गाजीपुर। एक असहाय वृद्ध महिला के लिए क्राईम ब्रान्च के सर्विलांस सेल में कार्यरत दिनेश कुमार ने रक्तदान कर नया जीवन दिया। बता दें कि मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती एक वृद्ध असहाय महिला को बी.पॉजिटिव ब्लड की अति आवश्यकता थी। वृद्ध महिला की कोई संतान नहीं है परिवार में केवल वृद्ध पति-वृद्ध पत्नी के अलावा कोई नहीं है इसलिए भर्ती वृद्ध महिला के वृद्ध पति बहुत परेशान थे। जिसकी जानकारी कुंवर वीरेन्द्र सिंह के माध्यम से सर्विलांस सेल में कार्यरत कांस्टेबल दिनेश कुमार को हुई। कांस्टेबल दिनेश कुमार ने बिना समय गवाएं मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक पहुंचकर रक्तदान किया। उसके बाद भर्ती वृद्ध महिला और उनके वृद्ध पति से मिलकर कुशल क्षेम पूछकर चले गए। पूर्व में भी वृद्ध महिला को कुंवर वीरेन्द्र सिंह ने स्वयं रक्तदान किया था। इस नेक कार्य के लिए वृद्ध महिला और उनके पति ने दिनेश कुमार और कुंवर विरेंद्र सिंह की भावुक होकर धन्यवाद किया।
गाजीपुर। 20 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा जेपी नड्डा का जिले में आगमन हो रहा है। जिसको लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रो में रूट डायवर्जन किया गया है। जिसमें महाराजगंज से शहर की तरफ कार्यक्रम मे शामिल होने वाले वाहन के अलावा समस्त गाड़ियां जंगीपुर होकर अपने गंतव्य तक जायेगी। हेतिमपुर से ए0आर0टी0ओ आफिस, हेतिमपुर से पी0जी कालेज, आदर्श बाजार, करण्डा, जाने वाले वाहन बन्द रहेगे। मोहम्मदाबाद, कासिमाबाद से आने वाले वाहन आलमपट्टी से मोहम्मदपुर चौराहा, जमानियां तिराहा, जंगीपुर होकर हाई-वे से होकर गन्तव्य को जायेगे। सुहवल, रेवतीपुर, जमानियां से आने वाले वाहन जमानिया तिराहा, जंगीपुर होकर हाई-वे गन्तव्य को जायेगे। दुल्लहपुर, शादियाबाद से आने वाले वाहन मीरनपुर शक्का से बदरीचन्द पोखरा, जमानिया तिराहा होकर गंतव्य को जायेगे। जंगीपुर से आने वाले वाहन बदरीचन्द पोखरा, मीरनपुर शक्का से बदरीचन्द पोखरा, जमानिया तिराहा से होकर गन्तव्य को जायेगे। इसके अतिरिक्त शहर के अन्दर छावनी लाइन से पी0जी0कालेज, आदर्श बाजार से विकास भवन, विकास भवन से भुतहिया ताड़, बड़ी बाग चुंगी से सेन्ट जांन्स स्कूल सरैया छावनी लाईन, सम्राट ढाबा गेट से छावनी लाईन चौराहा प्रातः 8 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक पूर्ण रूप से बन्द रहेगा। इस रूट डायवर्जन की जानकारी यातायात प्रभारी सुशील मिश्रा ने दी।
गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित फुल्लनपुर कॉलोनी में गुरुवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। घर में घुसकर महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त महिला घर में अकेली थी। दोपहर बाद जब बेटा लौटा तो उसने लहूलहुान शव देखकर शोर मचाया। महिला की कूच कूचकर हत्या कर दी गई। महिला का शव आवास में लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला। वारदात से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सरिता सिंह 40 वर्ष पति सुरेन्द्र सिंह निवासी डांडी थाना बिरनो पांच वर्ष पहले फुल्लनपुर क्षेत्र में जमीन लेकर मकान बनवाए थे और वही निवास करते थे। गुरुवार की दोपहर सरिता की हत्या कर दी गई और मौके से हत्यारे फरार हो गए। घटना के समय पुत्री 18 वर्ष परीक्षा देने गई थी। जबकि पुत्र 14 वर्ष बाहर खेल रहा था। इनकी शादी वर्ष 2004 में हुई थी। सरिता के पति एक माह पूर्व ही अवकाश समाप्त कर डियूटी पर वापस लौटे थे। घटना स्थल पर क्षेत्राधिकारी, शहर कोतवाल और क्राइम ब्रांच टीम पहुंचकर छानबीन शुरू कर दिया है।
नेपाल प्लेन क्रैश पीड़ितों के परिजनों से मिले कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय, सरकार से आश्रितों को 50 लाख रुपए और नौकरी की मांग
