Category Archives: Ghazipur

आरबीएसके योजना बनी बच्चों के लिए उम्मीद की किरण,दो बच्चों का सफल ऑपरेशन कर कराया गया उपचार

आरबीएसके योजना बनी बच्चों के लिए उम्मीद की किरण, दो बच्चों का सफल ऑपरेशन कर कराया गया उपचार

गाजीपुर। जन्मजात बीमारियों और शारीरिक विकृतियों के साथ जन्म लेने वाले बच्चों के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) उम्मीद की एक बड़ी किरण बनकर सामने आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की आरबीएसके टीम द्वारा ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद क्षेत्र के दो बच्चों का सफल उपचार कराया गया है।

आरबीएसके टीम ने जांच के दौरान रघुवरगंज निवासी एक वर्षीय अंशिका गुप्ता को क्लेफ्ट पैलेट यानी तालु में जन्मजात विकृति से पीड़ित पाया। टीम ने बच्ची को बेहतर उपचार के लिए हेरिटेज अस्पताल, वाराणसी रेफर किया, जहां उसका निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया। ऑपरेशन के बाद अंशिका अब पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। परिवार के लिए यह इलाज किसी बड़ी राहत से कम नहीं है, क्योंकि समय पर उपचार मिलने से बच्ची को भविष्य में होने वाली परेशानियों से बचाने में मदद मिली है।

इसी तरह शेरपुर कलां निवासी नौ दिन के कार्तिक गुप्ता में जन्मजात क्लब फुट यानी पैर के टेढ़े होने की समस्या पाई गई। आरबीएसके टीम ने बच्चे को जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर किया, जहां उसका सफलतापूर्वक उपचार किया गया। समय रहते उपचार मिलने से अब उसके पैर को सामान्य स्थिति में लाने की दिशा में काम किया गया है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ. आशीष राय ने बताया कि आरबीएसके योजना के तहत पूर्व में भी क्षेत्र के कई बच्चों की पहचान कर उनका ऑपरेशन और उपचार कराया जा चुका है। इस बार दो बच्चों का उपचार कर उन्हें भविष्य में होने वाली दिव्यांगता अथवा शारीरिक परेशानी से बचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि आरबीएसके टीम का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात बीमारियों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित उपचार उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में उच्च केंद्र और जिला अस्पताल में उपचार के लिए भेजे गए बच्चों का फीडबैक भी लिया गया। सीएचसी मोहम्मदाबाद पर बच्चों के माता-पिता और परिवार के जिम्मेदार सदस्यों की मौजूदगी में उपचार के बाद उनकी स्थिति की जानकारी ली गई।

इस पूरी प्रक्रिया में ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक संजीव कुमार एवं आरबीएसके टीम के डॉ. राकेश वर्मा, डॉ. श्रेया त्रिपाठी और स्टाफ नर्स श्रीमती आशा सिंह की भूमिका रही।

आरबीएसके टीम का कहना है कि ऐसे कई बच्चों का उपचार कराया जा चुका है और आगे भी क्षेत्र में बच्चों की स्क्रीनिंग कर जन्मजात बीमारियों की पहचान एवं समय पर उपचार का सिलसिला जारी रहेगा। समय पर मिला यह उपचार न सिर्फ बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बना रहा है, बल्कि उनके सामान्य भविष्य की उम्मीद को भी मजबूत कर रहा है।

डीएम ईवीएम गोदाम का किया निरीक्षण,लिया जायजा

डीएम ईवीएम गोदाम का किया निरीक्षण,लिया जायजा

गाजीपुर।गुरुवार को अनुपम शुक्ला, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम गोदाम को विधिवत खोला गया।गोदाम में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं आवश्यक बिंदुओं का अवलोकन कराया गया। आगामी विधान सभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ईवीएम की एफ.एल.सी. की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान ईवीएम गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर वेद सिंह चौहान, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), राजीव राय, जिला विकास अधिकारी, देवी प्रसाद सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, गाजीपुर सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों में भारतीय जनता पार्टी से राजन प्रजापति, समाजवादी पार्टी से राजेश कुमार यादव, कांग्रेस पार्टी से रविकांत राय, बहुजन समाज पार्टी से आदित्य कुशवाहा एवं जनक लाल प्रसाद तथा आम आदमी पार्टी से  जावेद अहमद एवं नगेंद्र शर्मा शामिल रहे। निरीक्षण की कार्यवाही शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप सम्पन्न हुई।

सेवा और अनुशासन से युवा चरित्र निर्माण का संदेश, छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

सेवा और अनुशासन से युवा चरित्र निर्माण का संदेश, छात्राओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

गाजीपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ के अंतर्गत ‘युवा चरित्र निर्माण में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना के उद्देश्यों के साथ सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण के महत्व की जानकारी दी गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद के संरक्षण में आयोजित कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. संगीता ने कहा कि किसी भी समाज के निर्माण में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का कार्य करती है। वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामनाथ केसरवानी ने कहा कि विद्यार्थियों का दायित्व केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें समाज की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान में भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा कुमारी ने स्वयंसेविकाओं को निःस्वार्थ सेवा और सामाजिक सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद समस्त कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेविकाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली। संगोष्ठी के उपरांत स्वयंसेविकाओं ने महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. शिव कुमार, डॉ. मनीष सोनकर, डॉ. नेहा कुमारी, ओम शिवानी, डॉ. सारिका सिंह सहित राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।

विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सीएम डैशबोर्ड पर योजनाओं की प्रगति की डीएम ने की समीक्षा, फैमिली आईडी बनाने में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों तथा सीएम डैशबोर्ड पर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने और पोर्टल पर सूचनाएं समय से अपलोड करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में पंचायत सहायकों के माध्यम से अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों एवं राशन कार्ड धारकों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

बैठक में विद्युत, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, जल जीवन मिशन, पर्यटन, लोक निर्माण विभाग की सड़कों का अनुरक्षण, सेतु एवं नई सड़कों का निर्माण, भवन निर्माण, पंचायती राज, शादी अनुदान योजना, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पारिवारिक लाभ योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, कन्या विवाह सहायता राशि, श्रम एवं सेवायोजन सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की गई। इसके बाद जिलाधिकारी ने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। आवश्यकता के अनुसार मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य की गति में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विभागवार मासिक प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को विकासपरक योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू करते हुए पात्र लाभार्थियों को त्वरित गति से लाभ पहुंचाया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की लाभकारी योजनाओं से वंचित न रहने पाए।

नुक्कड़ नाटक के जरिए जन-जन तक पहुंचा सेवा संकल्प का संदेश, छात्राओं ने किया जागरूक

नुक्कड़ नाटक के जरिए जन-जन तक पहुंचा सेवा संकल्प का संदेश, छात्राओं ने किया जागरूक

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद एवं गृह विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. नेहा कुमारी के निर्देशन में छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाई।

गृह विज्ञान विभाग की दस छात्राओं की टीम ने विकासखंड करंडा के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। छात्राओं ने ग्राम पंचायत क्षेत्र, सौरभ रामलीला मंच, चोचकपुर रामलीला मंच तथा गोसंदपुर महादेव मंदिर के समीप कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे और छात्राओं की प्रस्तुति को उत्साहपूर्वक देखा।

प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा की भावना विकसित करने के साथ ही सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गृह विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. नेहा कुमारी ने भी छात्राओं के सक्रिय योगदान की प्रशंसा की। कार्यक्रम के माध्यम से नुक्कड़ नाटक के जरिए सेवा, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता का संदेश प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया गया।

सेवा संकल्प अभियान: राइफल क्लब प्रदर्शनी का भाजपा पदाधिकारियों ने किया अवलोकन

सेवा संकल्प अभियान: राइफल क्लब प्रदर्शनी का भाजपा पदाधिकारियों ने किया अवलोकन

कृष्ण बिहारी राय ने कहा—सेवा, समर्पण और जनकल्याण की 25 वर्ष की यात्रा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना उद्देश्य

गाजीपुर। जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राइफल क्लब परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का बुधवार को अभियान के दूसरे दिन भाजपा पदाधिकारियों ने अवलोकन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह एवं जिला मंत्री राजेश राजभर ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों, चित्रों और प्रदर्शित सामग्री का निरीक्षण किया। उन्होंने 25 वर्षों की जनसेवा, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी प्रयासों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि जन सेवा से राष्ट्र सेवा की 25 वर्ष की यात्रा सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प को दर्शाती है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, गरीब कल्याण, किसान हित सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए गए कार्यों को क्रमबद्ध रूप से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य आमजन को इन कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास और जनकल्याण की गतिविधियों से जोड़ना है।

प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान पदाधिकारियों ने विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध सामग्री की जानकारी ली तथा अभियान के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष दयाशंकर पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, जिला मंत्री हंसराज राजभर, किरण सिंह, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष साधना राय, कार्तिक गुप्ता एवं अजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

युवाओं ने रोजगार मेले में लिया हिस्सा, 618 अभ्यर्थी अंतिम राउंड के लिए चयनित

2000 से अधिक युवाओं ने रोजगार मेले में लिया हिस्सा, 618 अभ्यर्थी अंतिम राउंड के लिए चयनित

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय एवं स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को विधानसभा स्तरीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद गाजीपुर की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, भाजपा उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा रोजगार मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपलब्ध रोजगार अवसरों का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक रोजगार इच्छुक युवाओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी मांग के अनुरूप रोजगार मेलों का निरंतर आयोजन किया जाना आवश्यक है।

