Home

  • प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस

    प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस

    प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस
    पत्रकारों की सुरक्षा और निश्चित मानदेय की उठी पुरजोर मांग


    गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार ल में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका मीरा राय और प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। राकेश शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
    कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी पाण्डेय, दरोगा पाण्डेय सहित विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और पत्रकारों के हितों पर खुलकर अपनी बात रखी। वक्ताओं ने सरकार और समाज से पत्रकारों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने ग्रामीण व कस्बाई पत्रकारों के आर्थिक संबल के लिए सरकार द्वारा एक निश्चित मानदेय तय किए जाने की बात पर भी विशेष जोर दिया गया।

    समारोह में प्रख्यात कवि बादशाह राही ने अपनी तीखी कविताओं और बेबाक शेर-ओ-शायरी के माध्यम से शासन और प्रशासन की कमियों को उजागर करते हुए उन्हें आईना दिखाने का काम किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
    गंभीर चर्चाओं के बीच कार्यक्रम में मनोरंजन का तड़का तब लगा जब प्रसिद्ध मिमिक्री आर्टिस्ट विजय शंकर मंच पर आए। उन्होंने अपनी शानदार मिमिक्री और कलात्मक प्रस्तुति से सभागार में मौजूद सभी पत्रकारों और अतिथियों को हंसने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम में आकर्षण का मुख्य केंद्र रही और पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता जगत की तमाम हस्तियों को उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्रम, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महासचिव वसीम रजा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सह सचिव प्रदीप शर्मा मोनू, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, सचिव आय-व्यय सुनील गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य सुनील सिंह, प्रभाकर सिंह, आई बी सिंह, महताब आलम, आसिफ , इक़रार, अजय , आरिफ़ वारसी, मनीष राय, राघवेंद्र, फूलचंद्र, आलोक त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव और सऊद अंसारी सहित भारी संख्या में लोग, प्रबुद्ध नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने दूर-दराज से आए सभी आगंतुकों, अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

  • वैषणव वर्धन सिंह का हुआ नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में सलेक्शन

    वैषणव वर्धन सिंह का हुआ नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में सलेक्शन

    नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में अपना जलवा दिखाएगा गाजीपुर का लाल

    सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए काशिमाबाद के वैषणव वर्धन सिंह का सेलेक्शन

    गाजीपुर। बेंगलुरू में आयोजित होने वाले वाले 26 वें सब-जूनियर नेशनल पैरास्विमिंग चैंपियनशिप में गाजीपुर के लाल वैष्णव वर्धन सिंह का जलवा देखने को मिलेगा। शारीरिक कमजोरियों के बावजूद अपने हौसलें और काबिलियत से प्रदेश स्तर पर कई बार नाम कमा चुके वैष्णव अब राष्ट्रीय फलक पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं। कई राउंड के शानदार ट्रायल के बाद वैष्णव का सेलेक्शन इस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

    आपको बता दें कि वैष्णव कासिमाबाद के अंतर्गत मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता अशोक कुमार सिंह सेना में कर्नल की जिम्मेदारी निभाते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में तैनात हैं। इससे पहले वे विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट डीविजन के निदेशक भी रह चुके हैं। वे दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। जहां वैष्णव राजधानी के नामी संस्कृति स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। वैष्णव को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में खासी दिलचस्पी है। इसी का परिणाम है कि वैष्णव को स्वीमिंग के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए कई बार खिताब प्राप्त हुआ है।

    नेशनल चैंपियनशिप में सेलेक्शन के बाद वैष्णव के परिवार में खुशी की लहर है। वैष्णव के करियर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी माता श्रुतिकिर्ती सिंह ने वैष्णव की सफलता का श्रेय खुद उनके मेहनत, हौसले और अनुशासन को दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि श्रुतिकिर्ती सिंह राजधानी दिल्ली में दिव्यांग बच्चों को लिए फाउंडेशन चलाने के साथ-साथ तमाम सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहती है। साथ ही वैष्णव की इस शानदार उपलब्धि में उनकी बहन वैष्णवी का भी बड़ा योगदान रहा है। इंटरमीडियट में पढ़ने वाली वैष्णवी अपने भाई के मनोबल को बढ़ाने के लिए लगातार उसे प्रेरित करती रहती हैं। उनका हौसला बढ़ाने के लिए हर प्रतियोगिता में उनके साथ जाया करती हैं।

