-
प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस

प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने धूमधाम से मनाया हिंदी पत्रकारिता दिवस
पत्रकारों की सुरक्षा और निश्चित मानदेय की उठी पुरजोर मांग
गाजीपुर। जिला पंचायत सभागार ल में शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाज सेविका मीरा राय और प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। राकेश शर्मा ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलानंद तिवारी, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी पाण्डेय, दरोगा पाण्डेय सहित विभिन्न वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और पत्रकारों के हितों पर खुलकर अपनी बात रखी। वक्ताओं ने सरकार और समाज से पत्रकारों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की। इसके साथ ही संस्था के अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने ग्रामीण व कस्बाई पत्रकारों के आर्थिक संबल के लिए सरकार द्वारा एक निश्चित मानदेय तय किए जाने की बात पर भी विशेष जोर दिया गया।
समारोह में प्रख्यात कवि बादशाह राही ने अपनी तीखी कविताओं और बेबाक शेर-ओ-शायरी के माध्यम से शासन और प्रशासन की कमियों को उजागर करते हुए उन्हें आईना दिखाने का काम किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
गंभीर चर्चाओं के बीच कार्यक्रम में मनोरंजन का तड़का तब लगा जब प्रसिद्ध मिमिक्री आर्टिस्ट विजय शंकर मंच पर आए। उन्होंने अपनी शानदार मिमिक्री और कलात्मक प्रस्तुति से सभागार में मौजूद सभी पत्रकारों और अतिथियों को हंसने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति कार्यक्रम में आकर्षण का मुख्य केंद्र रही और पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता जगत की तमाम हस्तियों को उनके योगदान के लिए स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्रम, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर प्रगतिशील ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महासचिव वसीम रजा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सह सचिव प्रदीप शर्मा मोनू, कोषाध्यक्ष सुजीत कुमार सिंह, सचिव आय-व्यय सुनील गुप्ता, कार्यकारिणी सदस्य सुनील सिंह, प्रभाकर सिंह, आई बी सिंह, महताब आलम, आसिफ , इक़रार, अजय , आरिफ़ वारसी, मनीष राय, राघवेंद्र, फूलचंद्र, आलोक त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव और सऊद अंसारी सहित भारी संख्या में लोग, प्रबुद्ध नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने दूर-दराज से आए सभी आगंतुकों, अतिथियों और पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। -
वैषणव वर्धन सिंह का हुआ नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में सलेक्शन

नेशनल पैरास्वीमिंग चैंपियनशिप में अपना जलवा दिखाएगा गाजीपुर का लाल
सब-जूनियर नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप के लिए काशिमाबाद के वैषणव वर्धन सिंह का सेलेक्शन
गाजीपुर। बेंगलुरू में आयोजित होने वाले वाले 26 वें सब-जूनियर नेशनल पैरास्विमिंग चैंपियनशिप में गाजीपुर के लाल वैष्णव वर्धन सिंह का जलवा देखने को मिलेगा। शारीरिक कमजोरियों के बावजूद अपने हौसलें और काबिलियत से प्रदेश स्तर पर कई बार नाम कमा चुके वैष्णव अब राष्ट्रीय फलक पर अपना जलवा दिखाने को तैयार हैं। कई राउंड के शानदार ट्रायल के बाद वैष्णव का सेलेक्शन इस प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
आपको बता दें कि वैष्णव कासिमाबाद के अंतर्गत मिर्जापुर गांव के रहने वाले हैं। उनके पिता अशोक कुमार सिंह सेना में कर्नल की जिम्मेदारी निभाते हुए भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में विशेष कार्य अधिकारी के रूप में तैनात हैं। इससे पहले वे विदेश मंत्रालय के पासपोर्ट डीविजन के निदेशक भी रह चुके हैं। वे दिल्ली में परिवार के साथ रहते हैं। जहां वैष्णव राजधानी के नामी संस्कृति स्कूल में कक्षा 6 के छात्र हैं। वैष्णव को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में खासी दिलचस्पी है। इसी का परिणाम है कि वैष्णव को स्वीमिंग के साथ-साथ प्रदेश स्तर पर स्केटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए कई बार खिताब प्राप्त हुआ है।
नेशनल चैंपियनशिप में सेलेक्शन के बाद वैष्णव के परिवार में खुशी की लहर है। वैष्णव के करियर में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली उनकी माता श्रुतिकिर्ती सिंह ने वैष्णव की सफलता का श्रेय खुद उनके मेहनत, हौसले और अनुशासन को दिया है। आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि श्रुतिकिर्ती सिंह राजधानी दिल्ली में दिव्यांग बच्चों को लिए फाउंडेशन चलाने के साथ-साथ तमाम सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रहती है। साथ ही वैष्णव की इस शानदार उपलब्धि में उनकी बहन वैष्णवी का भी बड़ा योगदान रहा है। इंटरमीडियट में पढ़ने वाली वैष्णवी अपने भाई के मनोबल को बढ़ाने के लिए लगातार उसे प्रेरित करती रहती हैं। उनका हौसला बढ़ाने के लिए हर प्रतियोगिता में उनके साथ जाया करती हैं।
वैष्णव की इस उपलब्धि पर वैष्णव के कोच ने कहा कि ये सफलता तो सिर्फ वैष्णव के करियर की शुरूआत है। वैष्णव को अभी बहुत आगे जाना है। उन्होनें वैष्णव के साथ-साथ सभी सेलेक्टेड खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नए कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह, प्राचार्य ने दी बधाई

