राज्यसभा सांसद ने ट्रेनों के ठहराव के लिए रेल मंत्री को सौंपा पत्रक
वाराणसी। दिल्ली में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट कर उन्हें पत्रक दिया। राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने बताया कि दानापुर मंडल में स्थित जनपद गाजीपुर के रेलवे जक्शन दिलदारनगर, रेलवे स्टेशन जमानिया एवं रेलवे स्टेशन गहमर से रोजाना हजारो की संख्या में लोग विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते है और इन रेलवे स्टेशनों का रेल राजस्व वसूली भी अधिक है।गहमर एशिया का सबसे बड़ा गांव है और यहाँ से हजारो की संख्या में भारतीय सेना में देश की सेवा करने वाले जवान एवं विभिन्न पुलिस बलों में सेवा देने वाले नागरिक गण है। जिन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए गैर रेलवे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। सांसद द्वारा दिलदारनगर जक्शन पर- हिमगिरी एक्सप्रेस, जनसाधारण एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, जियारत एक्सप्रेस, पटना लखनऊ नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की माँग की। जमानिया रेलवे स्टेशन पर- ब्रह्मपुत्र मेल, पटना इंदौर एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, एवं संघमित्रा एक्सप्रेस के ठहराव की माँग की एवं गहमर रेलवे स्टेशन पर मगध एक्सप्रेस के ठहराव की माँग की है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्रीय लोगों को बड़े महानगरों तक आवागमन करने में सुविधा होगी। क्षेत्र के लोगों को आवागमन करने के लिए बिहार प्रांत के बक्सर या पंडित दीनदायल उपाध्याय जंक्शन नहीं जाना पड़ेगा। राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत ने इन सभी ट्रेनों के ठहराव के लिए पूर्व में सदन में भी मांग रख चुकी है।
विज्ञान प्रदर्शनी एवं युवा संसद में छात्र छात्राओं ने दिखायी प्रतिभा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छात्र छात्राओं ने लूटी वाहवाही
गाजीपुर। प्रियंका इंटरनेशनल मेमोरियल स्कूल यूसुफपुर खंडवा गाजीपुर में विज्ञान प्रदर्शनी एवं युवा संसद की कार्यवाही का मंचन कर छात्र-छात्राओं ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम का शुभारंभ न्यायाधीश संजय हरि शुक्ला पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अभिकरण गाज़ीपुर तथा विशिष्ट अतिथि काशी हिंदू विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग के प्रोफेसर एस के पाण्डेय, डा.ए. के.राय राष्ट्रीय सलाहकार जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया एव अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया। विद्यालय के निदेशक कृष्ण दत्त द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह तथा अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। विद्यालय के छात्र छात्राओं ने ज्ञानवर्धक बौद्धिक कार्यक्रमों के साथ ही साथ संस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों की वाहवाही लूटी। संसद की कार्यवाही को लोगों ने विशेष रूप से ध्यान देते हुए सुना और सरकार की संचालित नीतियों के जमकर तारीफ की। इसके साथ ही विज्ञान प्रदर्शनी में सोलर सिस्टम, पर्यावरण सुरक्षा, अलार्म सिस्टम, मानव शरीर रचना,राकेट प्रक्षेपण सहित विभिन्न प्रोजेक्ट का विस्तृत प्रदर्शन कर समस्त अतिथियों को भाव विभोर कर दिया।
अपने वक्तव्य में डा ए के राय ने उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए गुरुओं के योगदान की चर्चा करते हुए छात्र छात्राओं से मनोयोग से शिक्षा ग्रहण करने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रोफेसर एस के पाण्डेय ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे आने वाले समय में विशेष लाभ मिलेगा। लर्निंग बाई डूइंग के उद्देश्य को साकार करते हुए विद्यार्थी शिक्षा के साथ ही अपने कौशल का विकास कर सकता है। मुख्य अतिथि ने सुदूर देहात क्षेत्र में स्थापित विद्यालय के क्रियाकलापों पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि शिक्षा कार्य को पूर्ण करने में छात्रों के साथ ही साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक से लिए ज्ञान को छात्र किस तरह से और कैसे उपयोग करता है, इसकी निगरानी करने की जिम्मेदारी अभिभावक की होती है। उन्होंने अपने उद्बोधन में मोबाइल के प्रयोग पर चर्चा करते हुए कहा कि आज के युग में मोबाइल जीवन का अंग बन गया है लेकिन हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि बच्चे मोबाइल का उपयोग अति आवश्यक होने पर और अल्प समय के लिए ही करें। बाकी वह ज्ञान के लिए पुस्तकों का भी अध्ययन करें क्योंकि मोबाइल के बढ़ते अंधाधुंध प्रयोग से लाभ के साथ-साथ हानियां भी उठानी पड़ सकती हैं। कार्यक्रम में सुशील सिंह, प्रेम सिंह रतन, प्रकाश गुप्ता, निशांत कमल राय, अभिषेक तिवारी, विपुल राय, भगवती शरण सिंह, ज्ञानेन्द्र गुप्ता, संदीप सिंह मिन्टू, शैलेश कुमार सिंह, प्रभात कुमार, गुलशन अब्बास रिजवी सुनील यादव अमित कुमार, अनिलेश पांडेय, बंशीधर त्रिपाठी, श्वेता मिश्र, आकृति दुबे, मंतष खातून सहित विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों के शिक्षक प्रबंधक सहित क्षेत्रीय वरिष्ठ जनों के साथ ही साज अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन प्रधानाचार्य शशिकांत मिश्रा ने किया।
गरीब की पुत्री के शादी में इंसाफ फाउंडेशन ने किया सहयोग
गाजीपुर। जनपद के ग्राम खेभाजीतपुर, पोस्ट पहेतियाँ की निवासी पूनम चौहान की पुत्री महिमा चौहान का विवाह 10 दिसंबर 2024 को होने जा रहा है। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण विवाह की तैयारियों में परिवार को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए, सामाजिक संस्था इंसाफ फाउंडेशन ने आगे बढ़कर 08 दिसंबर 2024 को मदद का हाथ बढ़ाया। इंसाफ फाउंडेशन के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव और उनके समस्त सहयोगियों ने महिमा चौहान के परिवार को सहायता प्रदान की, ताकि वे अपनी बेटी की शादी अच्छे से कर सकें। इसके अलावा, संस्था ने परिवार को चीनी भी उपलब्ध कराई, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सके। इंसाफ फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर पूनम चौहान के परिवार को मानसिक संबल दिया और किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर संस्था के द्वारा परिवार को पूरी सहायता देने का आश्वासन भी दिया।
संस्था के अध्यक्ष उपेन्द्र यादव ने बताया कि इंसाफ फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग की मदद करना है और इस प्रकार की मुसीबतों के समय में हम हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। इस पहल से महिमा चौहान के परिवार को विवाह की तैयारियों में काफी मदद मिली है और वे अब अपनी बेटी की शादी को लेकर अधिक आश्वस्त हैं। यह कदम इंसाफ फाउंडेशन द्वारा की जा रही समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो समाज के हर वर्ग की सहायता करता है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर मनाया पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का 79 वां जन्मदिन
गाज़ीपुर।9 दिसंबर को जिला एवं शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यूपीए की चेयरपर्सन और कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के 79 वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में कांग्रेस कार्यालय में केक काटकर संगोष्ठी में अपने विचार व्यक्त किया। तदोपरांत जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान किया। संगोष्ठी में सोनिया गांधी के जीवन वृत और कांग्रेस के प्रति उनके त्याग पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला गया। मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी जी 1968 में भारत आईं और इंदिरा गांधी की लाडली बहू के रूप में अपनी पहचान बनाई।राजीव गांधी के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा, 1998 में पहली बार कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं और 2004 में यूपीए सरकार का नेतृत्व किया।