Category Archives: Ghazipur

छात्राओं ने निकाली जागरूकता रैली, डोर टू डोर किया जागरूक

गाजीपुर। रविवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना के एक दिवसीय शिविर का प्रारंभ प्रार्थना एवं योगाभ्यास से हुआ। तदुपरांत छात्राओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना भवन एवं परिसर की साफ सफाई कर छात्राओं ने गंगा सफाई जागरूकता रैली निकाली। जिसे प्राचार्य प्रो. सविता भारद्वाज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डा अमित यादव, डॉ गजनफर सईद एवं डा संगीता मौर्य के नेतृत्व में यह रैली ददरीघाट, मिंयापूरा, कलेक्टर घाट होते हुए सुभाषनगर प्राथमिक विद्यालय पहुंची।

रैली के दौरान छात्राएं देश धर्म का नाता है गंगा हमारी माता है, अब हमने यह ठाना है गंगा को स्वच्छ बनाना है आदि नारे लगाती रही। प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर छात्राएं 10-10 बच्चों की टोलियां बना ली एवं क्षेत्र के लोगों के बीच डोर टू डोर गंगा सफाई जागरूकता अभियान चलाया। इन टोलियां का का नेतृत्व सत्या कुमारी, मांडवी गुप्ता, कीर्ति कुमारी, तनु गुप्ता, रोशनी कुमारी, प्रीति गुप्ता, प्रियंका यादव आदि छात्राओं ने किया।छात्राओं ने लोगों को गंगा नदी में कूड़ा ना फेंकने, गंगा नदी मे साबुन से कपड़ा ना साफ करने, जानवरों को गंगा में स्नान ना कराने आदि विषयों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ अरुण कुमार सिंह, डा शिवकुमार आदि शिक्षक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयं सेवी उपस्थित रही।

20 मार्च से 3 अप्रैल तक चलेगा…

20 मार्च से 3 अप्रैल तक चलेगा पोषण पखवाड़ा

ग़ाज़ीपुर।20 मार्च से 3 अप्रैल तक भारत सरकार के द्वारा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से पोषण पखवाड़ा का आयोजन करने जा रही है। इसको लेकर राज्य पोषण मिशन उत्तर प्रदेश के द्वारा पत्र भी विभाग को प्राप्त हो चुका है। जिसके अंतर्गत बच्चे, किशोरी ,बालिकाओं एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार हेतु कार्यक्रम का आयोजन जो प्रत्येक वर्ष मार्च में आयोजित किया जाता है। इस कार्यक्रम के तहत कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन के साथ ही मोटा अनाज के बढ़ावा देने को लेकर भी निर्देश दिया गया है। इसी को लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समस्त कन्वर्जन विभागों के साथ समस्त सीडीपीओ की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित किया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि 20 मार्च से 3 अप्रैल तक मोटे अनाज के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण पखवाड़ा चलाया जाएगा। जिसमें ग्राम विकास, पंचायती राज विभाग, आजीविका मिशन, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, कृषि विभाग सहित कई विभागों के समन्वय से इस पखवाड़े का संचालन किया जाएगा। पखवाड़े के अंतर्गत श्री अन्न जिसमें ज्वार, बाजरा, मक्के आदि के बारे में समुदाय में जानकारी देना है। कारण कि इन मोटे अनाजों में प्रोटीन ,कार्बोहाइड्रेट व विटामिन की मात्रा अधिक मिलती है।

उन्होंने बताया कि इस पखवाड़े में स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा के माध्यम से चयनित स्वस्थ बालक बालिका के माता-पिता को सम्मानित करने एवं प्रोत्साहित करने के साथ ही उन्हें मोटे अनाज से बने हुए सामान देकर प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा प्रभात फेरी एवं रैली का आयोजन भी किया जाना है। ताकि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सके।

उन्होंने बताया कि इस को लेकर स्वयं सहायता समूह, ग्राम प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पोषण पखवाड़ा को कैसे बेहतर तरीके से आयोजन किया जा सके इसके बारे में रणनीति बनाई जाएगी। ताकि यह लोग समुदाय में जाकर लोगों को जागरूक कर सके। इसके अंतर्गत किशोरी समूह का गठन करना, योग के प्रोत्साहन के लिए परिवार को जागरूक करना भी मुख्य कार्य होगा।

