-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
जिले में 300 करोड़ का होगा निवेश, डीएम ने दिया अधिकारियों को निर्देश




गाजीपुर। 23 जनवरी को जनपद स्तरीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, 2023 प्रस्तावित है, जिसके सम्बन्ध में बुधवार को इन्वेस्टर्स समिट की तैयारी बैठक राइफल क्लब में जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हई।
बैठक में उपायुक्त उद्योग द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि जनपद में एम0एस0एम0ई0 उत्पादन क्षेत्र में शासन द्वारा 300 करोड़ निवेश किये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके सापेक्ष अभी तक 48 निवेषकों द्वारा 226.38 करोड़ प्रदेश सरकार की वेबसाइट निवेष सारथी पर पंजीकरण किया गया है। जिसपर जिलाधिकारी द्वारा निर्देष दिया गया कि एम0एस0एम0ई0 उत्पादन क्षेत्र में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य 300 करोड़ के साथ सेवा क्षेत्र को सम्मिलित करके जनपद में 500 करोड़ निवेश कराया जाय। इस सम्बन्ध में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों क्रमषः सहायक आयुक्त, जिला उद्यान अधिकारी, दुग्ध विकास अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी, परियोजना अधिकारी, नेडा, उप निदेषक, कृशि, गाजीपुर/एल्पीडा, अग्रणी जिला प्रबन्धक, यूनियन बैंक आफ इंडिया, जिला अग्नि समन अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, क्षेत्रीय अधिकारी, उ0प्र0 प्रदूशण नियंत्रण बोर्ड, वाराणसी, जिला विपणन अधिकारी, गाजीपुर, अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औशधि प्रषासन, गाजीपुर, अधिषासी अभियंता, विद्युंत वितरण खण्ड प्रथम (नोडल) गाजीपुर को निर्देष दिया गया कि एक करोड़ से अधिक निवेष करने वाले निवेषकों का एन0ओ0सी0 लाइसेंस हेतु प्राप्त आवेदन पत्र एवं इसके अतिरिक्त आपके संज्ञान में कोई निवेषक आये तो, इसकी सूची तैयार कर मो0नं0 सहित कार्यालयः उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, गाजीपुर को दो दिन के अन्दर उपलब्ध कराना सुनिष्चित करें साथ ही उद्यमियों से अपील की गयी कि आपके संज्ञान में जो भी निवेषक हों उनकी भी जानकारी उपायुक्त उद्योग को देने का कश्ट करें।
अध्यक्ष/जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित समस्त अधिकारियों को निर्देष दिया गया कि कार्यक्रम हेतु अपने-अपने विभाग का प्रमुख बिन्दुओं की पी0पी0टी0 16 जनवरी तक तैयार कर उपायुक्त उद्योग को उपलब्ध करायें, जिससें उद्यमियों को नीतियों एवं प्रोसीजर की जानकारी मौके पर प्राप्त हो सके। उपायुक्त उद्योग को निर्देष दिया गया कि निवेषको की जानकारी प्राप्त करने हेतु उप जिलाधिकारी, सैदपुर/आई0आई0ए0 अघ्यक्ष एवं जहॉ भी निवेष की संभावना हो उनके साथ बैठक कराकर अधिक से अधिक निवेष हेतु निवेष सारथी पोर्टल पर पंजीकरण कराना सुनिष्चित करें। -
सिद्धार्थ राय राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से होंगे सम्मानित

राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित होंगे सिद्धार्थ


गाजीपुर।युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा प्रति वर्ष दिए जाने वाले राष्ट्रीय युवा पुरस्कार (एनवाईए 2019-2020) के लिए जिले के होनहार,कर्मठ युवा समाजसेवी सिद्धार्थ राय को समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए चुना गया है। यह सेवा संवर्ग में अब तक उत्तर प्रदेश को एक बार यह पुरस्कार मिला था और दूसरी बार यह पुरस्कार सामाजिक भावना से किए गए सिद्धार्थ राय के उत्तम कार्यों के लिए दिया जा रहा है।-
12-16 जनवरी तक कर्नाटक राज्य के हुबली शहर में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित “ राष्ट्रीय युवा महोत्सव “ जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह पुरस्कार लेने के लिए रवाना होने से पहले सिद्धार्थ राय ने कहा कि मेरे जीवन के लिए यह सुखद क्षण है, जो इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हमें चुना गया है। हमे प्रसन्नता है कि इससे प्रदेश और जनपद को एक नयी उपलब्धि हासिल हुई है। सिद्धार्थ राय “ राष्ट्रीय युवा महोत्सव “ में शामिल होने के लिए हुबली , कर्नाटक एयरपोर्ट पर मंगलवार को पहुंचे। जहां कर्नाटक सरकार पारंपरिक तरीक़े से गाज़ीपुर के लाल का स्वागत किया गया ।
इससे सिद्धार्थ राय को उनके अप्रतिम सेवा कार्यों के लिए 2021 में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल द्वारा शाहजहांपुर में तथा 2022 में केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान द्वारा सेवा मित्र सम्मान से मध्यप्रदेश के उज्जैन में सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा भी ज़िले एवं प्रदेश स्तर पर ढेरों सम्मान अपनी छोटी सी उम्र में सिद्धार्थ राय को प्राप्त हो चुके हैं । अपनी उम्मीद संस्था के बैनर तले सिद्धार्थ लगातार समाज सेवा के क्षेत्र में लगकर राष्ट्रीय संकल्पों के प्रति भारत यात्रा,पर्यावरण के क्षेत्र मे वृक्षारोपण, प्रभु की रसोई के माध्यम से विगत एक वर्षो से सैकड़ों लोगों को लगातार रेलवे स्टेशन एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भोजन वितरण तथा सेवा समर्पित विभिन्न विधाओं के स्थान खुरपी के प्रांगण में पिछड़े ग्रामीण क्षेत्र के युवा बालक एवं बालिकाओं को ताइक्वांडो प्रशिक्षण के आलावा गरीब असहाय निर्धन लोगों के लिए शौचालय निर्माण तथा मार्गो को शौच क्रिया के स्थान बनने से रोकने हेतु जनजागरण अभियान को लगातार गति प्रदान कर रहे है। सिद्धार्थ ख़ुद एमबीए हैं , गोल्ड मेडलिस्ट हैं और एक बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनी में अपनी सेवा भी दे चुके हैं । -
कायस्थ समाज ने दी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि



गाजीपुर। बुधवार को अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर शास्त्री नगर स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर माल्यार्पण एवं दीपदान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान महासभा के सभी कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल पर दीप जलाया और फिर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित किया।
माल्यार्पण एवं दीपदान करने के पश्चात पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ आर एस लाल के आवास पर आयोजित गोष्ठी में महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शास्त्री को देश का महान नेता बताया। उन्होंने कहा कि उनमें देशभक्ति की भावना कूट कूट कर भरी हुई थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन सरलता और सादगी से बिताया। उनका 18 महीने का प्रधानमंत्रित्व काल गीता के 18 अध्यायों की तरह पूरी तरह से पाक साफ था। सरकार के तमाम महत्वपूर्ण पदों पर रहने के बावजूद उनके दामन पर कोई दाग नहीं था। वह अत्यन्त साहसी और बहादुर नेता थे। उन्होंने ही जय जवान जय किसान का नारा दिया था। उन्होंने गांधी जी के आह्वान पर बहुत ही कम उम्र में देश के स्वतंत्रता आंदोलन में कूद पड़े और आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह बाहर से तो काफी उदार और विनम्र थे लेकिन अंदर से चट्टान की तरह दृढ़ थे। रेल मंत्री होने के दौरान एक रेल दुर्घटना होने पर उन्होंने अपनी जिम्मेदारी मानते हुए नैतिकता के आधार पर अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। उनका त्याग पत्र स्वीकार करते हुए नेहरू जी ने कहा था कि उनका इस्तीफा मैं इसलिए नहीं स्वीकार कर रहा हूं कि वह इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार है बल्कि मैंने इनका इस्तीफा इसलिए मंजूर किया कि इनका यह कदम देश की सियासत में काम करने वालों के लिए एक नजीर होगा और हम सबको संवैधानिक मर्यादा का पालन करने की प्रेरणा देगा। लाल बहादुर शास्त्री का जीवन हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत है। हम सबको उनके जीवन से सबक लेकर सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और ईमानदारी का पालन करने का संकल्प लेना चाहिए और यही हम सबकी उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव, चन्द्रप्रकाश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव, अमरनाथ श्रीवास्तव, विजय प्रकाश श्रीवास्तव,श्री कृष्णा ,नवीन श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव, अश्वनी श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे। इस गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव ने किया। -
पूर्व प्रधानमंत्री को नेताओं ने किया याद


