छत्रसाल सिंह को मिली अंग्रेज़ी विषय में डॉक्टरेट की उपाधि।
गाज़ीपुर। मैनपुर (करंडा) निवासी यादवेंद्र सिंह ‘लालबाबू सिंह पुत्र – छत्रसाल को सोमवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय , जौनपुर के 29वें दीक्षांत समारोह में महंत अवैद्यनाथ सभागार में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं कुलपति प्रो. वंदना सिंह की उपस्थिति में अंग्रेज़ी विषय में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई। डॉ. छत्रसाल बचपन से ही मेधावी छात्र रहे। उन्होंने बी.ए. और एम. ए. की पढ़ाई गाज़ीपुर स्थित पी.जी. कॉलेज से की तथा कॉलेज के टॉपर छात्र रहे। शिक्षा के साथ साथ समाजसेवा में भी डॉ० छत्रसाल सिंह का बहुत योगदान रहा है। इन्होने कोरोना महामारी में 135 दिनों तक लगातार जनपद के कई गाँवों को सेनेटाइज़ किया और अब तक 40 बार रक्तदान कर कई जिन्दगियों को जीवन दान दिया। इस समय डॉ. छत्रसाल श्री विश्वनाथ पी. जी. कॉलेज, सुल्तानपुर के अंग्रेज़ी विभाग में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर के पद पर कार्यरत हैं। समारोह के विशिष्ट अतिथि जिओ इंफोकॉम के सेल्स हेड सुनील दत्त को इस समारोह में पीएच. डी. की मानद उपाधि भी प्रदान की गई। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय एवं उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी उपस्थित रहीं। इस दीक्षांत समारोह में कुल 79 अभ्यर्थियों को गोल्ड मेडल , 444 अभ्यर्थियों को पीएच. डी. व 02 अभ्यर्थियों को डी.लिट. की उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के महंत अवैद्यनाथ सभागार में सैकड़ों की संख्या में छात्र – छात्राएं तथा प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
गाजीपुर। कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय दो दिवसीय मिलेट्स महोत्सव एवं मेला का आयोजन स्थान कृषि विज्ञान केन्द्र पी०जी० कालेज के प्रांगण में हुआ। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार द्वारा दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया । नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा लहुरी ओमेन काशी कृषक उत्पादक संगठन, रामधारी प्रोडक्शन महर्षि कण्व ऋषि, श्री फैमिली रेस्टोरेंट द्वारा मोटे अनाज से बने रेसिपी की प्रशंसा करते हुए अन्य कृषि उत्पादक संगठन द्वारा इस तरह के भोज्य पदार्थों को बाजार में उपलब्ध कराने हेतु आग्रह किया। उन्होनेे कहा कि श्री अन्न के प्रति पुरूष किसानो के साथ-साथ महिला किसानो को भी जागरूक किया जाए, जिससे महिला किसान श्री अन्न से बनने वाले भोज्य पदार्थों को निर्मित कर सके एवं महिला किसानो को कृषक उत्पादक संगठन में सहभागिता सुनिश्चित कराने का आग्रह किया। इस मौके पर श्री अन्न को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री अन्न से बने विभिन्न रेसिपी का प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता मे रामधारी प्रोडक्शन महर्षि कण्व ऋषि प्रथम स्थान, लहुरी ओमेन काशी कृषक उत्पादक संगठन द्वितीय एवं श्री फैमिली रेस्टोरेंट तृतीय स्थान प्राप्त किए। जिला कृषि अधिकारी गाजीपुर द्वारा मोटे अनाज उगाये जाने के बारे में किसानों को विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। किसानो को जागरूक किया कि पराली कदापि न जलाए इसके जलने से मिट्टी की उर्वर क्षमता कम होती है वायु मण्डल प्रदूषित होता है। नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 द्वारा सरसो बीज, चना, मटर एवं मसूर के उन्नतशील प्रजाति के 100 मिनिकीट वितरण किए गए। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक डा० विनोद कुमार सिंह, डा० धर्मेन्द्र कुमार सिंह, डा० ओमकार सिंह, डा० दीपक प्रजापति, डा० एस० के० सिंह, ने किसानो का तकनीकी मार्ग दर्शन किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागो के अधिकारी जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला दुग्ध विकास संघ अधिकारी, बाल संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबन्धक इफको, जिनका स्टाल भी लगा था एवं किसानो को अपने विभाग से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के अन्त में मुकेश सिंह विषय वस्तु विशेषज्ञ द्वारा उपस्थित कृषको को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