पोषण पखवाड़ा में आयोजित स्वस्थ बालक बालिका स्पर्धा में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की लंबाई, ऊंचाई तथा वजन लेते हुए पोषण ट्रैकर पर फिड करना है। इस गतिविधि से सुपोषित उत्तर प्रदेश की परिकल्पना को साकार करना है। गतिविधि के आयोजन की सफलता में ग्राम प्रधान और पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस गतिविधि का मुख्य उद्देश 6 वर्ष तक के बच्चों खासकर 6 माह से कम उम्र के बच्चे के पोषण स्तर में सुधार लाना पोषण के महत्व पर जागरूकता बढ़ाना तथा एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाना है। बच्चों में वृद्धि निगरानी पश्चात स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चे जिन्हें अन्य विभागीय सेवाए भी प्राप्त हो उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।

उक्त बैठक में उप निदेशक कृषि, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपायुक्त आजीविका मिशन ,क्रीड़ा अधिकारी ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ,सूचना अधिकारी ,नेहरू युवा केंद्र सहित विकासखंड के समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा प्रभारी उपस्थित रहे।

एमएलसी ने अधिकारीयों को दी हिदायत, कहा…..

गाजीपुर। शनिवार को एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में PWD विभाग के अधिकारियो संग बैठक किया। इस दौरान जिले मे चल रहे विकास परियोजनाओ की जानकारी ली। बैठक में अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता लोक निर्माण विभाग ( PWD ) से पूर्व एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में हुए कार्यों की समीक्षा किया। एमएलसी अधिकारियो को विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की कोताही न बरतने का निर्देश दिया। सभी अधिकारियो को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन के मंशा स्वरूप कार्यों को समय से पूर्ण कराया जाएं। साथ ही सख्त हिदायत दिया कि शासन के किसी भी योजना क्रियान्वयन और विकास कार्यों में भ्रष्टाचार कत्तई बर्दाश्त नही किया जाएगा।

दर्जनों विद्युत कर्मचारी बर्खास्त, कई के खिलाफ मामला दर्ज

गाजीपुर। बिजली कर्मियों की हड़ताल को लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने बताया कि जनपद में बिजली कर्मियों द्वारा 72 घंटे के लिए हड़ताल पर है। अभी 40 घंटे से ज्यादा समय हो चुका है। ऐसे में आम जनमानस की सुविधा के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है कि बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल रहे। इसकी व्यवस्था के तहत आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के माध्यम से सभी बिजली सब स्टेशनों पर तैनात कर कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही गैंगमैन व लाइनमैन की भी तैनाती की गई है। साथ ही कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। कंट्रोल रूम में सूचना मिलते ही गैंगमैन व लाइनमैन ,आउटसोर्सिंग के कर्मचारियों को भेज कर बिजली व्यवस्था बहाल कराई जा रही है। कल कुछ इलाकों में बिजली की सप्लाई बाधित रही, जिस को दुरुस्त करने के लिए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के माध्यम से बिजली व्यवस्था को बहाल कराया गया। वहीं कुछ विद्युत उपकेंद्र पर आउटसोर्सिंग के कर्मचारी भी नदारद रहे। जिनके खिलाफ एस्मा के तहत 12 लोगों पर एफ आई आर दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि आउटसोर्सिंग के 37 कर्मचारी काम पर नहीं आए थे। उनकी सूची बनाकर बिजली विभाग के एमडी को भेज दिया गया है। जिनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई हो चुकी है और जिन कर्मचारियों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराई गई है उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी जा रही है। वही बिजली व्यवस्था को लेकर आम जनमानस की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। जिसका नंबर 9453047253 और बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा भी कलेक्ट्रेट में 24 घंटे सेवा के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसका लैंडलाइन नंबर 0548-2224041 है। इस नंबर पर कोई भी उपभोक्ता बिजली से संबंधित परेशानी की सूचना दे सकता है। सूचना देने वाले को तत्काल सुविधा मुहैया कराई जाएगी।

