गाज़ीपुर।भांवरकोल थाना क्षेत्र के लोचाइन गांव में रविवार की देर रात भूमि विवाद को लेकर कलयुगी पुत्र और पोते ने डेरा पर सो रहे अपने वृद्ध की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।घटना को अंजाम देकर आरोपी पुत्र सहित दोनों फरार हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार लोचाइन गांव निवासी रामकरन यादव (85) गांव के बाहर डेरा पर रहते थे। रात में उनका छोटा पुत्र जीतन यादव अपने पिता को खाना लेने घर आया था। बताते है कि खाना लेकर जीतन का पुत्र मनजीत यादव जब डेरा पर पहुंचा तो देखा कि दादा चारपाई पर लहूलूहान हालत में पड़े है। चारपाई पर खून गिरा हुआ है। यह देख वह चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीणों के साथ परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए।घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी होने पर एसपी ग्रामीण राजधारी चौरसिया और सीओ श्याम बहादुर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के साथ ही परिवार के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।मृतक रामकरन यादव के दो पुत्र है। दोनों भाईयों में बंटवारा हो गया था। रामकरन अपने छोटे पुत्र जीतन के साथ ही रहता था। ग्रामीणों ने बताया कि बंटवारे के समय रामकरन ने अपने छोटे पुत्र जीतन को चार मंडा अधिक खेत दे दिया था । इसी बात को लेकर परिवार में आय-दिन कहासुनी होती रहती थी। इस मामले में छोटा पुत्र जीतन यादव ने अपने बडे भाई तथा भतीजा के खिलाफ हत्या का नामजद रिपोर्ट दर्ज कराया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मामला भाईयों में जमीनी विवाद का है। इसी को लेकर घटना हुई। हत्या में प्रयुक्त दाव को भी कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर तलाश की जा रही है।
All posts by UP Fast News
पुण्यतिथि पर याद किए गए स्वामी विवेकानंद
गाज़ीपुर।अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वाधान में भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता के ध्वजवाहक स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि के अवसर पर विवेकानंद कॉलोनी स्थित विवेकानंद पार्क में सोमवार को माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी आयोजित हुई ।इस गोष्ठी में विचार व्यक्त करते हुए महासभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव ने स्वामी विवेकानंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी के विचार पुनः प्रासंगिक हो उठे हैं ।उनके विचार कल भी प्रासंगिक थे और आज भी प्रासंगिक है ।जब इस देश में जातिवाद और सांप्रदायिकता चरम सीमा पर है ऐसे दौर में स्वामी विवेकानंद जी के रास्ते पर चलकर ही देश में और सुख शांति स्थापित की जा सकती है । वह प्रखर राष्ट्रवादी थे । उन्होंने पूरे देश में हिंदुत्व का झंडा बुलंद करने का काम किया था । वह भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता का विश्वघोष करने वाले युवाओं के प्रेरणास्त्रोत थे । उन्होंने कहा था कि जागो,उठो और तब तक आगे बढ़ो जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाये । उनके बताए रास्ते पर चल कर देश के संस्कृति एवं सभ्यता की रक्षा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी ।
इस गोष्ठी में मुख्य रूप से महासभा के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव के साथ राष्ट्रीय सचिव अरूण कुमार श्रीवास्तव चुन्नू, श्री कान्त तिवारी एड., चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव, अमरनाथ श्रीवास्तव सत्य प्रकाश श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष अजय कुमार श्रीवास्तव, अमर सिंह राठौर ,कौशल श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव ,गौरव श्रीवास्तव,,आदि उपस्थित थे । गोष्ठी का संचालन शैल श्रीवास्तव ने किया।
एफडीआर तकनीक से बनेंगी सड़कें
