-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
दो किशोरियों की मौत

गाजीपुर में दो किशोरियों की मौत

गाजीपुर।करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के सामने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर दो किशोरियों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची करीमुद्दीनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए थाने लाई।
बतादें की गुरुवार की शाम लगभग पांच बजे दो बहने अपने विवाह का बहन कंचन यादव को ट्रेन पर चढ़ाने के लिए करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन आई हुई थी। यहां से अपनी बहन कंचन को रेलवे प्लेटफार्म पर छोड़कर वापस घर के लिए अप रेलवे ट्रैक के ऊपर से होकर जा रही थी। इसी बीच सामने से डीएमयू ट्रेन गाजीपुर से बलिया के लिए गुजरने लगी ठीक इसी बीच पीछे से गोंदिया एक्सप्रेस आ गई युवतियों को पीछे से आ रही गोदिया ट्रेन के बारे में अंदाजा नहीं लग पाया। सामने से जा रही डेमू ट्रेन को ही वह समझ पाई इसी बीच गोदिया ट्रेन इन दोनों किशोरियों को धक्का मारते हुए निकल गई। करीमुद्दीनपुर का सप्ताहिक बाजार होने के कारण इन दोनों युवतियों को कटा देख वहां पर भारी भीड़ जम गई। लोगों के बीच से किसी ने इनकी सूचना पुलिस को दी। इसी बीच लोगों के बीच से किसी ने इन दोनों को पहचान कर परिजनों को भी सूचना दी। परिजनों ने उक्त दोनों किशोरियों का पहचान रोली यादव(16 )पुत्री कन्हैया यादव व वंदना यादव(17) पुत्री कुंवर यादव निवासी बिशनपुरा थाना करीमुद्दीनपुर के रूप में किया।
परिजनों ने बताया कि घर मे विवाह मे आई औरतों को छोड़ने उक्त दोनों युवतियां रेलवे स्टेशन आई हुई थी।
थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर विश्वनाथ यादव ने बताया कि दोनों युवतियों का शव बरामद कर लिया गया है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
-
सरकार के खिलाफ बोलने वाले नेताओं को जेलों मे डाला जा रहा है


गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय समता भवन पर डॉ राम मनोहर लोहिया की जयंती और शहीद भगतसिंह, राजगुरु और सुखदेव की शहादत दिवस पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी गुरूवार को आयोजित हुई। गोष्ठी आरंभ होने के पूर्व सभी कार्यकर्ताओं ने इनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश में समता मूलक समाज बनाने एवं आज की राजनीति में बढ़ रहे कुरीतियों एवं कुप्रथाओं के खिलाफ लड़ने के साथ साथ लोकतंत्र और देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लिया। रामधारी यादव ने इन महापुरुषों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए कहा कि
आज देश के वर्तमान राजनैतिक दौर में जब जातिवाद और सम्प्रदायवाद चरम सीमा पर है, जब जातिवाद और साम्प्रदायिकता का नंगा नाच हो रहा हो ऐसे दौर में डा. लोहिया जी पुनः प्रासंगिक हो उठे हैं। डॉ लोहिया ने जाति तोड़ो समाज जोड़ो का नारा दिया था लेकिन आज जाति तोड़ने के बजाय जाति जोड़ने की ही मुहिम चलाने में ज्यादा लोग मशगूल हैं। उन्होंने कहा कि डॉ लोहिया जी सामाजिक न्याय की लड़ाई के महान योद्धा थे। सामाजिक न्याय की वकालत करते हुए लोहिया जी ने”संसोपा ने बांधी गांठ -सौ में पिछड़े पांवें साठ” का नारा दिया था। इस देश के समाजवादी आंदोलन का मुख्य सार ही सामाजिक न्याय रहा है। समाजवादी आंदोलन के सभी नेताओं ने चाहे वह बड़ी जाति के रहे हो या पिछड़ी जाति के सभी ने इस देश के सभी गरीबों और पिछड़ों को विशेष सुविधा प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ाने की वकालत की थी। लोहिया जी का सपना था कि देश से जाति प्रथा समाप्त कर ऐसा समाज बनाया जाय जिसमें सभी को सामाजिक और आर्थिक समानता प्राप्त हो। डॉ लोहिया देश में अंग्रेजी हटाओ आन्दोलन के प्रणेता थे, वह इस मुद्दे पर बेबाक राय रखते थे, स्वभाषा (हिंदी) उनके लिए कोई राजनैतिक मुद्दा नहीं था, वह इसके सहारे देश के लाखों करोड़ों लोगों को हीन ग्रंथि से उबारकर उनके अन्दर स्वाभिमान भरने का सपना था।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजेश कुशवाहा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ लोहिया के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हम उनके दिखाये गये रास्ते और उनके द्वारा दिये गये नारों को अमल में लाने पर देश की तमाम समस्याओं का समाधान कर सकते है। उन्होंने कहा कि आज देश गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। इस देश में अघोषित आपातकाल है। अभिव्यक्ति की आजादी छिनी जा रही है। सरकार के खिलाफ बोलने वाले नेताओं को जेलों मे डाला जा रहा है। मोदी सरकार की तानाशाही नीतियों से देश भयभीत हैं। लोकतंत्र खतरे में है। इस तानाशाही सरकार से मुक्ति के लिए डॉ लोहिया के रास्ते पर चल कर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि डॉ लोहिया न केवल गंभीर चिंतक थे बल्कि वह सच्चे कर्मवीर थे। डॉ लोहिया ही थे जो राजनीति में शुचिता और शुद्ध आचरण की बात करते थे। आज राजनीति में जाति, धर्म, पूंजी, बाहुबल के बढ़ते दखल से भी राजनीति का रास्ता काफी टेढ़ा मेढ़ा हो गया है। आज हम सभी को डॉ लोहिया जी को याद करते हुए राजनीति में शुचिता स्थापित करने के लिए संघर्ष करने का संकल्प लेने की जरूरत है। यही हमारी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस गोष्ठी में मुख्य रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ नन्हकू यादव, अशोक कुमार बिंद, निजामुद्दीन खां, अरुण कुमार श्रीवास्तव, चन्द्रेश्वर यादव उर्फ पप्पू यादव, दिनेश यादव, सदानंद यादव, अनिल कुमार यादव, अमित ठाकुर, रणजीत यादव, मदन सिंह यादव, रविन्द्र प्रताप यादव, अतीक अहमद राईनी, डॉ समीर सिंह, केसरी यादव, रामनगीना यादव, आत्मा यादव, रामाशीष यादव, चन्द्रिका यादव, विजय शंकर यादव, पंकज यादव,nराजकिशोर यादव, हरवंश यादव, राम औतार शर्मा, द्वारिका यादव, कमला यादव, राजेश यादव, मनोज यादव, सतिराम यादव, राजेश कुमार यादव, रमेश कुमार यादव, छन्नू यादव, राजेश गोड़, वैजू यादव आदि उपस्थित थे।
इस गोष्ठी का संचालन जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। -
अभियान चलाकर लोगों को करें जागरूक: डीएम


गाजीपुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान, संचारी रोगों, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं कार्यवाही हेतु बुधवार को जिलाधिकारी आर्याका अखौरी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अंन्तर्विभागीय समन्वय बैठक रायफल क्लब सभागार में हुई। बैठक मे जिलाधिकारी ने प्राप्त विभागीय कार्ययोजनाओ की समीक्षा करते हुए समस्त विभागो को कार्ययोजना के तहत ही कार्यवाही का निर्देश दिया। उन्होने कहा कि संचारी रोग, दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण एवं इसके त्वरित एवं सही उपचार सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रथम चरण जो 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2023 तक दस्तक अभियान 17 से 30 अप्रैल के मध्य प्रस्तावित है। उन्होने कहा कि जनपद में तहसील, ब्लॉक, ग्राम स्तर पर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाते हुए आमजन को मच्छर जनित एवं संचारी रोगों से बचने के लिए क्या करें और क्या न करें के बारे में जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होने निर्देश दिया कि बच्चों को स्कूलों में लार्वा पनपने के स्रोतों की न केवल जानकारी दी जाए बल्कि उनके मध्य प्रतियोगिता भी कराई जाए। सभी मलेरिया निरीक्षकों को फील्ड में एक्टिवेट किया जाए तथा हाई रिस्क गांव में युद्ध स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाय। उन्होने निर्देश दिया कि अभियान में आशा-आंगनबाड़ी साथ मे अनिवार्य रूप से भ्रमण करे। शहरी-ग्रामीण क्षेत्र में फागिग व एंटीलार्वा एक्टिविटी बढाया जायें। हैंडपंप एंव अन्य जल जमाव वाले स्थलो को चिन्हित करते हुए यह सुनिश्तिच करे कि कही भी आसपास जलजमाव ना हो, वही हैंडपंप से डेढ़ मीटर दूरी तक नाली बनवाए। सुपरक्लोरिनेशन के साथ पेयजल की सप्लाई सुनिश्चित करें।

