Category Archives: Ghazipur

खण्ड विकास अधिकारी जखनियॉं एवं जमानिया को कारण बताओ नोटिस जारी का निर्देश

गाजीपुर। जनपद स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। समिति के संयोजक जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी एवं बैठक में उपस्थित सदस्यों के समक्ष वर्तमान में प्रचलित योजनाओं के संबंध में विस्तार से बताया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जनपद के नगरीय क्षेत्रों में 6221 यूनिटों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 34353 यूनिटों का स्थान वर्तमान में रिक्त चल रहा है। बैठक में अवगत कराया गया गया कि जीरो पावर्टी योजना के अन्तर्गत जूता-मोजा आदि की सब्सिडी पा रहे लाभार्थियों में से राशन कार्ड से वंचित लाभार्थियों एवं राशन कार्ड बनने से अवशेष कुष्ठ रोगियों को राशन कार्ड जारी किए जाने की कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
विगत 03 माहों में न्यूनतम् वितरण करने वाले ब्लाकों की समीक्षा में पाया गया कि ब्लाक-भदौरा, रेवतीपुर एवं जमानियॉं वर्तमान में सबसे कम वितरण है। जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पूर्ति निरीक्षक से न्यूनतम् वितरण के बारे में पूछताछ की गई। जिलाधिकारी द्वारा समस्त पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि नियमानुसार कार्डधारकों में खाद्यान्न का वितरण कराए। यदि कहीं पर राशन न मिलने की शिकायत आए, तो संबंधित विक्रेता केे विरूद्ध कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाए।
प्रतिशत की दृष्टि से समस्त लाभार्थियों की ई-केवाईसी में जनपद प्रदेश में 31 वें स्थान पर है एवं स्टेट एवरेज से ऊपर है। लेकिन वर्तमान में 238913 यूनिटों का ई-केवाईसी अवशेष है। 06 ब्लाकों में ई-केवाईसी का औसत काफी कम पाया गया। जिलाधिकारी द्वारा जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित करें कि, वे लोग उचित दर दुकानों पर जाकर उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से अवशेष राशन कार्डाें/ सदस्यों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कराए। यह भी निर्देशित किया गया कि माह मई, 2025 से अगस्त, 2025 के मध्य जारी नये कार्डाें/यूनिटों का प्राथमिकता के आधार पर ई-केवाईसी कराई जाए। जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि ई-केवाईसी से अवशेष यूनिटों का तत्काल ई-केवाईसी कराया जाए एवं मृतक/ शादी-शुदा/ विस्थापित यूनिटों को जांचोपरान्त विलोपित कर उनके स्थान पर पात्र परिवारों के राशन कार्ड जारी किया जाए।
वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के सापेक्ष मनरेगा से निर्मित होने वाले अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की समीक्षा में, ऐसी ग्राम पंचायतों जहां अभी तक निर्माण कार्य आरम्भ नहीं हुआ है, उनपर जिलाधिकारी ने अप्रसन्नता व्यक्त जिलाधिकारी द्वारा समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि खण्ड विकास अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराए।
अवगत कराया गया कि वर्तमान में 11 उचित दर दुकानों का स्थान रिक्त चल रहा है, जिसमें से 03 दुकानों की नियुक्ति पर उच्च न्यायालय से स्थगन आदेश पारित है। शेष 08 स्थानों पर दुकानों की नियुक्ति की कार्यवाही की जानी है। समीक्षा में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि काफी लम्बे समय से दुकानों की नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव न होने के संबंध में खण्ड विकास अधिकारी, जखनियॉं एवं खण्ड विकास अधिकारी, जमानियॉं को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए। यह भी निर्देशित किया गया कि सम्बद्ध समस्त उचित दर दुकानों की जांच करा ली जाए।
जिलाधिकारी द्वारा समस्त उचित दर विक्रेताओं को नियमानुसार निर्धारित मात्रा पर कार्डधारकों में खाद्यान्न वितरण करने तथा उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से राशन कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में निःशुल्क वितरित किए जा रहे खाद्यान्न व अन्त्योदय कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा व मूल्य पर चीनी के वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश समस्त उपजिलाधिकारियों एवं आपूर्ति स्टाफ को दिए गए।
उक्त बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पाण्डेय, एवं समस्त क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/ पूर्ति निरीक्षक उपस्थित रहे।