गाजीपुर। यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुधांशु तिवारी के नेतृत्व में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण कर उनकी पुण्यतिथि मनाई गई। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिवांशू पाण्डेय अंशु ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री किसानों की हक की लड़ाई के लिए हमेशा संघर्षरत रहे हैं। इस मौके पर सेवादल के जिलाध्यक्ष आशुतोष गुप्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर आज हम सब सपथ लेते हैं की किसानों की आवाज को हमेशा उठाते रहेंगे। इस मौके पर जनक कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार एनएसयूआई जिलाध्यक्ष, अच्छे लाल महासचिव यूथ कांग्रेस, राजकुमार एनएसयूआई शहर उपाध्यक्ष, सुजीत कुमार एनएसयूआई नगर अध्यक्ष, शिवम, अरविंद कुमार, अभय कुमार , सोनू आदि लोग उपस्थित रहे।
-
दस दिनों से जरूरतमंदो की जरूरत पूरी कर रही नेकी की दीवार

नगर पालिका द्वारा संचालित रैन बसेरों में ठंड से बचने की नहीं ठंड लगने की पूरी व्यवस्था है – शम्मी


गाजीपुर। बुधवार को स्टेशन पर लगी नेकी की दीवार से सैकड़ों जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किया गया। यह नेकी की दीवार पिछले 10 दिनों से शहर के विभिन्न स्थानों पर संचालित की गई तथा ढाई हजार से ऊपर जरूरतमंद लोगों को साल, स्वेटर, कपड़ा, जूता, कंबल इत्यादि वितरित करके इस भीषण ठंड में राहत पहुंचाने का काम किया जा रहा है। आज नगर के विभिन्न स्थानों से झींगुर पट्टी, रजागंज बस्ती आदि नगर के विभिन्न स्थानों नवापुरा तथा सिकंदरपुर के लोगों को चिन्हित करके कंबल वितरित करने का काम किया गया। यह नेकी की दीवार जब तक ठंड का कहर जारी रहेगा तब तक अनवरत लोगों की सेवा करता रहेगा। कार्यक्रम के संयोजक नगर के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता विवेक कुमार सिंह शम्मी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा जरूरतमंद लोगों को किसी भी प्रकार की सहायता इस भीषण ठंड में नहीं पहुंचाई जा रही है । अलाव भी कागज पर ही चल रहा है वास्तविकता में दो चार स्थानों को छोड़कर कहीं भी अलाव की व्यवस्था नगर पालिका द्वारा नहीं की गई है ।रेन बसेरा के नाम पर सिर्फ दो या तीन जगह टेंट लगाकर छोड़ दिया गया है, जिसके अंदर ठंड से बचने की कोई भी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ज्यादा से ज्यादा की लोगों की मदद करने की व्यवस्था तत्काल की जाए जिससे गरीब लोगों को इस ठंड में राहत मिल सके। इस कार्यक्रम में मौके पर इंदीवर वर्मा, अनिल सिंह, इमरान अंसारी, अनुज यादव, मनीष पांडे, अवधेश साहू, प्रदीप बिंद, शशिकांत पांडे इत्यादि लोग मौजूद रहे।
-
राजकुमार के निधन पर शिक्षकों ने जताया शोक


