-
शाह फैज स्कूल के छात्र छात्राओं का वार्षिक परीक्षाफल घोषित

गाजीपुर। सोमवार को शाह फैज विद्यालय प्रांगण में वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना व दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने विशेष प्रार्थना की साथ ही सभी को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व भविष्य में और भी मेहनत करने की सलाह दी। उसके पश्चात् कक्षा PG से कक्षा 9 व 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया।

प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ ने वार्षिक रिपोर्ट में बताया कि इस वर्ष कुल 2285 छात्र -छात्राएं वार्षिक परीक्षा में सम्मिलित। 199 कक्षा 12 व 231 कक्षा 10 की सी बी एस सी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनका परिणाम प्रतीक्षारत है। वार्षिक परीक्षा का परिणाम 99.5 % रहा। कक्षा PG से शुजा आरफीन एवं अफ्फान ख़ान ,कक्षा एलकेजी से मोहम्मद आरिफ़, शान्वी सिंह, ज़ैनब ख़ान व ऋषभ गौतम ,यूकेजी से सौम्य पांडेय , पंखुड़ी केडिया ,अरशान अहमद, अवनीश पाल एवं आकिफा फातिमा ब्राइट स्टार घोषित किये गए।

कक्षा 1 से 5 में निशांत राय ने 99 9 % , कक्षा 6 से 8 में स्वरित कुमार राय एवं आफ़िया शफ़क़त 97.71 व कक्षा 9 से 11 में पहल कुशवाहा ने 97.80 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय में कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग में सर्वश्रेष्ठ बालक व बालिका की उपाधि दी गयी। कनिष्ठ वर्ग से कक्षा 5 के निशांत राय व ज़ैनब अमानी व वरिष्ठ वर्ग से कक्षा 8 के स्वरित कुमार राय व कक्षा 9 से जुनैरा मसूद को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बालक व सर्वश्रेष्ठ बालिका की उपाधि दी गयी।

विद्यालय की निदेशिका डॉ मीना अधमी ने भी सभी छात्र-छात्राओं को वार्षिक परीक्षा फल की बधाई दी व अपने माता-पिता व गुरुजनों को धन्यवाद देने को कहा क्योंकि यही वो लोग हैं जिनकी सहायता के बिना कुछ भी संभव नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि हमें सीखना कभी नहीं बंद करना चाहिए। विद्यालय की मैनेजर मैडम अतिआ अधमी ने भी सभी को वार्षिक परीक्षाफल की शुभकामनायें दीं।


इस कार्यक्रम में सभी छात्र छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी , निदेशिका डॉ मीना अधमी, वित्तीय एवं शैक्षणिक सलाहकार शमा अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, परीक्षा नियंत्रक हनीफ अहमद, मुख्यअध्यापिका चंदना श्रीवास्तव, प्री-प्राइमरी इंचार्ज प्रियंका सिंह, माधुरी पांडेय , सुनंदा एवं अन्य शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम की साज सज्जा नुज़हत नसीम , आमना ओबैद , सिमरन जायसवाल, अंकिता दुबे एवं उमेश ने की। कार्यक्रम में गीत की प्रस्तुति शान कुशवाहा व शगुन कुशवाहा तथा अन्य ने की जिसका संगीत श्याम कुमार शर्मा व गिरधर शर्मा ने दिया।। कार्यक्रम का सञ्चालन उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी, मुख्याध्यापिका चंदना श्रीवास्तव एवं प्रियंका सिंह ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।



-
12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन

12 से 23 फरवरी तक होगा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन



गाजीपुर। गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वाधान में 4 फरवरी को अरोरा फाउंडेशन महुआबाग में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया । गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के प्रेसिडेंट अभिषेक सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता 12 फरवरी से 23 फरवरी तक गाजीपुर क्रिकेट एकेडमी के तत्वधान में प्रथम स्वर्गीय श्री नारायण सिंह (पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष) एवं स्वर्गीय श्री अजीत कुमार सिंह स्मारक ऑल इंडिया कैश मनी क्रिकेट (G 20-20) प्रतियोगिता का आयोजन होना है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न स्थानों की कुल 8 टीम प्रतिभागी होंगी। जिसमें रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, बोर्ड ट्राफी के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।यह आयोजन जनपद में पहली बार वृहद स्तर पर किया जा रहा है।
-
राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

