरी ने किया।

पीजी कॉलेज की टीम बनी चैम्पियन, हुआ भव्य स्वागत

31 वें प्रादेशिक रोवर्स एवं रेंजर्स समागम 2025 में चैंपियन बनी टीम की वापसी पर हुआ भव्य स्वागत

गाजीपुर। भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के 31वें प्रादेशिक रोवर्स एवं रेंजर्स समागम 2025 का आयोजन प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस समागम में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की चैंपियन टीम के रूप में जिले की स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रोवर्स एवं रेंजर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक बार पुनः प्रदेश विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही स्नातकोत्तर महाविद्यालय की टीम को स्टेट चैंपियन घोषित किया गया। विजेता टीम के महाविद्यालय आगमन पर स्वागत समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया।


इस आयोजन में प्रदेश भर से आए रोवर्स और रेंजर्स ने विभिन्न गतिविधियों जैसे मार्च पास्ट, कैंप फायर, क्विज, लोकगीत, लोक नृत्य और सामाजिक सेवा से संबंधित प्रतियोगिताओं में भाग लिया, जिसमें पीजी कालेज गाजीपुर की टीम ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। रोवर्स दल ने सेकंड स्टोरी परेड, मार्च पास्ट झांकी में प्रथम स्थान, कलर पार्टी, प्राथमिक चिकित्सा रोल प्ले में द्वितीय स्थान, और वर्दी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, रेंजर्स टीम ने रोल प्ले व्याख्यान, टेंट पिचिंग, और वर्दी में प्रथम स्थान, प्राथमिक चिकित्सा नाटक और ध्वज शिष्टाचार में द्वितीय स्थान हासिल किया।

इसके अलावा, मार्च पास्ट, क्विज, लोकगीत और लोक नृत्य में सबसे अधिक अंक प्राप्त कर गाजीपुर की रोवर्स और रेंजर्स टीम को दोनों श्रेणी में पीजी कालेज की टीम प्रथम घोषित किया गया। स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर की रोवर्स टीम को प्रदेश में सर्वाधिक 240/500 एवं रेंजर्स टीम ने 245/500 अंक प्राप्त कर चैम्पियन घोषित किया गया था। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने इस शानदार उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश के 31वें प्रादेशिक रोवर्स एवं रेंजर्स समागम 2025 में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की चैंपियन टीम के रूप में स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर के रोवर्स एवं रेंजर्स ने एक बार फिर प्रदेश विजेता बनकर हम सभी का गौरव बढ़ाया है।

विजेता होने पर महाविद्यालय परिवार की ओर से रोवर्स एवं रेंजर्स की दोनों टीमों को बहुत-बहुत हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
यह समागम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, और सामाजिक जिम्मेदारी के भाव को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए रोवर्स और रेंजर्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर की टीम ने लगातार दूसरी बार यह खिताब जीतकर अपनी उत्कृष्टता और समर्पण को सिद्ध किया। इस अवसर पर प्राचार्य ने विजेता स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।


समागम के समापन के बाद विजेता टीम का गाजीपुर लौटने पर महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और उत्साह के साथ टीम का अभिनंदन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक श्री अजीत कुमार सिंह ने भी हर्ष व्यक्त किया। विजेता टीम के लिए अपने संदेश में उन्होंने कहा, “रोवर्स और रेंजर्स की दोनों टीमों ने अपनी मेहनत और लगन से यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता पूरे महाविद्यालय और जिले के लिए गर्व का क्षण है।”

उपविजेता बनी महिला पीजी कॉलेज की रेंजर्स टीम

गाजीपुर। राजकीय महिला पीजी कॉलेज की प्रज्ञा रेंजर टीम ने 26 मार्च से 28 मार्च 2025 तक आयोजित त्रिदिवसीय 31 वे प्रादेशिक रोवर्स रेंजर्स समागम में प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, नैनी प्रयागराज में पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिभाग किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्राप्त अंकों के आधार पर 2025 की रेंजर्स वर्ग में उपविजेता बनी।

इस समागम में प्रदेश भर के 9 विश्वविद्यालय की कुल 18 रेंजर्स टीमों ने प्रतिभाग़ किया जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के मध्य कड़ी प्रतिस्पर्धा रही। प्रज्ञा रेंजर्स ने प्राथमिक सहायता में प्रथम स्थान प्राप्त किया जबकि रोल प्ले, मार्च पास्ट, ध्वज शिष्टाचार, कार्य अनुभव प्रदर्शनी, टेंट निर्माण, झांकी, वर्दी, में द्वितीय स्थान तथा पुल -गजट निर्माण में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

