-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
डीएम ने किया ईवीएम गोदाम का निरीक्षण



गाजीपुर।जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार द्वारा जिला निर्वाचन कार्यालय, गाजीपुर स्थित ईवीएम गोदाम का माह अगस्त के लिए मासिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, गोदाम की साफ-सफाई, रख-रखाव, मशीनों की स्थिति तथा गोदाम में लागू सुरक्षा मानकों की गहनता से समीक्षा की गई। निरीक्षण के समय दिनेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) गाजीपुर, विपिन कुमार सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता गाजीपुर, देवी प्रसाद सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी गाजीपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
-
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल पर समाजसेवी का आरोप, दिया पत्रक, हुआ बेहोश

गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र अर्द्धशासकीय मेडिकल कॉलेज को लेकर समाजसेवी कुंवर वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया है कि कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा ने उनके जिला अस्पताल में प्रवेश पर रोक लगा दी है।

इसी मामले को लेकर आज कुंवर वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में सैकड़ो की संख्या में लोगों ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को पत्रक सौंपकर न्याय की मांग की।

मालूम हो कि कुंवर विरेंद्र सिंह लंबे समय से लावारिस शवों का पोस्टमार्टम कराने और उनका धार्मिक रीति से अंतिम संस्कार कराने का काम करते आ रहे हैं। वे गरीब और असहाय मरीजों की मदद, रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

पत्रक के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने बताया कि प्राचार्य के इस निर्णय से अस्पताल के कर्मचारियों और मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं में भारी नाराजगी है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से इस मामले की जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्राचार्य का यह आदेश वापस नहीं लिया गया तो वे कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे। इसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।

एक दिन पूर्व रक्तदान कर चुके समाजसेवी कुंवर वीरेंद्र सिंह पत्रक देने के दौरान बेहोश हो गए। जिन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया। मालूम हो कि समाजसेवी कुंवर वीरेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री समेत तमाम दिग्गजों द्वारा उनकी समाज सेवा के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है।

प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से विवेक कुमार सिंह शम्मी, संजय सिंह, निर्भय नारायण सिंह, विनीत दुबे, संजीव सिंह बॉबी, शैलेंद्र सिंह, मंटू राय, पंकज राय, सभासद साहबान अली, सभासद सोमेश मोहन राय, सभासद परवेज, कंचन रावत, मधु यादव, अमित विश्वकर्मा, छात्र नेता दीपक उपाध्याय, सुधांशु तिवारी, शीर्षदीप, निशांत सिंह, सुधांशु बलवंत, शशिकांत सिंह, दीपक सिंह, पंकज गुप्ता, रजनीश मिश्रा आदि सैकड़ो की संख्या में लोग मौजूद रहे।



-
पूरे प्रदेश में 2425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों को मिला नियुक्ति पत्र





