Category Archives: Ghazipur

डेंगू मरीजों के लिए बेड

डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित हुआ बेड

गाजीपुर। डेंगू का कहर इन दिनों पूरे प्रदेश में चल रहा है। जिसको लेकर स्वास्थ विभाग के द्वारा जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू पीड़ित मरीजों के लिए बेड को आरक्षित कर दिया गया है। इसी के मद्देनजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहमदाबाद पर भी डेंगू पीड़ित मरीजों के लिए पांच बेड को आरक्षित कर दिया गया है। हालांकि मौजूदा समय में मोहम्मदबाद तहसील के अंतर्गत डेंगू मरीज मिलने की कोई सूचना नहीं है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि डेंगू के मद्देनजर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुहम्मदाबाद पर 5 बेड डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित किया गया है। जो कभी भी आपतकालीन स्थिति में पीड़ित मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श पर रखा जा सकता है। अभी तक क्षेत्र के अंतर्गत जो डेंगू मरीज हैं उन पर ब्लाक रैपिड रिस्पांस टिम द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी इमरजेंसी सेवा के लिए तैयार हैं।

उन्होंने बताया की आम जन सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, पुरे बाहर के पैंट एवं शर्ट पहने, छतों या घरों में कबाड़ की समान को हटा दें, कुलर, गाड़ी के टायर, बंद गमलों इत्यादि को देख ले के उसमें पानी इकट्ठा न हो, यदि हो तो उसकी विधिवत सफाई करें। पानी की टंकियों की सफाई अवश्य करा लें, गाय एवं गौशालो की सफाई नियमित रूप से करते रहे। क्योंकि यहां मच्छरों को पनपने के लिए स्थान मिलते हैं। नालियों की सफाई एवं घर के पास कूड़ा कचरा न रहने दें। गांव के तालाबों, कुओं की सफाई भी इन दिनों आवश्यक है। क्योंकि ऐसे स्थानों पर मच्छरों को पनपने का स्थान मिलता है।

खिड़कियां एवं दरवाजों को बंद रखें सम्भव हो तो खिड़कियों एवं दरवाजों में जाली लगा लें जिससे बाहरी मच्छरों का प्रवेश न हो पाए। इन सभी आवश्यक सावधानियां को यदि हम अपने नियमित दिनचर्या में रखते हैं तो हमारे आस पास मच्छरों को पनपने का स्थान नहीं मिलेगा। और हम पूर्णतः सुरक्षित रहेंगे। इसी क्रम में सर्दी, जुकाम, बुखार इत्यादि किसी भी तरह की समय पर तत्काल स्थानीय प्राथमिक/ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्साधिकारी से अवश्य सम्पर्क करें जिससे समय से आपको उचित परामर्श मिल सके।

तीन गिरफ्तार, तमंचा बरामद

गाजीपुर। आर्म्स एक्ट के वांछित अभियुक्तों को नन्दगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया। बता दें कि चन्दन कुमार सिंह पुत्र सत्येन्द्र कुमार सिंह ग्रा0 बरहपुर थाना नन्दगंज के ऊपर 18 नवंबर को नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी कुन्दन सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह, सुधाकर सिंह पुत्र अशोक सिंह और निरज श्रीवास्तव पुत्र लल्लन श्रीवास्वत ने अवैध तमन्चे से फायर कर दिया था। जिसके सम्बन्ध मे चन्दन कुमार सिंह के लिखित तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत हुआ था। विवेचना के दौरान रविवार को उ0नि0 मंशाराम गुप्ता अपने पुलिस कर्मियों के साथ रात्रि गस्त कर रहे थे। गस्त के दौरान सोमवार की सुबह 6 बजे थाना क्षेत्र के साई मैरेज हाल के पास कुछ बराती सडक किनारे लड झगड रहे थे। जिसको देख मौके पर उपनिरीक्षक मंशा राम गुप्ता पहुंचे। पुलिस को देखकर सडक के किनारे दुकान के पास खडे तीन व्यक्ति सकपकाकर आगे बढने लगे। पुलिस वाले जब रोककर तीनों से कडाई से पूछताछ किया तो एक ने अपना नाम कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह पुत्र चन्द्रभूषण सिंह उर्फ जन्नू सिंह निवासी ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज, दूसरे ने अपना नाम सुधाकर सिंह पुत्र अशोक सिंह ग्राव बरहपुर थाना नन्दगंज और तीसरे ने अपना नाम नीरज श्रीवास्तव पुत्र लल्लन श्रीवास्तव निवासी ग्राम बरहपुर थाना नन्दगंज बताया। इस दौरान जब कुन्दन सिंह उर्फ विशाल सिंह की तलाशी ली गई तो उसके पास एक अदद देशी तमन्चा बरामद हुआ। तमंचे के बारे में कडाई से पूछताछ करने पर कुन्दन ने बताया कि 18 नवंबर को इसी तमन्चे से हमने फायर किया था। अभियुक्त के निशादेही पर घटना स्थल से अवैध तमन्चे से किए गए फायर का बुलेट बरामद कर गिरफ्तारी की गयी। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 मंशाराम गुप्ता, कांस्टेबल राजेश कुमार, का0 जय प्रकाश यादव और का0 आशुतोष पासवान शामिल रहे।