1079 किलोग्राम भुना चना सीज

गाजीपुर।आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ0प्र0, लखनऊ एवं जिलाधिकारी अविनाश कुमार के आदेश पर दिनेश कुमार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) गाजीपुर/ रमेश चन्द्र पाण्डेय सहायक आयुक्त (खाद्य)-II  के निर्देशन में जनपद में भुना हुआ चना व अन्य समान खाद्य पदार्थ के विनिर्माण इकाईयों, संगठित क्षेत्र (मण्डी/बाजार) ई-कामर्स प्लेटफार्म, प्रसंस्करण इकाई, भण्डारण इकाई, वितरक, ट्रांसपोर्टेशन आदि पर Auramine  सिन्थेटिक कलर का उपयोग खाद्य पदार्थों में किए जाने की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाकर कुल-01 नमूना संग्रहित किया गया। 1079 किलोग्राम भुना चना अनुमानित मूल्य रू0-87399/- सीज कार्यवाही की गई। जिसमें 15.12.2025 को युसुफपुर मुहम्मदाबाद गाजीपुर स्थित राकेश कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान मेसर्स-त्रिलोकी एण्ड सन्स से भुना चना का 01 नमूना संग्रह किया गया एवं 1079 किलोग्राम भुना चना अनुमानित मूल्य रू0-87399/- सीज कार्यवाही की गई।
संग्रहित नमूनें खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, गुरूग्राम हरियाणा प्रेषित किये जा रहें है, जॉच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी। नमूना संग्रह की कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गुलाबचन्द गुप्त, पंकज कुमार कन्नौजिया, बिपिन कुमार गिरि एवं नबीउल्लाह खाद्य सहायक की टीम द्वारा की गई।

डीएम ने की बैठक,अनुपस्थित होने पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश

गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, मासिक स्टाफ एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ। बैठक के दौरान कर-करेत्तर की समीक्षा में जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर, परिवहन, वन विभाग, स्टाम्प, नगर पालिका, आडिट आपत्ति, चकबन्दी, व्यापार कर, विद्युत देय, आबकारी, अंश निर्धारण, मोटर देय, आईजीआरएस, के संबंध मे विस्तारपूर्वक समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों का निर्देशित किया कि अपने-अपने लक्ष्य के सापेक्ष वसूली कराना सुनिश्चित करे, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही होगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एवं चारो खण्डों के अधीशासी अभियंता के अनुपस्थित होने पर स्पष्ट्रीकरण देने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मासिक स्टाफ बैठक राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरण एवं विवादित प्रकरण, दाखिल खारिज, विवादित वादो का निस्तारण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में सभी अधिकारियों द्वारा सरकार की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे प्रत्येक कार्यक्रम में तत्परता दिखाते हुए कार्यों का संपादन किया जाना सुनिश्चित करें ताकि सरकार की राजस्व योजनाओं का लाभ जनसामान्य को आसानी के साथ प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समस्त अधिकारी राजस्व वसूली का कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर करते हुए डिमांड के अनुसार वसूली सुनिश्चित करे। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को 05 वर्ष से ऊपर के मुकदमो को प्रतिदिन सुनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धारा 24, धारा 116, धारा 80, धारा 34, धारा 33, धारा 67, के लंबित मामलों का समयान्तराल  निस्तारण किया जाए। धारा 34 की सुनवाई और निष्पादन में तहसीलदार और नायब तहसीलदार गंभीरता से कार्य करें और उपजिलाधिकारी इसकी नियमित समीक्षा भी करें। उन्होने सीमा स्तम्भ, कृषि भूमि पट्टा, आवास हेतु भूमि आवंटन, कुम्हारीकलां पट्टा आवंटन, अंश निर्धारण एवं अंश संशोधन की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिया । बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया की कृषक दुर्घटना से संबंधित सभी भुगतान समय से किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एंव पटल सहायक उपस्थित रहे।                          

गाजीपुर में पेंशनर्स ने वित्त विधेयक अधिनियम 2025 में संशोधन के विरोध में जोरदार प्रदर्शन

गाजीपुर में पेंशनर्स ने वित्त विधेयक अधिनियम 2025 में संशोधन के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। यह संशोधन दिसंबर 2025 तक सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को आठवें वेतन आयोग की सुविधाओं से बाहर करता है, जिससे पेंशनर्स में भारी नाराजगी है।