गाजीपुर।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा संचालित पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित मुख्य सेविकाओं एवं फार्मासिस्टो का नियुक्ति वितरण कार्यक्रम लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर कमलो द्वारा सम्पन्न हुआ। पूरे प्रदेश में 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्टों को नियुक्त पत्र दिया गया। इस अवसर पर विकास भवन सभागार में लाईव प्रसारण के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा व सुना गया। जिसमें प्रदेशभर में हजारों अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नियुक्तियाँ प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति देंगी।
जनपद स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम विकास भवन सभागार में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत,विशिष्ठ अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल के कर कमलो द्वारा किया गया। जिसमें जनपद की 63 आत्मनिर्भर महिलाओ को मुख्य सेविका के पद पर नियुक्त होने पर नियुक्ति पत्र उनके हार्थो में दिया गया। नियुक्ति पत्र पाकर महिलाओं के चहरे खिल उठे, जैसा मानो वो मुख्यमंत्री को कोटि-कोटि धन्यवाद दे रही हो।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सभा सांसद अपने संबोधन में कहा कि यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्राउंड स्तर पर महिलाओं और बच्चों के विकास में सहायक होगी। उन्होने बताया कि महिला एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग में लम्बे समयान्तराल पर नियुक्तियॉ हुई है। आज उसका नियुक्ति पत्र प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से वितरित किया गया है। जिसमें जनपद स्तर पर 63 मुख्य सेविका को नियुक्त पत्र वितरण करते हुए उन्हे बधाई दी तथा शुभकामाना के साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होने बताया कि पूरे प्रदेश में 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 13 फार्मासिस्टो को पूरी पारदर्शिता एवं योग्यता के आधार पर चयनित कर नियुक्ति पत्र दिया गया है। जो सरकार की उपब्धियों को दर्शाता है। आज उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री एवं पूरा देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ईमानदारी व कर्मठता के साथ विकसित भारत के तरफ बढ़ रहा है। उन्होने सभी आत्मनिर्भर बहनो से इस विकसित भारत में अपनी भूमिका का निर्वहन करने का आग्रह किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने अपना संबोधन व्यक्त करते हुए कहा कि यह भर्ती बाल विकास पुष्टाहार विभाग में बड़े पैमाने पर हुई है,इसके माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को एक बड़ा रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। उत्तर प्रदेश सरकार अपने मिशन रोजगार के तहत लगातार रोजगार के अवसर प्रदान कर रही है, इस नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से प्रदेश में लगभग आठ लाख लोगों को पहले ही सरकारी नौकरी मिल चुकी है।
नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नव चयनित मुख्य सेविकाओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। परियोजना निदेशक दीनदयाल वर्मा द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, समस्त सी0डी0पी0ओ0 एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। -
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

गाजीपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के नियाजी मोहल्ले में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विशेश्वरगंज चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी ने बताया कि 37 वर्षीया विवाहिता का शव फंदे से लटकता पाया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई, जिसकी शादी राणा अरविंद यादव से हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मायका पक्ष के लोगों का आरोप है कि पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध चल रहा था, जिसको लेकर आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि तहरीर के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले की जांच करेगी।
-
अखिल भारतीय अटल बिहारी वाजपेयी पुरस्कार से सम्मानित हुए डा.विजयानन्द

मध्य प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपए और सम्मान पत्र प्रदान कर किया सम्मानित

गाजीपुर। हिंदी के सुपरिचित साहित्यकार डॉ. विजयानन्द को साहित्य अकादमी, मध्य प्रदेश सरकार ने एक लाख रुपए के अखिल भारतीय अटल बिहारी वाजपेयी पुरस्कार से सम्मानित किया है।
जिले के मनिहारी विकासखंड के बखरा गांव के मूल निवासी डा. विजयानन्द को यह विशेष पुरस्कार हिंदुस्तानी एकेडेमी, प्रयागराज से प्रकाशित उनकी पुस्तक ‘ कोरोना तथा अन्य कविताएं ‘ पर भोपाल में मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय उद्घोषक सुशील दोषी, संचालक नामदेव जी और निदेशक विकास दवे ने संयुक्त रूप से प्रदान किया ।
उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, लखनऊ के दो पुरस्कारों सहित उन्हें हिंदुस्तानी एकेडेमी का दो लाख रुपए का भारतेंदु हरिश्चंद्र सम्मान 2019 में प्राप्त हो चुका है।
ज्ञात हो कि डॉ० विजयानन्द विभिन्न संस्थाओं में सचिव, महामंत्री, निदेशक रिसर्च फाउंडेशन, सं.इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, का०अध्यक्ष- अखिल भारतीय साहित्य परिषद, प्रयागराज,अध्यक्ष -काशी प्रांत,राष्ट्रीय अध्यक्ष-विश्व हिंदी महासभा, नई दिल्ली जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं तथा हिन्दी साहित्य की लगभग सभी विधाओं में 54 मौलिक, अनुदित,संपादित कुल 85 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, मारीशस, मलेशिया, फिजी आदि अनेक देशों के काव्य संग्रहों, पत्र-पत्रिकाओं में उनकी रचनाएं प्रकाशित होती रही हैं। अमेरिकन रिसर्च इंस्टीट्यूट के सलाहकार रहे विजयानन्द जी को भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, सयुक्तराष्ट्र विश्वविद्यालय, जापान, नेपाल सरकार सहित कई देशों से पुरस्कृत और सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में वे वैश्विक हिंदी महासभा के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
वैश्विक हिंदी महासभा, अखिल भारतीय हिंदी परिषद, भारत के राष्ट्रीय व प्रादेशिक पदाधिकारियों तथा गाजीपुर के बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों ने उन्हें इस सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी है। -
तीज महोत्सव पर भूमिहार समाज की महिलाओं ने प्रस्तुत किया मनमोहक कार्यक्रम