पेड़ से टकराई पिकअप,एक की मौत

पेड़ से टकराई पिकअप,एक की मौत

ग़ाज़ीपुर।करीमुद्दीनपुर थाना के पास रविवार की रात तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार भांवरकोल थाना क्षेत्र के कुंडेसर गांव निवासी नंदकिशोर राम 22 वर्ष वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रोज की तरह रविवार को रात कुंडेसर मंडी से बैगन और मिर्चा लादकर देवरिया सलेमपुर मंडी जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 3:30 बजे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल चालक नंदकिशोर की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

असलहा के साथ दो गिरफ्तार

गाजीपुर। चेंकिग अभियान के दौरान थाना खानपुर पुलिस ने 2 अभियुक्त को 2 अदद देशी तमंचा के साथ गिरफ्तार किया। बता दें कि रविवार की रात थाना खानपुर पुलिस रात्रि गश्त व चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त सूरज गौतम पुत्र रमेश राम निवासी ग्राम खजूरा थाना सैदपुर को बहदग्राम बिहारीगंज डगरा पर और शुभम कुमार पुत्र रामचन्द्र राम निवासी ग्राम ढकवा थाना मेहनाजपुर जनपद आजमगढ़ को कुढ़ालम्बी मोड़ बहदग्राम कुढ़ालम्बी के पास से गिरफ्तार किया। दोनो अभियुक्तो के पास से एक एक देशी तमंचा 315 बोर और एक एक जिंदा कारतूस 315 बोर नाजायज बरामद किया गया। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली टीम में खानपुर थाना उ0नि0 फूलचन्द पाण्डेय, इसी थाना के उ0नि0 आशुतोष शुक्ला, कांस्टेबल शमशेर सिंह और का0 प्रवीण कन्नौजिया शामिल रहे।

डेंगू से सिपाही की मौत

डेंगू से सिपाही की मौत

गाज़ीपुर। सैदपुर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात सुनील कुमार की शनिवार की रात मौत हो गई। वह पिछले तीन दिनों से बुखार और डेंगू से पीड़ित थे। साथी की असामयिक मृत्यु से कोतवाली में शोक की लहर दौड़ गई। सुनील रायबरेली जिले के गुरूबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरेरामदीन गांव के रहने वाले थे। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर उनकी नियुक्ति 25 मई 2019 को हुई थी। वह सैदपुर कोतवाली में आरक्षी के पद पर तैनात थे। बीते कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। हालत बिगड़ती देख बीते 26 नवंबर को उन्हें सीएचसी सैदपुर में भर्ती कराया गया जहां से ठीक न होने पर चिकित्सकों ने उसी दिन देर शाम को उन्हें दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय चिकित्सालय वाराणसी रेफर कर दिया था। वहां भी चिकित्सकों के जवाब देने पर उन्हें अर्दली बाजार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां देर रात चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।सैदपुर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों एवं पुलिस द्वारा शव को थाने पर लाया गया जहां रविवार को आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस संबंध में सैदपुर के कोतवाल शिवप्रताप वर्मा ने बताया कि आरक्षी की डेंगू से मौत हुई है। वह तीन दिनों से बीमार चल रहे थे।

