गाज़ीपुर। सुहवल थाना क्षेत्र के ढढनी भानमल राय गांव में सोमवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों को चाय में जहर मिलाकर पिला दिया। जिससे एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। बता दें कि रेवतीपुर थाना क्षेत्र के साईत बांध निवासी सुनीता देवी अपने दो पुत्रों बब्बी उर्फ हिमांशु (11), प्रियांशु उर्फ पीयूष (8) और पुत्री दिव्यांशु (7) के साथ रक्षाबंधन के दिन मायके ढढनी भानमल राय गांव आई हुई थी। करीब दो दिन पूर्व मोबाइल पर पति और देवर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिससे वह काफी नाराज थी। इसी बात को लेकर सुनीता यादव ने अपने दोनों पुत्रों बब्बी और प्रियांशु के साथ पुत्री दिव्यांशु को चाय में जहर दे दिया। जिससे तीनों मासूमों की हालत गंभीर हो गई। मायके के लोग उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान प्रियांशु उर्फ पियूष, बड़े पुत्र बब्बू उर्फ हिमांशु और पुत्री दिव्यांशु की मौत हो गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
Category Archives: Ghazipur
गाजीपुर कोर्ट में पेश हुए बृजेश सिंह
उसरी चट्टी कांड में गाजीपुर कोर्ट में पेश हुए बृजेश सिंह

गाजीपुर। जिले के चर्चित उसरी चट्टी कांड में बृजेश सिंह मंगलवार को एमपी- एमएलए कोर्ट में पेश हुए। बृजेश सिंह को लेकर अदालत परिसर में कड़ी चौकसी के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई। चप्पे- चप्पे पर खाकी का पहरा और सतर्क निगाहें लग गईं। इस दौरान परिसर में काफी गहमागहमी का माहौल बना रहा। अदालत ने जिले में इस बहुचर्चित उसरी चट्टी कांड के आरोपित बृजेश सिंह मंगलवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमपी- एमएलए की अदालत में पेश हुए। इस दौरान कोर्ट के पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण इस मामले की सुनवाई नहीं हो सकी और अगली तिथि 29 अगस्त दी गई। इस दौरान सुरक्षा को लेकर अदालत परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। मालूम हो कि 21 साल पुराने मुहम्मदाबाद थाने के उसरी चट्टी हत्याकांड में मुख्य अभियुक्त बृजेश सिंह मंगलवार को एमपी/एमएलए कोर्ट में जिरह में शामिल होने पहुंचा। लेकिन मामले में इस वजह से सुनवाई नहीं हो सकी और कोर्ट ने अगली तारीख दे डाली।
स्वतंत्रता दिवस पर माउंट लिट्रा जी स्कूल ने निकाली शहीदों की याद में झाकी
माउंट लिट्रा जी स्कूल में मनाया गया आजादी का अमृत-महोत्सव
अंग्रेजी सत्ता की दासता की बेड़ियों से भारत को मुक्त कराने एवं स्वयं के प्राणों को न्यौछावर कर भारत को स्वतंत्रता दिलाने वाले उन वीर शहीदों की शहादत की याद दिलाता हुआ पर्व है:-मोहित श्रीवास्तव

गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस के पर्व को मनाने, अपने देश के उन वीर शहीदों की शहादत को याद करने और श्रद्धा सुमन अर्पित करने हेतु बच्चों के शैक्षिक, नैतिक एवं मौलिक गुणों के विकास के लिए वचनबद्ध शहर के बंधवा पीर नगर स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में स्वतंत्र भारत की 75 वीं वर्षगांठ सोमवार को धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत माउंट लिट्रा जी स्कूल के निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित रीजनल स्कूल डायरेक्टर ज़ी लर्न लिमिटेड की अमृता चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से झंडारोहण करके किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि के द्वारा आधिकारिक रूप से बच्चों के पूर्ण शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, सामाजिक तथा आध्यात्मिक क्षमताओं के विकास हेतु स्काउट गाइड का भी शुभारंभ किया गया। जिसके तहत विद्यालय के छात्र एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी क्षमताओं के द्वारा स्थानीय, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योगदान कर