तीज महोत्सव पर महिलाओं ने प्रस्तुत किया मनमोहक कार्यक्रम
सामाजिक सौहार्द्र और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक भी है डा राजलक्ष्मी राय
गाजीपुर। महिला भूमिहार समाज की महिलाओं द्वारा पारंपरिक त्यौहार हरियाली तीज के उपलक्ष्य में होटल ग्रैंड प्लेस चुंगी पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नारी शक्ति को एक मंच प्रदान करना तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुवात दीप प्रज्वलन डा शकुंतला राय , डा रजनी राय, डा विनिता राय , गीता राय नीलम राय , साधना राय ने किया ।
शैलवी राय ने गणेश स्तुति के साथ कार्यक्रम को आगे बढाया । सर्वप्रथम आये हुए अतिथिगण का सम्मान माल्यार्पण और अंगवस्त्रम देकर किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीत, पारंपरिक नृत्य कजरी ढोलक की थाप पर महिलाये थिरकी । विविध कार्यक्रमों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। महिलाओं ने हरा पारंपरिक परिधान पहन कर तीज की रौनक को और भी बढ़ा दिया।
डां शकुंतला राय ने अपने उद्बोधन में महिलाओं की सहभागिता और आयोजन की सराहना करते हुए कहा, “ऐसे आयोजन समाज में एकता, सहयोग और संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
महिला भूमिहार समाज की संस्थापिका डा राजलक्ष्मी राय ने उपस्थित लोगो कौ धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा ^ यह आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि सामाजिक सौहार्द्र और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम मे एकल नृत्य , सामूहिक नृत्य और तीज गीतों के साथ हुआ, लोकगायिका रंजना राय ने ” पिया मेंहदी लगा द मोतीझील से जात साइकिल से “: सावन झरी लागे ओ धीरे धीरे, पूनम राय ने भी गीत गाया।इनके गीत से माहौल को खुशनूमा बना दिया । जिसमें सभी उपस्थित महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम मे महत्वपूर्ण भूमिका प्राची , रंजना , अर्चना, गायत्री राय ने किया।
कार्यक्रम का संचालन डा ऋचा राय ने किया।
पूनम सिंह , प्रतिमा सरोज , किरन , वंदना , अर्चना, रंजना , प्राची , गायत्री, शिल्पी , विजयलक्ष्मी ,आरती, भारती अनामिका, अनूप, प्रियंका आदि उपस्थित रही।
-
वेलफेयर क्लब द्वारा राधा-कृष्ण,रूप सज्जा प्रतियोगिता का हुआ भव्य आयोजन











