-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
माउंट लिट्रा जी स्कूल के बच्चों और अभिभावकों को किया गया जागरूक

माउंट लिट्रा जी स्कूल में फाइलेरिया रोग उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन


गाजीपुर। फाइलेरिया रोग से संबंधित समाज में फैली भिन्न भिन्न प्रकार की भ्रांतियों उससे बचाव एवं रोकथाम के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा “सर्वजन दवा अभियान” के तहत शनिवार को शहर के बंधवा पीरनगर स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में “जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया।
जिसमें कहा गया कि बच्चे कल के भविष्य हैं इसलिए इनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। माउंट लिट्रा जी स्कूल सदैव बच्चों के शैक्षिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास एवं स्वास्थ्य के प्रति प्रयासरत रहा है। इस कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डिस्ट्रिक्ट मलेरिया ऑफिसर मनोज कुमार एवं डीएमसी पीसीआई रामकृष्ण वर्मा ने बच्चों को फाइलेरिया के विभिन्न लक्षणों, उनके प्रकार एवं बचाव के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए आगामी 10 अगस्त से लेकर 28 अगस्त तक फाइलेरिया उन्मूलन हेतु दवा के सेवन के लिए भी निर्देश दिए। साथ ही साथ बच्चों के द्वारा स्वयं को स्वस्थ बनाए रखने हेतु प्रतिज्ञा भी दिलवाई। इस कार्यक्रम के तहत बच्चों के द्वारा मलेरिया से बचाव पर आधारित छोटे-छोटे रोल प्ले एवं स्किट के द्वारा जागरूक करने का प्रयास किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली हुई विभिन्न संक्रामक बीमारियों में से एक फैलेरिया को जड़ से समाप्त करने हेतु बच्चों एवं उनके अभिभावकों को जागरूक करना था।

-
गाजीपुर प्रेस क्लब ने कराया अपने सदस्यों का दस लाख का दुर्घटना बीमा

गाजीपुर प्रेस क्लब ने कराया अपने सदस्यों का दस लाख का दुर्घटना बीमा

गाजीपुर। गाजीपुर प्रेस क्लब ने अपने सम्मानित सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराने का कार्य शुक्रवार को शुभारंभ किया। जिसमें पहले दिन 28 सदस्यो ने मुख्य डाकघर स्थित इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से अपना बीमा कराया। इस संदर्भ में गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि हमारे एसोसिएशन में लगभग 100 पत्रकार बतौर सदस्य शामिल हैं, इन सभी सदस्यो का दस लाख का दुर्घटना बीमा कराया जायेगा, जिसकी आज से शुरुआत की गई है। इस बीमा योजना के तहत दुर्घटना में मृत, दुर्घटना में आंशिक व पूर्ण या स्थायी विकलांगता, दुर्घटना में अंग-भंग होने पर बीमा धारक को दस लाख रूपये प्राप्त होंगे। इसी तरह दुर्घटनावश चिकित्सा व्यय/ओपीडी में खर्च हुई धनराशि का कवरेज भी मिलेगा। बीमा धारक को शिक्षा लाभ के तहत दो पात्र बच्चो के लिए विमित राशि का 10 प्रतिशत, अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान दस दिनो तक दैनिक नकद धनराशि एक हजार प्रतिदिन के हिसाब से प्राप्त होगी।
इस अवसर पर गाजीपुर प्रेस क्लब के संरक्षक मनीष मिश्रा, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, महासचिव कृपा कृष्ण “केके”, सचिव विनीत दुबे, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा, प्रबंध समिति के सदस्य अमितेश सिंह, मुकेश उपाध्याय, अनिल कश्यप आदि लोग उपस्थित रहे।
-
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन: छात्र नेता


ग़ाज़ीपुर। समाजसेवी व पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सदर एसडीएम प्रखर उत्तम को सौंपा। जिसमें वीर अब्दुल हमीद सेतु पुल पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने व पुल के दोनों तरफ दस फीट की जाली लगाने मांग है।दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर के वीर शहीद अब्दुल हमीद के नाम पर बने गंगा पुल पर कई वर्षों से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं और पुल के दोनों तरफ जालीदार जाली नहीं होने से लगातार छात्र-छात्राओं व बुजुर्गों द्वारा पुल से गंगा नदी में छलांग लगाकर खुदखुशी किया जा रहा है।