सकेंगे। इसी क्रम में विद्यालय के छात्र – छात्राओं के द्वारा अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौर में विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा वंशिका एवं कक्षा 12वीं की छात्रा जया कारकुन ने अपने भाषण में शहीदों के चंद कथनों एवं स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए किए गए उनके संघर्षो एवं प्रयासों पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राजेश कारकुन ने अपने वक्तव्य में जो भरा नहीं है भावों से बहती जिसमें रसधार नहीं वह हृदय नहीं वह पत्थर है जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं । पंक्ति की सार्थकता को सिद्ध करते हुए बच्चों में देश प्रेम की भावना का संचार किया। तदुपरांत विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भारत देश के स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने का जश्न आजादी का अमृत- महोत्सव के तहत जन – जन के मन में देश प्रेम की भावना का संचार करने एवं वीर शहीदों की शहादत को याद करने हेतु जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ माउंट लिट्रा जी स्कूल के निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं मुख्य अतिथि अमृता चतुर्वेदी के द्वारा संयुक्त रूप से ध्वज दिखाकर किया गया। इस रैली के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ राजेश कारकून, विद्यालय के समस्त शिक्षक गण एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वदेश प्रेम की भावना का संचार करना एवं देश के प्रति स्वयं के कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का बोध कराना था। लोगों में जागरूकता उत्पन्न करती हुई यह रैली कचहरी से प्रारंभ होकर अफीम फैक्ट्री होते हुए मिश्र बाजार तक गई। इस रैली के अंतर्गत उपर्युक्त विषयों पर आधारित एक सुंदर झांकी का आयोजन किया गया। झांकी लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बिंदु रही। साथ ही साथ माउंट लिट्रा जी स्कूल प्रांगण में स्वतंत्रता संग्राम में अभिन्न योगदान देने वाले विभिन्न महापुरुषों के जीवन से संबंधित विभिन्न घटनाओं एवं स्वतंत्रता प्राप्ति में उनके सराहनीय योगदान से अवगत कराने हेतु प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। माउंट लिट्रा जी स्कूल द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी रैली एवं अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के इस प्रयास की लोगों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ0 राजेश कारकून ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाइयां दी और विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों की सराहना भी की। तत्पश्चात बच्चों को मिष्ठान प्रदान किया गया। विद्यालय के इस पूरे कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के 11वीं के छात्र मोहम्मद अब्बास एवं छात्रा प्रशंसा के द्वारा किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पीजी कॉलेज में मना स्वतंत्रता दिवस


गाजीपुर। राजकीय महिला पीजी कॉलेज में आजादी के अमृत महोत्सव के साथ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महाविद्यालय की एनसीसी एवं प्रज्ञा रेंजर्स ने मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। प्राचार्य डॉ सविता भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आजादी के पर्व को हर्षोल्लास पूर्वक मनाया गया। डॉ मनीष सोनकर ने आजादी के महत्व पर तथा राधेश्याम सिंह कार्यालय अधीक्षक ने अपना व्याख्यान दिया तथा डॉ पीयूष सिंह ने उच्च शिक्षा निदेशक के संदेश का वाचन किया। प्राचार्य डॉ सविता भारद्वाज ने छात्राओं को आजादी को सुरक्षित रखने एवं इसके महत्त्व को समझने का आह्वान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ निरंजन कुमार एवं छायांकन मीडिया प्रभारी डॉ शिवकुमार ने