गाजीपुर।वेलफेयर क्लब के तत्वावधान में कजरी महोत्सव के अंतर्गत जनपद स्तरीय राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन रामदूत इंटरनेशनल स्कूल के सौजन्य से लहुरी काशी पैलेस में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतियोगियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस प्रतियोगिता में कक्षा एल.के.जी. से कक्षा 4 तक के नन्हें-मुन्नें छात्र-छात्राओं ने राधा–कृष्ण की मनोहारी झांकियों का ऐसा अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया मानो गाजीपुर की धरती पर स्वर्ग उतर आया हो। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण का रूप धारण कर प्रस्तुत की गई झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। ढेर सारे बच्चों ने समूह नृत्य भी प्रस्तुत किया। जिसमें मटकी फोड़ को बहुत सराहा गया।प्रतियोगिता में कुल 378 जोड़ों ने भागीदारी की।
इस अवसर पर माँ कँवलपति हॉस्पिटल एवं मेटरनिटी सेंटर की निदेशक डाॅ. बीती सिंह मुख्य अतिथि तथा रामदूत इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य अंगद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने समस्त प्रतिभागियों की आरती उतार कर उन्हें मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
डाॅ. बीती सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वेलफेयर क्लब जिले की एकमात्र ऐसी संस्था है जो नौनिहालों से लेकर विभिन्न आयु वर्ग के छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है। आज की प्रतियोगिता में दूर-दराज़ से आए प्रतिभागी बच्चों ने यह साबित कर दिया कि क्लब का प्रयास पूर्णतः सफल और सार्थक है।
उन्होंने क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को साधुवाद दिया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका कविता जायसवाल,अर्पणा खरे एवं रंभा गुप्ता ने निभाई।
प्रतियोगिता परिणाम की घोषणा क्लब सचिव रामनाथ कुशवाहा एवं अभिषेक सिंह द्वारा की गई। निर्णायक मंडल के निर्णयानुसार
प्रथम स्थान पर पाविका एवं शिवांश एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, मीरानपुर, सुभिक्षा एवं धानवी सूरज इंटरनेशनल स्कूल, कासिमाबाद,
वैष्णवी कसौधन एवं दिव्यांशी मार्टर मेमोरियल स्कूल, जंगीपुर,
काव्या एवं अथर्व मार्टिन्स चिल्ड्रेन एकेडमी, भांवरकोल, अनन्या गुप्ता एवं अन्वी गुप्ता चंदनी पब्लिक स्कूल, सुरतापुर, शानवी श्रीवास्तव एवं आध्विक मांटेसरी स्कूल, आराध्या एवं आयुष संत कबीर पब्लिक स्कूल, तुलसीसागर, अक्षत गुप्ता एवं आदविक तिवारी रामदूत इंटरनेशनल स्कूल, मिश्रवालिया रहे।
द्वितीय स्थान पर सुहानी एवं अंकिता सत्यदेव इंटरनेशनल स्कूल, प्रिंशॉ राज एवं प्रतीक अवध इंटरनेशनल स्कूल, फिरोजपुर,
आरती एवं अर्पित सनराइज पब्लिक स्कूल, जंगीपुर, भूमि एवं लाडो गौरी शंकर पब्लिक स्कूल, नीशू एवं युगांत केजीएन पब्लिक स्कूल, तुलसीसागर, गौरी गुप्ता एवं रागिनी गुप्ता एस.एन.के. कॉन्वेंट स्कूल, आलमपट्टी। तृतीय स्थान पर आयुषी एवं दिव्यांश आदर्श शंकर इंटर कॉलेज, महाराजगंज रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं निर्णायक मंडल सदस्यों का स्वागत जनपद गवर्नर पवन पांडे एवं महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सुषमा यादव ने किया। महिला प्रकोष्ठ की सदस्य खुशबू वर्मा ने सभी अतिथियों एवं निर्णायकों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में शामिल सभी बाल-प्रतियोगियों को क्लब की ओर से केक एवं चिप्स वितरित किए गए। आयोजन को सफल बनाने में प्रतीक यादव, सत्य प्रकाश तिवारी, विनोद मिश्रा, मनोज गुप्ता, सत्यदेव दुबे, अजय यादव, चंदन एवं चुन्नू का विशेष सहयोग रहा। -
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जिला पंचायत राज अधिकारी ने दिलाई शपथ

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के ब्लाक इकाई अध्यक्ष, मंत्री , कोषाध्यक्ष ,संगठन मंत्री ,सम्प्रेक्षक लेखाकार चुने जाने पर जिला महामंत्री अजय कुशवाहा के नेतृत्त्व में शनिवार को जिला पंचायत सभागार में सभी ब्लाक इकाई का शपथ ग्रहण व सम्मान समारोह किया गया। जिसके मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय, बिशिष्ट अतिथि अपर जिला पंचायत राज अधिकारी निलेन्द्र सिंह ने पदाधिकारियों को शपथ दिलायी। उन्होने कहा कि संगठन के प्रति आप लोग ईमानदारी से कार्य करें ताकि कर्मचरियों से साथ दुर्व्यवहार न हो सके |

