All posts by UP Fast News

खराब सड़कों को लेकर डीएम से मिले अनिल पाण्डेय

खराब सड़कों को लेकर डीएम से मिले अनिल पाण्डेय

दुल्लहपुर (गाजीपुर) भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल कुमार पांडे मंगलवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के सड़क मरम्मत करने एवं सड़कों पर पानी बहाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग का पत्रक सौंपा। अनिल पांडे ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर कहा कि शासन की मंशा के विपरीत मानक को ताक पर रखकर कुछ जगह हुए सड़क निर्माण कार्य की जांच कराई जाए एवं खराब सड़कों का निर्माण तत्काल कराया जाए। कहा कि सड़क निर्माण के बाद सड़क खराब करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने डीएम से कहा कि प्रांतीय खंड सड़क पर बुजुर्गा, दुल्लहपुर बाजार एवं जलालाबाद नायकडिह मार्ग पर आम जनों द्वारा पानी बहाने के कारण सड़के खराब हो गई हैं, जिससे सड़कें गड्ढे में तब्दील हो गई। कहा कि सरकार सड़कों के निर्माण में लगी है और कुछ विरोधी मानसिकता के लोग अपना पानी सड़कों पर बहा कर सड़क खराब कर रहे हैं। जिससे सरकार के छवि पर असर पड़ रहा है और उनके द्वारा किए गए सड़कों में गड्ढे के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए उनके विरुद्ध कार्रवाई किया जाना सुनिश्चित करने का कष्ट करें। इस दौरान अजय चौहान, रामबचन चौहान एवं लाल बहादुर चौहान आदि रहे।

सांसद ने किया बायोगैस प्लान्ट का शिलान्यास, दिया निर्देश

सांसद ने किया बायोगैस प्लान्ट का शिलान्यास, दिया निर्देश

गाजीपुर। तहसील मुहम्मदाबाद के अन्तर्गत करीमुद्दीनपुर ग्राम मेें बनाये गये स्थायी गौ-आश्रय स्थल पर बायोगैस प्लान्ट का शिलान्यास मंगलवार को बलिया सांसद विरेन्द्र सिंह ‘मस्त‘ ने पूरे विधि विधान से पूजा अर्चन कर किया। सांसद ने अपने सम्बोधन में कहा कि हजारो एकड़ में फैली करईल का इलाका दुनिया की सबसे उपजाऊ जमीन में से एक है। लेकिन मगही नदी में बाढ़ के दौरान जल जमाव के कारण किसानो की समय से खेती नही हो पाती है जिसके कारण उनकी आय मे बढोत्तरी नही होतीं है। किसानो की आमदनी एंव गाव के लोगो की आय बढाने हेतु कम लागत पर अधिक खेती कर उत्पादन किया जा सकता है। कम लागत से अधिक उत्पादन हो तो किसानो की आय स्वाभाविक रूप से बढेगी। उन्होेने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि मगई नदी के रास्ते यदि किसी प्रकार का अवरोध है तो उसे तुरन्त तुडवाकर नदी के बहाव का रास्ता सही किया जाये, जिससे बाढ के दौरान इन इलाको में कम जल जमाव हो सके तथा किसानो को अपने भूमि पर अधिक से अधिक सिचाई, बुवाई का अवसर प्राप्त हो सके। सांसद ने विकास खण्ड मुहम्मदाबाद अन्तर्गत ग्राम पंचायत रघुबरगंज से हाटा होते हुए खेमपुर तक मगई नदी के बाहरी सेक्सन सुधार व ड्रेसिंग कार्य का शिलान्याश एंव निरीक्षण किया तथा इस कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। इस दौरान सांसद, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने मगई नदी तट पर वृक्षारोपण कर उपस्थित लोगो को अधिक से अधिक पौधरोपण की अपील की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उ0प्र0 सरकार की गोबर्धन योजना के अन्तर्गत स्थापित किये जा रहे वायोगैस प्लान्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि इस बायोगैस प्लांट के संचालन हेतु उपयोग होने वाले गोबर/अपशिष्ट को आटोमिक्चर द्वारा केवल एक आपरेटर द्वारा आटोमैटिक बायोगैस प्लान्ट में भेजा जायेगा, जिससे दैनिक व्यय न्यूतम आयेगा। बायोगैस प्लान्ट से उत्पन्न होने वाली गैस को बिजली में परिवर्तित कर लाइट, पंखा और सबमर्सिबल पम्प के संचालन एवं खाना पकाने में गैस चुल्हा जलाने हेतु उपयोग में लाया जायेगा। बायोगैस से निकलने वाली स्लरी सुखाकर खाद् के रूप में कृषि कार्य हेतु उपयोग किया जायेगा। बायोगैस प्लान्ट से निकलने वाले खाद् को ग्रामीणो को ब्रिक्री कर प्राप्त धनराशि का उपयोग आवश्यकतानुसार बायोगैस प्लान्ट का अनुरक्षण एवं गौ-आश्रय स्थल का संचालन प्रभावी रूप से किया जायेगा। खाद से ग्रामीणों को आर्गेनिंग खेती हेतु जन-जागरूकता के माध्यम से बढ़ावा दिया जा सकता है, जिससे ग्रामीणों के आय में वृद्धि होगी तथा आमजनमानस के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होगा। उन्होने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के गोर्वधन योजना के अन्तर्गत बायोगैस प्लान्ट का निर्माण के प्राक्कलन की धनराशि 34.52 लाख है तथा इसकी क्षमता 60 घन मीटर तथा कार्यदायी संस्था अधि0अभि0 खण्ड कार्यालय उ0प्र0 जल निगम ग्रामीण गाजीपुर है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद हर्सिता तिवारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, डी सी मनरेगा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, ब्लाक प्रमुख भांवरकोल, बाराचवर एंव अन्य जनपदस्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह42 वी पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह
42 वी पुण्यतिथि पर आयोजित हुआ कार्यक्रम