आशा-एएनएम फील्ड में सक्रियता से काम करें।
जिलाधिकारीने विभागीय अधिकारियों से जनसंपर्क एवं जन जागरण, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, वेक्टर कंट्रोल, वातावरणीय स्वच्छता सहित विभिन्न बिंदुओं पर बिंदुवार समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा निर्देशदिए।इस अभियान की मानिटरिंग की बारीकियों को भी बताया। उन्होने निर्देश दिया कि दस्तक अभियान में आशा-आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रत्येक मकान पर क्षय रोग के संभावित रोगियों के विषय में जानकारी प्राप्त करेंगी, लक्षणों वाले व्यक्ति की सूचना प्राप्त होने पर उस व्यक्ति का संपूर्ण विवरण एक लाइन लिस्टिंग फॉर्मेट में अंकित कर क्षेत्रीय एएनएम के जरिए ब्लॉक मुख्यालय को उपलब्ध कराएगी। मलेरिया विभाग के कार्यकर्ता क्षेत्रवार योजना बनाते हुए गत वर्ष में मच्छर जनित रोगों के आंकड़ों के आधार पर चयनित हाई रिस्क क्षेत्रों में वेक्टर घनत्व का आकलन भी करेंगे। उन्होने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रथम चरण पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पाने के लिए इस विषय पर एक संपूर्ण सोच के साथ संबंधित विभागों के मध्य उचित समन्वय होना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम की कार्ययोजना बनाकर मुख्य चिकित्साधिकारी को 27 मार्चतक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत किया जाय। उन्होंने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कृषि एवं सिंचाई, सूचना, उद्यान विभाग के निर्धारित उत्तरदायित्व बताएं, तथा अपेक्षित सहयोग किए जाने की अपेक्षा की। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, समस्मत उपजिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। -
जिले के प्रसिद्ध मंदिरों में हुआ दुर्गा सप्तशती का पाठ



गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रदेश के समस्त जिलों के समस्त तहसीलों व विकास खंडों में स्थित प्रसिद्ध मंदिरों में चैत्र नवरात्रि पर दुर्गा सप्तशती का पाठ किए जाने थे। जिसके अनुपालन में जनपद की विभिन्न तहसीलों तथा विकास खंड स्तर पर प्रसिद्ध मंदिरों में दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जा रहा है। बुधवार को नवरात्रि के पहले दिन मॉ कामाख्या मंदिर पर दुर्गा पाठ/गायन कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया। देवी मन्दिरों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाने हेतु तिथिवार निर्धारित किया गया है। 23 मार्च को चकेरी धाम मन्दिर, 24 मार्च को बृढ़िया माई मन्दिर (हथिराम मठ) पर, 25 मार्च को कष्ट हारिणी देवी मन्दिर करीमृद्दीनपुर में, 26 मार्च को काली मन्दिर हरिहरपुर में, 27 मार्च को चण्डी माता मन्दिर ढ़ढनी में, 28 मार्च को सामिया माई मन्दिर करण्डा में एवं 29 मार्च व 30 मार्च तक राम जानकी मन्दिर लंका मैदान में रामायण पाठ का अयोजिन किया जायेगा। इस मौके पर मॉ कामाख्या देवी मन्दिर गहमर में पूजा अर्चना किया तथा सभी को धर्म से जुड़े रहने व धर्म के मार्ग पर चलने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
-
किसी भी समय हो सकता है अचानक निरीक्षण

गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने समस्त औषधि विक्रेता/वितरक को पत्र प्रेषित कर अवगत कराया है कि राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग एवं नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किये गये एक युद्ध नशे के विरूद्ध के अन्तर्गत बच्चों को मादक द्रव्यों के सेवन से दूर रखने हेतु विद्यालयों कार्यालायों, शैक्षिक संस्थाओं (जैसे कोचिंग सेन्टर, इन्स्टीटयूशन, छात्रावास, प्रशिक्षण केन्द्र एवं उद्यान आदि) पर मादक पदार्थो, मदिरा, बीड़ी, सिगरेट व अन्य तम्बाकू उत्पादन की विक्री रोके जाने के सम्बन्ध में दिशा-निर्देश दिये गये है।
जिलाधिकारी ने सभी को आदेशित किया है कि अपने प्रतिष्ठान के अन्दर व बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाना सुनिश्चित करें। बिना अधिकृत चिकित्सक के आदेश के किसी व्यक्ति/बच्चों को प्रतिबन्धित मादक, औषधि का विक्रय न किया जाय। उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन करना सुनिश्चित करें। सी0सी0टीवी कैमरे की फुटेज का जनपदीय औषधि नियंत्रण प्राधिकारी/जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा किसी भी समय औचक निरीक्षण किया जा सकता है। इस आदेश का अनुपालन तत्काल प्रभाव से लागू किया जाता है। अन्यथा की दशा में सम्बन्धित औषधि विक्रेता/वितरकों के विरूद्ध नियमानुसार प्रशासनिक कार्यवाही की जाएगी। -
जिला जज ने डीएम-एसपी के संग किया जेल का निरीक्षण

जिला जज संग डीएम-एसपी ने किया जेल का निरीक्षण,ली जानकारी

गाजीपुर।जिला जज संजय कुमार-7, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बुधवार को संयुक्त रुप से जिला जेल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एंव पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार मे चिकित्सालय, महिला एंव पुरूष बैरक, रसोई घर का निरीक्षण किया।कारागार में लगाए गए सीसीटीवी की संचालन व्यवस्था की जॉच की। जिलाधिकारी ने कारागार चिकित्सालय मे भर्ती कैदियों से बीमारियो के संबंध मे पूछा तथा उनके खान-पान एवं साफ-सफाई की जानकारी ली। जिला कारागार के हवालात कार्यालय के स्टाक रजिस्टर की जांच की गई, इसके पश्चात बारी-बारी से सभी बैरको का निरीक्षण किया।बैरको मे बंदियों के कार्ड पर अगली पेशी का दिनांक को चेक किया गया। कारागार मे रसोई घर के निरीक्षण मे प्रत्येक दिन बनने वाले भोजन के मीनू की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया। जेल के अन्दर किसी भी दशा मे मोबाइल का प्रवेश न होने पाए इस हेतु रोस्टर बनाकर चेंकिग अभियान चलाकर चेक किया जाए। इसके अतिरिक्त महिला बन्दी गृह मे दी जा रही सुविधाओ के बावत जानकारी ली।

उसके उपरान्त जिला जज एवं जिलाधिकारी द्वारा स्व. शिवपूजन पाठक बालिका गृह रस्तीपुर सैदपुर, पं0 भोलानाथ मिश्र बालगृह (बालक) बड़ागॉव सैदपुर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चो से पूछताछ की उनके समय पर नाश्ता, खान-पान की जानकारी ली। उन्होंने रसोई भी चेक किया। निरीक्षण दौरान जिला जज ने कहा कि प्रत्येक दिन की खाने की वस्तु का चार्ट मीनू दीवार पर लगा होना चाहिए, उन्होंने शौचालय में साफ-सफाई एवं हार्पिक, साबुन, हैण्डवाश, मच्छरों के लिए छिड़काव आदि की व्यवस्था करना सुनिश्चित करते हुए विशेष ध्यान दिया जाए। बच्चो के प्रत्येक रूम में सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने बालक/बालिकाओ से उनका हाल जाना। उसके बारे में जानकारी भी ली। उन्होने कहा कि किसी भी बालक के साथ उत्पीड़न अथवा परेशानी न होने पाए। उन्होने कहा कि बच्चों के सम्पूर्ण विकास में खेलकूद, मनोरंजन, सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान का बड़ा हाथ होता है। इसलिए हर बच्चे को खेलकूद तथा कलात्मक, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने का अधिकार है। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सैदपुर, जिला प्रोबेशन अधिकारी, संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