मुख्य अतिथि सरिता अग्रवाल ने रोजगार मेले के आयोजन के लिए जिला प्रशासन एवं जिला सेवायोजन कार्यालय की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवायोजन विभाग के माध्यम से पूर्व में विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। वर्तमान में रोजगार मेलों के माध्यम से देश की प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर युवाओं का चयन किया जा रहा है। उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। रोजगार मेले में प्रमोकाश आउटसोर्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक वाराणसी, क्वैस कॉरपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, सेफ एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड लिमिटेड, एमआरएफ टायर्स, लॉन्ड्री मेट, हिंडाल्को रेनुकूट, नर्स केयर 24, रोहित हाईब्रिड सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, पीएनबी मेटलाइफ सहित 30 से अधिक कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स ऑफिसर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, नैप्स ट्रेनी समेत विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।रोजगार मेले में 2000 से अधिक अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से 618 अभ्यर्थियों का अंतिम राउंड के लिए चयन किया गया। रोजगार मेले के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए।

5 लाख किसानों को मिलेगा दीर्घकालीन ऋण का लाभ

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ, 5 लाख किसानों को मिलेगा दीर्घकालीन ऋण का लाभ

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड द्वारा लघु एवं सीमांत किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना तथा उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जनपदों में किया गया। इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार, गाजीपुर में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक लिमिटेड गाजीपुर के सभापति सरोजेश सिंह तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद रहे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, भूमि विकास बैंक लिमिटेड की सैदपुर एवं जमानिया शाखाओं के प्रतिनिधि, भाजपा जिला महामंत्री, जिला सहकारी बैंक के संचालक मंडल के सदस्य सहित सहकारिता विभाग, जिला सहकारी बैंक एवं उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पैक्स समितियों के कर्मचारी तथा सहकारिता आंदोलन से जुड़े किसान एवं सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ। इसके बाद लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास से मुख्यमंत्री द्वारा सेतु एप और भारत टैक्सी एप का शुभारंभ किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से लघु एवं सीमांत किसानों के लिए 384 करोड़ रुपये की योजना की शुरुआत की गई। योजना के तहत आगामी पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों के साथ-साथ अकृषि क्षेत्र में कार्य करने के लिए किसानों को 6 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण पांच वर्ष या उससे अधिक अवधि के लिए 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से ऋण की किस्तों का भुगतान करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा।

ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पारदर्शी एवं सुगम बनाया गया है। इससे किसानों को ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकेगी।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पांच शहरों में भारत टैक्सी सेवा शुरू किए जाने की घोषणा भी की। वहीं सेतु एप के माध्यम से किसान अपने क्षेत्र की सहकारी समिति पर उपलब्ध उर्वरक की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे तथा सुविधानुसार सहकारी समिति से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। जनपद स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड के कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। मुख्य अतिथि ने सहकारिता विभाग द्वारा शासन स्तर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों एवं सदस्यों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसान स्वयं आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ अपनी सहकारी संस्थाओं को भी सुदृढ़ बनाने में योगदान दें।

वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक चुनाव का बिगुल बजा, गाजीपुर में आचार संहिता लागू

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जनपद गाजीपुर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित किया गया है। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्राविधानों के तहत आदर्श चुनाव आचार संहिता के सभी संबंधित उपबंध पूरे जनपद में प्रभावी हो गए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता के प्रावधानों के पालन पर प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जन्मदिन पर सेवा कार्यों से मनाया छात्र नेता फहद वहीद का जन्मोत्सव

सेवा के संकल्प संग मनाया फहद वहीद ‘फैज’ का जन्मोत्सव, अस्पताल से रेलवे स्टेशन तक बांटा फल-दूध और भोजन

जन्मदिन पर सेवा कार्यों से मनाया छात्र नेता फहद वहीद का जन्मोत्सव

गाजीपुर। छात्र नेता एवं समाजसेवी फहद वहीद (फैज) का जन्मोत्सव मंगलवार को सेवा कार्यों के साथ मनाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी उनके साथी समर्थकों ने जिला महिला अस्पताल में मरीजों एवं तीमारदारों के बीच फल, दूध आदि का वितरण किया। इसके अलावा शाम को रोडवेज, रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी छात्र नेता फहद वहीद (फैज) ने कहा कि साथियों और लोगों का यह प्यार एवं सम्मान उन्हें हर वर्ष नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब भी किसी जरूरतमंद को उनकी आवश्यकता होगी, वह और उनकी टीम हमेशा सेवा के लिए तैयार रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में मोनू, राहुल, अकरम, दिलशाद, तस्लीम, अमित, वरुण सहित अन्य साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

साथियों ने कहा कि जन्मदिन को सेवा और जरूरतमंदों की मदद के रूप में मनाना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।