ओवरऑल परिणाम के आधार पर पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर पुनः रोवर्स रेंजर्स का प्रादेशिक चैंपियन बना। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मेजबान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर अखिलेश सिंह एवं भारत स्काउट गाइड उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्य आयुक्त डॉ प्रभात कुमार जी रहे। विजेता प्रतिभागियों को व्यक्तिगत पुरस्कार स्वरूप सर्टिफिकेट एवं मोमेंटो दिए गए तथा ओवरऑल उपविजेता ट्रॉफी प्रज्ञा रेंजर टीम की सीनियर रेंजर मेट रितु यादव, रेंजर लीडर डॉ शिखा सिंह एवं पूर्वांचल विश्वविद्यालय के जिला आयुक्त डॉ शिव कुमार ने प्राप्त किया।

रेंजर टीम की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी, पूर्वांचल विश्वविद्यालय मुख्य आयुक्त प्रोफेसर शंभूराम, स्काउट गाइड से जुड़े सुश्री रविंदर कौर सोखी, दिनेश यादव, प्रमोद यादव, इनामुल्लाह अंसारी, ज्योत्सना बिंद, डॉ शफीउज्जमा, मोहम्मद सादिक, डॉ घनश्याम दुबे आदि तथा समस्त महाविद्यालय परिवार ने डॉ शिखा सिंह, डॉ शिव कुमार, श्रीराम कुशवाहा एवं पूरी रेंजर टीम को उनके परिश्रम एवं सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन नौशाद अहमद सिद्दीकी तथा आभार ज्ञापन आयोजन सचिव डॉ युवराज सिंह ने किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने आमजन को गिनाई सरकार की उपलब्धियां

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा, सुशासन एवं विकास के आठ वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों से जन जन को अवगत कराने के लिए 28 मार्च से शुरू घर घर पहुंचने के आज दूसरे दिन शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने मुहम्मदाबाद के भांवरकोल के ग्राम पंचायत वीरपुर में जन सम्पर्क करते हुए सरकार की योजनाओं तथा उपलब्ध्यिों से लोगों को अवगत कराया और कहा कि विगत दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा आठ वर्षों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार भय ,भूख, भ्रष्टाचार से देश की जनता को छुटकारा दिलाते हुए विकास की नयी पटकथा लिखी है।आज प्रदेश की जनता अपराधियों के भय से दूर निडर होकर अपनी दिनचर्या में लगी है। इस अवसर पर अच्छेलाल गुप्ता,सतीश राय, राकेश राय,शिवम पांडेय, त्रिलोकी गुप्ता आदि साथ रहे।


निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने मुहम्मदाबाद विधानसभा के भाला गांव मे कार्यकर्ताओं के साथ लोगों से सम्पर्क किया और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। पू्र्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने सेवा सुशासन सुरक्षा और गरीब कल्याण के 8 वर्ष पूर्ण होने पर “उत्कर्ष के 8 वर्ष” कार्यक्रम मे अंतर्गत विधानसभा जखनिया के मंडल मनिहारी प्रथम बूथ 362 /363 पर घर घर संपर्क अभियान चलाकर सरकार के जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में पत्रक देकर सरकार की योजनाओं के बारे में बताया।इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, अखिलेश सिंह, ओमकार सिंह आदि वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।


पूर्व जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी राय ने गाजीपुर सदर विधानसभा अंतर्गत नगर मंडल के आनंद विहार कॉलोनी में उत्तर प्रदेश सरकार के सेवा सुशासन और विकास के 8 साल पूरे होने के उपलक्ष में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 8 साल मे किए गए जनकल्याण के कार्यों से संबंधित पत्रक पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर बाटा गया तथा लोगों से चर्चा की गई।इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव, शशांक राय, हर्षित सिंह, योगेश शुक्ला, रूपक तिवारी ,गौरव श्रीवास्तव आदि कार्यकर्ता साथ-साथ रहे।

जिला महामंत्री दयाशंकर पांडेय ने सैदपुर विधानसभा के बूथ संख्या 390 हथौडी के घर घर जन सम्पर्क कर सरकार की उपलब्धियों को बताया।

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का हुआ भव्य शुभारंभ

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का शानदार उद्घाटन समारोह संपन्न
गाज़ीपुर। जखनियां, डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का उद्घाटन समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथी डालिम्स सनबीम के डायरेक्टर प्रदीप बाबा मधोक और विधायक ओमप्रकाश सिंह ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।जिसने पूरे कार्यक्रम में एक गरिमामयी शुरुआत का संकेत दिया।उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

नृत्य, संगीत जैसे प्रदर्शनों ने उपस्थित लोगों में उत्साह भर दिया और स्कूल की प्रतिभा को उजागर किया। इन प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया कि डालिम्स सनबीम स्कूल न केवल शिक्षा, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देता है।कार्यक्रम के दौरान डालिम्स सनबीम जखनियां के निदेशक आमिर अली ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया। इस सम्मान ने समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के प्रति स्कूल प्रबंधन की कृतज्ञता को व्यक्त किया।एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा के यह स्कूल जखनियां क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करने की दिशा में अग्रसर है।उद्घाटन समारोह में स्थानीय लोगों, अभिभावकों और शिक्षाविदों की भारी भीड़ ने इस पहल का स्वागत किया।