    वैष्णव की इस उपलब्धि पर वैष्णव के कोच ने कहा कि ये सफलता तो सिर्फ वैष्णव के करियर की शुरूआत है। वैष्णव को अभी बहुत आगे जाना है। उन्होनें वैष्णव के साथ-साथ सभी सेलेक्टेड खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

  • शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

    गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी।  उसके पश्चात् कक्षा PG  से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

    प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए। 

    कक्षा 1 से 5 में  निशांत राय  ने 99  9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व  कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।  प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार  राय  व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को  क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

    विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं। 

    इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

    कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया।  कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।

                    

  • 12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

    गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।

  • राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

    राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे


    गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
    स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

  • डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

    गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह  की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
    जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • किसान दिवस में किसानों ने उठाईं सिंचाई, बिजली और टीकाकरण की समस्याएं

    किसान दिवस में किसानों ने उठाईं सिंचाई, बिजली और टीकाकरण की समस्याएं

    किसान दिवस में किसानों ने उठाईं सिंचाई, बिजली और टीकाकरण की समस्याएं

    गाजीपुर। परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के सभी विकासखंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। किसान दिवस में सहायक अभियंता, लघु सिंचाई के अनुपस्थित रहने पर उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कैच क्रॉप के रूप में बोई जाने वाली तोरिया फसल के निःशुल्क बीज वितरण के लिए बुकिंग प्रक्रिया चल रही है। किसानों से अपील की गई कि वे नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा अपने मोबाइल के माध्यम से तोरिया बीज की बुकिंग करा लें। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले किसानों के लिए ई-लॉटरी 20 या 21 अगस्त को प्रस्तावित है। इसकी सूचना समाचार पत्रों एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से किसानों को दी जाएगी।

    उन्होंने बताया कि पीएम किसान योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री का अभियान 16 से 21 अगस्त तक ग्रामवार चलाया जा रहा है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं बन पाई है और उनका अंश निर्धारण हो चुका है, वे संबंधित लेखपाल, जनसेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क कर जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री करा लें। किसान शिवकुमार राय, ग्राम सियाड़ी, भांवरकोल ने बताया कि उनके गांव में अभी तक एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) का टीकाकरण नहीं हुआ है। उन्होंने गांव में टीकाकरण कराने की मांग की। इसी तरह पवन यादव, ग्राम ताड़ीघाट तथा जितेंद्र राय, ग्राम मिर्जाबाद ने भी अपने गांवों में एफएमडी टीकाकरण कराने का अनुरोध किया।

    कृषक चंद्रबली राय, ग्राम ढढ़नी ने शिकायत की कि जमानिया पंप कैनाल से ताड़ीघाट रजवाहा होते हुए ढढ़नी से चौरी माइनर निकली है, लेकिन अब तक टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने माइनर में पानी पहुंचाने की मांग की। किसान कृष्णानंद राय ने बताया कि ग्राम उतरौली में बने चेकडैम का स्ट्रक्चर क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे करीब 150 हेक्टेयर खेत में पानी भर गया है। उन्होंने चेकडैम की मरम्मत कराने की मांग की। कृषक ईश्वर शरण उपाध्याय ने महरौली विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने की मांग की, ताकि किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। वहीं अनूप राय, ग्राम पकड़ी ने बताया कि गांव में विद्युत तार जर्जर हो चुके हैं, जिससे कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। कई बार शिकायत के बावजूद तार नहीं बदले गए हैं। उन्होंने जर्जर तारों को बदलने तथा ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की, जिससे खेतों की सिंचाई सुचारू रूप से हो सके। किसान दिवस में किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

  • संगठन सृजन से कांग्रेस को मिलेगी नई मजबूती, चुनाव में भाजपा को जनता देगी जवाब: पूनम पासवान

    संगठन सृजन से कांग्रेस को मिलेगी नई मजबूती, चुनाव में भाजपा को जनता देगी जवाब: पूनम पासवान

    संगठन सृजन से कांग्रेस को मिलेगी नई मजबूती, चुनाव में भाजपा को जनता देगी जवाब : पूनम पासवान


    गाजीपुर में कांग्रेस की बैठक, जिला व शहर अध्यक्ष पद के दावेदारों ने जमा किए आवेदन