गाजीपुर। उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ जिला इकाई की बैठक मंगलवार को कैम्प कार्यालय में हुई। जिसमें डॉ एमएअंसारी इण्टर कालेज में कला शिक्षक राजकुमार सिंह के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया गया। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चौधरी दिनेश चंद्र राय ने बताया कि राजकुमार एक मिलनसार, सुयोग्य कला अध्यापक व सम्भावना कला मंच के संयोजक थे ,साथ ही कला के क्षेत्र में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर,जिले को गौरवान्वित किया था। एसएम नेशनल इण्टर कालेज के पूर्व प्रधानाचार्य व प्रख्यात समाजसेवी मिर्जा असफाक बेग व राजीव मिश्रा के अनुज की पत्नी, इण्टर कालेज मलिकपुरा के राजीव मिश्रा के अनुज की पत्नी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। गतात्मा की शान्ति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गयी। शोक सभा में जिलाध्यक्ष शिवकुमार सिंह, नारायण उपाध्याय, विजय शंकर राय, डॉ रियाज अहमद, प्रकाश चन्द्र दूबे, राणाप्रताप सिंह, विजय श्रीवास्तव, जिलामंत्री प्रत्यूष कुमार त्रिपाठी, शैलेन्द्र यादव, अहद खां, अमित राय, रत्नेश राय, जयशंकर राय, रविन्द्र नाथ तिवारी, सत्येन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार वैश्य, उमेश चन्द्र राय, सूर्यप्रकाश राय, कुँवर अविनाश गौतम, दीपक खरवार, अभिषेक राय, पंकज राय, पुष्कल तिवारी, बालेश्वर राव, शाहिद भाई, जफर भाई, कार्तिकेय यादव, विनय कुमार तिवारी, ऋषिकेश आदि मौजूद थे।
-
ऐतिहासिक कार्यक्रम में होगी पुरानी पेंशन पर मंथन, सड़क पर उतरेंगे कर्मचारी

महासंघ सूप्रीमो रामलाल का आगमन कल, तैयारियां पूरी
कर्मचारी करेंगे नई कार्यकारिणी का गठन, पुरानी पेंशन पर होगा मंथन
जिला पंचायत सभागार में होगा ऐतिहासिक कार्यक्रम: बालैन्द त्रिपाठी
गाजीपुर। महासंघ के प्रान्तीय अध्यक्ष रामलाल यादव का आगमन शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार मे हो रहा है। जिसको लेकर पदाधिकारी अपनी तैयारियां पूरी कर चुके हैं। जिला इकाई का चुनाव और पुनर्गठन भी किया जाना है। वही जिला संयोजक बालेन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि जिला पंचायत सभागार में ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें हजारों कर्मचारियों की उपस्थिति होगी। कार्यक्रम में पूर्व और निवर्तमान पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है। मंगलवार को भी विभिन्न कार्यालयों का भ्रमण के दौरान कर्मचारियों को बताया जा रहा है कि केन्द्र और राज्य सरकार पुरानी पेंशन नीति बहाली को तैयार नहीं है। कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सचेत हो, पुरानी पेंशन नीति लागू करने की मांग को लेकर चरणबद्ध ढंग से आन्दोलन चलाया जाएगा। 2023 में पुरानी पेंशन बहाली की जोरदार मांग की जाएगी, आवश्यकता पड़ेगी तो कर्मचारी सड़क पर भी उतरने को मजबूर होंगे। जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि सरकार ने कर्मचारियों पर थोपी एनपीएस थोपकर गलत किया है। कर्मचारी पर जिम्मेदारियां पहले से अधिक बढ़ी है, लेकिन अधिकार लगातार छीने जा रहे हैं।
बिना आंदोलन नहीं हासिल होता अधिकार
बुढ़ापे की लाठी पेंशन का लाभ हासिल करने के लिए बिना आंदोलन हासिल नहीं होगा। कर्मचारियों को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि केन्द्र और राज्य सरकार पुरानी पेंशन नीति बहाली को तैयार नहीं है। कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए सचेत हो, पुरानी पेंशन नीति लागू करने की मांग को लेकर चरणबद्ध ढंग से आन्दोलन चलाया जाएगा। 2023 में पुरानी पेंशन बहाली की जोरदार मांग की जाएगी, आवश्यकता पड़ेगी तो कर्मचारी सड़क पर भी उतरने को मजबूर होंगे।
नई पेंशन स्कीम क्यों नहीं लेते जनप्रतिनिधि
जनप्रतिनिधियों को नई पेंशन स्कीम इतनी ही अच्छी लग रही है तो अपने ऊपर लागू कर लें। विधायक और सांसद खुद पुरानी पेंशन रहे हैं। कर्मचारियों पर नई पेंशन स्कीम थोपी गई है। जब तक मांगें पूरी नहीं होगी वे पीछे नहीं हटेंगे। राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड व पंजाब में पुरानी पेंशन नीति बहाल हो चुकी है। राज्य कर्मचारीयों को केन्द्र की भांति भत्ते, पंडित दीन दयाल उपाध्याय कैसलेश सुविधा, बाबुओं का वेतन विसंगति दूर करने, रसोईया को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने, संविदा कर्मियों को समायोजित करने, आशा बहुओं, पीआरडी, आगनबाड़ी, ग्रामीण चौकीदार, आदि को न्यूनतम 24000 एवं राज्य कर्मचारी का दर्जा देने के साथ ही चतुर्थ श्रेणी की नियुक्ति खोलने की मांगों को लेकर कार्यक्रम में मंथन किया जाएगा।
मठाधीशों की कुर्सी पर खतरा
महासंघ के पुनः सक्रिय होते ही अन्य संगठनों में उपेक्षित कर्मचारी अपने लिए महासंघ में घर तलाश रहे हैं। उधर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के दोनों गुटों में बीते कई सालों से कुर्सी पर जमे मठाधीशों को अपनी कुर्सी जाती हुई नजर आ रही है। मालूम हो कि जिले में कर्मचारी संगठनों और शिक्षकों की संख्या 25 हजार से अधिक है। स्व.डीएन लिए सिंह के समय में अधिकांश कर्मचारी एकजुट हो गए थे। जिससे अधिकारियों में भी दहशत होता था।
यह होंगे मुख्य अतिथि
महासंघ सूप्रीमो रामलाल यादव के अतिरिक्त पदम् नाथ द्विवेदी, उमेश चन्द्र श्रीवास्तव, गौरव सिंह के अलावा अन्य प्रदेश के पदाधिकारी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। -
आवश्यक सामग्री नहीं मिल पाने से विद्युत आपूर्ति में होता है व्यवधान उत्पन्न


