Category Archives: Ghazipur

छात्राओं ने रैली निकाल कर किया जागरूक

गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना का चतुर्थ एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया जिसमें यातायात जागरूकता अभियान से संबंधित एक रैली निकाली गई। रैली को प्राचार्य प्रोफेसर अनिता कुमारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । महाविद्यालय से महुआ बाग मिश्रा बाजार कोतवाली तक रैली के दौरान स्वयंसेवी छात्राओं ने सड़क सुरक्षा संबंधी तमाम नारे – दुर्घटना पर लगेगा ताला जब पहनोगे सुरक्षा की माला, सड़क सुरक्षा की यही पुकार बिना हेलमेट सब बेकार – आदि लगाकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने एवं शराब पीकर गाड़ी न चलाने का संदेश दिया।


तत्पश्चात महाविद्यालय लौटकर स्वयं सेवी छात्राओं ने जलपान किया। शिविर के दूसरे सत्र में प्राचार्य की अध्यक्षता में “व्यक्तित्व विकास एवं कैरियर गाइडेंस” से संबंधित एक कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें स्वयंसेवी छात्राओं को व्यक्तित्व विकास एवं कार्य क्षेत्र में सफल होने संबंधी आवश्यक बातें बताई गई। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ रामनाथ केसरवानी ने विविध क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर चर्चा की साथ ही लक्ष्य प्राप्ति के लिए, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजना बनाने एवं सकारात्मक सोच के साथ निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया ।

कार्यक्रम अधिकारी डॉ नेहा कुमारी ने छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर विशेष बल देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति का प्रभाव उसके पहनावे एवं व्यवहार से स्पष्ट होता है । साथ ही अनुशासन एवं स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने पर जोर दिया । डॉ मनीष सोनकर ने छात्राओं को आगामी परीक्षा की तैयारी हेतु समय सारणी बनाकर अध्ययन करने साथ ही आगे अपने करियर का चुनाव सही तरीके से कैसे किया जाए इसके प्रति मार्गदर्शन किया।

कार्यशाला के दौरान शिवांगी, शिवानी राय, भावना, श्रेया, नीतू, निशा, अर्चना, आदि ने परीक्षा के दौरान तनाव व चिंता से कैसे बचें, साथ ही करियर एवं जीवन की अन्य चुनौतियों से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम के दौरान डॉ पीयूष, डॉ विकास, डा. निरंजन सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राएं उपस्थित रहे।

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का 28 को होगा शुभारंभ

शिक्षा की अलख जगाने को डालिम्स सनबीम स्कूल जखनियां का होगा शुभारंभ

गाजीपुर। शिक्षा की अलख जगाने की नई पहल का शुभारंभ होने जा रहा है।शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डालिम्स जखनियां का आगाज होने जा रहा है। जन जन तक शिक्षा को पहुंचाने के उद्देश्य से आमिर अली का एक और प्रयास जारी है। उद्देश्य क्षेत्र में शिक्षा की ज्योति जलाना और बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाना है। यह पहल न केवल शैक्षिक विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने का संकल्प भी लेती है।डालिम्स जखनियां स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त शैक्षिक केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसमें बच्चों के लिए नवीनतम शिक्षण तकनीकों का उपयोग, प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति और सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता शामिल है। लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ना है।डालिम्स को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। एक स्थानीय निवासी ने कहा, “हमारे बच्चों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। अब उन्हें भी शहरों की तरह अच्छी शिक्षा मिल सकेगी।” यह पहल नई पीढ़ी को सशक्त बनाने और क्षेत्र में शैक्षिक क्रांति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।डालिम्स जखनियां शुभारंभ शुक्रवार 28 मार्च को एक समारोह के साथ किया जाएगा।जिसमें स्थानीय नेता, शिक्षाविद् और सारे समुदाय के लोग शामिल होंगे। इस परियोजना से न केवल जखनियां बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी शिक्षा का स्तर ऊंचा उठने की उम्मीद जताई जा रही है। यह प्रयास शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। समारोह के मुक्त अतिथि
डालिम्स सनबीम स्कूल के डायरेक्टर बाबा प्रदीप मधोक होंगे। विशिष्ट अतिथि में विधायक ओ.पी. सिंह,विधायक गाजीपुर डॉ. वीरेंद्र यादव, विधायक सदर जय किशुन साहू और आशुतोष सिन्हा एमएलसी शामिल होंगे।

