विधान परिषद सदस्यों के चुनाव हेतु मतदाता सूची का पुनरीक्षण 30 सितम्बर से होगा
मतदाता सूची का 30 दिसम्बर को अंतिम प्रकाशन
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा द्वारा प्रदेश की विधान परिषद के पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों तथा छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के सदस्यों का कार्यकाल आगामी वर्ष 06 दिसंबर, 2026 को समाप्त होने के कारण इन निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का पुनरीक्षण कराया जा रहा है। अर्हता तिथि 01 नवम्बर, 2025 के आधार पर यह पुनरीक्षण कार्यक्रम संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 30 सितंबर, 2025 से प्रारंभ होगा। इस निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर, 2025 को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अगले वर्ष 06 दिसम्बर को विधान परिषद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की जो 05 सीटें रिक्त हो रही है, उसमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ एवं इलाहाबाद-झांसी है। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की जो 06 सीटें रिक्त हो रही है, उसमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद एवं गोरखपुर-फैजाबाद है। इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए 30 सितंबर को सार्वजनिक नोटिस जारी होगा। 15 अक्टूबर को समाचार पत्रों में नोटिस का प्रथम पुनर्प्रकाशन तथा 25 अक्टूबर को इसका द्वितीय पुनर्प्रकाशन होगा। फार्म 18 या 19 में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 06 नवंबर तथा 20 नवंबर को पांडुलिपियों की तैयारी व निर्वाचन नामावलियों का मुद्रण होगा। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर को होगा। दावंे-आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक है। 25 दिसम्बर तक दावें-आपत्तियों का निस्तारण होगा और अनुपूरक सूची तैयार कर मुद्रित की जाएगी। निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर, 2025 को होगा।
उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए आवेदक को अर्हता तिथि से कम से कम 03 वर्ष पूर्व स्नातक हो या इसके समकक्ष अर्हता रखता हो। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदक को एक नवम्बर अर्हता तिथि से पहले राज्य के माध्यमिक स्तर के शैक्षिक संस्थानों में विगत 06 वर्षों में 03 वर्ष से शिक्षण कार्य किया हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार लखनऊ, हरदोई, खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली एवं प्रतापगढ़ जनपद तक। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर एवं सोनभद्र जनपद तक। आगरा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद एवं कासगंज जनपद तक। मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली एवं हापुड़ जनपद तक। इलाहाबाद झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी एवं ललितपुर जनपद तक होगा। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार लखनऊ, हरदोई, खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, रायबरेली एवं प्रतापगढ़ जनपद तक। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, एवं सोनभद्र जनपद तक। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, फर्रुखाबाद एवं कासगंज जनपद तक। मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली एवं हापुड़ जनपद तक। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, अमरोहा, बिजनौर एवं संभल जनपद तक। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का विस्तार बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अयोध्या, अमेठी एवं अंबेडकर नगर जनपद शामिल है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में लखनऊ के लिए मंडलायुक्त लखनऊ, मेरठ के लिए मंडलायुक्त मेरठ, आगरा के लिए मंडलायुक्त आगरा, वाराणसी के लिए मंडलायुक्त वाराणसी तथा इलाहाबाद-झांसी के लिए मंडलायुक्त झांसी एवं लखनऊ होंगे। इसी प्रकार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी में लखनऊ के लिए मंडलायुक्त लखनऊ, मेरठ के लिए मंडलायुक्त मेरठ, आगरा के लिए मंडलायुक्त आगरा, वाराणसी के लिए मंडलायुक्त वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद के लिए मंडलायुक्त बरेली एवं गोरखपुर-फैजाबाद के लिए मंडलायुक्त गोरखपुर है। इन निर्वाचन क्षेत्रों में सम्मिलित समस्त जनपदों के जिलाधिकारी अपने निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा इन निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाली समस्त विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी अपने निर्वाचन क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी होंगे।
Category Archives: Poltics
गाजीपुर के विकास के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को मेहनत करने की जरूरत है