गाजीपुर। मंगलवार को राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर संगठन शाखा की मासिक बैठक अंधऊ पावर हाउस के संगठन भवन में हुई। बैठक में मुख्य रूप से वर्तमान में विद्युत आपूर्ति तथा राजस्व वसूली और नेवर पैड पर कार्यवाही में आ रही विभिन्न प्रकार की समस्याओं के संबंध में विद्युत विभाग के अवर अभियंता व प्रोन्नत अभियंताओं ने विस्तार पूर्वक चर्चा किया। जनपद मंडल अध्यक्ष अवर अभियंता तापस कुमार द्वारा बताया गया कि वर्तमान में शासन तथा उच्च प्रबंधन द्वारा बेहतर विद्युत आपूर्ति तथा उपभोक्ताओं की शिकायत के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक न्यूनतम संसाधन जैसे डैमेज पोल, तार को बदलने हेतु आवश्यक सामग्री ,लंबी दूरी की स्पेन के बीच में लटके हुए तारों को बीच में पोल लगाने का एस्टीमेट, विभिन्न ग्रामों में अति भारीत ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का एस्टीमेट उच्च प्रबंधन को जेस के द्वारा प्रेषित किया गया है, लेकिन आवश्यक सामग्री नहीं मिल पाने के कारण विद्युत आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न होता है, उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान समय से नहीं हो पाता है। जनपद प्रचार सचिव प्रमोद कुमार द्वारा बताया गया कि प्रबंधन द्वारा नेवर पैड ,राजस्व वसूली और AT&C loss कम करने हेतु अवर अभियंताओं को अव्यावहारिक लक्ष्य दिया जा रहा है जिसको की धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक न्यूनतम संसाधन जैसे विच्छेदन गैंग, विच्छेदन के लिए चार पहिया गाड़ी और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं दी जाती है और उपकेंद्रों पर 10 दिन में 5 करोड़ वसूली का अव्यवहारिक लक्ष्य दिया जाता है जिससे अवर अभियंता मानसिक रूप से तनावग्रस्त रह रहे हैं। जनपद सचिव मिथिलेश कुमार यादव द्वारा बताया गया कि जिले में बेहतर विद्युत आपूर्ति, विद्युत दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु तथा बेहतर राजस्व वसूली हेतु अवर अभियंता संवर्ग द्वारा जिले के मुखिया अधीक्षण अभियंता को पत्र दिया गया है लेकिन अधीक्षण अभियंता द्वारा संगठन तथा अवर अभियंताओं की उपेक्षा करके उनसे वार्ता का समय निर्धारित नहीं किया जा रहा है जिससे कि आवश्यक न्यूनतम संसाधन उपलब्ध हो और समस्याओं का बातचीत के माध्यम से निराकरण हो सके, जिसके कारण जिले के अवर अभियंता तथा प्रोन्नत अभियंता संवर्ग में रोष व्याप्त हैं। बैठक में मुख्य राज्य विद्युत परिषद जेई संघटन के जिला अध्यक्ष रोहित कुमार, जेई तापस कुमार, हर्षित राय, चित्रसेन प्रसाद, शैलेंद्र कुमार ओझा, अमित गुप्ता, शशिकांत पटेल, इंजीनियर प्रेमचंद ,रामप्रवेश चौहान ,इंजीनियर अश्वनी कुमार, आशीष यादव ,अनिल , पंकज,नीरज सोनी, तारा शंकर ,इंजीनियर महबूब आलम ट्रांसमिशन के अवर अभियंता रमेश कुमार , पिंटू कुमार ,अनिल कुमार ,पंकज कुमार , जेई विजीलेंस पंकज ,प्रिंस कुमार ,राजकुमार , इंजीनियर राजन चौबे, इंजीनियर कुलदीप, एसडीओ प्रमोद कुमार सहित जिले के समस्त अवर अभियंता वी प्रोन्नत अभियंता उपस्थित रहे।
-
जब तक मांग पूरा नहीं होगा तब तक कार्य रहेगा बहिष्कार