गाजीपुर। स्व. सिद्धेश्वर ऐसे महापुरुषों में से थे, जिन्होंने व्यक्ति, समाज सहित पूरे समूह के लिए कार्य किया। जब भी जरूरत पड़ी, उन्होंने लोगों को एकजुट करके आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उक्त बातें मंगलवार को सिद्धेश्वरनगर स्थित अखिलेश्वर प्रसाद सिंह के आवास पर सिद्धेश्वर प्रसाद की 42 वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका सिंह यादव कही। उन्होंने कहा कि कर्मयोगी अपनी कार्य क्षमता के बल पर पहचान बनाता है। जो लोग बड़े निर्योगी व्यक्ति के सहयोग से अपना जीवन-यापन करता है, उसके चरित्र की ऊंचाई को कमजोर कर पाना किसी साधारण मनुष्य के वश की बात नहीं है। कई तरह की कठिनाइयों के बावजूद सैद्धांतिक व्यक्ति अपने रास्ते से पीछे नहीं हटता है तथा आगे बढ़ने के लिए निर्माण का रास्ता बनाकर अपनी पीढ़ी तथा बाद के लोगों को आगे बढ़ने के लिए विशेष रास्ता तैयार करता है। कवि दिनेश चन्द्र शर्मा ने कविता के माध्यम से कहा कि आज भी समाज को ऐसे व्यक्तित्व की जरूरत है, जो लोगों को एक सूत्र में बांधकर नई सामाजिक दिशा देने का प्रयास करें। पूर्व विधायक अनिल अभिताभ दूबे ने कहा कि इस तरह का सहयोग सामाजिक विकास के लिए जरूरी है। इसे हम लोगों को मिल जुलकर करना होगा। वरिष्ठ पत्रकार सूर्य कुमार सिंह ने संस्मरणों के माध्यम से अपने उद्‌गार व्यक्त किया। इस मौके पर बृजेन्द्र राय, आनन्द विहारी यादव, अनिल कुमार सिंह, शम्भू शरण, डा दिनेश कुमार सिंह, ईश्वर लाल, सत्येन्द्र प्रताप यादव, राम जी प्रसाद गुप्त, राम नगीना पांडेय, डा. रण विजय सिंह, देवेन्द्र कुमार सिंह, संजय खरवार आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन अखिलेश राय ने किया। अंत में संस्था के प्रबंधक अखिलेश्वर प्रसाद सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यक्ति के चित्र की नहीं बल्कि उसके चरित्र की पूजा होती है। जनता का प्रतिनिधित्व कर चुके देश के ऐसे महान सपूत का पुत्र होना अपने आप में बड़े ही गर्व की बात है।