गाज़ीपुर। गुरुवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय अपने गृह जनपद गाजीपुर के दौरे पर थे, वे प्लेन क्रैश पीड़ितों से मिलकर उनकी पीड़ा समझी और सरकार से प्रत्येक परिवार को 50 लाख रुपए और हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की। गुरुवार को प्रांतीय अध्यक्ष सुबह जिलाध्यक्ष सुनील राम एवम अन्य लोगों के साथ अपने पैतृक गांव मलसा के शिवपूजन इंटर कॉलेज के 83 वें वार्षिकोत्सव में पहुचे, और विद्यालय के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिए, वहां कालेज की प्रबंधकीय समिति के साथ जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और नागरिकों ने माल्यार्पण कर उनका बड़े ही गर्मजोशी से स्वागत किया। साथ ही विद्यालय के बच्चों ने स्वागत में गीत संगीत व अन्य कार्यक्रमो से अजय राय का मन मोह लिया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने अपने संबोधन में विद्यालय परिवार का धन्यवाद करते हुए उपस्थित छात्रों और आगंतुकों को बताया कि वे भी इसी मिट्टी के हैं और ये वीरों और शहीदों की भूमि है। उन्होंने छात्रों से कहा कि ये विद्यालय काफी पुराना और पठन पाठन के क्षेत्र में काफी लोकप्रिय है, यहां से एक से बढ़कर एक विभूतियों ने क्षेत्र का नाम रौशन किया है, आप लोग भी मन लगाकर पढ़ें और अपनी मिट्टी का नाम दुनियाँ भर में रौशन करे।
इसके बाद प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने पूर्व ब्लाक अध्यक्ष विंध्यवासिनी राय की पत्नी के दुखद निधन पर देवरिया गांव में जाकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी, और उसके बाद अजय राय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिर्जा अशफाक बेग, मोहम्मदाबाद के कुछ दिन पूर्व हुए इंतेक़ाल के बाद दरवाजे पहुँच कर उनके शोक संतप्त परिजनों से मिले व सांत्वना व्यक्त की।
इसके बाद कॉंग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय कासिमाबाद क्षेत्र के अलावलपुर पहुचे जहां पिछले 15 जनवरी को नेपाल के पोखरा में विमान दुर्घटना में दुखद हादसे में 4 स्थानीय युवकों की मौत हो गई थी। उन सभी के दरवाजे पर जाकर प्रांतीय अध्यक्ष ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी को सदैव उनके साथ खड़ा बताया। अजय राय ने कहा कि चारों मृतकों के शवों को आदरपूर्वक जल्द से जल्द गाज़ीपुर लाया जाए, इसके लिए कॉंग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम जिलाधिकारी से मिलेंगे और उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रत्येक मृतकों को 50 – 50 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी की व्यवस्था की जाए। क्योंकि ये सभी अपने परिवार की रीढ़ की हड्डी थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ने सभी जाति, धर्म और मजहब को जोड़ने का कार्य किया है और कॉंग्रेस सांसद और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस यात्रा से पूरे भारत को पैदल चलकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा ‘7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से शुरू हुई। यह 3,570 किलोमीटर लंबी, 150- दिवसीय पदयात्रा है, जो देश भर के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश को कवर करते हुए कश्मीर तक जा रही है। जिसमें राहुल गांधी दिन में लोगों से मिल रहे हैं और जोड़ रहे हैं, जिसका फल जल्द ही देशहित में मिलने वाला है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील राम ने प्लेन क्रैश पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते कहा की प्रत्येक पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिया जाए, उन्होंने कहा कि हम जिलाधिकारी से मिलकर जल्द से जल्द मृतकों के शवों को उनके घर लेन की मांग करेंगे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री सुनील राम के साथ पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक एआईसीसी सदस्य अमिताभ अनिल दुबे, रवि कांत राय, डॉक्टर जनक कुशवाहा, आनंद राय, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना,सुनील साहू ,संदीप विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान पंकज राय, मंसूर जैदी, करुणानिधि राय,आलोक यादव, आशुतोष गुप्ता, रामभद्र पाठक, धर्मेंद्र पासी, सुमन चौबे, अनुराग पांडे, मनीष राय , राकेश राय, झुन्ना शर्मा, विश्वनाथ जायसवाल, कैलाशपति कुशवाहा, चंद्रिका सिंह ,मोहन चौहान ,ओमप्रकाश राजभर,अवधेश साहू, माधव कृष्ण, प्रमोद कुशवाहा आदि लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का आगमन जनपद मे 20 जनवरी 2023 को निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री 11.15 बजे हेलीपैड पुलिस लाईन वाराणसी से प्रस्थान कर 11.40 बजे हेलीपैड पुलिस लाईन पहुचेगे। तत्पश्चात 11.50 बजे से 12.15 बजे तक पवहारी बाबा आश्रम मे दर्शन पूजन एवं बूथ अध्यक्षों के साथ चाय। 