गाजीपुर। पंचायत चुनाव किसी भी क्षेत्र तथा गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।वहां का विकास पंचायत चुनाव मे निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के ईमानदारी, योग्यता, प्रतिभा और चैतन्यता पर निर्भर करता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उपरोक्त मानक को पूरी तरह से पूर्ण करता है।यह बात आज भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित त्रिस्तरीय पंचायत कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिला प्रभारी डा. राकेश त्रिवेदी ने कहा उन्होंने कहा कि गाजीपुर के विकास के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को मेहनत करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि आपसी एकजुटता के साथ लगकर किया गया प्रयास कभी असफल नहीं होता।डा. राकेश त्रिवेदी ने मतदाता सूची मे सभी पात्रो का नाम शामिल करने के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता की सरकार और उसके नेतृत्वकर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समर्पित होकर सेवा भाव से काम कर रहे है।हमे संगठन को मजबूत करते हुए लक्ष्य निर्धारित चुनाव में उतरने की जरूरत है।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा चुनाव होता है।आगामी पंचायत चुनाव में जिले के प्रत्येक सदन मे भाजपा कार्यकर्ताओं की सबसे ज्यादा संख्या होगी।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता प्रधान, राष्ट्रवादी संगठन है जो देश व क्षेत्र के विकास के लिए सतत काम करते हुए समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित किया है। पंचायतों के विकास के लिए पंचायत चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत बहुत जरूरी है।
पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव सबसे कठिन चुनाव होते है जिसमें स्थानीय तथा सामाजिक समिकरण के आलावा प्रत्याशी चयन का विषय प्रमुख होते है। गाजीपुर के कार्यकर्ताओं मे उर्जा की कमी नहीं है बस उसे दिशा देने की जरूरत है।
कार्यशाला को पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, वृजेन्द्र राय और राजेश राजभर ने भी संबोधित किया।
संचालन महामंत्री अवधेश राजभर ने किया।
कार्यशाला में ब्लाक प्रमुख अवधेश राय, मनोज गुप्ता, योगेन्द्र सिंह, शशिपाल उर्फ घुरा सिंह,मशाला सिंह, धर्मेन्द्र सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, दयाशंकर पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, अच्छेलाल गुप्ता, श्याम राज तिवारी, लालसा भारद्वाज, संकठा मिश्रा, सुरेश बिन्द, विष्णु प्रताप सिंह, सचिन कन्नोजिया, सहित आदि अन्य लोग उपस्थित थे।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम 16 सितंबर को पीजी कॉलेज में लगाएगी विशेष कैंप
छात्रों की जीत: वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम 16 सितंबर को पीजी कॉलेज गाजीपुर में लगाएगी विशेष कैंप
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलपति के निर्देश पर, छात्रों की समस्याओं को सुलझाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। पूर्व छात्र संघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के प्रयासों से, विश्वविद्यालय की एक विशेष टीम 16 सितंबर को स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाजीपुर में छात्रों के लिए एक विशेष कैंप लगाएगी। यह पहल 25 अगस्त को शुरू हुई जब दीपक उपाध्याय ने कुलपति के नाम संबोधित एक पत्र परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह को सौंपा था। पत्र में उन्होंने गाजीपुर जनपद में एक “निस्तारण पटल कैंप” लगाने की मांग की थी, जिस पर डॉ. विनोद कुमार सिंह ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, दीपक उपाध्याय ने इस शिकायत को जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराया।