स्वकर की दरों के अंतिम प्रकाशन में दरों को लेकर शम्मी ने जाहिर की खुशी,बोलें-जनता के संघर्षों के हुई जीत

14 वर्षों के जनता के संघर्ष का परिणाम है अब तक का सबसे कम दर पर टैक्स स्लैब का अंतिम प्रकाशन होना: शम्मी

ग़ाज़ीपुर। समाजसेवी विवेक कुमार सिंह ‘शम्मी’ ने आपत्ति निस्तारण के बाद स्वकर की दरों के अंतिम प्रकाशन में दिए गए दरों को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने इसको जनता के संघर्षों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आपत्ति निस्तारण के आखिरी दिन जो सुझाव जनहित में टैक्स को लेकर आपत्ति के रूप में दर्ज कराया गया था, लगभग वही दर अंतिम प्रकाशन में दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि जो टैक्स छ: गुना कमर्शियल के रूप में लिया जाता था, वह अब दोगुना कर दिया गया है। जो रेजिडेंशियल टैक्स 90 पैसे से 45 पैसे तक हुआ था, अब वह 30 पैसे के दर से जनता से हाउस टैक्स के रूप में लिया जाएगा।

शम्मी सिंह ने कहा कि यह दर जन सामान्य को देने की स्थिति में रहेगी। उन ऊपर भारी टैक्स का बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो चुनावी जुमले के रूप में स्वकर आधा किया गया था, उसकी वजह से अब तक जिन सम्मानित नागरिकों ने ज्यादा टैक्स जमा किया है, उसको भी नगर पालिका परिषद द्वारा पॉलिसी बनाकर समायोजित किया जाना आवश्यक है। जिनका भी टैक्स ज्यादा जमा है, उसको एडवांस टैक्स मानते हुए आने वाले सालों में समायोजित किया जाना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा हाउस टैक्स के नाम पर ज्यादा पैसा जो वसूला गया है, अगर उसका समायोजन नहीं हुआ तो हम वृहद आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। यह जो अंतिम प्रकाशन हुआ है, अगर इसमें भी किसी प्रकार की छेड़छाड़ हुई तो हम सभी मिलकर नगर पालिका कार्यालय में तालाबंदी करके अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे।

कार्यकर्ताओं ने निकाली बाइक रैली

भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला के नेतृत्व में निकली बाइक रैली


