-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
चुनावी पाठशाला लगाकर लोगों को किया जा रहा है जागरूक


गाजीपुर। लोक सभा चुनाव को देखते हुए स्वीप कार्यक्रम चलाया जा रहा है।जिसके अनतर्गत मतदाता जागरूकता हेतु जन-जन तक एक-एक व्यक्ति को 1 जून, 2024 को घर से बाहर निकलकर अपने पूरी इमानदारी से अपने मतदान का प्रयोग करने को कहा गया। चाहे वो 80 वर्ष से उपर के व्यक्ति हो, दिब्यांग हो या 18 वर्ष पूर्ण कर चुके हो वह किसी भी दशा मे मतदान का प्रयोग करे। इसी क्रम में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देशन मे चलाये जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान के अन्तर्गत परिषदीय विद्यालयों/महाविद्यालयो के तहत जिला स्वीप को आर्डिनेटर के नेतृत्व में चुनावी पाठशाला लगाकर, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नित्य कार्यक्रम, नाटक नुक्कड़ एवं कलश के माध्यम से मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित कर लगातार जागरूक किया जा रहा है। विद्यालय के छात्रो द्वारा झाकियॉ निकालकर जन-जन की है यही पुकार वोट देना है अधिकारी का नारे लगाते हुए लोगो को जागरूक किया गया।

-
अभिभावकों के लिए आयोजित हुई कार्यशाला

बच्चों के समग्र स्वास्थ्य के संवर्धन हेतु माता-पिता एवं अभिभावक पालन पोषण की सकारात्मक शैली अपनायें …
गाजीपुर। क्रिएटिव विजन सोसायटी द्वारा संचालित तुलसी सागर स्थित न्यू होराइजन एकेडमी के रिपब्लिक हाल में रविवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस समारोह के आयोजन किया गया। जिसके क्रम में विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रोफेसर अमरनाथ राय एवं राजकीय महिला पीजी कॉलेज के मनोवैज्ञानिक डॉ शिव कुमार के नेतृत्व में अभिभावकों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के शिक्षण-प्रशिक्षण हेतु अभिभावकों को सकारात्मक मनोवैज्ञानिक दृष्टि से अवगत कराना था जिससे कि विद्यार्थियों का शारीरिक स्वास्थ्य सहित मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का भी विकास हो सके। मनौवैज्ञानिक द्वय का कहना था कि पाज़िटिव पेरेंटिंग आत्म अनुशासन एवं समग्र रूप में विकास पर ध्यान केंद्रित करती है । बच्चों में आत्मविश्वास , आत्मानुशासन् एवं उत्सुकता जागृत करती है ; उन्हें ऐसा आत्मनिर्भर और जिम्मेदार व्यक्ति बनाती है जो दूसरों के साथ दया, सम्मान , कृतज्ञता , समानुभूति एवं करुणा भाव के आधार पर व्यवहार करता है ।

हमारा प्रयास पुस्तकीय शिक्षा के अतिरिक्त बच्चों में जीवन के लिए आवश्यक सद्गुणों के विकास पर ध्यान देता है । पॉजिटिव पैरेंटिंग इस बात पर बल देता है कि क्या करना है न की क्या नहीं करना है । इसका अभ्यास बचपन से ही शुरू किया जाना चाहिए।अभिभावकों एवं अध्यापकों को स्वयं में ऐसे बदलाव करने होंगे कि बच्चे उनके व्यवहार का अनुकरण करके बच्चे ज़िम्मेदार मानव और नागरिक बन पायें । बच्चों में जीवन की चुनौतियों का सामना करने का आत्मबल आने पर डिप्रेशन से बचा जा सकता है। अभिभावकों द्वारा बच्चों मैं आक्रामकता, ज़िद्दीपन, अच्छे भोजन करना, शर्मिलापन, सोशल मीडिया का दुरुपयोग, बिना उद्देश्य घूमने आदि समस्याओं का उल्लेख किया गया । इन समस्याओं का समाधान करने हेतु मनोवैज्ञानिकद्वय प्रोफेसर अमरनाथ राय एवं डॉ शिव कुमार द्वारा व्यवहारिक उपाय भी सुझाये गये । इस सभागार में अभिभावकों सहित समस्त अध्यापक और अध्यापिकाओं ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया तथा पेरेंटिंग जागरूकता कार्यशाला के इस आयोजन की सराहना किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य विभा राय ने आभार व्यक्त किया।
-
108 एंबुलेंस ने निशुल्क मरीज को पहुंचाया बीएचयू वाराणसी