इन प्रयासों का परिणाम जल्द ही देखने को मिला। 3 सितंबर को, परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने प्राचार्य को एक पत्र लिखकर छात्रों की समस्याओं की एक सूची तैयार करने और परीक्षा विभाग के प्रभारी को 8 सितंबर को जौनपुर विश्वविद्यालय में बुलाने का निर्देश दिया। 8 सितंबर को परीक्षा प्रभारी को जौनपुर विश्वविद्यालय में बुलाया गया था, जहाँ छात्रों की समस्याओं का समाधान किया गया।
और यदि किसी कारणवश अभी भी किसी छात्र की परीक्षा या रिजल्ट संबंधित समस्या का समाधान नहीं हो पाया है, तो उसके लिए परीक्षा नियंत्रक ने 11 सितंबर को एक पत्र जारी किया है। इस पत्र में बताया गया है कि 16 सितंबर को जौनपुर विश्वविद्यालय की टीम महाविद्यालय में कैंप लगाकर छात्रों की समस्याओं का समाधान करेगी। इस खबर से छात्रों में खुशी का माहौल है। छात्र नेता दीपक उपाध्याय व सुधांशु तिवारी ने छात्रों से अपील की है कि वे अपनी सभी परीक्षा और रिजल्ट संबंधी समस्याओं को लेकर इस कैंप में पहुंचें और मौके पर ही अपनी परेशानियों का समाधान कराएं। उन्होंने कुलपति महोदय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह का हृदय से आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से यह संभव हो पाया।

राहुल और तेजस्वी को मांगनी चाहिए पूरे भारत से माफी
गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उनकी दिवंगत मां को कांग्रेस व उसके सहयोगी राजनैतिक संगठनों द्वारा अपशब्द व गाली देने पर भाजपा महिला मोर्चा तथा युवा मोर्चा मे उबाल देखा गया। इसको लेकर बुधवार को महिलाओं तथा युवाओं ने संयुक्त रूप से लंका मैदान से आक्रोश रैली निकाली तथा कचहरी स्थित सरयु पांडेय पार्क में सभा कर राहुल गांधी, कांग्रेस व उसके सहयोगी संगठनों को जमकर लताड़ लगाई।

सभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मां का अपमान तथा अपशब्द असहनीय है। उन्होंने कहा की राहुल गांधी व तेजस्वी यादव को इसके लिए पुरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है जब जब मातृशक्ति का अपमान हुआ तब तब आरोपियों का समूल नष्ट हुआ है।

नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की स्वर्गीया मां ने बहुत ही त्याग, तपस्या से संस्कार सम्पन्न उनका पालन पोषण किया और उन्हें देश सेवा की आदर्श अनुकरणीय परवरिश दी, जिससे आज राष्ट्र विश्व पटल पर सम्मानित है। उन्होंने कहा कि ऐसी त्याग तपस्या बलिदान की प्रतिमूर्ति मां के लिए अपशब्द कहना घिनौना ही नहीं निन्दनीय है।

महिला मोर्चा की नेता विमला मौर्य ने कहा कि कांग्रेस संगठन व उसके नेता संस्कार विहिन है यह बात देश की जनता जान चुकी है और देश की महिलाएं आने वाले सभी चुनावों मे इनकी जमानत जब्त कर देश को कांग्रेस मुक्त बनाकर रहेगी। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना राय ने सबके प्रति आभार धन्यवाद व्यक्त किया।

सभा को कार्यक्रम संयोजक भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश राजभर, सैदपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला सोनकर,मरदह ब्लाक प्रमुख सीता सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला, शीला सोनकर,माया सिंह,पूनम मौर्य,मीरा श्रीवास्तव ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष साधना राय तथा संचालन किरन सिंह ने किया।

आक्रोश रैली लंका मैदान से लंका बस स्टैंड,अम्बेडकर पार्क के रास्ते सांसद तिराहा होते कचहरी स्थित सरयु पांडेय पार्क तक आक्रोश रैली निकाली। रैली मे शामिल महिलाओं व युवाओं ने कांग्रेस पार्टी तथा उसके नेता के खिलाफ राहुल गांधी शर्म करो, मां का अपमान कांग्रेस की पहचान, मां का अपमान नहीं सहेगा हिन्दुस्तान, राहुल गांधी माफी मांगो आदि नारे लगाए तथा नारे लिखे तख्तियों को लेकर विशाल प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सरोज मिश्रा,सुमित तिवारी, अविनाश सिंह, विवेकानंद राय, गोदावरी राजभर, कौशल्या यादव, दीपमाला श्रीवास्तव, सुनीता सिंह आदि महिलाएं उपस्थित थी।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री की मनाई गई 120 वीं जयंती
कांग्रेस की मासिक समीक्षा बैठक में बूथ स्तर तक तैयारियों पर जोर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व मुख्यमंत्री पं० कमलापति त्रिपाठी जी की 120वीं जयंती मनाई गई