इस सभी समस्याओं को लेकर लगातार जिला प्रशासन को पत्रक के माध्यम से अवगत कराया गया लेकिन जिला प्रशासन कि उदासीनता के चलते अब तक इन समस्याओं को दूर नहीं किया जा सका, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। इन सभी मामले को लेकर आज मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक एसडीएम को दिया गया। कहा कि शीघ्र मांग पूरी नहीं हुई तो हमीद सेतु पुल पर ही धरना-प्रदर्शन पर बैठने को विवश होंगे। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप यादव, छात्र नेता शशांक उपाध्याय, शिवम पाल, धीरज सिंह, विकास तिवारी, अभिषेक वर्मा, दीपक उपाध्याय इत्यादि लोग मौजूद थे।

-
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन: छात्र नेता


ग़ाज़ीपुर। समाजसेवी व पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में छात्रों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सदर एसडीएम प्रखर उत्तम को सौंपा। जिसमें वीर अब्दुल हमीद सेतु पुल पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने व पुल के दोनों तरफ दस फीट की जाली लगाने मांग है।दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर के वीर शहीद अब्दुल हमीद के नाम पर बने गंगा पुल पर कई वर्षों से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं और पुल के दोनों तरफ जालीदार जाली नहीं होने से लगातार छात्र-छात्राओं व बुजुर्गों द्वारा पुल से गंगा नदी में छलांग लगाकर खुदखुशी किया जा रहा है।

इस सभी समस्याओं को लेकर लगातार जिला प्रशासन को पत्रक के माध्यम से अवगत कराया गया लेकिन जिला प्रशासन कि उदासीनता के चलते अब तक इन समस्याओं को दूर नहीं किया जा सका, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। इन सभी मामले को लेकर आज मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक एसडीएम को दिया गया। कहा कि शीघ्र मांग पूरी नहीं हुई तो हमीद सेतु पुल पर ही धरना-प्रदर्शन पर बैठने को विवश होंगे। इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप यादव, छात्र नेता शशांक उपाध्याय, शिवम पाल, धीरज सिंह, विकास तिवारी, अभिषेक वर्मा, दीपक उपाध्याय इत्यादि लोग मौजूद थे।

-
वीर अब्दुल हमीद पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को लेकर दीपक उपाध्याय ने सौंपा पत्रक


ग़ाज़ीपुर। समाजसेवी व पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में शुक्रवार को छात्रों ने वीर अब्दुल हमीद सेतु पुल पर खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने व पुल के दोनों तरफ दस फीट की जाली लगाने संबंधित मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्रक सदर एसडीएम प्रखर उत्तम को सौंपा।
समाजसेवी दीपक उपाध्याय ने कहा कि गाजीपुर के वीर शहीद अब्दुल हमीद के नाम पर बने गंगा पुल पर कई वर्षों से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं तथा पुल के दोनों तरफ जालीदार जाली नहीं होने से लगातार छात्र-छात्राओं व बुजुर्गों द्वारा पुल से गंगा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर रहे हैं, इस सभी समस्याओं को लेकर लगातार जिला प्रशासन को पत्रक के माध्यम से अवगत कराया गया है लेकिन जिला प्रशासन कि उदासीनता के चलते अब तक इन समस्याओं को दूर नहीं किया जा सका, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है।इन सभी मामले को लेकर आज मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एसडीएम को पत्रक दिया गया है। शीघ्र इस पर कारवाई कि मांग कि गयी है,मांग पूरी नहीं होने पर हमीद सेतु पुल पर ही धरना-प्रदर्शन पर बैठने को विवश होंगे।
इस मौके पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप यादव, छात्र नेता शशांक उपाध्याय, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि शिवम पाल,धीरज सिंह, विकास तिवारी अभिषेक वर्मा, दीपक उपाध्याय इत्यादि लोग मौजूद थे ।
-
राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर कांग्रेसियों में खुशी की लहर

