All posts by tiwarishivpratap

नहीं रहे संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव

नहीं रहे संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव

गाजीपुर। संगीत का जादू बिखेरने वाले रेवती प्रसाद श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके निधन से वेलफेयर क्लब परिवार सहित अन्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वेलफेयर क्लब के पीरनगर स्थित प्रधान कार्यलाय पर शोकसभा का आयोजन किया गया। इसमें मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।
मालूम हो कि वेलफेयर क्लब के संस्थापक सुधांशु शिखर के पिता रेवती प्रसाद श्रीवास्तव परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। लखनऊ के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। बीते बुधवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से वेलफेयर के सदस्यों सहित अन्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधान कार्यालय पर शोकसभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
आपको बता दें कि स्व. श्रीवास्तव का जन्म 27अक्तूबर 1942 को हुआ था। वे सिंचाई विभाग से सेवारत थे। वह संगीत प्रेमी और काशी संगीत घराना से थे। नगरी नाट्य मण्डली में स्टेज प्ले अकेला शहर काफ़ी सराहनीय रहा। लता मंगेशकर तथा मुकेश जी के स्टेज शो में भी हारमोनियम पियानो एकॉर्डियन बजाते थे। उनकी उंगलियों का जादू इस कदर था कि हर कोई उनकी संगीत की धुन पर मगन हो जाता था। उन्होंने जीवन की शुरुवात कमला सर्कस में म्यूजिशियन के रूप में की। उन्हें 1962 में आल इंडिया रेडियो से अवार्ड प्राप्त हुआ था। जनपद गाज़ीपुर में 80 के दशक में आर्केस्ट्रा का शुरुआत ब्लू ब्वायज आर्केस्ट्रा ग्रुप में किया था। 1990 में जिले के सुहासिनी थियेटर में हुए चैताली नाइट के प्रमुख सूत्रधार रहे।
इस अवसर पर क्लब जनपद गवर्नर पवन पांडेय, प्रभारी सचिव रामनाथ कुशवाहा, संयुक्त सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, खेल प्रभारी विनोद मिश्रा, अजय यादव, राम कुमार विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता डा0 शरद कुमार वर्मा ने किया।

ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शाह फैज स्कूल ने मारी बाजी

गाजीपुर। बुधवार को चौथी ताइक्वांडो कप अंशु सिंह मेमोरियल ऑल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन आर0 एस0 कान्वेंट लेढ़ूपुर, वाराणसी में किया गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान टीम के साथ ही ग़ाज़ीपुर से शाह फ़ैज़ पब्लिक स्कूल, राज पब्लिक स्कूल, संत कबीर पब्लिक स्कूल, वाराणसी के सनबीम स्कूल, लखनऊ टीम, देवरिया तथा बलिया की टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में लगभग 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।  शाह फैज़ विद्यालय से कुल 5 खिलाडियों ने प्रतिभाग किया। कक्षा 3 के अयान जमाल, कक्षा 6 के मयंक वर्मा व सिद्धार्थ , कक्षा 7 की दिव्यांशी यादव ने स्वर्ण पदक एवं कक्षा 8 की गौरी सिंह ने कांस्य पदक प्राप्त करके विद्यालय का मान बढ़ाया। आज  प्रार्थना सभा में इन सभी विद्यार्थियों को विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने स्वर्ण पदक व कांस्य पदक पहना कर सम्मानित किया व उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।  

इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ , उप प्रधानाचार्य (प्रशासन ) डॉ प्रीति उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी व सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान से हुआ।

डॉ. अक्षय पाण्डेय को किया गया सम्मानित

गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज की बैठक बुधवार को संस्था के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ के नगर के वंशीबाजार स्थित स्वामी विवेकानन्द काॅलोनी में हुई। बैठक में सुपरिचित नवगीतकार, संस्था के द्वारा अनवरत संचालित साहित्यिक कार्यक्रम ‘चेतना-प्रवाह’ के स्थायी संचालक डॉ.अक्षय पाण्डेय को वाराणसी की चर्चित साहित्यिक संस्था ‘साहित्यिक संघ’ के 33वें वार्षिक अधिवेशन में ‘सेवक साहित्यश्री सम्मान-2024’ से सम्मानित करने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। रेवतीपुर के निवासी नवगीतकार डॉ.अक्षय पाण्डेय को यह सम्मान साहित्य में राष्ट्रीय स्तर पर नवगीत के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट अवदान के लिए प्रदान किया गया। इसके पूर्व इन्हें सन् 2021 में नवगीत के क्षेत्र में इनके योगदान के लिए ‘पं. रामानुज त्रिपाठी स्मृति नवगीत साहित्य सम्मान’ एवं ‘गोपाल राम गहमरी नवगीतकार सम्मान’ प्रदान किया जा चुका है।