गाज़ीपुर। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक समीक्षा बैठक सकलेनाबाद स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष सुनील राम एवं शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करने और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित कमलापति त्रिपाठी की 120वीं जयंती भी उनके चित्र पर माल्यार्पण कर मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि पंडित जी किसानों, व्यापारियों और आम जनमानस के लिए सदैव संवेदनशील रहे। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने बताया कि वे धर्मनिरपेक्षता और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान के प्रतीक थे। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने उनके कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नहर, विद्युत, बांध, कॉलेज और अस्पतालों के विकास में उनका योगदान अतुलनीय रहा।
वरिष्ठ नेता अजय सिंह एवं अरविंद मिश्रा ने कहा कि पंडित जी के प्रयासों से ही गाज़ीपुर और चंदौली क्षेत्र को “धान का कटोरा” कहा जाता है। वहीं पीसीसी सदस्य ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना ने उन्हें आज के राजनेताओं के लिए आदर्श बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
बैठक में संगठनात्मक चर्चा के दौरान जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि “कांग्रेस की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा कर्तव्य है।” शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने आश्वस्त किया कि “गाजीपुर शहर के सभी वार्डों और बूथों पर कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं।”
बैठक में प्रमुख रूप से पीसीसी सदस्य अजय श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव कुमार सिंह, हामिद अली, सदानंद गुप्ता, रईस अहमद, मंसूर जैदी, सतीश उपाध्याय, महबूब निशा, राजेश गुप्ता, सतीश श्रीवास्तव, जेपी पांडेय, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, दिव्यांशु पांडेय, रामनगीना पांडेय, किरण गौतम, पप्पू चौधरी, राघवेंद्र चतुर्वेदी, शशांक उपाध्याय, विंध्याचल कुशवाहा, प्रकाश पांडेय, कुंदन खरवार, कृष्णानंद तिवारी, आरती रामकौल विश्वकर्मा, ओमप्रकाश पासवान, मोहन चौहान, आशुतोष कुमार सिंह, देवेंद्र कुमार सिंह, साजिद हुसैन खान, श्याम नारायण कुशवाहा, विश्वनाथ जायसवाल, इरफान खान, राजेश तिवारी, चंद्रशेखर आर्य, विनोद चौधरी, मुसाफिर बिन्द, गुलबास यादव, अरविंद नरेंद्र, अब्दुल हमीद, इंजीनियर मुकेश कुमार, अजय कुमार सिंह, सियाराम सिंह कुशवाहा, शशिकांत राय, रतन तिवारी, महेंद्र कुशवाहा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धरना प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा पत्रक, किया मांग
गाजीपुर। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में शुक्रवार को सरजू पांडे पार्क में जिला अध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन करते हुए जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी द्वारा तहसीलदार मजिस्ट्रेट को पत्रक सौंपा गया। कैंप कार्यालय सकलेनाबाद उत्तर प्रदेश में एवं जनपद में पढ़ते हुए अपराध एवं लचर कानून व्यवस्था को लेकर प्रेस वार्ता की गई। जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि जनपद के अंदर पूरे किसान परेशान है। समय से साधन सहकारी समिति पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। वर्तमान सरकार का हवा हवाई वादा बीफल हो रहा है। जनपद में पूरी सड़के गड्ढा में तब्दील हो गई। गाजीपुर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य द्वारा समाजसेवि कुंवर वीरेंद्र सिंह को अपमानित किया गया उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया इसकी जांच हो और प्राचार्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए नहीं तो हम कांग्रेस जन चुप नहीं बैठेंगे। कहा कि अगर हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो हम सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने के लिए बाध्य होंगे। सुनील राम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लॉ ईन ऑर्डर ध्वस्त है , योगी की सरकार हर मोर्चे पर फेल है। पूरे प्रदेश में अपराध चरम सीमा पर है। जनपद में भी आए दिन अपराध की घटनाएं होती रहती है। इसमें प्रदेश सरकार धर्म और जाति पूछ कर अपराधियों की पहचान करती है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है जंगल राज हो गया है।

एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि इस सरकार में किसान मजदूर नौजवान गरीब सब लोग परेशान है। आज पूरा जनपद बाढ़ की चपेट में है लेकिन शासन से कोई राहत सामग्री समय से मुहैया नहीं कराया जा रहा है। किसान की समस्या खाद की है इसको भी समय से उपलब्ध नहीं किया जा रहा है। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। सरकार अपने वादे से मुकर गई। हम कांग्रेस जन जनता के साथ हैं। उनकी लड़ाई को लड़ते रहेंगे चाहे इसके लिए जेल भी जाना होगा तो हम जाने के लिए तैयार हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह ने कहा कि हम किसी भी सूरत में किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। गाजीपुर जनपद में जिस तरह समाजसेवीयो के साथ घटना हो रही है यह बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। उनके ऊपर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ,भारतीय जनता पार्टी किसान विरोधी सरकार है, नौजवान विरोधी सरकार है महिला विरोधी है , वर्तमान सरकार में किसी भी व्यक्ति का भला होने वाला है नहीं है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से चंद्रिका सिंह राजेश गुप्ता हामिद अली सदानंद गुप्ता राशिद भाई रईस अहमद जेपी पांडे
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कमलेश्वर प्रसाद शर्मा सतीश उपाध्याय शंभू कुशवाहा महबूब निशा उषा चतुर्वेदी सीमा विश्वकर्मा कृष्णानंद तिवारी सतिराम सिंह अखिलेश यादव राघवेंद्र चौबे सबीबुल हसन सुधांशु तिवारी धर्मेंद्र कुमार दिव्यांशु पांडे मंगल यादव पुष्पा देवी किरण देवी अब्दुल हसन आशुतोष श्रीवास्तव राजेश उपाध्याय चंद्रशेखर कुमार देवेंद्र कुमार सिंह अब्दुल्ला मास्टर गुलवास यादव फैजान जी आदि लोग उपस्थित रहे ।
सरकार युवाओं के भविष्य को लगातार कर रही मजबूत: मंत्री असीम अरुण
गाजीपुर। बाबा साहब डा भीम राव अम्बेडकर से जब पूछा गया कि आपका धर्म क्या है तो उन्होंने कहा था मै भारतीय हूं। और युवा साथियों से आह्वान है कि बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने जिस सामाजिक न्याय की शुरुआत की थी वह अब महत्वपूर्ण चरण में है उसका एक अलग चरण चलने वाला है। यह बात शनिवार को नगर के वंशी बाजार स्थित रायल पैलेस में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उ प्र सरकार के समाज कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय का जो संदेश भारत के संविधान के माध्यम से दिया उसके बाद जितने देशों के संविधान बनाए गए उसमे सामाजिक न्याय के अंश को दुनिया के देशों ने शामिल किया है।

मंत्री ने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय की जो व्यवस्था संविधान में दिए है वह संविधान का मूल है वह कभी बदला ही नही जा सकता है। उन्होंने अपना जीवन परिचय देते हुए कहा कि मेरे पिताजी जिन संघर्षों से आगे बढ़े थे उसमें शिक्षा की बहुत बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब केवल नौकरी के लिए मोहताज नहीं रहना, बिजनेस के तरफ भी ध्यान देने की जरूरत है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्याप्त व्यवस्था हमें बढ़ने के लिए दिया है।

