गाजीपुर। ढोलपुर डैम एवं माता टाला डैम से 1831587, क्यूसेक एवं 384954 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में हो गया है। इसे लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने संबंधित अधिकारियों संग कैंप कार्यालय पर बैठक कर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बाढ़ चौकियों को क्रियाशील कराकर उस पर तैनात राजस्व विभाग एवं अन्य विभाग के कर्मचारियों को सर्तक रहने का निर्देश दिया। कहा कि बाढ़ चौकियों पर लाइट, जनरेटर, खाद्य समाग्री की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। बाढ़ से प्रभावित होने वाले ग्रामीणों व पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को लेकर सतर्क रहें। बाढ़ के दौरान प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए।इस बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव के अलावा समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अभियंता देवकली पंम्प नहर कैनाल एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
गाजीपुर। जिला सेवायोजन अधिकारी गाजीपुर के तत्वाधान में राजकीय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में बुधवार को रोजगार मेला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनियाँ, एक्जेन्ट एक्वा प्रा०लि०, सी०-डैक प्रा०लि०, रोहित हाईब्रीड सीड्स प्रा०लि०, एवं हुण्डई मेन पावर सर्विस प्रा०लि० द्वारा सुपरवीजन, मैनेजर, एकाउण्टेन्ट, सेल्स एक्जीक्यूटिव, एच०आर० मैनेजर आदि पदों पर चयन किया गया। मेले में लगभग 680 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 201 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
ग़ाज़ीपुर।23 अगस्त से 30 सितंबर तक क्षय रोगी खोज अभियान चलाने को लेकर शासन से पत्र आया है। जिस के क्रम में जनपद के 132 हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर कि 132 सीएचओ का दो दिवसीय प्रशिक्षण देना था। इसके अलावा जनपद के सभी डीपीएम और बीसीपीएम को ब्लॉक स्तर से जिला स्तर और जिला स्तर से स्टेट स्तर तक अपनी रिपोर्टिंग करनी है। जिसको लेकर बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में एक वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ हरगोविंद सिंह ने किया।
जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ मिथिलेश सिंह ने बताया कि क्षय रोग मरीज के नोटिफिकेशन को लेकर शासन से पत्र आया था। जिसको लेकर कुल 3 बैच में दो दिवसीय प्रशिक्षण कराकर 132 सीएचओ को 23 अगस्त 30 सितंबर के मध्य उन्हें क्या-क्या करने हैं इसके बारे में विस्तृत जानकारी दे दी गई है। वही उनके द्वारा भेजे गए रिपोर्ट के आधार पर बीपीएम और बीसीपीएम को ब्लॉक से जिला स्तर और जिला स्तर से स्टेट स्तर तक रिपोर्ट भेजने को लेकर आज उन्हें प्रशिक्षित किया गया।
उन्होंने बताया कि साल 2025 तक हर हाल में क्षय रोग से मुक्त भारत को करना है। जिसको लेकर प्रधानमंत्री के द्वारा इस कार्यक्रम पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिसको लेकर विभाग भी अब पूरी तरह से ऐसे रोगियों के नोटिफिकेशन के लिए पूरी तरह से कमर कस लिया है।
आज के प्रशिक्षण शिविर में समस्त ब्लॉकों के बीपीएम, बीसीपीएम, एसटीएस ,एसटीएलएस को प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यक्रम में डीटीओ मनोज सिंह, संजय यादव, वेंकटेश्वर, रवि प्रकाश, सुनील वर्मा, कमलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