108 एंबुलेंस ने निशुल्क मरीज को पहुंचाया बीएचयू वाराणसी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ताकि किसी गरीब और असहाय का पैसों के अभाव में इलाज न रुकने पाए। चाहे इसके लिए आयुष्मान भारत योजना की बात करें या फिर 102 और 108 एंबुलेंस सेवा की। ऐसे ही 108 एम्बुलेंस ने एक बार फिर एक क्रिटिकल मरिज जो जिला अस्पताल में एडमिट था। जिसको बार-बार झटके आ रहे थे। डॉक्टरों की सलाह पर इस मरीज को बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर किया गया।इसके बाद 108 एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी ने सकुशल बीएचयू वाराणसी पहुंचा कर एडमिट कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। 108 एंबुलेंस के प्रभारी दीपक राय ने बताया कि गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल में मरिज बृजेश यादव उम्र 28 जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसे बार-बार झटका आ रहा था। जिससे वह बेहोश हो जा रहा था। मरीज के इस बीमारी को देखते हुए डॉ इमाम के द्वारा उसे बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर किया गया। जिसके बाद 108 एंबुलेंस के चालक के संतोष कुमार और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन रामनाथ निगम ने जिला अस्पताल से 108 एंबुलेंस के माध्यम से बीएचयू वाराणसी पहुंचाया। जहां पर उसका इलाज चल रहा।
बताते चले कि गाजीपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में इन दिनों लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। और क्रिटिकल मरीज भी भर्ती हो रहे हैं। जिनका सफल इलाज किया जा रहा है। वहीं कुछ मरीजों की स्थिति क्रिटिकल होने पर 108 एंबुलेंस के माध्यम से बीएचयू वाराणसी या फिर ट्रामा सेंटर वाराणसी तक पहुंचाया जा रहा है। -
उत्तराखण्ड में पारिस्थितिकी-पर्यटन के प्रभाव से बढ़ी है पर्यटकों की संख्या

