महाहर धाम पहुंचे डीएम-एसपी, लिया जायजा, दिया निर्देश

गाजीपुर। हिन्दुओं का पवित्र त्यौहार श्रावण मास प्रारम्भ हो रहा है। श्रावण मास मे काफी संख्या मे श्रद्धालु/कावड़ यात्रियों की भीड़-भाड़ एवं मुख्य मंदिरो पर जाने हेतु जलाभिषेक के लिए आवागमन होता है। जिस हेतु कावरियों द्वारा जल भर कर महाहर धाम तक शान्तिपूर्ण, सकुशल सम्पन्न कराने के उद्वेश्य से जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने सोमवार को महाहर धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने सम्पूर्ण व्यवस्थाओ का जायजा लेते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए सारी व्यवस्थाए पूर्व मे ही पूर्ण कर लेने का निर्देश दिया। उन्होने कावड़ यात्रा के दौरान कही किसी प्रकार की घटना घटित न हो इस हेतु रास्तो के जर्जर विद्युत तार हटवाने, मरदह से महाहर घाम तक की खराब सड़को की मरम्मत करवाने, रूट डायवर्ज, बैरिकेटिग, श्रद्धालुओ के वाहनो के पार्किग की व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम एवं पेयजल की व्यवस्था हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया।


उन्होने महाहर धाम पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, कावरियों की निगरानी हेतु सी0सी0टी0वी0 कैमरा, कन्ट्रोल रूम, बैरिकेटिंग आदि के व्यवस्था का जायजा लेते हुए अवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होने घाट से कावरियों को पानी भरने मे कोई असुविधा न हो इस विषय पर ई0ओ0 नगर पालिका एवं साथ ही बैरिंकेटिग, चेन्जिग रूम, शौचालय तथा लाईट की व्यवस्था हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया। ग्रामीण क्षेत्रो में बैरिकेटिंग, लाईट की व्यवस्था के साथ सड़कों को गढ़ढा मुक्त करने का निर्देश दिया। कावर यात्रा के दौरान ध्वनि विस्तारण यंत्रो का तय समय सीमा के अन्तर्गत प्रयोग करने, शहर में भारी गाड़ियों का रूट डायवर्जन करने के सम्बन्ध पुलिस अधीक्षक ने अपने मातहतो को निर्देश दिया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0, उपजिलाधिकारी सदर एवं कासिमाबाद , अपर पुलिस अधीक्षक (नगर,) अन्य सम्बन्धित अधिकारियो के साथ पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

साईं कृपा समिति ने चलाया वृहद पौधरोपण अभियान

साईं कृपा समिति ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, किया वृक्षारोपण



गाजीपुर। साईं कृपा CLF समिति के तत्वधान वृहद वृक्षारोपण  अभियान चलाया गया। यह अभियान नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर वेरोनिका नाथ और कुसुम तिवारी के नेतृत्व मे चलाया गया। इस दौरान समूह के सदस्यो ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए लगभग 150 वृक्षों का वृक्षारोपण पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने हेतु किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कुसुम तिवारी ने बताया कि वर्तमान में मानव जीवन पर पर्यावरण प्रदूषण सबसे बड़ा संकट बनकर आया है। ऐसे में आने वाली पीढ़ी के लिए पर्यावरण को अनुकूल बनाने में हर व्यक्ति को अपने आसपास एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए।

वेरोनिका नाथ ने कहा कि मानव और पर्यावरण एक दूसरे के पूरक हैं। दिन प्रतिदिन पृथ्वी से वृक्षों के कम होने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। हमारी बुरी आदतें जैसे बेवजह पानी बर्बाद करना, पॉलिथीन का उपयोग, वृक्षों की कटाई आदि से पर्यावरण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

