All posts by tiwarishivpratap

छात्र नेताओं ने डिप्टी सीएम को भेजा पत्र, किया मांग

गाजीपुर। गोराबाजार क्षेत्र स्थित नवनिर्मित ट्रामा सेंटर को चालू करायें जाने के सम्बन्ध में पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रसंघ प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक के नाम संबोधित पत्रक जिलाधिकारी आर्यका अखौरी को गुरुवार को सौंपा। पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को तत्काल बेहतर उपचार मुहैया कराने के उद्देश्य से शहर के गोराबाजार में ट्रामा सेंटर कि स्थापना कि गई, जो वर्ष 2021 में बनकर तैयार हो गया और कार्यदायी संस्था द्वारा स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द कर दिया गया। परन्तु सीएमओ के लापरवाही से यह ट्रामा सेंटर विगत् 4 वर्षों से औषधि भंडार केन्द्र बना हुआ है, जिससे ट्रामा सेंटर का लाभ नहीं मिल पाने के कारण जनपद में कोई दुर्घटना घटने पर दुर्घटना के शिकार व्यक्ति को तत्काल बेहतर इलाज नहीं मिलने से या तो मौत हो जा रही या सीधे तौर पर उन्हें बीएचयू रेफर व प्राइवेट में महंगे इलाज कराने को विवश होना पड़ता है, जो सरकार के बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था कि पोल खोल रहा है।


पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी ने बताया कि वर्ष 2021 से अब तक ट्रामा सेंटर के अभाव में हजारों मौत हो चुकी है। छात्र नेता आकाश चौधरी ने बताया कि कागजों पर ट्रामा सेंटर में कर्मचारियों कि तैनाती भी कर दी गई है लेकिन ट्रामा सेंटर के चालू न होने से सरकारी धन का दुरूपयोग हो रहा है । छात्र नेता विकास यादव ने बताया कि सरकार कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की मंशा पर अधिकारी पानी फेर रहे हैं जिससे आमजन में रोष व्याप्त है।
छात्र नेत्री प्रगति दूबे व आरती बिन्द ने जिलाधिकारी से निवेदन किया कि इस पत्र पर उचित कार्रवाई के साथ ही इस पत्र को उपमुख्यमंत्री तक पहुंचाये जिससे ट्रामा सेंटर चालू हो सके।


छात्र नेता प्रकाश राय व अश्विनी राय ने कहा कि यदि एक माह के अन्दर इस पत्र पर कारवाई करते हुए ट्रामा सेंटर चालू नहीं किया गया तो हम सभी छात्र नेता आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन कि होगी। सभी छात्र नेताओं ने पत्र में एक स्वर में उपमुख्यमंत्री से गंभीरता से विचार करते हुए यथाशीघ्र ट्रामा सेंटर चालू करायें जाने का निर्देश अधिकारियों को देने कि मांग की। पत्रक सौंपने वालों में पूर्व पुस्तकालय मंत्री शिवम उपाध्याय, विकास तिवारी,निलेश बिन्द,प्रगति दूबे ,आरती बिन्द संतोष कुमार, अंकित भारद्वाज, शिवप्रकाश पाण्डेय, राहुल यादव,आकाश चौधरी,अनुज यादव, सत्येन्द्र यादव, प्रकाश राय,गौरव राय,बिद्याशु राय,आकाश गुप्ता,अभिनव कुमार, अश्वनी राय,आकाश चौधरी,आदित्य कुमार बिन्द, विकास सिंह यादव सहित सैकड़ों छात्र मौजूद थे।

कैम्प लगाकर किया गया कांशीराम आवास के लोगों का रजिस्ट्रेशन

गाजीपुर। बड़ीबाग एवं आदर्श बाजार स्थित कांशीराम कालोनी में बिजली बिल बकाया वसूली के लिए लगातार दूसरे दिन एक मुश्त समाधान योजना के तहत कैम्प का आयोजन किया गया। मालूम हो कि दोनों आवास कॉलोनियो में तीन करोड रुपए बिजली बिल बकाया है और 10 सालों में बिजली बिल जमा नहीं किया गया है। मंगलवार को कैम्प के पहले दिन एक भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया।