लखनऊ। यू पी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जानकारी देते हुए कहा है कि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग इस वर्ष 5500 किलोमीटर सड़क निर्माण एफडीआर (फुल डेप्थ रिक्लेमेशन) प्रणाली से करेगा। इसकी शुरुआत कर दी गई है। इस पर करीब 5000 करोड़ रुपये से अधिक धन खर्च होना है। विभाग की ओर से सड़कों के उच्चीकरण व मरम्मत आदि में एफडीआर प्रणाली का अभिनव उपयोग किया जा रहा है।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों के निर्माण में बड़ी एजेंसियों ने अभी तक इस तकनीक को नहीं अपनाया है। वहीं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने इसे एक नई चुनौती के रूप में स्वीकार किया है। इस तकनीक से जहां सड़कें सामान्य परंपरागत तकनीक से बनाई गई सड़कों से कहीं अधिक टिकाऊ होंगी, वहीं इनकी निर्माण लागत भी अपेक्षाकृत कम होगी।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सड़कों इनके निर्माण में कार्बन उत्सर्जन में कमी होने से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। पिछले वर्ष विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के रूप में नौ सड़कों को लिया गया था जिन पर अधिकांश काम हो गया है, सड़कों का निर्माण कम समय में हो जाता है। इस तकनीक में कुछ सीमेंट में एक विशेष प्रकार के केमिकल को मिलाकर एक पर्त बिछाई जाती है और पुरानी बनी लेकिन खराब हो चुकी सड़क की, एक विशेष प्रकार की मशीन से खुदाई करके उस सड़क की पुरानी गिट्टी, पत्थर आदि का उपयोग किया जाता है। अलग से पत्थर, गिट्टी आदि क्रय करने की आवश्यकता नहीं पड़ती है।
गाज़ीपुर में लगाएं जाएंगे लाखों पौधे
गाजीपुर। जनपद में 05, 06 एवं 07 जुलाई को वृहद पौधरोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों को लक्ष्य के अनुरूप पौधरोपण के लिए गढ्ढों की खुदाई एवं वन विभाग से पौधे की उठान प्रत्येक दशा में 4 जुलाई तक सुनिश्चित करने तथा लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण हेतु सभी आवश्यक तैयारियों को पूर्ण कर लेने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी नेअधिकारियों को निर्देशित किया है कि वृक्षारोपण कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने पर अधिकारी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 4150091 पौधे लगाने का लक्ष्य है। जिसमें लगभग 1088375 लाख पौधे वन विभाग द्वारा लगाया जाना है। शेष पौधो को विभिन्न विभागों जैसे ग्राम विकास, राजस्व, पंचायती, आवास विकास, औद्योगिक विकास, नगर विकास, लोक निर्माण विभाग, कृषि, पशुपालन, सहकारिता, उद्योग, विद्युत, माध्यमिक शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, श्रम परिवहन, उद्यान सहित अन्य विभागो को वृक्षारोपण का लक्ष्य दिया गया है। जिलाधिकारी ने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देशित करते हुए कहा कि तिथिवार के साथ-साथ कार्यक्रम के अन्तर्गत लगाये जाने है। जिसमें 05 जुलाई को 29.457 लाख वृक्षारोपण का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वह वन महोत्सव के रूप में लगाया जाना है। 06 जुलाई को 2.945 वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ साथ शक्ति वन हेतु चिन्हित स्थलों पर पौधरोपण का कार्य किया जाना है, 7 जुलाई को 2.945 लाख का वृक्षारोपण खाद्य्य वन हेतु चिन्हित स्थलों पर पौधारोपण कार्य किया जाएगा तथा 15 अगस्त को 6.15391 लाख वृक्षारोपण, वृक्षारोपण आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रत्येक ग्राम पंचायत तथा शहीद निकाय में अमृत वन की स्थापना के रूप में लगाया जायेगा। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को पौध रोपण के पश्चात अनिवार्य रूप से उसकी जीओ टैगिंग कराने के साथ-साथ उसे प्रत्येक दिन सुरक्षा एवं बचाव रखने का भी निर्देश दिये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी, डीएफओ, जिला विकास अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी एवं सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