गाजीपुर।पं0 दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी के अवसर पर जूनियर बालिकाओ की खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन मिशन शक्ति के अन्तर्गत नेहरु स्टेडियम गोराबाजार गाजीपुर के प्रांगण में किया गया। इस प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि दिलीप कुमार, जिला युवा कल्याण अधिकारी के कर कमलो द्वारा किया गया । इस प्रतियोगिता में कुल 08 टीमों ने प्रतिभाग किया । जिसका पहला सेमीफाइनल मैच नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर बनाम रामपुर माझा के मध्य खेला गया।जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 13 अंक एवं रामपुर माझा 03 अंक प्राप्त किया। जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 10 अंको से विजयी रही, दुसरा सेमीफाइनल मैच बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर बनाम नेहरु स्टेडियम बी के मघ्य खेला गया । जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 12 अंक एवं नेहरु स्टेडियम बी 08 अंक प्राप्त किया जिसमें बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 04 अंकों से विजयी रही । इस प्रतियोगिता का फाइनल मैंच नेहरु स्टेडियम गाजीपुर ए बनाम बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर के मध्य खेला गया।जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 08 अंक एवं बी0एस0डी0 पब्लिक स्कूल रेवतीपुर 05 अंक प्राप्त किया, जिसमें नेहरु स्टेडियम ए गाजीपुर 03 अंकों से विजयी रही । प्रतियोगिता संचालन के रुप में राधेश्याम सिंह यादव खो-खो प्रशिक्षक के द्वारा किया गया । आफिशियल के रुप में शिवानी राय, अंशु राय. पिन्टु यादव, अभिषेक पाल, विनोद यादव, सुनील यादव, बन्दना, अजित यादव, रागिनी, सौरभ राय रहें । इस अवसर पर सावित्री कुशवाहा, पुनम, विनोद कुमार जायसवाल, विजय, बृजेश कुमार, योगेन्द्र सिंह, मु0 मोईन, एवं समस्त स्टाप उपस्थित रहें। अन्त में अरविन्द यादव क्रीड़ाधिकारी द्वारा सभी आगन्तुओ एवं खिलाड़ियो के प्रति आभार व्यक्त किया ।
गाजीपुर। विकास भवन सभागार में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न विद्यालयों से मेधावी छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय बालिका इंटर कॉलेज महुआ बाग के प्रधानाचार्य रागिनी श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित समस्त बालिकाओं ने प्रतिभा किया।मिशन शक्ति की महत्व पर प्रकाश डाला।अपने वक्तव्य में बालिकाओं ने यह बताया कि मिशन शक्ति 5.0 किस तरह से बालिकाओं /महिलाओं के लिए उनके सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं आत्मसम्मान के लिए किस तरह कार्य कर रहा है विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित मिशन शक्ति कार्यक्रम बहुत ही प्रभावी और ज्ञानवर्धक रहा है। कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दिलदारनगर, राजकीय हाई स्कूल बहलोलपुर, राजकीय हाई स्कूल बिरनो और समस्त राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापिकाओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरण किया।