गाजीपुर।पुलिस बल को बेहतर आधारभूत सुविधाओं के अन्तर्गत प्रदेश मे 260 करोड़ की लागत से निर्मित 144 आवासीय/अनावासीय भवनों का लोकार्पण उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने बुधवार को लोक भवन सभागार लखनऊ से लाईव प्रसारण के माध्यम से रीमोट का बटन दबाकर किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन मे कहा कि पिछले पांच वर्षो के अन्दर किए गए कार्यो का परिणाम आज हम सबके सामने है। पांच वर्ष पहले उ0प्र0 की छवि ऐसे राज्य की थी जो देश/दुनिया मे एक बिमारू प्रदेश के रूप मे गिना जाता था।जहां विकास की कोई सोच नही थी, एक धारणा बन चुकी थी, प्रदेश मे बदतर कानून व्यवस्था, हर दूसरे तीसरे दिन दंगे होना था। उ0प्र0 के अन्दर कोई भी तबका चाहे वह उद्योग जगत, व्यापारी, महिलाएं, बेटियां, नौकरी पेशा अपने आप को सुरक्षित महशूस नही करता था। उन्होने कहा कि जब मैने 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली तो सबसे पहले 20 मार्च को ही मैने गृह विभाग का निरीक्षण किया। जहां दुर्व्यवस्था, फाइलों के ढेर और धूल से पटी फाइलें मिली जो गवाही कर रही थी कि यहां कार्य नही हो रहा है। तत्पश्चात लखनऊ पुलिस लाईन एवं अन्य जनपदो के पुलिस लाईन मे मिलने वाली सुविधाओं, पुलिस ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया गया। पुलिस बल की जानकारी लेने पर बताया गया कि प्रदेश मे लगभग डेढ लाख पुलिस कर्मियों की कमी है। इसके बाद प्रदेश मे पुलिस भर्ती की कार्यवाही करते हुए बिना भेद-भाव के 1 लाख 62 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ की गयी।
उन्होने कहा कि पुलिस की भर्ती करना ही नही बल्कि उनके लिए उचित ट्रेनिग की व्यवस्था भी करना है। उन्होने कहा कि कार्मिक भर्ती को ट्रेनिंग तक ही सीमित नही रखेगे बल्कि समय के रफ्तार के अनुरूप देश ही नही दुनिया के सबसे बड़े पुलिस बल के रूप मे विकसित करना है। इसके लिए उसके आधुनिकीकरण की व्यवस्था की गई। उन्होने कहा कि विगत पांच वर्षो मे पुलिस विभाग द्वारा जो कार्य किया गया है उसमे उ0प्र0 की कानून व्यवस्था पूरे देश के लिए एक नजीर बन गया है, प्रदेश आज निवेश के क्षेत्र मे सबसे अच्छे गन्तव्य के रूप मे उभरा है आज प्रदेश मे 4 लाख करोड़ से अधिक का निवेश हुआ है। आज बेहतर कानून व्यवस्था की स्थिति मे देश/दुनिया का कोई भी ऐसा उद्यमी नही है जो उ0प्र0 मे व्यापार नही करना चाहता होगा। एक अपराधी के मन मे धमक एवं एक कामन मैन के मन सम्मान का भाव उत्पन्न करे यही एक सजग पुलिस बल की पहचान है आज उसी दिशा मे उ0प्र0 की पुलिस अग्रसर हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि सारी परियोजनाएं धीरे-धीरे पूरी होती जा रही है और शीघ्र ही पुलिस बल को बेहतर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बैरक और उनके आवासीय सुविधाओ को उपलब्ध कराने मे सफल होगे इसी क्रम मे आज प्रथम चरण का कार्य सम्पन्न हो रहा है। जिसमे 144 आवासीय एवं अनावासीय भवनो का लोकार्पण किया गया। उन्होने कहा कि कानून व्यवस्था का यू0पी0 माडल देश भर मे विख्यात हुआ है,हमे तकनीक पर ही निर्भर नही रहना है, बल्कि हम तकनीक को संचालित करें यह कानून व्यवस्था के लिए जरूरी है ,लेकिन उस पर निर्भर न रहे। उन्होने कहा कि हमारी सबसे बड़ी चुनौती पुलिस छवि की है, हमे ब्रिटिश पुलिस से हटकर भारतीय पुलिस/यू0पी0 पुलिस की नई छवि को स्थापित करते हुए अनुशासन के साथ नये प्रयास करने होगे, जिससे आमजन के मन मे पुलिस के प्रति भय का माहौल न हो। उन्होने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि थानो/चौकियों पर आने वाले शिकायतकर्ताओ के साथ प्यार और शालीनता से पेश आए और उनके शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए ससमय गुणदोष के आधार पर उसका निस्तारण करें। जनपद स्तर पर इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सदर कोतवाली में दिखाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह ‘चंचल‘ , अध्यक्ष जिला पंचायत सपना सिंह, पूर्व राज्य मंत्री संगीता बलवंत, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद सरिता अग्रवाल, ब्लाक प्रमुख राजन सिंह, जिलाधिकारी एम पी सिंह, पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, एस पी सिटी गोपी नाथ सोनी, एस पी ग्रामीण राजधारी चौरसिया, जिलाध्यक्ष भाजपा भानूप्रताप सिंह, एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी एवं आम जनमानस उपस्थित थे। जनपद स्तर पर मुख्य अतिथि विशाल सिंह चंचल ने 1559.40 लाख की लागत से निर्मित जनपद के 14 थानो जिसमें थाना जमानियां, जंगीपुर,नन्दगंज, नोनहरा,शादियाबाद, कासिमाबाद, सुहवल, बरेसर, करण्डा, दिलदारनगर, सैदपुर, सादात, थाना कोतवाली सदर एंव थाना बिरनो मे 344 पुलिस कर्मियो हेतु निर्मित हास्टल/बैरक एंव विवेचना कक्ष का लोकार्पण बटन दबाकर कर किया।