उप राज्यपाल मनोज सिन्हा का मनाया गया जन्मदिन
गाजीपुर।जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के 63 वें जन्मदिन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं संग केक काटकर खुशियां मनाई।उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से वीडियो कालिंग वार्ता कर बधाई देते हुए उनके दीर्घायु स्वस्थ जीवन की शुभकामना व्यक्त किया।इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने केक और मिष्ठान से एक दूसरे का मुँह मिठा कराया ।
आज उनके जन्मदिन अवसर पर सभी सामाजिक पटलों फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम,वाट्सएप आदि पर दिन भर लगातार बधाईयों का दौर चलता रहा।अनगिनत पोस्टों से पटे सोशल मीडिया के पटलों पर उनके शुभचिंतकों तथा जनपद वासियों के शुभकामना संदेश आज की प्रमुखता मे रहे।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश राय,सुनिल सिंह,प्रवीण सिंह,अच्छेलाल गुप्ता,सुरेश बिंद,शशिकान्त शर्मा,विष्णु प्रताप सिंह,गोपाल राय, कार्तिक गुप्ता,अविनाश सिंह,दीलिप गुप्ता, आलोक शर्मा,अभिनव सिंह छोटू,दीपक सिंह,रामलाल सिंह,शैलेन्द्र सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।
सपाइयों ने केक काटकर मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन
गाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी कार्यालय समता भवन पर शुक्रवार को जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया गया।इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने बधाई देते हुए दीर्घायु होंने की कामना किया।
इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने समाजवादी आंदोलन को और आगे बढ़ाने, संगठन को मजबूत करने,हर समाज एवं वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ने के साथ साथ देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप, साम्प्रदायिक सद्भाव एवं सौहार्द, सामाजिक न्याय की रक्षा करने एवं साम्प्रदायिक एवं फासिस्टवादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जंगीपुर विधायक डॉ वीरेंद्र यादव ने बधाई देते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश को अखिलेश जी जैसे नेता की जरूरत है जो अपनी विकासवादी नीतियों से देश को विकास के रास्ते पर ले जा सके । उन्होंने कहा कि अखिलेश जैसे चट्टानी इरादें और दृढ़ संकल्प का धनी देश में कोई नेता नहीं है। उन्होंने अखिलेश जी को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि विकास के दृष्टिकोण से अखिलेश जी का मुख्यमंत्रित्व काल स्वर्णिम युग था । अपने कार्यकाल में आगरा -लखनऊ एक्सप्रेस वे ,यूपी 100पुलिस सेवा और 108 समाजवादी एम्बुलेंस सेवा फ्री शुरू की । उनके कार्यकाल में लखनऊ मेट्रो रेल, लखनऊ इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम लखनऊ, एशिया का सबसे बड़ा पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क , जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर लखनऊ, लखनऊ -बलिया समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे बनाने का काम किया । इन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेश के युवाओं को बड़ी मात्रा में लैपटॉप वितरण किया।
सदर विधायक जै किशन साहू ने कहा कि जिस तरह से भाजपा सरकार के संरक्षण में किसानों और नौजवानों को लगातार कमजोर करने की साज़िश की जा रही है, हमें उससे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी आंदोलन को खत्म कर पूंजीवादी व्यवस्था लाना चाहती है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से हुई हार से सबक लेकर आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, राजेश कुशवाहा, गोपाल यादव, मन्नू सिंह,निजामुद्दीन खां, अरुण कुमार श्रीवास्तव, अमित ठाकुर, चन्द्रिका यादव,अहमर जमाल,सुग्गु यादव,अशोक कुमार बिंद, दिनेश यादव, डॉ समीर सिंह, विवेक सिंह शम्मी, मदन यादव,रामवचन यादव, नन्हें,गोवर्धन यादव ,रामयश यादव, राधेश्याम यादव, विभा पाल, कंचन रावत, आत्मा यादव,रीना यादव, पूजा गौतम, अजय सेन,रामाशीष यादव, रविन्द्रपुरी यादव, कन्हैया सिंह यादव, रामनारायन यादव, संतोष यादव,हरवंश यादव , द्वारिका यादव आदि उपस्थित थे।इस कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।
करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
गाज़ीपुर।बुधवार की सुबह मुहम्मदाबाद कोतवाली के चंदनी गांव में फर्राटा पंखा में प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चंदनी गांव निवासी नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव (48) सुबह अपने कमरे में लगा फर्राटा पंखा बंद हो गया था। उन्होनें स्विच को खोलकर ठीक कर रहे थे।अचानक विद्युत आ जाने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए और स्विच के तार में ही चिपक गये। इसी बीच छोटा लड़का जब उस कमरे में आया तो स्थिति देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर वहा पहुंचे और विद्युत तार का कनेक्शन काट दिया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने इसकी सूचना मोहम्मदाबाद कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर उप निरीक्षक सुनील कुमार यादव पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
11 एसोसिएट प्रोफेसर बने प्रोफेसर
गाजीपुर । उच्च शिक्षा निदेशालय प्रयागराज द्वारा यूजीसी के नियमानुसार कैरियर एडवांसमेंट योजना के तहत पीजी कालेज के ग्यारह एसोसिएट प्रोफेसरों (अकादमिक लेबल-13 क ) को प्रोफेसर( अकादमिक लेबल-14) के पद पर प्रोन्नत प्रदान किया गया है। उत्तर प्रदेश के महाविद्यालयों में एक नवम्बर 2021 से पूर्व प्रोफेसर पदनाम की व्यवस्था नहीं थी। लम्बे संघर्ष के बाद योगी सरकार ने अपने शासनादेश 1 नवम्बर 2021 द्वारा यूजीसी के नियमानुसार चयन प्रक्रिया के बाद प्रोफेसर पदनाम ( अकादमिक लेबल-14) पर स्वीकृति प्रदान कर शासनादेश जारी किया।जिसके पश्चात महाविद्यालयों में प्रोफेसर बनने के लिए सम्बद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों को विषय विशेषज्ञ नामित किया गया था। इसके साथ ही निदेशक उच्च शिक्षा द्वारा नामित राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य एवं सम्बन्धित महाविद्यालय के सचिव/ प्रबंधक तथा प्राचार्य सहित गठित चयन समिति/ स्क्रीनिंग कमेटी के द्वारा कैरियर एडवांसमेंट योजनान्तर्गत “परफार्मेंस वेस्ड अप्रेजल सिस्टम” में अर्जित एपीआई. अंकों के आधार पर प्रोन्नत हेतु संस्तुति प्रदान की गई थी,। इसके बाद निदेशक उच्च शिक्षा द्वारा पत्रावली की जांच कर प्रोफेसर पदनाम प्रदान करते हुए एक नवंबर 2021 से वेतनमान निर्धारण किया गया।स्नातकोत्तर महाविद्यालय,गाजीपुर के ग्यारह एसोसिएट प्रोफेसर अब प्रोफेसर कहे जाएंगे। जिसमें डा, राघवेन्द्र कुमार पांडेय, डा. एसडी सिंह परिहार, डा. एसएन सिंह, डा.अरूण कुमार यादव, डा. अवधेश कुमार सिंह, डा. रविशंकर सिंह, डा. जी सिंह, डा. वीके यादव, डा. विनय कुमार दूबे, डा. मीना सिंह एवं डा.डीआर सिंह प्रमुख हैं। इसके साथ ही स्नातकोत्तर महाविद्यालय गाजीपुर के दो असिस्टेंट प्रोफेसरों को एसोसिएट प्रोफेसर, तथा छह असिस्टेंट प्रोफेसरों को चयन वेतनमान एवं आठ असिस्टेंट प्रोफेसरों को वरिष्ठ वेतनमान में प्रोन्नति प्रदान की गई है। इतनी बड़ी संख्या में प्राध्यापकों के प्रोन्नति होने पर महाविद्यालय परिवार सहित शुभचिंतकों एवं पुराने और नए छात्रों, सहित क्षेत्रीय जनों द्वारा बधाईयां देते रहे।
जिले की बेटी ने पूरी दुनिया में गाजीपुर का नाम किया रोशन