राष्ट्रपति से मिले डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चे

गाजीपुर। राष्ट्रपति भवन में आयोजित बाल दिवस पर नगर के डालिम्स सनबीम स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की और अपने मन की जिज्ञासा को दूर किया। राष्ट्रपति से संवाद कर बच्चे काफी प्रफुल्लित हैं। राष्ट्रपति ने भी उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी हिस्सा लेने की सीख दी। इस दौरान राष्ट्रपति भवन व संसद भवन का भी भ्रमण किया। यह जिले के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रपति भवन के सेंट्रल हाल में आयोजित बाल दिवस पर कार्यक्रम के लिए जिले के सनबीम स्कूल के बच्चों का चयन किया गया था।
स्कूल की डायरेक्टर एकता अखंड राय, शिक्षक कमलेश सिंह के साथ छात्र अभ्युदय प्रताप, निवेदिता प्रधान, आदर्श राय व सौम्या राय कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। बच्चों ने बताया कि राष्ट्रपति प्रोटोकाल तोड़कर उनके बीच आ गयीं और संवाद किया। अभ्युदय प्रताप व निवेदिता ने राष्ट्रपति से पूछा कि आपको महामहिम के पद पर आने के बाद कैसा लगा? तो उन्होंने जवाब दिया बिल्कुल, बहुत अच्छा लगा। फिर बच्चों ने सफल होने के बाद कैसा महसूस करतीं हैं। जवाब दिया सफलता का कोई अंत नहीं है। राष्ट्रपति ने सीख दी कि आप बच्चे आगे बढ़ते जाइए। आपका बचपन कैसा के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं भी आपकी तरह बगीचों और मिट्टी में खेला करती थीं। आज की तरह अच्छे स्कूल नहीं थे। उन्होंने बच्चों को मेहनत की सीख दी। साथ ही शिक्षकों से बच्चों को रोचक तरीके से शिक्षण कार्य कराने के साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया। -
डीएम ने की बैठक,दिया निर्देश

गाजीपुर। जिला उद्योग बन्धु एवं स्वरोजगार बन्धु की बैठक गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी एम पी सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुआ।इस बैठक में जिलाधिकारी ने मण्डी समिति दुल्लहपुर की जमीन अन्य़त्र स्थानान्तिरित किए जाने हेतु निस्तारण का निर्देश , व्यापारियो के समस्याओ के समाधान, उद्यमी वशिष्ट सिंह यादव के विद्युत बिल भुगतान प्रकरण के समाधान, औद्योगिक आस्थान नन्दगंज में सड़क , नाली , बाउण्डरीवाल निर्माण, निवेश मित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री रोजगार/युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद,पी एम सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार, आजीविका मिशन,पी एम स्वनिधि योजना एवं अन्य बिन्दूओ पर समीक्षा कर उद्यमियो के समस्याओ पर चर्चा की गयी तथा सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतो के निस्तारण का निर्देश दिया ।उद्यमी एस के दूबे ने सुखदेवपुर चौराहे से गाजीपुर घाट तक के 800 मीटर मार्ग जो बिल्कुल क्षतिग्रस्त है को सही कराने का अनुरोध एंव व्यापार मण्डल के विजय शंकर वर्मा ने रौजा से एम ए एच इण्टर कालेज तक जर्जर के बारे मे अवगत कराया । जिस पर जिलाधिकारी ने समन्धित अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी उधोगों के विकास में बैंको से अधिकाधिक सहयोग प्राप्त किये जाने के सम्बन्ध मे जिला अग्रणी प्रबंधक से अपेक्षा की। उद्यामियों के शिकायतो को सम्बन्धित अधिकारियों को समय से निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर उघमी बशिष्ठ सिंह यादव, ए0के0दुबे अध्यक्ष ईट भठ्ठा एसोसिएशन एवं अन्य उद्यमी एंव व्यापार मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित थे।
-
जिला खेल विकास प्रोत्साहन समिति की सीडीओ ने की बैठक