वो चाहती तो पीएम बन सकती थीं, लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री पद नहीं अपनाया और डॉ. मनमोहन सिंह को नामित किया, 2017 में राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाया और 2022 में मल्लिकार्जुन खरगे को पार्टी का नेतृत्व सौंपा। लेकिन इसके साथ साथ ही वे यूपीए की चेयर पर्सन के रूप में भी कुशलता पूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करती रही और हम सबको आज भी मार्गदर्शन देती हैं। इस अवसर पर निवर्तमान जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि सोनिया गांधी जी त्याग और विशाल हृदय की प्रतिमूर्ति हैं, उनके नेतृत्व में कांग्रेस की विचारधारा और पल्लवित हुई है, हम सभी लोग उनके दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे ने सोनिया गांधी के जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि गांधी 9 दिसंबर 1946 को जन्मी थी, और पूर्व पीएम राजीव गांधी से विवाह के बाद 1968 में भारत आई, कई उतार चढ़ावों के बावजूद जिस तरह से वे भारतीय संस्कृति और सभ्यता से स्वयं को जोड़े रखती हैं वो बेमिसाल है, उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए व्यापक कार्य कर रही है। सोनिया गांधी के बिना आज कांग्रेस अधूरी लगती है, वे हम सभी की मार्गदर्शक हैं। इस अवसर पर मुख्य रूप से ब्लड देने वालों में निoशहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, शहर प्रवक्ता लखन श्रीवास्तव, शहर अध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग रईस अहमद, विवेक कुमार, सूरज सहनी आदि थे।साथ-ही अन्य कार्यकर्ताओं ने किसी भी जरूरतमंद को ब्लड की आवश्यकता होने पर ब्लड देने की बात कही। उक्त अवसर पर प्रमुख रूप से एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, पीसीसी सदस्य जनक कुशवाहा,अजय कुमार श्रीवास्तव, महबूब निशा, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राम नगीना पांडे, कुसुम तिवारी, आशुतोष गुप्ता, हामिद अली, सतीश उपाध्याय, राशिद, सुमन चौबे, मीरा चौबे, आलोक यादव, राहुल कुशवाहा, आशुतोष श्रीवास्तव, सदानंद गुप्ता, राहुल कुमार आदि लोग मौजूद थे।
जिलाधिकारी ने किया पल्स पोलियो कार्यक्रम का शुभारंभ
गाजीपुर। पल्स पोलियो अभियान जो 8 दिसंबर से 13 दिसंबर तक चलाया जाना था। रविवार को कार्यक्रम का शुभारंभ नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथीखाना पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जिंदगी के दो बूद बच्चों को पिलाकर कार्यक्रम का विधवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आए हुए बच्चों के अभिभावकों से शत प्रतिशत बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने की अपील किया। वही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पर एसडीएम मोहम्मदबाद मनोज पठाज के द्वारा पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार पांडे ने बताया कि गाजीपुर जनपद में पल्स पोलियो अभियान के तहत 5.5 लाख बच्चों को पोलियो का खुराक पिलाया जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके लिए कुल 2009 बूथ बनाए गए हैं और इन्हीं बूथों पर 0 से 5 साल तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के शुभारंभ हो जाने के बाद सोमवार से शुक्रवार तक घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। वहीं छूटे हुए बच्चों को स्पेशल कार्यक्रम के तहत 16 दिसंबर को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद के अधीक्षक डॉ आशीष राय ने बताया कि उनके क्षेत्र में कुल 126 केंद्रों के माध्यम से पल्स पोलियो की खुराक बच्चों को पिलाया जाएगा। इसके लिए कुल 24 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ सुजीत कुमार मिश्रा ने बताया पोलियो या पोलियोमेलाइटिस एक गंभीर और खतरनाक बीमारी है जो वायरस से होती है। यह वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक फैलता है। साथ ही यह वायरस जिस भी व्यक्ति में प्रवेश करता है उसके मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है जिसकी वजह से लकवा भी हो सकता है। उन्होने बताया 2014 से अभी तक भारत में पोलियो के एक भी रोगी नहीं देखे गए । यह दवा पाँच वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों के लिये आवश्यक है। यह दवा जन्म के समय, छठे, दसवें व चौदहवें सप्ता्ह में दी जाती है इसके बाद 16 से 24 माह की आयु में बूस्टर की खुराक दी जाती है। पाँच वर्ष तक की आयु के बच्चों को बार-बार खुराक पिलाने से पूरे क्षेत्र में इस बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ती है, जिससे पोलियो के विषाणु को पनपने से रोका जा सकता है।