किया। इस अवसर पर डॉक्टर अकबर ए आजम की देखरेख में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें 20 से अधिक फलदार पेड़ महाविद्यालय में लगाए गए तथा 30 से अधिक छात्रों को अपने घरों में लगाने के लिए वितरित किया गया। अंत में छात्राओं को मिष्ठान भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात प्रज्ञा रेंजर टीम का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। रेंजर प्रभारी डॉ शिवकुमार के नेतृत्व में प्राचार्य ने जनपद, विश्वविद्यालय एवं प्रादेशिक समागम में विजेता छात्राओं को मेडल ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया तथा जयति, सौम्या, अनुपमा, खुशबू, सोनालिका, आमना, कनीज, नीलम आदि को विशिष्ट रेंजर सम्मान से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापक कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने किया झंडारोहण
गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के 75 वी वर्षगांठ पर व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोमवार को व्यापार मंडल के कैंप कार्यालय पर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष अबू फखर खान द्वारा झंडा रोहण किया गया। इस दौरान मौजूद सभी व्यापारियों ने राष्ट्रगान गीत के साथ साथ देशभक्ति नारे लगाए। जिसमें डी.एस.आई.के डायरेक्टर, वी- बाजार के मैनेजर, L1 कोचिंग के डायरेक्टर व मैनेजर के साथ समस्त स्टाफ व संस्था के सभी छात्र-छात्राएं तथा व्यापार मंडल के समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के कार्यक्रम में मुख्य रूप से यसवंत सिंह, प्रदीप कुमार, विजय कुमार, मुरारी सिंह और व्यापार मंडल के जिला महामंत्री श्री प्रकाश केशरी ( गुड्डू ), जिला युवा अध्यक्ष सुधीर केसरी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल (प्रिंस), नगर अध्यक्ष सुप्रतिम बाक्ची, नगर महामंत्री अकाशदीप, नगर कोषाध्यक्ष फैजान, पप्पू गाजी, इमरान, नसरुद्दीन, चंदन, हरिनाम, फखरे आलम, अश्वनी, नंदू गुप्ता, सोनू गुप्ता आदि के साथ टेंपो स्टैंड के ड्राइवर व बस मालिक उपस्थित रहे।
मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा
नन्दगंज (गाजीपुर) आजादी के 75 वे अमृत महोत्सव कार्यक्रम के उपलक्ष्य में घर घर तिरंगा लगाने के अभियान के तहत शम्म-ए- गौसिया माइनॉरिटी पी.जी. आयुर्वेदिक तथा यूनानी मेडिकल कॉलेज सहेड़ी के तत्वाधान में रविवार को तिरंगा यात्रा निकालकर लोगो को जागरूक किया गया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के निदेशको डॉ मोहसिन सिद्दीकी, डॉ शादाब सिद्दीकी, डॉ साजिद सिद्दीकी व साकिब सिद्दीकी के नेतृत्व में मेडिकल कॉलेज के समस्त शिक्षको, कर्मचारियों एवं छात्र/छत्राओं ने हाथ मे तिरंगा झंडा लेकर देश भक्ति से ओतप्रोत होकर भारत माता की जय, वन्दे मातरम उदघोष के साथ तिरंगा यात्रा निकाला।


तिरंगा यात्रा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज से निकल कर कुसम्ही खुर्द, सहेड़ी रेलवे क्रॉसिंग, फोर लेन होते हुए यूनानी मेडिकल कॉलेज में समापन किया गया। इस अवसर पर जिस जिस रास्ते से तिरंगा यात्रा निकल रहा था वहाँ की जनता भी भारत माता की जय व वन्दे मातरम का उदघोष कर रही थी। साथ ही तिरंगा यात्रा के प्रति देश भक्ति की भावना देखने को मिल रही थी। इस मौके आयुर्वेद के प्राचार्य डा. सुभाष चतुर्वेदी, यूनानी के प्राचार्य डॉ गजनफर इमाम, डॉ के साथ अलाउद्दीन सिद्दीकी, रविन्द्र श्रीवास्तव, श्री प्रकाश राय, इन्द्रजीत प्रसाद, रमाशंकर सिंह यादव, संजय सिंह, के साथ सैकड़ो कार्यकताओं ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला मौन जुलूस