दूसरे दिन बुधवार को अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार, अधिशासी अभियंता आशीष कुमार, एसडीओ सुधीर कुमार समेत बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी-कर्मचारी कैंप में पहुंचे और स्थानीय लोगों को योजना का लाभ लेने की अपील किया। मौके पर मौजूद समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने मध्यस्थता करते हुए लोगों को योजना का लाभ लेने के प्रति जागरूक किया। समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने कहा कि विभाग द्वारा 8000 रुपये जमा कराकर मीटर लगाने की बात कही गई थी, लेकिन लोग सक्षम नहीं थे। ऐसे में एमडी से वार्ता करके अब 5000 रुपये जमा करने पर विद्युत कनेक्शन चालू करने और मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दोपहर तक करीब 10 लोगों ने इस योजना का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि 27 जनवरी तक लगातार कैंप का आयोजन किया जाएगा। जहां पर कैंप में एक मुश्त समाधान योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराए जाने पर उपभोक्ताओं को बिजली मीटर लगाकर चालू कर दिया जाएगा एवं बकाए बिल को किस्तों में भी जमा कराए जाने की सुविधा प्रदान की जा रही है। अधिकतर लोगों द्वारा लगभग 10 सालों से बिजली बिल के मद में कोई भी धनराशि जमा नहीं कराई गई है। जिससे बिजली विभाग को प्रतिमाह लगभग 10 से 15 लाख की राजस्व हानि हो रही है। उन्होंने समस्त कालोनी वासियों से अपील की है कि समस्त कालोनीवासी अपने संयोजन से संबंधित प्रपत्र, ID कार्ड, कॉलोनी एलॉटमेंट पत्र सहित उपस्थित होकर योजना का लाभ उठाए।

नगर की समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने दिया ज्ञापन, किया मांग

गाजीपुर। नगर पालिका परिषद गाजीपुर के सभागार में एसडीएम सदर द्वारा व्यापारियों की बैठक बुलाई गई। इस दौरान अतिक्रमण के संदर्भ में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष गुड्डू केशरी द्वारा एक ज्ञापन नगर की समस्या व उसके समाधान को लेकर सदर एसडीएम, ईओ और चेयरमैन को दिया गया। ज्ञापन देकर व्यापारियों ने एसडीएम को अवगत कराया की यह बहुत पुराना शहर है। छोटे-छोटे गलियों का मुख्य रास्ता न होने से यहां जाम की बहुत बड़ी समस्या बन जाती है जिसके कारण परेशानियों का सामना करना पड़ जाता है। इसका निराकरण करने से ही अतिक्रमण जैसे गंभीर समस्या से निजात मिल सकता है। वहीं व्यापार मंडल के जिला महामंत्री प्रिंस अग्रवाल ने कहा कि बगैर इस समस्या का निदान किए नगर का विकास व व्यापारियों को सुविधा नहीं हो सकती है। जिला उपाध्यक्ष अतीक अहमद राईनी ने कहा कि आए दिन जाम की समस्या से नई सब्जी मंडी सहित आसपास के बाजार के लोगों को भारी दिक्कत व परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बैठक में जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की तरफ से जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश केशरी गुड्डू, जिला महामंत्री राकेश अग्रवाल प्रिंस, श्याम चौधरी, जिला उपाध्यक्ष अतीक अहमद रायनी, सराफा व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अनूप कुमार वर्मा, जिला महामंत्री संतोष कुमार वर्मा, उमेश कुमार वर्मा, नगर युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपाल जी वर्मा सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

खो खो प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज ने मारी बाजी

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की अंतर महाविद्यालय खो खो प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस आयोजन में कुल पांच टीमों डी ए वी पी जी कॉलेज जौनपुर, सहकारी पीजी कॉलेज मिहिरावा जौनपुर, आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज पतरहीं जौनपुर, पीजी कॉलेज गाजीपुर और राजकीय महिला पीजी कॉलेज, गाजीपुर शामिल रही। खो खो खेल के दौरान छात्राओं की चपलता देखते ही बनती थीं। खेल के दौरान आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज की टीम ने सरकारी पीजी कॉलेज, मिहिरावा को एक तरफा मैच में पराजित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।