21 मार्च को लगेगा रोजगार मेला

गाजीपुर। निदेशक, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन लखनऊ के निर्देशानुसार 21 मार्च को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तुलसीपुर में जिला सेवायोजन कार्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण, संस्थान के तत्वाधान में प्लेसमेंट डे/रोजगार मेला पूर्वान्ह् 11 बजे से अपरान्ह् 3 बजे तक आयोजित किया जायेगा। इस मेले में विभिन्न कम्पनियां/नियोजक प्रतिभा करेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेला में प्रतिभाग करने हेतु अपने समस्त शैक्षिक योग्यता, आई0टी0आई0 के मूल प्रमाण पत्रों व प्रत्येक प्रमाण पत्र की दो-दो छायाप्रति के साथ मास्क लगाकर कोविड-19 को ध्यान में रखते हुये उक्त मेंले में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें। उक्त हेतु कोई भी यात्रा भत्ता/अन्य भत्ता देय नहीं होगा।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर करेंगे संघर्ष

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर करेंगे संघर्ष: बालेन्द्र त्रिपाठी
संगठन हित में कार्य करने का लिया संकल्प


गाजीपुर। राज्य कर्मचारी महासंघ जिला इकाई की बैठक लोक निर्माण विभाग के परिसर में जिलाध्यक्ष बालेन्द्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में शनिवार को संपन्न हुई। इसमें संगठन के विस्तार पर पदाधिकारियों ने चर्चा की। वही संगठन हित में कार्य करने का संकल्प लिया। संगठन के मध्यम से विभिन्न मांगों जैसे-केंद्र के समान महंगाई भत्ता, पुरानी पेंशन, पदोन्नति, वेतन विसंगति, अनुकंपा नियुक्ति, सातवें वेतनमान अनुसार मकान भत्ता आदि मांगों पर विचार विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष बालेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि सरकार द्वारा राज्य कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है। संगठन के प्रांतीय पदाधिकारियों ने शासन स्तर पर कई बार प्रयास किया पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो सकी। बैठक में शासन की अनदेखी के खिलाफ जल्द ही प्रदेश स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने महासंघ के पदाधिकारियों से आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने एवं रणनीति तैयार करने का आग्रह किया। सदस्यों ने कहा कि संघ के द्वारा जो कदम उठाये जायेंगे उसमें कर्मचारी साथ देंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अगर यह सब मांगे पूर्ण नहीं होती है तो राज्य स्तर पर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। जिसकी सारी जवाबदेही राज्य सरकार की होगी। बैठक में बैठक में मनोज राय, पंकज यादव, ईश्वर यादव, मोहन कुशवाहा, मनोज कुमार यादव, सुरेन्द्र यादव, बेबी देवी, रामविलास सिंह कुशवाहा, मोती लाल ठाकुर, राधेश्याम यादव, अमित तिवारी, श्याम नारायण आदि मौजूद रहे। संचालन सन्तोष कुमार यादव ने किया।

भाजपा के शासनकाल मे जनपद का हो रहा बहुमुखी विकास: एमएलसी

गाजीपुर। देवकली ब्लाक के माऊपारा ग्राम मे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण विषय पर संगोष्ठी देवकली मंडल शक्ति केन्द्र के तत्वाधान मे शनिवार को आयोजित किया गया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा की केन्द्र व प्रदेश मे सत्तारुण भाजपा के शासनकाल मे गाजीपुर जनपद का बहुमुखी विकास हो रहा है। जिसमे जनपद मे मेडिकल कालेज, फोरलेन सहित गांवो मे सङकों का निर्माण, रेलवे स्टेशन सहित अन्य विकास कार्य जारी है, साथ ही विगत नौ वर्षो मे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओ और उपलब्धियों के बारे में भी अवगत कराया। एमएलसी ने विरोधियो पर तंज कसते हुए कहा की विधायक व सासंद ऐसा चुने की जो आप लोगो के सुख – दुख, दर्द मे शामिल हो। भारतीय जनता पार्टी एक ऎसी पार्टी है जिसमें बिना भेद भाव बरते सभी जाति, धर्म, समप्रदाय का विकास कर रही है। जब तक समाज के दबे, कुचले वर्गो का विकास नही होगा तब तक हमारा राष्ट्र समृद्धसाली नही हो सकता है। संगोष्ठी कार्यक्रम में एमएलसी प्रतिनिधि डा. प्रदीप पाठक, लोकसभा संयोजक आईटी अनूप जायसवाल, नरेन्द्र कुमार मौर्या, दीलीप गुप्ता, कमलेश पाण्डेय, अवधेश सिंह, प्रवीण त्रिपाठी, नौसाद अहमद, रामलोचन राम, कृपाशंकऱ कुशवाहा, सनाउल्लाह शन्ने, लड्डन अहमद, राजेश गुप्ता आदि लोग प्रमुख रुप से मॊजूद थे। अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि उपेन्द्र लाल यादव व संचालन आँशु दूबे ने किया। अंत मे कार्यक्रम के आयोजक शक्ति केन्द्र प्रमुख पवन वर्मा ने आये हुए लोगो के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस नंबर पर करें शिकायत…