गाजीपुर। मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के बेमिसाल लगातार आठ वर्ष कि विशेष उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने को लेकर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विश्वप्रकाश अकेला के नेतृत्व मे भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नगर मे बाइक जुलूस निकाला। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, सुनील सिंह, कृष्ण बिहारी राय के सानिध्य मे बाइक रैली महात्मा गांधी पार्क आमघाट ,महुआबाग, मिश्र बाजार तिराहा, विशेश्वरगंज, सकलेनाबाद,लंका , चुंगी, सिंचाई विभाग चौराहा के रास्ते,विकास भवन चौराहा से,आरटीआई चौराहे होते विगत आठ वर्ष की अनुपम उपलब्धि का प्रतीक महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर सभा करके सम्पन्न हुई। कार्यकर्ताओं द्वारा जुलूस के रास्ते भर लगातार योगी सरकार के आठ साल — बेमिसाल, बेमिसाल, भारत माता की जय, वंदेमातरम्, भाजपा जिन्दाबाद के नारे लगाए गए।
सभा स्थल पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि देश और प्रदेश मे भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शिलान्यास, निर्माण और लोकार्पण की एक निश्चित अवधि मानक के परम्परा का प्रारंभ किया है। विकास और सृजन के क्षेत्र में भाजपा सरकार की अतुलनीय उपलब्धि देश मे स्वस्थ्य और मजबूत लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की केन्द्र सरकार व विगत आठ वर्षों मे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सरकार ने जिले मे विकास लक्ष्यों के अनगिनत मानक स्थापित किए है।जिनका गुणगान सिर्फ जनपद ही नहीं जनपद के बाहर के लोग भी करते रहे हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि 2017 के पहले और 2017 के बाद देश,प्रदेश और जिले के विकास का अगर मूल्यांकन परिणाम देखा जाए तो कोरोना काल के बावजूद भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार में कभी जिला चिकित्सालय मे एक सर्जन के लिए संघर्षरत जिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज अनगिनत चिकित्सकों का निर्माण कर रहा है। अगर जिले के कोने कोने में नजर जहां तक जाए वहां सिर्फ सिर्फ भाजपा के कार्यकाल की उपलब्धि गाथा ही दिखाई देगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी राय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विगत आठ वर्षों में प्रदेश में शांति, सुरक्षा की स्थापना के साथ विकास की बेमिसाल उपलब्धि हासिल हुई है।
भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर ने सबके प्रति आभार धन्यवाद व्यक्त किया।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने सभा का संचालन किया।
इस अवसर पर जिलामंत्री सुरेश बिंद, विनोद अग्रवाल,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, भाजयुमो क्षेत्रीय मंत्री मयंक जायसवाल, भाजयुमो महामंत्री अविनाश सिंह , विवेकानंद राय,हर्षित सिंह, ऋषभ राय, अंकुश श्रीवास्तव, शशांक राय,आशुतोष राय, गौरव श्रीवास्तव , शिवम राय,अशोक कुशवाहा, , शौरभ उपाध्याय, पंकज,आशुतोष कुशवाहा, काशीनाथ तिवारी, मनीष तिवारी, नीरज पाण्डेय,शुभम विश्वकर्मा, शुभम राय,मनोज यादव, राजेश सोनकर, गर्वजीत सिंह,राजन प्रजापति,गब्बर व अन्य लोग उपस्थित थे।

शिक्षकों का सरकार के खिलाफ़ बुलंद आवाज़


पीजी कॉलेज शिक्षकों का सरकार के खिलाफ़ बुलंद आवाज़; पुरानी पेंशन बहाली और नई शिक्षा नीति के विरोध में प्रदर्शन


गाजीपुर। अखिल भारतीय विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संगठन (AIFUCTO) के आह्वान पर बुधवार को पी.जी. कॉलेज शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के शिक्षकों ने सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों के खिलाफ़ अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षकों ने लगातार तीन दिनों तक, 24, 25 और 26 मार्च को अपनी बाँहों पर काली पट्टी बाँधकर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार पर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने और नई एवं एकीकृत पेंशन योजना को वापस लेने का दबाव बनाना था। शिक्षकों ने एक स्वर में सरकार से यह भी मांग की किया कि नई शिक्षा नीति को समाप्त किया जाए, सह आचार्य एवं आचार्य पदों पर पदोन्नति के लिए पीएचडी की अनिवार्यता को खत्म किया जाए, और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की प्रस्तावित विनियमावली (ड्रॉफ्ट रेगुलेशन) 2025 को तत्काल वापस लिया जाए। इसके अतिरिक्त, शिक्षकों ने अस्थायी, अतिथि और स्ववित्तपोषित शिक्षकों की सेवा शर्तों में सुधार करने और शिक्षकों के सभी रिक्त पदों को भरने की पुरजोर मांग की।


विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के वरिष्ठ संयुक्त मंत्री डॉ. जे. के. राव और महाविद्यालय शिक्षक संघ के नेतृत्व में शिक्षकों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने और उन्हें तत्काल पूरा करने का आह्वान किया। इस सशक्त प्रतिरोध में महामंत्री शिक्षक संघ डॉ मनोज कुमार सिंह, प्रो. धर्मराज सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. पंकज यादव, डॉ. रविशंकर वर्मा, डॉ. यशवन्त मौर्या, डॉ. उमा निवास मिश्र, डॉ. मंजीत सिंह, डॉ. सुशील कुमार सिंह, डॉ. आस्था, डॉ. बी. सी. झा, डॉ. बद्री नाथ सिंह, डॉ. अरुण कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार वर्मा, डॉ. शिव शंकर यादव, डॉ. अनुज कुमार मिश्र, डॉ. प्रदीप कुमार रंजन, डॉ. भोलेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. स्मृति, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन तीन दिनों के दौरान, महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्यों के नेतृत्व में शिक्षकों ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में सरकार की नीतियों के खिलाफ़ अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी मांगों को अति शीघ्र पूरा किया जाना चाहिए। यह विरोध प्रदर्शन सरकार को यह स्पष्ट संदेश देता है कि शिक्षक समुदाय अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्पित है और यदि उनकी मांगों को अनसुना किया गया तो वे आगे भी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