डॉ. अक्षय पाण्डेय की अब तक चार कृतियाॅं प्रकाशित हैं। इसके अतिरिक्त देश की प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं के साथ ही तमाम समवेत संकलनों में रचनाऍं प्रकाशित हैं। वर्तमान में डाॅ.पाण्डेय इण्टर कॉलेज करण्डा में वरिष्ठतम हिन्दी-प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। इनकी इस साहित्यिक उपलब्धि के लिए नगर की प्रतिष्ठित संस्था ‘साहित्य चेतना समाज, गाजीपुर’ के संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’, संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी के साथ ही संस्था के सम्मानित प्राधिकारी एवं नगर के प्रबुद्धजनों ने बधाई के साथ ही रचनात्मक क्षेत्र में उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की। बैठक में प्रमुख रूप से प्रभाकर त्रिपाठी, आनन्द प्रकाश अग्रवाल, अमरनाथ तिवारी अमर, संजीव गुप्त, डाॅ.रविनन्दन वर्मा, हीरा राम गुप्त, हर्षित श्रीवास्तव, राजीव मिश्र, शशिकांत राय आदि उपस्थित थे।

कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह का हुआ जोरदार स्वागत

गाजीपुर। गैर जनपद स्थानांतरण के कई महीनो बाद विद्युत विभाग के वरिष्ठ कर्मचारी नेता निर्भय नारायण सिंह के गाजीपुर पुनः स्थानांतरित किए जाने पर विद्युत कर्मचारियों ने खुशी जाहिर की है। आज अधीक्षण अभियंता कार्यालय में ज्वाइन करने पहुंचे निर्भय नारायण सिंह का विद्युत मजदूर पंचायत के पदाधिकारियों और विद्युत कर्मचारियों द्वारा फूलमालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान हरदिल अजीज नेता को अपने बीच पाकर कर्मचारी काफी उत्साहित नजर आए। अपने स्वागत से गदगद निर्भय नारायण सिंह ने कहा कि विद्युत कर्मचारियों के हक और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहूंगा और पूर्व की भांति किसी भी स्तर पर जाकर संघर्ष किया जाएगा। इस मौके पर विद्युत मजदूर पंचायत के संरक्षक शिव दर्शन सिंह मामा ने कहा कि निर्भय नारायण सिंह के गाजीपुर स्थानांतरित किए जाने के बाद जिले के कर्मचारियों में जोश देखने को मिल रहा है। विद्युत मजदूर पंचायत के हर संघर्ष को निर्भय नारायण सिंह की मौजूदगी से मजबूत बल मिलेगा। मालूम हो कि लगभग 1 वर्ष पूर्व पूर्व निर्भय नारायण सिंह को देवरिया जनपद के लिए स्थानांतरित कर दिया गया था। जहां से उनका स्थानांतरण लगभग 1 वर्ष पूर्व वाराणसी मुख्य अभियंता कार्यालय में किया गया और अब उनकी पुनः तैनाती गाजीपुर की गई है। लालदरवाजा स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचे निर्भय नारायण सिंह को पुष्पगुच्छ देने और माल्यार्पण करने का सिलसिला घण्टों चलता रहा। इस अवसर पर श्री सिंह ने सभी निविदा कर्मियों और नियमित कर्मचारियों से विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने एवं राजस्व वसूली में पूरे तन्मयता के साथ लगने हेतु अपील किया तभी वह संगठन के माध्यम से अधिकारियों से आप लोगों के संबंध में चली आ रही समस्याओं को निस्तारित कराने में मदद मिलेगी।