पूर्वांचल विश्वविद्यालय के नए कुलपति बने प्रो. राकेश कुमार सिंह, पीजी कॉलेज प्राचार्य ने दी बधाई
गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के नए कुलपति के रूप में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रोफेसर प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की है।कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. राकेश कुमार सिंह कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति होंगे। वह विश्वविद्यालय के 21वें कुलपति होंगे। वर्तमान कुलपति प्रो. वंदना सिंह का कार्यकाल 25 अगस्त को समाप्त हो रहा है। प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति से विश्वविद्यालय परिवार में उत्साह है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नियुक्ति पर पीजी कॉलेज गोराबाजार के प्राचार्य एवं प्राचार्य परिषद के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने प्रो. राकेश कुमार सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनुभवी एवं योग्य शिक्षाविद् के रूप में प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति से पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी। उनके कुशल नेतृत्व में विश्वविद्यालय से संबद्ध गाजीपुर जनपद के 380 महाविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं उत्कृष्टता को भी नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है। पीजी कॉलेज परिवार ने नए कुलपति के सफल एवं उपलब्धिपूर्ण कार्यकाल की कामना की। इस अवसर पर उप प्राचार्य प्रो. वीरेंद्र कुमार सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. सुजीत कुमार सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. संजय चतुर्वेदी, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. समरेंद्र नारायण मिश्र, डॉ. अरविंद उपाध्याय, डॉ. अविनाश चंद्र राय, डॉ. अरुण कुमार सिंह, विवेक कुमार सिंह, संजय श्रीवास्तव, विजय कुमार सिंह, आशीष सिंह एवं प्रदीप सिंह सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी नए कुलपति को शुभकामनाएं दीं।

-
एनसीसी प्रथम वर्ष कैडेट्स के चयन में 47 छात्राएं सफल

एनसीसी प्रथम वर्ष कैडेट्स के चयन में 47 छात्राएं सफल
गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महुआबाग में 28 यू.पी. गर्ल्स बटालियन, वाराणसी के तत्वावधान में एनसीसी प्रथम वर्ष की कैडेट्स के चयन के लिए शुक्रवार को शारीरिक परीक्षण परीक्षा आयोजित की गई। निर्धारित 41 रिक्त सीटों के सापेक्ष कुल 120 छात्राओं ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया।

चयन प्रक्रिया के अंतिम चरण में 47 छात्राओं को एनसीसी में प्रवेश के लिए सफल घोषित किया गया। इनमें 37 छात्राओं को प्रथम चयन सूची में, जबकि 10 छात्राओं को प्रतीक्षा सूची में स्थान दिया गया है। इससे पहले चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में कुल 75 छात्राओं का चयन किया गया था। महाविद्यालय में ‘बी’ सर्टिफिकेट परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रवेश लेने वाली सात कैडेट्स में से तीन का ‘सी’ सर्टिफिकेट प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया।