डॉ. अपराजिता ने गोवा राजभवन में मिला सम्मान

गाजीपुर की बेटी डॉ. अपराजिता ने गोवा राजभवन में सम्मान पाकर रचा इतिहास

गाजीपुर। जिले की बेटी डॉ. अपराजिता सिंह ने कम उम्र में अपनी प्रतिभा से दुनिया भर में नाम कमाया है। हाल ही में उन्हें गोवा के राजभवन में ‘इम्पैक्ट बियॉन्ड मेज़र CSR अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह राजदरबार हॉल में हुआ, जहां गोवा के राज्यपाल पी. एस. श्रीधरन पिल्लई और समाज कल्याण मंत्री सुभाष फल देसाई मौजूद थे। मंत्री ने खुद उन्हें पुरस्कार देकर उनकी उपलब्धियों की तारीफ की। डॉ. अपराजिता ने कई विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उन्होंने 37 सेकंड में आवर्त सारणी याद कर लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बनाई। इसके अलावा 2 घंटे तक व्हील पोज और 1 घंटे 26 मिनट तक मरमेड पोज में रहकर इंटरनेशनल योगा बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल किया। एक मिनट 26 सेकंड में आवर्त सारणी का चार्ट बनाने और एक उंगली से 4 सेकंड में A से Z टाइप करने जैसे रिकॉर्ड भी उनके नाम हैं। चीन की एक यूनिवर्सिटी में एक महीने में 11 शोधपत्र प्रकाशित कर वह सबसे युवा शोधकर्ता बनीं। उनके शोध को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सराहा। टेक्सटाइल इंजीनियरिंग में काम के लिए अमेरिका की केनेडी यूनिवर्सिटी ने उन्हें मानद डॉक्टरेट दी। शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र दुबे और गायक सलीम मर्चेंट ने भी उनकी तारीफ की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने उन्हें नेशनल आइकॉन अवॉर्ड दिया। डॉ. अपराजिता की मेहनत और लगन ने साबित किया कि उम्र कोई मायने नहीं रखती। गोवा राजभवन में सम्मान पाकर उन्होंने गाजीपुर और पूरे देश का नाम रोशन किया। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। अपराजिता गाज़ीपुर के न्यू प्रोफेसर कॉलोनी में रहती हैं ।

पीजी कॉलेज की टीम को प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर प्रयागराज के लिए किया रवाना

“प्रादेशिक रोवर्स-रेंजर्स समागम में भाग लेने पी जी कॉलेज गाजीपुर की टीम को प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर प्रयागराज के लिए किया रवाना”

गाजीपुर। पीजी कॉलेज की रोवर्स-रेंजर्स टीम प्रयागराज में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय रोवर/रेंजर समागम 2024-25 में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गई है। इस टीम को प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह समागम 26 से 28 मार्च 2025 तक प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय, प्रयागराज में आयोजित होगा। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं से मुखातिब प्राचार्य पाण्डेय ने कहा, “रोवर्स एवं रेन्जर्स के छात्र-छात्राओं, यह बेहद गर्व का क्षण है कि पीजी कॉलेज गाजीपुर के छात्र और छात्राएँ इस प्रतिष्ठित प्रादेशिक समागम में भाग लेने जा रहे हैं। यह मंच आपकी प्रतिभा, नेतृत्व और समर्पण को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर है। विशेष रूप से हमारी रेंजर छात्राओं से मैं कहना चाहता हूँ कि आप अपनी क्षमताओं का पूर्ण उपयोग करें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और अपनी मेहनत से कॉलेज का नाम रोशन करें। यह समागम न केवल प्रतियोगिता का अवसर है, बल्कि एकता, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। मैं आप सभी को शुभकामनाएँ देता हूँ कि आप उत्कृष्ट प्रदर्शन करें और सम्मान के साथ वापस लौटें।”

आयोजन का विवरण:

इस समागम में टीमों का आगमन 25 मार्च 2025 को सायं 7:00 बजे तक होगा, जबकि समापन और प्रस्थान 28 मार्च 2025 को समापन समारोह के पश्चात होगा। प्रत्येक विश्वविद्यालय से चयनित 3 रोवर और 3 रेंजर, कुल 6 प्रतिभागी, इस आयोजन में हिस्सा लेंगे।

पुरस्कार:

इस समागम में विभिन्न पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। टीम पुरस्कारों में ओवरऑल चैंपियन विश्वविद्यालय को कमिश्नर रनिंग कप/शील्ड और 1,00,000/- रुपये नकद, जबकि ओवरऑल रनर्सअप विश्वविद्यालय को रनिंग कप/शील्ड और 50,000/- रुपये नकद प्रदान किए जाएँगे। इसके अतिरिक्त, बेस्ट रोवर क्रू और बेस्ट रेंजर टीम को प्रमाण पत्र, शील्ड/कप और 51,000/- रुपये नकद से सम्मानित किया जाएगा। व्यक्तिगत पुरस्कारों के अंतर्गत वाद-विवाद और बी.एस.जी. ज्ञान प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 10,000/-, 7,500/- और 5,000/- रुपये नकद के साथ प्रमाण पत्र दिए जाएँगे।

प्राचार्य ने अंत मे कहा कि पीजी कॉलेज गाजीपुर की टीम इस समागम में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार है। हम सभी उनकी सफलता की कामना करते हैं।

दीप शिखा की उत्तर प्रदेश की विधान सभा में गूंजेगी आवाज

ग़ाज़ीपुर।नेहरू युवा केंद्र संगठन युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में  24 मार्च 2025 को जौनपुर में नोडल स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें जौनपुर अमेठी और गाज़ीपुर के 60 छात्र-छात्राएं शामिल थी ।प्रतियोगिता में 10 युवाओं का चयन राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए किया गया है।जिसमें प्रथम स्थान पर दीपशिखा सिंह गाजीपुर से रही।अब दीप शिखा की आवाज उत्तर प्रदेश की विधान सभा में गूंजेगी।

इससे पहले नेहरू युवा केंद्र गाज़ीपुर द्वारा जनपद स्तरीय युवा उत्सव में काव्य पाठ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था । युवा विचार गोष्ठी में भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। दीपशिखा के पिता कमलेश प्रकाश सिंह मेदनीपुर के निवासी हैं । ये शिक्षक तथा सामाजिक कार्यकर्ता है।

प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक,दिया आश्वासन

गाजीपुर। प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता मे पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके उनसे संवाद किया। समस्याओं से सम्बंधित शिकायतो को लेकर अतिशीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं मे हर जरूरतमंद के लिए अवसर उपलब्ध है।सरकार की सभी उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचे। इसके लिए कार्यकर्ताओं से -28-29-30 मार्च मे जनसंपर्क का व्यापक अभियान का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, पारसनाथ राय, अभिनव सिन्हा, रामनरेश कुशवाहा, संतोष यादव, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर, अच्छेलाल गुप्ता, श्यामराज तिवारी, शशिकांत शर्मा, कार्तिक गुप्ता, अखिलेश राय, सुरेश बिन्द, अनिल राजभर,मयंक जायसवाल,अविनाश सिंह, लालसा भारद्वाज, माया सिंह, मुरली कुशवाहा,विश्व प्रकाश अकेला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

प्रभारी मंत्री ने किया रोजगार मेला,आरोग्य मेला व विकास प्रदर्शनी का फीता काटकर शुभारंभ