गाजीपुर। विद्युत वितरण उपखंड जंगीपुर के अंतर्गत ग्राम महराजगंज बाजार में सहायक अभियंता शेखर सिंह एव विजिलेंस इंस्पेक्टर स्वदेश सिंह के नेतृत्व में बुधवार को विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया।जिसमे मीटर से बाईपास करके विद्युत उपभोग करते हुए सात व दस लोगो को बिना विद्युत कनेक्शन विद्युत उपभोग करते हुए पकड़ा गया। सत्रह लोगो पर विद्युत चोरी में विजिलेंस थाना रौजा में एफआईआर दर्ज कराया गया। वही दस लोगो का घरेलू से कमर्शियल में विधा परिवर्तित किया गया। क्षेत्र में चेकिंग के दौरान भगदड़ की स्थिति बनी रही लोग चेकिंग के डर से अपना शटर बन्द करने लगे। वही सहायक अभियंता जंगीपुर शेखर सिंह ने बताया कि दस हजार से ऊपर जितने बकायेदार उपभोक्ता है वे लोग तत्काल अपना बिल का भुगतान नजदीकी कैस काउंटर पर जाकर जमा कर दे। मीटर रीडर को भी भुगतान करके जमा रसीद ले सकते हैं। मीटर से बाईपास करके जो भी विद्युत उपभोग करते हुए पकड़ा जाएगा उसके ऊपर सख्त कार्यवाही करते हुए एफआईआर दर्ज कराया जाएगा।चेकिंग टीम में मुख्य रूप से विजिलेंस जेई पंकज चौहान,नीरज सोनी और विद्युत कर्मी उपस्थित रहे।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, ने केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर में आयोजित किया नारा लेखन व पेंटिंग प्रतियोगिता
गाज़ीपुर।बुधवार को यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गाजीपुर ने आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष में केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर में नारा लेखन तथा पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह आयोजन गृहमंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुनील कुमार, उप क्षेत्र प्रमुख यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गाजीपुर ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया गाजीपुर जनपद का लीडिंग बैंक होने के नाते वर्ष भर इस तरह के आयोजन करता रहता है। आज का यह कार्यक्रम भी देश में मनाए जा रहे आजादी का अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आयोजित किया जा रहा है। इससे पूर्व केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर के प्राचार्य मुकेश कुमार वर्मा ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि यूबीआई द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय के विद्यार्थियों को नारा लेखन और पेंटिंग के द्वारा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक सुन्दर अवसर प्रदान करेगा। अनुराग कुमार सिंह, राजभाषा अधिकारी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया गाजीपुर ने कहा कि जनपद का अग्रणी बैंक होने के नाते हम इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से सदैव अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते आए हैं तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे। आज की यह प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई थी। कनिष्ठ वर्ग, कक्षा 6 से 8 के लिए नारा लेखन प्रतियोगिता जिसका विषय था “आजादी के नारे” आयोजित की गई जिसमें लगभग 110 बच्चों ने प्रतिभाग किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग कक्षा 9 से 12 के लिए पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता जिसका विषय था “भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की ऐतिहासिक घटनाएं” अथवा “भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानी” (दोनों में से कोई एक) आयोजित की गई जिसमें 85 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सुनील कुमार, उप-क्षेत्र प्रमुख, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, तथा मुकेश कुमार वर्मा, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर ने पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया। कनिष्ठ वर्ग में क्रमशः जीनत खातून कक्षा 6, स्वाती जायसवाल कक्षा 7 तथा आंचल पासवान कक्षा 8 एवं वरिष्ठ वर्ग में शिवांशु कुशवाहा कक्षा 11, खुशी कुशवाहा कक्षा 11 तथा अभ्युदय वर्मा कक्षा 12 को पुरस्कार प्रदान किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का संयोजन नीरज राय केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर तथा विकाश उपाध्याय, सतर्कता अधिकारी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया गाजीपुर ने किया। इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि 14-15 सितंबर 2022 को गुजरात के सूरत में आयोजित हो रहे दूसरे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, गाजीपुर की ओर से अनुराग कुमार सिंह, नीरज राय, पंकज कुशवाहा सहित नराकास गाजीपुर के अन्य केन्द्रीय कार्यालयों से भी कुछ सदस्य सम्मिलित होने के लिए सूरत जाएंगे। इस सम्मेलन में माननीय गृहमंत्री, भारत सरकार अमित शाह के साथ-साथ स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर के वरिष्ठ शिक्षक तथा हिन्दी प्रवक्ता नीरज राय ने तथा धन्यवाद ज्ञापन कला शिक्षक बाल चंद्र राम ने किया। कार्यक्रम में राजेन्द्र कुमार यादव, सुरक्षा अधिकारी यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केन्द्रीय विद्यालय गाजीपुर के आलोक कुमार राय, जितेन्द्र कुमार तिवारी, मनीष आर्या, शिवप्रकाश, अवशेष प्रकाश, अनामिका, केशव सिंह, पंकज कुशवाहा आदि शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित हुए।
गाजीपुर।सोमवार को रेवतीपुर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उसके पास से नकदी के साथ ही चोरी के मोटर बरामद किया।मालूम हो की रेवतीपुर थाना के उपनिरीक्षक शहीर सिद्दीकी क्षेत्र में सोमवार की रात भ्रमण के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान डेढ़गांवा इंटर कालेज के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के एक मोटर के साथ ही आठ सौ नकदी बरामद किया। उपनिरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नगसर हाल्ट थाना के डोहला निवासी संतू यादव है। पूछताछ में उसने बताया कि यह मोटर उसने चोरी किया था। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक के साथ हेड कां महेश प्रसाद, कां चन्द्र बहादुर और कां विजय यादव शामिल थे।
गाज़ीपुर।गुरुवार को वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में “कजरी महोत्सव “अंतर्गत राधा कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन माउन्ट लिट्रा जी स्कूल बंधवा में किया गया Iप्रतियोगिता में जनपद भर के विभिन्न विद्यालयों से आए हुए प्रतियोगियों ने प्रतिभाग किया I प्रतियोगिता में कक्षा एल के जी से 5 तक के नन्हे मुन्हे छात्र- छात्राओं ने राधा कृष्ण की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की ऐसा लग रहा था मानो गाजीपुर की धरती देवालय बन गई हो I जहाँ राधा कृष्ण का वेश धारण कर प्रतियोगियों ने उपस्थित जन को आश्चर्यचकित कर दिया वहीं कुछ बच्चों की जोड़ियों ने मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि सहित उपस्थित लोगों को थिरकते को मजबूर कर दिया।