करीब 190 करोड़ की लागत से बनकर तैयार होंगी सड़कें

सांसद का जनपदवासियों को ढाई सौ किलोमीटर के सड़कों का तोहफा

करीब 190 करोड़ की लागत से बनकर तैयार होंगी सड़कें

गाजीपुर। मंगलवार को जमानिया विधानसभा क्षेत्र में सांसद अफजाल अंसारी ने तीन सड़कों का उद्घाटन किया। जिनमे जमानिया देवाईथा माइनर मार्ग से रोहण मार्ग, दूरी करीब 5.5 किलोमीटर और 3.58 करोड़ लागत। दूसरा दिलदारनगर देवैठा से तियरी मार्ग, दूरी करीब 5.5 किलोमीटर और लागत करीब तीन करोड़ 44 लाख है जबकि तीसरी सड़क भदौरा देवल से गोडसरा मार्ग, दूरी करीब
5 किलोमीटर और लागत करीब तीन करोड़ 29 लाख है। इसकी जानकारी मीडिया को देते हुए सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि गाजीपुर लोकसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करीब ढाई सौ किलोमीटर की सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिनमें से करीब 10 सड़को का कार्य पूर्ण हो चुका है और अन्य सड़कों का कार्य जल्द ही पूर्ण होने वाला है। इन सड़कों की कुल लागत करीब 190 करोड़ है। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सांसद निधि को कम कर दिया गया है और कोरोना काल के समय सांसदों को निधि नहीं दी गई। जिसके कारण हमें जनहित के कार्य करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। जन-जन की परेशानियों को दूर करने के लिए और गांव को शहरों और हाईवे से जोड़ने के लिए हमने एक योजना बनाई। हमने सरकार की नियम का पालन करते हुए लोकसभा क्षेत्र को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लाभ देने का प्रण कर लिया था और आज वह प्रण आप सबके सामने जमीन पर दिख रहा है। इस दौरान उन्होंने गाजीपुर के पूर्व सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा के ऊपर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने आप को विकास पुरुष घोषित किया था लेकिन विकास पुरुष के 5 साल के कार्यकाल में 100 किलोमीटर भी सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत नहीं बन पाई। यहां तक कि उन्होंने बीएसएनल को इस कदर बर्बाद कर दिया कि अब जन जन जिओ का सिम यूज करने के लिए मजबूर है। कहा कि उनके पास जो- जो मंत्रालय थे वह सभी बिकने के कगार पर आ गए हैं। उन्होंने मीडिया को जानकारी दी कि अगले सप्ताह वह फिर कई अन्य सड़कों का उद्घाटन करेंगे।