जबकि अंतिम फाइनल मैच पीजी कॉलेज गाजीपुर और राजकीय महिला कॉलेज के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के बीच मैच अत्यंत रोमांचकारी एवं संघर्षपूर्ण रहा। दूसरी पारी में पी जी कॉलेज गाज़ीपुर के चेंजर ने राजकीय महिला कॉलेज की छात्राओं को थकाते हुए पस्त कर दिया और अंतिम रूप से 10-7 से मैच जीत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय महिला कालेज की टीम द्वितीय स्थान पर रही। इस दौरान कई छात्राओं ने अपने ट्रायल का प्रदर्शन भी किया। आगे चलकर बेहतर परफॉर्मेंस करने वाली यह छात्राएं हजारीबाग, झारखंड में आयोजित होने वाले अंतर विश्वविद्यालय मैच में पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विजेता टीमों और खिलाड़ियों को प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी ने ट्रॉफी और मेडल प्रदान किया। कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में राधेश्याम यादव, अवधेश कुमार, रितेश, नयनिका, सोविंद और अजीत यादव शामिल रहे जबकि विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में डॉ रणधीर कुमार एवं डॉ अच्छे लाल यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, डॉ अकबरे आजम, डॉ विकास सिंह, डॉ सारिका सिंह, डॉ अमित यादव, डॉ मनीष सोनकर, आदि प्राध्यापक, राधेश्याम कुशवाहा जी एवं महाविद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम संयोजन एवं आभार ज्ञापन आयोजन सचिव डॉ शंभू शरण प्रसाद द्वारा किया गया।

महाकुंभ पर अभद्र टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार

गाजीपुर। पुलिस ने महाकुंभ में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं पर अभद्र टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रामध्यान राम (55) के रूप में हुई है, जो गाजीपुर के मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के कठऊत का रहने वाला है। शहर कोतवाली पुलिस के अनुसार, बीते 15 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन के अवसर पर गाजीपुर के लंका मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आरोपी ने प्रयागराज महाकुंभ में स्नान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद कोतवाली थाने में धारा 353(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत 21 जनवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियां न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं बल्कि समाज में अशांति फैलाने का काम भी करती हैं।

आज भारत में वह सामर्थ्य है जो हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है:मनोज सिन्हा

गाजीपुर। दुनिया के विकसित देशों की आबादी बुढ़ी होने लगी है। भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है। आज भारत में वह सामर्थ्य है जो हर लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। यह बात आज मंगलवार को मुहम्मदाबाद क्षेत्र के मोहनपुरा मे ओएनजीसी की सामाजिक दायित्व निधि के 14 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले एनबीसीसी द्वारा श्री नृसिंह इंटर कालेज के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन निर्माण के शिलान्यास अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कही। उन्होंने कहा कि अगर आदमी तय कर ले तो कुछ भी असम्भव नहीं होता। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर मुखातिब होते हुए कहा कि सिर्फ भवन बन जाने से शिक्षा नहीं चलेगी इसे आप लोगों को चलाना है।

उन्होंने कहा कि देश आजादी का शताब्दी वर्ष मनावे तब हमारा देश विकसित भारत बन सकेगा।विकसित भारत सिर्फ सरकार नहीं बना सकती, विकसित भारत के लिए भारत के हर नागरिक को जो जिस क्षेत्र में है उसे अपने क्षेत्र में ईमानदारी से, कर्मठता से, शिद्दत से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि नियति को यह मंजूर है कि 2047 में भारत विकसित भारत बनकर रहेगा। मनोज सिन्हा ने शिक्षा पर बोलते हुए कहा कि हमारी शिक्षा पद्धति को अंग्रेजों ने खराब कर दिया था। लेकिन इस देश को सबसे बड़ा उपहार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से दिया है।

उन्होंने कहा कि 2014 में हम विश्व के 11वीं अर्थव्यवस्था के देश थे 2014 के बाद 2023 में हम विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था का देश हो गए हैं और सरकार ने लक्ष्य रखा है कि 2027 तक हम विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का देश बनेंगे। मनोज सिन्हा ने कहा कि ग्रामीण अंचल का यह विद्यालय है। मैं खुद इस विद्यालय से हाई स्कूल उत्तीर्ण किया हूं, यह मेरे लिए भावुक क्षण है। मैं इस बात को गर्व से कह सकता हूं कि मुझमें जो गुण भरा है उसमें नृर्सिंग इंटर कॉलेज और काशी हिंदू विश्वविद्यालय का बहुत बड़ा योगदान है, और जो अवगुण है वह व्यक्तिगत है। उन्होंने कहा कि ओएनजीसी के सामाजिक दायित्व नीधी से बनने वाले भवन निर्माण में एनबीसीसी का एक अलग स्थान है ।

उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि इन लोगों ने बहुत मेहनत से इस विद्यालय को आगे बढ़ाया है। निर्माण कार्य करा रही संस्था एनबीसीसी के निदेशक सुमन कुमार ने कहा कि 14करोड़ से होने वाले निर्माण के प्रथम चरण का 7करोड़ रूपया आवंटित हो चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि अत्याधुनिक विद्यालय का निर्माण कार्य 12 महिने में पूर्ण कर लिया जाएगा। यहां के पढे छात्र उच्च तकनीकी शिक्षा के लिए अन्य संस्थानों में जाए। आदर्श विद्यालय के रूप में यह विद्यालय स्थापित हो यह हमारा प्रयास है।


मनोज सिन्हा ने स्वयं के हाथों से नींव की ईंट रखते हुए विद्वान ब्राह्मण के मंत्र उच्चारण व विधि विधान से पूजा ,अर्चना,आरती के आलोक में शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया।
उपस्थित लोगों के प्रति धन्यवाद आभार विद्यालय प्रबंधक अभिनव सिन्हा ने व्यक्त किया। अध्यक्षीय उद्बोधन पूर्व विधायक विरेन्द्र सिंह ने करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। विद्यालय के पूर्व प्रबंधक रामनरायन सिंह के विगत दिनों निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक विरेन्द्र सिंह व संचालन नवीन पांडेय ने किया।


इस अवसर पर राज्य सभा सांसद डा संगीता बलवंत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सरोजेश सिंह, इफको के निदेशक विजय शंकर राय, पारसनाथ राय, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, विद्यालय के प्रधानाचार्य रविन्द्र नाथ राय, जिला विद्यालय निरीक्षक, ओमप्रकाश राय, प्रवीण सिंह, अवधेश राजभर, दयाशंकर पांडेय, वीरेंद्र राय, जितेन्द्र पांडेय,सानन्द सिंह,शशिकांत शर्मा, अखिलेश सिंह, शोभनाथ यादव, सुरेश बिंद, अच्छेलाल गुप्ता, रामनरेश कुशवाहा, अरविन्द राय, पियूष राय, श्यामराज तिवारी,चुन्ना राय, अवधेश राय, राकेश राय सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।

मासिक स्टाफ बैठक में डीएम ने की समीक्षा, वेतन रोक मांगा स्पष्टीकरण

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कर-करेत्तर एंव मासिक स्टाफ बैठक सोमवार को रायफल क्लब सभागार सम्पन्न हुआ। बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, आडिट आपत्ति, चकबन्दी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण, मोटर देय, आईजीआरएस के सम्बन्ध मे विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी के अनुपस्थित होने पर वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण का निर्देश दिया।  


     जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व प्राप्ति के संबंध में जो विभाग कार्य कर रहे हैं उनके द्वारा अपने-अपने लक्ष्य को प्रत्येक माह उसे पूर्ण कर अंतिम रूप प्रदान किया जाए ताकि सभी विभागों में राजस्व प्राप्ति के लक्ष्य पूर्ण किए जा सकें। उन्होने विद्युत विभाग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त कम वसूली वाले विभागो के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सम्बन्धित अधिकारी अपने लक्ष्य के प्रति प्रत्येक माह कार्य योजना बनाकर मूर्त रूप प्रदान किया जाये, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही एवं शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिन विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने राजस्व लक्ष्यों की प्राप्ति नहीं की जाएगी उनके विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी स्वयं संबंधित विभागीय अधिकारी की होगी। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली।

बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादो का निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जन सामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करे।  बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं सम्बन्धित अधिकारी एंव पटल सहायक उपस्थित रहे।

एलएलबी, बीसीए एवं बीबीए सेमेस्टर के परीक्षा में पकड़े गए दो नकलची

एलएलबी, बीसीए एवं बीबीए विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं जारी, दो नकलची रिस्टीकेट

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर की एलएलबी, बीसीए एवं बीबीए विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 जनवरी से जारी है। इसकी सूचना देते हुए गोराबाजार पी० जी० कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि स्नातक एलएलबी, बीसीए एवं बीबीए विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं इस बार दो पाली में हो रही है। जिनमें प्रथम सेमेस्टर सुबह दस से दोपहर एक बजे तक, पंचम सेमेस्टर दोपहर दो बजे से सायं पांच बजे तक सम्पादित हो रही है। प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि इसके साथ ही संबंधित सेमेस्टर में कैरी फॉरवार्ड छात्र-छात्राओं की बैक पेपर एवं श्रेणी सुधार की परीक्षाएं साथ-साथ चलती रहेगी। सुबह की पाली में दो नकलची को विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए रिस्टीकेट किया गया। यह दोनों छात्र अनुचित साधन का प्रयोग करते हुए परीक्षा हाल में पाए गए थे।


