-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने नुक्कड़ सभा कर लोगों को किया जागरूक

महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में एमबीबीएस छात्रों ने किया नुक्कड़ सभा का आयोजन
गाजीपुर। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस (WORLD Hypertension Day) के अवसर पर महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राज्य शिक्षा महाविद्यालय की ओर से एक माहव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई, जो विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा 17 मई 2025 से 16 जून 2025 तक चलाया जा रहा है़। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता को हाइपरटेंशन यानी उच्च रक्तचाप के खतरों, कारणों, लक्षणों और रोकथाम के तरीकों के बारे में जानकारी देना है।

अभियान के प्रथम दिन महाविद्यालय के एमबीबीएस के छात्रों द्वारा नगर के महुआबाग में शनिवार को एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही। इस नुक्कड़ सभा में छात्रों ने जन-सामान्य की भाषा में उच्च रक्तचाप से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि यह एक मौन हत्यारा (Silent killer) है, जो बिना किसी स्पष्ट लक्षण के भी शरीर को गंभीर नुकसान पहुँचा सकता है।

कार्यक्रम में छात्रों ने अभिनय, संवाद और पोस्टरों के माध्यम से यह संदेश दिया कि हाइपरटेंशन से बचने के लिए नियमित रक्तचाप जांच, संतुलित आहार, व्यायाम, तनाव प्रबंधन और समय पर इलाज अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 डॉ. आनंद मिश्रा ,शहर कोतवाल दीनदयाल पांडे , साकेत सिंह एवं बायोकेमेट्री के सह-आचार्य प्रो0 डॉ. अमित जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य प्रो0 डॉ. आनंद मिश्रा ने अपने संबोधन में छात्रों की पहल की सराहना की और कहा कि, इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल छात्रों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में भी अहम भूमिका निभाती हैं।


-
युवाओं में सुनने की क्षमता हो रही है कम

ईयर फोन और ईयर प्लग से युवाओं में सुनने की क्षमता हो रही है कम
गाजीपुर। आज का युवा ईयरफोन और ईयर प्लग को अधिक समय तक उपयोग कर रहे हैं। जिसके कारण उनके सुनने की क्षमता के साथ ही टिटनेस की भी संभावनाएं बढ़ रही हैं।इसी को लेकर प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश पार्थ सारथी सेन शर्मा के द्वारा समस्त मंडल आयुक्त एवं जिला अधिकारी को इस संबंध में एक पत्र जारी करते हुए आम जनमानस में बचाव के लिए जन जागरूकता करने का निर्देश दिया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा का एक पत्र विभाग को प्राप्त हुआ है। जिसमें मोबाइल के इयरफोन तथा हेडफोन के संबंध में जारी किया गया और बताया गया है कि इसके उपयोग से लोगों को सुनने की क्षमता में लगातार कमी आ रही है। और यह युवा वर्ग को ज्यादा प्रभावित कर रहा है यह अनदेखा किया जाने वाला स्वास्थ्य से संबंधित प्रकरण है । उन्होंने बताया कि आज का युवा व्यक्तिगत ऑडियो उपकरणों के माध्यम से तेज संगीत एवं अन्य ध्वनियों के लंबे समय तक सुनने की लगातार क्षति हो रही है।
उन्होंने बताया कि इससे बचाव के लिए कई तरह के उपाय भी बताए गए हैं। इससे बचने के लिए हेडफोन के अनावश्यक उपयोग से बचे। यदि बहुत आवश्यक हो तो 50 डेसीबल से अधिक ध्वनि वाले ईयर फोन हेडफोन का उपयोग करें। हेडफोनअथवा ब्लूटूथ इयर प्लग का प्रतिदिन 2 घंटे से ज्यादा लंबे समय तक इस्तेमाल न करें और बीच-बीच में ब्रेक भी ले । यदि संभव हो तो कम आवाज में ऑडियो सुनने के लिए अच्छी तरह से शोर कम करने वाले हेडफोन का ही उपयोग करें । बच्चों को ऑनलाइन गेमिंग से दूर रखें ताकि वह तेज आवाजों के संपर्क में ना आए। जिनका इस्तेमाल अक्सर गेम डिजाइन में किया जाता है। सोशल मीडिया का उपयोग कम करें परिवार और सामाजिक मेलजोल पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक साथ समय बिताने का कार्य करें । सार्वजनिक स्थलों पर अधिकतम औसत ध्वनि 100 डेसीबल से अधिक ना हो।
उन्होंने बताया कि इन उपायों को यदि अमल में लाया जाए तो इस तरह के कम सुनने वाले मामले में कमी लाई जा सकता है । उन्होंने बताया कि एक बार यदि सुनने की क्षमता स्थाई रूप से खत्म हो जाने पर श्रवण यंत्र से सामान्य श्रवण क्षमता बहाल नहीं की जा सकती। इसके अलावा कम उम्र से ही लगातार टिटनेस होने से अवसाद सहित कई तरह के मनोवैज्ञानिक समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
-
सपना सिंह के प्रयास से राहगीरों को मिली राहत

