All posts by tiwarishivpratap

सौंपा ज्ञापन, कहा- सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो संभल घटना की जांच

गाजीपुर। आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी द्वारा जुलूस निकालकर संभल की घटना की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराए जाने की मांग की गई। भीम आर्मी के नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और संभल की घटना पर आक्रोश जाहिर किया। संभल की घटना को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।आजाद समाज पार्टी ने राष्ट्रपति से संभल की घटना की जांच सुप्रीम कोर्ट के निगरानी में कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर को उत्तर प्रदेश के संभल में जमा मस्जिद के सर्वे के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के स्थानीय प्रशासन के गलत मैनेजमेंट के कारण यहां पर घोर अराजकता और दंगा हुआ। इस दंगे में चार नवयुवकों की जान चली गई एवं कई आम नागरिक और पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीम आर्मी के जिला संयोजक डॉ मनोज कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार में दलितों पर अत्याचार हो रहा है। संभल की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर हम लोगों ने पत्रक भेजा है। आजाद समाज पार्टी ने राष्ट्रपति से मांग किया कि इस घटना के निष्पक्ष जांच सुप्रीम कोर्ट निगरानी में कराई जाए तथा अज्ञात के नाम पर निर्दोष लोगों को न फसाया जाए।

शाह फैज स्कूल में वार्षिक क्रीड़ा का हुआ आयोजन

गाजीपुर। मंगलवार को शाहफैज विद्यालय के प्रांगण में वार्षिक क्रीड़ा आरम्भ हुई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अग्निशमन अधिकारी भारतेन्दु जोशी थे। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने मुख्य अतिथि का स्वागत विद्यालय के मुख्य द्वार पर पुष्पगुच्छ देकर किया।  कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रार्थना से किया गया।  उसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अतिथि का स्वागत गीत के माध्यम से किया। 

विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने अपने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि का स्वागत किया और कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों के सम्पूर्ण विकास के लिए खेलकूद भी बहुत ज़रूरी है।  इसलिए हमारा विद्यालय हर वर्ष वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन करता है। मुख्य अतिथि के सम्मान में सभी हाउस के कप्तान व उपकप्तान ने मार्चपास्ट करके उन्हें सलामी दी। विद्यालय की तरफ से उन्हें स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया। 

मुख्य अतिथि ने अपने भाषण में वार्षिक क्रीड़ा के प्रारम्भ होने की बधाई दी व कहा कि हार जीत से ज़्यादा ज़रूरी है कि हम खेल में प्रतिभाग लें। उन्होंने सभी को अग्निशमन के बारे में भी जानकारी दी व अपने सहायक कर्मचारी के सहयोग से अग्नि शमन यन्त्र का प्रयोग भी किया व कुछ छात्र छात्राओं से भी उसका प्रयोग करवाया। 

अंत में निदेशक व मुख्यअतिथि द्वारा खेल दिवस को शुरू करने की घोषणा की गयी व पर्ची के द्वारा रेड हाउस व ब्लू हाउस एक साथ तथा ग्रीन हाउस व येलो हाउस को एक साथ खेलने की अनुमति दी गयी। 

इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं बड़े उत्साह से सम्मिलित हुए।इस कर्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (प्रशासन) डॉ प्रीति उपाध्याय, उपप्रधानाचार्य ( शैक्षणिक) नेहा कुरैशी तथा सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी ने किया।

निजीकरण को देखते हुए राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन का हुआ निर्वाचन

राज्य विद्युत परिषद के अध्यक्ष चुने गए ई० मिथिलेश यादव

निजीकरण को देखते हुए राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन का हुआ निर्वाचन

गाजीपुर। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन की अंधऊ स्थित संगठन भवन में निर्वाचन सोमवार को हुआ जिनमें जनपद सचिव इं इंद्रजीत पटेल एवं जनपद अध्यक्ष इंजीनियर मिथिलेश यादव को संगठन के सभी सदस्यों द्वारा निर्विरोध चुना गया। यह निर्वाचन अधिकारी क्षेत्रीय सचिव इं रोहित एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष इं पंकज जयसवाल की उपस्थिति में हुआ। विद्युत प्रबंधन के निजीकरण रवैया को देखते हुए राज्य विद्युत परिषद के जनपद अध्यक्ष मिथिलेश यादव ने बताया कि अभी तक जनपदीय कार्यकारिणी का चुनाव नहीं हुआ था।