डालिम्स स्कूल के डायरेक्टर प्रदीप बाबा मधोक ने कहा के डालिम्स सनबीम स्कूल के इस नए अध्याय की शुरुआत से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उम्मीदें बढ़ गई हैं। गाज़ीपुर सदर के विधायक जय किशन साहू ने कहा के आमिर अली द्वारा किया गया ये कार्य शिक्षा के छेत्र मे एक मील का पत्थर साबित होगा।


कार्यक्रम के अंत में डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया के निदेशक आमिर अली ने सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में स्कूल के लक्ष्यों को साझा करते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। यह उद्घाटन समारोह निश्चित रूप से जखनियां के शैक्षिक इतिहास में एक यादगार पल के रूप में दर्ज होगा।

छात्राओं ने रैली निकाल कर किया जागरूक

गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का चतुर्थ एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया जिसमें यातायात जागरूकता अभियान से संबंधित एक रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । महाविद्यालय से महुआ बाग मिश्रा बाजार कोतवाली तक रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने सड़क सुरक्षा संबंधी तमाम नारे – दुर्घटना पर लगेगा ताला जब पहनोगे सुरक्षा की माला, सड़क सुरक्षा की यही पुकार बिना हेलमेट सब बेकार – आदि लगाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने एवं शराब पीकर गाड़ी न चलाने का संदेश दिया।


तत्पश्चात महाविद्यालय लौटकर स्वयं सेवी छात्राओं ने जलपान किया। शिविर के दूसरे सत्र में प्राचार्य की अध्यक्षता में “व्यक्तित्व विकास एवं कैरियर गाइडेंस” से संबंधित एक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें स्वयंसेवी छात्राओं को व्यक्तित्व विकास एवं कार्य क्षेत्र में सफल होने संबंधी आवश्यक बातें बताई गई। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने विविध क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर चर्चा की साथ ही लक्ष्य प्राप्ति के लिए, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजना बनाने एवं सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया ।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी ने छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का प्रभाव उसके पहनावे एवं व्यवहार से स्पष्ट होता है । साथ ही अनुशासन एवं स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने पर जोर दिया । डॉ मनीष सोनकर ने छात्राओं को आगामी परीक्षा की तैयारी हेतु समय सारणी बनाकर अध्ययन करने साथ ही आगे अपने करियर का चुनाव सही तरीके से कैसे किया जाए इसके प्रति मार्गदर्शन किया।

कार्यशाला के दौरान शिवांगी, शिवानी राय, भावना, श्रेया, नीतू, निशा, अर्चना, आदि ने परीक्षा के दौरान तनाव व चिंता से कैसे बचें, साथ ही करियर एवं जीवन की अन्य चुनौतियों से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के दौरान डॉ पीयूष, डॉ विकास, डा. निरंजन सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राएं उपस्थित रहे।

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का 28 को होगा शुभारंभ

शिक्षा की अलख जगाने को डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का होगा शुभारंभ

गाजीपुर। शिक्षा की अलख जगाने की नई पहल का शुभारंभ होने जा रहा है।शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डालिम्स जखनियां का आगाज होने जा रहा है। जन जन तक शिक्षा को पहुंचाने के उद्देश्य से आमिर अली का एक और प्रयास जारी है। उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति जलाना और बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाना है। यह पहल न केवल शैक्षिक विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प भी लेती है।डालिम्स जखनियां स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षिक केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसमें बच्चों के लिए नवीनतम शिक्षण तकनीकों का उपयोग, प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति और सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता शामिल है। लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ना है।डालिम्स को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमारे बच्चों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। अब उन्हें भी शहरों की तरह अच्छी शिक्षा मिल सकेगी।” यह पहल नई पीढ़ी को सशक्त बनाने और क्षेत्र में शैक्षिक क्रांति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।डालिम्स जखनियां शुभारंभ शुक्रवार 28 मार्च को एक समारोह के साथ किया जाएगा।जिसमें स्थानीय नेता, शिक्षाविद् और सारे समुदाय के लोग शामिल होंगे। इस परियोजना से न केवल जखनियां बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी शिक्षा का स्तर ऊंचा उठने की उम्मीद जताई जा रही है। यह प्रयास शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। समारोह के मुक्त अतिथि
डालिम्स सनबीम स्कूल के डायरेक्टर बाबा प्रदीप मधोक होंगे। विशिष्ट अतिथि में विधायक ओ.पी. सिंह,विधायक गाजीपुर डॉ. वीरेंद्र यादव, विधायक सदर जय किशुन साहू और आशुतोष सिन्हा एमएलसी शामिल होंगे।

