ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि 5 मई घोषित

राष्ट्र गौरव एवं पर्यावरण के लिए अंतिम अवसर सहित अन्य परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि घोषित

गाजीपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर ने सत्र 2019-20, 2021-22 (Non NEP-2020) एवं सत्र 2024-25 की परीक्षाओं हेतु ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने, सत्यापन एवं शुल्क जमा करने की प्रक्रिया निर्धारित की है। सत्र 2019-20 अथवा उसके पश्चात प्रवेशित स्नातक (कला, विज्ञान, वाणिज्य), अनिवार्य विषय राष्ट्र गौरव/पर्यावरण (वार्षिक पाठ्यक्रम) तथा स्नातकोत्तर सत्र 2021-22 (Non NEP-2020) में प्रवेशित छात्र-छात्राओं को परीक्षा फॉर्म भरने का अंतिम अवसर प्रदान किया है। इसके लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने एवं सत्यापन की तिथि 29 अप्रैल 2025 से 05 मई 2025 तक निर्धारित है।


इसी प्रकार, सत्र 2024-25 के संस्थागत / कैरी फॉरवर्ड छात्र-छात्राओं के लिए बी.सी.ए., बी.बी.ए., एल.एल.बी., एल.एल.एम., बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड., बी.पी.ई.एस. (सम-सेमेस्टर), पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान, बी.एस.सी. (कृषि) अष्टम सेमेस्टर तथा एम.एस.सी. (कृषि) चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाओं हेतु ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने एवं सत्यापन की तिथि 29 अप्रैल 2025 से 05 मई 2025 निर्धारित की गई है।


इस बाबत प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ०) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरें और शुल्क जमा करें। निर्धारित समय के पश्चात किसी भी परिस्थिति में फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे। किसी भी तकनीकी सहायता या जानकारी के लिए महाविद्यालय के शुल्क काउंटर संपर्क करें। इस सूचना का गंभीरता से पालन करें और समय रहते आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करें।

एक राष्ट्र एक चुनाव पर विचार गोष्ठी का आयोजन

ग़ाज़ीपुर।DAV कालेज चीतनाथ द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया । मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने इस विषय पर अपने विचार व्यक्त किए और एक राष्ट्र-एक चुनाव की उपयोगिता पर चर्चा की । कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित करके की गई।राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने बताया कि एक राष्ट्र, एक चुनाव भारत सरकार द्वारा देश में सभी चुनावों को एक ही दिन या एक विशिष्ट समय सीमा के भीतर समन्वित करने के लिए विचाराधीन एक प्रस्ताव है, जिसका उद्देश्य चुनाव लागत में कटौती करना है।
अंत में पहलगाम में मारे गए पर्यटकों की आत्मा की शांति के लिए सभी ने दो मिनट का मौन धारण किया।इस मौके पर आर्य समाज के प्रधान दिलीप कुमार वर्मा,कॉलेज के अध्यक्ष सुरेंद्रनाथ वर्मा, प्रबंधक आदित्य प्रकाश, संजय कुमार वर्मा ,अजय कुमार, केसरी, रासबिहारी राय, विनय कुमार गुप्ता, शैलेश कुमार ओझा,बृजेश शर्मा, संजय मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आर्य समाज के प्रचार मंत्री संतोष कुमार वर्मा ने तथा धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय प्रधानाचार्य हरिशंकर ने की।

जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने फूंका आतंकवाद का पुतला

पहलगाम में टूरिस्टों पर हमले की निन्दा

फूंका गया आतंकवाद का पुतला

गाजीपुर ।जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल गाजीपुर के जिला अध्यक्ष श्री प्रकाश केशरी गुड्डू के नेतृत्व में सोमवार को कचहरी तिराहे पर आतंकवाद के प्रतीक पाकिस्तान का पुतला फूका गया। जिसमें आतंकवादियों द्वारा जम्मू कश्मीर के पहलगाम में टूरिस्टों की निर्मम हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए सरकार से मांग की गई कि हत्यारों के किए की सजा सर्जिकल स्ट्राइक से दिया जाए, तभी मृत आत्मा को शांति मिलेगी। जिला महामंत्री प्रिंस अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के कृत्य की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है,अब वह समय आ गया है की आब ईट का जवाब पत्थर से देने की जरूरत है। इन आताताईयों को इनके कर्मों की सजा इनके साथ वैसा ही करके बराबर किया जाए। जिला युवा अध्यक्ष सुधीर केशरी ने कहा कि अब इन आतंकवादियों के साथ-साथ इनके आका पाकिस्तान के बुरे दिन शुरू हो गए हैं, भारत सरकार अब किसी को भी छोड़ने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान को जवाब देने का समय आ गया है ।अन्त में मृतात्माओं के प्रति 2 मिनट मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। घायलों के शीघ्र स्वास्थ होने की प्रार्थना की गई ।पुतला दहन में नगर अध्यक्ष सुप्रोटिम बागची, आकाश दीप, गोपाल वर्मा, सोनू गुप्ता, निखिल गुप्ता,ओमप्रकाश गुप्ता, राजा हुसैन, सलीम भाई, रमेश यादव ,आरके गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, माया साहू, कमरूज्जमा अंसारी,किशन शर्मा विजय विश्वकर्मा,मनीष (भोलू) मधु विश्वकर्मा, गोपाल चौरसिया,विकास कसौधन,राजन प्रजापति, शशिकांत शर्मा, जावेद अहमद सहित आदि उपस्थित रहे।

नवागत डीएम ने संभाला कार्यभार, अधिकारियों के साथ की बैठक

गाजीपुर।जनपद के नवागत जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार पहॅुंचकर डबल लॉक में जरूरी अभिलेखों पर हस्ताक्षर कर जिलाधिकारी गाज़ीपुर के पद का कार्यभार ग्रहण किया।  इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य,अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी उमेश कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि गाज़ीपुर के नवागत जिलाधिकारी अविनाश कुमार 2013 बैंच के आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह झाँसी, बाराबंकी हरदोई जनपद के जिलाधिकारी सहित   विभिन्न जनपदों में विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नवागत जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित परिचयात्मक बैठक में समस्त अधिकारियों का एक-एक कर परिचय जाना तथा उनसे मुखातिब होते हुए कहा कि शासन की नीतियों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी/लाभार्थीपरक योजनाओं का जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत क्रियान्वयन करना तथा आम जनता की समस्याओं को सुनना और उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों का जिम्मेदारीपूर्ण रवैया एवं सहयोग अपेक्षित है। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) दिनेश कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील कुमार पांडेय, उप जिलाधिकारी सदर मनोज पाठक, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज, परियोजना निदेशक राजेश यादव सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे। इसी क्रम में नवागत जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने जनपद के प्रिन्ट/इलेक्ट्रानिक मीडिया बन्धुओं के साथ परिचयात्मक प्रेस-वार्ता करते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया की जनपद के विकास के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक सहित विभिन्न पहलुओं पर महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी मीडिया बन्धुओं से विकास में सहयोग की अपेक्षा के साथ-साथ किसी स्तर पर खामियां पाए जाने पर उससे भी अवगत कराने में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद के समस्त सम्मानित मीडिया बन्धु उपस्थित रहे।

भाजपा की सरकार ने सदैव डा.भीमराव अंबेडकर को सम्मान दिलाने का कार्य किया:डा.संगीता बलवंत

गाज़ीपुर।भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डा.भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान कार्यशाला के तहत अनुसूचित जाति प्रबुद्धजन संपर्क अभियान में शनिवार को राज्यसभा सांसद डा.संगीता बलवंत ने जंगीपुर विधानसभा के विरनो मंडल के ग्राम इंग्लिशपुर में रमाशंकर राम ,ग्राम मोलनापुर में सुनील खरवार, ग्राम हरदहिया में प्रकाश राम व नरेंद्र कुमार एवं तिवारीपुर में डा.पारस राम को स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर उन्हें सम्मानित की । राज्यसभा सांसद ने कहा कि डा. अंबेडकर जी मां भारती के सच्चे सपूत थे। उन्होंने कुप्रथाओं के अंत के साथ समरस समाज की स्थापना पर बल दिया। वंचित,पीड़ित, शोषित,गरीब,आदिवासी,महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने के लिए बाबा साहब प्रयास करते रहे। प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रयासरत हैं।


उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सदैव डा.अंबेडकर को सम्मान दिलाने का कार्य किया,जबकि कांग्रेस ने उनके योगदान की निरंतर उपेक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने पहली बार सुप्रीम कोर्ट परिसर में कानून मंत्रालय में डॉ.अंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर उन्हें विधिक सम्मान दिया। इसके अलावा लंदन स्थित उनके निवास को सरकार ने स्मारक व सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़ी पांच प्रमुख स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया।
साथ में भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुरेश गिरी,महामंत्री विपिन उपाध्याय, सत्यप्रकाश,राजेश बिन्द , रंजीत कुमार ,ओमप्रकाश बलवंत इत्यादि पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पहलगाम आतंकी हमला: माउंट लिट्रा जी स्कूल ने निकाला कैंडिल मार्च

माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल द्वारा पहलगाम में शहीद हुए पर्यटकों की स्मृति में कैंडल मार्च का किया गया आयोजन

गाजीपुर। शुक्रवार को माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए मासूम पर्यटकों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए एक कैंडल मार्च का आयोजन किया।


यह कैंडल मार्च स्कूल परिसर से आरंभ होकर शहर के प्रमुख स्थल सरजू पांडे पार्क तक निकाला गया। पार्क में पहुंचकर विद्यालय के बच्चों तथा निदेशक मोहित श्रीवास्तव एवं प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कारकून द्वारा शहीद पर्यटकों की स्मृति में पुष्पांजलि अर्पित की गई और मौन श्रद्धांजलि दी गई।


कैंडल मार्च में विद्यालय के शिक्षकों ने भी सहभागिता की। सभी ने हाथों में मोमबत्तियाँ जलाकर शांति, एकता और करुणा का संदेश दिया। पूरा वातावरण मौन और श्रद्धा से ओतप्रोत रहा, जहाँ सभी ने मृत आत्मा की शांति और देश में अमन-चैन के लिए प्रार्थना की।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर कहा कि ऐसे कृत्य मानवता के विरुद्ध हैं और हमें आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। यह मार्च न केवल शहीद के प्रति सम्मान था, बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित भारत की दिशा में हमारी प्रतिबद्धता भी दर्शाता है।

पहलगाम हमले को लेकर विश्व हिंदू परिषद का फूटा गुस्सा


गाज़ीपुर। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतकंवादियों द्वारा निर्दोष यात्रियों को क्रूरता पूर्वक मार डाला गया। जिसको लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद द्वारा राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन, पुतला दहन व शोक सभा का आयोजन कर किया गया। शुक्रवार को सरयू पांडेय पार्क में पुतला दहन करके विरोध प्रदर्शन किया गया, वहीं मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक सभा का आयोजन किया गया।


विहिप के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों ने एक स्वर में न्याय की मांग करते हुए धर्म के नाम पर जिहादी आतंक को मिट्टी में मिलने की मांग किया। घटना के पीछे साजिश कर्ताओं को सबक सिखाने के लिए आवाज उठाई। आतंकवादियों को घुटने के बल लाकर उनसे हनुमान चालीसा का पाठ व गीता उपदेश करवाया जाय। विहिप के लोंगो का कहना था कि इतनी कठोर कार्रवाई की जाय कि फिर इस प्रकार की जघन्य कृत्य करने से पहले आतकंवादी अपने अंजाम से कांप जाए।
श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया कि हम सभी हिंदू भाई एक हैं और शोक संतप्त परिवार के साथ हैं।

इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व विचार परिवार के पदाधिकारी व सदस्यों में विपिन श्रीवास्तव जिला मंत्री, विनीत सिंह जिला उपाध्यक्ष, अनुराग चौहान नगर अध्यक्ष, रविराज हिंदू बजरंग दल जिला संयोजक, उत्तम, राजन, सत्येंद्र पांडेय, ओम प्रकाश पांडेय, आनंद तिवारी, राजेश उपाध्याय, राजेश श्रीवास्तव, , ओम प्रकाश राय ज्योतिना , विनोद अग्रवाल, सुधाकर राय, सुरज भारत, दिनदयाल जी, नितिन अग्रहरी, विशाल चौरसिया, ब्रिजेश सिंह, अजय चौरसिया, राजकुमार सिंह ,सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यूपी बोर्ड:हाईस्कूल की छात्रा गंगा मौर्या और अनीता यादव प्रदेश के टॉपर लिस्ट में बनाई जगह