16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा भूजल सप्ताह

16 से 22 जुलाई तक मनाया जाएगा भूजल सप्ताह

विकास के वजह से धरती में नही जा पा रहा वर्षा का पानी:डीएम

गाजीपुर। जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को भूजल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु जन जागरूकता लाने के उद्देश्य से भू-जल सप्ताह की बैठक जिला पंचायत सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रति वर्ष भूजल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु जन-जागरुकता लाने के उद्देश्य से इस वर्ष भी 16 जुलाई से 22 जुलाई तक भू-जल-सप्ताह का आयोजन कर जन- जागरुकता बढाये जाने हेतु निर्देश दिया गया है। जनसंख्या के बढ़ते दबाव व पानी की अत्यधिक मॉग तथा जल संसाधनों की सीमित उपलब्धता के परिणाम स्वरुप जलापूर्ति एवं उपलब्ध जल की मात्रा के बीच अन्तर बढता जा रहा है। इसी उद्देश्य की पूर्ति हेतु अधिकाधिक जन सहभागिता बढाने के उद्देश्य से भूजल सप्ताह मनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि गंगा के मैदानी भाग में रहने वाले लोग बहुत ही भाग्यशाली है। क्योंकि यहाँ पर प्रकृति ने प्रर्याप्त भूजल का भण्डार प्रदान किया है। मैदानी भागों में रहने वाले लोग पानी के मूल्य को कुछ नहीं समझते हैं और मनमाने ढंग से भूजल को निकालते एवं खर्च करते हैं। इस विकास के दौर के कारण बड़े-बड़े शहरो में पक्की इमारते, पक्की सडके, पक्के फुटपाथ चबूतरे सीमेन्ट कंकरीट से बना कर खड़े किये जा रहे हैं, जिससे पूरे जमीन के छिद्र बन्द होते जा रहे हैं। वर्षा के पानी को धरती में जाने के सारे रास्ते बन्द कर दिये गये है। वर्षा का लगभग 90 प्रतिशत पानी नदी में बह जाता है। लगभग 5-10 प्रतिशत ही पानी जमीन के अन्दर जा पाता है। जबकि पहले 70 प्रतिशत वर्षा का पानी बह जाता था, 30 प्रतिशत पानी जमीन के अन्दर चला जाता था। इस प्रकार अब जमीन के अन्दर वर्षा का पानी कम जा रहा है। वर्तमान मे जनसंख्या बढ़ने के कारण भूजल की मांग बढ़ती जा रही है। जनमानस की आवश्यकता हेतु प्रति वर्ष नवीन नलकूप, हैण्डपम्प लगा कर पानी खीचा जा रहा है तथा नागरिक विभिन्न उपायों से भू-जल को धरती से निकाल रहे हैं। जिसका परिणाम यह है कि भूजल स्तर में गिरावट हो रही है। लोग लाखों रूपये खर्च करके धरती से पानी का दोहन कर रहे हैं, किन्तु धरती में पानी डालने का कोई भी व्यक्ति प्रयास नहीं कर रहा है। इसलिए हमें यह चाहिए कि वर्षा के पानी को संचय करके कुदरत के भूजल खाते में कुछ न कुछ शुद्ध पानी अवश्य जमा करें, क्योंकि वर्षा का पानी प्रदूषित नहीं होता है इसलिए रेन वाटर हार्वेस्टिग योजना का क्रियान्वयन सभी सरकारी एवं गैर सरकारी ईमारतों पर अवश्य होना चाहिए। उन्होने बताया कि पानी का एक-एक बूँद बहुत कीमती है। जैसे हमें बुजुर्गों से प्रेरणा मिलती है कि अपनी पुस्तैनी जायदाद की देख-भाल करें और उसे आने वाली नस्ल को सौंप कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर सकें। लेकिन जो जायदाद हमें कुदरत ने भूगर्भ जल भण्डार के रूप में दिया है, उसकी देख-भाल करने से हम मुख न मोडे। हमे अपनी आदत में सुधार करना होगा। हम सब मिल कर आज भू- जल सप्ताह पर अपने आपसे वादा करें कि हम पानी के खर्च में हर मुमकिन कटौती करेगे, हम पानी की बरबादी को रोकेंगे और हम अपने छत का पानी जमीन के नीचे भू-जल के खाते में जमा जरूर करायेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, डी एफ ओ एंव अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  

सास बहू बेटा सम्मेलन में दिया गया सगुन कीट

सास बहू बेटा सम्मेलन में दिया गया सगुन कीट

जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत आयोजित हुआ सास बहू बेटा सम्मेलन

ग़ाज़ीपुर। जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जनपद में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कई स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार को सास बहू बेटा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदबाद के कोठिया ग्राम सभा में ग्राम प्रधान प्रीति राय की अध्यक्षता में सास बहू बेटा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के कई स्वास्थ्य केंद्रों पर सास बहू और बेटा सम्मेलन का आयोजन कर परिवार नियोजन के संबंध में जानकारी दी गई । साथ ही विभाग की तरफ से उन्हें शगुन किट भी उपलब्ध कराया गया।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सास-बेटा-बहू के बीच संबंध, समन्वय और संवाद के जरिये परिवार नियोजन को लेकर बेहतर माहौल कायम किया जाना है। इससे वह प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति अपनी अवधारणाओं, व्यवहार एवं विश्वास में बदलाव ला सकें। प्रायः देखने में आता है कि परिवार में अधिकतर निर्णय में पुरुष की सहमति सर्वोपरि होती है। इस लिए सास-बहू सम्मेलन के दौरान पुरुष सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए बेटे का प्रतिभाग किया जाना आवश्यक है।
ग्राम प्रधान कोठिया प्रीति राय ने बताया कि सास बहू सम्मेलन आयोजन का मुख्य उद्देश्य हम दो हमारे दो की अवधारणा को लेकर चलेंगे तभी हम जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ जो शासन के द्वारा चलाया जा रहा है उसको हम अमली रूप दे सकते हैं। जिसके लिए शासन के द्वारा निशुल्क संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं। हम इसे अपनाकर अपने परिवार में खुशियां लाने के साथ है जनसंख्या को स्थिर कर सकते हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के अधीक्षक डॉ संजीव सिंह ने बताया कि सास बहू बेटा सम्मेलन सैदपुर ब्लॉक के कई स्वास्थ्य केंद्रों पर क्षेत्र की आशा और एएनएम के माध्यम से किया गया। और इस कार्यक्रम में परिवार की बहू बेटा और सास को बुलाकर उन्हें परिवार को कैसे बेहतर रखा जाए इसके बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई । साथ ही साथ उन्हें विभाग की तरफ से एक शगुन किट उपलब्ध कराया गया। जिसमें परिवार नियोजन के संसाधन के साथ ही महिलाओं के सौभाग्यवती के लिए सिंदूर भी दिया गया। उन्होंने बताया कि उपकेंद्र अनौनी पर एएनएम निर्मला देवी,उपकेंद्र भदैला पर एएनएम उमा कुमारी,उपकेंद्र सिधौना पर एएनएम तारा तिवारी,उपकेंद्र होलीपुर पर एएनएम इंदु कला के द्वारा आयोजित किया गया था। इस सम्मेलन में आई हुई सास और बहू को परिवार को बेहतर रूप से चलाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा चलाई गई परिवार नियोजन के संसाधन जो अस्थाई रूप से पुरुष एवं महिला नसबंदी है। वही अस्थाई रूप से अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली, कापर्टी, कंडोम, आईयूसीडी एवं पीपीआईयूसीडी जो स्वास्थ विभाग की तरफ से निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही साथ महिला एवं पुरुष नसबंदी कराने वाले को आर्थिक लाभ भी दिया जाता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मबाद में आयोजित कार्यक्रम में एएनएम राजकुमारी सिंह, मंजु, आशा, रीता, गुडिया, अजय यादव इत्यादि के साथ समस्त क्षेत्रीय आशा एवं आगनबाड़ी रही। संचालन बीपीएम संजीव कुमार के द्वारा किया गया।