गाजीपुर। तपती दोपहरी एवं चिलचिलाती धुप में कचहरी एवं विभिन्न कार्यालयों में आए आम लोगों तथा आस पास के लोगों को शीतल जल से प्यास बुझाने की व्यवस्था जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह के प्रयास से कचहरी पर वाटर कूलर लगाया गया। सपना सिंह के अनुरोध पर शनिवार को एचएसबीसी बैंक के सामाजिक दायित्व निधि से पुलिस अधीक्षक कार्यालय के द्वार पर वाटर कूलर लगाई गई।

इस वाटर कूलर का लोकार्पण भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने शीलापट का अनावरण कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि यह वाटर कूलर अपने विभिन्न कार्यो से कचहरी आए जनपद वासियों, पुलिस अधीक्षक कार्यालय आए फरियादियों और यहां तैनात कर्मचारियों आदि के पीने के पानी की जरूरत को पूरा करेगा।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, कृष्ण बिहारी राय, जिला मंत्री विष्णु प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, मनोज बिंद, राजीव चतुर्वेदी तथा क्षेत्राधिकारी नगर उपस्थित थे।
-
सैनिकों के सम्मान में भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा








गाजीपुर। अदभुत साहस,शौर्य और पराक्रम से पाक परस्त आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर “आपरेशन सिंदूर” को सफल बनाने वाली देश की तीनों सैन्य शक्तियों (जल,थल,नभ) के सम्मान में शनिवार को राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय के नेतृत्व में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा नगर के लंका मैदान से निकल कर सकलेनाबाद , विशेश्वरगंज, मिश्र बाजार, कोतवाली होते आमघाट गांधी पार्क में सभा कर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने आमघाट पार्क में तिरंगा यात्रा में शामिल महिलाओं पुरुषों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सैन्य शक्तियों ने पाकिस्तानी आंतकी ठिकानो पर सटीक प्रहार कर सैकड़ों आतंकवादियो को मारकर ,पहलगाम घटना मे मारे गए बहनों के सिंदूर का बदला ले लिया है।देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे दुश्मनो को छोडने वाला नही बल्कि दुश्मन देश के घरो में घुस कर मारने तथा सुरक्षित सकुशल लौटने वाला भारत बन गया है। दर्शना सिंह ने कहा कि भारतीय सैनिकों का गौरवशाली इतिहास रहा है,उनके सम्मान मे पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि आपरेशन सिंदूर की सारगर्भित उपलब्धि राष्ट्र गौरव का प्रतीक है।
जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने पदाधिकारियों,कार्यकर्ताओं तथा तिरंगा यात्रा मे शामिल सभी माताओं, बहनों एवं नागरिकों के प्रति धन्यवाद आभार प्रकट करते हुए कहा कि देश के गौरव भारतीय सेना के सम्मान में यह कार्यक्रम प्रत्येक विधानसभा में भी आयोजित किया जाएगा।
तिरंगा यात्रा मे हजारों की संख्या में उपस्थित लोगों मे राष्ट्रीय भावना का असीम उत्साह तथा देश के सैनिकों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव था।हर हाथ मे तिरंगा झंडा लिए पुरुषों के साथ-साथ भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल थी। तिरंगा यात्रा में रास्ते भर भारत माता की जय और भारतीय सैनिकों के सम्मान मे गगनभेदी नारे लगाए जा रहे थे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों ने एकजुटता एवं देश भक्ति का संदेश दिया।
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों तथा पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके तथा शहीद सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित किया।
सभा का संचालन जिला महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, विजय शंकर राय, सरोज कुशवाहा,प्रो. शोभनाथ यादव,नपा अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जयप्रकाश गुप्ता, सुशीला सोनकर, अभिनव सिन्हा, पारसनाथ राय, सुनीता सिंह, कालीचरण राजभर,रामराज बनवासी, दयाशंकर पांडेय, वृजनन्दन सिंह,अवधेश राजभर, अच्छेलाल गुप्ता, ओमप्रकाश राम, श्यामराज तिवारी,जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, विष्णु प्रताप सिंह, सुरेश बिंद, राजेश भारद्वाज,कार्तिक गुप्ता,विश्व प्रकाश अकेला, आनन्द राय मुन्ना,पीयूष राय, वीरेंद्र राय,रुद्रा पांडेय,किरन सिंह, शैलेश कुमार, कादिर राईनी, विनोद अग्रवाल,अविनाश सिंह, माया सिंह,अभिनव छोटू, जितेन्द्र नाथ पांडेय,डा. प्रदीप पाठक,सुमित तिवारी, अनिल पांडेय,सशांक शेखर राय, गोपाल राय आदि लोग मौजूद थे। -
376 शिकायत पत्र में 42 का निस्तारण