गाजीपुर । यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में जिले की दो बेटियों ने जनपद के नाम प्रदेश भर में रौशन किया है।गाजीपुर की दो छात्राओं ने यू पी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में टॉपर लिस्ट में अपनी जगह बनाई है।गाजीपुर की दो बेटियों ने यू पी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा की टॉप टेन लिस्ट में 7 वीं और 9 वीं रैंक हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है।गाजीपुर की हाईस्कूल की छात्रा गंगा मौर्या ने यू पी बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में 7 वां स्थान हासिल किया है।गंगा मौर्या सेंट लूदर्स कान्वेंट गर्ल्स इंटर कालेज की छात्रा है।जबकि गाजीपुर की हाईस्कूल की छात्रा अनीता यादव ने टॉपर लिस्ट में 9 वां स्थान प्राप्त किया है।अनीता एससीएसए इंटर कालेज सलेमपुर बघाई की छात्रा हैं।गाजीपुर की छात्रा गंगा ने यू पी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में 96.83 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में 7 वीं रैंक हासिल की है।उनके पिता ह्रदय नारायण सब्जी कारोबारी है।जबकि मां गृहणी हैं।गंगा ने रेगुलर ढंग से पढ़ाई करते हुए एग्जाम पर फोकस रखा और ये सफलता हासिल की।परिणाम से बेहद खुश गंगा भविष्य में इंजीनियर बनना चाहती है।जबकि मेरिट लिस्ट में 9 वां स्थान प्राप्त करने वाली अनीता ने 96.50 प्रतिशत अंक हासिल किया है।उनके पिता सुरेश यादव पंजाब की धागा फैक्ट्री में काम करते है।सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली इन दोनों बेटियों की सफलता से उनके कालेज के साथ ही पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर प्रधान संगठन,ब्लॉक प्रमुख,बीडीओ और कर्मचारियों ने निकाला कैंडल मार्च

गाजीपुर । विकास खंड सदर में प्रधान संगठन, ब्लॉक प्रमुख,बीडीओ और कर्मचारियों ने पहलगांव में हुए हमले के विरोध में कैंडल मार्च निकाल कर आतंकी हमले में मारे गए नागरिकों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सदर ब्लॉक प्रमुख राजदेव यादव ने कहा कि पहलगांव में हुआ कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला एक नृशंस और अमानवीय कृत्य है। उन्होंने निर्दोष पर्यटकों पर हुए इस हमले को अक्षम्य बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधान संगठन जिला अध्यक्ष नगेंद्र यादव जोगी ने कहा कि पाकिस्तान पूरी दुनिया में आतंकवाद की जननी है। जिस तरह से आतंकवादियों द्वारा पहलगांव में आतंकवादियों द्वारा कायराना हरकत की गई है, जो टूरिस्ट कश्मीर को जन्नत समझते हैं और वहां घूमने गए थे उन पर कायराना हमला किया गया है।

विकास खंड अधिकारी रामकृपाल याद ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगांव में जो कायराना हरकत आतंकवादियों द्वारा की गई है ।उन्होंने कहा कि निहत्थे पर क्यों वार करते हो लड़ना ही है तो हमारी सेना से लड़ो।

ब्लॉक अध्यक्ष रामज्ञान यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगांव में आतंकवादियों द्वारा जो कायरता पूर्ण
हरकत की गई है उसकी हम घोर निंदा करते हैं। मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं घायलों के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं कि भगवान उन्हें जल्द स्वस्थ करें।उन्होंने कहा कि आतंकवादियों का मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ी को भी यह पता चले की ऐसे लोगों का अंजाम क्या होता है। भारत सरकार की तरफ से इसका करारा जवाब दिया जाएगा।

कैंडल मार्च में शामिल होने वालों में मंडल अध्यक्ष भयंकर यादव , जवाहिर बिंद , जर्नादन यादव , राजेश यादव , लाल बहादुर यादव , पप्पू कुशवाहा , ग्राम विकास अधिकारी रमेश राम टीए संजय शर्मा , एडीओ एसवी प्रभात गौड़ , दरोगा यादव , अभिमन्यु यादव ,अच्छे यादव , सुनील कुमार , संजय राय , रमेश यादव , मोहन यादव ,अजित यादव , संजय राम , मुहम्मद अयूब अंसारी , रवींद्र सिंह , श्रवण यादव आदि लोग मौजूद रहे।