पति-पत्नी सहित तीन की मौत

गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के देवकली पेट्रोल पम्प के पास शनिवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से कार से पति-पत्नी सहित तीन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के जानकारी देने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
दुर्घटना के संबंध में बताया गया है कि बिहार के वैशाली जिला के सुकी गांव निवासी धीरज कुमार (45) अपनी पत्नी मोनी (40) और आलोक कुमार (35) के साथ मुजफ्फरपुर निवासी आलोक की कार से अपने बेटे प्रयास के पास प्रयागराज रात में जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे नंजगंज थाना क्षेत्र के देवकली पेट्रोल पम्प के पास गाजीपुर से वारणसी की तरफ जा रहे अज्ञात वाहन ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर रूप से घायल होने से मोनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल धीरज और आलोक कराहते हुए जिंदगी और मौत जूझ रहे थे। दुर्घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना से पुलिस को अवगत कराया गया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए सैदपुर अस्पताल भेजवाया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में एसओ महेंद्र सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में एक महिला का जहां मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दो घायलों ने वाराणसी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शव को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाई प्रारंभ की जाएगी।

छात्रों ने विद्यालय के गेट पर जड़ दिया ताला

गाजीपुर। पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार को ताला बंद कर छात्रों के रिजल्ट में हुई त्रुटि को लेकर के धरना पर बैठा छात्र संघ। जिसमें छात्र संघ के अध्यक्ष पद प्रत्याशी सोनू यादव को प्रशासन द्वारा गिरफ्तार करके कोतवाली ले जाया गया। जिसमें सोनू यादव के समर्थकों द्वारा और छात्र संघ की टीम द्वारा सोनू यादव को छुड़ाने के लिए कोतवाली के बाहर जमकर नारेबाजी करने के संबंध में प्रशासन द्वारा उनके साथियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में सोनू यादव का कहना है कि यह धरना अपने प्राचार्य और कुलपति से विनम्रता पूर्वक आगरा के रिजल्ट की मांग को सही करने के लिए पत्रक देने के बावजूद छात्रों की मांग को अनसुनी करने के खिलाफ हुआ। क्योंकि सभी मानसिक रूप से परेशान थे और यह मांग लगभग 3 महीने पहले चलती आ रही है। श्री यादव ने यह भी कहा कि उन्होंने 13/8/2022 को प्राचार्य को पत्र के माध्यम से विनम्रता पूर्वक आग्रह किया गया लेकिन प्राचार्य के द्वारा कहा गया कि आप लोग स्वयं कुलपति से वार्ता करें। श्री यादव का कहना है कि प्राचार्य अपने ऊपर कोई भी भार छात्रों की नहीं देते हैं, सारी मांग को अनसुनी करते है। सोनू यादव ने छात्रों की मांग को लेकर के कुलपति से भी एक बार शालीनता पूर्वक वार्ता किया। 29/09/2022 को जिसमें कुलपति से जल्द से जल्द रिजल्ट को संशोधित कराने की भी बात की गई लेकिन अब तक रिजल्ट सही ना होने से अत्यधिक मानसिक रूप से प्रताड़ित होने के कारण सभी छात्र सोनू यादव के साथ धरने पर बैठ गए। सबकी यही मांग है कि रिजल्ट को जल्द से जल्द सही किया जाए और छात्रों की भविष्य को बचाया जाए। अन्यथा छात्र आत्महत्या करने के लिए विवश होंगे। क्योंकि अभिभावकों का और रिश्तेदारों का बहुत ही ज्यादा रिजल्ट की गड़बड़ी को लेकर के प्रेशर है। श्री यादव का यह भी कहना है कि पूर्व जिला अधिकारी गाजीपुर मंगला प्रसाद के द्वारा भी 2 बार कुलपति को रिजल्ट के संबंध में छात्रों का पत्रक अग्रेषित किया गया लेकिन उनकी बात को अनसुनी किया गया। इस दौरान वाणिज्य संकाय अध्यक्ष शिवम पाल, धनंजय सिंह कुशवाहा, आशुतोष कुशवाहा, धीरज सिंह ,आशुतोष यादव ,दुर्गेश यादव ,अभिषेक यादव रिशु ,राजीव यादव रिशु, अभिषेक यादव, प्रिंस प्रजापति, गोविंद पाल, प्रवीण पांडे ,रूद्र प्रताप चौबे आदि छात्र छात्र नेता उपस्थित रहे।

कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है:प्रो.अजय राय

कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करना बेमानी है

गाज़ीपुर।स्वामी सहजानंद पीजी कालेज,में संविधान दिवस के अवसर पर “हमारे कर्तव्य और अधिकार” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अजय राय ने कहा कि संप्रभुता, पंथनिरपेक्षता, समाजवाद और लोकतंत्र हमारे संविधान के मूलतत्व हैं।उन्होंने कहा कि कर्तव्य और अधिकार के बीच अन्योन्याश्रित संबंध है,कर्तव्य बोध के बिना अधिकारों की बात करनी बेमानी है।
इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी डॉ. विलोक सिंह ने संविधान निर्माण की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का संविधान एक विलक्षण दस्तावेज है, जिससे विश्व के विभिन्न राष्ट्रों ने प्रेरणा ली है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक कर्मचारियों ने संविधान की शपथ ली। जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
इस कार्यक्रम में प्रो. अवधेश नारायण राय, प्रो. मधुसूदन मिश्र, अरविंद यादव, निवेदिता सिंह, डॉ. राकेश पांडेय, डॉ. विशाल सिंह, तूलिका श्रीवास्तव, कुशलपाल यादव, संजय कुमार, विनय चौहान, राजेश गुप्ता, डॉ. एस एन राय, प्रो. रामधारी राम, अजय कुमार यादव, डॉ. सतीश राय, डॉ. दे पाव प्रकाश राय, डॉ. अभय मालवीय, संजय राय, डॉ. प्रियंका यादव, डॉ. सतीश पांडेय, डॉ. कंचन सिंह, आदि शिक्षक तथा करिश्मा कुमारी, अनीश डोगरा, सोनाली राय, प्रीति राठौर, मु. आरिफ आदि विद्यार्थी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. नरनारायण राय ने किया।

अधिवक्ताओं को एडीएम ने दिलाई शपथ

एडीएम ने दिलायी अधिवक्ताओं को संविधान की शपथ


दबे कुचले वर्गो को न्याय दिलाने का कार्य अधिवक्ता वर्ग करता- डा. व्यासमुनि


गाजीपुर। अधिवक्ता परिषद कांशीप्रान्त जनपद इकाई ने जिला पंचायत सभागार में शनिवार को संविधान दिवस मनाया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि तहसीलदार सदर अभिषेक कुमार तथा मुख्य वक्ता डा. व्यासमुनि राय थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष कृपाशंकर राय ने किया। इस दौरान सर्वप्रथम भारत माता व डा. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से माल्यापर्ण कर पुष्प अर्पित किया गया। परिषद के सदस्य विभा राय एडवोकेट ने संघगीत गाकर सभी का स्वागत अभिनन्दन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डा. व्यासमुनि राय ने भारतीय संविधान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए यह कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता अम्बेडकर शुरू से ही इस बात के पक्षधर थे की आरक्षण लागु न किया जाये। उन्होने कहा कि अनेक देशो के संविधान का अध्ययन करके भारत देश का संविधान तैयार किया गया तथा समय काल परिस्थिति के अनुसार इसमें सैकड़ो संशोधन भी हो चुके है। उन्होने इस बात पर जोर दिया कि हमारी हिन्दी भाषा आज भी राज्य की ही भाषा है जब कि इसे राष्ट्र की भाषा बनाये जाने की आवश्यकता है। संविधान दिवस केवल संस्कृति एवं सभ्यता मनाने के लिए नही है बल्कि लोगो को जोडने के लिए मनाया जाता है। समाज का प्रबुद्धवर्ग अधिवक्ता अपने इमान को बनाये रखे क्योंकि समाज के दबे कुचले वर्गो को न्याय दिलाने का कार्य यही वर्ग करता है। हमारा संविधान अनेकता में एकता तथा सदैव विश्व पटल पर राष्ट्र के मान को बढ़ाने के लिए जाना जाता है।