इस चरण के लिए जन्म से पाँच वर्ष तक के 5.5 लाख सम्भावित बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इस चरण के लिए जिले भर में 2009 बूथ बनाए गए हैं। साथ ही 64 मोबाइल टीम भी बनाई गई है जिसके माध्यम से बूथ स्तर पर पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही अभियान के 948 टीमें बनाए गए हैं जो घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का काम करेंगे। साथ ही बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 85 टीम ने बनाई गई हैं। पल्स पोलियो के कार्यक्रम को सकुशल निपटाने के लिए एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ती इसमें अपना सहयोग करेंगी।
कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ जयनाथ सिंह, डॉ मनोज कुमार सिंह, विश्व स्वास्थ्य संगठन से एसआरटील, यूनिसेफ से बलवंत सिंह और श्री प्रदीप सिंह, यूएनडीपी से प्रवीण कुमार उपाध्याय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ईशानी डॉ स्वतंत्र सी, अर्बन कोऑर्डिनेटर अशोक कुमार के साथ अन्य लोग उपस्थित रहे।
गाजीपुर। शनिवार को शाह फैज़ विद्यालय के प्रांगण में सईदा फैज़ अंतर्जनपदीय वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष यह प्रतियोगिता विद्यालय की संस्थापिका सईदा फैज़ की स्मृति में आयोजित की जाती है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जज के रूप में स्नातकोत्तर महाविद्यालय से मनोविज्ञान के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ बी0 डी0 मिश्रा रहे। जवाहर नवोदय विद्यालय की अंग्रेजी की अध्यापिका गायत्री मौर्या भी जज के रूप में रहीं। विद्यालय के निदेशक डॉ नदीम अधमी ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। कार्यक्रम का आरम्भ दीप प्रज्ज्वलन और प्रार्थना से हुआ।
यह प्रतियोगिता कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग के लिए थी। कनिष्ठ वर्ग के लिए विषय ‘जीवन में मित्रता का प्रभाव- वरदान या अभिशाप’ तथा वरिष्ठ वर्ग के लिए विषय “क्या माता पिता को अपने बच्चे के सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुँच होनी चाहिए “? दोनों ही विषय आज के वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप है।
इस प्रतियोगिता में जनपद के कुल 10 विद्यालयों शाहफैज पब्लिक स्कूल ,लूदर्स बालिका इंटर कॉलेज, सन शाइन पब्लिक स्कूल ,सनबीम स्कूल महाराजगंज, डालिम्स सनबीम गांधी नगर , एवरग्रीन पब्लिक स्कूल, रामदूत इंटरनेशनल स्कूल, सेंट मेरी कान्वेंट स्कूल ,सेंट्रल पब्लिक स्कूल ज़मानिया एवं सनशाइन पब्लिक स्कूल ज़मानियाँ ने प्रतिभाग लिया।
सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुति सरहनीय रही। मुख्य अतिथि ने दोनो ही विषयों पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का एक उद्देश्य छात्र छात्रों के विकास के लिए होना चाहिए।
इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर शाह फैज़ विजेता घोषित हुआ। उपविजेता सन शाइन ज़मानियाँ रहा व तृतीय स्थान सेंट मैरी ने सुरक्षित किया। इस कार्यक्रम में सभी छात्र एवं छात्राएं, निदेशक डॉ नदीम अधमी, प्रधानाचार्य इकरामुल हक़ , उप प्रधानाचार्य (प्रशासन) डॉ प्रीती उपाध्याय, उप प्रधानाचार्य (शैक्षणिक) नेहा कुरैशी , सहायक प्रधानाचार्य राजेश सिंह, टाइम कीपर चंद्र भूषण राय तथा सभी शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित थे। स्टेज की साज सज्जा सिमरन व उमेश ने की व सञ्चालन नेहा कुरैशी ने किया। इस कार्यक्रम में संगीत प्रध्यापक गिरधर शर्मा व कक्षा 7 के छात्र शान कुशवाहा ने दिया ।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