12.15 बजे पवहारी बाबा आश्रम से प्रस्थान कर 12.25 बजे से 12.50 बजे तक नन्द रेजीडेन्सी, बंशीबाजार मे पूर्व सैनिको के साथ संवाद एवं उनका सम्मान करेगे। 12.50 बजे से 13.20 बजे तक आरक्षित। 13.20 बजे नन्दरेजीडेन्सी से प्रस्थान कर जनसभा स्थल आई0टी0आई0 मैदान मे 13.30 बजे से 14.30 बजे तक जनसभा करेगें। 14.30 बजे आई0टी0आई जनसभा से प्रस्थान कर 14.35 बजे भाजपा जिला कार्यालय पहुचकर 14.40 बजे से 15.00 बजे तक लोकसभा संचालन समिति एवं जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के उपरान्त 15.15 बजे हैलीपैड पुलिस लाईन गाजीपुर पहुचेगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कार्यक्रम स्थल आईटीआई मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ सफाई, पेयजल की व्यवस्था और शौचालय का निरीक्षण किया। इसके बाद पवहारी बाबा आश्रम का भी निरीक्षण किया। वहां पर भी साफ-सफाई शौचालय इत्यादि की व्यवस्था को देखा।
गाजीपुर। भारत की आजादी का अमृतकाल चल रहा है। आज आजादी के 75 वर्ष बीत गए, जब देश अपनी 100 वीं आजादी का जश्न मना रहा होगा तब इस नई शिक्षा नीति का वास्तविक लाभ हमारे बच्चों के साथ साथ समाज को मिलेगा। उपरोक्त बातें बुधवार को अलीपुर मांदरा स्थित स्व. रामनगीना सिंह इंटर कालेज में चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता छात्र/छात्राओं को संबोधित करते केंद्रीय शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “परीक्षा पर चर्चा” नामक कार्यक्रम के अन्तर्गत आज पेंटिंग और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसे संबोधित करते केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा की नई शिक्षा नीति से हमारे देश में बहुत बड़ा बदलाव आने वाला है। उन्होंने कहा कि परीक्षा से बच्चों को डरने की जरूरत नहीं है। उसको एक उत्सव के रूप में लेने की जरूरत है। परीक्षा का तनाव जितना कम होगा परीक्षा देने में उतनी ही आसानी होगी। उन्होंने आगे कहा कि आज इंटरनेट की दुनिया में तमाम सुविधाएं छात्र छात्राओं को उनके पठन-पाठन के कार्य में सहायक के रूप में उपलब्ध है। पहले की तरह अब छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। उन्होंने नई शिक्षा नीति 2020 पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के उत्कृष्ठ सोच के कारण आज शिक्षा के क्षेत्र में अनेक बाधाएं थी। जिसे इस नीती के माध्यम से समाप्त किया गया है। बच्चों को पढ़ाई में किस प्रकार सुगमता हो इसकी पूरी चिंता प्रधानमंत्री ने इस नई शिक्षा नीति के माध्यम से की है। उन्होंने कहा कि इस नीति के अंतर्गत पढ़ाई के साथ-साथ व्यवसायिक शिक्षा पर भी ध्यान दिया गया है। जिसका लाभ छात्रों को मिलेगा। उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं से कहा की 27 जनवरी को प्रधानमंत्री के “परीक्षा पर चर्चा” कार्यक्रम से आप सब अवश्य जुड़े। जिससे आपको आने वाली परीक्षाओं के डर और तनाव से छुटकारा मिलेगा। इस चित्रकला प्रतियोगिता कक्षा 10 के छात्र सतीश कुमार प्रथम, कक्षा 11 की छात्राएं क्रमश अर्चना यादव और रिया यादव द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। 10 उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालो को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, लोकसभा प्रभारी सुशील उपाध्याय, कार्यक्रम के संयोजक श्यामराज तिवारी, राजेश राजभर, प्रधानाचार्य शालिनी श्रीवास्तव, संदीप सिंह सोनू, जिला सोशल मीडिया संयोजक कार्तिक गुप्ता, प्रशांत सिंह, संतोष यादव आदि अन्य लोग उपस्थित रहे।
महिला महाविद्यालय में यौन हिंसा विषय पर कार्यशाला एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत हस्ताक्षर अभियान का हुआ आयोजन।
