खानपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार की सुबह ट्रक से भिड़ंत में आटो सवार महिला समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई और दो मासूम बच्चों संग नौ घायल हो गये। यह हादसा खानपुर थाना के सिधौना के पास पेट्रोल पंप के सामने हुआ। मृतकों में पन्ना देवी(46) पत्नी नंदू बांसफोर निवासी बिरनो के तियरा तथा रामजी बांसफोर(40) बरेसर गांव के बताये गये हैं। घायल भी उन्हीं के रिश्तेदार हैं। उन्हें सैदपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
यह सभी लोग नंदू की लड़की काजल के लिए लड़का देखने वाराणसी गये थे। वापसी में आटो चालक सिधौना में पेट्रोल के लिए पंप की ओर जैसे ही घूमा कि वाराणसी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आटो के परखच्चे उड़ गये। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष खानपुर संजय मिश्रा पुलिस कर्मियों के साथ वहां पहुंच गये। घटना के बाद मय ट्रक मौके से फरार चालक को कैथी टोल प्लाजा पर पकड़ लिया गया।
घायलों में बिल्लर (5), चंदा देवी (35), धर्मेंद्र बांसफोर (37), तारा देवी (40), दीपा (3),विशाल (7),उर्मिला देवी (35), नंदू बांसफोर (50) और आटो चालक हरिश्चंद्र (40) निवासी नसरतपुर थाना बिरनो शामिल है।
All posts by UP Fast News
अचानक थानों का निरीक्षण करने पहुंचे नवागत एसपी
गाजीपुर। नवागत एसपी रोहन पी बोत्रे ने मंगलवार को शहर कोतवाली और जंगीपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने सीसीटीएनएस, महिला हेल्प डेस्क, कार्यालय, हवालात, मालखाना, मेस व बैरक सहित आदि का निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली पीड़ित महिलाओं के प्रार्थना पत्रों पर की गई कार्यवाही का एसपी ने फीडबैक लिया। इसके उपरांत अपराध से संबंधित रजिस्टरों की जांच पड़ताल की तथा अपराध एवं अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिलाओं के साथ होने वाले अपराधो को गंभीरतापूर्वक देखते हेतु संबंधित को निर्देशित किया। एसपी रोहन पी बोत्रे ने निर्देश दिया कि थाने पर अपनी शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को ध्यान पूर्वक सुने और उनके साथ अच्छा व्यवहार करे तथा उनकी समस्याओं का समय से निराकरण करें। एसपी ने गैगेंस्टर एक्ट के तहत हुई कार्यवाही की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कर रहे थे तस्करी,गिरफ्तार
गाजीपुर।शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार पुलिस ने सुखदेवपुर चौराहा पर चेकिंग के दौरान पांच अन्तर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उनके पास से दो लग्जरी वाहन से 44 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया।नवागत एसपी रोहन पी बोत्रे के पदभार ग्रहण करते ही कोतवाली पुलिस ने तस्करों को पकड़ कर कप्तान को तोहफा दे दिया। प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्या व उपनिरीक्षक अमित पांडेय पुलिस टीम के साथ सुबह सुखदेवपुर चौराहा पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिहार की तरफ जा रही क्रेटा और स्कार्पियों को पुलिस कर्मियों ने रोका। पुलिस को देखते ही चालक वाहन की गति बढ़ा कर भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने पीछा कर दोनों वाहनों को दबोच लिया। वाहन में सवार अन्तर्राज्यीय तस्करों को पकड़ा। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखा 8 पीएम के 44 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। बरामद शराब की कीमत लगभग दो लाख बत्तीस हजार रुपया बताया। पुलिस के पूछताछ में पकड़े गये तस्करों ने अपना नाम पटना के खगौल थाना के न्यू कालोनी निवासी गौरव कुमार, पटना के बेउर जिला के चिलबिली निवासी गोलू कुमार, दानापुर भुसौला निवासी दीपक कुमार ,पटना के बेउर थाना के बेतौरै निवासी सोनू कुमार तथा भोजपुर डिहीया निवासी नित्तम सिंह बताया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विमलेश मौर्य ने बताया कि पकड़े गये तस्कर अपने गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर तस्करी कर रहे थे। पकड़े गये तस्कर शराब लेकर बिहार में बेचने जा रहे थे। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम लोटन इमली चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह, विशेश्वरगंज चौकी प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ,कां विकास कुमार तिवारी , का राजेश कुमार ,का हरेन्द्र यादव ,का विजय यादव ,का शैलेन्द्र यादव तथा का दुर्गा प्रसाद शामिल रहे।