गाजीपुर। जिला खेल विकास प्रोत्साहन समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला खेल विकास प्रोत्साहन समिति गाजीपुर में अधिक से अधिक धनवृद्धि हेतु उपाय एवं संसाधनों पर विचार किया गया । तहसील स्तर पर खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति के गठन हेतु जिला युवा कल्याण अधिकारी को जल्द से जल्द कराने हेतु निर्देशित किया गया । राष्ट्रीय एकता दिवस के उपल्क्ष पर एक जिला स्तरीय प्रतियोगिता का निर्णय लिया गया । नवीन स्टेडियम छावनी लाईन गाजीपुर में क्रिकेट पिच का निर्माण एवं मिट्टी के कार्य हेतु बैठक में निर्णय लिया गया । बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रामनगीना यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश सिंह, उपायुक्त उद्योग प्रवीण कुमार मौर्य, दिव्यांगजन अधिकारी पारसनाथ यादव, जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी नम्रता सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी सदर आलोक कुमार, बी0ओ0 पी0आर0डी0 ऑचल सिह, जिला ओलम्पिक संघ के सचिव अमित राय, जिला व्यायाम शिक्षक अश्वनी राय, एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, कुश्ती संघ के सचिव कमलेश यादव एवं फुटबाल के वरिष्ठ खिलाड़ी मु0 मोईन, खो-खो प्रशिक्षक राधेश्याम सिंह यादव उपस्थित रहें।
-
“आकांक्षा हाट”का हुआ आयोजन,सपना सिंह ने की सम्मानित






गाजीपुर।नीति आयोग द्वारा चयनित आकान्क्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तर पर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में “सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह” एवं विकास भवन परिसर में “आकांक्षा हाट” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह रही। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार व राज्य सरकार के निर्देश के क्रम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। तदोपरांत मुख्य अतिथि व मुख्य विकास अधिकारी द्वारा आकांक्षा हाट में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण करते हुए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रशंसा की गई। साथ ही उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सर्वप्रथम सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह में डा. मो. तारिक जेयाद, सीएम फेलो विकास खण्ड-विरनो व विवेक सिंह, सीएम फेलो विकास खण्ड-वाराचंवर द्वारा सम्पूर्णता अभियान के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त स्वतः रोजगार विजय कुमार यादव द्वारा कहा गया कि सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं है। यह सहयोगात्मक शासन की भावना, क्षेत्रीय टीमों के लचीलेपन और भारत की विकास गाथा को गति देने वाले प्रत्येक समुदाय की आकांक्षापूर्ण ऊर्जा का उत्सव है।
सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य द्वारा अवगत कराया गया कि आकान्क्षात्मक विकास खण्डों में विगत वर्ष 01 जुलाई 2024 से 30 सितम्बर 2024 तक कुल 03 थीम के अंतर्गत कुल 06 पैरामीटरों को संतृप्त किए जाने के उद्देश्य से सम्पूर्णता अभियान चलाया गया था। जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फ्रंटलाइन वर्करों के अथक प्रयास से विकास खण्ड-वाराचंवर में कुल 03 एवं विकास खण्ड- विरनो में कुल 05 पैरामीटरों को संतृप्त किया गया। जिसमें स्वास्थ्य एवं पोषण के चार एवं कृषि व एन.आर.एल.एम. के 01-01 पैरामीटर सम्मिलित रहे।संबंधित विभागों के अधिकारी एवं फ्रंटलाइन वर्करों के उत्साहवर्धन हेतु भारत सरकार व राज्य सरकार द्वारा सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह क्षेत्र-स्तरीय लचीलेपन, अंतर-विभागीय सहयोग और सामुदायिक भावना का उत्सव है जो आकांक्षी क्षेत्रों में परिवर्तन को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉकों में हो रहे विकासात्मक प्रयास वास्तव में सराहनीय हैं। ऐसे अभियान जमीनी स्तर पर वास्तविक बदलाव को दर्शाते हैं। संपूर्णता अभियान जैसी पहल जिला और ब्लॉक स्तर पर टीमों की इस मॉडल के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रमाण है और यह अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा विकास खण्ड विरनो एवं वाराचंवर के विकास खण्ड स्तरीय अधिकारी व सीएम फेलो को मेडल व प्रशस्ति पत्र व फ्रंटलाइन वर्करों यथा ए0एन0एम0, सी0एच0ओ0, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज द्वारा धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण व विभिन्न विभागों के अधिकारी गण व फ्रंटलाइन वर्कर उपस्थित रहे। -
पीजी कॉलेज में परीक्षाएं शुरू