डीपीआरओं ने संगठन के पदाधिकारियों से कहा कि ग्राम पंचायतो को साफ सुथरा करना ही आप सबकी पहली प्राथमिकता होगी और गांवो में साफ सफाई का ध्यान में रखते हुए अपने मूल कर्तव्यो का पालन करें | एडीपीआरओं निलेन्द्र सिंह ने कहा की जिले स्तर पर जो भी आप लोगों की जायज मांगें है उसे जल्द ही पूरा कराया जायेगा | इसके साथ ही प्रदेश स्तर की जो भी मांगे होगी पत्र के माध्यम से शासन को अवगत कराया जायेगा |इस मौके पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुरेन्द्र यादव ने सभी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण की बधाई दी | विकास खंड मनिहारी के ब्लाक अध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने दिव्यांग, गंभीर बिमारीसे ग्रसित , पति पत्नी का स्थानांतरण जो काफी दूरस्त किया गया है।

उसके निवास स्थान से पांच से दस किमी की दुरी पर संधोधन कराया जायेगा | इस कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी पंचायत शिवप्रकाश त्रिपाठी , सचिव शशीप्रकाश राय ,ग्राम विकास संघ जिला अध्यक्ष बैजनाथ तिवारी, कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बालेंद्र त्रिपाठी, मुक्तेश्वर श्रीवास्तव , ब्लाक अध्यक्ष हंसराज कुशवाहा, , राजेश यादव , राकेश मोहन,जितेन्द्र गोड ,उदय प्रसाद , सुरेश यादव , अंजनी यादव , शंकर वर्मा , अनिल यादव , विशाल कुमार , राजन यादव , आलोक चौबे , मंजय ,पंकज यादव , श्याम नरायन राम , राजेश कुशवाहा ,गामा ,हरिश चाँद , अजीत मौर्य , प्रेम चाँद चौधरी ,राम नरायन , महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष संतोषी राय ,प्रदेश अध्यक्ष सुनीता यादव,पूर्णिमा रावत ,

पूनम ,दुर्गा ,मीना ,साधना ,सुमित्रा ,जानकी देवी ,सीमा , सीमा खरवार , रामप्रवेश गौतम ,सूरज कुमार ,चन्द्र शेखर ,आदि लोग उपस्थित रहे। अध्यक्षता भदौरा ब्लाक अध्यक्ष राम सिंघासन राम, कार्यवाहक अध्यक्ष राम नगीना यादव ,ईश्वर यादव व संचालन पूर्व ब्लाक अध्यक्ष कासिमाबाद अनिल कुमार ने किया।
-
सरकार युवाओं के भविष्य को लगातार कर रही मजबूत: मंत्री असीम अरुण

गाजीपुर। बाबा साहब डा भीम राव अम्बेडकर से जब पूछा गया कि आपका धर्म क्या है तो उन्होंने कहा था मै भारतीय हूं। और युवा साथियों से आह्वान है कि बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने जिस सामाजिक न्याय की शुरुआत की थी वह अब महत्वपूर्ण चरण में है उसका एक अलग चरण चलने वाला है। यह बात शनिवार को नगर के वंशी बाजार स्थित रायल पैलेस में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उ प्र सरकार के समाज कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय का जो संदेश भारत के संविधान के माध्यम से दिया उसके बाद जितने देशों के संविधान बनाए गए उसमे सामाजिक न्याय के अंश को दुनिया के देशों ने शामिल किया है।

मंत्री ने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक न्याय की जो व्यवस्था संविधान में दिए है वह संविधान का मूल है वह कभी बदला ही नही जा सकता है। उन्होंने अपना जीवन परिचय देते हुए कहा कि मेरे पिताजी जिन संघर्षों से आगे बढ़े थे उसमें शिक्षा की बहुत बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सब केवल नौकरी के लिए मोहताज नहीं रहना, बिजनेस के तरफ भी ध्यान देने की जरूरत है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पर्याप्त व्यवस्था हमें बढ़ने के लिए दिया है।