इस शासनादेश के अनुसार हर टहलने वाले व्यक्ति को देना होगा शुल्क
हर व्यक्ति पर लगेगा प्रतिरोध ₹5 का शुल्क अथवा एक महीने का ₹100 का शुल्क देना होगा।
टहलना स्वास्थ्य और सेहत के लिए काफी लाभदायक बताया गया है लेकिन अब लोगों के टहलने पर भी टैक्स लगेगा।
गाजीपुर। जिले के उद्यान विभाग पार्क में प्रतिदिन सैकड़ो की संख्या में लोग टहलने के लिए जाते है। लेकिन अब नए शासनादेश के तहत पार्क में टहलने वालों को प्रतिदिन ₹5 या फिर महीने का ₹100 जिला उद्यान विकास समिति को देना होगा , तब वह सुबह-सुबह पार्क में टहलकर स्वस्थ रहने की अपनी प्रक्रिया पूरी कर पाएंगे । उद्यान विभाग जहां पर पार्क काफी सुंदर बनाया गया है। जिसमें पिछले कई सालों से लोग मॉर्निंग वॉक करते थे इतना ही नहीं कई भोजपुरी फिल्मों की शूटिंग भी इस पार्क में किया जा चुका है । ऐसे में जहां लोग कई तरह के बीमारियों से ग्रसित हैं और डॉक्टरों की सलाह पर वह सुबह-सुबह टहलकर स्वास्थ्य लाभ लेना चाहते हैं। तो वह गाजीपुर के इस उद्यान विभाग के पार्क में पहुंचकर टहलने के साथ ही वहां पर लगे हुए ब्रांच पर कुछ देर आराम भी करते हैं । यह पार्क खास कर आसपास के बुजुर्गों के लिए काफी मुफीद है। वहीं अब उद्यान विभाग अपने इस पार्क की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही उसके देखरेख के लिए पार्क में टहलने वाल आने वाले लोगों पर प्रतिदिन ₹5 या फिर मासिक ₹100 तक का टैक्स लगाने का योजना बना रहा है। जिसको लेकर उपनिदेशक उद्यान वाराणसी की अध्यक्षता में एक बैठक मंगलवार को संपन्न हुई।
इस बैठक में पी0डब्लू०डी०, नगर पालिका, पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी द्वारा नामित प्रतिनिधि, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, के0वी0के0 के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० वी0के0 सिंह उपस्थित रहे। बैठक मे अध्यक्ष द्वारा साफ-सफाई सुरक्षा व सौन्दर्यकरण कराये जाने हेतु नये प्रस्ताव उपलब्ध कराने की बात कही गयी। राजस्व की चर्चा होने पर जिला उद्यान अधिकारी, सदस्य सचिव द्वारा बताया गया कि वर्तमान मे अलंकृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क है, ऐसे में आसपास के लोगों का आगमन सुबह-सुबह के टाइम बहुत ज्यादा होती है। जिस पर बताया गया कि शासनादेश के बिन्दु सख्या 03 पर प्रातः काल व सायः काल के समय टहलने के लिए उद्यान में प्रवेश हेतु उपयुक्त शुल्क लगाया जाना है। और उससे प्राप्त पैसे को उद्यान के रख-रखाव हेतु उपयोग करना है । समिति द्वारा अलंकृत उद्यान एवं पार्क बड़ीबाग में निम्नलिखित सुविधाओं के विस्तार हेतु सुझाव दिये गए । सुझाव के अनुसार पार्क में प्रवेश के लिए रू0 5/- प्रतिदिन एवं रू100/- मासिक किया जाएगा। इस प्राप्त धनराशि से पार्क के अंदर शौचालय का निर्माण कराना, म्युजिकल फाउन्टेन आकर्षक और रंगीन लगाया जाए, बैठने के लिए बेन्च की व्यवस्था करना, पार्क में फूलों की व्यवस्था करना, सी०सी०टी०वी० कैमरा की व्यवस्था करना, हाई मास्क लाइट की व्यवस्था करना, चिल्ड्रेन पार्क में मेन्टीनेन्स करवाना, पाथवे के किनारे लाइट की व्यवस्था, शुद्ध पानी के लिए आर0ओ0 प्यूरीफायर की व्यवस्था करना, सेल्फी प्वाइंट बनाने आदि महत्वपूर्ण सुझाव दिए गये। वही आज सुबह-सुबह पार्क में टहलने पहुंचे लोगों से उद्यान विभाग के द्वारा लगाए गए टैक्स के इस प्रस्ताव के बारे में जानने का प्रयास किया तो कुछ लोगों ने इसे सही कदम बताया तो वहीं कुछ ने यह भी बताया कि यह सरकारी विभाग है और सरकार इसके मेंटेनेंस के लिए खर्च देती है तो फिर यह किस तरह का टैक्स है।