धन्यवाद ज्ञापन के साथ छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। इसी क्रम में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में, समस्त विकास खंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरुकता रैली,गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं सुरक्षा सम्मान और स्वावलंबन के दृष्टिगत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों- 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 108 (एम्बुलेंस सेवा), एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) की जानकारी दी गई। इस अवसर पर महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।उन्हें समाज में सशक्त भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम की महिलाएं उपस्थित रहीं। मिशन शक्ति अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
गाजीपुर। 2 अक्टूबर 2025 को गांधी जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी अवनीश कुमार द्वारा राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग की छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विदित हो कि सेवा पखवाड़ा के तहत विगत 23 सितंबर 2025 को विकसित भारत 2047 थीम पर सीनियर वर्ग -उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों हेतु जनपद स्तरीय चार्ट पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं कुमारी रागनी एम ए प्रथम सेमेस्टर, दीपांशी कुमारी बी ए प्रथम सेमेस्टर एवं पायल कुमारी बी ए तृतीय सेमेस्टर को क्रमशः प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए चुना गया था।
जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के तीनों स्थानो पर महाविद्यालय की छात्राओं का चयन होना पूरे महाविद्यालय के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का पल रहा। इन विजेता छात्राओं को जिलाधिकारी द्वारा क्रमशः 51 हजार, 21 हजार एवं 11 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसी क्रम में महाविद्यालय की पुरा छात्रा सोनालिका प्रजापति को चित्रकला प्रतियोगिता के सामान्य वर्ग में तृतीय स्थान पर चुने जाने के फलस्वरूप रुपए 11000 की धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्राप्त हुई।
अपने प्रिय विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर डॉ अनिता कुमारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुरस्कृत छात्राओं एवं चित्रकला प्रभारी डॉ राजेश कुमार यादव की विशेष रूप से सराहना किया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, डॉ आनंद चौधरी, डॉ रामनाथ केसरवानी, डॉ निरंजन कुमार,डॉ सारिका सिंह, डॉ संगीता, डॉ पीयूष सिंह, डॉ मनीष सोनकर, डॉ एकलाख खान, डॉ गजनफर सईद, डॉ सर्वेश सिंह समेत समस्त महाविद्यालय परिवार ने छात्राओं के प्रति हर्ष एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया।
जनपदीय विजेता विद्यार्थियों के चार्ट एवं पोस्टर राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश कैसरबाग लखनऊ द्वारा एकत्र कर उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में प्रदर्शित किया जाएगा तथा वहां पर उत्कृष्ट तीन पेंटिंग्स में चुने जाने पुनः प्रदेश स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक श्री प्रकाश सिंह अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, कार्यक्रम के सह नोडल डॉ राजेश कुमार यादव, समग्र शिक्षा अभियान के प्रभारी कुश राय, एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं विजेता छात्राएं उपस्थित रही।
गाजीपुर। शनिवार को एसएम पैलेस भूतहिया टाड मे देर रात तक युवा प्रतिभाओं को ऑल इंडिया टेनिस क्रिकेट फेडरेशन के बैनर के तले आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन (नीलामी) में सम्मिलित होने का सुनहरा अवसर मिला। DPSL के मैच अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में नेहरू स्टेडियम में होंगे। नीलामी में कुल 12 फ्रेंचाइजी ने हिस्सा लिया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इन टीमों के खिलाड़ियों का चयन SM पैलेस हाल में ऑनलाइन बोली के माध्यम से किया गया।