    गाजीपुर। जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को सकलेनाबाद स्थित कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव एवं एआईसीसी ऑब्जर्वर, पूर्व विधायक पूनम पासवान तथा पीसीसी ऑब्जर्वर धर्मेंद्र कुमार तिवारी मौजूद रहे।

    बैठक के दौरान संगठन सृजन अभियान के तहत जिला अध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष पद के इच्छुक उम्मीदवारों ने अपने आवेदन फार्म जमा किए। इसके बाद एआईसीसी एवं पीसीसी ऑब्जर्वर द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में संगठन सृजन को लेकर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और नेतृत्व को लेकर उनकी राय एवं सुझाव लिए जाएंगे।

    बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं पूर्व विधायक पूनम पासवान ने कहा कि कांग्रेस का संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करना और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन में उचित सम्मान एवं जिम्मेदारी देना है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है। जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है और आने वाले चुनाव में अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।

    पीसीसी ऑब्जर्वर धर्मेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। प्रत्येक ब्लॉक में कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय और सुझाव लिए जाएंगे तथा सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा।

    कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष कुसुम तिवारी, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, मुसाफिर बिन, ज्ञान प्रकाश सिंह, मुन्ना, प्रमिला देवी, चंद्रिका सिंह, विद्याधर पांडेय, ए. हामिद अली, राजेश गुप्ता, सतीश उपाध्याय, मंसूर जैदी, माधव कृष्ण, आशुतोष गुप्ता, मोहम्मद राशिद, अखिलेश यादव, कमलेश्वर शर्मा, आलोक यादव, डॉ. गुड्डू, सुनील साहू, दिव्यांशु पांडेय, सुधांशु, शशांक उपाध्याय एवं सतीश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूती के साथ मैदान में उतारने का संकल्प लिया।

  • बारिश के बीच पुनः लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच

    बारिश के बीच पुनः लगा निःशुल्क नेत्र शिविर,सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच

    बारिश के बीच पुनः लगा निःशुल्क नेत्र शिविर, सैकड़ों मरीजों ने कराई जांच, 24 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए वाराणसी रवाना

    गाजीपुर। अतिप्राचीन रामलीला कमेटी, “हरिशंकरी” गाजीपुर के तत्वावधान में तथा आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के सहयोग से 18 अगस्त को लंका स्थित सभागार में निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन चयन शिविर का लगातार दूसरी बार आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक हुई बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई।
    शिविर में विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम ने आंखों की जांच के साथ शुगर, ब्लड प्रेशर तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए। जांच के बाद कुल 24 मरीजों को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। सभी चयनित मरीजों को आर. जे. शंकरा आई हॉस्पिटल की बस से वाराणसी भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण (चीरा विधि) एवं आवश्यक उपचार किया जाएगा और पुनः उन्हें बस द्वारा रामलीला मैदान लंका गाजीपुर पंहुचा दिया जाएगा। इस दौरान अति प्राचीन रामलीला कमेटी के पदाधिकारी गण और वालेंटियर्स मौजूद रहे।
    आर जे० शंकरा अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन के बाद मरीजों को लगभग 18 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें काला चश्मा, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। निःशुल्क शिविर के आयोजक और
    अतिप्राचीन रामलीला कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि कमेटी द्वारा रामलीला मंचन के कार्य के साथ समाज के जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समिति का उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि आज 96 मरीजों ने अपना निशुल्क जांच परीक्षण के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से 24 मरीजो को चयनित कर निःशुल्क ऑपरेशन के लिए वाराणसी भेजा गया है, उन्होंने बताया कि पूर्व में भी दर्जन भर से ज्यादा लोगों का सफल ऑपरेशन आर जे शंकरा नेत्रालय द्वारा किया गया था और वहां निःशुल्क ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण से लेकर रहने खाने और दवाओं आदि सभी कुछ निशुल्क व्यवस्था है, उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

  • शहीदों की शहादत से प्रेरणा लेकर तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जरूरी: अजय राय

    शहीदों की शहादत से प्रेरणा लेकर तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जरूरी: अजय राय

    शहीदों की शहादत से प्रेरणा लेकर तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जरूरी : अजय राय

    सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का सरकार पर हमला, बोले—जनता के पैसे की बंदरबांट बर्दाश्त नहीं

    मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने अष्ट शहीद दिवस पर शेरपुर के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 18 अगस्त 1942 को तिरंगे और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की शहादत हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। शहीदों ने जिस भारत का सपना देखा था, उसकी रक्षा करना आज हर नागरिक की जिम्मेदारी है।अजय राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है। सड़क निर्माण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सड़कें कुछ ही समय में टूट जाती हैं। जनता के पैसे की बंदरबांट हो रही है और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदारों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा, “सरकार सड़कें बनवाने से ज्यादा उनके नाम पर भ्रष्टाचार करने में रुचि ले रही है। जनता के टैक्स के पैसे की लूट का हिसाब सरकार को देना होगा।”

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर एवं लखनऊ में जेन-अल्फा से जुड़े बच्चों द्वारा अपनी समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं को लेकर आवाज उठाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि नई पीढ़ी जागरूक है और अपने अधिकारों को लेकर सवाल पूछ रही है। सरकार को बच्चों की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अष्ट शहीदों की शहादत हमें अन्याय, तानाशाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देती है। कांग्रेस जनता के अधिकारों, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

    इस अवसर पर प्रदेश सचिव फशाहत हुसैन बाबू, ओम प्रकाश ओझा, मनीष मोरोलिया, जिला अध्यक्ष सुनील राम, शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, जिलाउपाध्यक्ष कुसुम तिवारी, आनंद राय, चंडिका सिंह, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, ज्ञान प्रकाश सिंह, सतीश उपाध्याय, निशा सुमन चौबे, हामिद अली सहित सैकड़ों कांग्रेसजन एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

  • सीडीओ के निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया जोर

    सीडीओ के निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया गया जोर

    निरीक्षण में बच्चों की उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

    गाजीपुर। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने मंगलवार को विकास खंड सदर के अंतर्गत कम्पोजिट विद्यालय बीकापुर एवं कम्पोजिट विद्यालय बबेड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का जायजा लिया।

    कम्पोजिट विद्यालय बीकापुर में कुल 205 नामांकित छात्र-छात्राओं के सापेक्ष 131 उपस्थित मिले। सभी शिक्षक उपस्थित रहे। सीडीओ ने एस्ट्रो लैब का अवलोकन किया तथा कक्षा एक, दो एवं तीन के विद्यार्थियों से किताबें पढ़वाकर उनके शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। बच्चों द्वारा संतोषजनक प्रदर्शन किए जाने पर उन्होंने बच्चों को चॉकलेट एवं टॉफियां वितरित कीं।

    इसके बाद सीडीओ ने कम्पोजिट विद्यालय बबेड़ी का निरीक्षण किया। यहां 225 नामांकित विद्यार्थियों में से 140 उपस्थित मिले। विद्यालय परिसर में पानी जमा होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक को तत्काल जलभराव की समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। कक्षा एक, दो, सात एवं आठ के विद्यार्थियों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका बच्चों ने संतोषजनक उत्तर दिया। इस दौरान बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की गई।

    निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए और निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ आधारभूत साक्षरता, संख्या ज्ञान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक सुधार के संबंध में संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, सदर सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • ‘मार्टयर्स ऑफ इंडिया’ में दर्ज है गाजीपुर का वह इतिहास, जब पोलाक-मुनरो के जुल्म पर भारी पड़ी जुनैद-मुश्ताक की देशभक्ति

    ‘मार्टयर्स ऑफ इंडिया’ में दर्ज है गाजीपुर का वह इतिहास, जब पोलाक-मुनरो के जुल्म पर भारी पड़ी जुनैद-मुश्ताक की देशभक्ति

    ‘मार्टयर्स ऑफ इंडिया’ में दर्ज है गाजीपुर का वह इतिहास, जब पोलाक-मुनरो के जुल्म पर भारी पड़ी जुनैद-मुश्ताक की देशभक्ति