शिक्षकों का सरकार के खिलाफ़ बुलंद आवाज़


पीजी कॉलेज शिक्षकों का सरकार के खिलाफ़ बुलंद आवाज़; पुरानी पेंशन बहाली और नई शिक्षा नीति के विरोध में प्रदर्शन


गाजीपुर। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संगठन (AIFUCTO) के आह्वान पर बुधवार को पी.जी. कॉलेज शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के शिक्षकों ने सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ़ अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षकों ने लगातार तीन दिनों तक, 24, 25 और 26 मार्च को अपनी बाँहों पर काली पट्टी बाँधकर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने और नई एवं एकीकृत पेंशन योजना को वापस लेने का दबाव बनाना था। शिक्षकों ने एक स्वर में सरकार से यह भी मांग की किया कि नई शिक्षा नीति को समाप्त किया जाए, सह आचार्य एवं आचार्य पदों पर पदोन्नति के लिए पीएचडी की अनिवार्यता को खत्म किया जाए, और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की प्रस्तावित विनियमावली (ड्रॉफ्ट रेगुलेशन) 2025 को तत्काल वापस लिया जाए। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों ने अस्थायी, अतिथि और स्ववित्तपोषित शिक्षकों की सेवा शर्तों में सुधार करने और शिक्षकों के सभी रिक्त पदों को भरने की पुरजोर मांग की।


विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के वरिष्ठ संयुक्त मंत्री डॉ. जे. के. राव और महाविद्यालय शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उन्हें तत्काल पूरा करने का आह्वान किया। इस सशक्त प्रतिरोध में महामंत्री शिक्षक संघ डॉ मनोज कुमार सिंह, प्रो. धर्मराज सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. पंकज यादव, डॉ. रविशंकर वर्मा, डॉ. यशवन्त मौर्या, डॉ. उमा निवास मिश्र, डॉ. मंजीत सिंह, डॉ. सुशील कुमार सिंह, डॉ. आस्था, डॉ. बी. सी. झा, डॉ. बद्री नाथ सिंह, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार वर्मा, डॉ. शिव शंकर यादव, डॉ. अनुज कुमार मिश्र, डॉ. प्रदीप कुमार रंजन, डॉ. भोलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. स्मृति, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन तीन दिनों के दौरान, महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के नेतृत्व में शिक्षकों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में सरकार की नीतियों के खिलाफ़ अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी मांगों को अति शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। यह विरोध प्रदर्शन सरकार को यह स्पष्ट संदेश देता है कि शिक्षक समुदाय अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्पित है और यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

डॉ. अपराजिता ने गोवा राजभवन में मिला सम्मान

गाजीपुर की बेटी डॉ. अपराजिता ने गोवा राजभवन में सम्मान पाकर रचा इतिहास

गाजीपुर। जिले की बेटी डॉ. अपराजिता सिंह ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा से दुनिया भर में नाम कमाया है। हाल ही में उन्हें गोवा के राजभवन में ‘इम्पैक्ट बियॉन्ड मेज़र CSR अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राजदरबार हॉल में हुआ, जहां गोवा के राज्यपाल पी. एस. श्रीधरन पिल्लई और समाज कल्याण मंत्री सुभाष फल देसाई मौजूद थे। मंत्री ने खुद उन्हें पुरस्कार देकर उनकी उपलब्धियों की तारीफ की। डॉ. अपराजिता ने कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने 37 सेकंड में आवर्त सारणी याद कर लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई। इसके अलावा 2 घंटे तक व्हील पोज और 1 घंटे 26 मिनट तक मरमेड पोज में रहकर इंटरनेशनल योगा बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया। एक मिनट 26 सेकंड में आवर्त सारणी का चार्ट बनाने और एक उंगली से 4 सेकंड में A से Z टाइप करने जैसे रिकॉर्ड भी उनके नाम हैं। चीन की एक यूनिवर्सिटी में एक महीने में 11 शोधपत्र प्रकाशित कर वह सबसे युवा शोधकर्ता बनीं। उनके शोध को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सराहा। टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में काम के लिए अमेरिका की केनेडी यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद डॉक्टरेट दी। शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र दुबे और गायक सलीम मर्चेंट ने भी उनकी तारीफ की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने उन्हें नेशनल आइकॉन अवॉर्ड दिया। डॉ. अपराजिता की मेहनत और लगन ने साबित किया कि उम्र कोई मायने नहीं रखती। गोवा राजभवन में सम्मान पाकर उन्होंने गाजीपुर और पूरे देश का नाम रोशन किया। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। अपराजिता गाज़ीपुर के न्यू प्रोफेसर कॉलोनी में रहती हैं ।