जिसमें पूरे जनपद के 350 खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया क्रिकेट फेडरेशन के यहां अपनी नीलामी का आवेदन किया था, जिसमें सभी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के हिसाब से प्राइस टैग दी गई थी। उनके प्रदर्शन की वीडियोग्राफी और ट्रैक रिकॉर्ड के हिसाब से फ्रेंचाइजी फ्रेंचाइजियों ने खिलाड़ियों की बोली लगाई। सबसे महंगा खिलाड़ी नवनीत यादव लालू 2,94000/ की बिग प्राइज में फ्रेंचाइजी नवाब पैन्थर और दुसरे महंगे खिलाड़ी आजाद 2,05000 को सी सिटी वाराणसी ने तीसरे सबसे खिलाड़ी सल्लू आलम को 2,03000 में महाराज किंग ने हासिल किया।
चौथे सबसे महगे रेहान लेफ्टी 193000 को समीर एंड कंपनी और पांचवे महगी बोली राहत अंसारी की 183000 लगी जिनको सिटी एवेंजर ने खरीदा। जैसे आईपीएल में बड़े-बड़े खिलाड़ियों की बोली लगाकर टीमें बनाई जाती हैं। क्रिकेटर पैसा भी कमाते हैं और प्रोफाइल भी बनाते हैं। वैसे ही ऑल इंडिया कैनवस क्रिकेट फेडरेशन के संस्थापक अनस जमाल गाजीपुर के खिलाड़ियों को बड़ा प्लेटफार्म दे रहे हैं।
इस प्लेटफार्म से खिलाड़ी पैसे भी बनाएंगे और जो अच्छी-अच्छी प्रतिभाएं भी गली मोहल्ले और छोटे-छोटे मैच में खेल करके गुमनामी में चली जाया करती थीं उनके लिए ऑल इंडिया कैनवस क्रिकेट फेडरेशन अब कैनवस क्रिकेट में आगे बढ़ने का मौका दे रहा है। इस तरह के होने वाले मैचों का ऑल इंडिया लाइव प्रसारण भी होगा जिससे इन प्रतिभाओं को पूरी दुनिया में लोग देख सकेंगे और इन प्रतिभाओं को अपना टैलेंट दिखाने का मौका मिलेगा।
इस दौरान मुख्य रूप से सीओ सुधाकर पांडे, शहर कोतवाल दीनदयाल पांडे, अहमर जमाल, अनस जमाल, श्रीप्रकाश केसरी, डॉ स्वतंत्र सिंह, शम्मी सिंह, ब्लाक प्रमुख राजदेव यादव, प्रिंस अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व विधायक अवधेश राय शास्त्री के श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए अजय राय,बोले- कांग्रेस पार्टी सदैव इस परिवार के साथ खड़ी रहेगी
अजय राय ने पत्रकार वार्ता में कहा जीएसटी कम करना मोदी सरकार का ढोंग,बोले- गुजरातियों को इस बार घर भेजेंगे
गाजीपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने रविवार को गाजीपुर में पूर्व कांग्रेस विधायक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पुत्र स्व. अवधेश राय शास्त्री के त्रयोदशाह पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उनके साथ राघवेंद्र प्रताप सिंह, ओम प्रकाश ओझा, फसाहत हुसैन बाबू, जिलाध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के साथ सैकड़ो कार्यकर्ता और नेता साथ रहे, श्रद्धांजलि सभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव इस परिवार के साथ खड़ी रहेगी। पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने जीएसटी को “फ्रॉडगिरी और जनता को बेवकूफ बनाने की नीति” बताया। कहा कि “कपड़े पर जीएसटी घटा दिया गया लेकिन धागे पर बढ़ा दिया गया, कॉपी किताब पर जीएसटी घटा दी गई लेकिन पेपर पर बढ़ा दी गई, यह गुजरातियों की चालाकी है। जनता को बेवकूफ समझ रहे है ये लोग। जनता उन्हें अब उन्हें गुजरात भेजेगी।” दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि “केजरीवाल बीजेपी की बी-टीम की तरह काम कर रहे हैं और पूरी तरह से एक्सपोज हो चुके हैं।” बरेली की घटना पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि “महंगाई और भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए ऐसी घटनाएं कराई जा रही हैं।” चुनावों पर सवाल उठाते हुए अजय राय बोले, “मोदी जी दिन में एक बजे तक चुनाव हार रहे थे, फिर अचानक जीत कैसे हो गई, ये एक बड़ा सवाल है? जनता एक दिन सब सच्चाई जान लेगी।” बिहार चुनाव का प्रभारी बनाए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश बड़ा भाई है