मुख्यमंत्री रोजगार योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा की सरकार युवाओं के भविष्य को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि अत्याचार और भेदभाव को स्वीकार नहीं करना है। छात्रवृत्ति से कोई बच्चा छूटेगा नहीं यह प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की गारंटी लेकर मैं आया हूं।और रूकी हुई छात्रवृत्ति शीघ्र ही आप सभी के खाते में जाएगी। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहां हम कानून से चलने वाले हैं लेकिन कमजोर नहीं है।

अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष शैलेश कुमार ने मंत्री का स्वागत स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्र से करते हुए कहा कि बाबा साहब हमारे लिए भगवान स्वरूप तथा मा मंत्री असीम अरुण कांशीराम के द्वितीय रूप है। भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने उपस्थित लोगों का धन्यवाद आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर छात्रावास के छात्रो ने मंत्री जी मुलाकात किया। मंत्री का बडे माला से भी अभिनन्दन किया गया।
अध्यक्षता शैलेश कुमार एवं संचालन मारकंडेय गौतम व पुनवासी राम ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम का शुरुआत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, संत रविदास, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर वंदेमातरम् गीत से तथा समापन राष्ट्र गान से हुआ।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, कृष्ण बिहारी राय, अभिनव सिन्हा प्रो शोभनाथ यादव,,प्रवीण सिंह,दयाशंकर पांडेय, अवधेश राजभर,जमुना राम चौधरी, ओमप्रकाश राम, काशी क्षेत्र अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष अजीत रावत, रामराज बनवासी, अच्छेलाल गुप्ता, सुरेश बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, पंकज सिन्हा,मदन कुमार, राममूर्ति बांसफोर,राजेश सोनकर, विप्लव रावत, देवचंद्र, बबलू राम,सरोज भारती सहित आदि अन्य छात्र व युवा उपस्थित थे।
-
आदिवासी और भोजपुरी संस्कृति पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का हुआ आयोजन

गाजीपुर। शनिवार को ‘परंपराओं का पुनः प्रतिष्ठापन भारत एवं विदेशों में आदिवासी और भोजपुरी संस्कृति के परिप्रेक्ष्य’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का शुभारंभ लंका मैदान हॉल में हुआ। प्रथम सत्र का शुभारंभ मॉरीशस से पधारी डॉ सरिता बुद्धु, तुर्की की प्रोफेसर स्मिता जैसल, अमेरिका से डॉ माइकल बोलोन, लीबिया के प्रोफेसर अनिल प्रसाद के द्वारा हुआ। जीवनोदय शिक्षा समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर रामनारायण तिवारी एवं सचिव डॉ जितेंद्र नाथ राय ने उपस्थित प्रबुद्धजनों का स्वागत माल्यार्पण प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्रम से किया। इसके पूर्व सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ प्रोफेसर रामनारायण तिवारी ने संगोष्ठी की शुरुआत करते हुए वर्तमान वैश्वीकरण के दौर में भारत एवं विदेशों में आदिवासी और भोजपुरी संस्कृति के पुनः प्रतिस्थापन हेतु अकादमी विमर्श और चर्चा की आवश्यकता बताई।

विषय प्रवर्तन करते हुए रामपुर से आए प्रोफेसर पुष्कर मिश्रा ने परंपरा की व्याख्या करते हुए कहा की परंपरा पश्चिम की ट्रेडीशन का पर्याय नहीं है। परंपरा से आशय है जो निरंतर प्रवाहमान है और समय के साथ परिवर्तित भी होती रहे। भारतीय परंपरा भूत, वर्तमान और भविष्य तीनों को बांधने वाली है। प्रोफेसर अनिल प्रसाद ने सेमिनार के विषय पर विस्तृत बीज वक्तव्य देते हुए कहां की मनुष्य परंपराओं का वाहक है, वही समय-समय पर परंपराओं में हस्तक्षेप कर परिवर्तन भी करता रहता है। परंपराएं प्राचीनता और आधुनिकता दोनों का मेल कराती हैं।