गाजीपुर। केंद्र सरकार के सफल 10 वर्ष और उत्तर प्रदेश सरकार के ऐतिहासिक 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में त्रिदिवसीय जनपदीय विकास महोत्सव का भव्य शुभारंभ प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग उत्तर प्रदेश सरकार ने किया। यह आयोजन प्रदेश सरकार की ‘‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन‘‘ नीति को समर्पित था, जिसका थीम ‘‘उत्तर प्रदेश, देश का ग्रोथ इंजन‘‘ रखा गया। इस गौरवशाली महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रभाव का अनुभव किया।
विकास महोत्सव का शुभारंभ आडिटोरियम परिसर विकास भवन मे हुआ।मंत्री जी द्वारा रोजगार मेला, आरोग्य मेला व विकास प्रदर्शनी का फीता काट कर व कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया।  आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल लगाए गए है। विशेष रूप से सूचना तथा पर्यटन विभाग का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश एवं ‘‘उत्तर प्रदेश विकास पुस्तिका‘‘ का वितरण किया गया। जिसका मंत्री ने अवलोकन कर जानकारी ली। मंत्री 28032.20 लाख की लागत की कुल 68 परियोजनाओ का लोकार्पण तथा 26125.78 लाख की लागत की 82 परियोजनाओ का शिलान्यास किया ।  
महोत्सव के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। वहीं फूड स्टॉल पर भी लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। इस मौके पर जी आई टी आई  गाजीपुर के छात्रों को टैबलेट का वितरण किया गया। जिसमें आरती, सोनी चौधरी, शोभा, चंचल कुमार, राज सिंह, सुधीर कुमार बिन्द, विश्वजीत यादव व मुकेश यादव को टैबलेट प्राप्त हुए। जिला उद्योग केंद्र द्वारा ‘एक जनपद, एक उत्पाद‘ योजना के तहत लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ऋण चेक का वितरण किया गया। बाल विकास विभाग द्वारा नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में लुर्दस कॉन्वेट की छात्राओ द्वारा  स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं संस्कृति विभाग से आए कलाकारों राकेश सिंह यादव एवं विन्ध्याचल सिंह यादव व पिंकी भारती के समूह ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। महोत्सव के दौरान विभिन्न विषयों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इनमें महाकुंभ 2025, सुशासन के आठ वर्ष पर फिल्मों ने सरकार की नीतियों और विकास कार्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने 8 वर्षों में सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, किसान हित में क्रांतिकारी कदम उठाने और प्रदेश को निवेश के आकर्षण का केंद्र बनाने में उत्तर प्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।मंत्री जी ने  बताया कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। सड़कों में गड्ढे, बिजली संकट, व्यापारी पलायन जैसी समस्याएं आम थीं। सरकार बनने के बाद अपराध पर नियंत्रण, एंटी-रोमियो स्क्वायड, सख्त पुलिसिंग और बेहतर कानून व्यवस्था के चलते उत्तर प्रदेश अब अन्य राज्यों के लिए मॉडल बन चुका है।
विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने अपना संबोधन व्यक्त करते हुए सरकार की 08 वर्षाे मे कराए गए कार्याे की सराहना की। उन्होने कहा कि यह प्रदर्शनी सरकार के किए गए विकास कार्यों की झलक देती है और राज्य में हुए अभूतपूर्व बदलाव को दिखाती है.।
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि सेवा, सुरक्षा और सुशासन नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुरू हुए इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 25 से  27 मार्च तक किया जाएगा।  जिसमें प्रतिदिन लोकमंच, आडिटोरियम सभागार मे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस महोत्सव में जिले भर के लोग शामिल होकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और इनका प्रत्यक्ष लाभ भी ले सकते हैं। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और लाभार्थियों के अनुभव साझा किए जाएंगे। यह महोत्सव जनता को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है। आज 25 मार्च 2025 को आडिटोरियम परिसर मे आयोजित वृहद रोजगार मेला मे तीस कम्पनियों जिसमे 5000 अभ्यर्थियो ने प्रतिभाग किया जिसमे 928 अभ्यर्थियो को अंतिम राउण्ड हेतु चयन किया गया।  26 मार्च ,2025 को किसाना मेला एवं किसान गोष्ठी का आयोजन आडिटोरियम हाल में किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, पूर्व अध्यक्ष भाजपा भानू प्रताप सिंह, पूर्व विधायक शिवपूजन राम, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विजेन्द्र राय, कार्यक्रम संयोजक जिला महामंत्री दयाशंकर पाण्डेय, प्रवीण सिंह, पारस नाथ राय, विजय शंकर वर्मा, राम नरेश कुशवाहा, लाल भारद्वाज, संतोष यादव,  पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा, मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, भाजपा के वरिष्ठ नेतागण जिला मीडिया प्रभारी भाजपा शशिकान्त शर्मा मौजूद रहे।