क्लब महिला प्रकोष्ठ की सचिव शहाना जहाँ के अनुसार इस प्रतियोगिता में जिले के 43 स्कूलों के 374 जोड़ो ने प्रतिभाग किया I प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को मेडल तथा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जबकि क्लब निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम स्थान पर पार्थ –प्रज्ञा यादव चन्दनी पब्लिक स्कूल सुरतापुर, कल्पना-एंजल राय अवध इंटरनेशनल स्कूल फिरोजपुर , दीपक -आरवी एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, सन्दर्भ जायसवाल-सृष्टि सिंह माउन्ट लिट्रा जी स्कूल ,आव्या यादव-यशी गुप्ता मॉर्टेन्स चिल्ड्रन एकेडमी मुहम्मदाबाद , अवंतिका-श्रेय पांडेय प्रेसिडियम इंटरनेशनल स्कूल ,शिवन्या-आर्या गौरीशंकर पब्लिक स्कूल, इशानवी यादव-एंजल चौरसिया रामदूत इंटरनेशनल स्कूल को चुना गया । जबकि दूसरे स्थान के लिये साक्षी-यश ब्लू बर्ड इन्टरनेशनल स्कूल आदर्श बाज़ार, राजवीर सिंह-श्रेया सिंह नाइस पब्लिक स्कूल,लक्ष्य गुप्ता-प्रिया अग्रसेन पब्लिक स्कूल,युराज सिंह-दीक्षा विश्वकर्मा केजीएन पब्लिक स्कूल, सूर्यवंशी-सार्थक मेरी सिटी स्कूल फुल्लनपुर का चयन किया गया। इसी प्रकार तीसरे स्थान के लिए आर्यन सिंह-आरुषि गुप्ता चन्द्रावली शिक्षा निकेतन , विशाख-आश्वि श्री राम पब्लिक स्कूल सिकन्दरपुर, मयंक कुमार-श्वेता सनराइज पब्लिक स्कूल जंगीपुर का चयन किया गया।निर्णायक मंडल सदस्य के रूप में सुमन सिंह , रिम्पू सिंह एवं प्रीति सिंह उपस्थित रही I विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि प्रतिभा मिश्रा उप जिलाधिकारी गाजीपुर सदर तथा माउन्ट लिट्रा जी स्कुल के प्रिसिपल राजेश कारकुन ने संयुक्त रूप शील्ड व मेडल देकर सम्मानित किया ।अतिथियों तथा निर्णायक मंडल सदस्यों का स्वागत अतिरिक्त सचिव सूर्य रेख मणि एवम सचिव महिला प्रकोष्ठ शहाना जहाँ ने किया ।
इस अवसर पर ओम प्रकाश यादव, धर्मेन्द्र जायसवाल , सुभद्रा ,राम कुमार विश्वकर्मा , नौशाद अहमद ,आरती, प्रियंका आदि उपस्थित रहे।
गाजीपुर। जिले के चर्चित समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर असलहों की फ़ोटो पोस्ट किए जाने की जानकारी होते ही विवेक कुमार सिंह शम्मी ने पुलिस विभाग के साइबर सेल को गुरुवार को लिखित शिकायत पत्र देते हुए आरोपी पर सख्त कार्यवाही की मांग की है। मालूम हो कि सोशल मीडिया पर किसी अराजक तत्व द्वारा विवेक कुमार सिंह शम्मी के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर उस पर असलहों की फोटो पोस्ट करते हुए बिक्री किए जाने का मैसेज टाइप किया गया है और एक मोबाइल नंबर भी दिया गया है। इस विषय में चर्चित समाजसेवी विवेक कुमार सिंह शम्मी ने साइबर सेल से शिकायत करते हुए कहा कि समाजसेवा और राजनीति के क्षेत्र में मेरी अच्छी पहचान है। पिछले नगर पालिका चुनाव में मिले 14000 वोटों से घबराकर संभवतः मेरी छवि धूमिल करने का यह निंदनीय कार्य किसी अराजक द्वारा किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधि करने की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग पुलिस प्रशासन से की है।
गाजीपुर। जिले में बृहस्पतिवार की सुबह लखनऊ से आई परिवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने नगर के मिश्रबाजार, टाउन हाल के सराय गली, रौजा और मुहम्मदाबाद में छापेमारी चल रही है। मकान को सीआरपीएफ की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल टीम अभी मकानों को खंगाल रही है। कुछ भी बताने से इंकार किया जा रहा है। सुबह करीब पांच बजे सीआरपीएफ के साथ पहुंची ईडी की टीम ने नगर में एक साथ मिश्रबाजार स्थित आभूषण व्यवसायी विक्रम अग्रहरी, खान ट्रेवल्स संचालक टाउन हाल के सराय गली निवासी मुस्ताक खां, रौजा स्थित व्यवसायी गणेश दत्त मिश्रा और मुहम्मदाबाद स्थिति गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के फाटक आवास पर छापेमारी चल रही है। इस दौरान मकान के प्रमुख दरवाजे से लेकर सड़क तक सीआरपीएफ का खड़ा पसरा है। फिलहाल छापेमारी जारी है।