जखनिया (गाज़ीपुर)।रविवार को भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सायं काल बलिदान हुवे आजादी के मतवालो, वीर जवानों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए जखनिया बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओ द्वारा मौन जुलूस निकाल कर श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। देश की एकता एवं अखंडता के लिए दृढ़ संकल्प लिया गया। उक्त अवसर पर व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा ने कहा हमारा तिरंगा एकता अखंडता और देश की विविधता में एकता की पहचान है। इसके लिए भारत देश के कितने रणबांकुरो ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। 14अगस्त विभाजन की चूक दिल और देश में गहरा ज़ख्म भर दिया जो भूले नहीं भूलता है। आज हमारा देश यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है मजबूती से उभर रहा है। उनके नेतृत्व में आराजकता खत्म हो रही है विदेशी ताकतें पस्त हो रही है। आज नरेंद्र मोदी की क्षमता और सूझबूझ की देन है की दो विधान दो निशान को खत्म करते हुए जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाया। आज देश का मुकुट कश्मीर आतंकवाद से मुक्त हो रहा है और जम्मू कश्मीर के कोने कोने में भारत का तिरंगा गर्व से लहरा रहा है। पूरा देश आज आज़ादी के अमृत महोत्सव के इस अवसर पर दृढ़ संकल्पित है की अब किसी भी विभाजनकारी ताकतों को पनपने नहीं देंगे। हमसब एक है। मौन जुलूस जखनिया दक्षिण केबिन से शुरू होकर पूरे बाजार में भ्रमण करते हुए स्टेशन परिसर में स्थापित शहीद रामउग्रह पाण्डेय की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर समाप्त हुआ। जुलूस में जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह,भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, मंडल अध्यक्ष उमाशंकर यादव, दयाशंकर सिंह, महामंत्री धर्मवीर राजभर, पियूष सिंह, अशोक प्रधान, झुंना सिंह, नंदू गुप्ता, संतोष आर्मीमैन, उमाशंकर राजभर, अवधेश यति, सतेंद्र पासवान, शिव सिंह, मदन पाण्डेय, जुगनू श्रीवास्तव, रमाकांत राम सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित रहें।
भव्य होगा 15 अगस्त का कार्यक्रम, डीएम ने किया निरीक्षण दिया निर्देश
बारिश होने की सम्भावना को देखते हुए राईफल क्लब के स्थान पर जलसा गार्डेन बबेडी में 15 अगस्त का कार्यक्रम होगा सम्पन्न।

गाजीपुर। आजादी के 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत स्वतंत्रता सप्ताह एवं ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के आयोजन एवं 15 अगस्त स्वाधीनता दिवस को भव्य रूप से मनाये जाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी जोर-शोर पर चल रही है। जलसा गार्डेन बबेडी में ध्वजारोहरण से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम भव्यता के साथ सम्पन्न किया जायेगा। जिसमें राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आयुष खाद्य सुरक्षा एंव औषधी प्रशासन विभाग के दयाशंकर मिश्र ‘‘दयालु‘ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेगे। पूर्वान्ह 9 बजे जलसा गार्डेन बबेडी परिसर में मंत्री के द्वारा ध्वजारोहरण कार्यक्रम सम्पन्न किया जायेगा। तत्श्चात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एंव उनके आश्रितो को सम्मानित किया जायेगा।
जनपद में स्वतंत्रता दिवस को पूरी भव्यता के साथ मनाये जाने हेतु जिलाधिकारी एम पी सिंह ने रविवार को कार्यक्रम स्थल जलसा गार्डेन बबेडी का स्थलीय निरीक्षण कर चल रही तैयारियो का जायजा लिया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने बताया कि 15 अगस्त को पूरा देश स्वतंत्रता की 75 वी वर्षगांठ मनायेगा। ऐसे अवसर को और भी भव्यता देने के लिए जिला प्रशासन पिछले 10 दिनो से लगातार प्रयासरत है । उन्होने बताया कि इसी दौरान हम आजादी का अमृत महोत्सव भी मना रहे है। जनपद के नगर, क्षेत्र , गॉव , मुहल्ला मे जन-जन तक तिरंगा झण्डा वितरण का भी कार्य किया गया है तथा लोगो से 11 से 15 अगस्त तक अपने-अपने घरो पर तिरंगा लगाने की अपील भी किया जा रहा है। उन्होने