चयन परीक्षा 28 यू.पी. गर्ल्स बटालियन, वाराणसी की सूबेदार मेजर गुरुंग, पीआई स्टाफ तथा महाविद्यालय की एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ. शशिकला जायसवाल के नेतृत्व एवं निर्देशन में संपन्न हुई। चयन के दौरान छात्राओं की शारीरिक क्षमता का आकलन करने के लिए दौड़, पुश-अप और सिट-अप जैसी गतिविधियां कराई गईं। साथ ही अनुशासन और एनसीसी प्रशिक्षण के लिए उनकी उपयुक्तता का भी परीक्षण किया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शंभू शरण प्रसाद ने चयनित छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाकर अपने व्यक्तित्व और भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया। प्राचार्य ने उम्मीद जताई कि चयनित कैडेट्स एनसीसी के गौरव और महाविद्यालय की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

-
एमजेआरपी स्कूल के बच्चों ने बिखेरी कला प्रदर्शनी में रचनात्मकता

रंगों में सजी कल्पनाएं, मेहंदी में दिखा हुनर; कला प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने बिखेरी रचनात्मकता
गाजीपुर। महात्मा ज्योति राव फुले पब्लिक स्कूल, जगदीशपुरम रौजा में शुक्रवार को कला प्रदर्शनी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ रचनात्मकता और कलात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व सांसद जगदीश सिंह कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कला प्रदर्शनी में कक्षा एक से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने साइबर सिक्योरिटी, मंडाना फोक आर्ट, विकसित भारत, सोनम वांगचुक, पोर्ट्रेट, एग्जाम एक्सेस, स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट, ए-रोबोट, न्यू फ्यूजन आर्ट, वूमेन एम्पावरमेंट और स्ट्रेंजर थिंग्स जैसे विविध विषयों पर आकर्षक पेंटिंग्स प्रस्तुत कीं। वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट के तहत लिप्पन आर्ट, बॉटल आर्ट, पेपर मैशी, फेस आर्ट, पेपर डॉल, वॉल हैंगिंग और झूमर जैसी कलाकृतियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

इसी क्रम में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने हाथों पर आकर्षक एवं बारीक मेहंदी डिजाइनों को उकेरकर अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक कौशल का परिचय दिया। उनकी रचनात्मकता और बारीक कारीगरी की अभिभावकों एवं अतिथियों ने सराहना की।

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की कलाकृतियों का अवलोकन करते हुए मुख्य अतिथि जगदीश सिंह कुशवाहा ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि चित्रावलियों में प्राचीन और आधुनिक संस्कृति का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से जागरूकता, संवेदना, सांस्कृतिक एकता, पर्यावरण संरक्षण, शांति और महिला सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण संदेश प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन सिंह कुशवाहा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने रंगों, आकारों और विभिन्न कलात्मक माध्यमों के जरिए अपनी कल्पनाओं को साकार किया है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों की कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और सामाजिक समझ को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में कला शिक्षकों डॉ. राजीव गुप्ता, धनलक्ष्मी वर्मा एवं अनिल कुमार सिंह कुशवाहा सहित सभी छात्र-छात्राओं के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक सुरेश प्रसाद चौरसिया, हरि कुशवाहा, दिनकर सिंह, सरस्वती सिंह, संजीव अग्रहरी, महज बीन बानो, डॉ. दीपिका, दीपक कुमार, राज नारायण कुशवाहा, अनुपमा वर्मा, महेश चौहान, कृष्णानंद तिवारी सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य राकेश पांडे ने किया।


-
नाले की टूटी पटिया बनी जानलेवा मुसीबत, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार बेखबर

गाजीपुर। नगर क्षेत्र के रजदेपुर-मुस्तफाबाद क्षेत्र में नाले की टूटी पटिया लंबे समय से राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक पटिया की मरम्मत नहीं कराई गई है।

टूटी पटिया के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को यहां से गुजरने में काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। बारिश के दौरान नाले में पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा आसपास जलभराव की समस्या भी पैदा होती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रजदेपुर से सुहासिनी टॉकीज, सुजावलपुर और बरबरहना की ओर जाने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं। ऐसे में टूटी पटिया किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने बताया कि क्षेत्रीय सभासद और नगर पालिका को भी समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर नाले की टूटी पटिया की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही नाले की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही समस्या का समाधान करना चाहिए।