चुनाव करवाना अत्यंत आवश्यक था। क्योंकि इस विकट परिस्थिति में केंद्रीय संगठन द्वारा जो भी निर्देश प्राप्त होता है, उसका संगठन के समस्त सदस्यों द्वारा कड़ाई से पालन किया जाए एवं हर परिस्थिति से संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने हेतु प्रतिबद्ध रहें। कार्यकारिणी के पदाधिकारियों में जनपद सचिव – इं इंदजीत पटेल, जनपद अध्यक्ष – इं मिथिलेश यादव, जनपद उपाध्यक्ष- इं इंदल राम, जनपद वरिष्ठ उपाध्यक्ष – इं कमलेश प्रजापति, मंडल अध्यक्ष- इं शशिकांत पटेल, मंडल सचिव-इं रामप्रवेश चौहान, जनपद लेखा निरीक्षक -इं आशीष यादव, जनपद प्रचार सचिव-इं अनिल राव और जनपद वित्त सचिव-इं महबूब आलम शामिल हैं। इस दौरान चुने हुए पदाधिकारियों ने निजीकरण का भी विरोध किया।

गांजा के साथ एक गिरफ्तार

गाजीपुर। नन्दगंज थाना पुलिस ने नाजायज गांजा के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। सोमवार को थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अभियुक्त रोहन यादव पुत्र अशोक यादव निवासी ग्राम सरया थाना करण्डा जनपद हाल पता दवोपुर थाना नन्दगंज जनपद उम्र करीब 23 वर्ष को ग्राम बरहपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक प्लास्टिक के झोले में 2 किलो 250 ग्राम नाजायज गाँजा बरामद किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 35 हजार रुपए है।गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना स्थानीय पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही हैं। गिरफ्तार अभियुक्त पर जिले के विभिन्न थानों में कई मुकदमा दर्ज है।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया महिला पीजी कॉलेज का स्थापना दिवस

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नात‌कोतर महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह ‘कल्चरल क्लब’ द्वारा हर्ष उल्लास के साथ सोमवार को मनाया गया। विदित हो कि महाविद्यालय की स्थापना 3 दिसंबर 1977 को तत्कालीन शिक्षा मंत्री कालीचरण के द्वारा किया गया था। इस अवसर पर प्राचार्य अनीता कुमारी ने कहा कि हम महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए कृत संकल्पित हैं। महाविद्यालय का ध्येय है कि हम मूल्य परक शिक्षा के साथ छात्राओं को रोजगार परक शिक्षा उपलब्ध कराए ।

इस अवसर पर ‘कल्चरल क्लब’ द्वारा गायन, वादन एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। गायन में अर्चिता गुप्ता ने प्रथम स्थान तथा सोनाली यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खुशी सिंह का तृतीय स्थान रहा। नृत्य में खुशी गुप्ता, सोनम कुमारी एवं मानसी अग्रवाल, प्रज्ञा पाण्डेय तथा क्रिष्टी वर्मा ने क्रमशः प्रथम से लेकर पंचम स्थान तक प्राप्त किया।

संजीव कुमार ने कहा कि किसी भी संस्था की गुणवत्ता का आकलन उसमें पढ़ने वाली छात्राओं से होती हैं। मुझे यहाँ आकर प्रीतिकर हर्ष का अनुभव हो रहा है। समाज सेवी अजय आनंद ने कहा कि महिला महाविद्यालय गाजीपुर के संस्कृति निर्माण में अपना महत्वपूर्ण स्थान रखता है। हम यहाँ भले नहीं पढ़े हैं लेकिन हमारी माँ और बहनों ने यहाँ से शिक्षा हासिल की है जिसकी छाप मुझ पर है।