गाजीपुर।16 मार्च से विद्युत विभाग के कर्मचारियों के हड़ताल के दृष्टिगत जनपद मे विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए जिला आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण (जिला इमरजेन्सी आपरेशन सेन्टर) कलेक्ट्रेट गाजीपुर मे स्थित कन्ट्रोल रूम को क्रियाशील कर दिया गया है।जिसका दूरभाष नं0- 0548- 2224041 है। इसके साथ ही बिजली की समस्याओं का समाधान करने के लिए टोल फ्री 1912 एवं बिजली विभाग कंट्रोल रूम नं 9453047253 पर फाल्ट संबंधी शिकायतें दर्ज करा सकते।
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 ने बताया है कि शान्ति व्यवस्था व जनपद मे विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बनाये रखने हेतु अधिकारियो/कर्मचारियों की तैनाति शिफ्टवार की गयी है। जिसमे सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक गजाधर सिंह, चकबन्दी अधिकारी,मो0नं0 9935794803 के साथ सहयोगी कर्मचारी अरविन्द कुमार प्रबन्ध लिपिक अभिलेख कक्ष(माल), मो0नं0-8433300998 एवं अनिल कुमार कुशवाहा, प्रति लिपिक सम्बद्ध वाद लिपिक कलेक्ट्रेट गाजीपुर मो0नं0- 9415357189 है। दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक शिवनाथ पाण्डेय, चकबन्दी अधिकारी गाजीपुर मो0नं0- 9140262579, के साथ सहयोगी कर्मचारी प्रशान्त कुमार गुप्ता, एसीआरए कलेक्ट्रेट गाजीपुर मो0नं0- 9598053543,एवं शिवचन्द सिंह यादव, एसीआरए कलेक्ट्रेट गाजीपुर मो0नं0- 7565915946 है एवं रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक नरेन्द्र कुमार विश्वकर्मा जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, मो0नं0- 8299654714 के साथ सहयोगी कर्मचारी अनिल कुमार श्रीवास्तव वाद लिपिक कलेक्ट्रेट गाजीपुर मो0नं0- 9451602022 एवं तारिक प्रबन्ध लिपिक अभिलेख कक्ष(माल) मो0नं0- 9889795173 की तैनाती अग्रिम आदेश तक की गई है।
उन्होने निर्देश दिया है कि यह आदेश तत्काल प्रभावी होगा ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारी/कर्मचारी अपने तैनाती अवधि मे समय से उपस्थित होकर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे तथा नियंत्रण कक्ष में रक्षित पंजिका मे प्राप्त शिकायतो/सूचनाओ को अंकित करते हुए उसका निराकरण संबंधित से कराएंगे।

8 कर्मचारियों के खिलाफ एस्मा एक्ट में होगी कार्यवाही

गाजीपुर। पावर कारपोरेशन के कर्मचारियों द्वारा प्रस्तावित हड़ताल के दृष्टिगत विद्युत उपकेंद्र एवं संयंत्रों पर सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं शान्ति व्यवस्था को सुदृण रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देशन में समस्त उप जिलाधिकारी और तहसीलदार द्वारा जनपद विभिन्न सब स्टेशनो का शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जमानियॉ, जखनियॉ, सेवराई, सैदपुर, सदर एवं मुहम्मदाबाद के विभिन्न सब स्टेशनों पर तैनात कर्मचारियो की उपस्थिति की जॉच की गयी। जॉच के दौरान जमानियॉ मे 01, जखनियॉ मे 02, सेवराई 02, सैदपुर मे 01, सदर मे 01 एवं मुहम्मदाबाद मे 01 सब स्टेशनो पर तैनात कर्मचारी अनुपस्थित पाये गये। जो शासकीय कार्य मे बाधा एवं घोर लापरवाही का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित एंव हड़ताल में शामिल कर्मचारियो के विरूद्ध एस्मा एक्ट के तहत कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।

भाजपा सरकार पर जमकर बरसीं महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष, कहा….