गाजीपुर। जिले की बेटी ने पूरी दुनिया में गाजीपुर का नाम रोशन कर दिया है। पूर्वांचल की पहली आर्किटेक्ट अफशीन खान को एशिया प्रशांत के सर्वश्रेष्ठ मिश्रित उपयोग विकास के लिए लंदन में सम्मानित किया गया। अफशीन खान वर्तमान समय में श्रीलंका की राजधानी कोलम्बो में आने वाले द-वन प्रोजेक्ट के लिए डिजाइन मैनेजर के रुप में काम कर रही हैं। इस परियोजना में सात सितारा होटल, निवास कार्यालय और खुदरा के साथ-साथ पांच मिलियन वर्ग फुट के साथ तीन लंबा टावर में बनना हैं। पूर्वांचल में पहली आर्किटेक्ट होने का उन्हें गौरव प्राप्त हुआ है।
बातचीत में अफशीन खान ने बताया कि यह पुरस्कार अंतर्राष्ट्रीय मान्यता प्राप्त करने वाले अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी परियोजना को बढ़ावा देने के लिए दिया जाता है। मैं इसे पाकर बहुत प्रसन्न हूं। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं का महत्वपूर्ण स्थान है। एक शिक्षित महिला पूरे परिवार को विकास की गति दे सकती है। महिलाओं में जितना त्याग, समर्पण और काम करने की लगन होती है, उतना किसी में नही होती है। उन्होंने कहा कि देश और समाज के विकास के लिए बालिकाओं का शिक्षित होना आवश्यक है। आपको बता दें कि सफलता हासिल करने वाली अफशीन खान गाजीपुर के चर्चित सख्शियत जिला उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अबू फखर खान की पुत्री हैं। इस सम्मान से गौरवांवित होते हुए अबू फखर खान ने कहा कि अफशीन खान शुरु से ही पढ़ने में मेधावी छात्रा थी। इस सफलता को हासिल कर मेरी बेटी ने मेरे जनपद के साथ ही पूरे देश का नाम रोशन करने का काम किया है। मुझे इस बात का फक्र है कि मेरी पुत्री ने जिले का पताका लंदन में फहराया है।
20 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
गाजीपुर। खानपुर थाना पुलिस को रविवार की देर शाम उसने क्षेत्र के शादी भादी गांव के पास संदिग्धों और वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया। सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने अभियक्तों को मीडिया के समक्ष पेश किया। उन्होंने बताया कि फंदे में आए अभियुक्त शातिर किस्म के तस्कर है। उनके पास से भारी मात्रा में गांजा के साथ ही असलहा और कारतूस बरामद हुआ है।उन्होंने कहा की क्षेत्र में शांति व्यवस्था के मद्देनजर खानपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र सिधौना चौकी इंचार्ज सुनील कुमार और हमराहियों के साथ रविवार की देर शाम भ्रमण पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में गांजा लेकर आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम शादी भादी गांव के पास संदिग्ध वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग शुरु कर दिया। इसी बीच बाइक सवार तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए। पास आने पर जैसे ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया, बाइक घुमाकर भागना चाहे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दो को पकड़ लिया। जबकि एक फरार हो गया। इनके कब्जे से 20 किलो गांजा के साथ ही 315 बोर का दो तमंचा और कारतूस तथा एक बाइक बरामद हुआ है। एसपी ने बताया कि फंदे में आए तस्करों में सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के तरांव निवासी बृजकिशोर यादव और यही का राजदीप यादव शामिल है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह अपने सहयोगी मुख्य अभियुक्त सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के बौरवां निवासी रूपक सिंह के साथ मिलकर नाजायज गांजा का व्यापार करते थे। रूपक सिंह उड़िसा से गांजा लाता था तथा अन्य जनपदों में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर बेचता था। लोगों को डराने एवं पुलिस से बचने के लिए हम लोग अवैध असलहा अपने पास रखते थे। एसपी ने बताया कि फरार मुख्य अभियुक्त रूपक सिंह की तलाश की जा रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ के साथ कां शुभम सिंह परिहार, कां. शुभम कुमार, कां. आकाश सिंह, कां. रिंकू कुमार, कां. अनूप पाठक, कां. कुशल त्रिपाठी और कां धर्मेन्द्र पटेल शामिल थे।