-
निर्विरोध चुने गए सभापति

निर्विरोध चुने गए सभापति

गाजीपुर।सदर ब्लॉक के साधन सहकारी समिति लि. बीकापुर (बबेडी) का चुनाव समपन्न हुआ। जिसमे सभापति पद पर संजय कुमार बिंद तथा उप सभापति पद पर संजय कुमार उर्फ डब्लू को निर्विरोध चुन लिया गया। परिणाम आते ही सभी समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने चुने गए लोगों को माला पहनाकर स्वागत किया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।इस मौके पर गोपाल राय, अच्छे लाल गुप्ता, पिछड़ा जिला अध्यक्ष मनोज बिंद, ग्राम प्रधान शिकारपुर राम जी बलवंत, ग्राम प्रधान अनूप बिंद, ग्राम प्रधान श्लोक बिंद, भृगुनाथ बिंद, रामविलास,योगेंद्र कुमार बिंद, प्रदीप कुमार, फुलगेंद बिंद आदि लोग मौजूद रहे।
-
कांग्रेसियों ने दिया धरना,सौंपा पत्रक

ओलावृष्टिसे बर्बाद फसल का किसानों को मुआवजा दे सरकार:सुनील राम

गाजीपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील राम के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सरजू पांडे पार्क के प्रांगण में धरना दिया। तहसीलदार मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिसमें जिलाधिकारी आर्यका अखौरी को अवगत कराया कि जनपद में असमय बारिश ओलावृष्टि से किसानों का जो भयंकर फसल नुकसान हुआ है,उसका तत्काल मुआवजा किसानों को मिलना चाहिए।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि इस महंगाई के दौर में किसान किसी तरह अपनी फसल तैयार किया जब उसे काटने का समय आया तो असमय बारिश होने के कारण उनकी फसलें बर्बाद हो गई, किसान त्राहि-त्राहि कर रहा है अतः सरकार का दायित्व है कि किसानों को उचित मुआवजा तत्काल प्रदान करें अगर किसानों को फसलों का उचित मुवाजा नहीं मिलता है तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होगी ।
एआईसीसी सदस्य श्री रवि कांत राय ने कहा कि किसानो पर बर्फ का पहाड़ टूट पड़ा है उसे राहत की आवश्यकता है भारी बारिश से परेशान है उसकी फसलें नुकसान हुई है महंगाई भी चरम सीमा पर है, गैस सिलेंडर का दाम तेल का दाम खाद्य पदार्थ का दाम आसमान छू रहा है, भाजपा कि जो प्रदेश और देश में सरकार है हर तरह से फेल हो रही है पूरी जनता परेशान है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व शहर अध्यक्ष मोहम्मद सफीक अहमद, जनक कुशवाहा, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, अजय श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव, रतन तिवारी, मनीष राय, आशुतोष गुप्ता, सतीश उपाध्याय, ज्ञान प्रकाश सिंह, महबूब निशा,सदानंद गुप्ता,अखिलेश राय, अनुराग पांडे, उषा चतुर्वेदी, शंभू कुशवाहा, संदीप विश्वकर्मा, दिव्यांशु पांडे, संजय गुप्ता,ज्ञासुद्दीन जी, मुसाफिर बिंद, राघवेंद्र राम, विजय कुमार, बृजेश कुमार, संजय सिंह, सतीश गुप्ता, आलोक यादव, अवधेश साहू, साजिद जी, झुन्न शर्मा, विद्याधर पांडे, जय प्रकाश चौरसिया, विकास पाठक संजय सिंह आदि लोग मौजूद थे।
-
दर्जनों लोगों को मिला रोजगार