बताया कि कल का दिन हम लोगो के लिए ऐतिहासिक दिन है। इस अवसर पर ग्राम पंचायत से लेकर जिला मुख्यालय तक पूरे जनपद में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। ग्राम प्रधान एंव स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ग्राम पंचायत में पंचायत भवन एंव बनाये गये अमृत सरोवरो पर भी झण्डारोहण का कार्यक्रम भव्य रूप से किया जायेगा। इसी क्रम में तहसील एवं ब्लाक स्तर पर भी झण्डारोहण कार्यक्रम पूरी भव्यता के साथ किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, अपर जिलाधिकारी वि0रा0 अरूण कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लालचन्द्र सरोज, , अपर मुख्य अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा, एवं अन्य अघिकारीगण उपस्थित थे।
नेहरू युवा केंद्र के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा
गाजीपुर। नेहरू युवा केंद्र, युवा कार्यक्रम खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जिला युवा अधिकारी कपिल देव राम के नेतृत्व में शनिवार को हर घर तिरंगा अभियान, युवा क्लब विकास, स्वच्छता अभियान आदि का कार्यक्रम पूरे जनपद में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्राथमिक विद्यालय शकरताली से तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें प्राथमिक विद्यालय के बच्चे, अध्यापक गण एवं ग्रामवासी शामिल हुए। इस अवसर पर एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लिया तथा बताया कि यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार, जिला सूचना अधिकारी राकेश प्रजापति, राधेश्याम यादव आशु लेखक ,नेहरू युवा केंद्र के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक सुभाष चंद्र प्रसाद सहित ग्रामवासी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा ने किया। राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक खुशबू वर्मा ने आभार व्यक्त किया। इसी क्रम मे नेहरू युवा मंडल द्वारा सुसुंडी में एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। रैली के समापन अवसर पर संस्कृति मंत्रालय द्वारा नामित कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता संजय राजभर ने की। युवा केंद्र के एनवाईवी चंदन पटेल ने आभार व्यक्त किया।
यूपी गर्ल्स बटालियन ने निकाला तिरंगा यात्रा
गाजीपुर। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत एन. सी. सी. 28 यूपी गर्ल्स बटालियन बीएचयू की यूनिट राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार हर्षोल्लास के साथ तिरंगा यात्रा शुरू हुई। महाविद्यालय प्राचार्य ने शनिवार को रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यालय प्रांगण में तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए प्रोफेसर डॉ सविता भारद्वाज ने कहा कि 15 अगस्त को भारत अपनी आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। यह आजादी असंख्य देश प्रेमियों के बलिदान के बाद हमें प्राप्त हुई थी। यह आजादी सभी देशवासियों के लिए बहुमूल्य है।

इस अवसर पर हम सभी लोगों को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सभी भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पहचान को कायम रखेंगे तथा भारत की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। रैली का नेतृत्व एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ शशि कला जायसवाल ने किया। रैली में कुल 60 एनसीसी कैडेट ने प्रतिभाग किया। रैली महाविद्यालय प्रांगण से निकलकर ददरी घाट, गांधी पार्क, मिश्र बाजार, महुआबाग आदि स्थानों से गुजरी तथा लोगों को देश प्रेम, बंधुत्व एवं सौहार्द का संदेश दिया। आमघाट कॉलोनी स्थित गांधी पार्क में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। जहां छात्राओं ने शहीदों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।