मुख्यमंत्री रोजगार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा की सरकार युवाओं के भविष्य को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि अत्याचार और भेदभाव को स्वीकार नहीं करना है। छात्रवृत्ति से कोई बच्चा छूटेगा नहीं यह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की गारंटी लेकर मैं आया हूं।और रूकी हुई छात्रवृत्ति शीघ्र ही आप सभी के खाते में जाएगी। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहां हम कानून से चलने वाले हैं लेकिन कमजोर नहीं है।

अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष शैलेश कुमार ने मंत्री का स्वागत स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्र से करते हुए कहा कि बाबा साहब हमारे लिए भगवान स्वरूप तथा मा मंत्री असीम अरुण कांशीराम के द्वितीय रूप है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने उपस्थित लोगों का धन्यवाद आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्रावास के छात्रो ने मंत्री जी मुलाकात किया। मंत्री का बडे माला से भी अभिनन्दन किया गया।
अध्यक्षता शैलेश कुमार एवं संचालन मारकंडेय गौतम व पुनवासी राम ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम का शुरुआत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, संत रविदास, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर वंदेमातरम् गीत से तथा समापन राष्ट्र गान से हुआ।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, अभिनव सिन्हा प्रो शोभनाथ यादव,,प्रवीण सिंह,दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर,जमुना राम चौधरी, ओमप्रकाश राम, काशी क्षेत्र अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष अजीत रावत, रामराज बनवासी, अच्छेलाल गुप्ता, सुरेश बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, पंकज सिन्हा,मदन कुमार, राममूर्ति बांसफोर,राजेश सोनकर, विप्लव रावत, देवचंद्र, बबलू राम,सरोज भारती सहित आदि अन्य छात्र व युवा उपस्थित थे।

सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी पूर्व एमएलसी को श्रद्धांजलि
जब तक सूरज चांद रहेगा,बच्चा बाबू तेरा नाम रहेगा –गोपाल यादव
गाजीपुर। शुक्रवार को पीजीआई लखनऊ में इलाज के दौरान समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व विधान परिषद सदस्य, कोआपरेटिव बैंक के पुर्व चेयरमैन और समाजवादी महिला सभा की जिला महामंत्री रीना यादव के पिता बच्चा यादव (बच्चा बाबू) का निधन हो गया है। उनके निधन से समाजवादी पार्टी ने अपना एक महान सपूत खो दिया है। उनके निधन की खबर फैलते ही जनपद का सियासी जगत शोक में डूब गया। खबर पाते ही लोगों का उनके चूंगी स्थित आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी एवं उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों की भारी भीड़ उनके आवास पर जुट गयी ।

उनके शवयात्रा आरंभ होने से पुर्व जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने उनके आवास पर उनके शव पर पार्टी का झंडा ओढ़कर श्रृद्धांजलि अर्पित किया और जिला प्रशासन की तरफ से सम्मान प्रकट करते हुए तहसीलदार सदर राजीव यादव ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उनकी शवयात्रा पार्टी कार्यालय समता भवन पर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष गोपाल यादव और सांसद अफजाल अंसारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आज समाजवादी पार्टी ने अपना एक महान सपूत को दिया है। वह बहुत ही सहज,सरल, सादगी, समर्पण एवं ईमानदारी की प्रतिमूर्ति थे। वह किसानों, नौजवानों और आमजन में काफी लोकप्रिय थे। इस जनपद में जब जब ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठ नेता की चर्चा होगी बच्चा बाबू याद किये जायेंगे।