सेवा निवृत कर्मचारी एवं शिक्षक पेंशनर्स समन्वय समिति के संयुक्त तत्वावधान में यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन आयोजित किया गया। जिले के कोने-कोने से आए पेंशनरों ने जिला मुख्यालय स्थित सरजू पाण्डेय पार्क में जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर श्रीवास्तव के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी के प्रतिनिधि उप जिलाधिकारी सदर को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर श्रीवास्तव ने सरकार की भेदभावपूर्ण नीतियों की आलोचना की। चौधरी दिनेश चंद्र राय ने केंद्र सरकार से अपील की कि सेवानिवृत्त कर्मियों को पूर्व की भांति आठवें वेतन आयोग के दायरे में लाया जाए।

कार्यकारी अध्यक्ष अम्बिका दूबे ने जनपद के सभी कार्यरत, सेवारत कर्मियों और पेंशनर्स संगठनों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। सीनियर बेसिक संघ के महामंत्री ज्ञानेंद्र सिंह ने भी सरकार की नीतियों की आलोचना की।

धरना सभा को यशवंत सिंह यश, उग्रसेन सिंह, रत्नेश राय, नारायण उपाध्याय, पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, ई. सुरेन्द्र प्रताप यादव, अमर नाथ तिवारी, सुरेश कुमार सिंह, डॉ. पी. एन. सिंह, वंशराज सिंह, डॉ. अम्बिका पाण्डेय, जनार्दन सिंह, बरमेश्वर उपाध्याय, अशोक कुमार और बाल कृष्ण यादव सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त बेसिक शिक्षक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रुद्र नारायण सिंह ने की और संचालन कार्यकारी अध्यक्ष अम्बिका प्रसाद दूबे ने किया। जिला मंत्री जनार्दन सिंह ने सभी सम्मानित पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रशांत मिश्रा बने लोजपा (रामविलास) पार्टी के गाजीपुर जिलाध्यक्ष

प्रशांत मिश्रा बने लोजपा (रामविलास) के गाजीपुर जिलाध्यक्ष, फूलवरिया स्थित त्रिलोचन वाटिका में सैकड़ों समर्थकों के साथ ली शपथ

बनारस/गाजीपुर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रशांत मिश्रा को गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस अवसर पर बनारस के फूलवरिया स्थित त्रिलोचन वाटिका में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सैकड़ों समर्थकों की मौजूदगी में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। कार्यक्रम में उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता साफ तौर पर देखने को मिली। शपथ ग्रहण समारोह में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से आए समर्थक बड़ी संख्या में शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रशांत मिश्रा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं को अधिक से अधिक जोड़ने तथा आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रशांत मिश्रा का सामाजिक जुड़ाव और संगठनात्मक अनुभव गाजीपुर जिले में पार्टी को नई दिशा देगा। उनके नेतृत्व में पार्टी का जनाधार बढ़ेगा और संगठनात्मक ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा। वक्ताओं ने यह भी कहा कि लोजपा (रामविलास) सामाजिक न्याय, समरसता और विकास के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रही है, जिसमें जिला इकाई की भूमिका बेहद अहम होगी। शपथ ग्रहण के पश्चात समर्थकों ने नारेबाजी और जयघोष के साथ नए जिलाध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। अंत में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। फूलवरिया स्थित त्रिलोचन वाटिका में आयोजित यह कार्यक्रम लोजपा (रामविलास) के लिए नई ऊर्जा और गाजीपुर की राजनीति में नई सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।

निर्विरोध निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को डा.संगीता बलवंत ने दी बधाई

निर्विरोध निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने दी बधाई

गाजीपुर।भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के निर्विरोध निर्वाचित अध्यक्ष पंकज चौधरी के नाम की घोषणा केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल ने रविवार को की। 1980 में भाजपा उत्तर प्रदेश का गठन होने के बाद पंकज चौधरी 16वें प्रदेश अध्यक्ष बने हैं।
आज दिल्ली में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत बिंद ने पंकज चौधरी के आवास पर मुलाक़ात कर उन्हें बधाई और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएँ दी। इस अवसर पर डा. संगीता बलवंत बिन्द ने कहा कि जितनी व्यवस्थित और लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा अपनी निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करती है और सदस्य बनाती है, उसका आश्चर्य सभी को होता है। इसका श्रेय सभी कार्यकर्ताओं को जाता है। हमे पूर्ण विश्वास है की आगामी विधानसभा चुनाव में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा अपना परचम लहराएगी।

राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात सेना की भूमि से बेदखल परिवारों के लिए आवास की मांग