सपा जमीनी कार्यकर्ता को लड़ाएगी नगर पालिका का चुनाव:डॉ वीरेंद्र
गाजीपुर। सोमवार को जंगीपुर विधानसभा में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक राजेंद्र यादव के अध्यक्षता में हुई।
इस बैठक में जंगीपुर विधायक डा. वीरेन्द्र यादव ने कहा कि हमें हर जाति धर्म के लोगों को जोड़कर चलना है और हर बूथ को मजबूत करना है साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले न्याय पंचायत और नगरपालिका का भी चुनाव है। उसको हर हाल में जीतना है । समाजवादी पार्टी से नगरपालिका में जमीनी कार्यकर्ता को ही लड़ाया जाएगा। जिससे हमारी जीत हो।जंगीपुर विधायक डा. विरेंद्र यादव ने कहा कि आज प्रदेश कार्यालय लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। आज से हम लोग संकल्प लेते हैं कि हर वर्ग हर जाति को जोड़कर सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा।उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी भ्रम कर रही है जिसे जनता के सामने लाने की आवश्यकता है और इसके साथ ही कहा कि हम अपने नेता कार्यकर्ताओं के साथ जुल्म, ज्यादती, अत्याचार , अन्याय नही होने देंगे। इसके लिए सड़कों पर उतरना पड़ेतो हम पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में कन्हैया लाल विश्वकर्मा, मुनीलाल राजभर, सुभाष यादव गुड्डू ,सुदर्शन यादव, शिवराम चौहान, निर्मल यादव, राजेंद्र यादव, खेदारू कुशवाहा, अमित ठाकुर, सुभाष राम ,गुड्डू बारी ,चंद्रभान गुप्ता, राजेश कश्यप, अजय तिवारी, शिव मूरत यादव, उमाशंकर यादव, ओम प्रकाश यादव, रामचंद्र यादव ,अंगद चौहान ,तथा सेक्टर प्रभारी व पूर्व छात्र नेता सुनील यादव सोनू उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान विधानसभा महासचिव जितेंद्र चौहान ने किया।
वृक्षारोपण कर मंत्री ने बताया पेड़ पौधों के अनेको फायदे, कहा…..
गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जनपद में जन आंदोलन-2022 के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को आर.टी.आई छात्रावास परिसर में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन विभाग उत्तर प्रदेश मनोहर लाल (मन्नू कोरी) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में आज 35 करोड़ वृहद वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसे पूरा करना हमारा कर्तव्य है। कहा कि जनपद में 41 लाख 50 हजार 91 पौधरोपण किया जाना है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश के अंदर वृक्षारोपण अति आवश्यक है क्योंकि वनों एवं पेड़ पौधों से जड़ी बूटियां, औषधियां, फल, फूल प्राप्त होते है तथा इसका लाभ आम जन को प्राप्त होता है। उन्होंने 5 जुलाई, 6 जुलाई एवं 7 जुलाई तक प्रत्येक परिवार अपने पास पड़ोस में एक-एक वृक्ष अनिवार्य रूप से लगाने की अपील की तथा कहा कि एक वृक्ष लगाना 10 पुत्र/पुत्रियों के बराबर है। एक वृक्ष लगाने से आपका सम्मान, आपका अभिमान तथा आपका विश्वास सबसे ज्यादा बढ़ेगा क्योंकि इस से उपजे फलों का लाभ आपकी आने वाली पीढ़ियो को प्राप्त होगा। उन्होंने लोगो से अपने आंगन में ज्यादातर नीम के वृक्ष लगाने पर बल दिया, क्योंकि यह एक औषधीय वृक्ष है, जिसके उपयोग से हमारा शरीर स्वस्थ रहता है एवं कई प्रकार की बीमारियों से निरोग रहता है। उन्होने कहा कि पेड़ जहां होते हैं वहां की जलवायु भी ठीक रहती है तथा समय से वर्षा भी होती है। मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री देश और प्रदेश के विकास एवं तरक्की के लिए दिन रात एक कर 18- 18 घंटे तक कार्य कर रहे हैं तथा अपने देश-प्रदेश को ही अपना परिवार मानते है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी मे हमारे प्रधानमंत्री ने ऐसी वैक्सीन