इस अवसर पर गिटार वादक सम्राट सिंह और गायक अजय ने अपनी शानदार प्रस्तुति से खूब वाह वाही लूटी। आपने कार्यक्रम के दौरान गायन एवं वादन के बारीकियों को भी सिखाया। गरुण टाकिज की नृत्य शिक्षिका कुमकुम ने नृत्य की बारीकियों को बताते हुए ‘मेरे ढोलना गीत’ पर अपना नृत्य प्रस्तुत किया

। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार स्वरूप मोमेंटो वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन कल्चरल क्लब के संयोजक डॉ निरंजन कुमार यादव ने किया तथा आभार ज्ञापन मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य एवं भारी संख्या में छात्राएं उपस्थित रही।

तबियत बिगड़ने से बीएसएफ जवान की मौत, जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

गाजीपुर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में तैनात जवान रामवंत प्रसाद (32) की रविवार को निधन हो गया। वह नगर के फाक्सगंज के निवासी थे। अपने पीछे वह पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए।
उनके बड़े भाई जामवंत प्रसाद के अनुसार नगर क्षेत्र के फाक्सगंज निवासी रामवंत प्रसाद बीएसएफ में कार्यरत थे। जो वर्तमान समय में न्यू कूचबिहार, वेस्ट बंगाल में कुक के पद पर कार्यरत थे। जिनकी नियुक्ति वर्ष 2013 में हुई थी। विगत कुछ दिनों से छुट्टी पर घर आए हुए थे। रविवार को सुबह नाश्ता कर के बैठे की तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में परिजन मेडिकल कालेज के अधीन जिला अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका विवाह वर्ष 2019 में हुआ था।

अपने पीछे वह पत्नी गीता, पुत्री गर्विता (3) तथा पुत्र ऋषभ (2) को छोड़कर गए है। उनके माता पिता का निधन पहले ही हो चुका हैं। जिनका दाह संस्कार सोमवार को फाक्सगंज स्थित गंगा घाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े भाई जामवंत प्रसाद ने दी। बीएसएफ के एसआई राजेश के नेतृत्व में आए हुए सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑर्नर दिया। उनके निधन पर पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, भाजपा जिलामंत्री धनेश्वर बिंद, राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत के प्रतिनिधि अरविंद कुमार, सभासद अशोक मौर्य, दिग्विजय पासवान, इंद्रजीत चौधरी, अमित चौधरी, नगीना, जोखन, आकाश चौधरी सहित सैकड़ों ने लोगों ने उपस्थित होकर श्रद्धांजलि दी।

अब गाजीपुर में उठाएं कर्मचारी राज्य बीमा का लाभ

कर्मचारी राज्य बीमा का लाभ अब उठाएं गाजीपुर में भी

गाजीपुर। भारत की कर्मचारी राज्य बीमा योजना, एक बहुआयामी सामाजिक सुरक्षा प्रणाली है जो इस योजना के तहत शामिल श्रमिक आबादी और उनके आश्रितों को सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए तैयार की गई है। स्वयं और आश्रितों के लिए पूर्ण चिकित्सा देखभाल के अलावा, जो कि बीमा योग्य रोजगार के पहले दिन से स्वीकार्य है, बीमित व्यक्ति बीमारी, अस्थायी या स्थायी अक्षमता आदि के कारण शारीरिक संकट के समय में विभिन्न प्रकार के नकद लाभों के भी हकदार हैं। इस योजना के तहत गाजीपुर जनपद का पहला निजी क्षेत्र का अस्पताल मां कवलपती हॉस्पिटल शास्त्री नगर गाजीपुर को संबंध किया गया है इस बात की जानकारी अस्पताल की प्रबंधक डॉ बीती सिंह के द्वारा दिया गया।

डॉ बीती सिंह ने बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा चिकित्सकीय, ई केमिस्ट, ई डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान करने के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है। इसके बाद से अब सार्वजनिक व निजी क्षेत्र के साथ विद्यालय कर्मचारी जो कर्मचारी राज्य बीमा निगम के अधीन आते हैं। उन सभी लोगों का इलाज और जांच की सुविधा उनके अस्पताल पर उपलब्ध रहेंगे ।