गाजीपुर। राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। राज्यसभा सांसद ने रक्षा मंत्री से चर्चा के दौरान कहा की गाजीपुर में रक्षा संपदा विभाग की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने से कुछ ऐसे भी असहाय, निर्धन परिवार है जिनके पास कोई अन्य जमीन या मकान ना होने से बेघर हो गए हैं उन्होंने रक्षा मंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि ऐसे परिवारों को चिन्हित करके आवास या भूमि पट्टा दिलाने हेतु आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किया जाए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्यसभा सांसद द्वारा प्रस्तुत विषय पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया।

राज्यसभा सांसद ने बताया की जब मैंने गाजीपुर की देवतुल्य जनता की अपेक्षाओं और जनहित के मुद्दों को उनके समक्ष रखा तो उन्होंने जिस गंभीरता आत्मीयता से प्रत्येक विषय को सुना उससे मुझे जनसमस्याओं के समाधान हेतु और अधिक आत्मबल व संकल्प की भावना प्राप्त हुई।साथ ही राज्यसभा सांसद ने बताया कि मैंने पूर्व में भी जिलाधिकारी गाजीपुर को इस विषय को पत्र के माध्यम से अवगत करा चुकी हूँ। सांसद डॉ संगीता बलवंत ने मांग किया कि जितने लोग अतिक्रमण हटाने के क्रम में बेघर हुए हैं जिन्हे रहने हेतु कोई अन्य आवास नहीं है उन्हें जल्द ही आवास या भूमि पट्टा किया जाए।

बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता का पहला चरण सम्पन्न,3610 ने दी परीक्षा

बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता का पहला चरण सम्पन्न 3610 ने दी परीक्षा

गाजीपुर के नौ परीक्षा केंद्रों पर सामान्य ज्ञान, गणित, तार्किक, चित्रकला व निबंध की परीक्षा सम्पन्न

गाजीपुर। वेलफेयर क्लब गाजीपुर के तत्वावधान में आयोजित जनपद स्तरीय बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिता के प्रथम चरण के अंतर्गत सामान्य ज्ञान, गणित एवं तार्किक, चित्रकला तथा निबंध विषयों की परीक्षा जनपद के कुल नौ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
गाजीपुर सदर क्षेत्र में रामदूत इंटरनेशनल स्कूल को मुख्य परीक्षा केंद्र बनाया गया, जहां केंद्र व्यवस्थापक सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार कुल 1430 पंजीकृत प्रतियोगियों में से 80 अनुपस्थित रहे। नंदगंज क्षेत्र स्थित रेनबो मॉडर्न स्कूल में केंद्र व्यवस्थापक नौशाद अहमद ने बताया कि 360 में से 26 प्रतियोगी परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो सके।
सैदपुर क्षेत्र के एडूरेन ग्लोबल स्कूल देवचंदपुर में आयोजित परीक्षा के संबंध में केंद्र प्रभारी डॉ. जितेन्द्र कुमार ने जानकारी दी कि 580 पंजीकृत प्रतियोगियों में मात्र 04 अनुपस्थित रहे। वहीं मार्टिन्स चिल्ड्रेन एकेडमी भांवरकोल में केंद्र व्यवस्थापक सैफ अंसारी के अनुसार सभी 130 प्रतियोगी परीक्षा में उपस्थित रहे।
चंदनी पब्लिक स्कूल में केंद्र व्यवस्थापक नूर अफसा ने बताया कि 240 पंजीकृत प्रतियोगियों में से केवल 04 अनुपस्थित रहे। राहुल सांकृत्यायन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौसपुर में व्यवस्थापक मो. शाहिद के अनुसार 150 में 15 प्रतियोगी अनुपस्थित रहे। ओम साईं पब्लिक स्कूल में केंद्र प्रभारी सत्यदेव दूबे ने जानकारी दी कि 450 प्रतियोगियों में से 22 अनुपस्थित रहे।
एस.एस. पब्लिक स्कूल, लावा नेवादा में केंद्र व्यवस्थापक अजय यादव के अनुसार सभी 195 प्रतियोगी परीक्षा में सम्मिलित हुए। वहीं कुश बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दिलदारनगर में केंद्र व्यवस्थापक रामनाथ कुशवाहा ने बताया कि 373 पंजीकृत प्रतियोगियों में से 12 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु पीजी कॉलेज टेरी के चयनित एवं प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किया गया था। इनके संचालन में ग्रुप लीडर रुक्मिणी सिंह एवं राकेश कुमार मौर्य का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।
क्लब संरक्षक धीरेन्द्र त्रिपाठी एवं क्लब अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार वर्मा के निर्देशन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त पवन पांडे, प्रतीक यादव तथा सोनी यादव को प्रेक्षक के रूप में नामित किया गया था, जिन्होंने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विजय मिश्र ने नौनिहालों को दो बूंद पल्स पोलियों पिलाकर कार्यक्रम किया शुभारम्भ