उत्तराखण्ड में पारिस्थितिकी-पर्यटन के प्रभाव से बढ़ी है पर्यटकों की संख्या
गाजीपुर। पी०जी० कालेज में पूर्व शोध प्रबन्ध प्रस्तुत संगोष्ठी का आयोजन रविवार को किया गया। यह संगोष्ठी महाविद्यालय के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ तथा विभागीय शोध समिति के तत्वावधान में महाविद्यालय के सेमिनार हाल में सम्पन्न हुई, जिसमें महाविद्यालय के प्राध्यापक, शोधार्थी व छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। उक्त संगोष्ठी में कला संकाय के भूगोल विषय की शोधार्थिनी विभा पाठक ने अपने शोध प्रबंध शीर्षक “उत्तराखण्ड में पारिस्थितिकी-पर्यटन: एक भौगोलिक विश्लेषण” नामक विषय पर शोध प्रबन्ध व उसकी विषय वस्तु प्रस्तुत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड पर्यटन की दृष्टि से देश का एक अत्यन्त महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहाँ देश-विदेश से लाखों की संख्या में प्रतिवर्ष पर्यटक आते रहते हैं। परन्तु पर्यटक स्थलों की ठीक से देख-रेख नहीं हो पाने, पर्यटकों की भीड़ एवं नासमझी के कारण यहाँ के पर्यटक स्थल अनेक सामाजिक-आर्थिक एवं पर्यावरणीय समस्याओं से ग्रस्त होने लगे हैं और उनका प्राकृतिक सौन्दर्य क्षतिग्रस्त होने लगा है। इससे सरकार, शोधकर्ताओं, योजनाकारों, प्रबन्धकों आदि का ध्यान इस ओर गया है और अब परिस्थितिकी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किया जाने लगा है, जिससे क्षेत्र का प्राकृतिक वातावरण एवं पर्यटक स्थलों का प्राकृतिक सौन्दर्य बना रहे। इस अध्ययन के निष्कर्ष में पाया कि जब से सरकारों द्वारा परिस्थितिकी पर्यटन की ओर ध्यान दिया गया और नई नई योजनाएं बनाई जाने लगी तो बहुत बड़ी संख्या में पर्यटक इस ओर आकृष्ट हुए हैं। प्रस्तुतिकरण के बाद विभागीय शोध समिति, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ व प्राध्यापकों तथा शोध छात्र-छात्राओं द्वारा शोध पर विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे गए जिनका शोधार्थी ने संतुष्टिपूर्ण एवं उचित उत्तर दिया। तत्पश्चात अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के चेयरमैन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने शोध प्रबंध को विश्वविद्यालय में जमा करने की संस्तुति प्रदान किया। इस संगोष्ठी में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफे० (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी० सिंह, मुख्य नियंता प्रोफेसर (डॉ०) एस० डी० सिंह परिहार, शोध निर्देशक एवं भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ० सुनील कुमार शाही, अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ के सदस्य प्रोफे० (डॉ०) अरुण कुमार यादव, डॉ०के०के० पटेल, डॉ० नितिश कुमार भारद्वाज, डॉ० गौतमी जैसवारा, डॉ०अतुल कुमार सिंह, डॉ० अंजनी कुमार गौतम एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा शोध छात्र छात्रएं आदि उपस्थित रहे। अंत मे डॉ० सुनील कुमार शाही ने सभी का आभार व्यक्त किया, संचालन अनुसंधान एवं विकास प्रोकोष्ठ के संयोजक प्रोफे० (डॉ०) जी० सिंह ने किया।
-
मुख्तार अंसारी के परिवार से मिले अखिलेश यादव, कहा……

गाजीपुर। रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पुर्व मुख्य मंत्री अखिलेश यादव का जनपद में आगमन हुआ। वह मुख्तार अंसारी के निधनोपरान्त उनके मुहम्मदाबाद स्थित आवास पर जाकर उनके बड़े भाई सांसद अफजाल अंसारी, भतीजे विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी और पुत्र उमर अंसारी सहित शोकाकुल सभी परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त किया। शहीद इंटर कालेज मे हैलीपैड स्थल पर पत्रकारों से रुबरु होते हुए उन्होंने कहा कि मुख्तार अंसारी की मौत को नेचुरल डेथ नही माना जा सकता। मुख्तार अंसारी द्वारा यह खुद कहा गया कि उसको जहर दिया जा रहा है और कुछ दिनों के बाद वही बात सामने आयी।उन्होंने कहा कि हमे उम्मीद है कि सरकार ईमानदारी से जांच कर सच्चाई सामने लायेगा और परिवार को न्याय मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में विश्वास का संकट पैदा हो गया है, संस्थायें खत्म की जा रही है।सरकारी संस्थाओ से जनता का भरोस उठ गया है, पुलिस और अधिकारी न्याय नही दे रहे है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का आखिरी चुनाव है। इस देश के लोकतंत्र और संविधान को अपने वोट से बचा लो। उन्होंने मुख्तार अंसारी के दादा और नाना की चर्चा करते हुए कहा की इस परिवार का योगदान आजादी की लड़ाई में रहा है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों से जेल में रहने के बावजूद वह निरन्तर चुनाव जीतते रहे, इसका मतलब उन्होंने जनता के दुख दर्द को बांटने का काम किया था और उनकी रहनुमाई की थी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, ओमप्रकाश सिंह, डॉ विरेन्द्र यादव, जयकिशन साहू, काशीनाथ यादव, विजय यादव, रामधारी यादव, अम्बिका चौधरी, अरुण कुमार श्रीवास्तव, जयप्रकाश यादव, संग्राम यादव सहित हजारों लोग उपस्थित थे।
-
भाजपा ने मनाया स्थापना दिवस