पानी टंकी के कराये जा रहे कार्यो का डीएम ने किया निरीक्षण

गाजीपुर। भारत सरकार एवं राज्य सरकार की अति महत्वकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर को नल से जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास खण्ड मनिहारी के ग्राम पंचायत रामपुर जीवन में पानी टंकी के कराये जा रहे कार्यो का जिलाधिकारी आर्याका अखौरी ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया एवं सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थित ग्रामवासियों से पानी की आपूर्ति एवं पाइप लिकेज की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत रामपुर जीवन में पानी टंकी के कन्ट्रोल पैनल रूम का निरीक्षण किया एवं उपस्थित अभिलेखों को जॉच कर दुरूस्त रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत में बिछायी गयी पाइप लाइन को खोदवाकर चेक किया। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण को निर्देशित किया कि जिन घरों में अभी तक सपलाई के पानी का कनेक्शन नही हुआ है, उन घरों मे जल्द से जल्द कनेक्शन देते हुए शुद्ध पेय जल की आपूर्ति की जाय। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिया कि कराये जा रहे कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी तथा पायी गयी कमीयों को तत्काल सही कराया जाय।

इस अवसर पर अधिशासी अभियन्ता जल निगम मो0 कासिम हाशमी, कार्यदायी संस्था के कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

जलजमाव व नाली निर्माण की समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन

जलजमाव व नाली निर्माण की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर किया प्रदर्शन


गाजीपुर। जंगीपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जलजमाव व खस्ताहाल नालियों की समस्याओ से त्रस्त नगर के वार्ड नंबर आठ कृष्ण नगर के दर्जन भर महिलाएं पुरुष नगर पंचायत कार्यालय पर पहुँचकर जोरदार प्रदर्शन किया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता कार्यालय पर पहुँचकर प्रदर्शनकारीयो को समझाने का प्रयास किए तब जाकर प्रदर्शनकारी शान्त हुए। नगर पंचायत में जलजमाव व साफ सफाई को लेकर नगरवासियों का गुस्सा साफ झलक रहा था। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र संघ पूर्व अध्यक्ष अमरजीत यादव ने बताया कि वार्ड नंबर आठ में सड़क और नाली की गम्भीर समस्या पिछले 12 वर्षो से नासूर के रूप में बनी हुई है लेकिन इसके बावजूद नगर पंचायत के कर्मचारी मुकदर्शक बने हुए हैं।

छात्र नेता ने कहा कि जल जमाव और दुर्गंध के चलते हाल ही में वार्ड निवासीनी एक लड़की की डेंगू जैसी गम्भीर बीमारी से मौत हो चुकी है लेकिन इस मामले को न ही नगर चेयरमैन और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी ने गम्भीरता से लिया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 20 दिनों के अन्दर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो हम प्रदर्शनकारीयो का अगला कदम उच्च अधिकारियों के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन देना होगा। इस सम्बंध में अधिशासी अधिकारी अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि 15 वे वित्त आयोग के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि जल जमाव की समस्या सीवर सेक्शन मशीन खराब होने के कारण हुई है जिसे जल्द दुरुस्त कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियो में मुख्य रूप से चंदा देवी,रीमा,उषा,अंबिका यादव,बबलू पहलवान, उमेश यादव, अच्छेलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

ब्लाक प्रमुख के पुत्र का निधन, जनप्रतिनिधियों ने प्रकट की संवेदनाएं

गाजीपुर।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बिरनो ब्लाक के ब्लाक प्रमुख राजन सिंह के एकलौते 17 वर्षीय पुत्र मानस सिंह का सोमवार को वाराणसी में चिकित्सा के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वाराणसी से पार्थिव शरीर सकलेनाबाद स्थित आवास पर पहुंचते ही भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों,सगे, समबन्धियो तथा क्षेत्रीय जनता मे शोक की लहर दौड़ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने निधन पर शोक व्यक्त करते हुए संवेदना प्रकट किया। सांत्वना व्यक्त करने वालों में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, प्रवीण सिंह, ओमप्रकाश राय, दयाशंकर पांडेय, ब्लाक प्रमुख अवधेश राय, धर्मेन्द्र सिंह, डा प्रदीप पाठक, संकठा प्रसाद मिश्र, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, अनिल राजभर, योगेश सिंह, मन्नू राजभर, अभिमन्यु सिंह, लल्लन सिंह, अभय सिंह, साधना राय, किरन सिंह सहित ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञान प्रदर्शनी एवं युवा संसद में छात्र छात्राओं ने दिखायी प्रतिभा