भाषा ही स्मृति और अस्तित्व की वाहक है। अंतर्राष्ट्रीय परिवेश में अपनी पहचान बनाने के लिए अपनी परंपराओं को खारिज या लुप्त होने से बचाने के लिए पुनः स्थापना समय की आवश्यकता है। प्रोफेसर पीके मिश्रा ने परंपराओ की पुनर्स्थापना कैसे किया जाए इस पर अपनी बात रखी जबकि हिमांशु उपाध्याय ने आगाह किया कि यदि हम अपनी परंपराओं की रक्षा नहीं कर पाएंगे तो हमारा समाज, देश व व्यक्ति की पहचान भी लुप्त हो जाएगी। प्रोफेसर एस एन उपाध्याय ने कहा की परंपरा जीने की चीज है सिद्धांत की नहीं।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रख्यात साहित्यकार नीरजा माधव ने भोजपुरी की स्थानीयता पर विशेष प्रकाश डाला। आपने भोजपुरी समाज की महिलाओं के व्यवहार एवं संस्कारों के माध्यम से भोजपुरी संस्कृति की रक्षा और प्रसार के बारे में सबको अवगत कराया। प्रथम सत्र का सफल संचालन डॉ जयशंकर सिंह तथा आभार ज्ञापन प्रोफेसर राघवेंद्र पांडे जी ने किया ।

इस अवसर पर स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज के राजनीति शास्त्री डॉ नर नारायण राय की पुस्तक ‘शासन से स्वशासन तक- मेयर’ का विमोचन भी हुआ। इस अवसर पर जीवनोदय शिक्षा समिति द्वारा विशिष्ट पुरस्कार एवं सम्मान भी प्रदान किया गया। प्रोफेसर देवेंद्र कुमार, प्रोफेसर आफताब जैसल, डॉ विश्वनाथ मिश्र, डॉ रंजन चौरसिया, डॉ अक्षय पांडे, डॉ मनोज सिंह आदि को शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया जबकि असितांग कुमार सिंह को बेस्ट स्टूडेंट अवार्ड दिया गया। इस अवसर पर सुश्री बिजली रानी, पुनेश जी पार्थ, राजीव कुमार ओझा, ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, नरेंद्र नीरव, डॉ वैभव सिंह, प्रो बलिराज ठाकुर आदि लोक कलाकारों एवं साहित्यकारों को भी सम्मानित किया गया।

सेमिनार के दूसरे सत्र के दौरान प्रोफेसर आशीष त्रिपाठी, डॉ सुनील कुमार पाठक, प्रोफेसर विश्वनाथ मिश्र, प्रोफेसर प्रभाकर सिंह, डॉ संतन कुमार राम आदि ने अपना विचार व्यक्त किया। वक्ताओं ने परंपराओं की पुनर्स्थापना की चुनौतियों पर बात रखते हुए कहा कि हमें अपनी सिर्फ आधुनिक और समय की मांग के अनुरूप की परंपराओं को ही पुनःस्थापित करना है। जो परंपराएं अमानवीय हैं, जो असामाजिक हैं, और लोकतांत्रिक हैं उन्हें भुलाना ही उचित होगा। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता प्रोफेसर रमाकांत सिंह एवं संचालन डॉ निरंजन कुमार यादव एवं आभार ज्ञापन डॉ शिव कुमार ने किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ अशोक कुमार सिंह, प्रोफेसर सानंद सिंह, प्रोफेसर संजय चतुर्वेदी, प्रोफेसर रवि शंकर सिंह, काजी फरीद आलम, डॉ राकेश पांडे, डॉ उमा निवास मिश्रा, प्रोफेसर अनिता कुमारी, संयोजक शेर खान, डॉ घनश्याम सिंह कुशवाहा, डॉ संतोष सिंह, डॉ ऋचा राय, डॉ इकलाख खान, छत्रसाल सिंह, खुशबू यादव के साथ साथ तमाम प्रदेशों से आए लोक कलाकार, प्राध्यापक और शोधार्थी उपस्थित रहे। सेमिनार के प्रथम दिन सांस्कृतिक संध्या के दौरान कवि सम्मेलन एवं लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पवन बाबू जी के नेतृत्व में जारी रहा।