प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि विश्वविद्यालय की परीक्षा मानक अनुसार कराई जा रही है। आंतरिक उड़ाका दल गेट पर ही छात्र-छात्राओं के दाखिल होने के साथ ही उनकी जांच कर रहा है। किसी भी तरीके के अनफेयर मिंस (अनुचित साधन) के प्रयोग करते हुए पाए जाने वाले छात्र छात्राओं के खिलाफ विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। एलएलबी परीक्षा की शाम की पाली में पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा में कुल 171, बीसीए दोनो पालियों में 677 उपस्थित एवं 76 अनुपस्थिति रहे। वहीं दोनो पालियों में बीबीए के 180 मौजूद रहे व आठ अनुपस्थित रहे।एलएलबी की सुबह की पाली में 342 उपस्थित रहे एवं 68 अनुपस्थित रहे।

समस्याओं के सुनवाई के दौरान डीएम ने रोका वेतन, दिया निर्देश

गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सदर में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ इरज राजा की उपस्थिति में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार सम्पन्न हुआ। जिसमे 30 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर 05 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 180 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 17 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।


जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रो के आधार पर सैदपुर एवं भॉवरकोल के खण्ड विकास अधिकारी का जिरो पार्वटी की खराब प्रगति पर तत्काल वेतन रोकने का निर्देश दिया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी प्रार्थना पत्र लम्बित न हो, अविलम्ब मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए निस्तारण करायी जाय। उन्होनेे आई जी आर एस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतो को शत-प्रतिशत निस्तारण करने का निर्देश दिया। उन्होने कहा इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से लगातार होती है। कोई भी लम्बित प्रकरण पाये जाने एवं डिफाल्टर की स्थिति में सम्बन्धित अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदर सदर, एवं समस्त सम्बन्धित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

विद्यालयों का दौरा कर सम्मेलन में भागीदारी के लिए शिक्षकों को किया जागरूक


दस फरवरी को होगा माध्यमिक शिक्षक संघ का जनपदीय सम्मेलन


विद्यालयों का दौरा कर सम्मेलन में भागीदारी के लिए शिक्षकों को किया जागरूक


गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का एक दिवसीय जनपदीय सम्मेलन दस फरवरी को अष्ट शहीद इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद में होगा। प्रतिनिधि मंडल ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा करके जिला सम्मेलन में भागीदारी के लिए शिक्षकों को जागरूक किया। प्रांतीय मंत्री और वाराणसी स्नातक सीट से दावेदारी पेश कर रहे चौधरी दिनेश चंद्र राय , जिलाध्यक्ष अमित कुमार राय एवं जिलामंत्री शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में लगातार दौरा किया जा रहा है। प्रांतीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय ने बताया कि 10 फरवरी को अष्ट शहीद इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद में 10 बजे से होगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। बताया कि सम्मेलन में संगठन के सदस्यों को सेवा शर्तों, सेवा सुरक्षा एवं संगठन के संघर्षों के इतिहास की जानकारी मिलेगी।

शिक्षा के उन्नयन में हमारी महत्वपूर्ण भूमिका चर्चा का केंद्र बिंदु होगा। वाराणसी स्नातक सीट से एमएलसी प्रत्याशी चौधरी दिनेश चंद्र राय ने बताया कि शिक्षक एवं कर्मचारियों के समान अन्य भत्ते और पुरानी पेंशन स्वीकार कराना संगठन की प्राथमिकता है। श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षकों के हितों की लड़ाई लड़ना ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। चौधरी दिनेश चंद्र राय ने शिक्षक एकता पर बल देते हुए कहा कि इसी पूंजी की बदौलत संघ ने अध्यापकों को बेहतर सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया है। उन्होंने शिक्षा के बाजारीकरण की आलोचना करते हुए गरीब प्रतिभावानों के लिए अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई उपहार नहीं बल्कि यह सारथी अध्यापकों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि संघ के संस्थापक ओम प्रकाश शर्मा के कुशल नेतृत्व में शून्य से शिखर तक की प्रगति यात्रा की चर्चा की।


जिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधान परिषद सदस्य सुरेश कुमार त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि नेता शिक्षक दल विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रमोद कुमार मिश्र, महामंत्री माध्यमिक शिक्षक संघ नरेंद्र कुमार वर्मा, पूर्व महामंत्री इंद्रासन सिंह और प्रांतीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय सम्मेलन में भागीदारी करेंगे।