और बिहार छोटा भाई, कांग्रेस बिहार में अच्छा प्रदर्शन करेगी और इन गुजरातियों को घर भेजेगी, उन्होंने कहा कि बिहार में हम पिछली बार से ज्यादा मजबूती से लड़ेंगे । भाजपा को उखाड़ फेंकेंगे, बरेली और सम्भल मुद्दे पर योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि एजेंडे के तहत ये सरकार काम कर रही है, हिंदू मुस्लिम में भेद किया जा रहा है योगी के लिए कहा कि “गेरुआ पहनकर झूठ बोला जा रहा है और जनता को ठगा जा रहा है। सरकार डरी और घबराई हुई है।” बिहार के एसआईआर प्रकरण पर भी अजय राय ने कहा कि “हमने मांग की है कि नाम काटने का कारण साफ किया जाए।” कुल मिलाकर अजय राय ने गाजीपुर से केंद्र और प्रदेश सरकार पर करारा वार करते हुए कहा कि जनता अब महंगाई, भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी का जवाब चुनाव में देगी।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश सचिव आनंद राय, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, अजय सिंह, इरफान बशर, लाल साहब यादव, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुन्ना हामिद अली, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, जनार्दन राय, महबूब निशा, कुसुम तिवारी, उषा चतुर्वेदी, पुष्पा यादव, किरण भारती, राशिद, धर्मेंद्र, आशुतोष गुप्ता, दिव्यांशु पांडे, ओम प्रकाश यादव, रईस अहमद, सतीश उपाध्याय, हर्ष पांडे, राघवेंद्र पांडे सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। हटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार के नारे के साथ आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान अंतर्गत जीएसटी बचत उत्सव मे रविवार को जीएसटी सुधारो के प्रति जागरूकता के लिए गाजीपुर सदर विधानसभा व जहुराबाद विधानसभा मे भाजपा द्वारा सम्मेलन आयोजित किया गया। गाजीपुर सदर विधानसभा मे नगर के परसपुरा मुहल्ले स्थित जायसवाल धर्मशाला में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद डा. दर्शना सिंह ने कहा कि 2014 से पहले भारत को गांव ,गरीब, सपेरों का देश कहा जाता था किसी ने सपनों में भी कल्पना नहीं की थी कि भारत कभी विकसित भारत बनने का लक्ष्य लेना तो दूर सपना भी देख सकता है। लेकिन आज सबका साथ, सबका विकास की भावना से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार के द्वारा देश की तेज गति से हो रहे विकास से देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की ओर बढ रहा है। उन्होंने कहा कि रोटी, कपड़ा और मकान किसी भी मनुष्य के जीवन के लिए महत्वपूर्ण व जरूरी है। जिसके लिए सरकार ने जीवन यापन की कुछ जरूरी बस्तुओं को जीएसटी मुक्त कर दिया गया है। जीएसटी दरों मे भारी कटौती से हमारे देश के लोगों को बहुत सारी बचत हुई है। उन्होंने कहा कि यह लाभ सिर्फ ग्राहक को नहीं बल्कि व्यापारियों को भी है सामान जब सस्ता होगा तो व्यापार भी बढ़ेगा जब व्यापार बढ़ेगा तो मैन्युफैक्चर करने वाले लोगों की आर्थिक उन्नति भी होगी जिससे रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। यह देश के लिए बड़ी बात है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बहुत सी नकारात्मक ताकते देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, अपरिपक्व सोच के विपक्षी नेता देश की जनता को गुमराह करना चाहते हैं । भ्रष्टाचार रहित सरकार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में काम करते हुए बिना भेदभाव के बहुत बड़े साहसिक निर्णय लिया है। उन्होंने धारा 370 ,राम मंदिर, महाकाल कॉरिडोर सहित विभिन्न उपलब्धियों का वर्णन करते हुए कहा कि कोरोना काल में हमारे देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन का निर्माण किया जो सिर्फ देश के लोगों के लिए नहीं बल्कि कई देशों के जीवन रक्षा मे उपयोगी हुआ।