गाजीपुर।भारतीय जनता पार्टी के 45 वें स्थापना दिवस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यालय छावनी लाइन पर “भारतीय जनता पार्टी का इतिहास विकास” विषय पर विचार गोष्ठी,, मिश्र बाजार स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण सहित जिले के सभी मंडलों के शक्ति केन्द्रों व बुथों पर कार्यक्रम आयोजित कर हर्ष उल्लास के साथ मिष्ठान वितरण कर मनाया गया ।


जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए राज्य सभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के महानिषीयों ने संगठन संस्थापना के समय राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाते हुए भारत को समृद्ध तथा शक्तिशाली बनाने का जो सपना देखा था उस सपने को बिना भटके और विचलित हुए पार्टी पुरा कर रही है।जिन लोगों ने कभी भारतीय जनता पार्टी का उपहास किया आज वो मुक दर्शक बन पार्टी के ख्याति और उपलब्धियों को देख रहे है।जो आज देश की ही नहीं बल्कि दुनिया का सबसे मजबूत और सशक्त राजनीतिक संगठन बन चुका है। उन्होंने कहा कि आज देश मे ही नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी की 12 प्रदेशों तथा गठबंधन सहित 17 राज्यों में भी सरकार बहुमत के साथ चल रही है।
पूर्व जिलाध्यक्ष व चंदौली लोकसभा के प्रभारी भानुप्रताप सिंह ने कहा कि जनसंघ के जमाने से राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं को बहुत प्रताड़ना मिली थी। कभी संसद मे भाजपा के मात्र दो सांसदों के जीत कर पहुंचने पर “हम दो ,हमारे दो” के नारे से उपहास किया जाता था। लेकिन सदन में”अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा” के ओजस्वी उदबोधन मे अटल जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं जो चरितार्थ हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के अंत्योदय लक्ष्य के सारे सपनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरा किया है और कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2024 मे भारतीय जनता पार्टी की जीत देश के विकसित भारत के सपनों को साकार करेगी।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं लोकसभा संयोजक कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि हमें गर्व है कि हम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिसके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। और उनके नेतृत्व में देश वासियों को पूर्ण गारंटी के साथ भरोसा और विश्वास है कि, देश 2047 तक विकसित राष्ट्र होगा और दूनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश में स्थाई सरकार के साथ साथ जन कल्याणकारी एवं मजबूत सुशासन की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार प्रदान किया है।
जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने आभार धन्यवाद के साथ कहा कि आज पार्टी के स्थापना दिवस अवसर पर हमे संकल्प लेना है कि हम राष्ट्र समृद्धि और संगठन के मजबुती के लिए अपने नैतिक दायित्व का पालन इमानदारी से करेंगे। सुनील सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने लम्बे संघर्षो के साथ सभी वर्गों के हितों के लिए लगातार काम किया है। हमें तीसरी बार मोदी जी को पीएम बनाने के लिए जुट जाना है और अपने कामों को जन-जन तक पहुंचाना है।
गोष्ठी को पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शंकर राय ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने पार्टी झंडा फहराया तथा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए इसके अलावा कार्यालय पर रोशनी तथा गुब्बारों से भव्य सजावट की गई थी। गोष्ठी का शुभारंभ पार्टी महामनिषीयों तथा भारत माता के छवि पर दीप प्रज्ज्वलित व पुष्प अर्पित करते हुए वंदेमातरम गायन से हुआ।
इससे पूर्व पुर्वाह्न में मिश्र बाजार स्थित पं दीनदयाल उपाध्याय के प्रतिमा पर जिलाध्यक्ष सुनील सिंह के नेतृत्व में भाजपा लोकसभा चुनाव संयोजक कृष्ण बिहारी राय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा और विनोद अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया और नारे लगाए।
गोष्ठी व माल्यार्पण में नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा, लोकसभा विस्तारक रविप्रकाश, विनोद अग्रवाल, दयाशंकर पांडेय, अच्छेलाल गुप्ता,सुरेश बिन्द, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा,ओमप्रकाश गुप्ता, अनिल राजभर, रासबिहारी राय, पंचदेव गोड़,गुलाम कादिर राइनी, शैलेश कुमार राम,मनोज बिंद, राजीव चतुर्वेदी,सुनील गुप्ता, गोपाल राय, भैया लाल तिवारी, अनिल पांडेय, नीतीश दूबे, अजीत सिंह, रामेश्वर तिवारी, गर्वजीत सिंह, सोमेश मोहन राय, जेपी चौरसिया, निर्गुण दास केसरी, अविनाश सिंह,राजकुमार सिंह ,प्रीति गुप्ता, रामानुज राय, हर्षित सिंह, गिरधारी जायसवाल, सूर्य प्रकाश यादव, समरेंद्र सिंह, अमरनाथ दुबे, श्याम चौधरी, दिनेश बिन्द,रुपक तिवारी, जयसूर्य भट्ट ,नीखिल राय, अभिनव सिंह,नन्दू कुशवाहा आदि मौजूद थे।
संचालन महामंत्री प्रवीण सिंह ने किया। -
छात्र-छात्राओं को योग की सिखाई गई बारीकियां