इस मामले को लेकर नगर पालिका परिषद के ईओ को फोन किया गया लेकिन फोन ना उठने के कारण बात नहीं हो सकी।
-
छात्राओं के बीच पहुंचे डीएम, परखी पढ़ाई से लेकर भोजन तक की व्यवस्था

जिलाधिकारी ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, चकेरी, ऊपरवार, सैदपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय, अभ्युदय कक्ष, नियंत्रण कक्ष और सीसीटीवी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने छात्रावास भवन का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कुछ कमरों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न मिलने पर उन्होंने सभी कक्षों में समुचित रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता, समयबद्धता और अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।

छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्यों और रुचियों के बारे में बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से उनके गृह जनपद और माता-पिता के नाम की जानकारी भी ली तथा स्वयं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने भोजनालय और भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करते हुए दाल एवं चावल का स्वयं स्वाद लिया। भंडार कक्ष में दाल, चावल, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता, स्वच्छता और रख-रखाव का भी जायजा लिया। खाद्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में और व्यवस्थित मिलने पर उन्होंने वर्तमान व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।

विद्यालय के खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने छात्राओं के शारीरिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए बैडमिंटन और वॉलीबॉल खेलने की समुचित व्यवस्था विकसित करने को कहा। साथ ही छात्राओं के लिए पैदल भ्रमण की सुविधा और मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी कर भविष्य के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
विनीत राय हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पकड़ा गया बाल अपचारी

विनीत राय हत्याकांड में पुलिस की एक और बड़ी कार्रवाई, बाल अपचारी पुलिस गिरफ्त में
गाजीपुर। बिंदू होटल के मालिक के पुत्र विनीत राय हत्याकांड की जांच में कोतवाली पुलिस ने एक और अहम कार्रवाई की है। पुलिस ने हत्याकांड से जुड़े एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। उसकी गिरफ्तारी/अभिरक्षा के बाद मामले की जांच में नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए बाल अपचारी को मैरी सिटी स्कूल, बद्रीचंद के पोखरा के पास से बुधवार को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। कार्रवाई कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। जिसमें कोतवाली प्रभारी, उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा के साथ अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
बताया जा रहा है कि विनीत राय हत्याकांड को लेकर पुलिस लगातार आरोपियों और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को मिली जानकारी के आधार पर बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ और आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में आगे और खुलासे होने की उम्मीद है।
-
बिजली चोरी पर सख्ती, दर्जनों बाईपास कनेक्शन पकड़े गए

टाउनहाल-सराय गली में बिजली चोरी पर सख्ती, दर्जनों बाईपास कनेक्शन पकड़े
गाजीपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्युत विभाग ने नगर क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। टाउनहाल और सराय गली में अधिशाषी अभियंता नगर गोपाल सिंह एवं नायब तहसीलदार पवन उपाध्याय के नेतृत्व में हुई कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कई घरों और दुकानों में मीटर बाईपास कर सीधे बिजली का उपभोग किए जाने के मामले पकड़े गए। टीम ने बाईपास केबल काटकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कराया।
विद्युत उपकेंद्र पीरनगर से निकलने वाला टाउनहाल फीडर लंबे समय से हाई लाइन लॉस फीडर की श्रेणी में है। लगातार बढ़ रहे लाइन लॉस को देखते हुए नगर एक्सईएन गोपाल सिंह ने जिलाधिकारी की अनुमति से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न परिसरों में विद्युत मीटरों की जांच की गई, जिसमें मीटर बाईपास कर बिजली का इस्तेमाल किए जाने के मामले सामने आए।
मोहम्मदाबाद नगर में भी कार्रवाई, चार के खिलाफ एफआईआर
वहीं, मोहम्मदाबाद नगर में भी विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया। यहां बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई, जबकि आठ बड़े बकायेदारों के कनेक्शन पोल से डिस्कनेक्ट कर दिए गए।
अभियान के दौरान विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर एक्सईएन ने संबंधित अधिकारियों को नगर क्षेत्र में तीन और मोहम्मदाबाद में चार, कुल सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। कार्रवाई शुरू होते ही कई दुकानदारों ने शटर गिरा दिए, जबकि कुछ लोग अपने परिसरों में ताला लगाकर मौके से चले गए।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के मुताबिक टाउनहाल फीडर रेड जोन में शामिल है और यहां लाइन लॉस काफी अधिक है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी के कारण राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चोरी में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
चेकिंग अभियान में नगर एसडीओ मुन्नीलाल गुप्ता, अवर अभियंता मनोज सिंह समेत विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन और निर्धारित नियमों के तहत ही करें। बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