गाजीपुर। महिला सभा के पुनर्गठन हेतु जिले में समीक्षा बैठक करने आईं समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष एवं पुर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव का जिलाध्यक्ष रामधारी यादव के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय समता भवन पर महिला सभा की कार्यकर्ताओं द्वारा शुक्रवार को स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि रीबू जी संघर्ष की पर्याय है। उनके संघर्षों की बदौलत ही पार्टी ने उन्हें यह सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि किया हुआ संघर्ष कभी खाली नहीं जाता। उन्होंने सभी से पार्टी हित में संघर्ष करने की नसीहत देते हुए कहा कि वक्त आने पर आप सभी को सम्मान मिलेगा।
समीक्षा बैठक करते हुए महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने अपने स्वागत के लिए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए संगठन की समीक्षा करने के पूर्व सबसे पहले सभी महिला कार्यकर्ताओं से उनकी परेशानी और संगठन विस्तार में आने वाली दुश्वारियों के बारे में जानकारी प्राप्त किया।

उन्होंने पार्टी की मुख्य शाखा, युवा संगठन के साथ साथ सभी प्रकोष्ठों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी जिला नेतृत्व को निर्देश दिया और कहा कि सक्रिय, समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही संगठन में स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में महिलाओं का जीवन संकट में हैं। प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था के चलते योगीराज में महिलाएं पूरी तरह से असुरक्षित है। बहु बेटियों का घर से निकलना दूभर हो गया है। शोहदों के आतंक के चलते बेटियों की इज्जत और सम्मान पर संकट हैं। योगी के एंटी रोमियों स्क्वाड का दूर दूर तक कहीं कोई अता पता नहीं है। महिलाओं के सम्मान की सुरक्षा करने में योगी सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है। लगातार बढ़ती मंहगाई के चलते महिलाएं खुन के आंसू रो रही हैं। मंहगाई के चलते महिलाओं को तमाम दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर और खाध पदार्थो के लगातार बढ़ते दामों के चलते उनका किचन संभालना मुश्किल पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के साथ धोखा किया है। दीपावली और होली पर फ्री गैस सिलेंडर का वादा करने वाली भाजपा सरकार ने होली के ठीक पूर्व गैस सिलेंडर का दाम पच्चास रूपया बढ़ाकर महिलाओं से वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कुनीतियों के चलते समाज का हर वर्ग दुखी और मायूस हैं। समाज का कोई ऐसा वर्ग नहीं है जो अपनी समस्याओं को‌ लेकर आंदोलित न हो। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने सबसे ज्यादा बेरोजगार नौजवानों को मायूस किया है। योगीराज में कोई भी प्रतियोगी परीक्षा आज तक सकुशल सम्पन्न नहीं हो सकी‌। रोजगार देने में यह सरकार पूरी तरह फेल रही है। यह सरकार केवल पूंजीपतियों के हक में फैसले ले रही है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में महिलाओं के हक में लिए गये फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की लड़ाई लड़ी है और लड़ती रहेगी।

कहा कि जब जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी हैं महिलाओं के आत्मसम्मान और उनके हक में तमाम फैंसले लिए गये। भाजपा सरकार को बेदखल करने के लिए और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बने इसके लिए संगठन को मजबूत करने और कड़ी मशक्कत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के हक और हकूक के लिए महिला सभा सड़कों पर उतरेगी। इस बैठक में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, विधायक जै किशन साहू, पुर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, गोपाल यादव, अरुण कुमार श्रीवास्तव, रविन्द्र प्रताप यादव, डॉ सीमा यादव, परमशीला यादव, नफीसा बेगम, रीना यादव, कंचन रावत, रीता विश्वकर्मा, सीता यादव, ममता विश्वकर्मा, मधुबाला बिंद, मीरा उपाध्याय, डॉ समीर सिंह, अमित ठाकुर, रामज्ञान यादव, अशोक कुमार बिंद, चन्द्रिका यादव, अनिल यादव, गोवर्धन यादव, भानु यादव, देवेन्द्र यादव, आजाद राय, रामाशीष यादव, रामवचन यादव, वंशबहादुर कुशवाहा, अतीक अहमद राईनी, लल्लन राम, रजनी कान्त यादव, अशोक यादव आदि उपस्थित थे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला सभा की जिलाध्यक्ष आशा यादव और संचालन महिला सभा की प्रदेश सचिव विभा पाल ने किया।