गाजीपुर।पीजी कॉलेज में 2 अप्रैल से 6 अप्रैल तक बीएड प्रथम सेमेस्टर के छात्रों और छात्राओं के लिए पांच दिवसीय योग प्रशिक्षण आयोजन हुआ।शनिवार को योग शिविर के समापन पर बीएड विभाग के अध्यक्ष एवं मुख्य नियंता प्रोफेसर डॉ एस डी सिंह परिहार ने छात्र और छात्रों को जीवन में योग की महत्ता पर प्रकाश डाला। डॉक्टर परिहार ने कहा कि योगाभ्यास से हमारा शरीर बलवान, मस्तिष्क प्रज्ञावान और हृदय श्रद्धावन बनता है। योग का मूल दर्शन सभी प्रकार के व्याधियों की समाप्ति तथा समाधि की प्राप्ति है । प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को जो भी योग से संबंधित जानकारी मिली है, उसे व्यक्तिगत जीवन में उतारकर वह एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका अदा कर सकते हैं। योग ही दुर्भावना और दुष्कर्म आदि नकारात्मक प्रवृत्तियों से मनुष्य को निजात दिलाने का रास्ता है।
बताते चले कि यह योग शिविर 2 अप्रैल को महाविद्यालय परिसर में भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि योग समिति गाजीपुर के तत्वावधान में प्रारंभ हुई थी। योग शिक्षक राधेश्याम ओझा की ओर से छात्र-छात्राओं को योग की बारीकियां सिखाई गई। बीएड पाठ्यक्रम के अनुसार योग के सिद्धांतों की व्याख्या समग्र जीवन से संबंधित और सार्थक दृष्टिकोण पर योगाचार्य ओझा ने प्रकाश डालते हुए शिविर के दौरान योग गुरु ओझा ने पतंजलि के अष्टांग योग, महर्षि अरविंद के समग्र योग की विशेषता के साथ ही यह नियम आसन व्यवस्था को विस्तार से बताया।योग सैद्धांतिक रूप से बिंदुवार छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गयी। इस विशेष योग कैंप के दौरान प्रतिदिन साढे पांच बजे से 9:30 बजे तक छात्र-छात्राओं को योग प्रशिक्षण एवं योग्य अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर अरुण कुमार सिंह, डॉक्टर योगेश कुमार, डॉक्टर रामदुलारे , डॉक्टर धर्मेंद्र डॉक्टर गोपाल यादव ,डॉक्टर अमरजीत डॉ संजय कुमार सुमन, मुरारी सुभाष आदि उपस्थित रहे।
-
शम्म-ए-हुसैनी इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग कालेज की रद्द मान्यता हाईकोर्ट ने की बहाल