-
स्कूल मेंटल हेल्थ कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य व नशे के दुष्प्रभावों की दी गई जानकारी

स्कूल मेंटल हेल्थ कार्यक्रम में छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य व नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी
गाजीपुर। जनपद में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्कूल मेंटल हेल्थ कार्यक्रम के तहत 18 अगस्त को करंडा ब्लॉक के इंटर कॉलेज गोसंदपुर में जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जिला मानसिक स्वास्थ्य टीम एवं जिला तंबाकू नियंत्रण टीम के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक विकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।कार्यक्रम में उदासी, घबराहट, चिंता, पढ़ाई में मन न लगना तथा आत्महत्या के विचार जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों के प्रति जागरूक किया गया। छात्रों को तनाव प्रबंधन, कॉपिंग स्किल और लाइफ स्किल के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान नशीली दवाओं एवं तंबाकू के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान बताए गए। छात्रों को नशे की लत छोड़ने के लिए जिला अस्पताल में उपलब्ध काउंसलिंग सुविधा की जानकारी दी गई। साथ ही निकोटिन कंट्रोल प्रोग्राम और कोटपा एक्ट-2003 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। तंबाकू नियंत्रण हेल्पलाइन नंबर 1800112356 साझा किया गया।
कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए टेली-मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 (24×7) की जानकारी भी दी गई। विद्यालय के शिक्षकों को मानसिक मंदता से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
बताया गया कि जनपद में मानसिक विकारों की जांच एवं काउंसलिंग की सुविधा ट्रॉमा सेंटर, गोरा बाजार में प्रत्येक सोमवार को उपलब्ध रहती है।
-
डीएम के निर्देश पर गांवों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, सैकड़ों ग्रामीणों की हुई जांच

तीन गांवों में स्वास्थ्य शिविर, 359 ग्रामीणों की हुई जांच
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो की ओर से बघोल, शेखपुर और नखतपुर गांव में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविर में चिकित्सकों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। शिविर में रक्तचाप, शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई और मरीजों को उचित चिकित्सा परामर्श दिया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

बघोल में 46 महिलाओं और 39 पुरुषों समेत कुल 85, शेखपुर में 43 महिलाओं और 40 पुरुषों समेत कुल 83 तथा नखतपुर में 35 महिलाओं और 38 पुरुषों समेत कुल 73 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस प्रकार तीनों शिविरों में कुल 241 ग्रामीणों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शिविर का आयोजन क्रमशः सीएचओ अर्चना यादव, वंदना मिश्रा व जिज्ञासा चित्रांशी तथा एएनएम निर्मला यादव और रेखा यादव द्वारा किया गया।
-
2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प

2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का लिया संकल्प
गाजीपुर। विधानसभा सैदपुर के निर्मल उपवन में बुधवार को जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी बाबा साहब वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता मिठाई लाल भारती ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।मिठाई लाल भारती ने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान को बचाने की जिम्मेदारी हम सभी के कंधों पर है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और नीतियों को मानने वाले लोगों को एकजुट होकर इसके लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को खोखला कर दिया है। गरीब और कमजोर वर्ग के छात्रों तथा नौजवानों को बेरोजगारी की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य और शिक्षा की उचित व्यवस्था को लेकर गंभीर नहीं है। सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की कमी है। छोटे-छोटे बच्चे भी अपने भविष्य को लेकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। ऐसी गैर जिम्मेदार सरकार, जिसका लोकतंत्र और संविधान में विश्वास नहीं रह गया है, उसे 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता से हटाना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया जाए। कार्यक्रम के आयोजक एवं विधायक अंकित भारती ने सभी उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। संचालन राम गौतम ने किया।इस अवसर पर ओपी भारती, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा, विधानसभा अध्यक्ष कमलेश यादव, आशीष यादव राहुल, महामंत्री गोविंद यादव, धीरज राम शास्त्री, क्षितिज कुमार, कमलेश सोनकर, खेदन, कमलेश, जनार्दन, राजनाथ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।