अपनी मांगों को लेकर,विद्युत कर्मियों ने घेरा अधीक्षण अभियंता कार्यालय ।

गाजीपुर। विद्युत मजदूर पंचायत के बैनर तले मंगलवार को जिले के समस्त मीटर रीडर, संविदा कर्मी, कंप्यूटर ऑपरेटर और विद्युत कर्मचारी अपने प्रमुख मांगों को लेकर विद्युत वितरण मंडल अधीक्षण अभियंता कार्यालय लालदरवाजा पावर हाउस पर धरना दिया। जिसमें विद्युत मजदूर पंचायत के प्रदेश अतिरिक्त प्रांतीय महामंत्री निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि पिछले 4 माह से मीटर रीडरो का वेतन नहीं मिला है, ना ही अभी तक 15 महीने से स्टर्लिंग कंपनी द्वारा मीटर रीडरो का पीएफ जमा कराया है जो कहि ना कहीं अधिकारियों और ठेकेदारों की दलाली हो दर्शाती है, जो जांच का विषय है। वही संविदा कर्मी भाइयों और कंप्यूटर ऑपरेटरों का पिछले 3 महीनों से वेतन बकाया है जिसको लेकर बार-बार अधीक्षण अभियंता को नोटिस दिया गया था परंतु इनके हट रवैया के द्वारा ना ही कोई निविदा कर्मियों के बारे में सोचा ना ही किसी का अभी तक वेतन दिलवाने का इनके द्वारा प्रयास किया गया।जिससे पूरे जनपद के संविदा कर्मियों एवं मीटर रीडर, कंप्यूटर ऑपरेटरों में आक्रोश बना हुआ है। जिसको लेकर विद्युत मजदूर पंचायत अधीक्षण अभियंता कार्यालय घेरने को मजबूर हुआ। वही जिलाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने बताया की जिले के 90 प्रतिशत संविदा कर्मियों को भारत इंटर प्राइजेज फर्म द्वारा किसी को भी सुरक्षा उपकरण नही मुहैया कराया गया जिसके वजह से आए दिन संविदा कर्मियों की मौत हो रही है और विद्युत प्रबंधन कमीशन के चक्कर में आंख पर पट्टी बांध रखा है। वही कैश काउंटर पर कार्यरत टीजी 2 भाईयो को कैश बैंक में और डिविजन में ले जाने के लिए सुरक्षा की बेवस्था नही है, ना ही साधन की वेवस्था है। अगर कही पैसा की झिनैती हो जाती है तो जिम्मेदार कौन होगा। विद्युत मजदूर पंचायत मांग करता है कि जब तक सभी मीटर रीडर, संविदा कर्मी, कंप्यूटर ऑपरेटर और विद्युत कर्मियों की मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा चाहे इसके लिए भूख हड़ताल क्यों न करना पड़े। जब तक मीटर रीडरो का 3 माह का वेतन एवम 15 माह का ईपीएफ नही मिल जाता और संविदा कर्मी तथा कंप्यूटर ऑपरेटरों का पिछले 3 माह का वेतन नहीं मिल जाता तब तक कोई कार्य नही होगा। वही आए दिन ठेकेदार एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत एवं दलाली की वजह से निविदा कर्मियों की वेतन एवं ईपीएफ पर डाका डाला जाता है और सरकार आंख मिचौली कर रही है जिससे विद्युत मजदूर पंचायत कभी बर्दाश्त नहीं करेगा यह संगठन मजदूरों को हक दिलवाने के लिए जी जान से संघर्ष करता आ रहा है और संघर्ष करता रहेगा, चाहे इसके लिए कोई भी अंजाम सहना पड़े सहा जायेगा। घेराव में मुख्य रूप से विद्युत मजदूर पंचायत के जिला संरक्षक शिवदर्शन सिंह, जिला मंत्री विजयशंकर राय, मीटर रीडर संघ के जिलाध्यक्ष विनय तिवारी सहित समस्त विद्युत कर्मियों के साथ सैकड़ों मीटर रीडर, कंप्यूटर ऑपरेटर, संविदा कर्मी मौजूद रहें।
-
कोर्ट में नहीं पेश हुए मुख्तार, लेकिन बृजेश सिंह हुए हाजिर