गाजीपुर। शम्म-ए-हुसैनी इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग कालेज व हास्पिटल रौजा शाह बरखुर्दार गाजीपुर के संस्थापक डा. मुहम्मद आजम कादरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी लखनऊ के द्वारा 24 जनवरी 2024 को मान्यता समाप्त करने का जो आदेश दिया गया था। उसे उच्च न्यायालय इलाहाबाद के मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ ने रिट याचिका संख्या 182/2024 ने उत्तर प्रदेश स्टेट मेडिकल फैकल्टी लखनऊ के आदेश को 4 अप्रैल 2024 के आदेश के क्रम में निरस्त कर दिया है। हाईकोर्ट ने शम्म-ए-हुसैनी इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग कालेज व हास्पिटल रौजा शाह बरखुर्दार की मान्यता बहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि कालेज पूर्व की भांति चलता रहेगा। सभी छात्र-छात्राओं का पठन-पाठन कार्य पूर्व के भांति संचालित रहेगा। डा. मुहम्मद आजम कादरी ने हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह छात्र- छात्राओं अध्यापक व कर्मचारियों के हित में लिया गया फैसला है। हमें न्यायालय पर पूरा विश्वास है कि हमारे साथ न्याय होगा।

-
2 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


गाजीपुर। अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ (हेरोइन) की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को एक किलो 140 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया। हेरोइन की अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग दो करोड़ रूपये बताया जा रहा है। इसकी जानकारी देते हुए एसपी कार्यालय में शनिवार को प्रेस वार्ता कर एसपी ओमवीर सिंह ने दिया। एसपी ने बताया कि स्वाट/सर्विलांस व थाना जमानिया पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अन्तर्राज्यीय मादक पदार्थ (हेरोइन) की अवैध तस्करी करने वाले गिरोह के दो अभियुक्तों को गायघाट मोड से एक किलो 140 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन और दो पहिया वाहन संख्या UP61AQ9597 के साथ गिरफ्तार किया। एसपी ने बताया कि हेरोइन की अन्तर्राष्ट्रीय कीमत लगभग दो करोड़ रूपये है। गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि हम लोग पिछले कुछ समय से हेरोइन तस्करी के धंधे में संलिप्त हैं। हमारा मुख्य सरगना रामानन्द यादव निवासी ग्राम- सोनहरिया थाना जमानियां है, जिसे पिछले महीने यू0पी0 एसटीएफ ने वाराणसी से पकड़कर नागालैण्ड पुलिस को सौंपा था, जो अभी जेल में है। तस्करों ने बताया कि अधिक पैसा कमाने के लालच में हम लोग अन्य राज्यों से तस्करी कर लाने वाले लोगों से यहाँ पर खरीद कर उसे अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग लोगों को ऊँचे दामों पर विक्रय कर मिलने वाले पैसों को आपस में बाँट लेते हैं और उसी पैसे से अपने परिवार का भरण-पोषण व अपने शौक पूरे करते हैं। गिऱफ्तार अभियुक्त में दीपक यादव पुत्र सुभाष सिंह यादव निवासी शेरपुर फुल्ली थाना दिलदारनगर और ओमकार राय पुत्र स्व0 नगीना राय निवासी बेटावर थाना जमानियां है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जमानियां और प्रभारी स्वाट/सर्विलांस मय टीम शामिल रहे। -
खाद्य पदार्थों के 38 नमूनें की जॉच

गाजीपुर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा, औषधि उ0प्र0 लखनऊ एवं जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) वाराणसी मण्डल, वाराणसी द्वारा एफएसडब्ल्यू वैन के माध्यम से सदर तहसील में विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 38 नमूनें जॉच किये गये। जॉच किये गये जिनमें से मिल्क स्वीट के 1 नमूना में स्टार्च (बाह्य पदार्थ), मसाला के 1 नमूना में सिन्थेटिक कलर पाया गया एवं अन्य खाद्य पदार्थ सॉस के 3 नमूनें में स्टार्च (बाह्य पदार्थ) पाया गया। जिसको लेकर मौके पर ही खाद्य कारोबारकर्ताओं को जॉच रिपोर्ट से अवगत कराया गया एवं उन्हें भविष्य में खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता में सुधार हेतु निर्देशित किया गया तथा मौके पर उपस्थित आम जनमानस को खाद्य पदार्थों में मिलावट के सम्बन्ध में जागरूक किया गया। जांच टीम में एफ0एस0डब्ल्यू वैन का संचालन अवधेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं मो0 हनीफ लैब टेक्नीशियन द्वारा किया गया।