नवागत एसपी के सख्त तेवर

नवागत एसपी बोले – अपराधियों पर होगी कठोर कार्यवाही

कहा – कानून से खिलवाड़ करने वाले अपराधी नहीं बक्शे जायेंगे

गाजीपुर। देर रात नवागत एसपी इराज राजा ने कार्यभार ग्रहण कर शहर क्षेत्र का भ्रमण किया। इसके बाद सोमवार को एसपी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता की। इस दौरान एसपी ने बताया कि जनपद में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए जनसुनवाई, महिला संबंधी अपराधो में कठोर कार्यवाही, जन शिकायतो का निस्तारण, एफआईआर रजिस्ट्रेशन के साथ ही सक्रिय अपराधियों को चिन्हित कर  कठोर कार्यवाही करना ही हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी। बता दें कि डॉ. ईराज राजा, मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं। वर्ष 2011 में उन्होंने MBBS की शिक्षा को पूरा की और फिर 4 सालों तक बिजनौर जिले में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात रहे। इसके बाद 2017 में UPSC की परीक्षा को पास किया। दरअसल, उत्तर प्रदेश के जालौन में तैनात IPS डॉ. ईराज राजा 2017 बैच के आईपीएस है। सरकार ने उन्हें जब भी मौका दिया तब वह उम्मीदों पर खरे उतरे और अपराधियों की कमर तोड़कर उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया। डॉक्टर का पेशा छोड़ UPSC का एग्जाम क्लियर किया और ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पहली पोस्टिंग लखनऊ में मिली। इसके बाद भी 4 महीने मेरठ में ASP रहें। फिर गाजियाबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 24 महीने एसपी का कार्यभार संभाला और इन 2 सालों के दौरान करीब 150 हाफ एनकाउंटर किए। इसके बाद जनवरी 2023 में बुंदेलखंड के जालौन जिले का चार्ज मिला। यहां पर भी अपने स्वभाव के मुताबिक अपराधियों पर नकेल कसनी शुरू कर दी। इसका नतीजा यह हुआ कि यहां पर भी हाफ एनकाउंटर की हाफ सेंचुरी बन गई।

मीटर रीडरों के समस्याओं को सदन में उठाएंगे विधायक 

मीटर रीडरों के समस्याओं को सदन में उठाएंगे विधायक जै किशन साहू

ग़ाज़ीपुर। बिजली विभाग के मीटर रीडरो और संविदा कर्मियों के बकाया वेतन भुगतान का मामला अब सदन के पटल पर गूंजेगा। बिजली कर्मियों की समस्याओं को सुनते हुए गाजीपुर सदर विधायक जैकिशुन साहू ने मामले को सदन में उठाने का आश्वासन दिया है। सपा विधायक बिजली कर्मियों की मांगों को सदन तक पहुंचाने की तैयारी में लगे हुए। बकाया भुगतान को लेकर बिजली विभाग के संविदा कर्मी और मीटर रीडर पिछले काफी दिनों से आंदोलनरत है। कई बार इन बिजली कर्मियों ने उच्चाधिकारियों से धरना प्रदर्शन करते हुए गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बिजली कर्मियों के समर्थन में आए सपा विधायक जैकिशुन साहू ने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी भाग गई है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कर्मचारियों के एक-एक पैसे का भुगतान हो। उन्होंने कहा कि हम कर्मचारियो की इन मांगों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठायेगे। विद्युत मजदूर पंचायत के कर्मचारी नेताओ ने बताया कि मेसर्स स्टर्लिंग टेक्नोलोजी एंड सर्विसेज पिछले सन् नवंबर 2021 से बिलिंग का कार्य गाजीपुर सहित पूरे पूर्वांचल में करवाने का कार्य कर रही थी। पिछले 4 माह का वेतन और 32 महीने का ईपीएफ लेकर कंपनी भग गई है। वही स्टर्लिंग कंपनी विद्युत विभाग में जीएसटी तक नही जमा किया, जिसको लेकर जिले के समस्त मीटर रीडरो में काफी आक्रोश है। कहा कि जब तक इन लोगो का बकाया वेतन और बकाया ईपीएफ नही मिल जाता तब तक रीडिंग का कार्य कोई नही करेगा। बताया कि स्टर्लिंग कंपनी से पहले एनसॉफ्ट कंपनी आई थी, वह भी लगभग 400 मीटर रीडरो का 15-15 हजार की डीडी लेकर भाग गई।