पी जी कॉलेज में कृषि यूजी-पीजी सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू
गाजीपुर । स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोराबाजार में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर कृषि वर्ग का स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गई हैं। यह परीक्षाएं 26 अगस्त तक चलेंगी। परीक्षा के पहले दिन प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी तैयारियों को सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों को नकल-मुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया।

ये परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जा रही हैं। सुबह की पाली में यूजी द्वितीय सेमेस्टर के 156 पंजीकृत छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें सभी उपस्थित रहे। वहीं सांय पाली छठवें सेमेस्टर की परीक्षा में 116 विद्यार्थी पंजीकृत थे और सभी ने परीक्षा में भाग लिया। महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।
प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। विद्यार्थियों ने भी व्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने की सराहना की।

-
टैबलेट पाकर उत्साहित दिखीं छात्राएं

गाजीपुर। गुरुवार को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के लिए छात्राओं को टेबलेट वितरित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अनिता कुमारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निशुल्क टेबलेट वितरण की योजना छात्र-छात्राओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इससे छात्राएं डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगी।

टैबलेट पाकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए आसिफा, आहुति, तहजीब, प्रियंका आदि छात्राओं ने कहा कि मोबाइल फोन/ टैबलेट की कमी के कारण पढ़ाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था लेकिन अब टैबलेट पाकर अपने लक्ष्य की ओर अधिक उत्साह से अग्रसर हो सकेंगे। महाविद्यालय के डिजीशक्ति पोर्टल के नोडल डॉ रामनाथ केसरवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि प्रदेश का हर युवा समग्र रूप से सक्षम हो एवं तकनीकी रूप से सशक्त हो। टैबलेट पा जाने से ये छात्राएं न केवल अपनी पढ़ाई को लेकर ज्यादा उत्साहित होंगी वरन तकनीकी कौशल से रोजगार प्राप्ति में भी ज्यादा सक्षम हो सकेंगी । छात्राओं को टैबलेट वितरण में महाविद्यालय के बाबू राहुल का प्रयास सराहनीय रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ शिव कुमार, हिंदी विभाग की प्रभारी डॉ. संगीता सहित अन्य छात्राएं मौजूद रहे।
-
महिला पीजी कॉलेज की छात्राओं के लिए जरूरी सूचना

गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय महुआबाग में वर्तमान शैक्षिक सत्र में बीए/ बीएससी तथा एमए / एमएससी में नव प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन और काउंसलिंग जारी है। प्रवेश प्रभारी डॉ शिव कुमार के अनुसार छात्राएं महाविद्यालय में 1:00 बजे से 2:00 बजे के मध्य संपर्क कर अपना प्रवेश/विषय आवंटन सुनिश्चित करा सकती हैं। परास्नातक एम ए/एम एस सी की प्रवेश काउंसलिंग अगस्त के प्रथम सप्ताह में तय है। छात्राएं इस संबंध में अपने संबंधित विषय प्रभारी से संपर्क कर सकती है। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर अनीता कुमारी के अनुसार सभी नवप्रवेशी छात्राओं जिन्होंने 30 जुलाई 2025 तक अपनी प्रवेश काउंसलिंग करा लिया है, वह 3 अगस्त 2025 तक अपनी ऑनलाइन फीस जमा करना सुनिश्चित करें। तत्पश्चात महाविद्यालय के शास्ता मंडल को अपनी फीस रसीद जमा कर अपना लाइब्रेरी कार्ड और परिचय पत्र प्राप्त कर ले। बीए बीएससी प्रथम सेमेस्टर की कक्षाएं विगत 16 जुलाई से संचालित है। सभी नव प्रवेशी छात्राएं महाविद्यालय के अपने निर्धारित यूनिफॉर्म में समय सारणी के अनुसार कक्षाओं में उपस्थित होना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार बीए /बीएससी तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा एम ए/एम एस सी पंचम सेमेस्टर की छात्राएं महाविद्यालय की कक्षाओं में नियमित रूप से उपस्थित रहे एवं कार्यालय से संपर्क कर अपना विषय निर्धारण कराते हुए अपनी ऑनलाइन फीस यथा शीघ्र जमा करें ताकि उनके छात्रवृत्ति संबंधी अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ की जा सके। महाविद्यालय के छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारी डॉ गजनफर सईद के अनुसार वर्तमान सत्र में छात्रवृत्ति प्राप्त करने हेतु छात्राओं की कक्षा में न्यूनतम 75% उपस्थिति आवश्यक है। महाविद्यालय की सभी छात्राएं निमित्त रूप से कक्षाओं में उपस्थित अध्ययन के साथ-साथ कंप्यूटर एवं ब्यूटीशियन की अपनी निर्धारित कक्षाओं में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार उपस्थित हो एवं प्रवेश, छात्रवृत्ति, एनसीसी, रेंजर्स, राष्ट्रीय सेवा योजना आदि शिक्षणेत्तर गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करना सुनिश्चित करें।
-
सेवानिवृत्त हुई गौरी ओझा को विद्युत कर्मियों ने किया सम्मानित

सेवानिवृत हुई कार्यालय सहायक को विद्युत कर्मियों द्वारा स्मृति चिन्ह व बुके देकर किया गया सम्मानित
गाजीपुर। विद्युत वितरण खण्ड नगर में अपनी 16 साल की सेवा देकर गौरी ओझा रिटायर हो गई। गुरुवार को अधिशाषी अभियंता कार्यालय नगर आमघाट में अधिशाषी अभियंता गोपाल सिंह एवं नगर एसडीओ मुन्नीलाल एवं अवर अभियंताओं सहित कार्यालय के सभी कर्मचारियों ने उनको स्मृति चिन्ह व बुके देकर सम्मानित किया।

अधिशाषी अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि गौरी ओझा डिविजन खंड नगर में सहायक कार्यकारी के पद पर कार्यरत थी जिन्होंने अपने कर्तव्य निष्ठा के साथ 16 साल विभाग में सेवा दिए। 2008 में विद्युत विभाग में ज्वाइनिंग की, जो 16 सालों तक विभाग के प्रति ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन दमदारी से करते हुए सेवा काल समाप्त हुआ। इनके परिवार की मौजूदगी में डिविजन कार्यालय आमघाट में विदाई समारोह का आयोजन करके स्मृति चिन्ह, बुके देकर फूल मालाओं से स्वागत कर विदाई किया गया।

विद्युत मजदूर पंचायत के जिला संरक्षक शिवदर्शन सिंह ने कार्यालय सहायक गौरी ओझा को बुके देकर सम्मानित किया। विदाई समारोह में मुख्य रूप से नगर एसडीओ मुन्नीलाल, अवर अभियंता तपस कुमार, मनोज कुशवाहा, सहेंद्र कुमार, पीतांबर कुशवाहा, मनीष राय,अनुराग शर्मा,अनमोल मिश्रा,राजाराम यादव,आशीष सोनकर,बबीता देवी,निर्मला देवी,पवन बिंद,विनय कुमार,श्रीराम वर्मा,पवन कुमार,विश्वजीत सिंह,प्रदीप कुमार,सुरेन्द्र यादव,बृजेश यादव सहित समस्त विभागीय कर्मी मौजूद रहे।