गाजीपुर। बुधवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में महिला कल्याण विभाग से संबंध महिला शक्ति केंद्र द्वारा लैंगिक हिंसा विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं पर हो रहे शारीरिक- मानसिक, पारिवारिक तथा साथी हिंसा एवं महिला कल्याण से संबंधित विभागीय योजनाओं के बारे में महिला कल्याण अधिकारी नेहा राय ने विस्तार से जानकारी दी। महिला शक्ति केंद्र की जिला समन्वयक शिखा सिंह ने बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, दंपत्ति पुरस्कार योजना, भ्रूण हत्या के बारे में उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं को परिचित कराया। इसी क्रम में लक्ष्मी मौर्या जिला समन्वयक द्वारा वन स्टॉप सेंटर द्वारा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं बाल विवाह की रोकथाम के बारे में छात्राओं को विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों ने उत्साह पूर्वक इस कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए सवाल जवाब किए। इस अवसर पर राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर एक वृहद हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित हुआ। साथ ही भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए उपस्थित समस्त छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई गई।
राष्ट्रीय बालिका सप्ताह के तहत महाविद्यालय में 19 जनवरी को एक पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ सविता भारद्वाज ने बेटियों को साक्षर ही नहीं बल्कि सुशिक्षित बनाने आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने तथा विभिन्न उपायों के माध्यम से सशक्तिकरण करते हुए समाज की मुख्यधारा में पुरुषों के बराबर कंधे से कंधा मिलाकर चलने की बात की। कहा कि इसमें शासन-प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय भी बराबर रूप से शामिल हो तभी बात बनेगी। कार्यक्रम का संचालन आइक्यूएसी प्रभारी डॉ संतन कुमार राम तथा संयोजन एवं आभार ज्ञापन महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ अनिता कुमारी ने किया। इस अवसर पर प्रज्ञा रेंजर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी से जुड़ी छात्राएं, महाविद्यालय के मीडिया एवं रेंजर प्रभारी डॉ शिव कुमार, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉक्टर शशिकला जयसवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ अमित यादव, डॉ संगीता, डॉ गजनफर सईद, डॉ राजेश यादव, डॉ हरेंद्र यादव, डॉ सारिका सिंह, डॉ अभिषेक सिंह सहित सभी प्राध्यापक कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे।महिलाओं के विरूद्ध हो रही हिंसा को समाप्त करने के लिये और जागरूक करने के लिए आपातकालीन टोल फ्री नं0 जैसे 181, 1090, 112, 1098, 1076 आदि के बारें मे भी जानकारी दी गई।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता मे बुधवार को किसान दिवस का आयोजन विकास भवन सभागार मे किया गया। बैठक मे सर्वप्रथम जिलाधिकारी द्वारा कृषको को धन्यवाद ज्ञापित किया, उसके उपरान्त जिलाधिकारी ने एक-एक किसानों की समस्याओं को सुना, उसके उपरान्त जिलाधिकारी ने किसानो की कोई भी समस्या पर तत्काल निस्तारण करने का निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिया। किसानो ने सिचाई हेतु पानी की समस्या बताई जिसपर जिलाधिकारी ने सिचाई विभाग अधिशासी अभियन्ता से पूछने के दौरान देवकली पम्प कैनाल प्रथम व द्वितीय को बैठक में अनुपस्थित बताया गया। जिस पर जिलाधिकारी ने इन दोनो अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी तथा नहर एवं अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सहित सम्मानित किसान बन्धु उपस्थित रहे।