शिक्षकों के समर्थन में उतरे जदयू के प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी, किया मांग

ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष विनीत तिवारी ने दिया डीएम को ज्ञापन

कहा – ऑनलाइन उपस्थिति के आदेश को वापस ले सरकार

ग़ाज़ीपुर। ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षकों द्वारा चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच एनडीए घटक दल के नेताओं ने भी शिक्षको को समर्थन दिया है। ग़ाज़ीपुर में जदयू नेताओ ने शिक्षकों की मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा है। जदयू के प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी ने कहा कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश द्वारा 5 जुलाई  को शिक्षकों हेतु स्कूल मे ऑनलइन उपस्थिति का आदेश दिया गया। जिसको लेकर शिक्षकों मे भारी रोष व्याप्त है क्योंकि आये दिन जारी होने वाले आदेशों से समाज मे शिक्षकों की छवि धूमिल हो रही है। ऐसी स्थिति के चलते शिक्षक तनावग्रस्त है। कहा कि समाज मे यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि शिक्षल ऑनलाइन उपस्थिति के खिलाफ है, जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। उनकी कुछ मांगो को पूरा कर दिया जाए तो उन्हें ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने मे कोई समस्या नहीं होंगी।
उन मांगो में 14 सी एल के साथ 15 हाफ सी एल, गैर शैक्षणिक कार्यों से मुक्ति, 30 ई एल, अंतर्जनपदीय स्थानतरण पर स्थाई नीति, अवरुद्ध पदोन्नति को पूर्ण किया जाये। साथ ही बेसिक शिक्षा परिषद की नियमावली को भी संबंधित अधिकारियो द्वारा श्रमपूर्वक अद्यतन संशोधित किया जाना चाहिए। जिसमे शिक्षकों का हित हो सके और बार बार  मामले न्यायालय मे न पहुँचे। कई बार अधिकारियो के लापरवाही की वजह से भी शिक्षक समाज के बीच सरकार कि छवि धूमिल होती है। कहा कि शिक्षा विभाग के लापरवाह उच्चाधिकारियो पर कार्यवाही करते हुए सरकार इस फैसले को वापस ले या शिक्षकों की मांगो को पूरी करे। पत्रक देने मे शाकिब रहमान उर्फ़ खुर्रम नगर अध्यक्ष, सुरेन्द्र राम, मनीष पटवा, संतोष पांडेय, परवेज राईनी, अजीत सिंह, अतुल सिंह, दिनेश यादव जब्बार राईनी, रोहणी कुशवाहा, आदि लोग उपस्थित थे।

लूर्द्स इण्टर कॉलेज में हुआ सेमिनार का आयोजन

लूर्द्स कॉनवेन्ट बालिका इण्टर कॉलेज में हुआ शैक्षिक उन्नयन हेतु सेमिनार का आयोजन


गाजीपुर। विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सोमवार को लूर्द्स कॉनवेन्ट बालिका इण्टर कॉलेज में नये शैक्षिक सत्र 2024-25 में छात्राओं के शैक्षिक उन्नयन हेतु विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं का सेमिनार आयोजित हुआ। जिसका शुभारम्भ ईश वन्दना से हुआ। शिक्षिका मीरा चतुर्वेदी द्वारा वर्षा ताली बजाकर फादर का स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। सेमिनार के मुख्य वक्ता  फादर प्रनोई आई0एम0एस रहे, जो एक बहुधार्मिक संस्था के निदेशक पद पर आसीन है। अपने उद्बोधन में उन्होंने वर्तमान परिवेश में शिक्षा में आध्यात्म के महत्व पर प्रकाश डाला तथा शिक्षा को एक ऐसी प्रक्रिया बताया जिसमें शिक्षक अपने छात्र के अन्दर के सद्गुणों का खींचकर बाहर लाता है। शिक्षक के गुणों की व्याख्या करते हुए बताया कि शिक्षक अपने शिष्यों के लिए मिट्टी से जिस प्रकार विविध वर्तन बनाये जा सकते है उसी प्रकार अपने शिष्य के गुणों को तराशता है एवं माली की तरह अपने पौधे की देखभाल करता है ताकि उसका सर्वागीण विकास हो सके जो अपने समाज और देश के लिए एक सुयोग्य नागरिक बन सके।