-
पीजी कॉलेज में परीक्षा को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों ने किया बैठक

पीजी कॉलेज में यूजी और पीजी कक्षाओं एवं कृषि की परीक्षाओं की शुभारंभ को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों की बैठक संपन्न
गाजीपुर। स्थानीय पी जी कॉलेज में 1 अगस्त से शुरू होने वाली स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं एवं स्नातक एवं स्नातकोत्तर कृषि की परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कॉलेज के समस्त शिक्षकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रोफे. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने की। बैठक में नए शैक्षणिक सत्र- 2025-26 की शुरुआत, कक्षाओं के सुचारू संचालन, और छात्रों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि कॉलेज प्रशासन नए सत्र को लेकर पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इसके लिए सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। 1 अगस्त से शुरू होने वाली कक्षाओं के लिए समय-सारिणी शिक्षण सामग्री, और अन्य संसाधनों की व्यवस्था पूरी कर ली गई है।

हम चाहते हैं कि छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को आसानी से प्राप्त कर सकें। बैठक में शिक्षकों को पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने, छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और डिजिटल संसाधनों का उपयोग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रोफे. डॉ. पाण्डेय ने आगे बताया कि कॉलेज में नए सत्र में अपने कोर्स और गतिविधियों में शामिल रहे जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों से इस दिशा में सहयोग की अपील की। यह बैठक नए शैक्षणिक सत्र की सफल शुरुआत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि वे छात्रों के हित में हर संभव प्रयास करेंगे। ज्ञातव्य है कि एक अगस्त से वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की स्नातक एवं स्नातकोत्तर कृषि वर्ग की सम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी शुरू हो रही हैं जो 26 अगस्त 2025 तक संचालित होगी।
-
अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित छात्र पहुंचे डीएम कार्यालय, किया मांग

पीजी कॉलेज बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर के परिणामों में महा-अनियमितता, छात्रों का भविष्य अधर में!
कुलपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम चन्द्रशेखर यादव को सौंपा, तत्काल हस्तक्षेप की मांग
गाजीपुर। पीजी कॉलेज के बी.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों के हाल ही में घोषित परीक्षा परिणामों को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है। परिणामों में सामने आई गंभीर अनियमितताओं ने हजारों छात्रों के भविष्य को अनिश्चितता के भंवर में धकेल दिया है। इस मामले को लेकर बुधवार को छात्रसंघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों को लेकर कुलपति के नाम संबोधित पत्रक जिलाधिकारी कार्यालय में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसे जिलाधिकारी के प्रतिनिधि एसडीएम चन्द्रशेखर यादव ने प्राप्त किया। छात्रों का आरोप है कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा जारी किए गए इन परिणामों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को बेवजह ‘अनुपस्थित’ (Absent) दर्शाया गया है, या उन्हें अनुत्तीर्ण (Failed) घोषित कर दिया गया है, जबकि उन्होंने पूरी लगन और अथक परिश्रम के साथ अपनी सभी परीक्षाएं दी थीं। यह चौंकाने वाली स्थिति न केवल छात्रों के परिश्रम का अपमान है, बल्कि विश्वविद्यालय की परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल उठाती है।
छात्रों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन से भी संपर्क किया था, लेकिन उनकी समस्याओं का कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिल पाया। इस प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था के कारण छात्र मानसिक तनाव, गहरी निराशा और चिंता के भयंकर दौर से गुजर रहे हैं, जिससे उनके एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक वर्ष के बर्बाद होने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।बपूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष, दीपक उपाध्याय ने कड़े शब्दों और बुलंद आवाज़ में कहा, “यह सिर्फ कुछ छात्रों का मामला नहीं है, यह तो हमारे छात्रों के भविष्य पर मंडराता एक ऐसा काला साया है, जिसने सैकड़ों होनहार विद्यार्थियों के सपनों को निगलने का काम किया है। हमने अपनी व्यथा और अपनी मांगों को एसडीएम के सामने पूरी मज़बूती से रखा है, जैसे एक मशाल अंधेरे में राह दिखाती है। हमें अटूट विश्वास है कि हमारी यह आवाज़ कुलपति के कानों तक अवश्य पहुंचेगी, ताकि इस भयावह रिजल्ट में हुई अनियमितता कि स्थिति में तत्काल और निर्णायक हस्तक्षेप हो सके और हमारे छात्रों का भविष्य बर्बाद होने के गर्त में गिरने से बचाया जा सके।
गाजीपुर का दुर्भाग्य है कि यहां विश्वविद्यालय नहीं है और ना ही जौनपुर विश्वविद्यालय का विस्तार पटल है। इसलिए यूनिवर्सिटी जानबूझकर अनियमितता करती है। यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों को शून्य, एक, दो, चार नंबर या अनुपस्थित दिखाया जाता है ताकि इम्प्रूवमेंट व बैक पेपर के नाम पर मोटी रकम वसूली जा सकें “जबकि जय श्रीराम जय हनुमान लिखने वालों को प्रथम श्रेणी में पास किया जाता है पूर्व महामंत्री, सुधांशु तिवारी ने परिणामों में हुई इस ‘अविश्वसनीय और अक्षम्य गलती’ पर अपना प्रचंड आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा, “छात्रों ने दिन-रात एक करके पढ़ाई की, खून-पसीना बहाया, और बदले में उन्हें अनुपस्थिति या अनुत्तीर्णता का ठप्पा मिला है। यह सरासर अन्याय है और किसी भी कीमत पर अस्वीकार्य है। हमने एसडीएम से पुरजोर मांग की है कि तत्काल प्रभाव से सभी उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन हो और सही परिणाम अविलंब जारी किए जाएं।