गाजीपुर। उसरी कांड में कोर्ट में पेश नहीं हुए मुख्तार लेकिन बृजेश सिंह पहुंच गए। कुछ दिन पूर्व इस मामले में गवाह तौकीर अहमद के बयान पर जिरह हुई थी। तौकीर पहले दिए गए अपने बयान में बृजेश को पहचानने से इन्कार किया था जिस पर आज इस लिए कोर्ट में मुख्तार की गवाही अहम मानी जा रही थी। बता दें कि वर्ष 2001 में उसरी चट्टी पर हुए अपने ऊपर हमले में बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी की एमपी-एमएलए कोर्ट में मंगलवार को गवाही होनी थी लेकिन नहीं हुई। हालांकि मुकदमे के आरोपित बृजेश सिंह वकील के माध्यम से कोर्ट में पेश हुए। अब मुख्तार अंसारी के पेश न होने से कोर्ट क्या आदेश देता है वह तो कुछ देर में मालूम हो ही जाएगा। मालूम हो कि 2001 में मुख्तार के पैतृक घर युसूफपुर फाटक से मऊ विधानसभा क्षेत्र में जाने के दौरान मुहम्मदाबाद क्षेत्र के ऊसरी चटट्ी पर पहले से घात लगाए हमलावरों ने स्वचलित हथियारों से मुख्तार अंसारी की गाड़ी को छलनी कर दी थी। इस हमले में मुख्तार अंसारी के सरकारी अंगरक्षक सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। एक हमलावर भी मारा गया था। इस मामले में मुख्तार अंसारी ने बृजेश सिंह, त्रिभुवन सिंह को नामजद किया था। बृजेश सिंह जेल से जमानत पर बाहर हैं, जबकि त्रिभुवन सिंह जेल में बंद है। स्थानीय एमपी-एमएलए कोर्ट में यह मुकदमा विचाराधीन है।मंगलवार को मुख्तार के बयान न होने के कारण कोर्ट अगली तारीख क्या निर्धारित करती है यह कोर्ट पर निर्भर है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के माफिया और बाहुबली के रूप में अपनी छवि बना चुके दो हस्तियों की आज यानी मंगलवार को गाजीपुर कोर्ट में पेशी होनी थी। यह दोनों हस्ती पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और माफिया बृजेश सिंह हैं, जिनका 21 साल बाद कोर्ट में आमना-सामना होगा। पेशी के दौरान माफिया बृजेश सिंह आरोपी बनकर कटघरे में खड़ा होगा, वहीं मुख्तार अंसारी गवाह बनकर बृजेश सिंह को पहचानता। यह पेशी गाजीपुर की स्पेशल एमपी एमएलए कोर्ट में होनी थी लेकिन अब मुख्तार अंसारी का कोर्ट में ना आना चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, 21 साल पुराने उसरी चट्टी कांड में दोनों माफियाओं की अदालत में पेशी होनी थी लेकिन, मुख्तार अंसारी का बांदा जेल से न आना कोहरे का कारण बताया जा रहा है। बृजेश सिंह के पेशी के दौरान कोर्ट परिसर के आस पास भारी संख्या में पुलीस फोर्स मौजूद रही।