गाजीपुर। जन समस्याओ के त्वरित निस्तारण हेतु सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सैदपुर में अविनाश कुमार की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा की उपस्थिति में हुआ। जिसमे 67 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, मौके पर 08 का निस्तारण किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु सातों तहसीलो की सूचना के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 376 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, जिसमें मौके पर 42 शिकायत/प्रार्थना पत्रो का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में तहसील जखनियां में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता 71 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, जिसमें 12 का मौके पर निस्तारण किया। तहसील सेवराई में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 20 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। जमानियॉ तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 48 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, जिसमें मौके पर 04 का निस्तारण किया गया। तहसील मुहमम्दाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 41 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए, जिसमें मौके पर 04 निस्तारण किया गया। तहसील कासिमाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 80 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से मौके पर 05 का निस्तारण किया गया एवं तहसील सदर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 49 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त 04 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए कुछ शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कराया गया तथा शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि जमीन विवाद और आपसी विवाद एक ही विषय से संबंधित होते है इस लिए राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विवादों का निस्तारण सुनिश्चित करें। राजस्व निरीक्षकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह पैमाइस कर पत्थरगड्डी करना सुनिश्चित करें। तहसील के समस्त लेखपालों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ता की छोटी-छोटी समस्याएँ जिनका तत्काल निस्तारण किया जा सकता है उसके लिए किसी व्यक्ति को परेशान न किया जाए। कहा गया कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है, अतः इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता अक्षम्य होगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील पांडेय, परियोजना निदेशक राजेश यादव, उपजिलाधिकारी सैदपुर, तहसीलदर सैदपुर, क्षेत्राधिकारी सैदपुर एवं समस्त संबंधित अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे। -
डीएम की अध्यक्षता में हुई बैठक,दिए निर्देश