शिक्षक को सदैव समय के साथ अपने आप को परिमार्जित करते रहना चाहिए। शिक्षा जीवनपर्यन्त चलने वाली प्रक्रिया है जिसमें प्रत्येक व्यक्ति स्वयं से, घटनाओं से एवं वातावरण से सदैव शिक्षित होता रहता है। आध्यात्मिकता अनेक स्तर की शिक्षा को पहचानता है जिसमें शारीरिक शिक्षा की प्रवृत्ति को संचालित करना एवं बनाये रखना, अनुशासन, नैतिक अनुशासन तथा आध्यात्मिक अनुशासन का संचार करती है। एक शिक्षक के लिए आध्यात्मिक होना अतिआवश्यक है। इससे शिक्षक के अन्दर विनम्रता, दया, नेनृत्व क्षमता, निर्णय क्षमता, तत्परता आदि गुणों का विकास होता रहता है जो उसके शिक्षण कार्य को प्रभावी बनाता है। शिक्षिका रीता सिंह द्वारा मुख्य वक्ता फादर को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस अवसर विद्यालय की प्रधानाचार्या ने शिक्षक के कर्तव्य एवं दायित्व की व्याख्या करते हुए छात्राओं का प्ररेणास्रोत बनने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय की सभी सिस्टर्स, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने सहकार किया और शिक्षार्थी-शिक्षक के विविध आयामों पर अपने विचार रखे।

सिद्धार्थ और रमेश ने किया चैंपियन ख़िताब पर कब्जा

आर्म रैसलिंग प्रतियोगिता में सिद्धार्थ मौर्य और रमेश साहनी ने किया चैंपियन ख़िताब पर कब्जा



गाजीपुर। रविवार की शाम शहर के लार्ड बुद्धा पैलेस छावनी लाइन में प्रथम जिला स्तर की आर्म रैसलिंग की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के 150 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। सिद्धार्थ मौर्य सीनियर वर्ग में और रमेश साहनी जूनियर वर्ग अपने प्रतिद्वंदियों को हराकर  चैंपियन के ख़िताब पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ संस्था के अध्यक्ष डॉ चंद्रभान चौबे एवं सचिव रामप्रवेश कुशवाहा ने हनुमान जी की आरती और वंदन करके किया। इस कार्यक्रम में डॉ अवनीश मिश्रा, ओम प्रकाश सिंह यादव, अभय राज ,मास्टर रमेश यादव ने प्रतियोगिता में सम्मिलित होकर प्रतियोगिता का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के अंत में समापन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं जिला ओलंपिक संघ के सचिव अमित राय एवं डॉ राजकुमार चौबे ने संयुक्त रूप से किया। इस प्रतियोगिता का संचालन हरेंद्र विक्रम ने किया।प्रतियोगिता को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारी  शमशेर खान, एडवोकेट पवन पांडे, दिलीप कुशवाहा, नेहा राय श्याम प्रवेश कुशवाहा, अब्दुल मलिक का योगदान रहा। प्रतियोगिता की जानकारी आयोजन सचिव संजय सिंह एवं कोषाध्यक्ष मोहम्मद सरवर डेजी ने दिया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ

संयुक्त कर्मचारी समन्वयक समिति चिकित्सा स्वास्थ्य परिवार कल्याण का चुनाव हुआ संपन्न