पूर्व अध्यक्ष, अनुज भारती ने इस गंभीर मुद्दे पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “यह सिर्फ एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के सपनों को रौंदने जैसा अक्षम्य कृत्य है।
प्रभावित छात्रों में से एक, कृष्णानंद भारती ने अपनी दर्दभरी व्यथा व्यक्त करते हुए कहा, “मैंने अपनी परीक्षाओं के लिए अथक परिश्रम किया था। जब मैंने अपना परिणाम देखा और उसमें मुझे ‘अनुपस्थित’ पाया गया, तो मैं पूरी तरह से सदमे में था। यह न केवल मेरे भविष्य को खतरे में डाल रहा है, बल्कि मेरा आत्मविश्वास भी बुरी तरह से टूट गया है। एक अन्य प्रभावित छात्रा, नेहा सिंह ने भावुक होकर कहा, मुझे 2 नंबर मिला है “यह स्थिति हमें मानसिक रूप से बुरी तरह प्रभावित कर रही है।
अनामिका कुमारी ने कहा कि मुझे शून्य नंबर दिया गया है मैं काफी सदमे में हूं जबकि मैंने पेपर अच्छा दिया था। हमें समझ नहीं आ रहा है कि आगे क्या करें। हमने एसडीएम से न्याय की गुहार लगाई है और हम चाहते हैं कि हमारे सही परिणाम जल्द से जल्द घोषित किए जाएं, ताकि हम आगे की पढ़ाई जारी रख सकें।” छात्र समुदाय ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति से इस गंभीर संकट का व्यक्तिगत संज्ञान लेने की पुरजोर अपील की है, जिसके लिए उन्होंने एसडीएम चन्द्रशेखर यादव के माध्यम से एक विस्तृत और महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने दृढ़तापूर्वक अनुरोध किया है कि इस पूरे मामले की त्वरित और गहन जांच सुनिश्चित की जाए, तत्काल प्रभाव से सभी उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए, और सही एवं संशोधित परीक्षा परिणाम अविलंब जारी करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं। छात्रों को विश्वास है कि प्रशासन की सहानुभूतिपूर्ण और निर्णायक कार्यवाही से उनका शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित हो सकेगा और उन्हें इस अकारण हुए शैक्षणिक तथा मानसिक नुकसान से मुक्ति मिल सकेगी।
पत्रक सौंपने वालों में मुख्य रूप से नेहा सिंह, आस्था कुशवाहा, अनामिका कुमारी, विभा सिंह, रुबीना खातून, मनीषा साहनी, मुस्कान राजभर, निशा कुमारी, जागृति राय, प्रीतम पासवान, सलोनी कुशवाहा, नीतीश मौर्या, राहुल मौर्या, कृष्णा नंद भारती, रोहित कन्नौजिया, जयप्रकाश राम, निशांत चौरसिया, विनय, अंशुमान राणा, आलोक कुमार, आकाश कुमार बिंद्रा, विशाल यादव, दीपक कन्नौजिया, साहिल कुमार पुष्कर, धनंजय कुमार इत्यादि सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। -
पीजी कॉलेज में 1 अगस्त से शुरू होंगी यूजी और पीजी की कक्षाएं