गाजीपुर। जिला सहकारी विकास समिति (डी०सी०डी०सी०) की बैठक जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता गाजीपुर को डी०सी०डी०सी० की पूर्व बैठक में दिए गए, निर्देशों के अनुपालन आख्या बैठक में उपस्थित सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिसमे सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सह० गाजीपुर ने पूर्व बैठक 28.01.2025 से अब तक सहकारिता विभाग से 13 नवगठित समितियों के गठन होने, मत्स्य विभाग की 09 नई समितियों के गठित होने तथा दुग्ध विभाग की 30 नई समितियों के गठन की जानकारी दी। बैठक में मिशन कायाकल्प के अन्तर्गत प्रत्येक विकास खण्ड में मरम्मतयोग्य समितियों के मरम्मत का प्रस्ताव, बी-पैक्स/सहकारी समितियों की जमीन को भू-राजस्व अभिलेखों में दर्ज कराने का प्रस्ताव की जानकारी ली। बैठक में उपस्थित सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी जिला सहकारी बैंक लि० गाजीपुर ने जिला सहकारी बैंक की प्रगति रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की। बैठक की कार्यवाही को समेकित करते हुए जिलाधिकारी ने नयी समितियों के गठन करनें, समितियों के भवनों को भू-राजस्व अभिलेख में दर्ज कराने हेतु पत्रावली प्रस्तुत करने तथा जिला सहकारी बैंक लि० गाजीपुर के प्रबंधक को बैंक को मजबूत करने के लिए अपने ऋण वितरण क्षेत्र का विस्तार करतें हुए नयी समितियों/एफ०पी०ओ० को ऋण देने तथा दिए गए ऋण की शत प्रतिशत वसूली करनें के निर्देश दिए, साथ ही बी-पैक्स कम्प्यूटराइजेशन की जिला स्तरीय समिति (डी०एल०एम०आई०सी०) की बैठक भी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। जिसमें प्रथम चरण की 16 बी- पैक्स के कम्प्यूटराइजेशन एवं द्वितीय चरण के 14 बी-पैक्स के कम्प्यूअराइजेशन की दो सप्ताह मे पूर्ण करने के निर्देश दिए, 13 नयी गठित बी-पैक्स को भी कम्प्यूटराइजेशन से आच्छादित करने के निर्देश दिए।
-
डा.संगीता बलवंत ने 42 बच्चों को वितरित किया लैपटॉप








गाजीपुर। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना उ0प्र0 मुख्यमंत्री बाल सेवायोजना अंतर्गत कोविड-19 महामारी से मृतक अभिभावकों के बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक राज्य सरकार द्वारा प्रतिमाह 4000/-रू0 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना के तहत लाभ प्राप्त कर रहे कक्षा 09 या इसके उपर के कक्षा में अथवा व्यवसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को टैबलेट/लैपटाप की सुविधा एक बार उपलब्ध कराया जाता है। जनपद में योजना के तहत वर्तमान में 53 बच्चे लैपटॉप वितरण हेतु चिन्हित हुए थे। जिसके क्रम में रायफल क्ल्ब (कलेक्ट्रेट सभागार) में सांसद राज्यसभा डा. संगीता बलवंत की गरिमामयी उपस्थिति में 42 उपस्थित लाभार्थी बच्चों को लैपटॉप का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहें।
-
सावधान रहें, यहां पनपता है डेंगू का मच्छर: सीएमओ डॉ सुनील पाण्डेय