सांसद अफजाल अंसारी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नेक दिल इंसान और संघर्षों का साथी बताया। उन्होंने कहा कि वह अपने संघर्षों की बदौलत एक गरीब परिवार से उठकर राजनीति के इस मुकाम तक पहुंचे थे। उनके निधन से समाजवादी परिवार ने अपना एक महान नेता को दिया है। जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
पार्टी कार्यालय समता भवन पर पुर्व विधायक उमाशंकर कुशवाहा, पुर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पुर्व विधायक त्रिवेणी राम,पुर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव,पुर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, मुहम्मदाबाद नगर पालिका परिषद के चेयरमैन र ईस अहमद, अरूण कुमार श्रीवास्तव, कन्हैयालाल विश्वकर्मा,नुसरत अंसारी , शम्भू अकेला,डॉ सीमा यादव,शौर्या सिंह, संतोष यादव,अमित ठाकुर, कमलेश यादव,सुशील जायसवाल,विभा पाल, भानु यादव,राजेन्द्र यादव,सदानंद यादव, सुनील यादव,वंशबहादुर कुशवाहा, रामाशीष यादव,सुग्गु यादव, रीता विश्वकर्मा, दिनेश सरकार,अनिता यादव, धन्नो यादव, सुनीता यादव, राजनाथ कुशवाहा, अंजनी यादव गौरव, शेर अली राईन,कमलेश लाला, अनिल राय, आदित्य यादव, राहुल सिंह,द्वारिका प्रसाद यादव आदि उपस्थित थे।

पूर्व एमएलसी का राष्ट्रीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
गाजीपुर। पूर्व विधान परिषद सदस्य बच्चा यादव का राजकीय सम्मान के साथ शुक्रवार को श्मशानघाट पर अंत्येष्टि संस्कार हुआ।इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने दुख व्यक्त किया साथ ही पार्टी नेताओं कार्यकर्ताओं के साथ श्मशान घाट पहुंच कर उनके पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दिया। भाजपा की ओर से पूर्व महामंत्री रामनरेश कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य प्रतिनिधि डा प्रदीप पाठक, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,अर्जून सेठ, धनेश्वर बिंद, हेमंत त्रिपाठी, रासबिहारी राय,सुबाष चौहान, राकेश यादव सहित आदि अन्य ने पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया।

पाइपलाइन से पानी की बर्बादी, प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप
गाजीपुर में ‘नमामि गंगे’ की पाइपलाइन से पानी की बर्बादी, प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप
गाजीपुर। जिले में जल संरक्षण के प्रयासों को उस समय गहरा झटका लगा, जब नगर पालिका परिषद गाजीपुर के सिंचाई विभाग चौराहे के पास ‘नमामि गंगे’ योजना के तहत लगी पानी की पाइपलाइन में एक सप्ताह से लगातार लीकेज देखा गया। इस लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर स्वच्छ, पीने योग्य पानी व्यर्थ बह रहा है। इस गंभीर समस्या के बावजूद, जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद का रवैया उदासीन बना हुआ है।

एक ओर सरकार ‘जल ही जीवन है’ जैसे नारों के साथ जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैला रही है, वहीं दूसरी ओर गाजीपुर में ‘नमामि गंगे’ जैसी महत्वपूर्ण योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन से पानी की बर्बादी हो रही है। यह स्थिति जल संकट का सामना कर रहे समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। लीकेज से बहने वाला पानी सीधे तौर पर बर्बाद हो रहा है, जो कि प्रशासन की घोर लापरवाही को उजागर करता है।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी, तत्काल कार्रवाई की मांग
इस मुद्दे को लेकर समाज में गहरा रोष है। समाजसेवी और पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय, कांग्रेस शहर उपाध्यक्ष रईस अहमद, पूर्व छात्रसंघ महामंत्री सुधांशु तिवारी, सियाउल हसन, सतीश उपाध्याय, दिव्यांशु पांडे और कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उनका कहना है कि प्रशासन जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है और मूकदर्शक बना हुआ है।

इन सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद से तत्काल इस लीकेज को ठीक कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे जनहित में एक बड़ा आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।

पिछले 5 घंटे से सामाजिक कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं और प्रशासन से जवाब की मांग कर रहे हैं।