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने पर गाजीपुर जिला कांग्रेस कमेटी में खुशी की लहर


गाजीपुर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकप्रिय सांसद रहे राहुल गांधी को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। मोदी सरनेम मानहानि मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी है, इसके बाद गाजीपुर जनपद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है, स्थानीय कचहरी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपस में मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त किया।इसे न्याय की जीत बताया है।
इस पूरे मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि आखिर में सच की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी के दोष सिद्धि तक सजा पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय से पूरे देश में हर्ष और उत्साह का माहौल है। लोकतंत्र की जीत हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी की सांसद सदस्यता जल्द ही फिर से बहाल होगी और वह संसद में जनहित के मुद्दों को पुनः मजबूती से उठाएंगे। एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने राहुल गांधी केस में राहत की खबर आने के बाद कहा कि हम सभी को देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा था और आज उस भरोसे को सुप्रीम कोर्ट ने और मजबूती प्रदान की है, ये सच की जीत है और षड्यंत्रकारियों की हार है और इसका खामियाजा आगामी लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को उठाना पड़ेगा।
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात उच्च न्यायालय के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, कोर्ट ने आपराधिक मानहानि मामले में राहुल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिस पर आज सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दिया है। जिसपर कांग्रेस जनों को उम्मीद है कि जल्द ही राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता भी बहाल हो जाएगी।इस अवसर पर प्रमुख रूप से शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा्,पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे,एआईसीसी सदस्य रवि कांत राय, डॉक्टर जनक कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पीसीसी सदस्य डॉ मार्कंडेय सिंह, पीसीसी सदस्य अजय कुमार श्रीवास्तव, आशुतोष गुप्ता,शबीहूल हसन, चंद्रिका सिंह, आदिल अख्तर, दिव्यांशु पांडे, रईस अहमद, सुधांशु,प्रदीप राय मोनू, मिलिन्रद सिंह,कमलेश्वर प्रसाद शर्मा ,जितेंद्र बिंद, रूद्रेश निगम, संजय गुप्ता मोइनुद्दीन, मुश्ताक अहमद, आदि लोग उपस्थित रहे।
-
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनसहभागिता बहुत जरूरी : सीएमओ

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए जनसहभागिता बहुत जरूरी : सीएमओ
जनपद में 10 अगस्त से चलेगा सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित
सीएमओ की अपील :फाइलेरिया से बचाव के लिए साल में एक बार दवा का सेवन जरूर करें