गाजीपुर।स्कूल सेफ्टी नीति 2016 के क्रियान्वयन हेतु जनपद स्तरीय स्कूल सुरक्षा समन्वय समिति की प्रथम बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता मे कलेक्ट्रेट सभागार सम्पन्न हुआ। बैठक मे जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण भारत सरकार द्वारा निर्गत स्कूल सेफ्टी नीति 2016 के अन्तर्गत राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण द्वारा तैयार की गई। कार्ययोजना के अन्तर्गत दुर्घटनाओ,आपदाओ और आपतकालीन स्थितियों मे स्कूलो की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जनपद स्तर पर सुरक्षा समन्वय समिति का गठन किया गया है। बैठक मे जिलाधिकारी ने जिला स्तर पर सभी स्कूलो मे सुरक्षा प्रोटोकाल का निरीक्षण एवं क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश समिति को दिया। उन्होने कहा कि जनपद के ऐसे विद्यालय जो अपने मानक को पूरा न करते हो उसे समिति के माध्यम से निरीक्षण कराते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए,सभी विद्यालय फायर सेफ्टी यंत्र उपलब्ध रहे। कक्षाओ मे प्रवेश व निकास द्वार अवश्य रहे। उन्होने समिति को निर्देश दिया कि स्कूल सुरक्षा निरीक्षण के दौरान पाई गई, कमियों का तुरंत संज्ञान लेते हुए उसका निवारण किया जाए। इसके साथ ही स्कूलो मे आपात कालीन योजनाओ के लिए मॉक ड्रिल का अभ्यास कराया जाए। जिले के सभी स्कूलो मे अग्नि सुरक्षा, संरचनात्मक सुरक्षा, और आपदा प्रबंधन उपायों की निगरानी समिति के माध्यम से बराबर होती रहे । उन्होने स्कूलो मे बच्चो और शिक्षको के लिए सुरक्षा जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया। बैठक मे मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सुनील पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्रा, समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना, ए आर टी ओ रमेश चन्द्र श्रीवास्तव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एंव अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
गाजीपुर। नगर स्थित स्वामी सहजानन्द पीजी कालेज में पूर्वांचल विश्वविद्यालय की स्नातक तथा स्नातकोत्तर कक्षाओं के विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं तीन सत्रों में संचालित हो रही हैं । गुरुवार को प्रात:कालीन सत्र में एम.ए. प्रथम सेमेस्टर के भूगोल, सैन्यविज्ञान, मनोविज्ञान व राजनीतिशास्त्र विषय की परीक्षा में 65 पंजीकृत छात्रों में से 63 परीक्षार्थी सम्मिलित एवं 02 अनुपस्थित रहे। द्वितीय सत्र में बीए तृतीय सेमेस्टर शिक्षाशास्त्र विषय में 34 में से 3 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। तृतीय सत्र में बी.कॉम, बीए पंचम सेमेस्टर इतिहास विषय के 252 व एम.ए. तृतीय सेमेस्टर हिंदी के 20 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित रहे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. वी के राय ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षा के व्यवस्थित एवं सुचितापूर्ण संचालन के लिए डॉ. रामधारी राम की अध्यक्षता में एक परीक्षा समिति का गठन किया गया है जिसमें डॉ. कृष्णानंद चतुर्वेदी, डॉ. संतीश पाण्डेय, डॉ. देव प्रकाश राय, डॉ. अवधेश पाण्डेय, डॉ. वी के ओझा, डॉ. सुजीत कुमार तथा डॉ. नित्यानंद राय सम्मिलित हैं। परीक्षा के दौरान परीक्षा प्रभारी के नेतृत्व में आंतरिक उड़ाका दल ने सभी कक्षों में सघन जांच कर परीक्षार्थियों की तलाशी ली। प्राचार्य प्रो. राय ने बताया कि परीक्षार्थियों को बैग, मोबाइल, इलेक्ट्रिक घड़ी आदि लेकर परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालय प्रशासन अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप नकलविहीन, अनुशासित तथा व्यवस्थित परीक्षा संचालन के लिए कृतसंकल्पित है ।
गाजीपुर।जिलाधिकारी आर्यका अखौरी एवं पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा द्वारा कानून-व्यवस्था/जुमे की नमाज के दृष्टिगत थाना कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत धार्मिक स्थलों के आस पास निरंतर भ्रमणशील एवं पैदल गस्त कर संदिग्ध व्यक्तियों/अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। लोगों से शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपील किया गया । इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 दिनेश कुमार,अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेन्द्र, उपजिलाधकारी सदर प्रखर उत्तम, क्षेत्राधिकारी नगर सुधाकर पाण्डेय व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मय पुलिस बल मौजूद थे ।