अगले क्रम में विशिष्ट अतिथि तहसीलदर सदर ने बताया कि डा. अम्बेडकर के बनाये संविधान मे भारत एक राज्य के रूप में चित्रित किया गया है, भारत का संविधान एंेसा है जहा पर महिला सर्वोच्च पद को प्राप्त करती है जब कि लोकतंत्र का दावा करने वाले अमेरिका व तमाम विकसित देश मे ऐसा नही है। आज की परिस्थितियों में यह तथ्य बार बार उभर कर सामने आ रहा है कि गरीबो को न्याय नही मिल पा रहा है। जबकि डा. भीमराव अम्बेडकर गरीबो व निर्बलो को न्याय दिलाने के पक्षधर रहे है। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी अरूण कुमार सिंह ने बताया कि अधिकार के साथ कतर्व्य का वर्णन संविधान में किया गया है लेकिन आज हर व्यक्ति अपने अधिकार की मांग करता है, कतर्व्यो पर चर्चा नही करना चाहता है। संविधान निर्माण की परिकल्पना तभी पूर्ण होगी जब लोग अपने कतर्व्यो का पालन पहले करे और अधिकार की चर्चा बाद में करें। कार्यक्रम के मध्य में ही अपर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं को संविधान की शपथ दिलायी। वक्ता के रूप में अधिवक्ता सुरेश कुमार सिंह सह व रतन श्रीवास्तव ने विचार प्रकट किया। कार्यक्रम के अन्त में परिषद के अध्यक्ष कृपाशंकर राय ने अतिथियो तथा उपस्थित अधिवक्ताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम को समाप्त करने की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री जयप्रकाश सिंह ने किया।

इस कार्यक्रम में महिला शक्ति के रूप में विभा राय, रीना चौधरी, रीता त्रिपाठी, क्षमा त्रिपाठी, शिवकुमार बिन्द, धनश्याम दास, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह, अजय शंकर तिवारी, शिवमूरत पाल, समीर वत्स, राजेश यादव, सूर्यप्रकाश यादव, समीर वत्स, विप्लव रावत, प्रदीप रावत, सूर्यप्रकाश यादव, निशान्त सिंह, सदानन्द दास, अभय तिवारी, राजेश पाण्डेय, जयप्रकाश राय, रामकुमार राय, राजेश सिंह यादव, चन्द्र मोहन सिंह, राजेश पाण्डेय, संजय कन्नोैजिया, दूधनाथ सिंह यादव, अनूप वर्मा, अजय आनन्द, शिवांक राय, संतोष कुमार, दिनेश राय सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।    

ट्रक ने ली युवक की जान

गाजीपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के सकरताली निवासी जितेंद्र कुमार यादव पुत्र स्व गिरजा शंकर यादव उम्र लगभग 35 वर्ष की वृहस्पतिवार सायंकाल लगभग 8-00 बजे गाजीपुर बुजुर्गा मार्ग पर रूहीपुर चट्टी पर ट्रक द्वारा रौंद देने से घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक चार भाइयों मे सबसे छोटा था जो गांव पर रहकर ही खेती बारी का काम करता था। जितेंद्र कुमार यादव की पत्नी सीमा यादव एवं एक चार वर्ष की पुत्री तथा नौ माह का एक पुत्र है। जितेन्द्र खलिसापुर से निमंत्रण कर वापस आ रहा था। घटना की जानकारी होते ही परिजनों सहित ग्रामीणों मे शोक की लहर फैल गयी।