कार्यकर्ता हर वर्ग को जोड़कर बनाए सदस्य:विधायक

कार्यकर्ता हर वर्ग को जोड़कर बनाए सदस्य:विधायक

गाजीपुर। जंगीपुर स्थित सपा कार्यालय पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान का शुभारंभ विधायक डा. वीरेन्द्र यादव ने सदस्य बनकर किया। डा. विरेंद्र ने कहा कि 1 जुलाई 2022 से 30 जून 2027 तक के लिए सदस्य बनाए गए। सभी कार्यकर्ता गांव गांव जाकर समाज के हर वर्ग को जोड़कर सदस्य बनायें। रामधारी यादव ने कहा कि कार्यकर्ता गांव- गांव जाकर हर वर्ग व हर समाज को जोड़कर सक्रिय सदस्य बनावे और समाजवादी पार्टी को मजबूत करें। उन्हें सपा के कार्यकाल की हर योजनाओं के बारे में बताएं और भाजपा के जन विरोधी नीतियों को भी बताएं। इस अभियान में बाढु सिंह कुशवाहा, मुन्नी लाल राजभर, चंद्रभान गुप्ता ,सुभाष राम, सुभाष यादव गुड्डू ,अमित ठाकुर, जितेंद्र यादव, कमलेश यादव, नरेंद्र यादव ,सूर्यनाथ यादव ,राम दरस यादव मनीस्वर सिंह यादव, राजकुमार यादव, अजय यादव ,शिवराम चौहान, दारा यादव, अपरबल यादव ,राजेश कश्यप, विंध्याचल यादव ,अरविंद कनौजिया ,जितेंद्र चौहान और सुनील यादव सोनू शामिल रहे। संचालन निर्वातमान विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने किया।

रिक्रूट आरक्षियों को शुभकामनाओं के साथ एडीजी ने दिलाई शपथ, कहा…..