    गाजीपुर। 18 अगस्त 1942 को नंदगंज की ऐतिहासिक धरती पर छिड़ी अगस्त क्रांति महज एक विद्रोह नहीं थी, बल्कि ब्रिटिश हुकूमत के दमन और भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस के बीच सीधा संघर्ष थी। ऐतिहासिक अभिलेखों और गाजीपुर के सरकारी गजेटियर में दर्ज विवरण इस संघर्ष की वीरगाथा को आज भी जीवंत करते हैं। तत्कालीन ब्रिटिश मजिस्ट्रेट आर.टी. पोलाक और पुलिस कप्तान मुनरो के नेतृत्व में पहुंची ब्रिटिश फौज के सामने कुर्बान सराय के वीरों ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया था।

    राष्ट्रीय ग्रंथों में दर्ज है नंदगंज क्रांति की शौर्यगाथा

    गाजीपुर के स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान केवल स्थानीय इतिहास तक सीमित नहीं रहा। स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों से संबंधित राष्ट्रीय स्तर पर संकलित ग्रंथों ‘Martyrs of India’, ‘Who’s Who of Indian Martyrs’ और ‘Indian Revolutionaries’ में नंदगंज क्रांति से जुड़े शहीद जुनैद आलम और क्रांतिकारी मुश्ताक अहमद का उल्लेख किए जाने की बात सामने आती है। इन वीरों का संघर्ष आज भी गाजीपुर की स्वतंत्रता आंदोलन की गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण अध्याय माना जाता है।

    सुख-सुविधाओं को छोड़ गांधी के आह्वान पर संघर्ष की राह चुनी

    ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, कुर्बान सराय निवासी मुश्ताक अहमद उस समय क्षेत्र के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोगों में शामिल थे। कुर्बान सराय, सादुल्लाहपुर और आलमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में उनके परिवार का सामाजिक प्रभाव था। बताया जाता है कि उनके पूर्वजों ने ताजपुर, मुस्लिमपुर और सम्मनपुर जैसे गांवों को बसाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

    समृद्धि और सामाजिक प्रतिष्ठा के बावजूद इस परिवार ने अंग्रेजी शासन के साथ समझौते का रास्ता नहीं चुना। महात्मा गांधी के भारत छोड़ो आंदोलन के आह्वान पर परिवार के सदस्य स्वतंत्रता संघर्ष में कूद पड़े। उनका उद्देश्य स्पष्ट था—देश को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराना।

    नंदगंज थाने पर फहराया तिरंगा, घंटों थमी रही ब्रिटिश सत्ता

    18 अगस्त 1942 की सुबह नंदगंज में स्वतंत्रता आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया। मुश्ताक अहमद और उनके भाई जुनैद आलम के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण और नौजवान ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों के साथ सड़कों पर उतर आए।

    आंदोलनकारियों ने नंदगंज थाने को घेर लिया। ब्रिटिश शासन के प्रतीक झंडे को हटाकर वहां तिरंगा फहराया गया। इसके बाद क्रांतिकारियों का जत्था रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ा, जहां ब्रिटिश सेना के लिए रसद ले जा रही मालगाड़ी को रोकने और रेल पटरियों को क्षतिग्रस्त करने की कार्रवाई की गई। स्थानीय ऐतिहासिक विवरणों में दावा किया जाता है कि इस दौरान करीब पांच घंटे तक नंदगंज में ब्रिटिश प्रशासन की पकड़ प्रभावी रूप से कमजोर पड़ गई थी।

    जुनैद आलम हुए शहीद, घायल मुश्ताक भी डटे रहे

    आंदोलन को कुचलने के लिए दोपहर में तत्कालीन ब्रिटिश मजिस्ट्रेट आर.टी. पोलाक और पुलिस कप्तान मुनरो भारी पुलिस एवं सैन्य बल के साथ नंदगंज पहुंचे। इसके बाद आंदोलनकारियों पर गोलीबारी की गई।

    इसी संघर्ष में जुनैद आलम शहीद हो गए। भाई की शहादत और खुद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मुश्ताक अहमद ने पीछे हटने से इनकार किया और अंत तक अंग्रेजी हुकूमत का मुकाबला करते रहे।

    नंदगंज की इस क्रांति में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी हिस्सा लिया। कुर्बान सराय के इस परिवार के साथ बरहपुर के बाबू भोला सिंह, नैसरा के रामधारी पहलवान और विलासी के डोमा लोहार सहित अनेक लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान दिया। यह संघर्ष उस दौर में सामाजिक एकता और साझा देशभक्ति की मिसाल बनकर सामने आया।