विज्ञान प्रदर्शनी एवं युवा संसद में छात्र छात्राओं ने दिखायी प्रतिभा
उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छात्र छात्राओं ने लूटी वाहवाही


गाजीपुर। प्रियंका इंटरनेशनल मेमोरियल स्कूल यूसुफपुर खंडवा गाजीपुर में विज्ञान प्रदर्शनी एवं युवा संसद की कार्यवाही का मंचन कर छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायाधीश संजय हरि शुक्ला पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण गाज़ीपुर तथा विशिष्ट अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग के प्रोफेसर एस के पाण्डेय, डा.ए. के.राय राष्ट्रीय सलाहकार जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया एव अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के निदेशक कृष्ण दत्त द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। विद्यालय के छात्र छात्राओं ने ज्ञानवर्धक बौद्धिक कार्यक्रमों के साथ ही साथ संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों की वाहवाही लूटी। संसद की कार्यवाही को लोगों ने विशेष रूप से ध्यान देते हुए सुना और सरकार की संचालित नीतियों के जमकर तारीफ की। इसके साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी में सोलर सिस्टम, पर्यावरण सुरक्षा, अलार्म सिस्टम, मानव शरीर रचना,राकेट प्रक्षेपण सहित विभिन्न प्रोजेक्ट का विस्तृत प्रदर्शन कर समस्त अतिथियों को भाव विभोर कर दिया।


अपने वक्तव्य में डा ए के राय ने उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए गुरुओं के योगदान की चर्चा करते हुए छात्र छात्राओं से मनोयोग से शिक्षा ग्रहण करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रोफेसर एस के पाण्डेय ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे आने वाले समय में विशेष लाभ मिलेगा। लर्निंग बाई डूइंग के उद्देश्य को साकार करते हुए विद्यार्थी शिक्षा के साथ ही अपने कौशल का विकास कर सकता है। मुख्य अतिथि ने सुदूर देहात क्षेत्र में स्थापित विद्यालय के क्रियाकलापों पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि शिक्षा कार्य को पूर्ण करने में छात्रों के साथ ही साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक से लिए ज्ञान को छात्र किस तरह से और कैसे उपयोग करता है, इसकी निगरानी करने की जिम्मेदारी अभिभावक की होती है। उन्होंने अपने उद्बोधन में मोबाइल के प्रयोग पर चर्चा करते हुए कहा कि आज के युग में मोबाइल जीवन का अंग बन गया है लेकिन हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि बच्चे मोबाइल का उपयोग अति आवश्यक होने पर और अल्प समय के लिए ही करें। बाकी वह ज्ञान के लिए पुस्तकों का भी अध्ययन करें क्योंकि मोबाइल के बढ़ते अंधाधुंध प्रयोग से लाभ के साथ-साथ हानियां भी उठानी पड़ सकती हैं। कार्यक्रम में सुशील सिंह, प्रेम सिंह रतन, प्रकाश गुप्ता, निशांत कमल राय, अभिषेक तिवारी, विपुल राय, भगवती शरण सिंह, ज्ञानेन्द्र गुप्ता, संदीप सिंह मिन्टू, शैलेश कुमार सिंह, प्रभात कुमार, गुलशन अब्बास रिजवी सुनील यादव अमित कुमार, अनिलेश पांडेय, बंशीधर त्रिपाठी, श्वेता मिश्र, आकृति दुबे, मंतष खातून सहित विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों के शिक्षक प्रबंधक सहित क्षेत्रीय वरिष्ठ जनों के साथ ही साज अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन प्रधानाचार्य शशिकांत मिश्रा ने किया।

पुत्री के शादी में इंसाफ फाउंडेशन ने किया सहयोग

गरीब की पुत्री के शादी में इंसाफ फाउंडेशन ने किया सहयोग

गाजीपुर। जनपद के ग्राम खेभाजीतपुर, पोस्ट पहेतियाँ की निवासी पूनम चौहान की पुत्री महिमा चौहान का विवाह 10 दिसंबर 2024 को होने जा रहा है। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह की तैयारियों में परिवार को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए, सामाजिक संस्था इंसाफ फाउंडेशन ने आगे बढ़कर 08 दिसंबर 2024 को मदद का हाथ बढ़ाया। इंसाफ फाउंडेशन के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव और उनके समस्त सहयोगियों ने महिमा चौहान के परिवार को सहायता प्रदान की, ताकि वे अपनी बेटी की शादी अच्छे से कर सकें। इसके अलावा, संस्था ने परिवार को चीनी भी उपलब्ध कराई, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सके। इंसाफ फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर पूनम चौहान के परिवार को मानसिक संबल दिया और किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर संस्था के द्वारा परिवार को पूरी सहायता देने का आश्वासन भी दिया।