गाजीपुर। पुलिस लाइन में मंगलवार को रिक्रूट आरक्षियों (पीएसी) का 6 माह का प्रशिक्षण सकुशल सम्पन्न हुआ। जिसको लेकर एक दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि रहे अपर पुलिस महानिदेशक राम कुमार ने पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। समारोह के दौरान 258 रिक्रूट आरक्षियों द्वारा पूर्ण साज-सज्जा व उत्साह के साथ मार्च पास्ट किया। प्रशिक्षण के दौरान आईटीआई/पीटीआई द्वारा प्रशिक्षुओं को गहन प्रशिक्षण देने के साथ ही रिक्रूटों को अच्छे व्यवहार, कुशल नेतृत्व व आधुनिक समाज की जरुरतों के अनुसार योग्य व तकनीक एवं नये-नये नियम-कानून, विशेष अधिनियम एवं शस्त्रों के प्रयोग में दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि ने रिक्रूट आरक्षियों को निष्ठा, ईमानदारी एवं सतर्कतापूर्वक अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के लिए ‌शुभकामनाएं दी। उन्होंने भारतीय संविधान व कानून का पालन करने एवं कराने की आरक्षियों को शपथ दिलायी। उन्होंने कहा कि हमें आशा है कि आप सभी गरीब, जरूरतमंद, असहाय, पीड़ित लोगों की मदद को ध्यान में रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे तथा प्रदेश व पुलिस विभाग का नाम रोशन करेंगे। कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप अपने प्रशिक्षण, आचरण एवं कौशल से अपने उच्चाधिकारियों के निर्देशन में कार्य करते हुये विभिन्न चुनौतियो पर निश्चय ही विजय पाएंगे। समारोह के दौरान एडीजी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर गोपीनाथ सोनी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रामधारी चौरसिया सहित जनपद के समस्त अधिकारी, थाना प्रभारी निरीक्षक एवं पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखा प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा पुलिस लाइन में बने सभागार कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया।

राहगीरों के लिए छात्र नेता परेशान, सौंपा एसडीएम को पत्रक

गाजीपुर। गर्मी के दिनों में सड़कों पर चलने वाले राहगीरों सहित स्कूली बच्चों को शुद्ध पेयजल से वंचित न होना पड़े इस उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों सहित पूरे नगर में पेय जल आपूर्ति के लिए आरओ प्लांट लगाए गए थे। लेकिन सही देख-रेख व सही ढंग से रख-रखाव न होने के कारण सारे के सारे मशीन बंद होकर खराब हालत में सिर्फ सड़क व चौराहों की शोभा बढा रहे हैं। प्यासे राहगीरों के लिए लगे इन मशीनों का अब कोई मतलब नहीं रह गया है। जिसको लेकर छात्र नेता उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में नगरवासियों ने सदर एसडीएम प्रतिभा मिश्रा को पत्रक सौंपा। समाजसेवी दीपक ने बताया कि प्रमुख चौराहों व मंदिरों के पास R.O. वाटर उपकरण लगाया गया है। परन्तु नगरपालिका की घोर लापरवाही की वजह से करोड़ों की लगात से लगे उपकरण अब बदहाल स्थिति में पड़े हुए हैं। उसी की मरम्मत कर सुचारू रूप से जनहित में चालू करने की मांग को लेकर आज हम सभी ने सदर एसडीएम से इस समस्या का समाधान जल्द-जल्द करने का आग्रह किया है। जिस पर प्रतिभा मिश्रा के द्वारा अतिशीघ्र इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। पत्रक सौंपने वालों में शिवम पाल, शैलेश यादव, अभिषेक गौण, राजदीप रावत, संतोष कुमार इत्यादि मौजूद थे।

कब्र से निकाला गया शव

गाजीपुर ।सदर कोतवाली के डीलिया गांव में कोतवाली पुलिस व तहसील प्रशासन पहुंचा। प्रशासन की टीम ने कोर्ट ने आदेश पर आठ माह पूर्व कब्र में दफनाएं शव के कंकाल को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे लोगों में अफरा-तफरी मची रही। मामले में मृतक 55 वर्षीय शब्बीर के भाई ने पत्नी और उसके दो भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया है।चंद्रावती गांव निवासी शब्बीर पत्नी नूरजहां व सात बच्चों के साथ डीलिया ग्राम सभा के करीमाबाद ससुराल में रहता था। बीते 23 नवंबर को घर में फांसी के फंदे से लटककर उसकी मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव को दफना दिया। इधर मौत की सूचना दो दिन बाद शब्बीर के भाई इस्लाम व शोभा को मिली तो आनन-फानन मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए शव के पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग करने लगे, लेकिन पुलिस उनकी एक न सुनी। अंत में उसने कोर्ट का सहारा लिया और नूरजहां एवं उनके भाई मान सिंह और ईशु पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी। फरियादी की फरियाद को सुनते हुए कोर्ट ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया। इसके बाद यह कार्रवाई की गई। सदर तहसीलदार अभिषेक राय, सीओ सिटी गौरव सिंह, कोतवाल विमलेश मौर्या, ग्राम प्रधान अनिल बिंद आदि रहे।