गाजीपुर। रविवार को संयुक्त कर्मचारी समन्वयक समिति चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण जनपद शाखा का द्विवार्षिक/अधिवेशन लंका मैरिज हॉल के सभा कक्ष में संपन्न हुआ। इस  अधिवेशन की अध्यक्षता कर रहे दीनानाथ कुशवाहा ने कहा कि आशा/आशा संगीनियों की कोई भी समस्या होगी तो संगठन विरोध करते हुए समस्या का समाधान कराएगा। प्रांतीय अध्यक्ष धनंजय तिवारी द्वारा सभी सदस्यों से अपील किया और एक जूट होने का अपील किया। कहा कि जब संगठन बनता है, तो एक समूह से बनता है। इसके बाद समस्या का समाधान कराया जाता है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आशाओं /आशासंगीनियों या एनम की जो भी समस्याएं हो उसे संगठन के माध्यम से परिषद को उपलब्ध कराया जाय।

परिषद हर एक समस्या का समाधान कराता आया और आगे भी कराता रहेगा। हर समस्या के निदान के लिए जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के साथ मासिक बैठक होता है। जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं का निष्पादित कराया जाता है। परिषद किसी भी वर्ग के कर्मचारी का उत्पीडन नही होने देगा। समन्वयक समिति चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण द्वारा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव व राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह को चुनाव अधिकारी नामित किया गया था। जिसमें सर्व सम्मत से बेसिक हेल्थ वर्कर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष मानवेंदु पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष  इम्तियाज अहमद, जिला मंत्री लल्लन राम ,कोषाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण उपाध्यक्ष, अजय कुमार, एम एन राय,व उदय राज मातृ शिशु महिला कल्याण संघ से जिला अध्यक्ष स्नेहलता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लाल परी सिंह, जिलामंत्री मीना पटेल, कोषाध्यक्ष प्रिया राय,व आशा/ आशा संगिनी से जिला अध्यक्ष रेनू राज,  वरिष्ठ उपाध्यक्ष लैलून खातून, जिलामंत्री गौतम तिवारी, कोषाध्यक्ष वंदना तिवारी, नवनिर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारी को गोपनीयता की शपथ अरविंद कुमार सिंह द्वारा दिलाया गया। सभा की अध्यक्षता दीनानाथ कुशवाहा व संचालन एस0पी0 गिरी ने किया।

मीटर रीडरों ने किया घेराव, लगाया अधिकारियों पर गंभीर आरोप

अधीक्षण अभियंता का मीटर रीडरो ने किया घेराव

लगाया अधिकारियों पर गंभीर आरोप

गाजीपुर। विद्युत मजदूर पंचायत के जिला संरक्षक शिवदर्शन सिंह के नेतृत्व में विद्युत विभाग में संविदा पर कार्य कर रहे है जिले के समस्त मीटर रीडरो ने अधीक्षण अभियंता बृजेश कुमार का घेराव किया। इस दौरान जिला संरक्षक शिवदर्शन सिंह ने कहा की मेसर्स स्टर्लिंग टेक्नोलोजी एंड सर्विसेज पिछले साल नवंबर 2021 से बिलिंग का कार्य गाजीपुर सहित पूरे पूर्वांचल में करवाने का कार्य कर रही थी, जिसमे पिछले 4 माह का वेतन और 32 महीने का ईपीएफ लेकर कंपनी भाग गई है। स्टर्लिंग कंपनी विद्युत विभाग में जीएसटी तक नही जमा किया, जिसको लेकर जिले के समस्त मीटर रीडरो में काफी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जब तक इन लोगो का बकाया वेतन और बकाया ईपीएफ नही मिल जाता तब तक रीडिंग का कार्य कोई नही करेगा। मीटर रीडर सुनील यादव ने बताया कि स्टर्लिंग कंपनी से पहले एनसॉफ्ट कंपनी आई थी। एनसॉफ्ट कंपनी ने भी लगभग 400 मीटर रीडरो का 15,15 हजार की डीडी लेकर भाग गई। दो माह वेतन भी विभागीय डिस्कॉम के अधिकारियों की मिलीभगत से मोटा कमीशन चीफ इंजीनियर, कमर्शियल डायरेक्टर, एमडी को देकर भाग गई और हुवा कुछ नही।