गाजीपुर। जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वाधान में विधान सभा सदर के अन्तर्गत राजीकीय आई0टी0आई0 के परिसर में रोजगार मेले का आयोजन मंगलवार को किया गया। जिसमें प्रतिभागी कम्पनियॉं बी0एस0बी0 डिजीटल, अलायंस गो स्टाफिंग सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड मोहाली, ए0जी0 इण्टरप्राइजेज, पीपल ट्री ऑनलाइन, मीरजापुर, रोहित हाईब्रीड सीड्स प्रा0लि0, रौजा द्वारा ब्रान्च मैनेजर, फील्ड आफीसर, मैकेनिक, इलेक्ट्रिशियन, फीटर, कम्प्यूटर आपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड, हेल्पर आदि पदों पर चयन किया गया। मेले में लगभग 228 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें से विभिन्न पदों पर कुल 58 अभ्यर्थियों का अन्तिम राउंड हेतु चयन किया गया। भारत के कार्यबल को कुशल बनाकर अंतर्राष्ट्रीय अवसरों से जोड़ने हेतु भारत सरकार के स्किल इण्डिया मिशन के तहत स्किल इण्डिया इंटरनेशल सेन्टर, वाराणसी द्वारा उक्त परिसर में प्री-काउंसिलिंग की गयी। जिसमें दुबई, अबुधाबी, शारजाह, सऊदी अरब देेशों में इलेक्ट्रिशियन, फिटर, हेेेेेल्पर, क्लीनर, माली, ए.सी. टेक्नीशियन, सिक्योरिटी गार्ड, कुक, वेटर, मैकेनिकल ड्राफ्ट्समैन, मेसन, ड्राइवर इत्यादि जॉब रोल्स के लिए प्री-काउंसलिंग में लगभग 120 अभ्यर्थियों का वाराणसी टीम द्वारा काउंसलिंग की गयी। जिसमें से 82 अभ्यर्थी विदेशों में रोजगार पाने हेतु योग्य पाये गये। जिसमें से 38 अभ्यर्थी पासपोर्टधारी है। इन सभी योग्य अभ्यर्थियों को अन्तिम चयन हेतु वाराणसी सेन्टर पर काल किया जायेगा।
-
चेकिंग के दौरान 7 लाख 56 हजार किया गया वसूल

विद्युत चोरी में 19 पर एफआईआर, बकाया पर दर्जनों लोगो की कटी केबिल और चेकिंग के दौरान 7 लाख 56 हजार किया गया वसूल।


गाजीपुर। विद्युत वितरण खंड द्युतीय आमघाट के अंतर्गत शहर क्षेत्र के मोहल्ला झींगुर पट्टी, तुलसिया का पुल, मिश्रवालिया, चंदनवाहा, खजुरिया और मोहम्मदपुर चट्टी में अधिशाषी अभियंता सुजीत सिंह एवम सहायक अभियंता सुधीर कुमार के नेतृत्व में मंगलवार को बिजिलेंस टीम के साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमे कुल 66 घरों को चेक किया गया। 19 लोग अवैध तरीके से विद्युत उपभोग करते हुए मौके पर पकड़े गए। सभी लोगो के खिलाफ विजिलेंस थाना रौजा पर विद्युत चोरी में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। वही 10 हजार से उपर के 21 बकायेदारों का लाइट केबल पोल से खोल दिया गया है तथा 26 लोगो से बकाया बिल 7 लाख 56 हजार वसूल कर जमा कराया गया। अधिशाषी अभियंता सुजीत सिंह ने बताया कि जिनकी भी बकाए पर केबिल पोल से खोली गई है अगर बिना अपने बकाया बिलों का भुगतान किए बगैर केबिल पुनः पोल से उपभोक्ता जोड़ा तो उसके उपर विद्युत चोरी में मुकदमा पंजीकृत करवाया जायेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया कि जिसका भी बिल 10 हजार से उपर का बकाया है वे लोग यथाशीघ्र अपने बिलो का भुगतान कर दे एवम जो भी अभी तक कनेक्शन नही लिया है वे लोग तत्काल झटपट पोर्टल पर अपना आवेदन करके सरल तरीके से विद्युत कनेक्शन ले ले। कोई भी उपभोक्ता मीटर से छेड़छाड़ कत्तई ना करे नही तो जांच के दौरान पकड़े जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। चेकिंग टीम मुख्य रूप से अवर अभियंता अमित गुप्ता सहित समस्त मीटर रीडर, संविदा कर्मी, डिस्कनेक्शन गैंग उपस्थित रहे।