उन्होंने कहा कि विगत दस वर्षों मे सरकार ने 60% राष्ट्रीय राजमार्ग में वृद्धि, दोगुना हवाई अड्डे का निर्माण ,144 बंदे भारत ट्रेनो के अलावा देश की निर्यात क्षमता में तीन गुना वृद्धि हुई, 3 करोड़ 80 लाख गरीबों में आवास वितरण के साथ आज 25 करोड लोग जो गरीबी रेखा से नीचे जीवन जी रहे थे उनका जीवन समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेज गति से बढ़ रहा है विपक्ष बोल नहीं पा रहा है। विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने कहा कि बिना किसी व्यापारी संगठनों, राजनैतिक दलो के मांग के सरकार ने जनता की जरूरतों को समझते हुए स्व निर्णय से जीएसटी स्लैब मे सुधार किया है जो भारत की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है,और आम जनता के लिए एक बड़ा सहारा है।जीएसटी सुधार से भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। यह सुधार न केवल व्यापार को बढ़ावा देगा, बल्कि आम जनता के जीवन को भी आसान बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है कि जीएसटी के सुधार से भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकास की गति बढ़ेगी।उन्होंने नाम लेकर बताया कि जीएसटी की घटी दरो से कई जीवन रक्षक वस्तुओं से दरें कम की गई हैं, जिससे आम जनता को राहत मिलेगी। और लोगों को अधिक खरीदारी करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले महिलाएं और व्यापारी वर्ग अत्यंत भयभीत रहा करते थे, किसान लाचार, युवा बेरोजगार था लेकिन व्यवस्था की उत्तम पारदर्शिता के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा लिए गए निर्णय से आज समाज का प्रत्येक वर्ग खुशहाल और समृद्ध है। उन्होंने व्यापारियों से आवाहन किया कि जीएसटी के घटे हुए स्लैब को अपने दुकानों पर चस्पा करें ताकि प्रत्येक व्यक्ति इससे अवगत हो सके। जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सबके प्रति धन्यवाद आभार प्रकट करते हुए कहा कि जीएसटी सुधारो सहित देश के समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा कोई कमजोर दिल, दिमाग का व्यक्ति इतना बड़ा निर्णय नहीं ले सकता। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर सुरक्षा की मजबूत कानून व्यवस्था पर उत्तर प्रदेश के विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इसके बाद राज्यसभा सांसद डॉ दर्शना सिंह, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, सरोज कुशवाहा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय आदि ने नगर की दुकानों पर जाकर जीएसटी से जुडी जानकारी साझा किया। सम्मेलन का संचालन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर सम्मेलन के आयोजक अच्छेलाल गुप्ता, भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, सरिता अग्रवाल,प्रो शोभनाथ यादव, रामनरेश कुशवाहा, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, अखिलेश सिंह, ब्लाक प्रमुख राजन सिंह,जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, साधना राय, सुरेश बिन्द, संतोष वर्मा, आनंद जायसवाल, विजय शंकर वर्मा, विजय विश्वकर्मा, श्री प्रकाश केसरी, ओमप्रकाश तिवारी बच्चा सहित सैकड़ों व्यापारिक मौजूद थे।
गाजीपुर। अति प्राचीन श्री रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भाति इस वर्ष भी 3 अक्टूबर शुक्रवार को सकलेनाबाद में रामलीला के क्रम जिले का ऐतिहासिक भरत मिलाप लीला देखकर दर्शक भाव विभोर हुए। मालूम हो कि श्री राम के वनवास काल का शेष एक दिन रह गया था कि भरत अपने राज्य अयोध्या में प्रभु श्री राम के आने की राह निहार रहे थे और चिंतित थे। इसी बीच हनुमान जी ब्राह्मण का भेष बनाकर श्री राम की आज्ञा के अनुसार दूत बनकर अयोध्या आए और महाराज भरत से प्रभु श्री राम के आने का संदेश भरत को सुनाते हैं। श्री राम के आने की सूचना पाकर भरत जी आए हुए ब्राह्मण से पूछते हैं – को तुह्म तात कहां ते आए। मोहि परम प्रिय बचन