संस्था के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने बताया कि इंसाफ फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग की मदद करना है और इस प्रकार की मुसीबतों के समय में हम हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। इस पहल से महिमा चौहान के परिवार को विवाह की तैयारियों में काफी मदद मिली है और वे अब अपनी बेटी की शादी को लेकर अधिक आश्वस्त हैं। यह कदम इंसाफ फाउंडेशन द्वारा की जा रही समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो समाज के हर वर्ग की सहायता करता है।

डीएम ने किया पल्स पोलियो कार्यक्रम का शुभारंभ

जिलाधिकारी ने किया पल्स पोलियो कार्यक्रम का शुभारंभ

गाजीपुर। पल्स पोलियो अभियान जो 8 दिसंबर से 13 दिसंबर तक चलाया जाना था। रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीखाना पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जिंदगी के दो बूद बच्चों को पिलाकर कार्यक्रम का विधवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आए हुए बच्चों के अभिभावकों से शत प्रतिशत बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने की अपील किया। वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पर एसडीएम मोहम्मदबाद मनोज पठाज के द्वारा पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि गाजीपुर जनपद में पल्स पोलियो अभियान के तहत 5.5 लाख बच्चों को पोलियो का खुराक पिलाया जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए कुल 2009 बूथ बनाए गए हैं और इन्हीं बूथों पर 0 से 5 साल तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के शुभारंभ हो जाने के बाद सोमवार से शुक्रवार तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं छूटे हुए बच्चों को स्पेशल कार्यक्रम के तहत 16 दिसंबर को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि उनके क्षेत्र में कुल 126 केंद्रों के माध्यम से पल्स पोलियो की खुराक बच्चों को पिलाया जाएगा। इसके लिए कुल 24 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सुजीत कुमार मिश्रा ने बताया पोलियो या पोलियोमेलाइटिस एक गंभीर और खतरनाक बीमारी है जो वायरस से होती है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैलता है। साथ ही यह वायरस जिस भी व्यक्ति में प्रवेश करता है उसके मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है जिसकी वजह से लकवा भी हो सकता है। उन्होने बताया 2014 से अभी तक भारत में पोलियो के एक भी रोगी नहीं देखे गए । यह दवा पाँच वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों के लिये आवश्यक है। यह दवा जन्म के समय, छठे, दसवें व चौदहवें सप्ता्ह में दी जाती है इसके बाद 16 से 24 माह की आयु में बूस्टर की खुराक दी जाती है। पाँच वर्ष तक की आयु के बच्चों को बार-बार खुराक पिलाने से पूरे क्षेत्र में इस बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ती है, जिससे पोलियो के विषाणु को पनपने से रोका जा सकता है।

इस चरण के लिए  जन्म से पाँच वर्ष तक के 5.5 लाख सम्भावित बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस चरण के लिए जिले भर में 2009 बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 64 मोबाइल टीम भी बनाई गई है जिसके माध्यम से बूथ स्तर पर पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही अभियान के 948 टीमें बनाए गए हैं जो घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का काम करेंगे। साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 85 टीम ने बनाई गई हैं। पल्स पोलियो के कार्यक्रम को सकुशल निपटाने के लिए एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ती इसमें अपना सहयोग करेंगी।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ जयनाथ सिंह, डॉ मनोज कुमार सिंह, विश्व स्वास्थ्य संगठन से एसआरटील, यूनिसेफ से बलवंत सिंह और श्री प्रदीप सिंह, यूएनडीपी से प्रवीण कुमार उपाध्याय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ईशानी डॉ स्वतंत्र सी, अर्बन कोऑर्डिनेटर अशोक कुमार के साथ अन्य लोग उपस्थित रहे।