गाज़ीपुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) कार्यक्रम को लेकर मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित हुई।कार्यशाला में सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफार), पाथ व पीसीआई संस्था ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ देश दीपक पाल ने कहा कि देश को वर्ष 2030 तक फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इसके लिए जनपद में भी तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत 10 अगस्त से जनपद के सभी 16 ब्लॉक व नगरीय क्षेत्रों में एमडीए राउंडसंचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया (फीलपाँव या हाथीपाँव) वाहक मच्छर क्यूलेक्स के काटने के बाद इसके लक्षण पांच से 15 साल के बाद दिखाई देते हैं। इसलिए एक साल से ऊपर के सभी बच्चों, किशोर-किशोरियों, वयस्कों, वृद्धजनों को फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर खानी चाहिए। यह दवा स्वास्थ्य कर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा घर-घर जाकर खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य कर्मी और आशा कार्यकर्ता यह दवा लोगों को अपने समक्ष खिलाएँगी। यह दवा खाली पेट नहीं खानी है। साथ ही यह दवा एक वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों को नहीं खानी है। इस दवा के साल में एक बार और पाँच साल लगातार सेवन करने से हम फाइलेरिया से सुरक्षित बन सकते हैं। इसके लिए जन सहभागिता की बेहद आवश्यकता है। सीएमओ ने मीडिया बंधुओं के माध्यम से जनमानस से अपील की कि फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा का सेवन जरूर करें।
कार्यशाला में सीएमओ ने अन्य मच्छर जनित संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया आदि से बचाव के बारे में भीजानकारी दी। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ जेएन सिंह ने कहा कि एक बार फाइलेरिया (हाथीपाँव) हो जाने के बाद यह पूरी तरह से ठीक नहीं होता है। सभी से अपील है कि इस अभियान में सरकार का सहयोग करें। खुद दवा खाएं और अपने आस-पास के लोगों को भी दवा खाने के लिए प्रेरित करें।
जिला मलेरिया अधिकारी (डीएमओ) मनोज कुमार ने कहा कि किसी भी संदेश को जनमानस तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। इसी उद्देश्य से आज आगामी फाइलेरिया एमडीए कार्यक्रम को लेकर मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया रोग से प्रभावित अंग के साफ-सफाई और व्यायाम से इसे सिर्फ नियंत्रित किया जा सकता है। एमडीए कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से बूथ लगा कर एवं घर-घर जाकर इन दवाओं का सेवन सुनिश्चित करवाया जाएगा। दवाओं का वितरण बिल्कुल भी नहीं किया जायेगा। इन दवाओं का सेवन खाली पेट नहीं करना है। यह दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि इन दवाओं का कोई विपरीत प्रभाव नहीं है। फिर भी किसी को दवा खाने के बाद उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे लक्षण होते हैंतो यह इस बात का प्रतीक हैं कि उस व्यक्ति के शरीर में फाइलेरिया के परजीवी मौजूद हैं। ऐसे लक्षण इन दवाओं के सेवन के उपरांत शरीर के भीतर परजीवियों के मरने के कारण उत्पन्न होते हैं। सामान्यतः यहलक्षण स्वतः समाप्त हो जाते हैं। परंतु ऐसी किसी भी परिस्थिति के लिए प्रशिक्षित रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) भी बनाई गई है। आवश्यकता पड़ने पर आरआरटी को उपचार के लिए तुरंत बुलाया जा सकता है।
कार्यशाला में फाइलेरिया रोगी सहायता समूह नेटवर्क सदस्य कासिमाबाद निवासी सरिता देवी और भांवरकोल निवासी सुग्रीव ने अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह नेटवर्क के साथ करीब एक साल से जुड़ीं हैं। नेटवर्क के साथ जुड़ने और नियमित व्यायाम करने से उनके पैरों की सूजन बहुत कम हो गई है। उन्हें पता नहीं था कि कई साल पहले हुई यह बीमारी इतना गंभीर रूप ले सकती है।
कार्यशाला में समस्त उप व अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पाथ से डॉ अबु कलीम व अरुण कुमार, पीसीआई से रामकृष्ण वर्मा, सीफार, डब्ल्यूएचओ, यूनिसेफ के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। -
नए सर्किल रेट को लेकर DM ने किया बैठक


गाजीपुर। जनपद में लागू की जाने वाली नई सर्किल दरों के सम्बन्ध में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बैठक गुरूवार को राईफल क्लब सभागार में आयोजित हुई। बैठक में कमेटी द्वारा समस्त तहसीलों के ग्रामों व क्षेत्रों में प्रस्तावित कृषक, अकृषक एवं वाणिज्यिक दरों की समीक्षा की गयी। प्रस्तावित मूल्यांकन सूची के सम्बन्ध में तहसील स्तर व जनपद स्तर पर आपत्तियां आमंत्रित की गयी थी। बैठक में प्राप्त आपत्तियों की भी कमेटी ने समीक्षा किया। बैठक में कमेटी द्वारा वर्तमान मूल्यांकन सूची में व्याप्त विसंगतियों पर भी चर्चा की गयी। तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारियो ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किये।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नये मार्गाे एवं चौड़ीकरण से प्रभावित क्षेत्रों एवं विकसित बाजारों की निर्धारित दरों को बाजारू मूल्य के बराबर लाने एवं सूची को तार्किक एवं पारदर्शी बनाने के भी निर्देश दिये। अन्त में प्रस्तावित मूल्यांकन सूची के सम्बन्ध में प्राप्त आपत्तियों एवं बैठक में कमेटी द्वारा लिये गये निर्णय के आलोक में प्रस्तावित मूल्यांकन सूची में दरों का पुनः परीक्षण कर तीन दिन में कमेटी के समक्ष प्रस्तुत करने पर सहमति बनी। बैठक में अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि० / रा०), प्रेमप्रकाश, सहायक महानिरीक्षक निबन्धन, गाजीपुर व समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, उप निबन्धक, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियन्ता एवं नेशनल हाईवे के भी अधिकारी उपस्थित रहे।
-
सपाइयों ने किया अभिषेक यादव का भव्य स्वागत