सुनाए। हभाई तुम कौन हो और कहां से आए हो जो तुम मुझे परम प्रिय वचन सुना रहे हो इतना सुनते ही हनुमान जी कहते हैं कि मारुति सुत मैं कपि हनुमान नाम मोरी सुनु कृपा निधाना। मैं जाति का वानर हूं मेरा नाम हनुमान है इसके बाद हनुमान जी अपने असली रूप में आकर के भरत जी के चरणों में प्रणाम करते हैं तो भरत जी उन्हें अपने गले से लगा कर कहते हैं कि कपि तव दरश सकल दुख बीते। मिले आजु मोहि राम पिरिते। हे हनुमान जी आपका दर्शन पाकर मुझे ऐसा मालूम होता है कि हमारे सामने भैया राम उपस्थित हो ऐसा मुझे महसूस हो रहा है। उसके बाद हनुमान जी भरत जी से विदा होकर वापस भारद्वाज मुनि के आश्रम पर चले जाते हैं। उधर प्रभु श्री राम के आगमन की सूचना पाकर भरत जी वशिष्ठ जी और शत्रुघ्न जी के साथ अयोध्या से प्रयागराज के लिए श्री राम से मिलने रथ पर सवार होकर चल देते हैं। आगे जाने पर भारद्वाज मुनि के आश्रम के निकट अपने रथ को रोक करके गुरु वशिष्ट जी से निवेदन करते कि आप आईए।इसके बाद भरत और शत्रुघ्न भारद्वाज मुनि के आश्रम पर पहुंकर श्री राम के चरणों में साष्टांग दंडवत करते हैं भरत को साष्टांग दंडवत करते देखकर श्री राम जी उन्हें उठाकर भाई भरत को गले से लगाते हैं। भरत राम के मिलाप देख कर उपस्थित जन समुदाय जय श्री राम के नारों से पूरा मेला क्षेत्र गूंजाय मान कर दिया। चारों भाइयों के प्रेम को देखकर उपस्थित जन समुदाय के आंखों से आंसू छलक उठते हैं। इसके बाद श्री राम लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न का रथ वापस अयोध्या के लिए प्रस्थान कर देता है। श्री राम आते समय श्रृंगवेरपुर केराजा तथा अपने मित्र निषाद राज से भेंट करते हैं उसके बाद उनका रथ अयोध्या के लिए प्रस्थान कर देता है। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी की ओर से महाराज भरत जी का रथ झु्न्न लाल चौराहा, आमघाट, राजकीय महिला महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महुआ बाग, चौराहा, पहाड़ खां पोखरा स्थित श्री राम जानकी मंदिर पर आकर मेला समाप्त हुआ। इस अवसर पर कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी, संयुक्त मंत्री लव कुमार त्रिवेदी, प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी ,उप प्रबंधक मयंक तिवारी, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार अग्रवाल ,अनुज कुमार अग्रवाल, प्रमोद कुमार गुप्ता ,अजय कुमार अग्रवाल ,सुधीर कुमार अग्रवाल ,धीरज अग्रवाल, कृष्णांश त्रिवेदी, राम सिंह यादव, राजेश गुप्ता उपस्थित रहे। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा अधिक संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे।
गाजीपुर। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने तहसील मोहम्मदाबाद का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकार्ड रूम,अधिष्ठान एवं अन्य पटलो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फाईलो का रख-रखाव अव्यवस्थित ढ़ग से पाए जाने पर पटल सहायक (आर0के0बाबू ) अशोक तिवारी मु0 बाद का स्पष्ट्रीकरण जारी करने का निर्देश देते हुए कहा कि जब तक इनका संतोषजनक स्पष्ट्रीकरण प्राप्त होने तक वेतन वाधित करने का निर्देश दिया। उन्होने परिसर की साफ सफाई के साथ फाईलो का रख रखाव का निर्देश दिया। उन्होने उपजिलाधिकारी मु0 बाद को निर्देशित किया कि कोई भी लाभार्थी एवं किसान अपनी समस्या लेकर आता है तो तत्काल उनकी बात सुनकर उनके आवेदनो का निस्तारण किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही एवं शिकायत पाए जाने पर विभागीय कार्यवाही की जाएगाी। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारी एवं समस्त विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया जाता है कि अपने आफिस के फाईलो के रख रखाव के साथ-साथ साफ-सफाई का विशेष ध्यान देते हुए आवेदकों का तत्काल निस्तारण मौके पर किया जाए।