गाजीपुर। मंगलवार को आई.ए.एस. विशेष सचिव उच्चशिक्षा उ०प्र० शासन एवं नामित नोडल अधिकारी डा. अखिलेश कुमार मिश्रा, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता ने तहसील जमांनिया अन्तर्गत अस्थायी गोे-आश्रय केन्द्र रेवतीपुर एवं कान्हा गौशाला जमानियां का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने पशुओ के चारा, पानी एवं उनके बीमारियों के सम्बन्ध मे जानकारी ली, साथ ही पशुओ को ठण्ढ से बचाने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने रेवतीपुर मे मौके पर ग्राम पंचायत अधिकारी के उपस्थित न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निलंबित करने का निर्देश दिया। नोडल अधिकारी द्वारा गो-आश्रय स्थल के स्थलीय निरीक्षण के दौरान गौ-आश्रय स्थल में उपस्थित पशुओं की संख्या, चारा पानी, की जानकारी ली। मौके पर पशुओ के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, चोकर एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पायी गयी। बताया गया कि पशुओ के लिए हरे चारे की बुवाई की गयी है तथा ठंड से बचाव हेतु शेड को चारो ओर तिरपाल से घेरा गया है. तथा छोटे गोवंश के लिये बोरे से ढकने की व्यवस्था की गयी है। रात्रि में अलाव जलाने की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. तथा समय समय पर संक्रामक बीमारीयों से बचाव हेतु टीकाकरण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सभी अभिलेख का अवलोकन किया गया जो ठीक मिले।
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सोमवार की शाम राइफल क्लब सभागार में मुख्यमंत्री की घोषणा, निर्माण कार्य, क्रिटिकल गैप्स, 50 लाख से अधिक एवं 50 लाख से कम परियोजनाओ, त्वरित आर्थिक विकास योजनाओ के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यो की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, सी0एन0डी0एफ0, आवास विकास परिषद, लो0नि0वि0, आर0ई0डी, यू0पी0 सिडको, यू0पी0 पी0सी0एल0 वाराणसी, आजमगढ, राजकीय निर्माण निगम आजमगढ, बलिया, वाराणसी, भदोही, राज्य निर्माण संघ वाराणसी, जल निगम वाराणसी, अभियन्त्रण एवं सहकारी संघ लि0, देवकली पम्प कैनाल प्रथम, द्वितीय, सिंचाई निर्माण खण्ड एवं अन्य कार्यदायी संस्थाओं के निर्माण कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। बैठक मे जिलाधिकारी ने माह दिसम्बर 2022 मे पूर्ण होने वाले कार्यो की जानकारी कार्यदायी संस्थाओं से ली तथा निर्धारित अवधि मे कार्य पूर्ण न करने वाले कार्यदायी संस्थाओं को अधूरे कार्यो मे तेजी लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य मे मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने अधूरे कार्य जो धनाभाव के कारण रूके है की जानकारी लेते हुए पत्राचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे।
उन्होने मुख्यमंत्री की घोषणाओ के कार्याे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। बैठक में जिलाधिकारी ने जल निगम ग्रामीण/शहरी, लोक निर्माण विभाग, यू पी सिडको, प्रोजेक्ट कार्पोरेशन वाराणसी, आजमगढ़, आर ई एस, पर्यटन, आवास विकास, राजकीय निर्माण निगम बलिया, वाराणसी, भदोही, सी एन डी एस कार्यदायी संस्थाओ द्वारा कराये जा रहे कार्यो की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को मानक के अनुरूप एवं गुणवत्तापुर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। जनपद मे निर्माण के अधूरे कार्य जो धनाभाव के कारण रूके है की जानकारी ली तथा उच्चाधिकारी को पत्राचार करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने धनावंटन के बाद भी कम प्रगति वाले कार्याे पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्याे को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुसार निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्याे में किसी भी स्तर पर लापरवाही को बहुत ही गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी उसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। जो भी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है उसको सम्बन्धित विभागो को हैण्डओवर कराने का निर्देश दिया। उन्होने मुख्यमंत्री की घोषणाओ के कार्याे को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए पूर्ण कराने का निर्देश दिया। कहा कि इसकी समीक्षा सीधे शासन स्तर से की जाती है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, अर्थ एवं संख्याधिकारी नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारी उपस्थित थे।