गाजीपुर। शनिवार को एसपी के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने सदर कोतवाली क्षेत्र के रजदेपुर देहाती और फतेहउल्लहपुर में मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी की करोड़ों की संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुनादी के बीच कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
एसपी रोहन पी बोत्रे ने बताया की सदर कोतवाली क्षेत्र के रजदेपुर देहाती और ग्राम फत्तेउल्लाहपुर में स्थित भूमि को जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के अंतर्गत मुनादी के बीच कुर्क करने की कार्रवाई की गई है। यह दोनों संपत्ति मुख्तार की पत्नी आफसा अंसारी के नाम से है। इस संपत्ति की कीमत 6 करोड़ 30 लाख है। उन्होंने कहा कि आगे भी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।
Category Archives: Ghazipur
बेहतर साज-सज्जा करने वाले कार्यालयों को डीएम करेंगे सम्मानित
गाजीपुर। आजादी के 75 वें वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जनपद में 11 से 17 अगस्त तक भव्य रूप से स्वतंत्रता सप्ताह मनाये जाने के दृष्टिगत 15 अगस्त को झण्डारोहरण के पश्चात राइफल क्लब परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित है। स्वतंत्रता सप्ताह के अन्तर्गत जनपद में स्थित समस्त शासकीय कार्यालयो के कार्यालयाध्यक्षो द्वारा अपने-अपने कार्यालय भवन की साफ-सफाई व रंग रोगन कर लाईटिंग व्यवस्था कराते हुए सजाया गया है। जनपद के कार्यालयो की साज-सज्जा व लाईटिंग व्यवस्था में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कार्यालय के कार्यालयाघ्यक्षो को जिलाधिकारी द्वारा 15 अगस्त को आयोजित उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मानित किया जायेगा। मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता ने जिला पूर्ती अधिकारी, जिला पिछड़ावर्ग कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया है कि जनपद मुख्यालय पर स्थित समस्त शासकीय कार्यालय भवनो पर की गयी साज-सज्जा व लाईटिंग व्यवस्था आदि के मुल्यांकन हेतु 13 व 14 अगस्त 2022 को सायं 7 बजे के पश्चात संयुक्त रूप से भ्रमण करते हुए परीक्षण/मूल्यांकन कर वरीयता क्रम में (प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त कार्यालय के उल्लेख सहित) विवरण तैयार कर फोटोग्राफ सहित सूची 15 अगस्त के पूर्वान्ह 7 बजे तक उपलब्ध कराने का निद्रेश दिया है।
छात्र/छात्राओं ने निकाला तिरंगा यात्रा
पी.जी. कालेज के छात्र/छात्राओं ने निकाला तिरंगा यात्रा
गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद के स्नातकोत्तर महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। शनिवार को प्राचार्य प्रोफेसर राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय की अगुवाई में महाविद्यालय परिसर में कुशलपाल सभागार से निकली तिरंगा यात्रा सीएमओ ऑफिस ,रिवर बैंक कॉलोनी ,एसपी आवास होते हुए विकास भवन तिराहे से वापस महाविद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य पाण्डेय ने शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों से मुखातिब होते हुए कहा कि सभी को अपने घरों पर राष्ट्रीय शान के प्रतीक तिरंगा को पूरे मान सम्मान के साथ फहराना चाहिए। ऐसे दिशा-निर्देश शासन से भी प्राप्त हुए हैं। लेकिन इस दौरान सभी को तिरंगा प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान देश के सभी नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी बनती है। इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में एनसीसी थल सेना इकाई ,नेवी इकाई, एनसीसी के साथ ही अलग-अलग संकायों के शिक्षकों और छात्रों ने हिस्सा लिया।
समाजवादी पुरखों ने लड़ी आजादी की लड़ाई:जै किशन साहू
गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर 9 अगस्त से शहर मुख्यालय स्थित सरजू पांडे पार्क से आरंभ हुई देश बचाओ -देश बनाओ पदयात्रा आज पांचवें दिन शनिवार को अभिषेक यादव की अगुवाई में लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ संकल्प के साथ भाजपा गद्दी छोड़ो नारे को बुलंद करते हुए करंडा ब्लाक अन्तर्गत सोकनी गांव से नन्दगंज के लिए रवाना हुई। आज इस पदयात्रा को विधायक जै किशन साहू, जिलाध्यक्ष रामधारी यादव व राधेश्याम यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक जै किशन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। वह लगातार तानाशाही के रास्ते पर चल रही है। वह अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को अपने दमन चक्र से रोकना चाहती है। लेकिन भाजपा कि यह सोच गलत है कि वह अपने दमन से हमारी आवाज दबा देंगे। उन्होंने कहा कि हमारे समाजवादी पुरखों ने ही आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से लोहा लेकर देश को आजाद कराने का काम किया था। लेकिन आज आर एस एस के लोग जिन्होंने आजादी के पांच दशकों तक अपने कार्यालय में तिरंगा नहीं फहराया वह आजादी के 75वें साल में अमृत महोत्सव का ढिंढोरा पीट रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान और पंथनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है। हम किसी भी कीमत पर देश के लोकतंत्र, संविधान और धर्मनिरपेक्षता पर आंच नहीं आने देंगे। अभिषेक यादव ने कहा कि जब से भाजपा सरकार आयी है मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। तहसील और थाने भ्रष्टाचार का अड्डा बन गये हैं। गरीब जनता की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही हैं। भाजपा नेता सरकारी जमीन लूटने में व्यस्त हैं। भाजपा नेताओं द्वारा लगातार महिलाओं को अपमानित किया जा रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। अपराधी बेलगाम है। अपराधी थाने और पुलिस गुंडों की रखवाली कर रही है। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। भाजपा सरकार देश और प्रदेश की सत्ता पर शासन करने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। इस पदयात्रा में मुख्य रूप से अमित ठाकुर, विकास यादव, संदीप यादव, आजाद राय, अनिल यादव, अफजल अली, सुजीत कुमार, मटरु पहलवान, संदीप यादव सत्या, विवेकानंद, जय सिंह, सुभाष यादव, कृष्णा नीरज, ओम प्रकाश यादव आदि शामिल थे।
एन.जी सिक्योरिटी सर्विस ने तिरंगा यात्रा निकाल लोगों से की अपील
एन.जी सिक्योरिटी सर्विस ने निकाला तिरंगा यात्रा, किया लोगों से अपील