इस संबंध में डॉ स्वतंत्र सिंह ने बताया कि जो भी कर्मचारी प्राइवेट संस्था या सरकारी संस्थान में कार्य करते हैं और वहां पर 10 से अधिक कर्मचारी हैं । तो उन्हें इस तरह की योजनाओं का लाभ उसे संस्थान के द्वारा दिया जाता है। जिसके प्राप्त होने के बाद अभी तक कर्मचारी उसका लाभ लेने के लिए दूसरे शहर की यात्रा कर उसका लाभ उठा पाते थे। ऐसे में अब यह योजना गाजीपुर में भी आरंभ किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों का इलाज उनके अस्पताल पर निशुल्क किया जाएगा। साथ ही उनकी जांच की प्रक्रिया भी निशुल्क रहेगी उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने वाले गाजीपुर में करीब 2000 लाभार्थी है। जिन्हें दूसरे शहर जाकर योजना का लाभ उठाना पड़ता था लेकिन अब उन्हें दूसरे शहर की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि जो भी कर्मचारी इस योजना के लाभार्थी हैं वह इस अस्पताल पर अपना UHID कोड देंगे। जिससे उनका पूरा डिटेल आ जाएगा उसके बाद कर्मचारियों के साथ ही उनके परिवार के सभी लोगों का ईलाज निशुल्क किया जाएगा।

विश्व एड्स दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली, लगाई गई पोस्टर प्रदर्शनी

गाजीपुर। रविवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब द्वारा विश्व एड्स दिवस के अवसर पर जागरूकता रैली एवं पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। रासेयो की स्वयंसेवी छात्राओं द्वारा एक रैली निकाली गई । प्राचार्य डा अनिता कुमारी द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । रैली के दौरान छात्राओं द्वारा एड्स जागरूकता संबंधी तमाम नारे जैसे – जन-जन ने ठाना है विश्व से एड्स मिटाना है, एड्स है जानलेवा बीमारी इसे मिटाना हम सब की जिम्मेदारी – आदि लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। महुआ बाग मिश्र बाजार कोतवाली होते हुए महाविद्यालय लौटकर छात्राओं ने सूक्ष्म जलपान किया ।


तत्पश्चात एड्स जागरूकता पर आधारित एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने पोस्टर के माध्यम से एड्स फैलने के कारण, उससे बचाव संबंधी उपाय एवं एड्स पीड़ित व्यक्ति के प्रति संवेदनशील बर्ताव करने का संदेश दिया। प्राचार्य महोदया ने छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टर एवं प्रदर्शनी का अवलोकन किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जनपद नोडल डॉ अमित यादव ने छात्राओं को अपने आसपास के लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ग़ज़नफर सईद, डा. रामनाथ केसरवानी, डॉ. ओम शिवानी, कर्मचारी जबीउल्लाह एवं हिना सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहे ।

अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स पुरूष एवं महिला प्रतियोगिता सम्पन्न

अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक्स पुरूष एवं महिला प्रतियोगिता सम्पन्न

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर परिसर स्थित एकलव्य स्टेडियम में अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक पुरूष / महिला प्रतियोगिता 2024-2025 का समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन सत्र के मुख्य अतिथि प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय अध्यक्ष, खेलकूद परिषद ने पुरस्कार वितरण एवं ट्राफी प्रदान कर की। इस अवसर पर प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि एथलेटिक खेल एक पुरानी खेल विधा है जो विश्व में सबसे अधिक लोकप्रिय है। खेल बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास का माध्यम होता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मष्तिष्क का वास होता है। प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश एवं केन्द्र सरकार द्वारा खेल को बढ़ावा देने के की तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सकेगा। भारत विश्व का युवा देश है और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की सम्भावना प्रबल है। उन्होंने सभी विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। अंको के आधार पर महिला वर्ग में स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर विजेता, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर उपविजेता तथा शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रही। वहीं पुरूष वर्ग में मो० हसन पी० जी० कालेज जौनपुर विजेता, स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर उपविजेता एवं सत्यदेव पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रहा।