मीटर रीडर सत्यपाल सिंह ने डिस्कॉम ऑफिस वाराणसी के मुख्य अभियंता मुकेश गर्ग और एक्शियन कमर्शियल अजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि इन दोनो की मिलीभगत से मेसर्स स्टर्लिंग कंपनी से मिलकर 15 करोड़ का घोटाला किया गया है। कहा कि स्टर्लिंग कंपनी को ब्लैक लिस्टेड करके चुप मारकर बैठ गए है ये लोग। वही मुख्य अभियंता मुकेश गर्ग द्वारा मीटर रीडरो से कंपनी के उपर एफआईआर करने का दबाव बनाया जा रहा है जो बिल्कुल गलत है। मलाई खाए उच्चाधिकारी और भीख मांगकर एफआईआर करें मीटर रीडर। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवम ऊर्जा मंत्री एक के शर्मा से इन लोगो की संपत्ति के साथ ही साथ स्वैप आईडी एवम विभागीय उच्चस्तरीय जांच कराने के लिए कहा। कहा कि इस मामले की जांच करना अति आवश्यक है ताकि सरकार की जीरो टारलेंस की नीति पर कोई सवाल ना खड़ा हो। ये बहुत गंभीर मामला है, अगर उच्चस्तरीय जांच होती है तो वाराणसी डिस्कॉम के बहुत सारे रसूखदार अधिकारियों एवं बाबुओं पर गाज गिर सकती है। नई कंपनी एक्सप्लोटेल बिलिंग कराने गाजीपुर सर्किल ऑफिस आई हुई थी जिसमे पुरानी कंपनी से भी कम रेट पर बिलिंग करवाना चाहती थी जिसमे जिले के मीटर रीडर तैयार नहीं हुवे। कहा कि पहले डूबा हुवा 4 माह का वेतन और 32 महीने का बकाया ईपीएफ विभाग दे तब बिलिंग किया जाएगा। घेराव में जिले के समस्त मीटर रीडर एवम विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

सैकड़ो पीड़ित परिवारों का सहारा बने एमएलसी चंचल

एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने फिर रचा इतिहास

सैकड़ो पीड़ित परिवारों का सहारा बने एमएलसी चंचल

गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चहेते एमएलसी ने फिर एक बार जिले के पीड़ितों को इलाज के लिए सबसे ज्यादा धनराशि दिलाया। चंचल ने अपने दूसरे कार्यकाल के प्रथम वर्ष में 110 पीड़ितों को और अपने दूसरे कार्यकाल में 220 से ज्यादा पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाकर फिर से पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान गाज़ीपुर को दिलाये है। एमएलसी के द्वारा जो लोग आर्थिक सहायता प्राप्त किये है उन सब ने एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रति आभार प्रकट किया। जिन पीड़ितों ने अस्पताल से अवकाश प्राप्त किया है वह सभी एमएलसी को हृदय स धन्यवाद दिया साथ ही दीर्घायु होने की कामना की। पीड़ितों ने कहा की एमएलसी पर भगवान ऐसे ही कृपा बनाये रखें ताकि वो जरूरतमंदों की हमेशा सेवा करते रहें। एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने कहा कि मेरा यह प्रयास रहता है की गाज़ीपुर का कोई भी व्यक्ति पैसे के अभाव में इलाज कराने से वंचित न रह पाए। एमएलसी विशाल सिंह चंचल एकलौते ऐसे जनप्रतिनिधि है जो उच्च सदन में गाज़ीपुर की समस्याओं से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराते है। उसी की देन है कि आज पूर्वांचल में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आते हैं तो एमएलसी विशाल सिंह चंचल जरूर उनके साथ नजर आते हैं।

Uttar Pradesh Fast News