गाजीपुर। आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत स्वतंत्रता सप्ताह एवं ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के तहत शनिवार को एन. जी सिक्योरिटी सर्विस के डायरेक्टर अकबर जमाल एवं साहिर आबदी ने संस्था के सदस्यों के साथ तिरंगा यात्रा निकाला। तिरंगा यात्रा में संस्था के लोगों ने प्रतिभाग करते हुए अपने-अपने हाथो मे तिरंगा झण्डा लेकर देश भक्ति के गगनभेदी नारो के साथ पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते गये। तिरंगा रैली में उपस्थित सभी लोगो में देश भक्ति का उत्साह देखने को मिल रहा था। इस तिरंगा यात्रा आरम्भ मेदिनीपुर हुआ जो वीर अब्दुल हमीद सेतु रेलकम रोड ब्रिज पर जाकर देशभक्ति नारों के साथ समाप्त हुआ। इस दौरान संस्था के डायरेक्टर अजबर जमाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह एवं 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम का भव्य आयोजन करे। उन्होने उपस्थित लोगो का आवाह्न करते हुए स्वाधीनता दिवस के दिन घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने को कहा। इस तिरंगा यात्रा में संस्था के सिक्योरिटी सुपरवाइजर मुसबीर सिद्दीकी, सुरेश व कृष्णा नन्द यादव सहित दर्जनों लोग शामिल रहे।
तिरंगा यात्रा में पूरे जोश में दिखे डीएम-एसपी, खूब लगाए देशभक्ति के नारे
गाजीपुर। आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव‘‘ के अन्तर्गत स्वतंत्रता सप्ताह एवं ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम के आयोजन को भव्य रूप से मनाये जाने हेतु तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ शुक्रवार को कोतवाली से प्रारम्भ होकर सरजू पाण्डेय पार्क तक आकर समाप्त हुआ। तिरंगा रैली में जिलाधिकारी एम पी सिंह, पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे, एस0 पी0 सिटी गोपी नाथ सोनी, एस0पी0 ग्रामीण राजधारी चौरसिया, पुलिसकर्मी, व्यापार मण्डल तथा विद्यालयो के छात्र-छात्राओ ने प्रतिभाग करते हुए अपने-अपने हाथो मे तिरंगा झण्डा लेकर देश भक्ति के गगनभेदी नारो के साथ पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते गये। तिरंगा रैली में उपस्थित सभी लोगो एवं छात्र-छात्राओ मे देश भक्ति उत्साह देखने को मिल रहा था।


इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि यह कार्यक्रम 15 अगस्त तक इसी प्रकार चलता रहेगा तथा 15 अगस्त को रायफल क्लब सभागार मे भव्य कार्यक्रम सम्पन्न होगा। उन्होने अपील करते हुए कहा कि 11 से 17 अगस्त तक स्वतंत्रता सप्ताह एवं 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा‘ कार्यक्रम का भव्य आयोजन करे। उन्होने उपस्थित लोगो का आवाह्न करते हुए स्वाधीनता दिवस के दिन ‘हर घर मे तिरंगा‘ फहराने की अपील करते हुए पास-पड़ोस, क्षेत्र, गॉव, नगर में भी लोगो को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होने कहा कि आज इसी भावना के साथ आप लोग अपने-अपने घरो में जाकर पास पड़ोस में लोगो को भी स्वाधीनता दिवस की 75वी वर्ष गांठ के अवसर पर झण्डा रोहण करते हुए राष्ट्र के प्रति देश भक्ति की भावना को जागृत करेंगे तथा अपने देश की आन, बान और शान को कायम रखते हुए इस तिरंगे को कभी भी झुकने नही देगे। उन्होने यह भी बताया कि 14 अगस्त को ‘‘विभाजन विभिशिका स्मृति दिवस का आयोजन किया जायेगा।
शम्म-ए-हुसैनी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कालेज ने निकाला तिरंगा यात्रा
गाजीपुर। देशभर में आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा हर घर तिरंगा कार्यक्रम का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रौजा शाह बरखुर्दार स्थित शम्म-ए-हुसैनी इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एण्ड पैरामेडिकल कालेज एवं हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ मोहसिन सिद्दीकी, डॉ साजिद सिद्दीकी, डॉ शादाब सिद्दीकी एवं डॉ साकिब सिद्दीकी ने संस्था के सदस्यों के साथ शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकाला। यह तिरंगा यात्रा रजागंज चौकी होते हुए नवाबगंज में देशभक्ति नारों के साथ जाकर समाप्त हुआ।


यात्रा के दौरान डॉ मोहसिन सिद्दीकी ने सभी से अपील किया की आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम को उत्साह के साथ अपने घरों दुकानों एवं अपने प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहरा कर मनाएं। इस तिरंगा यात्रा में मो अल्लाउद्दीन अहमद सिद्दीकी, इंद्रजीत प्रसाद, नदीम खान सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल रहे।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों संग निकाला तिरंगा यात्रा

गाजीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव पर बनवासी महिलाओं संग क्षेत्र के सम्भ्रांत लोगो संग करण्डा थाना प्रभारी सम्पूर्णानंद राय ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान उनके साथ उनकी पुलिस टीम भी मौजूद रही। तिरंगा यात्रा थाना परिसर से ब्लाक मुख्यालय तक निकली गयी। यात्रा में भारत माँ के जयकारे गूंजते रहे। इस मौके पर अमितेश मिश्रा, मनोज सिंह, मोती प्रधान, एसआई सत्यप्रकाश सिंह, अमित सिंह, फैज आलम, राजेश वनवासी, पीयूष समेत अन्य लोग तिरंगा यात्रा में शामिल रहे।
13 अगस्त को विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित
बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति।
गाजीपुर। 220 के०वी० रसड़ा- भदौरा डी.सी लाईन के लोकेशन संख्या 33/0 से 33/5 के बीच तार खिंचने का कार्य 13 अगस्त को प्रस्तावित है। उक्त कंडक्टर को 33/11के०वी० उपकेंद्र खैराबारी से पोषित 11 के०वी० गोंडी खास वितरण लाइन के उपर से खींचना है। जिसके कारण 13 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपगर 3 बजे तक 11 के०वी० गोंडी खास वितरण लाईन की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी सहायक अभियंता ट्रांसमिशन राकेश कुमार ने दी।
पुलिस के जवानों के साथ मैराथन दौड़ में शामिल हुए एसपी

गाजीपुर। शुक्रवार को “आजादी के अमृत महोत्सव” कार्यक्रम के तहत पुलिस लाइन से पुलिस के जवानों का हाफ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में जवानों के साथ पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे भी शामिल रहे। यह मैराथन दौड़ पुलिस लाइन से शुरू होकर पीजी कॉलेज चौराहा होते हुए गोरा बाजार से विकास भवन चौराहा से डीएम आवास होते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय होते हुए सरयू पाण्डेय पार्क के पास खत्म हुआ। मैराथन दौड़ की समाप्ति पर पुलिस अधीक्षक ने दौड़ में प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

इसके बाद वहां उपस्थित जवानों को भारतीय झंडा तिरंगा का सम्मान व इसकी गरिमा बनाए रखने के लिए सभी को संबोधित किया गया। इस दौड़ में अपर पुलिस अधीक्षक नगर गोपीनाथ सोनी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राजधारी चौरसिया, सीओ सिटी गौरव सिंह तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।