गाजीपुर। आदर्श गांव हाथी खाना स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर रविवार को सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विजय मिश्र ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० सुनील पांडेय एवं अन्य कई चिकित्साधिकारियों के साथ दीप प्रज्वलित कर नौनिहालों को दो बूंद पल्स पोलियों पिलाकर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।

इस अवसर पर श्री मिश्र ने वहाँ उपस्थित सभी बच्चों में फल, बिस्किट, चिप्स आदि का उपहार भेंट किया जिसे पाकर बच्चें बहुत प्रसन्न दिखे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आदरणीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश व प्रदेश के साथ-साथ पूर्वांचल में विशेषकर गाज़ीपुर में स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है।

टाटा कैंसर इंस्टिट्यूट एवं शंकर नेत्रालय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में लाकर एक बड़ी सौगात पूर्वांचल को दी है एवं गाजीपुर में मेडिकल कॉलेज देकर जिले की स्वास्थ्य के क्षेत्र में अति जरूरत को पूरा करने का काम किया। कहा कि पहले गाजीपुर में छोटी-छोटी बीमारियों में भी मरीजों को अन्य जनपदों में जाना पड़ता था। आज गाजीपुर में बड़ी-बड़ी बीमारियों के इलाज के साथ-साथ गाजीपुर में एम.आर.आई. एवं सीटी स्कैन जैसी सुविधा भी उपलब्ध हो रही है जिससे गाजीपुर की जनता को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सुविधा प्राप्त हो रही है।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० सुनील पांडेय ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और उनके प्रति आभार प्रकट की। इस मौके पर कार्यक्रम में उपस्थित जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० रवि रंजन, डॉ संजय कुमार, डॉ० मुंशीलाल ACMO, डॉ०प्रभुनाथ DPM, डॉ० रवि प्रकाश WHO, डॉ० प्रदीप विश्वकर्मा, डॉ० प्रवीण उपाध्याय एवं डॉ० ईशानी वर्धन प्रभारी हाथी खाना आदि उपस्थित रहे।

शोध कार्य के लिए 6 का हुआ चयन

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में 13 दिसंबर को हिन्दी विभाग में शोध प्रवेश हेतु विभागीय शोध समिति (डी आर सी) संपन्न हुई। हिन्दी विभाग में रिक्त छ: सीट के सापेक्ष शोध में प्रवेश लेने हेतु कुल ग्यारह आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें से कुल नौ अभ्यर्थी उपस्थित रहे। बाह्य विशेषज्ञ प्रोफेसर योगेन्द्र प्रताप सिंह, इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज ने विश्वविद्यालय के सभी मानकों जैसे एकेडमिक सूची, प्रस्तुतिकरण और साक्षात्कार के आधार पर छ: शोधार्थियों का चयन शोध कार्य के लिए किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि शोध किसी भी अनुशासन का सर्वोच्च प्राप्य है। यह बिना रुचि के सम्भव नहीं है। पी एच डी की डिग्री भले आपको पांच वर्ष में मिल जाती है लेकिन सच्चाई यह भी है कि बहुत कम लोग ही पाँच वर्ष में शोध कर पाते हैं। शोध के दौरान आप अपने ज्ञान का परीक्षण और विस्तार करते हैं।


इस अवसर पर प्राचार्य प्रो अनीता कुमारी ने कहा कि जिस पारदर्शिता के साथ शोध में चयन किया गया यदि उसी पारदर्शिता के साथ यदि शोध कार्य किया गया तो वह शोधार्थियों की पहचान बना देगी। मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ.संगीता के निर्देशन में शोधार्थियों की यह चयन प्रक्रिया संपन्न हुई जिसमें महाविद्यालय के शोधार्थी श्वेता यादव, जामवंत भारती एवं आदित्य प्रताप सिंह का सहयोग सराहनीय रहा। चयनित शोधार्थी हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसरद्वय डॉ निरंजन कुमार यादव और डॉ शशिकला जायसवाल के निर्देशन में शोध कार्य करेंगे।