सावधान रहें, रुके और साफ़ पानी में ही पनपता है डेंगू का मच्छर – सीएमओ डॉ सुनील पाण्डेय
• राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर सीएमओ कार्यालय समेत सीएचसी – पीएचसी पर आयोजित हुए कार्यक्रम एवं नाइट ब्लड सर्वे अभियान से पूर्व एलटी एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों को जनपद मुख्यालय पर किया गया प्रशिक्षित
• डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए जानकारी एवं जागरूकता भी बेहद जरूरी
गाज़ीपुर। डेंगू, एडीज़ मादा मच्छर के काटने से फैलता है। ये मच्छर रुके हुए साफ पानी में पनपते हैं। इसलिए आवश्यक है कि घरों में मौजूद कूलर, गमले के नीचे जमा पानी, टायरों, छत और खाली पत्रों में जमा हुए पानी को हर हफ्ते खाली करें, जिससे मच्छर का लार्वा न पनप सके। समय पर जांच और उपचार कराने से डेंगू पूरी तरह ठीक हो सकता है। लापरवाही करने से यह गंभीर रूप ले सकता है। यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ सुनील पाण्डेय का। वह राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में आयोजित हुई गोष्ठी में बोल रहे थे।
सीएमओ ने कहा कि इस वर्ष डेंगू दिवस की थीम ‘’देखें, साफ करें, ढके : डेंगू को हराने के उपाय करें” रखी गई है। इसके लिए डेंगू एवं अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव एवं रोकथाम के लिए अधिक से अधिक लोगों में जागरूकता लायी जाए। आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा रोकथाम के लिए “क्या करें और क्या न करें” के बारे में बताया जाए। घर व आसपास कहीं भी जल जमाव न होने दें। डेंगू की रोकथाम के लिए विभाग ने अभी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसीएमओ व नोडल अधिकारी डॉ जेएन सिंह ने बताया कि तालाब और नालियों की नियमित सफाई के लिए, फॉगिंग-छिड़काव की व्यवस्था कराने के लिए, संक्रमण और प्रदूषण की उत्तरदायी खुली नालियों को ढक कर रखें। नगरीय एवं ग्रामीण इलाकों में पेयजल स्रोतों एवं संसाधनों से शौचालयों के सीवर को उचित दूरी पर स्थापित करें। इस कार्य को पूरा करने के लिए जिला मलेरिया अधिकारी, नगर विकास और पंचायती राज विभाग का सहयोग लें।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि डेंगू, वायरल और मच्छर जनित रोग है। इससे ग्रसित मरीजों का बदन टूटता है और अधिक दर्द होता है। डेंगू बुख़ार के कुछ लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, त्वचा पर लाल चकत्ते तथा मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द शामिल होता है। डेंगू का एक लक्षण रक्तस्रावी बुख़ार भी है जिसके कारण रक्त ले जाने वाली नलिकाओं में रक्तस्राव या रिसाव होता है जिससे प्लेटलेट्स का स्तर कम धीरे-धीरे कम होने लगता है। दूसरा डेंगू शॉक सिंड्रोम है, जिससे खतरनाक रूप से निम्न रक्तचाप (ब्लडप्रेशर) होता है। इस प्रकार के कोई भी लक्षण दिखते ही नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में जाकर सम्पूर्ण इलाज कराएं। जनपद के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा जिला अस्पताल में जांच व उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही जनपद मुख्यालय पर सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के एलटी एवं स्वास्थ्य पर्यवेक्षक को दिनांक 19 से 24 में 2025 तक मनाए जाने वाले नाइट ब्लड सर्वे अभियान हेतु कार्यक्रम संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया । इस मौके अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मनोज कुमार सिंह समेत अन्य चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। -
बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के बुढ़नपुर गांव में सोते समय किसान प्रेम प्रकाश राय (60) वर्ष की गोली मार हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र प्रसाद, सादात पुलिस और सीओ सैदपुर के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। प्रेमप्रकाश राय (मृतक) पुत्र स्व. बनारसी राय उम्र 60 वर्ष अपने दरवाजे पर रोज की तरह सो रहे थे कि रात में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी प्रतिमा राय ने बताया की जब सुबह मैं आई अपने पति को जगाने के लिए तो वह उठे नहीं। आसपास में काफ़ी खून फैला हुआ था जिसको देखकर घबड़ा गई। शोर मचाने पर अगल बगल के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि मृतक को गोली लगी है। यह देख लोगों ने थाना सादात को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर थानाध्यक्ष सादात वागिस विक्रम सिंह एवं एस पी सिटी ज्ञानेंद्र फ़ोर्स के साथ पहुंचे। इस दौरान मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि शैलेन्द्र राय उर्फ़ पीयूष राय पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया एवं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया में समर कैंप का हुआ आयोजन

डालिम्स सनबीम स्कूल जखनिया, गाज़ीपुर में समर कैंप का शानदार आयोजन
बच्चों ने नॉन-फायर फूड स्टॉल लगाए, रेन डांस का लिया भरपूर आनंद
गाज़ीपुर। डालिम्स सनबीम स्कूल, जखनिया में गर्मी की छुट्टियों को यादगार बनाने के लिए समर कैंप का आयोजन बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। शुक्रवार को मैनेजर आमिर अली ने फीता काटकर समर कैम्प का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बच्चों ने कई रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लिया।

बच्चों द्वारा लगाए गए नॉन-फायर फूड स्टॉल सभी के आकर्षण का केंद्र बने। उन्होंने बिना आग के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपने कौशल का परिचय दिया।शिक्षकों ने बच्चों के प्रयासों की खूब सराहना की।

समर कैंप की सबसे रोमांचक गतिविधि रही रेन डांस, जिसमें बच्चों ने पानी की फुहारों के बीच संगीत की धुन पर थिरक कर भरपूर मस्ती की। इसके अलावा आर्ट एंड क्राफ्ट, पेंटिंग, योग, गेम्स और डांस जैसी कई गतिविधियों का आयोजन भी किया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या गज़ाला सलीम ने कहा कि इस प्रकार के कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम के अंत में मैनेजर आमिर अली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मैडल देकर सम्मानित किया।