पीजी कॉलेज में 1 अगस्त से शुरू होंगी यूजी और पीजी की कक्षाएं
गाजीपुर। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आगामी 01 अगस्त 2025 से स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर की कक्षाएं नियमित रूप से संचालित होंगी। इस संबंध में कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे अपने-अपने विभाग के सूचना पट्ट (नोटिस बोर्ड) पर कक्षाओं की समय-सारिणी, कक्ष संख्या और संचालन समय की जानकारी प्राप्त कर लें। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होने और शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया है।
प्रोफेसर पाण्डेय ने कहा कि नियमित कक्षाएं शैक्षणिक सत्र की सफलता के लिए महत्वपूर्ण हैं। छात्रों को समय पर जानकारी प्राप्त करके अपनी पढ़ाई को व्यवस्थित करना चाहिए। कॉलेज प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे समय-सारिणी को स्पष्ट और सुलभ तरीके से प्रदर्शित करें ताकि छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस घोषणा से छात्रों में नए सत्र के प्रति उत्साह देखा जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि कक्षाओं का संचालन सुचारु और प्रभावी ढंग से हो। -
प्राकृतिक खेती के लिए आयोजित हुई कार्यशाला, किया गया जागरूक

गाजीपुर।जिला गंगा समिति द्वारा प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करने के लिए बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र पीजी कॉलेज के प्रांगण में किया गया। मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का उद्घाटन किया गया। जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। सभी का स्वागत जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने स्मृति चिन्ह एवं पौध भेंट कर किया। जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने कहा कि प्राकृतिक खेती एक स्थाई और पर्यावरण अनुकूल विधि है जो न केवल किसानों के लिए फायदेमंद है, बल्कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।

ओम प्रकाश राय ने विभिन्न जैविक उत्पादों के विषय में भी किसानों को जानकारी दी।उप निदेशक कृषि विजय कुमार ने कहा कि प्राकृतिक खेती मानव जीवन ही नहीं पृथ्वी के हर प्राणी और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण है। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य गंगा किनारे खेती कर रहे किसानों को प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा सरकार द्वारा किसानों के लाभ के हित में किया जा रहे प्रयासों से अवगत कराना है। प्राकृतिक खेती करने से गंगा में निवास कर रहे जलीय जीवों के जीवन को भी सुरक्षित किया जा सकेगा।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ वीके सिंह के.वी.के ने किसानों से अपील की वह प्राकृतिक खेती कर उत्पादों को बाजार में बेचने के लिए कार्य करें। इस अवसर पर जिला चकबंदी बंदोबस्त अधिकारी अज़ान बक्स, राज्य स्वच्छ गंगा मिशन उत्तर प्रदेश की पर्यावरण विशेषज्ञ शेफाली श्रीवास्तव, क्षेत्रीय वन अधिकारी नम्रता सिंह, डीके सिंह, डॉ ओमकार सिंह, उपनिदेशक नेहरु युवा केंद्र कपिल देव राम, जिला संयोजक सोशल मीडिया भाजपा कार्तिक गुप्ता, अन्नू दीवाना एवं सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे कार्यक्रम का सफल संचालन नेहरू युवा केंद्र के लेखाकार सुभाष चन्द्र प्रसाद ने किया।