बेइंतहा जुल्म कर रही है भाजपा सरकार-अभिषेक यादव




गाज़ीपुर। समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गोपाल यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर नवमनोनीत समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी योद्धा अभिषेक यादव का भव्य स्वागत किया गया। इस स्वागत समारोह में सर्वप्रथम सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रजनीकांत ने समाजवादी गीत के माध्यम स्वागत किया।
स्वागत करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने इस मनोनयन के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभिषेक यादव को लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर गाजीपुर को जो सम्मान देने का काम किया है। इसके लिए गाजीपुर का कार्यकर्ता आजीवन उनका ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोगों का सम्मान और स्वागत करने का अक्सर अवसर मिलता रहा है लेकिन अभिषेक का स्वागत और सम्मान करने में जो गर्व और सुख की अनुभूति हो रही हैं वह हमें कभी नहीं मिला क्योंकि सही मायने में आज हम एक कर्मयोगी का स्वागत कर रहे हैं जो समाजवादी पार्टी की राजनीति में संघर्ष का पर्याय बन चुके हैं।
कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अपने स्वागत से अभिभूत अभिषेक यादव ने अपने स्वागत के लिए पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बेइंतहा जुल्म कर रही है जिसका समाजवादी लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ता उसका डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि चाहे जितना दमन कर लें भाजपा हम समाजवादी झुकेंगे नहीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी एवं अन्य विरोधी दलों के नेताओं को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजे जाने पर कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है, उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता का घमंड हो गया है । यह घमंड 2024में देश की जनता तोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज नौजवानों का भविष्य अंधकार में है, इस सरकार को नौजवानों की फ़िक्र नहीं है,इस सरकार को केवल अपने पूंजीपति मित्रों के लिए फिक्रमंद हैं।यह सरकार नौजवानों की रोजी रोटी की व्यवस्था न कर उनके जज्बातों एवं भावनाओं से खेल रही है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सूखे की चपेट में हैं। वर्षा न होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच आई है। मंहगाई, बिजली कटौती,बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के चलते आमजन दुखी हैं लेकिन भाजपा सरकार को आमजन की समस्यायों से कुछ भी लेना देना नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश में नफ़रत के बीज बो रही है। इस सरकार की साम्प्रदायिक सोच के चलते देश की गंगा जमुनी तहजीब और धर्मनिरपेक्ष स्वरूप खतरे में है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सीबीआई और ईडी का ग़लत इस्तेमाल कर रही है। इसका प्रयोग विरोधी दल के नेताओं और उनकी छवि धूमिल करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा चाहे जितना दमन कर लें उनके हर जुल्मों सितम का जवाब समाजवादी पार्टी पुरजोर तरीके से देगी। उन्होंने कहा कि आज देश की सारी संवैधानिक संस्थाओं पर भाजपा सरकार का कब्जा हो गया है। सीबीआई,ईडी और चाहे चुनाव आयोग हो सारी संस्थाएं सरकार के दबाव और इशारे पर काम कर रही है। यह संस्थाएं स्वतंत्र तरीके से फैसले नहीं ले पा रही है जो देश के लोकतंत्र के लिए खतरा है ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुहम्मदाबाद विधायक सोएब अंसारी उर्फ मन्नू अंसारी, राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा,सुदर्शन यादव, रामधारी यादव, आमिर अली, रविन्द्र प्रताप यादव, अशोक कुमार बिंद, मुन्नन यादव,अरुण कुमार श्रीवास्तव, आत्मा यादव, मदन यादव,राघवेन्द्र यादव,राजेश कुमार यादव, रीता विश्वकर्मा,आशा यादव,विभा पाल, सदानंद यादव,अमित ठाकुर,राजेंद्र यादव, अवधेश यादव उर्फ राजू यादव, अंजनी यादव,अमन जायसवाल,सिंकदर यादव, हरेन्द्र यादव,डॉ समीर सिंह,सुजीत कुमार,अजय यादव,सुर्यनाथ यादव, राजेंद्र यादव, डॉ सीमा यादव, दिनेश यादव,विकास यादव,अनिता यादव, भानु यादव, सुभाष यादव गुड्डू, राजेश यादव शिवशंकर यादव, अवनीश विधार्थी,मटरू पहलवान,पांचू यादव, आशुतोष यादव, कमलेश यादव,सुनील यादव,देवेन्द्र यादव,जाहिद भाई,अमित सिंह,शिवकुमार यादव ,कमलेश यादव, रामाशीष यादव रणजीत यादव,कंचन रावत,रीना यादव,आदि शामिल थे। इस समारोह का संचालन जिला महामंत्री कन्हैयालाल विश्वकर्मा ने किया।
-
डीएम ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ की बैठक