बनवाई जो इस बीमारी मे कारगर साबित हुआ। इसके साथ ही विदेशों में कम से कम 100 देशों में भी कोरोना कि वैक्सीन भिजवाकर वहां के लोगों को बचाने का काम किया है। जिससे प्रधानमंत्री एवं भारत देश का डंका विदेशों में बजा है। उन्होंने कहा कि आज जो पौधे आप लोगों को दिए गए हैं उसे अपने घर, आस-पास -पड़ोस, ग्रामों में अवश्य लगाएं तथा दूसरे व्यक्तियों , परिवार के लोगों को भी पौधरोपण से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए उन्हे भी वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करें तथा अधिक ऑक्सीजन देने वाले वृक्षों को लगाने की अपील की। उन्होनंे कहा कि जब तक पौधे वृक्ष का रूप धारण नहीं कर लेते तब तक उनकी सेवा करते हुए उनकी रक्षा करने हेतु आमजन से आह्वाहन किया। जिलाधिकारी एम पी सिंह ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज जनपद में भी उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य से ज्यादा पौधरोपण का प्रयास किया जा रहा है। पौधरोपण कार्यक्रम जनपद स्तर के अलावा समस्त तहसीलों, विकास खण्ड मुख्यालयो तथा ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित कराये जाने का प्रयास किया गया। आज जनपद में पौधरोपण का लक्ष्य 29 लाख 45 हजार 700 है। 5 जुलाई 6 जुलाई तथा 7 जुलाई तक लगातार तीन दिनों तक वृक्षारोपण का कार्य जनपद में चलाते हुए जनपद में शासन स्तर से प्राप्त 41 लाख पौधरोपण का लक्ष्य पूरा किया जायेगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण हमारे पर्यावरण के लिए कितना महत्वपूर्ण है यदि आप डाटा मिलान करेंगे तो पाएंगे कि हिंदुस्तान में जितने भी राज्य हैं उनमें मध्य प्रदेश प्रथम स्थान पर है क्योंकि वहां पौधरोपण सबसे अधिक है। लेकिन उत्तर प्रदेश 22वें स्थान पर आता है। हमारे यहां पौधरोपण मात्र 6.15 प्रतिशत है जो बहुत कम है। उन्होंने पौधरोपण प्रतिशत को बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि आज के दिन इस संकल्प के साथ जाएं और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का प्रयास करें। आप जहां भी जिस रूप में रहे वृक्षारोपण अवश्य करें तथा उन वृक्षों को बचाने का भी प्रयास करें। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने कहा कि इस वृक्षारोपण में शक्ति वन, खाद्यवन, बाल वन, युवा वन तथा आजादी के अमृत महोत्सव के शुभ अवसर पर अमृत वन की स्थापना किया जा रहा है। यह चार दिवस 5, 6, 7 जुलाई तथा 15 अगस्त तक यह वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जायेगा। कार्यक्रम में आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज ,लुर्दस कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, एन सी सी, भारत स्काउट गाइड, एन एस एस, राजकीय सिटी इण्टर कालेज, के छात्र छात्राएं एवं नेहरू युवा केंद्र के वॉलिंटियर उपस्थित रहे हैं। जिसमें डीएवी इंटर कॉलेज के आशुतोष, लूर्दस कान्वेंट की छात्रा समाया, आदर्श बौद्ध इण्टर कालेज के छात्र रामअवतार प्रसाद एवं अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्रओ ने वृक्षारोपण के फायदो की जानकारी देते हुए अपने-अपने विचारो को रखा। इस कार्यक्रम में गायक एवं प्रशिक्षक विद्या निवास पाण्डेय द्वारा अपने मधुर स्वर के साथ कजरी गीत की प्रस्तुति की गयी जिससे उपस्थित समस्त लोग मंत्रमुग्ध हो गये। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक रोहन पी0 बोत्रे एवं अन्य अतिथियों ने मंत्रोचारण के साथ परिसर में ही पौधरोपण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, एस पी सिटी गोपी नाथ सोनी, उपजिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा, जिला युवा अधिकारी कपिल देव, क्षेत्राधिकारी सदर गौरव कुमार, डी सी मनरेगा, पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल, एंव अन्य अधिकारी एंव कर्मचारी तथा आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केन्द्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चन्द्र प्रसाद ने किया।
नवागत एसपी ने संभाला कार्यभार