अन्तर महाविद्यालयीय एथलेटिक पुरूष / महिला प्रतियोगिता के चौथे दिन 4 गुणे 400 मीटर रिले दौड़ पुरूष वर्ग में पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम, शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर द्वितीय, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर तृतीय तथा महिला वर्ग में पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर द्वितीय, शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय रही।
हाफ मैराथन दौड़ पुरूष वर्ग में सोनू यादव आर० जे० डिग्री कालेज प्रथम, वीर कुमार पं० दीनदयाल उपाध्याय पी०जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर द्वितीय, अमेरिका यादव पी० जी० कालेज, गाजीपुर तृतीय तथा महिला वर्ग में अंशू शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम रही। 400 मीटर पुरूष वर्ग में दिवाकर पासवान मो० हसन पी० जी० कालेज जौनपुर प्रथम, प्रख्यात पासवान आचार्य बल्देव प० जी० कालेज जौनपुर द्वितीय, अमित यादव पी० जी० कालेज, गाजीपुर तृतीय तथा 800 मीटर महिला वर्ग में कल्यानीका मो० हसन पी० जी० कालेज, जौनपुर प्रथम, आंचल यादव मो० हसन पी० जी०कालेज जौनपुर द्वितीय, प्रीती साहनी पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय और 800 मीटर पुरूष वर्ग में पवनदीप यादव मो० हसन पी० जी० कालेज जौनपुर प्रथम, वैभव यादव श्री हरिदास महाविद्यालय गाजीपुर द्वितीय, अजय कुमार पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय रहे। पदचाल पुरूष वर्ग में धर्मेन्द्र कुमार प्रथम तथा महिला वर्ग में आंचल गुप्ता पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर प्रथम रहे। मिक्स रिले दौड़ 4 गुणें 400 मीटर पी० जी० कालेज गाजीपुर प्रथम, पं० दीनदयाल उपाध्याय पी० जी० कालेज सैदपुर, गाजीपुर द्वितीय, शहीद स्मारक पी० जी० कालेज गाजीपुर तृतीय स्थान पर रही।
डॉ० अच्छे लाल यादव, आयोजन सचिव, ने आये हुय समस्त अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उक्त अवसर पर उक्त अवसर पर प्रोफे० ओ० पी० सिंह, सचिव, खेलकूद परिषद, प्रो० उदयभान यादव, प्रो0० संजय कुमार, डॉक्टर माधवम, डॉक्टर राजन तिवारी, डॉक्टर राजेश सिंह, रजनीश कुमार सिंह, खेल सहायक, सतेन्द्र कुमार सिंह, जय सिह गहलौत, अल्का सिंह, भानू शर्मा, आदि उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका में दिनेश जायसवाल, कुलदीप सिंह, कृष्णा यादव, विवेक विश्वकर्मा, अमित सिंह, दीपक पटेल, सुशील कुमार आदि रहे।

शिक्षक करेंगे डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी

छह को शिक्षक करेंगे डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ आगामी छह दिसंबर को डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी करेंगे। आंदोलित शिक्षक अपनी समस्याओं का निदान नहीं होने तथा कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर छह दिसम्बर को डीआईओएस कार्यालय में ताला बंदी करेंगे। मालूम हो कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में एक सौ पचास से अधिक शिक्षकों का अवशेष, पदोन्नति, चयन वेतनमान सहित अन्य जरूरी कार्य सुविधा शुल्क नहीं देने पर रोका गया है। शिक्षकों का आरोप है कि सुविधा शुल्क नीचे से लेकर ऊपर तक लिया जा रहा है। प्रांतीय मंत्री चौधरी दिनेश चंद्र राय कहते हैं कि बीते 19 नवंबर को भ्रष्टाचार और अन्य समस्याओं को लेकर कार्यालय का घेराव किया गया था। मौके से सभी जिम्मेदार अधिकारी नदारद रहे। चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक पखवाड़े के अंदर समस्याओं और कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग रहा है तो मजबूरी में शिक्षकों को कार्यालय में ताला बंदी करनी होगी। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन सहित डीआईओएस कार्यालय में तैनात अधिकारियों की होगी और उसके उपरान्त भी यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो नौ दिसंबर को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय मंत्री श्री चौधरी दिनेशचन्द्र राय कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन पर बैठेंगे। जिसकी समस्त जिम्मेदारी आपकी होगी।