    18 अगस्त 1942 की नंदगंज क्रांति और उससे जुड़े बलिदानों की स्मृति आज भी गाजीपुर की धरती पर जीवित है। स्वतंत्रता सेनानियों का यह संघर्ष नई पीढ़ी को देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों और राष्ट्रीय एकता की याद दिलाता है।

  • महिला पीजी कॉलेज में बीए-बीएससी और एमए प्रवेश की अंतिम तिथि 25 अगस्त तक बढ़ी

    महिला पीजी कॉलेज में बीए-बीएससी और एमए प्रवेश की अंतिम तिथि 25 अगस्त तक बढ़ी

    राजकीय महिला पीजी कॉलेज में बीए-बीएससी और एमए प्रवेश की अंतिम तिथि 25 अगस्त तक बढ़ी

    गाजीपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर द्वारा समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 अगस्त 2026 तक बढ़ाए जाने के बाद राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में बीए एवं बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश की अंतिम तिथि भी 25 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।

    महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने बताया कि प्रवेश के लिए इच्छुक एवं अर्ह छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करने के साथ पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराएं। इसके बाद प्रवेश के लिए महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी से अपराह्न 1 से 2 बजे के बीच संपर्क कर अपना प्रवेश सुनिश्चित कर सकती हैं।

    विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह के अनुसार 25 अगस्त के बाद नवप्रवेश का अवसर नहीं मिलेगा। ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद प्रवेश नहीं लेने वाली छात्राओं, अपार आईडी अथवा समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण से वंचित छात्राओं तथा बैक परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाली छात्राओं के लिए यह प्रवेश का महत्वपूर्ण और अंतिम अवसर है।

    इसी क्रम में परास्नातक एमए के विभिन्न विषयों—अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, प्राचीन इतिहास, हिंदी, गृहविज्ञान एवं राजनीति विज्ञान में काउंसलिंग के बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि भी 25 अगस्त तक बढ़ा दी गई है। स्नातक उत्तीर्ण छात्राएं महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन तथा पूर्वांचल विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर अपने संबंधित विषय के प्रभारी से संपर्क कर काउंसलिंग पूरी कराने के बाद फीस जमा कराएं।

    महाविद्यालय प्रशासन ने बीए/बीएससी तथा एमए/एमएससी में काउंसलिंग करा चुकी सभी छात्राओं से भी एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन फीस जमा करने और महाविद्यालय की कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।

  • पीआरडी जवानों का सम्मेलन सम्पन्न, ड्यूटी भत्ता बढ़ने से जवानों में खुशी

    पीआरडी जवानों का सम्मेलन सम्पन्न, ड्यूटी भत्ता बढ़ने से जवानों में खुशी

    पीआरडी जवानों का सम्मेलन सम्पन्न, ड्यूटी भत्ता बढ़ने से जवानों में खुशी

    गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में 18 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल सान्निध्य में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेशभर के पीआरडी जवानों को संबोधित किया और उनके हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के ड्यूटी भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही कैशलेस हेल्थ कार्ड सहित अन्य कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी घोषणा की गई। घोषणाओं से पीआरडी जवानों में खुशी और उत्साह का माहौल रहा।

    कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जिला पंचायत अध्यक्ष  सपना सिंह एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने उपस्थित पीआरडी जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों से पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

    इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार, भाजपा कार्यालय प्रभारी राजन प्रजापति, समस्त क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पीआरडी जवान उपस्थित रहे। अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम का समापन हुआ।

  • अष्ट शहीदों के बलिदान को नमन, पीयूष राय ने कहा- वीर सपूतों की शहादत हमेशा देती रहेगी प्रेरणा

    अष्ट शहीदों के बलिदान को नमन, पीयूष राय ने कहा- वीर सपूतों की शहादत हमेशा देती रहेगी प्रेरणा

    अष्ट शहीदों के बलिदान को नमन, शहीद दिवस पर पीयूष राय ने कहा—वीर सपूतों की शहादत हमेशा देती रहेगी प्रेरणा

    गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में 18 अगस्त को शहीद दिवस के अवसर पर शहीद पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अगस्त क्रांति 1942 के दौरान 18 अगस्त को ग्राम शेरपुर निवासी डॉ. शिवपूजन राय के नेतृत्व में अष्ट शहीदों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।

    अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष में डॉ. शिवपूजन राय के साथ ऋषेश्वर राय, बंसनारायण राय, रामबदन उपाध्याय, वशिष्ठ नारायण राय, वंशनारायण राय, नारायण राय और राजनारायण राय ने अदम्य साहस का परिचय दिया। वीर सपूतों ने मुहम्मदाबाद तहसील से यूनियन जैक उतारकर तिरंगा फहराया और तहसील को आजाद घोषित किया था।

    शहीद दिवस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अष्ट शहीदों सहित सभी बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। झंडारोहण में शामिल भाजपा नेता पीयूष राय ने कहा कि मुहम्मदाबाद की धरती के वीर सपूतों का बलिदान देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।

    उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति के दौरान अष्ट शहीदों ने जिस साहस और देशभक्ति के साथ अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद दिवस केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेने का दिन है। उनके बलिदान और राष्ट्रभक्ति को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

  • स्वतंत्रता दिवस पर उर्दू अदब की शाम, मरहूम सैफुर्रहमान अब्बाद गाजीपुरी की याद में सजा भव्य मुशायरा

    स्वतंत्रता दिवस पर उर्दू अदब की शाम, मरहूम सैफुर्रहमान अब्बाद गाजीपुरी की याद में सजा भव्य मुशायरा

    80वें स्वतंत्रता दिवस पर उर्दू अदब की शाम, मरहूम सैफुर्रहमान अब्बाद गाजीपुरी की याद में सजा भव्य मुशायरा

    रेल प्रशिक्षण केंद्र में सजा कवि सम्मेलन, एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्र ‘तूफान’ के शेरों पर खूब बजी तालियां

    गाजीपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति एवं डाक मनोरंजन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रविवार की देर शाम रेल प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में उर्दू अदब के मशहूर शायर मरहूम सैफुर्रहमान अब्बाद गाजीपुरी की याद में भव्य मुशायरा एवं कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। देशभक्ति और साहित्यिक भावनाओं से ओतप्रोत इस अदबी महफिल में नामचीन शायरों और कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. कलीम कैसर रहे। युवा शायर मासूम रजा राशदी ने शानदार अंदाज में मंच संचालन करते हुए पूरी महफिल को एक सूत्र में बांधे रखा। विशिष्ट अतिथियों में एसपी सिटी गाजीपुर डॉ. राकेश मिश्र ‘तूफान’, वाराणसी के पूर्व प्रधानाचार्य जनाब आबिद सलेमपुरी तथा एम.ए.एच. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जनाब खालिद अमीर मौजूद रहे।

    कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुशायरे में गाजीपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए शायरों ने अपने कलाम प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।

    एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्र ‘तूफान’ ने अपनी नज्म और शेरों से महफिल में विशेष रंग भर दिया। उन्होंने कहा—

    “साहिल पर ही बैठे-बैठे सोचो चाहे जो लेकिन,
    सागर में मिलने की खातिर दरिया होना पड़ता है।”

    वहीं उनके इस शेर—

    “शोहरत की बढ़ती राहों से तुम भी घर आ जाओगे,
    दिन ढलते ही सूरज को भी जाकर सोना पड़ता है।”

    पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

    मुशायरे में शमशाद अंबर आफाकी, दर्द देहलवी, डॉ. साजिद गाजीपुरी, डॉ. सैयद जफर असलम, डॉ. अमरनाथ तिवारी, सोज जुमानवी, खालिद गाजीपुरी, अहकम गाजीपुरी, दीप मुहम्मदाबादी, सैफी सलेमपुरी, आसी यूसुफपुरी, बादशाह राही, हण्टर गाजीपुरी, मिथिलेश गहमरी और माहताब माहिर सहित अन्य शायरों ने एक से बढ़कर एक कलाम पेश कर महफिल में चार चांद लगा दिए।

    देर रात तक चले इस अदबी सफर में श्रोताओं ने देशभक्ति, सामाजिक सरोकार और उर्दू साहित्य की विविध रंगों से सजी प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम मरहूम सैफुर्रहमान अब्बाद गाजीपुरी की साहित्यिक स्मृतियों को समर्पित रहा और स्वतंत्रता दिवस की भावना के साथ उर्दू अदब की खूबसूरत विरासत का संदेश भी देता रहा।

Uttar Pradesh Fast News