मच्छरों के पनपने वाली जगहों की करें निगरानी एवं निराकरण:सीएमओ

मच्छरों के पनपने वाली जगहों की करें निगरानी एवं निराकरण :सीएमओ

विश्व मलेरिया दिवस पर हुए सीएमओ कार्यालय समेत स्वास्थ्य केन्द्रों पर हुए जन जागरूकता कार्यक्रम

सही समय पर निदान उपचार होने से रोगी हो जाता है पूर्णतः स्वस्थ

साफ-सफाई का रखें ध्यान, न होने दें जल जमाव, मलेरिया से होगा बचाव

गाज़ीपुर। शुक्रवार को विश्व मलेरिया दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय समेत ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केंद्रो पर विविध जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में सीएमओ कार्यालय सभागार में एसीएमओ डॉ संजय कुमार की अध्यक्षता में शपथ का आयोजन किया गया। एक अन्य कार्यक्रम में डालिम्स सनबीम स्कूल,अन्धऊ में जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में छात्रों को मलेरिया के लक्षण,जांच,उपचार और बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
सीएमओ ने कहा कि मलेरिया वाहक एनोफिलीज़ मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर ज़्यादातर अनुपयोगी कुओं, तालाब/पोखरा, सीमेंट के टैंक, नाले, जल जमाव एवं पानी जमा होने वाले निचले क्षेत्र जगहों पर पनपता है। मच्छरों के पनपने वाली जगहों की निगरानी करें और उनका नियमित निराकरण करें। सीएमओ ने कहा कि मच्छरों का प्रकोप पहले सिर्फ बारिश के दौरान और बारिश के बाद दिखता था जबकि अब दो से तीन महीने छोड़कर पूरे साल ही दिखते हैं। इसलिए आवश्यकता पड़ने पर मलेरिया रोकने के लिए अब शहरी क्षेत्र में लार्वारोधी छिड़काव का कार्य पूरे साल चलेगा। साथ ही हमारी स्वास्थ्य टीमें सर्वाधिक मच्छर वाले इलाकों को चिन्हित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि हर साल 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस बार विश्व मलेरिया दिवस की थीम “मलेरिया हमारे साथ समाप्त होता है:पुनर्निवेश,पुनर्कल्पना पुनर्जीवन” है। जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि वर्तमान में संचालित संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को नष्ट कराया जा रहा है। एंटी लार्वा का छिड़काव तथा फागिंग भी कराया जा रहा है। इस कार्य में नगर विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मलेरिया की जांच व उपचार की सुविधा जिला मुख्यालय के अलावा सभी सीएचसी/पीएचसी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर उपलब्ध है। शासन के निर्देशानुसार आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्र में जाकर रोगी की पहचान कर रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट (आरडीटी) किट से त्वरित जांच कर रही हैं। इसके लिए समस्त आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी किया गया है। जांच में मलेरिया धनात्मक पाए जाने पर जल्द से जल्द रोगी का पूर्ण उपचार किया जाएगा।
हफ्ते भर में अंडा बन जाता है मच्छर – जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मलेरिया का प्रसार मादा एनोफिलीस मच्छर के काटने से होता है। एक अंडे से मच्छर बनने की प्रक्रिया में पूरा एक सप्ताह का समय लगता है। इस कारण सप्ताह में एक बार एंटीलार्वा का छिड़काव किया जाता है। यदि किसी जलपात्र में पानी है तो उसे सप्ताह में एक बार जरूर खाली कर दें। जैसे कूलर, गमला, टीन का डिब्बा, नारियल का खोल, डिब्बा, फ़्रिज के पीछे का डीफ्रास्ट ट्रे की सफाई हमेशा करते रहना आवश्यक है। मलेरिया से संक्रमित व्यक्ति का समय से इलाज शुरू होने पर जान जाने का खतरा कम हो जाता है।
लक्षण – बुखार, कपकपी, ठंड लगना, सिरदर्द, शरीर दर्द, मिचली और उल्टी।
क्या करें – मलेरिया से बचाव के लिए रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए। आसपास दूषित पानी इकट्ठा नहीं होने देना चाहिए। साफ-सफाई रखनी चाहिए। बुखार होने पर तत्काल आशा से संपर्क करें या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर परामर्श लें। सही समय पर निदान उपचार होने से रोगी पूर्णतः स्वस्थ हो जाता है।

Uttar Pradesh Fast News