गाजीपुर ।जिलाधिकारी/जिला निवार्चन अधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं मतदाता सूची सेे आधार नम्बर जोड़ने के संबंध में विभिन्न राजनैतिक दलो के पदाधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक की गई। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के क्रम में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रो में मतदेय स्थलों के सम्भाजन एवं निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं पुनरीक्षण से पूर्व की जाने वाली कार्यवाहियों व मतदाता सूची को आधार से जोड़ने के संबंध में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में विभिन्न राजनैतिक दल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई है।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदेय स्थलों का सम्भाजन अधिकतम 1500 मतदाओं के आधार पर कराने पर चर्चा की गयी। जिलाधिकारी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रो के अनुसार मतदेय स्थलों का निर्धारण करने के पश्चात मतदये स्थलों की एक नई सूची तैयार की जाएगी। उन्होने कहा कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन, मतदेय स्थल भवन तथा उससे सम्बद्ध किये जाने वाले निर्वाचन नामावली के सुसंगत भाग के शत प्रतिशत भौतिक सत्यापन के उपरान्त किया जाय। अर्थात भवन के सत्यापन के साथ ही यह भी देखा जाय कि उक्त मतदेय स्थल की निर्वाचक नामावली में अंकित मतदाताओं का निवास उस स्थान के आस पास भौतिक रूप से हो। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी राजनैतिक दल के पदाधिकारी यदि कही मतदेय स्थलों का सम्भाजन अथवा किन्ही कारण से बदलने आदि से सम्बन्धित कोई भी सुझाव व आपत्ति हो तो उसे आगामी 12 अगस्त 2023 तक अपनी आपत्ति व सुझाव लिखित रूप से जिला निर्वाचन कार्यालय अथवा सम्बन्धित उप जिलाधिकारी को उपलब्ध करा सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 अरुण कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गाजीपुर संसदीय/विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत पड़ने वाले निर्वाचन क्षेत्रो के कुल 1616 मतदान केन्द्र एवं 2924 मतदेय स्थल हैं। उन्होने सभी से अपील करते हुए कहा कि बी0एल0ओ0 के द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा हैं। मतदाता सूची को आधार से जोड़ने में सभी लोग अपना सहयोग प्रदान करें व मांगने पर आधार नम्बर व उसकी छायाप्रति सम्बन्धित कर्मचारी को उपलब्ध करा दे ताकि शत प्रतिशत त्रुटिरहित मतदात सूची तैयार कराया जा सके।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, समस्त उपजिलाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी,सुभाष राम (सिपाही) जिला सचिव बसपा, राजेश कुमार यादव जिला सचिव स0पा0, राजन प्रजापति जिला कार्यालय मंत्री भाजपा, निजामुद्दीन खॉ जिला उपाध्यक्ष स0प0, रविकान्त सदस्य अखिल भारतीय राष्ट्रीय कमेटी, कमलेश्वर प्रसाद सचिव जि0का0कमेटी कांगेस, ओमप्रकाश महासचिव भाजपा एवं प्रवीण सिंह महा सचिव भाजपा निर्वाचन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहें।