गाजीपुर । कासगंज से स्थानांतरित होकर गाजीपुर पहुंचे आईपीएस रोहन पी बोत्रे ने आज गाजीपुर पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि मेरी पहली प्राथमिकता महिला उत्पीड़न के खिलाफ होगी। गैंगस्टर के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जिले में पुलिस की स्वच्छ छवि प्रस्तुत करना भी मेरी प्राथमिकता में शामिल है। रोहन पी बोत्रे के कार्यभार ग्रहण के दौरान गाज़ीपुर के एसपी सिटी और एसपी ग्रामीण भी मौजूद रहे कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत नवागत पुलिस अधीक्षक ने जनपद के पुलिस अफसरों और थानेदारों के साथ मीटिंग करते हुए कानून व्यवस्था बरकरार रखने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का निर्देश मातहतों को दिया।पुलिस रिकार्ड के अनुसार आईपीएस रोहन प्रमोद बोत्रे 2016 बैच के आईपीएस ऑफिसर हैं और महाराष्ट्र के रहने वाले है। रोहन के माता-पिता प्रोफेसर हैं। रोहन प्रमोद बोत्रे ने पुणे यूनिवर्सिटी से बैचलर इन इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसके बाद वो अमेरिका चल गए और वहां पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से मास्टर्स ऑफ साइंस (एमएस) सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। अमेरिका में सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद रोहन प्रमोद बोत्रे अमेरिका से वापस स्वदेश (भारत) लौटे और सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। अपने चौथे प्रयास में रोहन की सिविल सेवा में 187वां रैक मिला और उन्होंने खाकी वर्दी चुनी। पुलिस विभाग में भर्ती होने के बाद 2017 में इन्होंने अलीगढ़ में ज्वाइन करते हुए ट्रेनिंग हासिल की। इसके बाद गोरखपुर में एएसपी पद पर तैनात रहे। इसके बाद आगरा के एसपी सिटी के पद पर 21 महीने कार्यरत रहे। पहली बार बतौर पुलिस अधीक्षक कासगंज में इन्हें तैनाती मिली जिसका कार्यकाल 1 साल का रहा। गाजीपुर में इनको पुलिस अधीक्षक के रूप में दूसरी तैनाती दी गई है।
नहाते समय नहर में डूबा अधेड़
गाजीपुर।जमानियां कोतवाली क्षेत्र के गहमर रजवाहा में सिचाई विभाग कालोनी के पास सोमवार की देर शाम नहर में नहाते समय एक अधेड़ डूब गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा करके परिजन को सौप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्टेशन बाजार स्थित पटखौलिया मुहल्ला वार्ड नं० 5 निवासी सीताराम बिन्द (52) सोमवार की देर शाम गहमर रजवाहा में सिचाई विभाग कालोनी के पास नहर में स्नान करने लगे। नहर में पानी अधिक होने के कारण वह डूब गये। काफी देर तक वह घर नही आये तो परिजन को चिंता हुई। परिवार के लोग उनकी तलाश करने लगे। खोजते हुए परिजन जब सिचाई विभाग कालोनी के पास नहर के पास पहुंचे तो देखा कि सीढ़ी पर उनका कपड़ा पड़ा है। परिजन नहर में डूबने की आशंका से परेशान हो गये। इसकी जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने शव की तलाश करने के लिए नहर को बंद कराया। इसके बाद ग्रामीण शव की तलाश करने लगे।काफी खोजबीन के बाद देर रात सिचाई विभाग कालोनी के सामने नहर में शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया था।इनके दो बेटा व दो बेटी है।
मंत्री ने फरियादियों की सुनी समस्या, किया निस्तारण
गाजीपुर। युवा कल्याण एवं खेल विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को राइफल क्लब पहुंचे । वहां जनता दर्शन पर में आए फरियादियो की समस्याओं को सुनते हुए मौके पर निस्तारण भी किया । शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया । राज्यमंत्री ने कहा कि दबंगो एवं भू-माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए तथा तालाबों पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित कर उसे अतिक्रमण मुक्त कराया जाये। उन्होने निर्देश दिया कि कोई भी फरियादी न्याय से वंचित न रहे। यही शासन की मंशा है। इसलिए सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों पर आये हुए फरियादियो की समस्याओं को सुनने के बाद ही क्षेत्र भ्रमण पर निकले। जिससे आने वाले फरियादियों को मायूस होकर लौटना न पड़े।
गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों पर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक उपस्थित रह कर दूर दराज से आये हुए फरियादियों की समस्याओ/शिकायतो को सुनकर उनका गुणदोष के आधार पर निस्तारण करेंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी अधिकारी निर्धारित समयान्तराल में क्षेत्र में नहीं जायेगें । जिससे आने वाले फरियादियों को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े । अति आवश्यक कार्य होने पर ही अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारी को जनता दर्शन के कार्य में बैठाकर ही क्षेत्र के कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजधारी चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह के साथ अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री का स्वयंसेवको के साथ हुई बैठक
गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरिश चंद्र यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय रायगंज मे सोमवार को प्रातःकाल 8 बजे आगमन हुआ।
कार्यालय पर उपस्थित जिला प्रचारक प्रेमसागर एवं पूर्व प्रचारक सुशील व जिला संघचालक जयप्रकाश का कुशलक्षेम जाना। जनपद मे शासन व प्रशासन को चुस्त दुरूस्त करने को लेकर चर्चा की गयी और जनपद मे प्रशासनिक कमियो को दूर करने का प्रयास किया गया। मंत्री गिरिशचंद्र ने अपने परिवार के साथ इसे औपचारिक मुलाकात बताया। इस अवसर पर नगर प्रचारक प्रभात, एएनएमओ प्रमुख डा.धर्मेंद्र, जिला प्रचार प्रमुख चंद्र कुमार तिवारी, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप, महासचिव प्रवीण सिंह, भाजयुमो के योगेश सिंह, महामंत्री आशुतोष सिंह, राजन प्रजापति, अच्छेलाल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
तीन सड़को का हुआ लोकार्पण
गाजीपुर। नगर पालिका परिषद द्वारा सोमवार को शहर के दो वार्डों में तीन सड़कों का लोकार्पण मुख्य अतिथि भाजपा की काशी क्षेत्र की उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा व नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने किया।इस अवसर पर सरिता अग्रवाल ने में कहा कि नगर की बुनियादी सुविधाओं की पूर्ति के लिए हम सतत प्रयत्नशील है। लगातार सड़कों व गलियों का निर्माण, शुद्ध आरओ वाटर प्लान्ट, कुओं का सौन्दर्यीकरण, स्वच्छता आदि पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आम लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक को इस्तेमाल न करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार ने एक जुलाई से एकल प्रयोग में आने वाली प्लास्टिक को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया है।पूर्व अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि नगर पालिका परिषद द्वारा आज दो वार्डों के तीन सड़कों का लोकार्पण किया गया। जिसमें रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड के बड़ा महादेवा में गली नं0 5 योगेन्द्र सिंह चौहान के मकान से चन्द्रभान सिंह के मकान तक इंटरलाकिंग सड़क व ढक्कनयुक्त नाली निर्माण ।यह करीब 10 लाख के लागत से बनाया गया है। कपूरपुर वार्ड नं0 16 के दो सड़क राज पब्लिक स्कूल से मिलन मैरेज हाल वाली सड़क पर पुलिया तक इंटरलाकिंग सड़क व ढक्कनयुक्त नाली निर्माण करीब 23 लाख में एवं नंदिनी श्रीवास्तव के मकान से संलग्नक दो गली होते हुए अवधेश कुमार श्रीवास्तव के मकान तक दोनों तरफ ढक्कनयुक्त नाली व इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण करीब16 लाख रुपये की लागत से बनाकर जनहित में यातायात के दृष्टिगत आम जनता को समर्पित किया गया। उन्होंने नगर के विकास किए जा रहे कार्यों की भी चर्चा करते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद आमजन को मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इस अवसर पर सरोज कुशवाहा ने नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल व उनकी समस्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरिता अग्रवाल द्वारा हर छोटी-बड़ी समस्याओं के निदान हेतु जिस प्रकार से सफलतापूर्वक प्रयास किया जा रहा है वह प्रशंसनीय व अनुकरणीय है।